28 C
Mumbai
Sunday, September 13, 2026
Home Blog Page 1218

भारत को अस्थिर करना चाहता है पड़ोसी देश – राजनाथ सिंह

ब्यूरो,

आज पम्पोर घटना में अपना मौन तोड़ते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान की तरफ इशारा करते हुए कहा कि पड़ोसी देश भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने घोषणा की कि आतंकवादी हमले से निपटने में किसी खामी का पता लगाने के लिए एक समिति पम्पोर भेजी जाएगी। आपको बता दें कि हमले में सीआरपीएफ के आठ जवान मारे गए थे।

गृह मंत्री ने शनिवार के आतंकवादी हमले में दो आतंकवादियों का खात्मा करने के लिए जवानों की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘मैंने गृह सचिव से कहा है कि पम्पोर में दो सदस्यीय समिति भेजी जाए जो खामी का पता लगाये ताकि भविष्य में हम इसे ठीक कर सकें और इस तरह की घटनाओं में हमारे जवान शहीद नहीं हों।’ उन्होंने कहा, ‘मैं अपने सुरक्षाकर्मियों की बहादुरी की प्रशंसा करना चाहता हूं। मैं उनके साहस की प्रशंसा करता हूं। आतंकवादियों ने छलपूर्वक उन पर हमला किया। लेकिन हमारे सुरक्षाकर्मियों ने इन दो आतंकवादियों का सफलतापूर्वक खात्मा कर दिया।’ वह यहां सिख योद्धा बाबा बंदा सिंह बहादुर के 300वें शहीदी दिवस पर एक समारोह को संबोधित कर रहे थे।

गृह मंत्री ने कहा कि देश को अस्थिर करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ भारतीय युवकों को खड़ा होना चाहिए तभी स्थिति मजबूत होगी। सिंह ने किसी देश का नाम लिए बगैर कहा, ‘ये आतंकवादी और हमारा पड़ोसी देश भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं। मैं भारतीय युवकों से अपील करता हूं कि इस तरह के बलों का सामना करें और हमें अपने सुरक्षाकर्मियों की बहादुरी का स्वागत करना चाहिए।’ गृह मंत्री ने कहा, ‘भारत उन सुरक्षा बलों को नहीं भूल सकता जो शहीद होते हैं। वे अब हमारे साथ नहीं हैं और हम उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।’

हाल के वर्षों में सुरक्षा बलों पर हुए सबसे घातक हमले में कल सीआरपीएफ के आठ सुरक्षाकर्मी मारे गए और 21 अन्य जख्मी हो गए। कश्मीर के पम्पोर में सीआरपीएफ के एक बस पर हमला कर आतंकवादियों ने जवानों की हत्या कर दी। मंत्री ने कहा कि वर्तमान चुनौती का सामना करने के लिए देश को साहसी लोगों की जरूरत है। लगातार देश में हो आतंकी हमलों से केंद्र की मोदी सरकार दबाव में है क्योंकि लगातार पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नही आ रहा है ।

NSG मामले पर यशवंत सिन्हा ने कहा, ‘अगर मिल जाती सदस्यता तो ‘लूजर’ कहलाते’

अनुज हनुमत,

नई दिल्ली। देश के पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा ने एनएसजी में भारत को सदस्यता न मिलने पर अपनी राय रखते हुए कहा कि सरकार में बैठे हुए कुछ लोगों द्वारा भारत सरकार को लगातार गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि भारत को आज एनएसजी की सदस्यता मिल भी जाती है तो हम ‘लूजर’ होंगे। क्योंकि यह हमारे लिए एक हानि होगी, न कि हमारे देश को इससे कोई लाभ होगा।

एनएसजी मामले में यशवंत सिन्हा ने स्पष्ट कहा कि मैं इतना कहना चाहूंगा कि भारत को एनएसजी की सदस्यता स्वीकार नहीं करनी चाहिए। ऐसी कोई आवश्यकता नहीं है कि एनएसजी के लिए आवेदन किया जाए। साथ ही सिन्हा ने केंद्र सरकार पर कड़ा निशाना साधते हुए बीजेपी की पाकिस्तान नीति को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि जितना हम इस नीति पर चलना छोड़ेंगे, उतना भारत के लिए अच्छा होगा।

यशवंत सिन्हा ने आगाह करते हुए कहा है कि अब वक्त आ गया है कि बासित को हटाया जाना चाहिए। सिन्हा के अनुसार, अब्दुल बासित पहले भी भारत के खिलाफ विवादित बयान देते आए हैं, लेकिन हर बार भारत की तरफ से नरमी बरते जाने के बावजूद वो लगातार ऐसे बयान देने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसलिए अब उन्हें हटा दिया जाना चाहिए।

If today we get the NSG membership, we will be the ‘loser’. It will be a loss for us, no benefit: Yashwant Sinha,BJP pic.twitter.com/g6vSILcYPz

— ANI (@ANI_news) June 26, 2016

सिन्हा ने कहा कि बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि हमारी सरकार की पाकिस्तान नीति पूरी तरह नाकाम रही है। कश्मीर में कल सीआरपीएफ की गाड़ी पर हुए आतंकी हमले पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यदि यह सही है कि कल मारे गए दो आतंकी पाकिस्तानी हैं, तो यह साफ है कि भारत और पाकिस्तान के बीच यह युद्ध जैसी स्थिति है।

गौरतलब है कि पंपोर हमले पर शनिवार को जब उनसे सवाल पूछा गया तो उनहोंने इसपर कोई जवाब देने के बजाए इसे बेहद संवेदनहीन ढंग से टाल दिया। उनके इस बयान की हर तरफ आलोचना हो रही है।

‘अघोषित आय’ पर प्रधानमंत्री हुए सख़्त, कहा- सरकार का करें सहयोग नहीं तो होगी कड़ी कार्रवाई

अमित द्विवेदी,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर बार मन की बात कार्यक्रम के ज़रिए कई ज्वलंत और आवश्यक मुद्दों पर चर्चा करते हैं। और अक्सर अपनी बातों और उदाहरणों के ज़रिए जनमानस को प्रेरित करने का प्रयास करते हैं। इस बार भी उन्होंने ऐसे कई मुद्दों पर चर्चा की। टैक्स संबंधी मामले पर प्रधानमंत्री ने जनता का सहयोग माँगा साथ ही कड़ा रुख अख़्तियार करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि यदि अघोषित आय का खुलासा नहीं किया गया तो कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी क्योंकि ये मसला देश के विकास से जुड़ा हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम मन की बात में कहा कि 30 सितंबर तक अघोषित आय का खुलासा न करने पर संभावित दिक्कतों का सामना करने के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दिए गए मौके का लाभ उठाएं और इसे सुअवसर समझकर सही जानकारी देकर देश के विकास में सहयोग करें।

पीएम ने कार्यक्रम में कहा कि एक जमाना था, कर (टैक्स) इतने व्यापक हुआ करते थे कि चोरी करना स्वभाव बन गया था, विदेश की चीजों को लाने में बाधाएं थी। करदाता को सरकार की कर-व्यवस्था से जोड़ना अधिक मुश्किल काम नहीं है, लेकिन फिर भी पुरानी आदतें जाती नहीं हैं।

प्रधानमंत्री ने दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि एक पीढ़ी को अभी भी लगता है कि सरकार से दूर रहना ज्यादा अच्छा है, मैं आग्रह करता हूं कि नियमों से भाग कर हम सुख-चैन गवां देते हैं। क्यों न हम स्वयं अपनी आय के संबंध में, अपनी संपत्ति के संबंध में, सरकार को अपना सही-सही ब्यौरा दे दें।

उन्होंने आगे कहा कि अघोषित आय का व्योरा देने के लिए भारत सरकार ने एक मौका दिया है। इसलिए आप अपनी अघोषित आय को घोषित कीजिए। 30 सितंबर तक अघोषित आय को घोषित करने के लिए विशेष सुविधा देश के सामने प्रस्तुत की गई है, जुर्माना देकर हम बोझ से मुक्त हो सकते हैं। स्वेच्छा से जो अपने मिल्कियत के संबंध में, अघोषित आय के संबंध में जानकारी देंगे, सरकार किसी भी प्रकार की जांच नहीं करेगी। उन्होंने जनता से अपील किया कि आप सभी के सहयोग से ही देश को सही दिशा दी जा सकेगी। इसलिए सभी सरकार के सहयोग में सामने आएं।

दुतीचंद ने रियो ओलम्पिक के लिए किया क्वालीफाई

ब्यूरो,

वर्ष 2014 में खुद पर लगे प्रतिबंध को गलत साबित करते हुए भारतीय महिला धाविका दुतीचंद ने आज रियो ओलंपिक में 100 मीटर दौड़ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। कजाखस्तान के अलमाटी में 26वें जे कोसनोव मेमोरियल मीट में उन्होंने न सिर्फ ओलंपिक में जगह बनाई बल्कि खुद के राष्ट्रीय रिकार्ड में भी सुधार किया।

रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाईंग मार्क 11.32 सेकेंड था। बीस वर्षीया दुती ने महिलाओं की 100 मीटर दौड़ 11.30 सेकेंड में पूरी की और इस तरह से रियो ओलंपिक में अपनी जगह पक्की की। अपने इस प्रयास के दौरान ओडिशा की एथलीट दुती ने 11.33 सेकेंड का खुद का राष्ट्रीय रिकार्ड भी तोड़ा जो उन्होंने अप्रैल में फेडरेशन कप राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बनाया था।

दुती रियो खेलों के लिए क्वालीफाई करने वाली भारत की 20वीं ट्रैक एवं फील्ड एथलीट हैं। उनकी एक बड़ी उपलब्धि यह भी है कि वे 100 मीटर क्वालीफिकेशन प्रणाली लागू किए जाने के बाद इस स्पर्धा में क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला भी हैं। आपको बता दें कि महान धाविका पीटी उषा ओलंपिक 100 मीटर में भाग लेने वाली आखिरी भारतीय महिला एथलीट थीं। उन्होंने मास्को ओलंपिक 1980 में हिस्सा लिया था लेकिन तब क्वालीफिकेशन प्रणाली नहीं थी।

ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने के बाद दुती ने कहा, ” यह मेरे लिए मुश्किल साल रहा लेकिन मेरी और मेरे कोच एन रमेश की कड़ी मेहनत आखिर में रंग लाई। मैं रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करके बहुत खुश हूं।

पम्पोर में आतंकी हमले में सीआरपीएफ के आठ जवान शहीद, दो आतंकी हुए ढेर

शिखा पाण्डेय,

कश्मीर के पंपोर में आज आतंकियों द्वारा किए गए हमले में सीआरपीएफ के 8 जवान शहीद हो गए, जबकि 20 जवान घायल हुए हैं। सुरक्षा बलों पर यह हमला उस वक्त हुआ, जब वे अवंतिपुरा फायरिंग रेंज में अभ्यास करने के बाद लौट रहे थे। आतंकियों ने बस पर घात लगाकर हमला किया। जवानों ने बिना देर किए तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में 2 आतंकी मारे गए हैं।

लश्कर ए तैयबा ने हमले की जिम्मेदारी ले ली है। सूत्रों की मानें तो कई जगहों से आतंकियों ने घुसपैठ की है। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पंपोर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ अब भी जारी है।

सीआरपीएएफ के कमांडेंट राजेश यादव ने बताया कि जवान अवंतिपुरा फायरिंग रेंज में अभ्यास के बाद लौट रहे थे। तभी आतंकियों ने घात लगाकर बस पर हमला किया। इस हमले में सीआरपीएफ के 8 जवान शहीद और 20 जवान घायल हो गए। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हमले की पूरी जानकारी डीजी सीआरपीएफ ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह को दी है।

उत्तराखंड: आपातकाल के लिए देश कांग्रेस को कभी माफ़ नहीं करेगा -अमित शाह

नारायण सिंह ‘रघुवंशी’ ,

हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में आयोजित शंखनाद महारैली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा देवभूमि उत्तराखंड में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हरिद्वार में ही मोक्ष मिल सकता है। उन्होंने कहा कि आज एक और महत्वपूर्ण दिन है। 25 जून के ही दिन पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाया था। आपातकाल के लिए देश कांग्रेस को कभी नहीं माफ करेगा।

अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय के उद्धोष से किया। उन्होंने कहा कि ऊपर भी भाजपा है अगर जनता नीचे भी भाजपा को लाती है तो राज्य का विकास ही विकास होगा। शाह ने कहा कि केंद्र सरकार का हमेशा यहां की जनता को सहयोग है। महारैली में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि अमित शाह की नियत साफ है, इसलिए वे बाबा केदारनाथ और बद्रीनाथ के दर्शन कर पाए। जबकि बड़े बड़े लोग तमाम कोशिशों के बाद भी वहां नहीं पहुंचा पाए थे।

अजय भट्ट ने कहा, कांग्रेस भाजपा को बदनाम कर रही है। मत विभाजन में सरकार गिर गई थी, पर स्पीकर ने बचा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य में हम विपक्ष में रह कर चौकीदारी कर रहे हैं, किसी को बेईमानी नही करने देंगे। उन्होंने राज्य सरकार पर अवैध खनन और प्रदेश में गिरती कानून व्यवस्था का आरोप लगाया।

अमित शाह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर चुटकी भी ली। उन्होंने कहा कि देश में गरमी है इसलिए कांग्रेस के राहुल बाबा विदेश चले गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी पूछते हैं कि दो साल में मोदी सरकार ने क्या किया। इस सवाल के जवाब में शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी सरकार की उपलब्धि तो बहुत हैं लेकिन कांग्रेस के मुकाबले सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि हमारे प्रधानमंत्री बोलते हैं। अमित शाह ने केदारनाथ और बदरीनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना की।

सलमान के बाद अब मीका ने ये कहकर सबको चौंका दिया

एंटरटेनमेंट डेस्क,

बॉलीवुड के दबंग सुपरस्टार सलमान खान की तरह ही सिंगर मीका भी अक्सर अपने बयानों व कारनामों की वजह से सुर्ख़ियों में रहते हैं। सलमान की शादी कब होगी, इस प्रश्न का तो फिलहाल कोई जवाब ही नहीं है। ऐसे में यदि मीका सिंह ये घोषणा कर दें कि सलमान की शादी के बाद ही वे शादी करेंगे, तो यह एक चौंकाने वाली खबर तो होगी ही।

लगभग हर कार्यक्रम में सलमान को इस सवाल का सामना करना पड़ता है कि वे शादी कब करेंगे और सलमान हर बार मजाकिया लहजे में इस सवाल को टाल जाते हैं।

टीवी शो ‘सा रे ग म प’ द्वारा जारी किए गए बयान के मुताबिक सल्लू मियां इस रियलटी शो पर अपनी आगामी फिल्म ‘सुल्तान’ का प्रचार करने आए थे। इस दौरान प्रतियोगी जगप्रीत बाजवा ने उनसे अच्छे जीवनसाथी को लेकर राय मांगी। सलमान ने कहा, “तुमने गलत इंसान को निशाना बनाया है। मैं हमेशा से इस मामले में बदकिस्मत रहा हूं, लेकिन इस मामले में लोगों की मुझे लेकर धारणा बिलकुल गलत है।

वहीं शो में मेंटर की भूमिका निभा रहे गायक मिका सिंह ने इस मौके पर कहा, “मैं सलमान भाई का बहुत बडा प्रशंसक हूं और उनके नक्शेकदम पर ही चलूंगा। जब भाई शादी करेंगे, मैं भी उस साल ही शादी कर लूंगा।”

सलमान ने हाल में शादी करने की कोई इच्‍छा जाहिर नहीं की है। अब मीका सिंह का अभी दूल्‍हा नहीं बनने का ये फैसला कहीं उनके लिए भारी न पड़ जाए, इसी बात का डर है। आपको बता दें कि यह विशेष एपिसोड 26 जून को टीवी पर प्रसारित होगा।

विधायक की गिरफ्तारी पर बौखलाए केजरीवाल, कहा- इमरजेंसी लगा दी है मोदी ने

अनुज हनुमत,

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल अब काम करने वाले जनप्रतिनिधि कम लग रहे हैं बल्कि बयान देने वाले ज्यादा। कल गृह मंत्रालय ने केजरीवाल सरकार के 14 बिल नामंजूर करके वापस लौटा दिए थे, जिसे अभी 48 घंटे भी नहीं हुए थे और आज ही आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश मोहनिया की गिरफ्तारी ने दिल्ली में सियासी भूचाल ला दिया है। पूरी घटना से तिलमिलाए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक के बाद एक ट्वीट कर केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर जोरदार हमला किया है। केजरीवाल ने इस घटना की तुलना इमरजेंसी से कर दी।

केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है कि ‘मोदी ने इमरजेंसी लगा दी है। जिन लोगों को दिल्ली ने चुना है, उन्हें डराया जा रहा है, पकड़ा जा रहा है और झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है।’ इसके साथ ही केजरीवाल ने यह भी ट्वीट किया है कि ‘पत्रकारों और टीवी कैमरों के सामने से विधायक को खींच कर ले जाया गया। आखिर मोदी क्या बताना चाहते हैं ?’

तुरन्त बाद ही आप नेता आशुतोष ने कहा कि खान क़त्ल मामले से ध्यान भटकाने के लिये आप विधायक पर झूठे केस लगाकर जेल भेज रहे है। एलजी, जंग साहब आप बच नहीं सकते।’

प्रतिक्रिया व्यक्त करने का सिलसिला यहीं नहीं थमा बल्कि इसके बाद ही उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट किया कि ‘इमरजेंसी की याद के दिन दिल्ली में अघोषित इमरजेंसी। मोदी जी! हम सबको ऐसे फर्जी आरोपों में जेल में डाल दोगे तब भी हम नहीं झुकने वाले।’

गौरतलब है कि आज ही के दिन 39 साल पहले भारत में इमरजेंसी (आपातकाल) घोषित की गई थी। आम आदमी पार्टी इसी को विधायक की गिरफ्तारी से जोड़ रही है। इस मामले में आरोप है कि पानी के संकट के बारे में एक बुजुर्ग ने बात की तो आप विधायक ने उन्हें थप्पड़ मारा।

विधायक के समर्थकों पर बुजुर्ग का हाथ मोड़ने का भी आरोप है। चार दिन पहले भी दिनेश मोहनिया पर संगम विहार में महिलाओं से बदसलूकी का आरोप लगा था। आरोप है कि इनके समर्थकों ने पानी की किल्लत की शिकायत लेकर उनके दफ्तर पहुंची महिलाओं को धक्का देकर कार्यालय से बाहर निकाल दिया। इसके बाद मोहनिया के खिलाफ इन महिलाओं ने केस दर्ज कराया। लगातार आप विधायक पार्टी की इज्जत खतरे में डाल रहे हैं। कुछ ही समय में पंजाब में चुनाव है और इसका असर वहां के चुनावों में देखने को मिल सकता है।

पटना हाईकोर्ट बना देश का पहला वाई-फाई हाईकोर्ट

ब्यूरो,

पटना हाईकोर्ट देश का पहला हाईकोर्ट बन गया है जहां वाई-फाई कीसुविधा उपलब्ध करायी गयी है। सुप्रीम कोर्ट के बाद पटना हाईकोर्ट में बीएसएनएल ने वाई-फाई सेवा शुरू की।

केन्द्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इसका उद्घाटन किया। 15 रुपए में 50 एमबी डाटा बीएसएनल की ओर से वाई-फोन का प्लान पेश किया गया है। एक दिन में 50 एमबी डाटा के लिए वकीलों को 15 रुपए खर्च करने होंगे। वहीं 20 रुपए खर्च करने पर एक दिन के लिए 30 मिनट अनलिमिटेड डाटा डाउनलोड किया जा सकेगा।

कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति इकबाल अहमद अंसारी ने वाई-फाई सेवा देने पर बीएसएनएल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस सेवा का लाभ वकील उठाएंगे। इसके पूर्व बीएसएनएल के सीएमडी ने पटना हाईकोर्ट में वाई-फाई सेवा उपलब्ध कराने की जानकारी दी।

 

आप नेता मोहनिया को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पुलिस ने किया गिरफ्तार

शिखा पाण्डेय, 

एक बुजुर्ग व्यक्ति को थप्पड़ मारने के आरोपी आप विधायक दिनेश मोहनिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सादे लिबास में पहुँची पुलिस ने मोहनिया को पूछताछ के लिए प्रेस कांफ्रेस के दौरान उठाया है। इस दौरान मोहनिया ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें कोई भी नोटिस नहीं दिया गया है और बिना किसी नोटिस के उन्हें ले जाया जा रहा है।

उक्त आरोपों पर सफाई देने के लिए ही आप विधायक ने प्रेस कांफ्रेंस बुलाई थी। प्रेस कांफ्रेंस शुरू होने से पहले ही 20 से 25 की संख्‍या में पुलिस कर्मी और अधिकारी पहुंचे और मोहनिया को उठाकर ले गए। गिरफ्तारी से पहले आप विधायक ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा एमएम खान मर्डर केस से ध्‍यान भटकाने के लिए इस प्रकार के गलत आरोप लगवा रही है। साथ ही मोहनिया ने दिल्ली पुलिस पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया। अभीतक यह पता नहीं लग पाया है कि पुलिस उन्हें कहां ले गई है।

क्या है मामला?

आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश मोहनिया ने एक दिन पहले पानी की किल्लत की समस्या लेकर आए एक बुजुर्ग को थप्पड़ जड़ दिया था। दो दिन पहले भी मोहनिया ने पानी नहीं मिलने की शिकायत लेकर आए कुछ लोगों के साथ मारपीट की थी। मोहनिया पर शिकायत करने आई कुछ महिलाओं के साथ बदसलूकी का भी आरोप है। सभी आरोपों में मोहनिया पर अलग-अलग मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार संगम विहार से विधायक मोहनिया तुगलकाबाद इलाके में लोगों से मिल रहे थे। इसी दौरान एक बुज़ुर्ग ने पानी न मिलने की शिकायत की और कहा कि वह दिनेश मोहनिया को नहीं पहचानते। इसी से नाराज विधायक ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। साथ ही विधायक के लोगों ने भी बुज़ुर्ग से बदतमीजी की। पीड़ित शख्‍स की ओर से मोहनिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दूसरे मामले में कुछ दिनों पूर्व विधायक ने कथित तौर पर पानी की किल्लत की शिकायत लेकर उनके दफ्तर आई संगम विहार की कुछ महिलाओं को अपशब्द कहे थे।