बांकीपुर का जनादेश: अहंकार पर लोकतंत्र की जीत

नीतीश कुमार मिश्रा

पटना | लोकतंत्र की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि यहां न कोई किला स्थायी होता है और न कोई सिंहासन। जनता जब चाहती है तो इतिहास लिखती है और जब चाहती है तो इतिहास बदल भी देती है। बांकीपुर उपचुनाव का जनादेश इसी लोकतांत्रिक शक्ति का सशक्त प्रमाण है।

जनसुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर अब केवल चुनावी रणनीतिकार नहीं रहे, बल्कि जनता के प्रत्यक्ष जनादेश के साथ बिहार विधानसभा पहुंच चुके हैं। उनकी जीत केवल एक सीट की जीत नहीं, बल्कि उस विश्वास की जीत है, जिसने यह संकेत दिया है कि बिहार की राजनीति में एक नए विकल्प और नई सोच के लिए जगह बन रही है।

बांकीपुर कोई साधारण विधानसभा क्षेत्र नहीं है, लगभग साढ़े तीन दशकों से यह भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता रहा। वर्ष 1995 से नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की लगातार जीत और वर्ष 2006 के उपचुनाव के बाद उनके पुत्र नितिन नवीन की लगातार चुनावी सफलताओं ने इस सीट को भाजपा का अभेद्य किला बना दिया था। 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में भी यह सिलसिला जारी रहा, हालांकि समय के साथ जीत का अंतर घटता गया। अंततः 2026 के उपचुनाव में यह लंबा राजनीतिक क्रम टूट गया।

यही कारण है कि बांकीपुर का परिणाम केवल एक सीट की हार-जीत नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश बनकर उभरा है। यह हार केवल एक उम्मीदवार या एक दल की हार नहीं है। यह उस राजनीतिक सोच के लिए चेतावनी है, जो यह मान बैठती है कि सत्ता, संगठन, संसाधन और प्रभाव के बल पर जनता के निर्णय को हमेशा प्रभावित किया जा सकता है। लोकतंत्र में अंतिम शब्द किसी दल का नहीं, जनता का होता है।

भाजपा की इस हार और प्रशांत किशोर की जीत के पीछे कई कारण रहे। सत्ता का बढ़ता अहंकार, कुछ नेताओं का बड़बोलापन, संगठन के भीतर की खींचतान, छात्र आंदोलनों से उपजा असंतोष, भरत तिवारी एनकाउंटर जैसे विवाद और स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों ने मतदाताओं की सोच को प्रभावित किया। इन कारणों पर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन जनादेश यह स्पष्ट करता है कि जनता ने इस बार बदलाव को चुना। प्रशांत किशोर की जीत इस बात का भी संकेत है कि बिहार की राजनीति अब केवल पुराने समीकरणों के भरोसे नहीं चलेगी। जनता अब काम, जवाबदेही और वैकल्पिक नेतृत्व को भी अवसर देने के लिए तैयार दिखाई दे रही है।

इतिहास गवाह है कि सत्ता का अहंकार कभी स्थायी नहीं रहा। बड़े-बड़े साम्राज्य ढह गए, अजेय समझे जाने वाले शासक पराजित हुए और अभेद्य माने जाने वाले राजनीतिक किले भी जनता के एक फैसले से धराशायी हो गए। बांकीपुर ने उसी इतिहास को एक बार फिर दोहरा दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.