28 C
Mumbai
Sunday, August 23, 2026
Home Blog Page 748

रणवीर सिंह ने किया सार्वजनिक तौर पर दीपिका के साथ अपने प्यार का इज़हार! 

दीपिका-रणवीर की जोड़ी

एनपी न्यूज़ डेस्क| Navpravah.com 

अभिनेता रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण के प्यार को लेकर कई अफवाहें फैलती रहती हैं। लेकिन हाल ही में रणवीर ने तब अपने इस रिश्ते पर मोहर लगाकर सारी अफवाहों पर अल्पविराम लगा दिया, जब एक इंटरव्यू में बोलते हुए रणवीर सिंह ने कहा कि मैं दीपिका के साथ एक बार नहीं, बल्कि बार-बार काम करना चाहूंगा, क्योंकि वह मेरी जिंदगी में सबसे खास हैं और मैं उनके लिए कुछ भी कर लूंगा।
 
बता दें कि पिछले दिनों जब रणवीर और दीपिका हाथों में हाथ डालकर मुंबई में घूमते दिखें, तो लगा था कि अब दोनों अपने रिश्ते को जगजाहिर करने के लिए तैयार हैं। हालांकि एक इंटरव्यू में जब दीपिका ने रणवीर के नाम पर बात बदल दी, तो साफ हो गया कि अभी वह इस पर कुछ भी नहीं बोलना चाहतीं। वहीं हाल ही में रणवीर ने अपने एक फैन को कुछ ऐसा जवाब दिया, जिसके बाद अब न तो दीपिका और न ही रणवीर को कुछ बोलने की जरूरत है। 

फिल्म ‘पद्मावत’ की सारी लाइमलाइट दीपिका ले गईं। ऐसे में जब रणवीर से पूछा गया कि क्या दोबारा वह दीपिका के साथ ऐसी कोई फिल्म करना चाहेंगे, जिसमें पूरा फोकस दीपू पर होगा, तो उन्होंने ऐसा जवाब दिया, जो एक प्यार करने वाला ही दे सकता है। उन्होंने जवाब दिया किया कि अब इन बातों से तो कोई बच्चा भी समझ जाए कि दीपिका का साथ पाने के लिए रणवीर एक फिल्म में क्या, बल्कि कई फिल्मों में हंसते-हंसते उन्हें मेन लीड बनाकर उनके साथ साइड रोल में काम कर सकते हैं।  

विराट कोहली ने इस मामले में सचिन तेंदुलकर को भी छोड़ा पीछे

भारतीय कप्तान विराट कोहली

सुनील यादव | Navpravah.com 

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कल खेले गए मुकाबले में भारत ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस मैच के हीरो रहे भारतीय कप्तान विराट कोहली ने अपना 33वां एकदिवसीय शतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने रनों का पीछा करते हुए अपनी 20वीं सेंचुरी पूरी की। रनों का पीछा करते हुए बनाये गए 20 शतकों में से 18 बार भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि 2 बार टीम को हार का सामना करना पड़ा है। भारत के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर भी इस मामले में उनसे काफी पीछे रह गए। शतकों पर जीत प्रतिशत की बात करें, तो सचिन के 49 शतकों के दौरान भारत ने 33 बार मैच जीते।  

विराट कोहली ने डरबन में खेले गए पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनकी ही सरजमीं पर अपना पहला एकदिवसीय शतक बनाया। इसके साथ ही उन्होंने जिस देश में भी वनडे खेला है, उस देश के खिलाफ सेंचुरी जड़ी है। पाकिस्तान इकलौता देश है, जहाँ उनके पदार्पण के बाद भारतीय टीम कोई भी श्रृंखला खेलने नहीं गई है। विराट ने भारत में 14 ,  बांग्लादेश में 5,  ऑस्ट्रेलिया में 4,  श्रीलंका में 4,  वेस्टइंडीज में 2,  इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका में एक-एक सेंचुरी जड़ी है। 

विराट के जैसे ही सचिन तेंदुलकर और सनत जयसूर्या भी 10 में से 9 देशों के खिलाफ शतक बनाया है। जहाँ सचिन वेस्टइंडीज में शतक से मेहरूम रहे, वहीं जयसूर्या ने भी कभी जिम्बाब्वे में सैकड़ा नहीं जड़ा। इन तीन खिलाड़ियों ने 9 देशों के खिलाफ शतक बनाया है। भारत पाकिस्तान में सीरीज के लिए तो जाने से रहा, इसलिए विराट का इस मामले में सभी देशों में सैकड़ा बनाने का रिकॉर्ड अधूरा ही रहेगा। 

शोपियां फायरिंग मामला: उच्च स्तरीय विशेष जांच दल का गठन होना चाहिए -उमर अब्दुल्लाह

उमर अब्दुल्ला ने किया देश की सेना का अपमान

राजेश सोनी | Navpravah.com 

कश्मीर के शोपियां जिले में 27 तारीख को सेना की फायरिंग में 2 पत्थरबाजों की मौत हो गई थी। अब इस मामले पर जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्य्मंत्री उमर अब्दुल्लाह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस के सेना पर एफआईआर दर्ज करने के बाद, अब सेना ने भी एक क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई है। इसलिए हम मांग करते हैं कि इस मामले की एक उच्च स्तरीय विशेष जांच दल का गठन हो, ताकि वह इस फायरिंग मामले को देख सके।

आगे पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब राज्य के मानवाधिकार आयोग ने फारुख दार को जीप से बांधने के मामले का संज्ञान लिया था, तब राज्य मानवाधिकार आयोग ने दार के लिए मुआवजा की घोषणा की थी। लेकिन आप(जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री) यह भी नहीं दे सकती थीं। आप ने लिखित उत्तर में लिखा था कि अगर हम पत्थरबाज को मुआवजा देते हैं, तो इसका मतलब होता कि सुरक्षाबल दोषी हैं।

जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने उमर अब्दुल्लाह के बयान को दुर्वभाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि सेना हमारे देश के लिए बलिदान देती है। क्या सेना के पास कानून का इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है। वह मांग कर रहे हैं कि एफआईआर दर्ज करने के लिए सेना को फांसी दे देनी चाहिए, पर वह सभी लोग पत्थरबाजों के खिलाफ एक भी शब्द नहीं बोलेंगे।

इस फायरिंग के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सेना पर एफआईआर दर्ज की थी। जम्मू-कश्मीर पुलिस के इस एफआईआर का जवाब सेना ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कारकर दिया था। सेना के इस एफआईआर में हमलावर लोगों का नाम नहीं है, जिन्होंने सेना पर जानलेवा हमला किया था। यह एफआईआर पुलिस द्वारा जांच करने के लिए है और संदिग्ध लोगों की पहचान करने के लिए है। जिन्होंने गुजर रहे सेना के काफिले पर हमला किया था।

यूपी बोर्ड की परीक्षाओं से ठीक पहले हुआ बड़ा खुलासा, जौनपुर में छप रही थी डुप्लीकेट कॉपी

यूपी के जौनपुर में छप रहीं थी डुप्लीकेट कॉपी

अनुज हनुमत | Navpravah.com 

एक तरफ सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को आदेश दिया है कि नकलचियों पर लगाम लगाई जाए और मुन्ना भाइयों पर कड़ी कार्यवाही की जाए। वहीं दूसरी ओर सूबे के जौनपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने योगी सरकार की नींद उड़ा दी है। आपको बता दें कि छह फरवरी से शुरू होने जा रही दुनिया की सबसे बड़ी यूपी बोर्ड परीक्षा की डुप्लीकेट कॉपियां छापने का बड़ा खुलासा हुआ है। 

पहली बार हुए इस तरह के खुलासे से बोर्ड अधिकारियों से लेकर प्रशासनिक तबके में हड़कम्प मच गया है। पुलिस ने भारी संख्या में कापियां बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कापियां भी बोर्ड की कापियों की तरह कोडिंग वाली हैं। पुलिस को इसके पीछे शिक्षा माफिया का हाथ लग रहा है। अब पूरे गिरोह को पकड़ने में पुलिस जुटी है।

प्राप्त सूचना के अनुसार, लाइन बाजार थाना क्षेत्र के जोगियापुर मोहल्ले में सूरज पुस्तक भंडार के नाम से दुकान है। उसी के पीछे प्रिंटिंग प्रेस है। इसी प्रेस के जरिये, सरकारी कार्यालयों में सभी प्रपत्रों की छपायी व प्रोफार्मा बनाने का कार्य होता है।  वहीं क्राइम ब्रांच के प्रभारी विश्वनाथ यादव को सूचना मिली कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट की परीक्षा में इस्तेमाल होने वाली कापियों की डुप्लीकेट छपायी की जा रही थी। ये कापियां बदलापुर स्थित एक इण्टर कालेज के लिए छापी जा रही हैं। 20 हजार रुपये में हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट की दो-दो हजार कापियों को छापने का ठेका हुआ था।

फिलहाल, क्राइम ब्रांच ने लाइन बाजार पुलिस के साथ शुक्रवार की सुबह 11 बजे मौके पर पहुंच कर छापेमारी की और अब तक छापी गयी एक हजार कापियों को जब्त कर लिया है। सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट इन्द्रभूषण वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक उमेश शुक्ल, प्रभारी बीएसए चन्द्रशेखर यादव मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने प्रिंटिंग प्रेस मालिक राम पलट मौर्य को गिरफ्तार कर लिया है और कापियों को सीज कर दिया है। 

एसओ लाइन बाजार मिथिलेश मिश्र की तहरीर पर प्रिंटिंग प्रेस मालिक के खिलाफ आईपीसी की धारा 120 बी, 66 कॉपी राइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस प्रिंटिंग प्रेस को वर्ष 2006 में भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय से चोरी किये गये स्टेशनरी सामान का उपयोग कर छपायी करने के आरोप में पकड़ा गया था। अब देखना होगा कि परीक्षाओं के शुरू होने के बाद प्रशासन नकलचियों पर कैसे लगाम लगा पाएगी। फिलहाल इस केस पर सीएम ऑफीस ने जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है।

जल्लीकट्टू मामला: कोर्ट ने याचिका संविधान पीठ को भेज तय किए बिन्दु

जल्लीकट्टू मामले में कोर्ट ने तय किये 5 बिंदु

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

जल्लीकट्टू विवाद पर अब कोर्ट सख्त रूप में नजर आ रहा है। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा और न्यायमूर्ति आर एफ नरीमन की संयुक्त पीठ ने संबंधित मामले को पांच सदस्यीय संविधान पीठ को सौंपने का फैसला किया और उसके निधार्रण के लिए पांच बिंदु तय किए। आज प्रमुख सुनवाई में न्यायमूर्ति नरीमन ने आदेश सुनाते हुए कहा, ‘हमने संविधान पीठ के निधार्रण के लिए पांच बिंदु तय किये हैं।’

गौरतलब है कि तमिलनाडु और महाराष्ट्र सरकारों ने प्रीवेंशन ऑफ क्रूएल्टी टू एनिमल्स एक्ट, 1960 में संशोधन किया है और क्रमश: जल्लीकट्टू तथा बैलगाड़ी प्रतियोगिता को मंजूरी दी है। दोनों राज्यों में हुए संशोधन की वैधता को न्यायालय में चुनौती दी गयी थी।

बता दें कि पशु कल्याण संगठनों के प्रयास के बाद साल 2014 में सुप्रीम कोर्ट ने जानवरों के साथ हिंसक बर्ताव को देखते हुए इस खेल को बैन कर दिया था, जिसके बाद तमिलनाडु में इस बैन के खिलाफ काफी प्रदर्शन हुआ।

शिवसेना ने साधा बजट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना, कहा, “बजट केवल कागज पर शानदार”

शिवसेना ने साधा केंद्र सरकार पर निशाना

राजेश सोनी | Navpravah.com 

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कल संसद में बजट पेश किया था। जिसके बाद से ही बजट को लेकर केंद्र सरकार विरोधियों के निशाने पर है। केंद्र और महाराष्ट्र सरकार में साथी और हाल ही में 2019 के आम चुनाव अकेले लड़ने का फैसला लेने वाली पार्टी शिवसेना ने भी बजट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

शिवसेना के नेता संजय राउत ने बजट पर निशाना साधते हुए कहा कि यूनियन बजट शानदार था, लेकिन केवल कागज पर। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। अभी इतनी जल्दी इस बजट पर टिपण्णी करना ठीक नहीं है, अभी इसे सही ढंग से लागू तो हो जाने दीजिए।

संजय राउत ने कल राजस्थान उपचुनाव में भाजपा की हार को लेकर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि गुजरात चुनाव एक ट्रेलर था और राजस्थान चुनाव इंटरवल था। अब हम पूरी फिल्म 2019 में दिखाएंगे। राउत ने आगे कहा कि 2019 के हमारे चुनाव अकेले लड़ने के प्रस्ताव को वापस लेने का कोई सवाल ही नहीं उठता है, क्योंकि धनुष से एक बार तीर छोड़ दिया, तो फिर तीर वापस नहीं आता।

गौरतलब है कि कल कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी ने बजट पर निशाना साधा था। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि चार साल बीत गए, अब भी किसानों से उचित मूल्य के वादे किए जा रहे हैं। चार वर्ष बीत गए, तड़क-भड़क वाली योजनाएं। चार वर्ष बीत गए युवकों को नौकरी नहीं मिली। शुक्र है कि एक साल और बचा हुआ है।    

कासगंज हिंसा पर नेताओं की नहीं थम रही विवादित बयानबाजी 

कासगंज हिंसा पर फिर आया विवादित बयान

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

कासगंज हिंसा को अब एक हफ्ते से ज्यादा का समय बीत चुका है। अब कासगंज में धीरे-धीरे ज़िंदगी सामान्य होती नजर आ रही है। लेकिन, नेताओं की अबतक विवादित बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी कड़ी में सामाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव का नाम भी आज शामिल हो गया है।

रामगोपाल यादव ने कासगंज हिंसा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुस्लिम लोगों के घर में घुस-घुसकर मार पीट की गई। झूठे इलजाम लगाकर लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उनकी प्रॉपर्टी को नष्ट किया जा रहा है, आग लगाई जा रही है। पुलिस कोई कार्रवाई कर नहीं रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी भाजपा के कई नेता कासगंज हिंसा पर अनाप-सनाप बयान दे चुके हैं। एक भाजपा नेता ने तो यह आरोप लगाया था कि हिंसा में युवक को पाकिस्तान के समर्थकों ने मारा था। बता दें कि कासगंज हिंसा 26 जनवरी को तिरंगा यात्रा निकालने के दौरान भड़की थी। दो समुदाय के बीच भड़की इस हिंसा में चन्दन गुप्ता(19) नाम के युवक को सलीम नाम के आदमी ने गोली मार दी थी।  

बजट के खिलाफ देश भर में आरएसएस से जुड़ी भारतीय मजदूर संघ करेगी प्रदर्शन

भारतीय मजदूर संघ बजट के खिलाफ करेगा प्रदर्शन

राजेश सोनी | Navpravah.com 

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कल बजट पेश करते वक़्त उद्योगों के सभी क्षेत्रों में निश्चित अवधि रोजगार योजना की घोषणा की थी। जेटली के इस घोषणा के बाद कई मजदुर संगठन नाराज नजर आ रहे हैं। इनमें आरएसएस से जुड़ी भारतीय मजदुर संघ भी शामिल है। 

बता दें कि भारतीय मजदूर संघ शुक्रवार से सामूहिक विरोध प्रदर्शन की योजना बना रहा है। बीएमएस को लगता है यह मजदूरों को फंसाने की योजना है। यह निर्धारित प्रक्रिया और अंतरराष्ट्रीय श्रम मानदंडों के खिलाफ है। बीएमएस के जनरल सेक्रेटरी वृजेश उपाध्याय ने सरकार पर आरोप लगाया है कि सरकार ने यह योजना किसी भी मजदूर संघ से बातचीत किए बिना या राय लिए बिना लागू की है।  

उन्होंने आगे कहा कि सरकार को ऐसी योजना लाने से पहले सभी पक्षों के साथ बैठकर बातचीत करनी चाहिए थी। इन सभी पक्षों में फैक्ट्री मालिक, मजदूर संघ और सरकार शामिल है। लेकिन, सरकार ने ऐसा नहीं किया, इसलिए हम नें यह फैसला लिया है कि हम शुक्रवार से देश व्यापी आंदोलन करेंगे। ऐसी नीतियों के कारण मजदूरों के नौकरी की सुरक्षा को खतरा हो जाएगा। जिसके कारण उनके दिमाग में अनिश्चता पैदा हो जाएगी और इन सब का असर उनके काम पर नजर आएगा, जिससे उनकी नौकरी भी जा सकती है। 

दिल्ली: DDA की बैठक में हुआ अहम् फैसला, सीलिंग बचाने के लिए ‘FAR’ में की गई बढ़ोत्तरी

DDA की बैठक में अहम् फैसला , FAR में की गई बढ़ोत्तरी

राजेश सोनी | Navpravah.com

दिल्ली में  सीलिंग से व्यापारियों को राहत दिलाने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण ने एक अहम् बैठक बुलाई है। इस बैठक में 3 प्रस्ताव पास किए गए हैं, जो व्यापारियों को राहत देने वाले हैं। इसमें एक अहम् प्रस्ताव ‘फ्लोर एरिया रेशियों’ है, जिसमें बढ़ोत्तरी का निर्णय किया गया है। इस बैठक की अध्यक्षता एलजी अनिल बैजल ने की है 

जिन तीन प्रस्तावों को पास किया गया है, वह निम्न हैं-

-फ्लोर एरिया रेशियों को 80 से बढ़ाकर 350 करने का प्रस्ताव किया गया है।
-कन्वर्जन चार्ज कम करने का प्रस्ताव है। 
-कन्वर्जन चार्ज भरने में होने वाली देरी के लिए 10 गुना पेनाल्टी को अब 2 गुना करने का प्रस्ताव है। 

बता दें कि दिल्ली में सीलिंग के विरोध में सात लाख से ज्यादा व्यापारियों ने 2 से 3 दिन के लिए अपनी दुकानें बंद करने का ऐलान किया था। इस बंद का समर्थन सारे व्यापारी संगठनों ने किया था, लेकिन बाद में इस बंद को एक दिन का कर दिया गया और आज दिल्ली में करीब सात लाख दुकानों पर ताला लगा हुआ है।

सीलिंग के मुद्दे को लेकर राजनीति भी खूब हो रही है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी सीलिंग रोकने के लिए प्रदर्शन भी कर रही है। यह प्रदर्शन दिल्ली के एलजी के आवास के बाहर जारी है। वहीं राज्य सभा में भी सीलिंग का मुद्दा गूंजा है। राज्य सभा में सीलिंग हटाओ के नारे लगे।

यूपी पुलिस का ऑपरेशन क्लीन जारी, हापुड़ में पुलिस एकाउंटर में 5 बदमाश गिरफ्तार

यूपी पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त

अनुज हनुमत | Navpravah.com

उत्तर प्रदेश पुलिस को उसका नया मुखिया मिलते ही अब पुलिस में एक नए प्रकार की तेजी आ गई है। सूबे में अपराधियों पर अंकुश लगाने हेतु लगातार एनकाउंटर जारी है। यूपी पुलिस का ऑपरेशन क्लीन लगातार जारी है और इसी कड़ी में हापुड़ जनपद में 6 घंटों के अंदर बदमाशों और पुलिस के बीच हुई दो मुठभेड़ के बाद 5 बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं। 

गौरतलब हो कि पहली मुठभेड़ गढ कोतवाली क्षेत्र के झडीना रोड पर हुई, जहां चेकिंग के दौरान कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी मुठभेड़ पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के टेक्सटाइल इंडस्ट्रियल एरिया में हुई, जहां लूट करके भाग रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई, जिसमें गोली लगने के बाद पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।

खबर के अनुसार , पुलिस दो अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है। सूत्रों द्वारा बताया जा रहा है कि बदमाश पिलखुवा में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे थे। जैसे ही पीड़ित द्वारा लूट की सूचना पुलिस को दी गई, तो पुलिस तुरंत बदमाशों के पीछे लग गयी और पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के टेक्सटाइल इंडस्ट्रियल एरिया में बदमाशों को घेर लिया।

बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें पिलखुवा कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार के सीने में गोली लगी। बुलेट प्रूफ जैकेट पहनी होने के चलते वह बाल बाल बचे। वहीं पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाशों के पैर में गोलियां लगी हैं। जिसके बाद पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुड़भेड़ के दौरान पुलिस को चकमा देकर दो बदमाश मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है ।

पुलिस ने बदमाशों से पिस्टल और एक कार बरामद की है। बताया जा रहा है कि कार मुरादाबाद से लूटी गई थी।फिलहाल पुलिस टीम घटना की जांच कर रही है और पुलिस की मुस्तैदी से अपराधियों के हौसले पस्त हैं। अब देखना होगा कि आने वाले समय में इन एनकाउंटरो से सूबे की कानून व्यवस्था को बनाये रखने में कितनी मदद मिलेगी।