चित्रकूट में बनेगा 300 बेड का मेडिकल कॉलेज

अनुज हनुमत | नवप्रवाह.कॉम 

चित्रकूट | बांदा-चित्रकूट के दो दिवसीय दौरे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई महत्वपूर्ण फैसले किये। चित्रकूट में अधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत संबद्ध चिकित्सालयों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर योजना का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत देय भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पोषण किट की उपलब्धता बनी रहे। उन्होंने क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को एक-एक टीबी मरीज गोद लेकर उसके उपचार एवं पोषण में सहयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में न्यूनतम 300 शैय्याओं वाले मेडिकल कॉलेज की स्थापना हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।

वन विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी ने अवगत कराया कि 12 जुलाई को प्रस्तावित वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत लगभग 88 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है तथा गड्ढों की खुदाई एवं पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। माननीय मुख्यमंत्री ने वन भूमि पर अवैध कब्जों की समीक्षा करते हुए उन्हें हटाने तथा जिन वन मार्गों का जनसामान्य द्वारा उपयोग किया जाता है, उनके विकास हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 290 निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल संचालित हैं। माननीय मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कोई भी निराश्रित गोवंश सड़कों पर विचरण करता हुआ न मिले। उन्होंने भूसा बैंक की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि सभी गोशालाओं में भूसे के साथ-साथ हरे चारे की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद में 141 इंटर कॉलेज संचालित हैं, जिनमें 114 विद्यालय उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्ध हैं। माननीय मुख्यमंत्री ने छात्र संख्या की समीक्षा करते हुए प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत स्वीकृत समस्त कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 1,262 विद्यालय संचालित हैं तथा लगभग 1.11 लाख विद्यार्थियों का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में लगभग 25 हजार नए विद्यार्थियों का नामांकन कराया गया है। इस पर माननीय मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी पात्र विद्यार्थियों को समय से निःशुल्क यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, बैग एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा कोई भी बच्चा विद्यालय जाने से वंचित न रहे। उन्होंने विद्यालयों में कायाकल्प योजना के कार्यों को भी समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

कृषि एवं बैंकिंग क्षेत्र की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अग्रणी जिला प्रबंधक को किसानों एवं युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए अधिकाधिक ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला कृषि अधिकारी ने अवगत कराया कि वर्ष 2025-26 में 1,858 कृषकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने उर्वरक एवं बीज की समय से उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को समयबद्ध क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने को भी कहा।

खनिज विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री ने अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा अन्य राज्यों से आने वाले अवैध खनन से जुड़े वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को राजापुर क्षेत्र में प्रस्तावित फ्रंट कॉरिडोर का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने रामघाट स्थित लेटे हुए हनुमान मंदिर क्षेत्र में जल संरक्षण हेतु बांध निर्माण का प्रस्ताव रखा, जिससे श्रद्धालुओं को स्नान हेतु पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके। इस पर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को परियोजना तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न सड़क परियोजनाओं सहित स्थानीय विकास संबंधी विषय भी उठाए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत वर्षों में जनपद चित्रकूट में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं तथा इसकी स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं सड़क अवसंरचना सराहनीय है। उन्होंने राजस्व प्रकरणों, विशेषकर पैमाइश एवं नामांतरण के मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवंश संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा मंदाकिनी नदी के पुनरुत्थान के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए। उन्होंने चित्रकूट को धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी बताते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु छोटी धर्मशालाओं के विकास पर भी बल दिया।

उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत सभी परियोजनाओं को समयबद्ध पूर्ण करने, जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव के उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक को नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, थाना व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सोशल मीडिया पर अफवाह एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में महिलाओं से संवाद स्थापित करने तथा शहरी क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क विस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भू-माफियाओं, तस्करों एवं संगठित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को कोर ग्रुप की नियमित बैठक कर कानून-व्यवस्था की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद चित्रकूट ने विगत वर्षों में विकास एवं सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ पहुंचाने तथा विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

तत्पश्चात मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग पुराने कार्यों एवं नए कार्यों की कार्ययोजना पर समीक्षा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा मंडल के ग्रामीण मार्गों के पुनर्निर्माण, नवनिर्माण व अन्य जिला मार्ग व राजमार्ग का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण बाईपास एवं सड़क सुरक्षा, लघुसेत एवं दीर्घसेतु की कार्ययोजनाएं से संबंधित जनपद में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अनुमोदित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़के गड्ढा मुक्त होनी चाहिए, यह सुनिश्चित कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण व समय सीमा के अंतर्गत पूर्ण होना चाहिए।

बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान, प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग अशोक कुमार द्विवेदी, मुख्य अभियंता बांदा मंडल लोक निर्माण विभाग तथा संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.