27.8 C
Mumbai
Friday, August 7, 2026
Home Blog Page 1156

ओलम्पिक में खिलाड़ियों के कमज़ोर प्रदर्शन के बाद सरकार हरकत में, टास्क फ़ोर्स की देखरेख में होगी ओलम्पिक की तैयारी

अमित द्विवेदी,

रियो ओलंपिक में अब तक का सबसे बड़ा भारतीय दल उतारने के बावजूद मिले मात्र दो पदकों के बाद केंद्र सरकार हरकत में आ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब अगले तीनों ओलंपिक्स के लिए एक्शन प्लान बनाने का फैसला किया है। इसके लिए आज एक कार्यबल बनाने की घोषणा भी कर दी गई।

प्रधानमंत्री ने यह ऐलान आज मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2020, 2024 और 2028 में होने वाले अगले तीन ओलंपिक खेलों के लिए कार्यबल बनाया जाएगा, जो इन खेलों की तैयारी के लिए एक्शन प्लान बनाएगा।

यह टास्क फोर्स खेल की मूलभूत सुविधाओं, खिलाड़ियों की ट्रेनिंग और उनके चयन प्रक्रिया समेत अन्य मामलों की बारीकी से पड़ताल करेगी। टास्क फोर्स की देखरेख में ओलंपिक की तैयारी की जाएगी। रियो ओलंपिक में भारत के खराब प्रदर्शन को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

भारत ने हाल में संपन्न हुए रियो ओलंपिक में बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू(रजत)और महिला पहलवान साक्षी मलिक(कांस्य)के जरिए सिर्फ दो पदक हासिल किए थे। भारत को निशानेबाजी और कुश्ती से भी काफी उम्मीदें थीं, लेकिन कोई भी खिलाड़ी इसमें पदक नहीं जीत सका।

बॉलीवुड में रंग जमाने के लिए तैयार हैं ड्वेन ब्रावो

शिखा पाण्डेय,

ऑस्ट्रेलिया के स्टार क्रिकेटर रहे ब्रेट ली व पूर्व पाकिस्तानी बोलर शोएब अख्तर के बाद वेस्टइंडीज के क्रिकेट खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो भी बॉलीवुड में रंग जमाने के लिए ‘आल सेट’ हैं। ब्रावो का कहना है कि भारतीय फिल्म जगत में प्रवेश के लिए किसी को भी अभिनेता होने की जरूरत नहीं। ब्रावो बॉलीवुड में गायक के तौर पर प्रवेश के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

वैसे ब्रावो पहली बार बॉलीवुड में कदम नहीं रख रहे।इससे पहले भी अपने ‘चैंपियन-चैंपियन’ गाने से रातों-रात ब्रावो ने धूम मचा दी थी। ड्वेन का कहना है,” गायन मेरा बचपन का सपना था। मैं हमेशा से अपने प्रशंसकों को उनके सपनों पर भरोसा करने के लिए प्रेरित करता आया हूं।” ड्वेन ने यह भी बताया कि वह अपने अगले गीत पर काम कर रहे हैं और यह जल्द ही रिलीज होगा।

आईएएनएस से बातचीत के दौरान वेस्टइंडीज के 32 वर्षीय दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी ने बताया, “भारत में क्रिकेट के बाद बॉलीवुड दूसरा सबसे बड़ा मनोरंजन जगत है। इससे आप बड़े स्तर पर लोगों तक पहुंचते हैं। बॉलीवुड से जुड़ने या प्रवेश के लिए आपको अभिनेता होने की जरूरत नहीं।”

क्रिकेट जगत से दूर होने के विषय में पूछे जाने पर ड्वेन ने कहा, “क्रिकेट हमेशा से मेरी प्राथमिकता रहा है और रहेगा लेकिन मनोरंजन की ओर मेरा हमेशा से रुझान रहा है।” ब्रावो का मानना है कि कुछ लोगों को कला तोहफे में मिली होती है।

इंसान को सपने हमेशा देखना चाहिए-

ड्वेन का सपना बॉलीवुड में आने का है, लेकिन उनका कहना है कि उनके कुछ सपने अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। ड्वेन ने कहा कि इंसान को हमेशा सपने देखना चाहिए। जिस दिन आपने अपने आप से यह कहा कि आपने सब कुछ पा लिया है, उस दिन से आपका पतन शुरू हो जाता है।

बॉलीवुड में अभिनेता के तौर पर काम करने के बारे में ड्वेन ने कहा कि उन्हें प्रस्ताव मिल रहे हैं, लेकिन उन्हें एक ऐसी फिल्म की जरूरत है जो उनके अंदर के अभिनेता को बाहर लाए और जिससे प्रशंसक उनसे जुड़ सकें। ड्वेन ने कहा कि शेहान राज और जशोधा माधवजी इस पर काम कर रहे हैं और एक फिल्म बन सकती है।

अखिलेश ने किया अमर सिंह पर कटाक्ष, कहा- “सबसे मिलता ही रहा तो काम कब करूँगा”

अमित द्विवेदी,

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व सपा से हाल ही में दोबारा जुड़े अमर सिंह के बीच ज़ुबानी रस्साकसी जारी है। अखिलेश ने परोक्ष रूप से अमर सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर मैं सबसे मिलता ही रहूंगा तो काम कब करूंगा।

दरअसल अखिलेश यादव अमर सिंह के उस बयान पर व्यंग कर रहे थे, जिसमें उन्होंने शिकायत की थी कि उन्हें मिलने का समय नहीं दिया गया और न ही उनकी फ़ोन पर बात कराई गई। अमर सिंह ने धमकी दी थी कि अगर उन्हें समय नहीं मिला तो वे राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे देंगे।

अखिलेश ने आज पत्रकारों से बात करते हुए कहा,” अमर अंकल को भी यह शिकायत है कि उन्हें मिलने का समय नहीं देता, लेकिन अगर मैं सिर्फ मिलता रह जाता तो एक्सप्रेस वे और मेट्रो जैसी सुविधाएं प्रदेश को कैसे दे पाता?”

गौरतलब है कि अमर सिंह ने पिछले दिनों यह शिकायत की थी कि न अखिलेश उनसे मिलते हैं,और न ही फ़ोन पर बात करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी में उनका और जयाप्रदा का अपमान हो रहा है, जबकि उन्होंने कोई पद भी नहीं मांगा है। उन्होंने यह भी कहा था कि केवल मुलायम सिंह के साथ अपने आपसी संबंधों के चलते वे बाक़ी सब भुलाकर दोबारा पार्टी से जुड़े लेकिन अब उन्हें बस मूक बधिर बनाकर बैठा दिया गया है।

बिहार टॉपर घोटाला: फर्जी टॉपर रूबी की लिखी असली कॉपी बरामद

शिखा पाण्डेय,

बिहार टॉपर घोटाले में अंततः इंटर आर्ट्स की ट़ॉपर रूबी राय की लिखी असली परीक्षा कॉपी बरामद कर ली गई है। सूत्रों के अनुसार जब एसआईटी की टीम रूबी के घर तलाशी लेने पहुंची तो उसने उन्हें बुरा-भला कहते हुए अपने घर से निकल जाने को कहा। लेकिन बड़ी जद्दोजहद के बाद रूबी द्वारा लिखी कॉपी मिल सकी।

जानकारी के मुताबिक एसआईटी की टीम रूबी राय के वैशाली जिले के भगवानपुर में स्थित आवास पर तलाशी लेने गई थी। इस बात की जानकारी होते ही रूबी एसआईटी की टीम से उलझ गयी और तलाशी लेने गयी टीम को बुरा-भला कहा व अपने घर से बाहर निकल जाने को कहा। पुलिस और रूबी राय के बीच घंटों चली बहस के बाद आखिरकार स्थानीय थाना अध्यक्ष विक्रम आचार्या को मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा, तब जाकर रूबी ने अपनी पहले की लिखी हुई दो कॉपी लाकर पुलिस को दी।

गौरतलब हो कि रूबी राय ने इंटर आर्ट्स स्ट्रीम में टॉप किया था। एक निजी समाचार चैनल के साथ साक्षात्कार में रूबी राय के ज्ञान की पोल खुली। जांच के बाद बहुत बड़ा टॉपर घोटाला उजागर हुआ और रूबी राय की गिरफ्तारी भी हुई। आपको बता दें कि टॉपर घोटाले में सजा के बाद रूबी जमानत पर रिहा की गई हैं। जमानत पर रिहा  होकर रूबी अपने घर पर रह रही हैं।

एसआईटी अभी भी इस मामले की जांच कर रही है।  टॉपर घोटाले में बोर्ड के तत्कालीन अध्यक्ष, सचिव और दर्जनों लोग एसआईटी द्वारा गिरफ्तार किये जा चुके हैं। सभी जेल की सजा भुगत रहे हैं।

विकास के लिए तीव्र परिवर्तन की ज़रूरत -नरेंद्र मोदी

शिखा पाण्डेय,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीति आयोग में ‘भारत परिवर्तन’ विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि आज सभी देश एक-दूसरे पर निर्भर और एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। कोई भी देश अकेले विकास नहीं कर सकता क्योंकि हर देश के अपने संसाधन, अनुभव और शक्ति होती है।

आज सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि हमें कानून बदलने हैं, गैरजरूरी प्रक्रियाओं को हटाना है, प्रक्रिया तेज करनी है और तकनीक को अपनाना है। श्रोताओं में मोदी का पूरा मंत्रिमंडल उपस्थित था।

मोदी ने कहा कि यदि भारत को परिवर्तन की चुनौतियों से निपटना है तो केवल रत्ती-रत्ती आगे बढ़ने से काम नहीं चलेगा। पूर्ण कायाकल्प की आवश्यकता है। इसलिए मेरा विचार है कि यहां रत्ती-रत्ती प्रगति नहीं बल्कि तीव्र परिवर्तन होना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि शासन में बदलाव मानसिकता में बदलाव के बिना नहीं हो सकता और मानसिकता में बदलाव तब तक नहीं होगा जब तक की विचार परिवर्तनकारी न हों। मोदी ने कहा कि हम 19वीं सदी की प्रशासनिक प्रणाली के साथ 21वीं सदी में आगे नहीं बढ़ सकते। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बदलाव बाह्य और आंतरिक दोनों कारणों से होना चाहिए।

मोदी ने कहा कि हो सकता है, तीस साल पहले देशों की दृष्टि केवल अपने अंदर तक ही सीमित रहती हो और वे अपने समाधान अपने अंदर से ही ढूंढते रहे हों। पर आज देश परस्पर एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। आज कोई देश अपने को दूसरों से अलग रख कर विकास नहीं कर सकता। हर देश को अपने काम को वैश्विक कसौटियों पर कसना होता है, किसी ने ऐसा नहीं किया तो वह पीछे छूट जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि बदलाव आंतरिक वजहों से भी आवश्यक है। आज युवा पीढ़ी की आकांक्षाएं इतनी ऊंची हो गयी हैं कि कोई सरकार अतीत में अटकी नहीं रह सकती है।

उत्तर प्रदेश पुलिस को मिलेगी राहत की सांस, 10 दिन की ड्यूटी पर 1 दिन का आराम

अमित द्विवेदी,

उत्तर प्रदेश के पुलिसकर्मियों के लिए अच्छी ख़बर है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने काम के दबाव से परेशान पुलिसकर्मियों को 10 दिन की ड्यूटी के बाद 1 दिन का अवकाश देने का फैसला किया है। यह फैसला वर्तमान में पुलिस की अव्यवस्थित जीवनशैली को देखते हुए किया गया है।

उत्तर प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता के अनुसार, पुकिसकर्मियों को एक भी दिन साप्ताहिक अवकाश नहीं मिलता। जिसकी वजह से उनके कार्य करने की क्षमता, जीवनशैली, व्यावहारिक और सामाजिक जीवन काफी प्रभावित हो जाता है। अब से सरकार इन्हें साप्ताहिक अवकाश की तरह हर 10 दिन पर एक दिन छुट्टी प्रदान की जाएगी।

हालाँकि इस महकमे में छुट्टी देने की कवायद लंबे समय से चल रही है लेकिन अभी तक इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका था। कुछ समय के लिए कुछ थानों पर साप्ताहिक छुट्टी देने का प्रयोग भी किया गया था लेकिन कर्मचारियों की कमी के चलते इसे जारी नहीं रखा जा सका।

उत्तर प्रदेश के इस निर्णय को कई लोग राजनितिक रंग भी देते नज़र आ रहे हैं। कुछ का कहना है कि प्रदेश सरकार चुनाव के पहले तमाम घोषणाएं मात्र जनता को खुश करने के लिए कर रही है। जिससे आगामी चुनाव पर इसका असर पड़े। लेकिन जनता सब समझती है।

हाजी अली दरगाह में महिलाएं कर सकेंगी प्रवेश, नाराज़ ट्रस्ट जाएगा सुप्रीम कोर्ट

अमित द्विवेदी,

बॉम्बे हाई कोर्ट ने शुक्रवार को हाजी अली दरगाह में महिलाओं के प्रवेश को लेकर अनुमति दे दी। दरगाह के अंदर महिलाओं के प्रवेश पर पाबंदी लगाई गई थी। हाजी अली ट्रस्ट महिलाओं के प्रवेश की अनुमति को लेकर काफी नाराज़ है। हाजी अली ट्रस्ट ने उच्च न्यायालय के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की बात कही है।

पिछले कुछ समय से धार्मिक स्थलों में महिलाओं के प्रवेश पर लगी रोक को लेकर आंदोलन जारी है। तृप्ति देसाई सहित कई अन्य समूहों ने भी इसका पुरजोर विरोध किया। पूजा स्थलों में महिलाओं के साथ होने वाले इस भेदभाव को लेकर काफी समय से महिलाओं की लड़ाई चल रही थी।

हाजी अली में प्रवेश के लिए महिलाओं ने भी मोर्चा खोल दिया था, जिसका हाजी अली ट्रस्ट पुरज़ोर विरोध कर रहा था। मुस्लिम महिलाओं के हक के लिए लड़ने वाला एक समूह भारतीय मुस्लिम महिला आंदोलन बीएमएमए हाजी अली दरगाह के ट्रस्टी के साथ कानूनी लड़ाई लड़ रहा था। इस संगठन ने दरगाह में महिलाओं के प्रवेश को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट में एक याचिका दायर किया था। संगठन ने न्यायालय के समक्ष अपनी बात रखी कि इबादत के लिए महिलाओं को दरगाह में जाने से रोकना असंवैधानिक है। उन्हें इस अधिकार से वंचित नहीं रखा जा सकता।

इस मामले में दरगाह के ट्रस्टी का का कहना है कि किसी पुरुष मुस्लिम संत की कब्र पर महिलाओं का जाना इस्लाम में गुनाह है, इसलिए दरगाह के गर्भगृह में महिलाओं के प्रवेश पर पाबंदी सही है। जबकि महिआलों का मानना है कि इबादत के लिए किसी पर पाबन्दी लगाना सही नहीं है।

मुझसे जुड़ी अफवाहों से परेशान हो जाती हैं माँ -सोनाक्षी सिन्हा

एंटरटेनमेंट डेस्क,

बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने बताया कि उनकी माँ पूनम सिन्हा उनसे जुड़ी अफवाहों को लेकर बहुत चिंतित हो जाती हैं। सोनाक्षी अपने दोस्त बंटी सचदेव के साथ शादी की अफवाहों की और इशारा कर रही थीं। सोनाक्षी ने हाल ही में फिल्म अकीरा के प्रमोशन के दौरान पत्रकारों से यह बातें साझा की।

सोनाक्षी ने कहा, “मेरे पिता शत्रुघ्न सिन्हा इन अफवाहों से बेफिक्र रहते हैं। वे इन सब से परे रहते हैं, क्योंकि मुझसे कहीं ज़्यादा वे खुद इन अफवाहों का शिकार रहे हैं। लेकिन, मेरी मां चिंतित हो जाती हैं, इसलिए मुझे उन्हें समझाना पड़ता है और शांत करना पड़ता है।” सोनाक्षी ने कहा कि वह निराधार खबरों पर ध्यान नहीं देतीं, लेकिन जब उनके परिवार को घसीटा जाता है, तब वह उन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करती हैं।

आपको बता दें कि सोनाक्षी के विषय में यह खबर आई थी कि सोनाक्षी इन दिनों अपनी फिल्मों और एंडोर्समेंट का काम तेजी से खत्म करने में जुटी हुई हैं, ताकि अपनी पर्सनल लाइफ को भी समय दे सकें। अब सोनाक्षी के लिए पर्सनल लाइफ में शादी से ज्यादा महत्वपूर्ण उम्र के इस पड़ाव पर क्या हो सकता है?

आपको बता दें कि मिस सिन्हा अपनी आगामी फिल्म ‘अकीरा’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसमें वह मारधाड़ वाले दृश्य करती दिखाई देंगी। फॉक्स स्टार स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत ‘अकीरा’ ए.आर. मुरुगदोस द्वारा निर्देशित है।

सलमान सिर्फ अच्छे दोस्त हैं, प्रेमी नहीं -लूलिया

एंटरटेनमेंट डेस्क,

एक ओर तो ये खबरें आ रही हैं कि सलमान खान चुपके से अपनी कथित गर्लफ्रैंड लूलिया वंतूर से शादी कर चुके हैं। दूसरी ओर खुद लूलिया का कहना है कि वे दोनों सिर्फ और सिर्फ अच्छे दोस्त हैं।

एक मैगजीन को दिये इंटरव्यू में लूलिया ने कहा,”  दोस्त का मतलब सिर्फ दोस्त है, प्रेमी नहीं। सलमान मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। इसके अलावा जो कुछ भी है या कहा जा रहा है वो सिर्फ अटकलें हैं।” लूलिया ने कहा, “सबकुछ तय समय पर होता है ना उससे पहले ना उसके बाद।”

लूलिया चाहे जो कुछ कहें,मगर अब तक की स्थिति पर यदि नज़र डालें, तो वे लंबे समय से सलमान और उनके परिवार से बहुत करीब हैं। सलमान भी इशारों में कई बार कह चुके हैं कि उन्हें एक ऐसी लड़की की तलाश है जो घर परिवार के महत्व को समझती हो। सलमान ने यह भी कहा था कि अब देश में देसी लड़किया कम विदेशी ज्यादा हैं और इसलिए वो विदेश में देसी लड़की ढूंढ रहे हैं।

उधर मीडिया में फैली तमाम अटकलों के चलते पिता सलीम खान ने मज़ाक करते हुए कह दिया था कि सलमान की शादी कब होगी वो भगवान भी नहीं जानते। अब लूलिया ने भले ही यह बयान देकर अपने और सलमान के रिश्ते को दोस्ती का नाम दे दिया हो लेकिन सलमान खान के करीबी दोस्तों का कहना है कि दोनों जल्द ही शादी करेंगे। लूलिया ने भी तो इंटरव्यू में यह इशारा किया है कि ‘सबकुछ सही समय पर होता है’।

सावधान! जल्द ही व्हाट्सएप्प आपकी जानकारी फेसबुक से कर सकता है साझा!

शिखा पाण्डेय,

दुनिया भर में प्रचलित व्हाट्सऐप जल्द ही वह अपने यूजर्स का मोबाइल नंबर अपनी ओनर कंपनी फेसबुक के साथ साझा करने वाला है। इसकी मदद से व्हाट्सऐप यूजर्स  फेसबुक के जरिए और भी ज्यादा टारगेट विज्ञापन पा सकेंगे। ये ऐड फेसबुक पर होंगे। यह जानकारी स्वयं व्हाट्सऐप द्वारा साझा की गई है।

आपको बता दें कि व्हाट्सऐप अपने यूजर्स को सीमित समय सीमा में ये विकल्प देगा कि वह अपनी जानकारी फेसबुक के साथ साझा करना चाहते हैं या नहीं। व्हाट्सऐप ने बताया कि इस शेयरिंग से फेसबुक मैपिंग के जरिए  बेहतर फ्रेंड सजेशन और ज्यादा सटीक ऐड्स यूजर्स को मुहैया कराए जा सकेंगे।

इस साझेदारी के तहत व्हाट्सऐप पर यह अहम् जिम्मेदारी होगी की वह दुनियाभर में अपने 1 बिलियन यूजर्स को उनके डेटा की सुरक्षा का यकीन दिला सके। हालांकि कंपनी ने यह दावा किया है कि फेसबुक को दिया गया आपका नंबर सुरक्षित रहेगा।

मैसेजिंग कंपनी व्हाट्सऐप ने कहा,” हम ये जानना चाहते हैं कि व्हाट्सएप के जरिए किस तरह बिजनेस को हमारे कॉन्टैक्ट कस्टमर्स से जोड़ा जा सकता है।”
व्हाट्सएप ने बताया कि बैंक ट्रांजक्शन , फ्लाइट की जानकारी जैसी नेटिफिकेशन हमारे कस्टमर्स को मिल सके, हम इस प्रक्रिया पर काम कर रहे हैं।

इस सफाई के बावजूद व्हाट्सए यूजर्स कंपनी की इस आगामी फीचर में रुचि नहीं दिखा रहे क्योंकि हाल ही में ब्राजील कोर्ट को मैसेज मुहैया नहीं कराने पर व्हाट्सएप को कुछ समय के लिए बैन कर दिया गया था। ऐसे में कंपनी का फेसबुक से साथ नंबर शेयर करना  यूजर्स डेटा के  प्रति उसकी गंभीरता पर सवाल उठाता है और इसीलिए यूज़र्स व्हाट्सऐप के दावे पर यकीन नहज कर पा रहे।