27.8 C
Mumbai
Friday, August 7, 2026
Home Blog Page 1155

ओलम्पिक के 4 सितारों को आज मिलेगा खेल रत्न पुरस्कार, पीएम मोदी ने की मेज़बानी

शिखा पाण्डेय,

आज राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी बैडमिंटन खिलाड़ी सिंधू, पहलवान साक्षी, दिग्गज निशानेबाज जीतू राय और जिम्नास्ट दीपा कर्माकार को प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक आवास 7 रेस कोर्स रोड पर सभी राष्ट्रीय खेल पुरस्कार विजेताओं की मेजबानी की व राष्ट्रीय खेल दिवस की पूर्व संध्या पर खिलाड़ियों को बधाई दी।

सिंधू ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री से मिलकर और बात कर मैं बेहद खुश हूं। मैंने उन्हें अपना पदक दिखाया। वे बहुत खुश थे। उन्होंने मुझे बधाई दी और कहा कि मैंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और देश को गौरवांवित किया।”

साक्षी ने अपना गुदगुदाने वाला अनुभव साझा करते हुए बताया, ‘‘प्रधानमंत्री ने मुझसे कहा कि मारना मत मुझे और मैंने उन्हें बताया कि पहलवान मैट पर काफी आक्रामक होते हैं लेकिन इससे बाहर उनका दिल काफी कोमल होता है।”

उल्लेखनीय है कि सिंधू ने रियो ओलंपिक में बैडमिंटन के महिला एकल मुकाबले में रजत पदक जीतकर इतिहास रचा था जबकि साक्षी ने  महिला 58 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में कांस्य पदक जीता था। पहली बार ओलंपिक में हिस्सा लेते हुए जिम्नास्ट दीपा कलात्मक जिम्नास्टिक में चौथे स्थान पर रही थीं और जीतू ने पिछले दो साल में आधे दर्जन से अधिक पदक जीते हैं।

विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय स्थापित करेंगे योगगुरु रामदेव, तैयारियां ज़ोरों पर

शिखा पाण्डेय,

योग गुरु बाबा रामदेव की योजना है कि वे विभिन्न क्षेत्रों में करीब एक लाख छात्रों को शिक्षित करने के लिए अगले पांच वर्षों के भीतर भारत में एक विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय की स्थापना करेंगे। उन्होंने स्वयं इस इस बात की जानकारी दी व यह भी बताया कि इसके लिए पहले ही 1,500 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है।

हयूस्टन में एक कार्यक्रम में ‘योग और मन की शांति’ विषय पर बोलते हुए रामदेव ने कहा कि उन्होंने नयी दिल्ली के निकट हयूस्टन विश्वविद्यालय की तरह ही एक यूनिवर्सिटी की स्थापना की योजना बनायी है। बाबा ने बताया कि इस विश्वविद्यालय में शिक्षा का स्तर विश्व स्तरीय संस्थानों की शिक्षा के स्तर के समकक्ष होगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर लगभग 25,000 करोड़ रुपये की लागत आयेगी।

रामदेव ने कहा कि शिक्षा की भारतीय गुरूकुल परंपरा को फिर से शुरू करने और बढ़ावा देने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मानव संसाधन विकास मंत्रालय से राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर वैदिक शिक्षा बोर्ड के गठन का आग्रह किया है। ।

योग गुरु ने इस बात का भरोसा दिलाया कि इस संस्थान की ख्याति उच्च शिक्षा के प्राचीन संस्थानों नालंदा और तक्षशिला के समान ही होगी ताकि दुनिया के विभिन्न हिस्सों के छात्र उच्च शिक्षा के लिए भारत को प्राथमिकता दें। उन्होंने यह भी बताया कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय में स्वास्थ्य, व्यापार और शिक्षा पर मुख्य रूप से ध्यान दिया जायेगा।

सिंधु, साक्षी, दीपा और गोपीचंद को सचिन ने भेंट की बीएमडब्ल्यू

शिखा पाण्डेय,

रियो ओलंपिक में अपना उम्दा प्रदर्शन दिखाने वाली रजत पदकधारी शटलर पीवी सिंधु, कांस्य पदकधारी पहलवान साक्षी मलिक, जिमनास्ट दीपा करमाकर और बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद को आज ओलंपिक के भारतीय दल के गुडविल एंबेस्डर सचिन तेंदुलकर ने बीएमडब्ल्यू कारें भेंट कीं।

हैदराबाद जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष चमुंडेश्वरनाथ ने इन चारों खिलाड़ियों को हाल में समाप्त हुए रियो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन के लिये ये लग्जरी कारें भेंट में दी।

तेंदुलकर रियो ओलंपिक में भारतीय टीम के सद्भावना दूत थे, उन्होंने हैदराबाद के गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी में आयोजित एक कार्यक्रम में कारों की चाबियां इन खिलाड़ियों को सौंपी। इस मौके पर इन सभी ओलंपिक खिलाड़ियों ने स्टार क्रिकेटर के साथ जम के सेल्फी खींची।

आपको बता दें कि पहलवान साक्षी ने महिलाओं की फ्रीस्टाइल 58 किग्रा स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया था। भारतीय ओलंपिक इतिहास में जिमनास्टिक्स में पहली बार क्वालीफाई करनेवालक दीपा काफी करीब से पदक से चूक गयी थीं। वह अपनी वाल्ट स्पर्धा में चौथे स्थान पर रही थीं। इसके अतिरिक्त कोच गोपीचंद के मार्गदर्शन में सिंधु ने रजत पदक जीता, जिससे वह ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं।

इस समारोह में साक्षी मलिक ने प्रसिद्ध क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर से फैमिली पिक्चर के लिए अनुमति मांगी। उन्होंने कहा,”सचिन जी मेरा भाई आपका बहुत बड़ा फैन है, प्लीज आपके साथ एक फैमिली पिक्चर की अनुमति दें।”

आजमगढ़ महारैली की भीड़ देख खुश हुई मायावती, कहा- ‘पूर्ण बहुमत का हुआ एहसास’

सौम्या केसरवानी,

बसपा सुप्रीमो मायावती ने आज आजमगढ़ में महारैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने रैली में आने वाले लोगों का शुक्रिया अदा किया। मायावती ने अपने संबोधन में कहा कि भीड़ देखकर पूर्ण बहुमत का एहसास हुआ है। बसपा सुप्रीमो ने चुटकी के अंदाज में कहा कि मुलायम के लिए मैदान बड़ा था हमारे लिए छोटा है।

उन्होंने अपने संबोधन में प्रदेश की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि न्याय और अमन के दिन जल्द ही आयेंगे। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मायावती ने कहा कि जिसने दिल्ली को ख़राब किया वो यूपी को क्या संवारेंगे। यह हमला बसपा सुप्रीमो ने कांग्रेस की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित पर किया था। उन्होंने ये भी कहा कि कांग्रेस अपनी गलत नीतियों के कारण केंद्र से बाहर हुई।

मायावती ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के अच्छे दिन बुरे दिनों में तब्दील हों चुके हैं। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने सिर्फ सांप्रदायिक ताकतों को मजबूत किया है। उन्होंने भाजपा के सूबे के 6 साल के शासन पर भी हमला किया। मायावती ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अपना वादा पूरा न करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अच्छे दिन के वादे बुरे दिनों में बदल चुके हैं।

मायावती ने अमित शाह पर फब्तियां कसते हुए कहा कि कुछ लोग बसपा छोड़कर जा रहे हैं या कुछ को पार्टी निकाल रही है। ऐसे लोगों को भाजपा बिना परखे अपना रही है। ये लोग मुझ पर पार्टी में टिकट बेचने का आरोप लगा रहे हैं लेकिन मैं पूछती हूं कि जब भाजपा वाले कह रहे हैं कि हमारी पार्टी की हालत खास्ता है तो ये बतायें की टिकट कौन खरीदेगा। बसपा के रिजेक्टेड माल को भाजपा अमित शाह माला पहना रहे हैं और गले लगा रहे हैं। भाजपा वाले जीतने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। रिजेक्टड माल को अपना कर अपनी पार्टी में शामिल भी कर सकते हैं।

जैन मुनि तरुण सागर पर टिप्पणी कर बुरे फंसे विशाल, ‘आप’ ने भी झाड़ा पल्ला

अमित द्विवेदी,

जैन मुनि तरुण सागर पर टिप्पणी करने के बाद विवादों में घिरे म्यूजिक डायरेक्टर व आम आदमी पार्टी के स्टार प्रचारक रहे विशाल ददलानी ने राजनीतिक प्रचार छोड़ने का निश्चय किया है। पार्टी का धुंआधार प्रचार करने के बावजूद ट्विटर पर जैन मुनि तरुण सागर को लेकर की गई टिप्पणी के बाद पार्टी ने इनसे पल्ला झाड़ लिया, जिसके बाद रात को इन्होंने ट्विटर पर संन्यास का एलान कर दिया।

आपको बता दें कि ‘पांच साल केजरीवाल’ वाला गाना गानेवाले म्यूजिक डायरेक्टर ददलानी आम आदमी पार्टी से सक्रिय तौर पर जुड़े थे। अरविंद केजरीवाल के साथ प्रचार में विशाल उनके रथ पर भी घूमा करते थे। लेकिन इनके एक ट्वीट ने इनके सुनहरे राजनीतिक भविष्य को चौपट कर के रख दिया।

दरअसल जैन मुनि तरुण सागर जी हरियाणा विधानसभा में लेक्चर के लिए गए थे। आपको बता दें कि तरुण सागर जी महाराज बिना कपड़ों के रहते हैं और ददलानी ने ट्विटर पर उनके इस वेश-भूषा पर टिप्पणी कर दी। इसके बाद उनके खिलाफ लोगों ने ट्विटर पर मोर्चा खोल दिया। यहां तक कि दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन और मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने भी तरुण मुनि की तारीफ़ करते हुए ट्वीट किए।

लगातार मांग रहे माफ़ी-

विवाद के बाद में सोशल मीडिया पर डडलानी लगातार लोगों से माफी मांगते रहे। मामला बढ़ते देख रात साढ़े नौ बजे डडलानी ने अपने ट्विटर वॉल पर लिखा, “भूल हो गई, माफ कर दीजिए, मगर धर्म को राजनीति के साथ मत जोड़ने दीजिए। देश की खातिर।”

सत्येंद्र जैन ने भी कल इस विषय में जैन समुदाय व जैन मुनि से माफ़ी मांगी। कुछ देर बाद विशाल ददलानी ने ट्विटर पर ही केजरीवाल और सतेंद्र जैन को टैग करते हुए ऐलान कर दिया, “बहुत बुरा लग रहा है कि मेरे जैन साथियों और अरविंद केजरीवाल, सतेंद्र जैन को दुख पहुंचा है। मैं सक्रिय राजनीति से खुद को अलग करता हूं।”

विशाल ददलानी बॉलीवुड के नामी म्यूजिक डायरेक्टर और गायक हैं व कई हिट गाने गा चुके हैं। डडलानी के ट्वीट व उसपर हुए विवाद के मामले को धर्म के साथ साथ आने वाले गुजरात चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

अच्छा मुस्लिम होने के लिए अच्छा इंसान होना ज़रूरी -सलीम ख़ान

एंटरटेनमेंट डेस्क,

पटकथा लेखक सलीम खान ने मुम्बई स्थित हाजी अली दरगाह में महिलाओं को प्रवेश की अनुमति देने वाले बंबई उच्च न्यायालय के फैसले की सराहना की है। सलीम खान का कहना है कि यह फैसला उन चीजों का समर्थन करता है जो हदीस और कुरान में कही गई हैं।

सलीम ने ट्वीट किया, “हाजी अली पर उच्च न्यायालय का फैसला उन्हीं बातों का समर्थन करता है जो हदीस और कुरान में कही गई हैं। एक अच्छा मुस्लिम होने के लिए आपक एक अच्छा इंसान होना आवश्यक है।”

उल्लेखनीय है कि मुम्बई उच्च न्यायलय द्वारा शुक्रवार को दिए गए एक ऐतिहासिक फैसले में उच्च न्यायालय ने इस दरगाह में महिलाओं के प्रवेश पर रोक हटाते हुए कहा था कि इस ट्रस्ट के पास पूजा के एक सार्वजनिक स्थल पर महिलाओं को जाने से रोकने का कोई अधिकार नहीं है।

ऑक्सीजन को फ्यूल के रूप में इस्तेमाल करने वाले ‘स्क्रैमजेट इंजन’ का सफल परीक्षण, इनसेट 3डीआर का प्रक्षेपण सितंबर तक के लिए टला

शिखा पाण्डेय,

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने आज बाहर की (एटमॉस्फियर) ऑक्सीजन को फ्यूल के रूप में इस्तेमाल करने वाले ‘स्क्रेमजेट इंजन’ का सफल परीक्षण किया। इसके अतिरिक्त भू-समकालिक उपग्रह प्रक्षेपण यान यानी जीएसएलवी-एमके द्वितीय के साथ मौसम उपग्रह इनसैट-3डीआर का प्रक्षेपण सितंबर तक के लिए टाल दिया गया है।

स्क्रैमजेट इंजन का परीक्षण निर्धारित समयानुसार सुबह 6 बजे किया गया। जब हवा की गति प्रक्षेपण के लिए अनुकूल लगी तब रॉकेट ने उड़ान भरी। एसडीएससी के निदेशक ने इसके सफल परीक्षण के बाद बताया कि स्क्रैमजेट इंजन के परीक्षण के उद्देश्य से आरएच-560 साउडिंग रॉकेट के प्रक्षेपण के लिए रविवार सुबह 6 बजे का वक्त निर्धारित किया गया था।

क्या है स्क्रैमजेट-

स्क्रैमजेट एक सुपरसोनिक इंजन है जो रॉकेट को 5 मैक या उससे ऊपर उड़ने में सहायता प्रदान करता है। इन इंजनों में कोई गतिशील भाग मौजूद नहीं होता है। स्क्रैमजेट इंजन में ऑक्सीजन को द्रवित करने की क्षमता होती है, साथ ही वह इसे रॉकेट या जहाज में संग्रहित भी कर सकता है।

इस इंजन को सतीश धवन स्पेस सेंटर (SDSC) में बनाया गया है। साइंटिस्ट्स का कहना है कि इंजन का यूज रीयूजेबल लॉन्च व्हीकल (RLV) में हाईपरसोनिक स्पीड (साउंड की स्पीड से तेज) हासिल करने के लिए किया जाएगा। इस टेस्ट के साथ ही भारत ने अमेरिका के नासा की बराबरी कर ली है और जापान-चीन-रूस को पीछे छोड़ दिया है। साइंटिस्ट्स का ये भी कहना है कि स्क्रेमजेट इंजन हल्का होने के साथ ऑर्बिट में भारी पेलोड स्थापित करने करने में मददगार होगा।

विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर के डायरेक्टर के. सीवान ने बताया, “यह टेस्ट इस लिहाज से अहम है कि स्क्रेमजेट इंजन को आरएलवी में यूज किया जाएगा। इस टेस्ट के दौरान इंजन में ऑक्सीजन के कंबशन (जलने) और दबाव को लगातार जांचा गया।  इंजन की एयर-ब्रीदिंग टेक्नोलॉजी में उसे हवा में ही ऑक्सीजन लेकर फ्यूल में कन्वर्ट करना है। इससे रॉकेट को सुपरसोनिक स्पीड मिलेगी।” उन्होंने बताया कि अगर हम इसे 5 सेकंड तक यह कर सकते हैं तो 1000 सेकंड्स तक भी कर सकते हैं। स्क्रेमजेट का फुल स्केल पर आरएलवी में भी टेस्ट किया जाएगा।

गौरतलब है कि स्क्रैमजेट इंजन का प्रयोग केवल रॉकेट के वायुमंडलीय चरण के दौरान ही हो सकता है। यह ईंधन के साथ प्रयोग होने वाले ऑक्सीडाइजर की मात्रा को कम करके प्रक्षेपण लागत को कम करने में मददगार साबित होगा।

देश की एकता के लिए 30 की भी जान ले लेता -मुलायम सिंह

अमित द्विवेदी,

समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलवाए जाने वाले मामले पर एक और बार विवादित बयान दे दिया। यादव ने कहा कि गोली चलवाने की वजह से ही देश में  एकता का माहौल बन पाया। देश की एकता के लिए
यदि 30 की जान भी लेनी पड़ती तो वो भी करता।

शनिवार को मुलायम सिंह पर लिखी किताब का विमोचन था, इस अवसर पर राज्य के कई मंत्री भी थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि कारसेवकों पर गोली नहीं चलती तो मुसलमानों का विश्वास देश से उठ जाता। सदन में मेरा बहुत विरोध किया गया, लेकिन देश की एकता के लिए यही सही था।

मुलायम यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा, ‘अयोध्‍या कांड में गोली चलवाने के बाद मेरे ऊपर चौतरफा हल्ला बोला गया, काफी आलोचना हुई। लेकिन देश की एक मस्जिद बचाने के लि‍ए गोलियां चलवाना ज़रूरी हो गया था।

गौरतलब है कि वर्ष 1990 में मुलायम सिंह ने मुख्यमंत्री रहते हुए अयोध्या में विवादित ढांचे को बचाने के लिए उन्होंने कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश दे दिया था। घटना में 16 लोगों की जान गई थी, जिसके बाद मुलायम ने इस्तीफा भी दे दिया था।

‘वीरे दी वेडिंग’ की तैयारियां जोरों पर

एंटरटेनमेंट डेस्क,

करीना कपूर खान सितंबर से शुरू होनेवाली ‘वीरे दी वेडिंग’ की तैयारियों में लगी हैं। फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ की शूटिंग अक्टूबर महीने में शुरू होगी। खबरों की मानें तो जल्दी ही शुरू होने जा रहे वर्कशॉप में करीना के अलावा सोनम कपूर और स्वरा भास्कर भी हिस्सा लेंगी।

सूत्रों के मुताबिक़ “करीना ने हाल ही में एक हेअर ड्रेसिंग चेन के कैम्पेन और दो मैगजिन के कवर पेज के लिए शूट किया हैं। अब वह ‘वीरे दी वेडिंग’ के लिए वर्कशॉप में जाएँगी। अगले माह से इसकी प्रिपरेशन शुरू हो रही है। जिसमें सोनम और स्वरा के साथ करीना स्क्रिप्ट रिडींग और डायलॉग डिलिवरी जैसे सेशन अटेंड करेंगीं।

फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ की प्रोड्यूसर हैं एकता कपूर और रिया कपूर। आधुनिक भारतीय महिला पर बन रही इस फिल्म का बेस कॉमेडी है। फिल्म में करीना कपूर, सोनम कपूर, स्वरा भास्कर और शिखा तलसानिया महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नज़र आएंगी।a

महबूबा मुफ्ती ने पीएम मोदी से की मुलाक़ात, कहा- कश्मीरी युवाओं को भड़का रहा पाकिस्तान

अमित द्विवेदी,

जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर मुलाक़ात की। महबूबा ने इस मुलाकात में जम्मू कश्मीर की वर्तमान सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की। वह शुक्रवार शाम दिल्ली पहुंची थीं।

कुछ दिन पहले ही उमर अब्दुल्ला ने भी कश्मीरी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल के साथ मोदी से मुलाकात की थी। पीएम मोदी से मुलाक़ात के बाद महबूबा मुफ्ती ने पत्रकारों को बताया कि प्रधानमंत्री कश्मीर की स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में खून खराब बंद होना चाहिए। युवाओं के विकास के लिए गुमराह कर रहे लोगों को रोकना पड़ेगा।

महबूबा ने कहा कि हमने पड़ोसी देश से रिश्ता कायम रखने की हर कोशिश की, लेकिन पाकिस्तान ने मौका गंवा दिया। अब इस मामले में पाकिस्तान को हस्तक्षेप करना होगा।

उन्होंने पाकिस्तान पर कश्मीर के हालात खराब करने का इलज़ाम लगाया है। महबूबा ने कहा कि जो लोग गरीबों के बच्चों को भड़काते हैं, उनके खुद के बच्चे विदेशों में पढ़ते हैं। कुछ लोग युवाओं को दिशाहीन बनाकर अपना उल्लू सीधा करना चाह रहे हैं, लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे।

हालाँकि राज्य और केंद्र सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद कश्मीर की स्थिति जस की तस बनी हुई है। अभी भी राज्य को लोग आंदोलन की राह से अलग नहीं हुए हैं।