27.9 C
Mumbai
Friday, August 7, 2026
Home Blog Page 1157

संघ के विभाजनकारी एजेंडे से लड़ना कभी नहीं छोड़ूँगा -राहुल गाँधी

अमित द्विवेदी,

महात्मा गांधी की हत्या को लेकर दिए बयान पर मानहानी के मुकदमे में घिरे राहुल गांधी का कहना है कि वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) को लेकर कहे गए अपने हर शब्द पर कायम हैं। राहुल ने एक ट्वीट में कहा कि वह संघ के ‘घृणास्पद और विभाजनकारी एजेंडे’ से लड़ना कभी नहीं छोड़ेंगे।

राहुल ने ट्वीट कर कहा, ”घृणा और बंटवारे को लेकर चलाए जा रहे आरएसएस के एजेंडे के खेलाफ मेरी लड़ाई कभी खत्म नहीं होगी। राहुल ने इस ट्वीट के साथ ही 2014 में मुंबई के भि‍वंडी में अपने भाषण का छोटा सा वीडियो भी शेयर किया है।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 2014 में लोकसभा चुनाव में भिवंडी में एक सभा के दौरान आरएसएस को गांधीजी की हत्या से जोड़ दिया था और कहा था कि संघ के लोगों ने गांधी जी को गोली मारी थी।

इस बयान को लेकर भिवंडी की कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया गया था। राहुल गांधी इसी मुकदमे को रद्द करने की मांग लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे।

कल ही इस केस पर सुनवाई के दौरान के राहुल गांधी ने अपने वकील कपिल सिब्बल के जरिए कहा, ”मैंने आरएसएस पर महात्मा गांधी की हत्या का आरोप नहीं लगाया। मैंने सिर्फ कुछ लोगों के बारे में कहा था।” सुप्रीम कोर्ट ने भी माना कि राहुल ने महात्मा गांधी की हत्या के लिए आरएसएस संस्था को हत्यारा नहीं कहा था। सिर्फ संघ से जुड़े लोगों के लिए राहुल ने ऐसा कहा था।

अब ऐसे समय में राहुल का ये ट्वीट फिर मामले को भड़का सकता है। इस मामले की अगली सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में एक सितंबर को होगी। आपको बता दें कि इससे पहले बॉम्बे हाई कोर्ट ने मुकदमा रद्द करने से मना कर दिया था।

दुविधा में अखिलेश, कहा- “बुआ नहीं कहूँ तो क्या कहूँ?”

शिखा पाण्डेय,

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अब रिश्तों की भी राजनीति शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अब प्रश्न उठाया है कि जब सारे लोग मायावती को ‘बहनजी’ कहते हैं तो मैं उन्हें ‘बुआ’ ना कहूं तो क्या कहूं?

दरअसल 21 अगस्त को आगरा में आयोजित रैली के दौरान बीएसपी अध्यक्ष ने गेस्ट हाऊस कांड का जिक्र करते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उन्हें बुआ कहने का कोई अधिकार नहीं है। वह उन्हें बुआ न कहें।उनके शासनकाल में महिलाओं पर प्रदेश में अत्याचार बढ़े हैं। बुलंदशहर गैंगरेप जैसी घटनाएं इसका उदाहरण मात्र है।

मायावती के ‘बुआ’वाले बयान के जवाब में बुधवार को सदन में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि बीएसपी के लोग सदन के भीतर या बाहर उन्हें बहन जी कहते थे, इसलिए हम उन्हें बुआ जी कहते हैं। अब यह उन्हें पसंद नहीं है। वह ही हमें बताएं कि हम उन्हें क्या बोलें?

मुख्यमंत्री ने कहा, “वे अपनी पार्टी को बचा नहीं पा रही हैं और सपा सरकार को बर्खास्त करने की मांग करते हुए थक नहीं रही हैं। जब से समाजवादी पार्टी की सरकार बनी है, तब से बस एक ही मांग कर रही हैं कि यूपी में राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। अब तो जनता भी उनकी उसी पुरानी घिसी-पिटी मांग से त्रस्त हो चुकी है।”

यही नहीं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी पर पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र ने किसानों को राहत का पूरा पैसा नहीं दिया। इसलिए उन्हें अनुपूरक बजट लाना पड़ा। बीजेपी को यहां धरना देने के बजाए संसद को घेरना चाहिए।

सोशल मीडिया में छाए वीरू, ब्रिटिश पत्रकार को दिया मुँहतोड़ जवाब

अमित द्विवेदी,

क्रिकेट के मैदान पर रंग जमा चुके क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग अब सोशल मीडिया के शहंशाह बने हुए हैं। अपने झन्नाटेदार ट्वीट्स को लेकर हाल ही में चर्चा में रहे सहवाग ने ब्रिटिश पत्रकार पिगेर्स मॉर्गन को मुंह तोड़ जवाब दिया है।

दरअसल इस ब्रिटिश पत्रकार ने कल एक ट्‌वीट किया था, जिसमें यह कहा गया है,” 120 करोड़ की आबादी वाला देश भारत और एक भी गोल्ड मेडल नहीं। शर्मनाक है। भारतीय ट्रेनिंग लें।”

मॉर्गन के इस ट्‌वीट पर सहवाग ने बेहद सटीक और सधे हुए लफ़्ज़ों में जवाबी ट्‌वीट किया, “हम भारतीय छोटी-छोटी खुशियों से खुश होते हैं। लेकिन इंग्लैंड जिसने क्रिकेट का आविष्कार किया, वह आज तक विश्वकप नहीं जीत पाया, फिर भी विश्वकप खेलता है। क्या यह शर्मनाक नहीं है?”

गौरतलब है कि पिछले दिनों जब भारत की लेखिका शोभा डे ने रियो गये खिलाड़ियों पर टिप्पणी की थी, तो उन्हें भी सहवाग ने शानदार अंदाज में यह कहकर जवाब दिया था, “ऐसी कोई बात नहीं कहनी चाहिए जो ‘शोभा’ ना दे(डे)।”

जेएनयू: सहपाठी छात्रा से बलात्कार करने वाले आरोपी अनमोल ने किया सरेंडर

प्रमुख संवाददाता,

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की 28 वर्षीय पीएचडी छात्रा के साथ बलात्कार करने के आरोपी अनमोल रतन ने बुधवार को आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी द्वारा आत्मसमर्पण करने के कुछ घंटे पहले पीड़िता ने न्यायाधीश के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। मामला सामने आने के बाद से ही आरोपी फरार था।

आरोपी अनमोल रतन आईसा का कार्यकर्ता है, जो 20 अगस्त से फरार था। पीड़िता को एक मराठी फिल्म सैराट देने के लिए हॉस्टल के कमरे में बुलाकर नशीली दवा पिलाया, जिसके बाद उसके साथ बलात्कार किया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (साउथ) नुपूर प्रसाद ने बताया कि अनमोल रतन ने वसंतकुंज में आत्मसमर्पण किया। अनमोल ने बुधवार रात 10 बजकर 20 मिनट पर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा। उसे कल पटियाला हाउस अदालत में पेश किया जाएगा।

…जब जेट एयरवेज ने खारिज दिया था स्मृति ईरानी का आवेदन

शिखा पाण्डेय,

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया है कि ‘केबिन क्रू’ पद के लिए उनके आवेदन को जेट एयरवेज ने किसी जमाने में ठुकरा दिया था। जेट एयरवेज ने यह कहते हुए आवेदन खारिज कर दिया था कि उनका व्यक्तित्व कुछ खास नहीं है।

स्मृति ईरानी ने मजाकिया अंदाज में आवेदन खारिज करने के लिए जेट एयरवेज का धन्यवाद किया। स्मृति ने बताया कि वहां नौकरी नहीं मिलने के बाद उन्होंने मैकडोनाल्ड में नौकरी कर ली और उसके बाद जो हुआ वह सब इतिहास का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वह इस जश्न में एक यात्री के तौर पर शामिल हो रही हैं।

एयर पैसेंजर एसोसिएशन आफ इंडिया की ओर से आयोजित एक पुरस्कार समारोह में स्मृति ने जेट एयरवेज के एक अधिकारी को पुरस्कार प्रदान करने के बाद कहा,” मुझे नहीं पता कि बहुत से लोगों को इस बात की जानकारी होगी कि सबसे पहले मैंने कौन सी नौकरी चाही थी। मैंने जेट एयरवेज में केबिन क्रू के लिए आवेदन किया था। लेकिन मुझे खरिज कर दिया गया। मुझे बताया गया कि मेरी पर्सनेलिटी अच्छी नहीं है। आवेदन खारिज करने के लिए आपका धन्यवाद।”

निर्भया गैंगरेप मामले के दोषी ने की आत्महत्या की कोशिश, हालत गंभीर

शिखा पाण्डेय,

निर्भया गैंगरेप मामले में दोषी विनय शर्मा ने तिहाड़ जेल में खुदकुशी की कोशिश की है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विनय को तिहाड़ की 8 नंबर जेल में रखा गया था। विनय ने पहले कुछ दवाइंया खाईं और फिर गमछा गले में बांधकर फांसी लगाने की कोशिश की। जब यह बात जेल प्रशासन के कानों तक पहुंची तो उन्होंने आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इससे पहले भी दोषी विनय ने किसी पेन किलर का अत्यधिक सेवन कर लिया था।

उल्लेखनीय है कि निर्भया केस के 5 दोषियों में से एक जिम ट्रेनर रहे विनय शर्मा को निर्भया केस में अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का दोषी करार देते हुए कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है, जिसके बाद से वह तिहाड़ जेल में बंद है। विनय शर्मा पर जेल में पहले भी हमला हो चुका है। उस पर तिहाड़ जेल के ही कैदियों ने पिछले साल हमला कर दिया था जिसमें उसका हाथ में फ्रेक्चर हो गया था।

गौर हो कि इस मामले में एक अन्य आरोपी राम सिंह ने कथित तौर पर जेल में  खुदकुशी कर ली थी। उस वक़्त भी जेल प्रशासन के ऊपर तमाम सवाल उठे थे। अब इस घटना के बाद भी एक बार फिर तिहाड़ जेल की अंदरूनी सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है।

पीटी ऊषा पर भी बननी चाहिए फिल्म -सोनम कपूर

एंटरटेनमेंट डेस्क,

बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर का मानना है कि भारतीय एथलीट पी.टी ऊषा पर फिल्म बननी चाहिए। सोनम ने यह भी खुलासा किया है कि स्पोर्ट्स में उनकी बहुत दिलचस्पी है और वह बास्केटबॉल, हैंडबॉल खेलती हैं और अच्छी धावक भी हैं।

आईएमसी के लेडिज विंग की स्वर्ण जयंती कार्यक्रम में सोनम ने कहा, “हाल ही में मैंने एक बायोपिक की है। महिला एथलीटों के अच्छे खेल प्रदर्शन पर भी फिल्में जरूर बननी चाहिए और मुझे लगता है कि सबसे पहले पी.टी ऊषा पर फिल्म बननी चाहिए।”

संगीतकार व गायक आर.डी. बर्मन की बायोपिक बनाये जाने के विषय में सोनम का मानना है कि कोई भी व्यक्ति, जो समाज पर प्रभाव डालता है और संगीत के लिए मानक तय करता है, उस पर बायोपिक बन सकती है।

महिला सशक्तिकरण के विषय में पूछे जाने पर सोनम ने कहा कि सरकार को महिलाओं की शिक्षा पर अधिक धन खर्च करना चाहिए और अधिक सहयोगात्मक रुख अपनाना चाहिए।

आपको बता दें कि शशांक घोष की फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ में सोनम महत्वपूर्ण भूमिका में हैं, जिसका निर्माण संयुक्त रूप से रिया कपूर और एकता कपूर द्वारा किया जा रहा है। इसमें स्वरा भास्कर और शिखा तलसानिया भी हैं।

मोदी पर भड़कीं साध्वी प्राची, कहा, “गौरक्षकों को बदनाम न करे सरकार”

अमित द्विवेदी,

गौरक्षा के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को लेकर एक और भाजपा नेता पार्टी के खिलाफ  जा खड़ी हुई हैं। अब की बार भाजपा नेता और विश्व हिंदू परिषद की सदस्य साध्वी प्राची ने मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि जिन गौरक्षकों के बल पर सरकार बानी, आज केंद्र सरकार उन्हीं गौरक्षकों को बदनाम कर रही है।

आज प्रतापगढ़ में विश्व हिंदू परिषद के कार्यक्रम में बोलते हुए साध्वी प्राची ने कहा कि आज देश में धर्मनिरपेक्षता को हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। यह देश में कैंसर की तरह फैल गया है जिसके शिकार सिर्फ हिंदू हो रहे हैं।

गौरतलब है कि पिछले दिनों दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम “टाऊन हॉल ” में नरेंद्र मोदी ने कहा था कि मुझे गो रक्षा के नाम पर हिंसा फैलाने वालों पर गुस्सा आता है। उनके इसी बयान पर क्रोधित साध्वी प्राची में आज अपने मन की भड़ास निकाली। इससे पहले भी प्राची अपने कई विवादित बयानों के चलते सुर्ख़ियों में रही हैं।

सुप्रीम कोर्ट अपने निर्णय पर अडिग, 20 फुट से ज़्यादा नहीं हो सकती दही हांडी की उंचाईं

शिखा पाण्डेय,

दही हांडी उत्सव सिर पर आ पहुंचा पर अब भी उच्चतम न्यायलय व ‘गोपालों’ के बीच पिरामिड की उंचाईं को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। आज उच्चतम न्यायालय ने दही हांडी उत्सव के संबंध में एक याचिका पर सुनवाई करते हुए अपने आदेश में संशोधन से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि दही हांडी उत्सव में मानव पिरामिड की अधिकतम ऊंचाई 20 फुट ही रहेगी। साथ ही कोर्ट इस फैसले पर भी अडिग है कि इसमें 18 साल से कम उम्र के युवक हिस्सा नहीं लेंगे।

दरअसल दही हांडी से संबंधित इस याचिका में शीर्ष अदालत द्वारा तय की गयी मानव पिरामिड की 20 फुट ऊंचाई में ढील देने का अनुरोध किया गया था।
न्यायमूर्ति ए आर दवे, यू यू ललित और एल नागेवश्वर राव की पीठ ने इस याचिका पर सुनवाई की।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में जन्माष्टमी के दिन दही हांडी उत्सव के दौरान मानव पिरामिड बनाए जाते हैं और दही हांडी उत्सव के दौरान होनेवाली दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से कोर्ट ने यह आदेश दिया था। इसके बाद शिवसेना ने कोर्ट के आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए यह कहा था कि कोर्ट हमारे धार्मिक मामलों में दखल ना दे तो बेहतर होगा।

पूर्वी भारत में भूकंप के तेज़ झटके, रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 6.8

शिखा पाण्डेय,

पूर्वी भारत में आज दोपहर के बाद भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गई है। भूकंप का केंद्र म्यांमार में था। कल भी म्यांमार में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।

म्यांमार के मैग्वे के चोउक में भूकंप का केंद्र था। भूकंप का केंद्र  भूतल से 84 किलोमीटर नीचे था। भूकंप के केंद्र से कोलकाता 671 किलोमीटर दूर , ईटानगर 687 किलोमीटर दूर है जबकि बिहार का किशनगंज 888 किलोमीटर, बंगाल का सिल्लीगुड़ी 900 किलोमीटर, पटना 1097 किलोमीटर दूर है। इन तमाम इलाकों में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किये गये।

भूकंप शाम 4 बजकर 4 मिनट पर आया। इसका कंपन लगभग 10 सेकेंड तक महसूस किया गया। अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। बता दें कि कल ही इटली में भी भूकंप आया था, जिसमें लगभग 37 लोगों की मौत हुई है और सैकड़ों घायल हुए हैं।