एंटरटेनमेंट डेस्क,
बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने बताया कि उनकी माँ पूनम सिन्हा उनसे जुड़ी अफवाहों को लेकर बहुत चिंतित हो जाती हैं। सोनाक्षी अपने दोस्त बंटी सचदेव के साथ शादी की अफवाहों की और इशारा कर रही थीं। सोनाक्षी ने हाल ही में फिल्म अकीरा के प्रमोशन के दौरान पत्रकारों से यह बातें साझा की।
सोनाक्षी ने कहा, “मेरे पिता शत्रुघ्न सिन्हा इन अफवाहों से बेफिक्र रहते हैं। वे इन सब से परे रहते हैं, क्योंकि मुझसे कहीं ज़्यादा वे खुद इन अफवाहों का शिकार रहे हैं। लेकिन, मेरी मां चिंतित हो जाती हैं, इसलिए मुझे उन्हें समझाना पड़ता है और शांत करना पड़ता है।” सोनाक्षी ने कहा कि वह निराधार खबरों पर ध्यान नहीं देतीं, लेकिन जब उनके परिवार को घसीटा जाता है, तब वह उन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करती हैं।
आपको बता दें कि सोनाक्षी के विषय में यह खबर आई थी कि सोनाक्षी इन दिनों अपनी फिल्मों और एंडोर्समेंट का काम तेजी से खत्म करने में जुटी हुई हैं, ताकि अपनी पर्सनल लाइफ को भी समय दे सकें। अब सोनाक्षी के लिए पर्सनल लाइफ में शादी से ज्यादा महत्वपूर्ण उम्र के इस पड़ाव पर क्या हो सकता है?
आपको बता दें कि मिस सिन्हा अपनी आगामी फिल्म ‘अकीरा’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसमें वह मारधाड़ वाले दृश्य करती दिखाई देंगी। फॉक्स स्टार स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत ‘अकीरा’ ए.आर. मुरुगदोस द्वारा निर्देशित है।









