एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने मीडिया को बताया कि बजट सत्र का पहला चरण्ा 29 जनवरी से 9 फरवरी तक चलेगा, और दूसरा चरण 5 मार्च से 6 अप्रैल तक चलेगा। वहीं केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली एक फरवरी को बजट पेश करेंगे।
अभी तक 28 फरवरी को बजट पेश किया जाता था और रेल बजट को अलग से पेश किया जाता था। लेकिन मोदी सरकार ने साल 2017 में इस चलन में बदलाव करते हुए इसकी तिथि बदलते हुए इसकी तारीख 1 फरवरी कर दी थी। संसद का शीतकालीन सत्र कल समाप्त हो गया। इस सत्र में लोकसभा में 13 बैठकें हुईं, जो 61 घंटे और 48 मिनट चलीं। सत्र के दौरान निचले सदन में 16 सरकारी विधेयक पेश किये गए और 12 विधेयक पारित हुए।
सत्र के दौरान 280 तारांकित प्रश्न सूचीबद्ध किए गए, जिनमें 45 प्रश्नों के मौखिक उत्तर दिए गए। इस दौरान औसतन प्रतिदिन लगभग 3.46 प्रश्नों के उत्तर दिए गए। आगामी बजट में सरकार को रेल, कृषि, डिफेंस और सार्वजनिक क्षेत्र पर खास ध्यान देना होगा। ऐसें में इन क्षेत्रों को पर्याप्त बजट का प्रावधान रखना जेटली के लिए चुनौती होगी।
वित्त मंत्री अरुण जेटली 1 फरवरी को पेश करेंगे बजट
कल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये लालू यादव को सुनाई जायेगी सजा
सुनील यादव | Navpravah.com
चारा घोटाले मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव समेत 16 दोषियों के खिलाफ सजा का एलान आज एक बार फिर कल पर टल चुका है। सीबीआई कोर्ट अब लालू यादव को कल 6 जनवरी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सजा सुनाएगी। सबसे पहले सीबीआई कोर्ट ने लालू यादव पर सजा के लिए 3 जनवरी की तारीख मुकम्मल की थी, लेकिन पिछले तीन बार से सजा पर सुनवाई टलने के बाद कोर्ट ने शुक्रवार को कहा कि अब लालू यादव को कोर्ट आने की आवश्यकता नहीं है, अब सजा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सुनाई जायेगी।
गुरूवार को सीबीआई कोर्ट ने इस केस से जुड़े दोषियों के खिलाफ सजा के लिए बहस शुरू की थी और इस बहस के बीच लालू यादव पर सजा का फैसला नहीं हो पाया था। जिसके बाद कोर्ट ने सजा के लिए शुक्रवार का दिन मुकम्मल किया था। बार-बार कोर्ट के चक्कर लगाने के बजाय अब कोर्ट ने साफ़ किया है कि सजा का फैसला 6 जनवरी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सुनाया जाएगा। जिसे देखते हुए यह कयास लगाये जा रहे हैं कि 6 जनवरी को लालू यादव को सजा मिलना तय है। लालू के वकील ने कहा कि अगर सजा 3 साल की होती है, तो उन्हें जल्द जमानत मिल जायेगी।
लालू के वकीलों ने अदालत में उनकी मेडिकल सर्टिफिकेट सौंपी और कहा कि उनकी सर्जरी हो चुकी है, ऐसे में उन्हें सजा कम मिलनी चाहिए। वकीलों ने आगे कहा कि जेल के अंदर मेडिकल की अच्छी सुविधाएँ नहीं हैं। बता दें कि बिहार के देवघर कोषागार से 89 लाख रुपयों की निकासी के मामले में रांची की सीबीआई कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव समेत 16 आरोपियों को 23 दिसंबर को दोषी करार दिया था। इस केस से जुड़े आरोपी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा समेत 5 अन्य आरोपियों को रिहा कर दिया था। सीबीआई कोर्ट ने इस फैसले पर सजा के लिए 3 जनवरी की तारीख पक्की की थी।
विदित हो कि इस मामले की सुनवाई 13 दिसम्बर को पूरी हुई थी और सीबीआई अदालत ने 10 दिन बाद उन्हें दोषी करार दिया। मामले में 34 आरोपी थे, जिनमें सुनवाई के दौरान 11 की मौत हो गई जबकि एक सीबीआई का गवाह बन गया और अपराध कबूल कर लिया। 16 दोषियों में तीन पूर्व आईएएस अधिकारी हैं। उनके नाम फूलचंद मंडल, बेक जुलियस और महेश प्रसाद हैं। लालू प्रसाद चारा घोटाले से संबंधित तीन और मामलों में सुनवाई का सामना कर रहे हैं।
मुझे टारगेट करना बंद करे सरकार -दलित नेता जिग्नेश मेवाणी
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
भीमा-कोरेगांव में हिंसा फैलने के बाद पुणे पुलिस ने गुजरात से निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवाणी और जेएनयू के छात्र नेता उमर खालिद के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की थी। जिसके बाद दलित नेता जिग्नेश मेवाणी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार मुझे टारगेट करना बंद करे।
ऊना कांड और गुजरात चुनाव से दुनिया के नजरों में आनेवाले दलित नेता जिग्नेश मेवाणी ने कहा कि भीमा-कोरेगांव हिंसा में उनकी कोई भूमिका नहीं है और इसके बावजूद मुझे टारगेट बनाया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी गुजरात में कम सीटें मिलने से बौखला गई है। जिग्नेश ने सफाई देते हुए कहा कि उनका भाषण भड़काऊ नहीं था और ना ही वे भीमा-कोरेगांव गए थे।
गौरतलब है कि जिग्नेश मेवाणी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जहाँ उनके वीडियो को लोग शेयर करते हुए लिख रहे हैं कि जिग्नेश मेवाणी ने भीमा-कोरेगांव युद्ध की 200वीं वर्षगांठ पर भड़काऊ भाषण किया। एक समाज के लोगों को दूसरे समाज के लोगों के प्रति उनकी भावनाएं भड़काई और लोगों को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए उकसाया था। जिसके बाद ही पूरा राज्य जातीय हिंसा में जल गया था। बता दें कि जातीय हिंसा के दौरान काफी सरकारी वाहनों को निशाना बनाया गया और इनमें आगजनी और तोड़फोड़ की गई थी।
भाजपा सरकार में उत्तरप्रदेश के हज हाउस की दीवारों पर भी चढ़ा भगवा रंग
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद ज्यादातर सरकारी इमारतों को भगवा रंग से रंग दिया गया है। सीएम हाउस के बाद अब यूपी के हज हाउस की दीवारों पर भी भगवा रंग चढ़ा दिया गया है। अल्पसंख्यक कल्याण बोर्ड की ओर से यह फैसला लिया गया है।
बता दें कि सिर्फ सीएम हाउस ही नहीं, बल्कि राज्य की कई सरकारी इमारतों को भगवा रंग में रंगा जा रहा है। उत्तरप्रदेश सरकार की इस पहल का विरोध विपक्षी दल और मुस्लिम संगठनों के द्वारा किया जा रहा हैं।
निकाय चुनाव के बाद से ही प्रदेश भर के कई प्राथमिक स्कूल और यहाँ तक की राज्य के पुलिस थानों को भी भगवा रंग में रंग दिया गया है। हज हाउस की यह फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पर उत्तरप्रदेश सरकार की इस पहल की खूब आलोचना की जा रही है।
कपिल मिश्रा ने एक बार फिर खोला अरविन्द केजरीवाल के खिलाफ मोर्चा
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
अरविन्द केजरीवाल ने जबसे आम आदमी पार्टी की ओर से सुशील गुप्ता को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है, तबसे उनके पार्टी में उनका विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में केजरीवाल के खिलाफ उनके पार्टी के पूर्व नेता कपिल मिश्रा ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने ट्वीट कर बताया है कि आप के राज्यसभा उम्मीदवार सुशील गुप्ता के खिलाफ कलावती पर्चा भरेंगी।
कपिल मिश्रा ने अपने ट्वीट में लिखा है कि शहीद संतोष कोली की माँ आदरणीय कलावती राज्यसभा की उम्मीदवार होंगी, वह आप की सबसे पहली कार्यकर्ता थी। उनके परिवार ने आंदोलन के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। वह आप उम्मीदवार सुशील गुप्ता के खिलाफ राज्यसभा चुनाव के लिए परचा भरेंगी।
कपिल मिश्रा ने नैतिक आधार पर आप पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं से कलावती कोली को समर्थन करने के लिए अनुरोध किया है। कपिल मिश्रा के मुताबिक, आज कलावती कोली इस मामले पर अरविन्द केजरीवाल से मिलने गईं थी, लेकिन उनके वहां पहुँचने से पहले ही केजरीवाल भाग चुके थे।
कपिल मिश्रा ने आप द्वारा घोषित राज्यसभा के उम्मीदवार सुशील गुप्ता और नारायण दास गुप्ता के खिलाफ कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने दिल्ली के सीएम केजरीवाल पर आरोप लगाया था कि पार्टी ने पैसे लेकर राज्यसभा का टिकट बेचा है।
संसदीय कमेटी ने इंडिगो एयरलाइंस को लगाई फटकार
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
इंडिगो एयरलाइंस में कई बार यात्रियों से दुर्व्यवहार के कई मामले सामने आये हैं। इन्हीं शिकायतों पर संसदीय कमेटी ने इंडिगो एयरलाइंस को कड़ी फटकार लगाई है। कमेटी के अनुसार, एयरलाइंस का व्यवहार खराब रहा है। एयरलाइंस ने यात्रियों से सही तरह से बातचीत और सहयोग नहीं किया है, ये एक संस्थागत समस्या है।
इंडिगो के चेयरमैन ने तर्क दिया था कि हम छोटे शहरों और कस्बों से लोगों को नौकरी देते हैं, इसलिए कुछ ही समय में उन्हें सही इंग्लिश नहीं आती है, लेकिन इस तर्क को कमेटी ने नकार दिया है। कमेटी ने कहा कि आप ये नहीं कह सकते हैं कि हमारे सरकारी स्कूल अच्छे बच्चे तैयार नहीं करते हैं, ये जिम्मेदारी आपकी है कि आपको उन्हें अच्छी ट्रेनिंग देनी चाहिए।
बीते दिनों कई हस्तियों ने इंडिगो की फ्लाइट में दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाया था। हाल ही में गुरुवार को भारत की बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा ने अपनी एक परिचित महिला को इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में हुई परेशानी का मामला उठाया था, इससे पहले, बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु को भी एक उड़ान में परेशानी का सामना करना पड़ा था।
कोर्ट में लालू यादव को अस्वस्थ बताकर सजा कम कराना चाहते हैं उनके वकील
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
आज चारा घोटाला मामले में दोपहर तक सीबीआई की विशेष अदालत राजद प्रमुख और बिहार के पूर्वमुख्यमंत्री लालू प्रसाद समेत 16 आरोपियों पर सजा का ऐलान कर सकती है। वहीं लालू के वकील, अदालत में लालू यादव को अस्वस्थ बताकर उनकी सजा कम कराने की मांग कर रहे हैं।
लालू के वकीलों ने अदालत में उनकी मेडिकल सर्टिफिकेट सौंपी और कहा कि उनकी सर्जरी हो चुकी है, ऐसे में उन्हें सजा कम मिलनी चाहिए। वकीलों ने आगे कहा कि जेल के अंदर मेडिकल की अच्छी सुविधाएँ नहीं हैं। वहीं आज सुबह से ही लालू प्रसाद यादव के आधिकारिक निवास पर राजद के बड़े नेताओं का पहुँचने का सिलसिला लगा हुआ है।
आवास पर पहुँचने वालों में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगद सिंह और शिवानंद तिवारी और कई अन्य नेता शामिल हैं। राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि न्यायपालिका में आरक्षण जरूरी है। इससे पहले उन्होंने कहा था कि राज्यसभा के लिए उनसे बेहतर उम्मीदवार कौन है।
आज शीतकालीन सत्र का आखरी दिन, फंस सकता है तीन तलाक बिल
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
आज शीतकालीन सत्र का आखरी दिन है और केंद सरकार अब तक तीन तलाक विरोधी बिल को राज्यसभा से पास नहीं करा पाई है। वहीं लोकसभा में इस बिल पर सरकार के साथ खड़ी कांग्रेस राज्यसभा में इस बिल का विरोध कर रही है। सरकार को तीन तलाक बिल पर पटकनी देने की कांग्रेस ने पूरी तैयारी कर ली है।
कांग्रेस और अन्य दलों के हंगामे के चलते तीन तलाक विरोधी बिल पर संसद में चर्चा नहीं हो पा रही है। बता दें कि पिछले 3 दिनों से राज्यसभा में इस तीन तलाक बिल के विरोध में जोरदार हंगामा हो रहा है। कांग्रेस की मांग है कि इस तीन तलाक विरोधी बिल को सेलेक्ट कमिटी के पास भेजा जाए। कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों ने व्हिप जारी कर अपने-अपने सदस्यों को सदन में मौजूद रहने के लिए निर्देश दिए है।
लोकसभा में बहुमत होने के कारण केंद्र सरकार ने बड़ी ही आराम से इस तीन तलाक विरोधी बिल को पास करा लिया था। राज्यसभा में केंद्र सरकार को इस बिल को पास कराने में काफी कठनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विपक्ष का साफ़ कहना है कि इस बिल में कई खामियां हैं, जिसके सुधार के लिए इस बिल को सेलेक्ट कमिटी के पास भेजना चाहिए। सरकार का कांग्रेस पर आरोप है कि कांग्रेस इस बिल को सेलेक्ट कमिटी के पास भेजकर लटकाना चाहती है। कांग्रेस इस मुद्दे पर दोहरे मापदंड अपना रही है।
उत्तर भारत में शीत लहर ने बढ़ाई ठंड, यूपी में हुई 5 की मौत
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक एक सप्ताह तक उत्तर भारत के लोगों को ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।
दिल्ली और आसपास का इलाका ठंडी हवाओं की चपेट में है। इस समय भी तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही है। लोग पूरे दिन आग के किनारे तापते हुए नजर आ रहे हैं, वहीं कोहरे की वजह से 62 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
यूपी में ठंड के चलते 5 लोगों की मौत हो गई है। इसमें बदायूं में ठंड लगने से 2 बच्चों और आजमगढ़ में कोहराजनित हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है, उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले 4 दिनों तक घना कोहरा रहने की संभावना है।
ऐसी कड़ाके की ठंड में बच्चों और बुजुर्गों का खास खयाल रखना चाहिए। कोशिश करें कि घर से बाहर कम ही निकलें और अगर बहुत ज्यादा जरूरत है, तो जरूरी गरम कपड़ों को पहनकर रखें।
कुमार विश्वास ने की थी सरकार गिराने की साजिश, इसलिए राज्यसभा नहीं भेजा -आप
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
आम आदमी पार्टी ने पहली बार औपचारिक रूप से कुमार विश्वास पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुमार विश्वास ने अरविंद केजरीवाल की सरकार गिराने की कोशिश की थी, इसलिए उन्हें राज्यसभा नहीं भेजा गया।राज्यसभा में कुमार विश्वास को न भेजकर 2 बाहरी उम्मीदवार भेजे गए। इस पर दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने फेसबुक लाइव के दौरान कहा कि ‘जो आम आदमी पार्टी की सरकार गिराने के लिए षड्यंत्र रचता हो और सार्वजनिक तौर पर हर मंच का उपयोग पार्टी के खिलाफ बोलने में करता हो, उसे राज्यसभा में कैसे भेजा जा सकता है?
सारे मामले को लेकर गोपाल राय का आरोप है कि जिस तरह से दिल्ली की सरकार गिराने का पूरा षड्यंत्र किया गया, उसके पीछे केंद्र में कुमार विश्वास जी थे। कपिल मिश्रा उसके नायक थे और जब बात पता चली, तो कपिल मिश्रा को बर्खास्त किया गया। गोपाल राय के इस बयान से आप के खिलाफ ही कुछ सवाल खड़े हो गए हैं कि जब विधायक अमानतुल्लाह खान ने कुमार विश्वास पर बीजपी के एजेंट होने और केजरीवाल की सरकार गिराने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया, तो क्या उस समय अमानतुल्लाह सिर्फ एक मुखौटा थे या किसी केे कहने पर ये सब बोल रहे थे?
एक सवाल ये भी खड़ा होता है कि कपिल मिश्रा को हटाए जाने के समय बताया गया कि पानी की समस्या को दूर ना कर पाने की वजह से उन्हें हटाया गया है, लेकिन अब गोपाल कह रहे हैं कि वो सरकार गिराने के षड्यंत्र में नायक थे? एक ये भी सवाल खड़ा होता है कि अगर कुमार विश्वास केजरीवाल की सरकार गिराने का षड्यंत्र रच रहे थे, तो कुमार विश्वास को राजस्थान का प्रभारी क्यों बनाया?
इसी क्रम में कई सवाल पैदा होते दिख रहे हैं और अब आम आदमी पार्टी और कुमार विश्वास के बीच लड़ाई अब और तीखी होने वाली है। वैसे राज्यसभा में न जाने को लेकर कुमार विश्वास ने अपना पक्ष साफ नही किया है।

















