29 C
Mumbai
Sunday, August 23, 2026
Home Blog Page 744

नहीं छोड़ेंगे NDA का साथ, करते रहेंगे विशेष पैकेज की मांग -तेलुगू देशम पार्टी

Chandra Babu Naidu

राजेश सोनी | Navpravah.com

तेलुगु देशम पार्टी ने बैठक के बाद फैसला लिया है कि अभी वह एनडीए के साथ गठबंधन जारी रखेंगे। पार्टी ने साथ में यह भी स्पष्ट किया कि हम आंध्र के लिए विशेष पैकेज की मांग को जारी रखेंगे। यह भाजपा के लिए राहत की बात है, क्योंकि महाराष्ट्र में शिवसेना इसके पहले ही एनडीए का साथ छोड़ चुकी है। 
 
आज हुई बैठक के बाद टीडीपी मंत्री वाय.एस.चौधरी ने बताया कि बैठक में बजट में आंध्र प्रदेश को नजर अंदाज करने के मुद्दों को उठाया गया था। हम आंध्र के लिए विशेष पैकेज की मांग के लिए केंद्र सरकार पर दवाब बनाते रहेंगे और जरुरत पड़ने पर इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे। 

बता दें कि आज सुबह आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के मुख्यमंत्री आवास पर 2019 के आम चुनाव को लेकर अहम बैठक बुलाई गई थी। जिसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि संभवतः TDP केंद्र सरकार से किनारा कर सकती है, लेकिन तेलगु देशम पार्टी ने अभी ऐसा कुछ न करने का फैसला किया। साथ ही यह भी साफ़ कर दिया कि उनकी पार्टी राज्य के लिए विशेष पॅकेज की मांग करती रहेगी। 

लालू ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, कहा, “रेलवे भी बेंच देगी सरकार”

लालू ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

एनपी न्यूज़ नेटवर्क | Navpravah.com

चारा घोटाले मामले में झारखंड के बिरसा मुंडा जेल में क़ैद राजद प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने जेल से ट्वीट के माध्यम से भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने भाजपा पर बजट के बहाने निशाना साधता हुए लिखा है कि जिस गौरवशाली भारतीय रेलवे का अलग बजट होता था, उसे मात्र 10 वाक्यों में आम बजट में निपटा दिया गया।

लालू ने आगे लिखा कि वह दिन दूर नहीं, पूंजीपतियों की यह सरकार एयर इंडिया के बाद भारतीय रेलवे को भी बेच दे। गौरतलब है कि शनिवार को लालू ने भाजपा पर बजट के बहाने निशाना साधता हुए लिखा था कि भाजपाईयों को झूठ बोलने में 100 में 100 अंक मिलने चाहिए। लालू यादव ने कल के अपने ट्वीट में लिखा था कि जैसे हरिद्वार से बंगाल की खाड़ी तक गंगा मैया क्लीन होकर अविरल हो गई हैं, जैसे देश में 100 स्मार्ट सिटी बनकर तैयार हो गई है, जैसे लोगों को 15 लाख रुपए मिल गए, वैसे ही किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी और वैसे ही ग़रीबों को मेडिक्लेम मिलेगा।

गौरतलब है कि चारा घोटाले मामले में लालू यादव के जेल जाने के बाद से ही लालू यादव और उनका परिवार केंद्र की भाजपा और बिहार की जेडीयू-भाजपा गठबंधन सरकार के खिलाफ हमलावर रुख अपना रखा है। आए दिन इन सभी पार्टियों के नेता एक दूसरे पर ट्विटर, जनसभा इत्यादि के माध्यम से निशाना साधते रहते हैं।  

उ.प्र. : वर्दीवाले का आतंक, नशे की चपेट में दरोगा ने जिम ट्रेनर को मारी गोली

drunk inspector shoot a gym trainer

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

यूपी के नोएडा के सेक्टर 122 में शनिवार रात एक युवक गोलियों से छलनी कर दिया गया। चौकाने वाली बात यह है कि  गोली मारने का आरोप दरोगा (कानून के रखवाले) पर लगा है। जितेन्द्र यादव नामक पीड़ित युवक गंभीर स्थिति में है, जिसे फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पेशे से जिम ट्रेनर जितेन्द्र का परिवार इस समय बौखलाया हुआ है।

परिवार ने आरोप लगाया है कि सीएनजी स्टेशन पर कहा-सुनी के बाद नशे में धुत्त यूपी पुलिस के दरोगा (सब-इंस्पेक्टर) ने पीड़ित को गोली मार दी। मिली जानकारी के अनुसार, जितेन्द्र के साथ जब यह घटना हुई, तब वे अपने चार दोस्तों के साथ बहन की सगाई से लौट रहे थे। सेक्टर 122 के पर्थला गांव में रहने वाले जितेन्द्र को यह अंदाज़ा ही नहीं था कि अचानक वह किसी घटना के शिकार होने वाले हैं। छोटे से गांव में जिम चलाने वाले जितेन्द्र के चारों साथी गायब बताए जा रहे हैं।

हालाँकि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस मामले पर रिपोर्ट दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है। वहीं मौके पर पहुंचे डीआईजी लव कुमार मामले की निष्पक्ष जांच की बात कह रहे हैं और परिवार वालों से तहरीर लेकर इस पूरे मामले को दर्ज कर जांच करने और आरोपी को न बख्शने की बात कह रहे हैं।

जबकि, इस घटना से झल्लाए पीड़ित परिवार का आरोप है कि जितेन्द्र रात को लगभग 10 बजे जब बहरामपुर से बहन की सगाई कर लौट रहे थे, तभी नशे मे धुत विजयदर्शन नाम के व्यक्ति ने फर्जी एनकाउंटर करने की कोशिश की और जितेंद्र के अन्य साथियों को भी विजयदर्शन ने पुलिस की मदद से गायब कर दिया है। परिवार का कहना है कि जितेन्द्र का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं था। उनके अनुसार, गोली गले में लगी है और रीढ़ की हड्डी में अटक गई।

पाकिस्तान: इस्लामाबाद में लगे आजादी के नारे, पश्तूनों ने किया प्रदर्शन

Long march past of pashtoon in islamabad

राजेश सोनी | Navpravah.com

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हजारों की संख्या में पश्तूनों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया और आजादी की मांग की है। यह प्रदर्शन इस्लामबाद स्थित प्रेस क्लब के बाहर हुआ। पश्तून लगातार अपने समुदाय के खिलाफ हो रहे मानवाधिकार उल्लंघन से नाखुश हैं।

पश्तूनों ने 13 जनवरी को कराची में हुए फर्जी एनकाउंटर में मारे गए नक़ीब महसूद को न्याय दिलाने के लिए लांग मार्च किया था। इस लांग मार्च में ख़ैबर पख्तूनख्वाह और बलूचिस्तान प्रांतों से करीब दस हज़ार से ज्यादा पश्तूनों ने हिस्सा लिया था।

खबर के मुताबिक़, पश्तून समुदाय से ताल्लुक़ रखने वाला नक़ीब महसूद के खिलाफ पुलिस ने आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से संबंध रखने का झूठा केस लगाया था, जिसके बाद उसका एनकाउंटर कर दिया गया था। नक़ीब के परिवार ने इस एनकाउंटर को फर्जी करार दिया था। जिसके बाद सरकार ने इस एनकाउंटर के जांच करवाने के आदेश दे दिए थे। जांच आयोग ने बताया था कि एनकाउंटर फर्जी था और नक़ीब बेकसूर था।

गौरतलब है कि 26 जनवरी को वज्रिस्तान के लोगों ने भी पाकिस्तान में पश्तूनों के खिलाफ हो रहे जाति संहार, फाटा में मानवाधिकार उल्लंघन और राज्य में आतंकवाद को संरक्षण के खिलाफ खैबर पख्तूनख्वाह से लांग मार्च किया था।

…इस तरह दुनिया के लिए मिसाल बन गए कैंसर पीड़ित चन्दन

...इस तरह दुनिया के लिए मिसाल बन गए कैंसर पीड़ित चन्दन

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

देश में लगातार बढ़ रहा कैंसर एक अभिशाप बन चुका है। जहाँ एक तरफ लोग जागरूक हो रहें हैं, वहीं आज भी ऐसे लोगों की कमी नहीं है, जो कैंसर पीड़ितों को हेय दृष्टि से देखते हैं और उनके साथ अमानवीय व्यवहार करते हैं। ऐसा ही एक मामला है, दिल्ली विश्वविद्यालय के एम.ए. के विद्यार्थी चन्दन का। 

चंदन कुमार ने अपनी आप-बीती सभी के साथ साझा की। चंदन बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले हैं, 25 वर्षीय चंदन को 12 वर्ष की उम्र में ब्लड कैंसर हो गया था। चंदन तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं। चंदन के मुताबिक, सब कुछ अच्छा चल रहा था, एक दिन तेज बुखार और उल्टियां हुईं और जब जांच करवाया तो पता चला कि ब्लड कैंसर है। उसके बाद तो मेरा परिवार, मेरे दोस्त, मेरा घर-स्कूल सब छूट गया। 

चंदन ने कहा कि, उस समय ऐसा लग रहा था, जैसे जिंदगी हाथों से फिसल रही है। कैंसर के साथ ही मैंने और मेरे परिवार ने आर्थिक तंगी का भी सामना किया। अब जब मैं ठीक हूं और पढ़ाई के साथ ही पार्ट टाइम काम कर कुछ पैसे कमाने लगा हूं।

चंदन ने बताया कि जो पैसा अब मैं कमाता हूँ उससे, अपने जैसे कैंसर पीड़ित बच्चों पर खर्च कर उनकी जिंदगी बचाने की कोशिश कर रहा हूं, ताकि जो तकलीफें मैंने सही हैं, वैसी तकलीफें उन्हें न हो। चंदन ने अपने बचपन का दर्द साझा करते हुए कहा कि आठ कीमो व रेडिएशन थेरेपी से मैं गुजरा था, कीमो की वजह से सिर के सारे बाल चले गए थे, जब गांव पहुंचा तो किसी ने बात तक नहीं की।

चंदन ने बताया कि घर वालों की मेहनत और भरोसा, चंदन की हिम्मत और अपनों की दुआओं की वजह से अब वह स्वस्थ्य हैं और अब चंदन कैंसर पीड़ित बच्चों के रहने-खाने, चिकित्सकीय परामर्श, आर्थिक और भावनात्मक सहयोग करने में जुटे हैं।

केंद्र सरकार से नाखुश TDP, NDA के साथ गठबंधन को लेकर जारी अहम बैठक

Tension between TDP and BJP

राजेश सोनी | Navpravah.com

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के मुख्यमंत्री आवास पर 2019 के आम चुनाव को लेकर अहम बैठक चल रही है। इस बैठक में यह फैसला लिया जाएगा कि टीडीपी को एनडीए का हिस्सा रहना है या अगामी लोकसभा चुनाव अकेले लड़ना है। बता दें कि बजट पेश होने के बाद से ही टीडीपी मोदी सरकार से नाखुश है।

इस बैठक में पहुंचे सांसद बी. रविंदर रेड्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री जो भी कहेंगे, हम उसके लिए तैयार है। दूसरी ओर टीडीपी के बड़े नेता सांसद टीजी वेंकटेश ने कहा कि अगर भाजपा हमारी पैकेज की मांग को पूरा करती है, तो दोस्त के रूप हमारा साथ बरकरार रहेगा, नहीं तो विकल्प तो हमेशा खुले होते हैं, उनके लिए भी और हमारे लिए भी। 

सूत्रों के हवाले से मिली खबर के अनुसार भाजपा के एक बड़े नेता ने चंद्र बाबू नायडू से संयम बरतने को कहा है। वह चंद्रबाबू नायडू की पैकेज वाली मांग को लेकर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से जल्द बात करेंगे। साथ ही टीडीपी नेताओं और सांसदों से भी सार्वजनिक तौरपर बयानबाजी न करने की भी अपील की है।  

गौरतलब है कि बजट पेश होने के बाद से ही चंद्रबाबू नायडू और उनकी पार्टी केंद्र सरकार से नाराज लग रही है। मोदी कैबिनेट में टीडीपी कोटे से मंत्री और बड़े नेता वाई.एस.चौधरी ने बजट से नाखुशी जाहिर की थी।

कैंसर से बचने के लिए ज़रूर खाएं ये फूड

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

कैंसर किसी को भी हो सकता है, कैंसर होने की कोई उम्र नहीं होती है। कैंसर बच्चों, पुरुषों और महिलाओं किसी को भी हो सकता है। दर्द, खून बहना, वजन का अचानक कम और बढ़ना, सांस लेने में दिक्कत होना, ये सभी कैंसर के लक्षण हो सकते हैं।

लोगों के सामने अक्सर ये समस्या रहती है कि वे ऐसे में अपने सेहत का ख्याल कैसे रखें। उन्हें कौन सी चीजों का सेवन करना चाहिए, ताकि वे अपने से ही अपनी शरीर को स्वस्थ रखने की कोशिश रख सकें।

आइये हम आपको बताते हैं कि कैंसर में किन चींजों का सेवन करना चाहिए-

1. कैंसर से बचने के लिए लहसुन का प्रयोग करना चाहिए। इसमें मौजूद सल्फर कैंसर को बढ़ाने वाली कोशिकाओं से शरीर की रक्षा करती है।

2. नींबू, संतरे जैसे खट्टे फलों का नियमित सेवन कैंसर को शरीर से दूर रखता है। विटामिन सी वाले फूड खाने से मुंह, गले और पेट का कैंसर की संभावनाएं बहुत कम हो जाती हैं।

3. विटामिन सी, विटामिन ई, ल्यूटेन और कॉपर जैसे कैंसर से लड़ने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती है।किवी, इसलिए इसका सेवन करना लाभदायक होता है।

4. सफेद मशरूम में भरपूर मात्रा में सेलेनियम मौजूद होता है, जो प्रोस्टेट कैंसर से शरीर को बचाता है। इसके साथ ही मशरूम में बीमारियों से लड़ने वाला फाइटोकेमिकल्स भी होता है, जिससे महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर का खतरा कम हो जाता है।​

5. अदरक में कैंसर से लड़ने वाले कई तत्व मौजूद होते हैं। मिशिगन यूनिवर्सिटी में हुए एक अध्ययन में पाया गया कि अदरक में अंडाशयी कैंसर सेल्स को खत्म करने की क्षमता होती है। वहीं, अदरक पेट के कैंसर से भी बचाता है।

 6. अंडे में मौजूद विटामिन डी कई तरह के कैंसर सेल्स को खत्म करने में सहायक है। कैंसर के साथ ही यह दिल को भी हेल्दी रखता है।

आज के प्रमुख समाचार

आज के प्रमुख समाचार
headlines of the day

दिल्ली के ख्याल इलाके में अंकित सक्सेना की मौत के बाद तनाव, CRPF जवान तैनात।

आज बेंगलुरु में दोपहर 3 बजे से पीएम मोदी करेंगे परिवर्तन रैली।

दिल्ली में व्यापारियों का हड़ताल खत्म, आज खुलेंगे बाज़ार।

बजट से नाराज़ टीडीपी सांसद चंद्रबाबू नायडू ने बुलाई सांसदों की बैठक।

राजस्थान उपचुनाव में हार के बाद सीएम वसुंधरा राजे से रिपोर्ट मांगेगी बीजेपी।

आज वाराणसी और मुम्बई में अखिलेश यादव करेंगे रैली को संबोधित।

यूपी में 72 घन्टों में 30 एनकाउंटर, 3 बदमाश ढ़ेर, 36 गिरफ्तार।

सांसद हुकुम सिंह के अंतिम संस्कार में आज कैराना जाएंगे सीएम योगी।

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन में दूसरा वनडे आज, सीरीज में 1-0 से आगे है भारत।

इंडिया ओपन 2018 के फाइनल में पहुंची पीवी सिंधू, बोइवान झेंग से होगा फाइनल मुकाबला।

मुफ्ती सरकार का बड़ा फैसला, 9730 पत्थरबाजों के खिलाफ खत्म होंगे केस

अनुज हनुमत | Navpravah.com

घाटी में सेना की कार्यवाही को लेकर राजनीतिक गलियारों में जिस तरह की एकता होनी चाहिए, फिलहाल ऐसी नहीं दिख रही है। सूबे की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती शायद सेना की कार्यवाही के खिलाफ खड़ी नजर आ रही हैं। राज्य सरकार ने आज बड़ा फैसला लेते हुए सबको चौंका दिया है।

जम्मू कश्मीर सरकार ने 2008 और 2017 के बीच पथराव की घटनाओं में शामिल 9,730 लोगों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने को मंजूरी दी है। जिन लोगों के खिलाफ मामले वापस लिए जाने हैं, उसमें पहली बार अपराध करने वाले लोग भी शामिल हैं।

सूबे की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को कहा कि 1,745 मामले वापस लेने की कार्रवाई कुछ शर्तों पर निर्भर करेगी। वहीं, मामले की पड़ताल के लिए गठित समिति की सिफारिशों पर  बाकी को माफी दी जा रही है।  उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने 4,000 से अधिक लोगों को आम माफी देने की सिफारिश की है। ये लोग पिछले दो वर्षों में पथराव जैसी मामूली घटनाओं में शामिल रहे हैं।

आज विधानसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में मुफ्ती ने कहा कि वह पहली बार अपराध में शामिल लोगों के ब्योरे का खुलासा ऐसे लोगों और उनके परिवार की सुरक्षा की वजह से नहीं करेंगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि 2016 और 2017 के बीच 3,773 मामले दर्ज किए गए। इनमें 11 हजार 290 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 233 का अब तक पता नहीं लगा है। सात मामले स्वीकार नहीं किए गए। 1,692 मामलों में आरोप पत्र दायर किए गए, जबकि 1,841 मामलों में जांच चल रही है। महबूबा के पास गृह विभाग भी है।

हालांकि वर्ष 2016 में हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी के मारे जाने के बाद कश्मीर घाटी में काफी अशांति रही। इसमें 85 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2016 में 2,904 मामले दर्ज किए गए और 8,570 लोगों को पथराव करने की घटनाओं के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया, वहीं 2017 में दर्ज मामलों की संख्या घटकर 869 हो गई और इस संबंध में 2720 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

शत्रुघ्‍न सिन्‍हा को केन्द्रीय मंत्री की हिदायत, कहा, “तीन तलाक लेकर छोड़ दें भाजपा”

शत्रुघ्न सिन्हा तीन तलाक लेकर छोड़ दें भाजपा -बाबुल सुप्रियो

पारुल पाण्डेय | Navpravah.com

हमेशा अपनी पार्टी के विरुद्ध बोलने वाले अभिनेता व भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को केन्द्रीय राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो ने पार्टी छोड़ने की हिदायत दे दी। शनिवार को दी गई अपनी कड़ी प्रतिक्रिया में बाबुल सुप्रियो ने कहा है कि शत्रुघ्न सिन्हा ‘तीन तलाक’ लेकर खुद बीजेपी को छोड़ दें।

बाबुल सुप्रियो ने एक निजी न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा कि शत्रुघ्‍न सिन्‍हा जी को बोलता चाहता हूं कि आपको इतनी नफरत है। तो क्‍यों रोज आकर संसद में बैठते हैं? क्‍यों ऐसे हालात पैदा करते हैं कि दूसरों को बोलना पड़े ‘खामोश’। ड्रेसिंग रूम की बात वहीं रहनी चाहिए। आप तीन तलाक दीजिए और खुद छोड़ दीजिए बीजेपी।

बता दें कि बीते 31 जनवरी को ही भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा था कि सिर्फ समय बताएगा कि अगले लोकसभा चुनावों के दौरान वह क्या राजनीतिक विकल्प चुनेंगे और उन्होंने इस बात को कत्तई तवज्जो नहीं दी कि उनकी पार्टी उन्हें टिकट देने से इनकार कर सकती है। सिन्हा ने असंतुष्ट भाजपा नेता यशवंत सिन्हा के ‘राष्ट्र मंच’ में हिस्सा लिया था। उन्होंने इस मंच पर सरकारी नीतियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि भाजपा के अंदर ऐसा कोई मंच नहीं, जहां वह अपनी बात रख सकें।

बता दें कि सिन्हा आए दिन केंद्र की नीतियों का कड़ा विरोध करते रहे हैं। जब उनसे इन अटकलों को लेकर सवाल पूछा गया कि पार्टी नेतृत्व सरकार के खिलाफ सार्वजनिक हमलों को लेकर उनका टिकट काट सकती है। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनावों के दौरान भी ऐसा ही दावा किया गया था और उनका नाम उन लोगों में शामिल था, जिनका नाम सबसे आखिर में घोषित किया गया था। उन्होंने कहा था कि यह मुद्दा नहीं कि वे (भाजपा) मुझे टिकट देंगे या नहीं। इस पर भी विचार किया जायेगा कि वे मुझे टिकट क्यों नहीं देंगे। मेरे पास सबसे ज्यादा वोट शेयर का मार्जिन है दूसरा, यह कि मैं इसे लूंगा या नहीं, या कहां से लड़ूंगा या नहीं लड़ूंगा यह सिर्फ समय बताएगा  । उन्होंने कहा, ‘‘मुझे कोई चिंता नहीं । मैं निर्भय हूं । सिन्हा ने 2014 का लोकसभा चुनाव पटना साहिब सीट से 55 फीसद से ज्यादा मत हासिल कर जीता था।