28 C
Mumbai
Tuesday, September 8, 2026
Home Blog Page 39

बच्चों ने दौड़कर छुआ पैर, सीएम योगी ने पुचकारा, दिया आशीर्वाद

ब्यूरो | navpravah.com

भदोही। मुख्यमंत्री सोमवार को भदोही के कारपेट एक्सपो मार्ट में कालीन निर्यात संवर्धन परिषद द्वारा 8 से 11 अक्टूबर तक आयोजित चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले में पहुंचे थे, जहां कार्पेट शॉप्स के अवलोकन के दौरान एक स्टॉल पर एक बच्ची व एक बच्चा दौड़कर सीएम योगी आदित्यनाथ के पैर छू लिए। जिस पर मुख्यमंत्री ने बच्चों को बड़े प्यार से दुलारा, पुचकारा फिर उन्होंने आशीर्वाद दिया।

सीएम ने बड़ी सहजता से बच्चों से खुशमिजाज अंदाज में बातचीत भी की। वहीं सीएम के उदारता को दर्शाता यह पूरा माजरा चर्चा का विषय बना रहा। इसी दौरान वहीं पर मौजूद विदेशी कार्पेट खरीददार भी सूबे के मुख्यमंत्री को नन्हें-मुन्हें बच्चों को दुलारते, प्यार करते देख खुश हो गए।

बता दें कि भदोही स्थित कारपेट एक्सपो मार्ट में 8 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक चलने वाले चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय इंडिया कारपेट एक्सपो में शामिल होने पहुंचे थे। यहां उन्होंने कालीन मेले का उद्घाटन करने के बाद करीब 250 से अधिक की संख्या में निर्यातकों द्वारा लगाई गई कारपेट शॉप्स का अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने जिला कारागार ज्ञानपुर के बंदियों द्वारा हस्त निर्मित कालीन की खूबसूरती को भी निहारा।

तत्पश्चात उन्होंने बुनकरों को सम्मानित किया, उन्हें चेक और टूलकिट वितरण किया। उसके बाद मुख्यमंत्री ने निर्यातकों, आयातकों और बुनकरों को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि करीब 60 फ़ीसदी कालीन का निर्यात भदोही वाराणसी और मिर्जापुर जनपद पूरे भारत से अकेले करता है। यह उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

‘कालीन मेले’ में पहुंचें सीएम, बुनकरों को सराहा, माफियाओं पर साधा निशाना

ब्यूरो | navpravah.com

भदोही। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ आज दोपहर भदोही पहुंचें। उन्होंने 45वें इंडिया कार्पेट एक्सपो का बतौर मुख्य अतिथि उद्घाटन किया। सीएम ने निर्यातकों द्वारा लगाई गई कार्पेट शॉप्स का अवलोकन किया। उन्होंने जिला कारागार बन्दियों द्वारा हस्तनिर्मित कालीन के भी लगे स्टॉल का अवलोकन करते हुए बुनकरों की कारीगरी की सराहना की। उन्होंने एक्सपो मार्ट में थीम पैवेलियन के उपरांत ओ.डी.ओ.पी. व जीआई लाइव डेमो देखा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कालीन उद्यम सम्बंधित योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को टूल किट व चेक वितरण करने के साथ-साथ बुनकरों को सम्मानित भी किया। CM ने लघु फ़िल्म प्रसारण व ब्रांड ‘कार्पेट’ का भी लोकार्पण किया। इसके उपरांत सीएम ने बुनकरों, निर्यातकों व आयातकों को सम्बोधित किया। सीएम के साथ कार्यक्रम में कई मंत्री भी शामिल रहे।

CM योगी आदित्यनाथ सम्बोधन-

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सम्बोधन में बिना नाम लिए माफ़ियावाद पर निशाना साधते हुए कहा कि भदोही में कुछ वर्ष पहले जहां डर भय का माहौल व्याप्त था। वहीं अब यहाँ की परंपरागत उत्पाद नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। आज यहां के बुनकरों की कारीगरी व हुनर की विदेशों तक सराहना हो रही है।

भदोही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कालीन एक्सपोर्ट का हब बन गया है, यह हमारे लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि 4 वर्षों में लोकल फार वोकल एवं ओडीओपी योजना लागू होने के बाद ढाई सौ गुना उद्योग बढ़ा है। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा में कार्पेट एक्सपो कार्यक्रम आयोजित हुआ था, जहां पर 5000 करोड़ से अधिक का व्यवसाय हुआ। जो अब तक का सबसे बड़ा सफल आयोजन रहा।

उन्होंने कहा कि सरकार लगातार बुनकरों व कालीन उद्यमियों को प्रोत्साहित करने का काम कर रही है। हस्तशिल्प कारीगरों को आगे बढ़ाने की जरूरत है, उन्होंने कहा कि देश से जितना भी कालीन निर्यात होता है, उनमें 60 फीसदी कालीन भदोही, मिर्जापुर और वाराणसी से होता है।

Assembly Election 2023: 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 3 दिसंबर को आएंगे परिणाम

ब्यूरो | navpravah.com

केंद्रीय चुनाव आयोग ने 2023 यानी कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का आज ऐलान कर दिया है। इस साल 5 राज्यों की 679 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं, जिसमें मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मिजोरम शामिल हैं।

चुनाव आयोग के मुताबिक, मिजोरम में 7 नवंबर को चुनाव होंगे। छत्तीसगढ़ में दो चरणों में 7 और 17 नवंबर को चुनाव होंगे। मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। तेलंगाना में 30 नवंबर को, राजस्थान में 23 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी और चुनाव की सारी प्रक्रिया 5 दिसंबर को समाप्त हो जाएगी।

बतौर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के अनुसार, इस समय मिजोरम में 8.52 लाख, छत्तीसगढ़ में 2.03 करोड़, मध्य प्रदेश में 5.6 करोड़, राजस्थान में 5.2 करोड़ और तेलंगाना में 3.17 करोड़ मतदाता हैं। इन सभी को मिलाया जाए तो कुल 8.2 करोड़ पुरुष और 7.8 करोड़ महिला मतदाता हैं।’ पांच राज्यों को मिलाकर कुल गणना 16 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं की होती है, जो इस चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इन राज्यों में कुल 60.2 लाख मतदाता ऐसे हैं जो पहली बार वोट डालेंगे।

किस राज्य में हैं कितनी विधानसभा सीटें-

मध्य प्रदेश-230
राजस्थान-200
तेलंगाना-119
छत्तीसगढ़-90
मिजोरम-40

कब, कहां होगा मतदान?

मिजोरम- 7 नवंबर
छत्तीसगढ़- 7 नवंबर, 17 नवंबर
मध्य प्रदेश- 17 नवंबर
राजस्थान-23 नवंबर
तेलंगाना- 30 नवंबर

वोटों की गिनती- 3 दिसंबर 2023

पांच राज्यों को मिलाकर 16 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपना वोट डालने वाले हैं। इन राज्यों में कुल 60.2 लाख मतदाता ऐसे हैं जो पहली बार वोट डालेंगे।

UP: आज ‘कालीन मेले’ में पहुंचेंगें सीएम, गलीचे का करेंगें अवलोकन

ब्यूरो | नवप्रवाह.कॉम 

  • भदोहीवासियों को दे सकते हैं सौगात, निर्यातकों व बुनकरों को भी आस

भदोही | आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भदोही दौरा होगा। जहां वे 45वें इंडिया कार्पेट एक्सपो में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगें। भदोही स्थित एक्सपो मार्ट में इसका आयोजन किया गया है। 8 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक चलने वाले कार्यक्रम में विदेशी आयातक कालीन के उत्पाद देखेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार सूबे के सीएम 11.30 बजे भदोही पहुंच जायेंगें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्सपो मार्ट में एक्सपो के शुभारंभ करने के साथ थीम पैवेलियन व कार्पेट स्टॉल का अवलोकन करेंगें। ओ.डी.ओ.पी. व जीआई लाइव डेमो व कारागार बन्दियों द्वारा निर्मित कालीन प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगें। मुख्यमंत्री कालीन उद्यम सम्बंधित योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को टूल किट व चेक वितरण करने के साथ-साथ बुनकरों को सम्मानित भी करेंगें।

लघु फ़िल्म प्रसारण व ब्रांड ‘कार्पेट’ के लोकार्पण क़ा भी उनका कार्यक्रम है। उसके उपरांत सीएम बुनकरों, निर्यातकों व आयातकों को सम्बोधित करेंगें। करीब दोपहर 01 बजे मुख्यमंत्री उक्त कार्यक्रम से कूच कर हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो जायेगें। वहीं उनके आगमन को लेकर सारी तैयारियां कर लीं गईं हैं। कार्यक्रम स्थल से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर एक मैदान में हेलीपैड बनाया गया है। वीवीआईपी आगमन के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था के कड़े व चाक चौबंद इंतजामात किये गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस निगरानी रख रही है। परिंदा भी पर ना मार पाए, ऐसी सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन की ओर से सुनिश्चित की जा रही है।

‘अंतरराष्ट्रीय कालीन मेला शुरू’, शामिल होंगे 60 देशों के बायर्स, देखेंगें कारीगरों के उंगलियों की जादूगरी

रामकृष्ण पाण्डेय | नवप्रवाह.कॉम 

  • जिला कारागार बंदियों द्वारा हस्तनिर्मित गलीचे का स्टॉल आकर्षक का केंद्र
  • 09 को मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा, 500 करोड़ से अधिक के व्यापार की उम्मीदें

कालीन के लिए वैश्विक पटल पर विख्यात यूपी के भदोही में 8 अक्टूबर से चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ‘इंडिया कार्पेट एक्सपो फेयर’ का शुभारंभ रविवार को हो गया। भदोही स्थित एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाला यह दूसरा कार्पेट एक्सपो है, जबकि भारत का 45 वां कालीन मेला है।

विदेशी कार्पेट खरीददारों का आना भी शुरू हो गया है। कालीन मेले में 272 निर्यातकों ने अपने कार्पेट उत्पादों के स्टाल लगायें हैं। वहीं करीब 60 देशों के 450 विदेशी खरीदार व 250 विदेशी खरीदारों के प्रतिनिधि शामिल होंगें। जिला कारागार के बंदियों द्वारा हस्तनिर्मित कालीन का स्टॉल मेले में आकर्षण का केंद्र रहेगी। निर्यातकों को मेले के जरिये 500 करोड़ से अधिक के व्यापार की उम्मीद है। वहीं 09 अक्टूबर को कार्यक्रम में सीएम योगी व सरकार के मंत्री वगैरह भी शामिल होंगे, उनका दौरा भी प्रस्तावित है। जिसको लेकर व्यापक तैयारी की जा चुकी है।

सरकारी तंत्र विल्कुल चौकन्ना है, सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। विदेशी मेहमानों व वीवीआईपी आगमन को लेकर खुफिया विभाग भी पूरी तरह सतर्क है। इससे पूर्व पिछले दिनों प्रभारी मंत्री सहित आलाधिकारियों ने एक्सपो मार्ट का निरीक्षण कर सीईपीसी (CEPC) का बैठक भी किया था। राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी व जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के मेले की तैयारी व व्यवस्था में कोई कोर कसर नही छोड़ी गई है। जिससे कालीन व्यवसाय को और पहचान मिल सके।

1. भदोही की सांस्कृतिक विरासत है कालीन, होता है देश का करीब 40 फीसदी उत्पादन-

हैंड नॉटेड कार्पेट (हस्तनिर्मित कालीन) भदोही की परंपरागत कालीन उद्योग ही नहीं, बल्कि यह यहां की सांस्कृतिक विरासत भी है। गलीचे के शहर भदोही में सदियों से कॉरपेट का कारोबार होता चला आ रहा है। जिसका निर्यात अमेरिका, यूरोप, जर्मनी, फ्रांस सहित दुनिया भर के देशों में होता है। वहीं भदोही का यह परंपरागत उत्पाद दिल्ली में बनें नए संसद भवन सेंट्रल विस्टा में भी अपनी चमक, धमक बिखेर रहा है। वहीं यशोभूमि मण्डपम में भी भदोही का गलीचा छाया रहा। भदोही अकेले देश का 35 से 40 प्रतिशत उत्पादन अकेले करता है। ‘एक जिला एक एक उत्पाद योजना’ में भी कार्पेट शामिल है।

2. कालीन मेले में शामिल होंगे करीब 60 देशों के 700 खरीददार-

8 से 11 अक्टूबर तक चलने वाले एक्स्पो मार्ट में करीब 60 देशों के लगभग 700 बायर्स एवं आयातक प्रतिनिधियों को शामिल होना है। मेले में इसके अलावा करीब 272 कार्पेट निर्यातक अपने उत्पादों का स्टॉल लगाकर प्रदर्शन करेंगे। जिले के कालीन निर्यातकों का मानना है कि चार-छह आयातकों को उनके नमूने पसंद आ गए, तो व्यवसाय को गति मिलने में सहायता मिलेगी। बायर्स को प्रभावित करने के लिए कुछ अलग हटकर सैंपलिंग कराई गई है।

3. सूबे के मुख्यमंत्री भी होंगें शामिल, निर्यातकों, आयातकों व बुनकरों से करेंगें संवाद, व्यवस्था चाक-चौबंद-

कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के प्रशासनिक समिति के सदस्य फिरोज वजीरी ने कहा कि कार्पेट एक्स्पो के लिए पहले ही आमंत्रण पत्र भेजा गया था। वहीं कुछ निर्यातकों ने हाल ही में विधायक औराई के साथ सीएम से मुलाकात कर उन्हें न्योता दिया था, जिसपर उन्होंने आश्वासन भी दिया है। जिसको लेकर निर्यातक उत्साहित हैं। वहीं डीएम व प्रभारी मंत्री ने कहा कि हस्तशिल्प कालीन मेले में सीएम भदोही आ रहे हैं। वह कालीन व्यवसायियों, बुनकरों व भदोहीवासियों को सौगात भी देंगें।

4. जिला कारागार ज्ञानपुर के बंदी बुनकरों के हस्तनिर्मित कार्पेट की भी लगी है प्रदर्शनी-

गलीचे के शहर में कैदी भी कालीन बुनाई का काम कर रहे हैं। उनकी कारीगरी तीन कालीन निर्यातकों के जरिये जापान, इंग्लैंड व यूएस तक पहुंच चुकी है। डीएम ने बताया कि करीब 60 से अधिक कैदी ज्ञानपुर जेल में भी कालीन बुनाई कर रहे हैं। उनकी कारीगरी को और पहचान मिल सके, इसलिए जिला कारागार कार्पेट का भी एक स्टॉल लगाया गया है।

5. छोटे-मझोले उद्यमियों को बड़ी आस, मील का पत्थर साबित हो सकता है एक्सपो फेयर-

भदोही में चार दिवसीय इंडिया कार्पेट एक्सपो को लेकर कालीन निर्यात संवर्धन परिषद पूरे जोर-शोर से तैयारी में जुटा हुआ था। भटक रहे छोटे व मझोले कालीन उद्यमियों के लिए घर में मिल रहा यह मंच इंडिया कार्पेट एक्सपो-23 फायदे का तमगा साबित हो सकता है। अधिक खर्च के कारण दिल्ली और दूसरे बड़े शहरों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कालीन मेलों में प्रतिभाग से वंचित निर्यातकों ने भदोही में 8 अक्तूबर से होने वाले कालीन मेले में स्टॉल बुक कराया है। लोगों का मानना है कि कहीं न कहीं इस एक्सपो फेयर पर भदोही क्षेत्र के कालीन उद्योग का भविष्य निर्भर है। ऐसे में यदि इसमें उम्मीद के मुताबिक व्यवसाय नहीं हुआ तो भारी संख्या में लोग अगले एक्सपो में भाग लेने के लायक भी नहीं रह जाएंगे।
आयोजक कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) ने गत वर्ष अक्तूबर में हुए पहले कार्पेट एक्सपो में 400-500 करोड़ व्यवसाय होने का दावा किया था, लेकिन भदोही के बाजार पर कोई सकारात्मक प्रभाव देखने को नहीं मिला था। एक वर्ष बीतते-बीतते आज स्थिति यह है कि बड़ी संख्या में लोगों के पास काम नहीं है।

6. 200 करोड़ की लागत से बना है मार्ट-

भदोही स्थित कार्पेट सिटी में 200 करोड़ की लागत से 7.5 एकड़ भूमि पर मार्ट का निर्माण कराया गया है। यह कालीन क्षेत्र के लिए भारत की अत्याधुनिक परियोजनाओं में से एक है। कार्पेट एक्सपो मार्ट सौर ऊर्जा के साथ-साथ ग्रीन मार्ट भी है, जिसमें 7 हजार वर्ग मीटर के दो हॉल के अलावा 94 स्थायी दुकानें हैं। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की अन्य सभी सुविधाएं हैं। फिलहाल, देखना है कि इस बार का एक्सपो कालीन व्यावसायियों के लिए मील का पत्थर साबित होता है या नही। क्योंकि उनके पीछे एक बड़ा तबका बुनकरों का भी है, जिनका इसी धंधे के जरिये आजीविका चलती है।

7. नए संसद भवन में भी खूबसूरती बिखेर रही भदोही की कालीन, यशोभूमि मण्डपम में भी छाया रहा भदोही का गलीचा-

कभी बनारस जिले से अलग हुआ भदोही कालीन उत्पादन के लिए मशहूर है। यहां के बुनकरों के उंगलियों की जादूगरी विदेशों तक अपनी छाप छोड़ रही है, वहीं यहां का हस्तनिर्मित सतरंगी गलीचा पिछले 28 मई 2023 को उद्घाटित हुए देश के नवनिर्मित संसद भवन की शोभा में भी चार चांद लगा रहा है। भदोही की ओबीटी कम्पनी ने ऑर्डर पर करीब 300 पीस कालीनें तैयार कराकर न्यू पार्लियामेंट बिल्डिंग की सेंट्रल विस्टा में लगने के लिए भेजा था। वहीं जी20 समिट के यशोभूमि मण्डपम में भी भदोही के बुनकरों द्वारा धागों से उकेरा गया कालीन छाया रहा।

8. वीवीआईपी आगमन के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद-

विदेशी मेहमानों एवं वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का बेहद ख्याल रखा गया है। सिक्युरिटी को लेकर व्यापक बंदोबस्त किया गया है। चप्पे चप्पे पर पुलिस की मौजूदगी है। इंटेलिजेंस, एलआईयू व स्पेशल ब्रांच नजर बनाए हुए है। वहीं एडीजी जाेन वाराणसी रामकुमार व डीआईजी आरपी सिंह, जिलाधिकारी गौरांग राठी, पुलिस अधीक्षक डॉ मीनाक्षी कात्यायन ने पुलिस ब्रीफिंग मीटिंग की है।

UP : देवरिया कांड को लेकर CM योगी का सख्त एक्शन, आधा दर्जन अफसरों पर गिरी गाज

ब्यूरो | navpravah.com

लखनऊ |  उत्तर प्रदेश से बड़ी खबर सामने आई है। देवरिया प्रकरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तेवर में नजर आ रहे हैं। जिम्मेदारी में लापरवाही बरतने वाले आधा दर्जन अफसरों पर गाज गिर गई है।

01 उपजिलाधिकारी, 01 क्षेत्राधिकारी, दो तहसीलदार, 03 लेखपाल, 01 हेड कांस्टेबल, 04 कांस्टेबल , 02 हल्का प्रभारी व 01 थाना प्रभारी निलंबित। 

सीएम ने सभी को सस्पेंड करने का निर्देश दिया है। साथ ही कई वर्तमान व तत्कालीन जिम्मेदार अफ़सरों के खिलाफ़ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश भी दे दिया है। बता दें कि पिछले दिन यूपी के देवरिया जिले में एक पक्ष से 01 दूसरे पक्ष के 05 सहित कुल 06 लोगों की जमीनी विवाद में हत्या हो गई थी। जिसके बाद प्रशासन सख्ती से जांच व कार्रवाई में जुटा हुआ है। वहीं अब मामला को लेकर सीएम का हंटर भी चल गया है।

सीएम ने वर्तमान उपजिलाधिकारी योगेश कुमार गौड़ एवं क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर जिलाजीत को तत्काल निलंबित करने का निर्देश दिया है। पूर्व में उपजिलाधिकारी रहे राम विलास, ओम प्रकाश, ध्रुव शुक्ला एवं संजीव कुमार उपाध्याय के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही करने का सीएम ने निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि घटना क्षेत्र में रहे सेवानिवृत्त तहसीलदार वंशराज राम एवं सेवानिवृत्त राजस्व निरीक्षक रामानन्द पाल के विरुद्ध भी विभागीय कार्यवाही शुरू करें।

अभय राज (वर्तमान में निलंबित तहसीलदार) को अतिरिक्त आरोप पत्र जारी किया जाए। साथ ही तत्कालीन रामाश्रय तहसीलदार, सम्प्रति तहसीलदार जनपद बलरामपुर को निलंबित करते हुए विभागीय कार्यवाही संस्थित करने तथा केशव कुमार तहसीलदार रूद्रपुर को निलंबित करते हुए विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी सीएम ने दिए हैं। इसके अलावा घटना में लापरवाही बरतने को लेकर सख्त हुए मुख्यमंत्री योगी ने विशाल नाथ यादव (राजस्व निरीक्षक), राजनन्दनी यादव (क्षेत्रीय लेखपाल) व अखिलेश (लेखपाल) को निलंबित करते हुए सभी के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही करने का निर्देश भी दिया है।

हेड कॉन्स्टेबल राजेश प्रताप सिंह, कॉन्स्टेबल अवनीश चौहान, हल्का प्रभारी/उपनिरीक्षक जय प्रकाश दुबे व प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह को निलंबित कर विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्देश भी सीएम ने दिया है। पूर्व में आईजीआरएस के संदर्भों में निस्तारण में लापरवाही के लिये उत्तरदायी पाए गए का. कैलाश पटेल, कॉन्स्टेबल राम प्रताप कन्नौजिया, सुभाष यादव एवं उ.नि. सुनील कुमार, पूर्व प्रभारी निरीक्षक, रूद्रपुर को निलंबित किया जाए तथा तत्कालीन क्षेत्राधिकारी, रूद्रपुर दिनेश कुमार सिंह यादव के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करने का निर्देश भी दिया है।

Bhadohi: जनपद में धारा-144 लागू, 05 अक्टूबर से 31 दिसम्बर तक रहेगा प्रभावी

ब्यूरो | navpravah.com 

भदोही। जनपद में आगामी पर्व के मद्देनज़र ज़िलाधिकारी गौरांग राठी ने धारा १४४ लागू करने का आदेश जारी किया है। जिले में आगामी पर्व दुर्गा पूजा, दशहरा, भरत मिलाप, दीपावली, मोवर्धन पूजा, भैया दूज, कार्तिक पूर्णिमा आदि के दृष्टिगत असामाजिक एवं तत्वों की गतिविधियों से शांतिभंग होने की सम्भावना उत्पन्न हो सकने को लेकर धारा-144 का आदेश पारित किया है। यह आदेश सम्पूर्ण जिले में 05 अक्टूबर से लेकर आगामी 31 दिसम्बर 2023 तक प्रभावी रहेगा।

जनपद की सीमा के अन्तर्गत लोक प्रशान्ति एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के दृष्टिगत जिला मजिस्ट्रेट भदोही ने दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा-144 के अन्तर्गत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए निम्न आदेश पारित किया है। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति ईंट-पत्थर आग्नेयास्त्र/निरफोटक पदार्थ, तलवार, भाला, भुजाली, लाठी डण्डा या 05 सेमी से अधिक फल वाली छुरी/धारदार हथियार अथवा अन्य किसी ऐसे हथियार को लेकर नही निकलेगा और न ही इसका प्रदर्शन करेगा और न ही एकवित्र करेगा, जिसका उपयोग आक्रमण के लिए किया जा सके।

यह आदेश ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी तथा सिख व गोरखा जाति के व्यक्तियों पर जो प्रथा के अनुसार कृपाण व खुखरी के अधिकारी है, पर लागू नहीं होगा।

कोई भी व्यक्ति साम्प्रदायिक विद्वेष पैदा करने वाले भाषण तथा लोक प्रशान्ति को विक्षुब्ध करने वाले उत्तेजक भाषण व नारे आदि नहीं लगायेगा। कोई भी व्यक्ति गलत अफवाह नही फैलायेगा और न ही जनता में इस प्रकार की नोटिसे पर्चे अथवा साहित्य प्रकाशित अथवा वितरित करेगा जिससे कि उत्तेजना फैले और हिंसा का मार्ग प्रशस्त्र होकर लोक प्रशान्ति विक्षुब्ध हो।

कोई भी व्यक्ति जुलूस अथवा सभा किसी सार्वजनिक स्थान पर अधोहस्ताक्षरी अथवा सम्बन्धित उप जिला मजिस्ट्रेट के पूर्व अनुमति के प्राप्त किये बिना नहीं करेगा / निकालेगा और न ही किसी ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग करेगा। किसी भी सार्वजनिक स्थान अथवा सड़क या गली में चार (04) से अधिक व्यक्ति एकत्रित नही होंगे।

गृह मंत्रालय, भारत सरकार/उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निर्गत कोविड- 19 की गाइडलाइन्स में जारी दिशा निर्देशों के साथ ही सोशल डिस्टेंसिग का अनुपालन किया जाना अनिवार्य होगा।

यह आदेश जनपद भदोही के सम्पूर्ण जनपदीय क्षेत्र में दिनांक 05.10.2023 से दिनांक 31.12.2023 तक यदि इसके पूर्व वापस न ले लिया जाय, प्रभावी रहेगा। उक्त प्राविधानों की अवज्ञा भा०द०वि० की धारा-188 तथा आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 से 60 के अन्तर्गत दण्डनीय अपराध होगा ।

CM योगी की सौग़ात, अब मदरसे में भी पढ़ाया जाएगा AI और Coding

ब्यूरो | navpravah.com

भदोही। उत्तर प्रदेश के विद्यालयों एवं मदरसों के अध्यापकों के अभिमुखीकरण हेतु ‘ओरिएंटेशन मॉड्यूल ऑन ए.आई ‘ का शुभारम्भ किया गया है। इस मॉड्यूल से मदरसों के छात्र-छात्राओं के पाठ्यक्रम में डिजिटल लिट्रेसी, कोडिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को शामिल कर कम्प्यूटेशनल थिंकिंग को बढ़ावा मिल सकेगा।

जनपद भदोही पहुंचे राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अब मदरसे में भी छात्रों को दीनी तालीम के साथ डिजिटल शिक्षा दी जाएगी। जिससे अब मदरसे के नौनिहालों को भी आईएएस, पीसीएस, इंजीनियर और डॉक्टर बनने में एक सकारात्मक मदद मिलेगी। उनका भविष्य संवर सकेगा। वे भी देश के विकास में अपना अहम रोल निभाते हुए समाज के मुख्य धारा से जुड़ेंगे।

मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि हमारी सरकार बिना भेदभाव सभी वर्गों के विकास के लिए बेहद संजीदगी से काम कर रही है। योगी सरकार उत्तर प्रदेश में पहली ऐसी सरकार है, जो मदरसे के बेहतरी एवं उत्थान के लिए कार्य कर रही है। प्रभारी मंत्री ने बताया कि आज बुधवार 04 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने उक्त प्लान का शुभारंभ किया है।

UP: योगी के प्रस्तावित दौरे से पूर्व पहुंचे प्रभारी मंत्री, ‘इंडिया कार्पेट एक्सपो’ की तैयारियों का लिया जायज़ा

रामकृष्ण पाण्डेय | navpravah.com

भदोही। बुधवार को यूपी सरकार के राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने प्रभार जनपद भदोही का दौरा किया। मंत्री ने आगामी 8 अक्टूबर से शुरू होने वाले चार दिनी अंतरराष्ट्रीय ‘इंडिया कार्पेट एक्सपो/कालीन मेले’ की तैयारियों को लेकर एक्सपो मार्ट का निरीक्षण किया। साथ ही कार्पेट एक्सपो कार्यक्रम में 9 अक्टूबर को CM योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर बैठक की।

राज्य मंत्री दानिश अंसारी ने कहा कि सीएम कालीन व्यवसायियों के अलावा भदोही वासियों को भी सौगात देने भदोही आएंगे। मंत्री ने भदोही नगर स्थित मलीन बस्ती, प्राथमिक विद्यालय एवं सामुदायिक शौचालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अफसरों संग कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों व योजनाओं के प्रगति व क्रियान्वयन के सम्बंध में समीक्षा बैठक की। इस दौरान डीएम गौरांग राठी एसपी मीनाक्षी कात्यायन सहित सभी विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर की बैठक, ‘कार्पेट एक्सपो फेयर’ की तैयारियों का लिया जायजा

भदोही पहुंचे प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने जिले के ज्ञानपुर नगर स्थित गेस्ट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी लेने के बाद भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी के साथ संगठन के मजबूती के लिए बैठक की और उन्हें आवश्यक मंत्र दिया। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने भदोही नगर के मलीन बस्ती, प्राथमिक विद्यालय व कारपेट एक्सपो मार्ट के अलावा नगर के सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने भदोही दौरे के दौरान आगामी चार दिवसीय कालीन मेला में संभावित कार्यक्रम मुख्यमंत्री के तैयारी को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक किया और कहा कि 9 अक्टूबर को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश कालीन मिले में शामिल होंगे और बुनकरों से संवाद भी करेंगे। प्रभारी मंत्री ने जिले के विकास कार्यों को भी कलेक्ट्रेट में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों को जानकारी दी।

विभिन्न योजनाओं के संचालन में भदोही रहा प्रथम, समीक्षा बैठक कर गिनाईं उपलब्धियां, कसा पेंच

ज्ञानपुर कलेक्ट्रेट में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने बताया कि गर्व की बात है कि भदोही जनपद विभिन्न योजनाओं के संचालन में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिससे जनपद में विकास की एक अलग पहचान बन रही है। उन्होंने बताया कि आइजीआरएस शिकायत के निस्तारण में भदोही को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है तो वहीं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना में भी भदोही को प्रथम स्थान मिला है, जबकि स्वास्थ्य विभाग के एम्बुलेंस 102 व 108 एंबुलेंस संचालन में भी भदोही को प्रथम स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि यहां के अधिकारी व जनप्रतिनिधि के प्रयास से आज भदोही में हर समस्याओं का निस्तारण आसानी से हो रहा है, और योजनाओं का लाभ पात्र भारतीयों तक पहुंच रही है।

U.P. : बाहुबली नेता विजय मिश्र के कुनबे पर गिरी गाज, सवा आठ करोड़ के घर पर लगा ताला

रामकृष्ण पाण्डेय | navpravah.com

भदोही (यूपी)। यूपी के भदोही से बड़ी खबर है। जेल में बंद ज्ञानपुर के पूर्व बाहुबली विधायक विजय मिश्रा गैंग के सदस्य व उनके भतीजे सतीश मिश्रा के प्रयागराज शहर स्थित दो मंजिला भवन को प्रशासन ने सील कर दिया है। आधुनिक सुविधाओं से लैश आलीशान मकान की कीमत करीब 8 करोड़ 25 लाख बताई गई है।

धारा-14 (1) गैंगस्टर एक्ट के तहत जिला मजिस्ट्रेट गौरांग राठी द्वारा पारित आदेश के क्रम में राज्य सरकार के पक्ष यह कुर्की की कार्रवाई की गई है। मंगलवार अपरान्ह को भदोही से प्रयागराज पहुंचीं पुलिस टीम ने प्रयागराज प्रशासन के सहयोग से डुगडुगी बजाकर मकान को कुर्क कर दिया। टीम ने सील की कार्रवाई का नोटिस भी मकान पर चस्पा किया है। मकान को आपराधिक कृत्यों से अर्जित धन से खरीदने का आरोप था। प्रयागराज शहर के अल्लापुर इलाके में स्थित मकान गैंगस्टर सतीश मिश्रा की पत्नी वैशाली व सास माधुरी देवी के नाम पर क्रय किया गया था।

सतीश चंद मिश्रा वर्ष 2007 से अपराध जगत में सक्रिय रहा है। उसपर कई आपराधिक अभियोग पंजीकृत हैं। बता दें कि प्रशासन पूर्व विधायक विजय मिश्रा व उनके पूरे कुनबे पर चिन्हित माफिया के तौर पर हंटर चला रहा है। विजय मिश्रा पर 83 मुकदमें दर्ज हैं। कई सामूहिक दुष्कर्म, धमकी, रंगदारी, गैंगस्टर सहित कई गंभीर अपराध के मामलों में पिछले ढाई साल से वह आगरा सेंट्रल कारागार में निरुद्ध है। अब तक विजय मिश्रा व उसके करीबियों की करीब 70 करोड़ से ज्यादा कीमत की चल-अचल सम्पत्तियां कुर्क हो चुकी हैं।

प्रयागराज शहर के अल्लापुर में स्थित है आलीशान दो मंजिला मकान, डीएम के आदेश पर हुई कुर्की-

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार संगठित अपराध पर रीढ पर लगातार प्रहार कर रही है। बाहुबलियों, माफियाओं व अपराधियों को चिन्हित कर उन पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में एसपी भदोही डॉ. मीनाक्षी कात्यायन के निर्देशन में थाना गोपीगंज जनपद भदोही से सम्बंधित चिन्हित सफेदपोश माफिया, गैंग लीडर अभियुक्त विजय कुमार मिश्र गैंग के सक्रिय सदस्य सतीश मिश्रा निवासी खपटिहा  प्रयागराज, हालपता 93 सी/114 एलआईसी कॉलोनी टैगोर टाउन के आपराधिक कृत्यों से अर्जित धन को वैध रूप देने लिए भवन नं. 188/ 101ए (भूखण्ड संख्या 101ए) बाघम्बरी आवास योजना अल्लापुर, जनपद प्रयागराज में अपनी पत्नी वैशाली मिश्रा व अपनी सास माधुरी देवी पत्नी रामजी निवासी तुलापुर सिकंदरा थाना फूलपुर जनपद प्रयागराज के नाम से क्रय किये गए आधुनिक सुविधाओं से युक्त दो मंजिला भवन को कुर्क दिया।

जिसकी कुल अनुमानित कीमत आठ करोड़ पच्चीस लाख रूपये आंकी गई है। आपराधिक कृत्यों के अर्जित धन से क्रय की गई, उक्त सम्पत्ति को जिला मजिस्ट्रेट भदोही गौरांग राठी द्वारा धारा- 14(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत राज्य सरकार के पक्ष में जब्त करने के दिए गए आदेश के क्रम में जनपदीय पुलिस व प्रशासनिक टीम द्वारा नियमानुसार जब्तीकरण की कार्यवाही किया गया।