28 C
Mumbai
Tuesday, September 8, 2026
Home Blog Page 37

UP (भदोही) : बंद मकान से लाखों की चोरी, मुंबई से घर पहुंचे रहवासियों के उड़े होश

रामकृष्ण पाण्डेय | navpravah.com

भदोही (यूपी) | कोइरौना थाना क्षेत्र के कलिक मवैया गांव में एक बंद मकान से करीब 15 से 20 लाख कीमत के आभूषण, बर्तन आदि की बड़ी चोरी की वारदात हुई है। सोमवार को जब घर के मालिक रमाकांत तिवारी परिवार संग घर पहुंचे, तो मकान में हुई चोरी की घटना देख होश उड़ गए। सूचना पर स्थानीय पुलिस घटना की तहकीकात में जुट गई है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

पीड़ित के अनुसार लाखों रुपये के सोने की चैन, तीन अंगूठी, मंगलसूत्र, 4 स्वर्ण कंगन, करधनी सहित टीवी, बर्तन, कपड़े आदि मंहगें सामान चोरी हुई है। पुलिस की निष्क्रियता से आये दिन हो रही चोरी, छिनैती की वारदातों से इलाके में दहशत का माहौल है।

छत से सीढ़ी के रास्ते घर में घुसे थे चोर, लूट ले गए करीब 20 लाख का माल-

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोइरौना क्षेत्र के कलिक मवैया गांव निवासी रमाकांत तिवारी परिवार समेत मुंबई रहते हैं। बीच बीच में शादी-विवाह आदि मौकों पर गांव आना जाना हुआ करता है। दो माह पूर्व गांव के पक्के मकान में ताला लगाकर सभी मुम्बई चले गए थे। किसी कार्यक्रम हेतु सोमवार को मुंबई से परिवारजन घर पहुंचे और ताला खोला, तो मुख्य द्वार अंदर से बंद किया हुआ था। किसी तरह जब अंदर दाखिल हुए, तो नजारा देख पैरों तले जमीन खिसक गयी। कई कमरों के दरवाजे के ताले टूटे हुए थे और सामान तितर-बितर थे। अंदर रखे बक्से व अलमारी के ताले तोड़ सोने-चांदी के गहने, स्टील पीतल के कई सेट बर्तन, कपड़े आदि महंगे सामान चोर उठा ले गए थे।

स्थिति देख लोगों का कहना था कि चोर छत पर चढ़ सीढ़ी के दरवाजे का ताला चटकाकर नीचे उतरे होंगें। कमरों का ताला तोड़ उसी रास्ते सामान पार कर दिए। चोरों ने अंदर से मुख्य द्वार को अंदर से बंद भी कर दिया था। गृहस्वामी की मानें तो चोरी गए आभूषणों आदि की कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। सूचना पर थानाध्यक्ष गीता राय ने टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। चोरी की इस बड़ी वारदात की सूचना से इलाके में हड़कंप रहा।

चोरी की घटनाओं पर नही लग पा रहा अंकुश, तहरीर दर्ज करने में भी होती है आनाकानी-

क्षेत्र में चोरियों की कई बड़ी वारदातें हो चुकी हैं। किंतु पुलिस अक्सर लीपापोती करती दिखती है। एक दो दिन छानबीन व सक्रियता का नाटक दिखाकर सन्न मार लेती है। ज्यादातर मामलों में तो एफआईआर दर्ज ही नहीं की जाती, जिनमें हुई भी तो खुलासे नहीं होते। बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीण सकते में हैं। पलक झपकते किसी रात चोर उनकी गाढ़ी कमाई और संपत्ति पर डाका डाल देते हैं। अभी दो माह पूर्व ही उक्त घटनास्थल के बगल के एक गांव में बंद मकान में लाखों की चोरी हुई थी, लेकिन पुलिस के हाथ खाली हैं।

UP (भदोही) में दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला व मासूम पुत्र की मौत

रामकृष्ण पाण्डेय | navpravah.com

भदोही | जिले के गोपीगंज नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग मीरजापुर तिराहे पर देर शाम पति संग मायके से बाइक से घर जा रही 25 वर्षीय महिला पूनम सरोज व उसके डेढ़ साल के मासूम बच्चे की ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची ने पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। लोगों का कहना रहा कि पुलिस प्रशासन लापरवाही बरत रही है। जीटी रोड पर कट पॉइंट्स बन्द होने से आये दिन हादसे हो रहे हैं।

गोपीगंज नगर के मिर्जापुर तिराहे पर हुआ हादसा, मृतक महिला बताई जा रही है गर्भवती-

बता दें कि भदोही के गोपीगंज थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी सुजीत सरोज अपनी पत्नी पूनम सरोज 25 वर्ष व डेढ़ साल के पुत्र रितिक को लेकर जौहरपुर ससुराल आया था। शनिवार की देर शाम वापस घर लौट रहा था। मीरजापुर तिराहे पर उसकी बाइक में ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। ट्रक की चपेट में आने से महिला के साथ मासूम बच्चे की मौके पर ही जान चली गई।

घटना की जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंच गए। घटना में पति सुजीत सरोज बाल-बाल बच गया। लेकिन मासूम बच्चा व पत्नी के खोने के गम से वह तड़प उठा। मौके पर पहुँची पुलिस ने पति को साथ लेकर ट्रक का पीछा किया किंतु उसे पकड़ने में असफल रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी मिलने पर मायके से पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पति ने बताया कि उसकी पत्नी गर्भवती भी थी।

नगर के सभी कट प्वाइंट बन्द होने से हो रहे हादसे –

घटना के बाद नगर के लोगों में पुलिस की लापरवाही की चर्चा रही। लोगों ने कहा कि नगर के सभी कट प्वाइंट बंद होने से आये दिन हादसे हो रहे हैं। बावजूद इसके पुलिस कट प्वाइंट को बंद किए हुए है। लोगों ने कहा कि आम आदमी की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, कट पॉइंट्स ब्लॉक किये जाने से ट्रैफिक बढ़ने से ऐसे हादसे हो रहे हैं।

योगी सरकार ने दी यात्रियों को ख़ुशख़बरी, घटाया एसी बसों का किराया

 

16 दिसंबर 2023 से 28 फरवरी 2024 तक प्रभावी रहेंगी संशोधित दरें

ब्यूरो | navpravah.com

लखनऊ | शीतकाल में बसों के लोड फैक्टर को देखते हुए योगी सरकार ने किराए में कमी करने का निर्णय लिया है। शरद ऋतु में लोड फैक्टर में संभावित गिरावट व वातानुकूलन संयंत्र के कार्यशील न रहने के कारण परिवहन निगम को किराए में कमी के निर्देश दिए गए हैं। इस निर्णय से बड़ी संख्या में बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। संशोधित दरें 16 दिसंबर 2023 से 28 फरवरी 2024 तक लागू रहेंगी।

लोगों को मिलेगी राहत-

उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दया शंकर सिंह ने बताया कि वातानुकूलित सेवाओं को भी लाभप्रद बनाए जाने के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है। साथ ही लोगों को भी शीतकाल में कम खर्च में ठंड से बचाव के साथ यात्रा का लाभ मिलेगा।

मंत्री दया शंकर सिंह ने बताया कि बसों के किराए में 16 दिसंबर 2023 से 28 फरवरी 2024 तक छूट प्रदान की जाएगी। वातानुकूलित 3×2 सीटर बसों में प्रति किलोमीटर 1.47 रुपए, 2×2 सीटर बसों का किराया 1.74 रुपए प्रति किलोमीटर, वातानुकुरित शयनयान का 2.33 रुपए, एवम वाल्वो (हाई एंड) का किराया 2.58 रुपए प्रति किलोमीटर होगा।

UP: विरोधियों के खिलाफ जबरिया कार्रवाई कर रही मौजूदा सरकार- अमिताभ ठाकुर

ब्यूरो | navpravah.com

भदोही (यूपी) | आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर (पूर्व पुलिस अधिकारी) ने शुक्रवार को पूर्वांचल के भदोही जिले का दौरा किया। तमाम बिंदुओं पर स्वनिरीक्षण व जानकारी करने के बाद एक प्रतिष्ठान में मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है।

अमिताभ ठाकुर ने कहा कि हुकूमत न सिर्फ सही लोगों और सत्ता विपक्ष के लोगों पर बदले की भावना से जबरिया कार्रवाई कर रही है और फर्जी मुकदमें लाद रही है अपितु सत्ता पक्ष के छोटे-मझले कार्यकर्ताओं की आवाज भी उनकी ही सरकार नहीं सुन रही है। भदोही के एक हालिया मामले का उन्होंने जिक्र किया। कहा कि बीते मई माह में भदोही नगर निवासी उद्यमी व पूर्व भाजपा नेता विनीत जायसवाल उर्फ राजू द्वारा लिखा गया एक पत्र सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था।

पत्र में अपनी पार्टी के औराई से विधायक दीनानाथ भास्कर पर गंभीर आरोप लगाया गया था। औराई विधायक ने टिकट दिलाने के नाम पर उनसे २३ लाख रुपये लिए थे। उस दौरान उनके साथ भाजपा के अन्य कई वरिष्ठ नेता भी थे। कहा कि कोई ऑडियो भी बातचीत का वायरल हुआ था। इसी के आधार पर जिलाध्यक्ष व यूट्यूबर विपुल पाण्डेय निवासी गोपीगंज ने खबर चलाई थी। लेनदेन की सूचना सरकार में ऊपर तक गई थी किंतु काले धन से जुड़े इतने गंभीर मामले में कोई कार्रवाई करने की बजाय हाल में ही आजाद अधिकार सेना के जिलाध्यक्ष विपुल पांडे व विनीत जायसवाल के विरुद्ध थाना औराई में विधायक दीनानाथ भास्कर द्वारा मानहानि सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया गया।

उन्होंने भदोही का एक और मामला उठाया, कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार स्वयं जिले के मुख्य विकास अधिकारी ने डीघ के मनोज मिश्रा को नोटिस भेज कर गलत ढंग से ब्लॉक प्रमुख लिखने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा था और लिखे गए स्थानों को मिटवाने का निर्देश दिया था। किंतु सरकारी दफ्तरों व गैर सरकारी कार्यक्रमों में मनोज मिश्रा को खुलेआम ब्लॉक प्रमुख कहकर पत्राचार व सम्बोधित किया जा रहा है। अमिताभ ठाकुर ने डीएम और एसपी भदोही को इस प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए स्वयं को गलत ढंग से ब्लॉक प्रमुख लिखे जाने के मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की है।

अमिताभ ठाकुर ने कहा कि उनके पार्टी की नींव अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई लड़ने के लिए ही डाली गई है और भदोही में भी इसी आधार पर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि आजाद अधिकार सेना आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी के बुनियादी सिद्धांतों के आधार पर भदोही सहित अनेक स्थानों पर प्रत्याशी उतारेगी।

मंत्री पद नहीं मिला तो भी लोकसभा चुनाव NDA के साथ लड़ूंगा -ओपी राजभर

प्रमोद कृष्णम के हाथ पकड़ने पर बोले राजभर, “मेरा तो सभी हाथ पकड़ना चाहते हैं!”

रामकृष्ण पाण्डेय | navpravah.com

भदोही (यूपी)। शुक्रवार को भदोही पहुंचे सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने पिछले दिनों एक कार्यक्रम के दौरान आचार्य प्रमोद कृष्णम द्वारा उनका हाथ पकड़कर बतियाने के वायरल हो रहे फ़ोटो पर कहा कि हमारा हाथ पकड़ने के लिए तो सब परेशान रहते हैं। संभल में भगवान कल्कि की जंयती पर धार्मिक कार्यक्रम था, वहां मैं गया था। अब अपना नजरिया है कि उसको पॉलिटिकल देखें, चाहे धार्मिक।

अब तक मंत्री न बनाये जाने के सवाल पर उन्होंने दो टूक जवाब दिया। कहा कि अभी तो मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ नही है, जिस दिन विस्तार होगा, उन्हें मिनिस्टर बनाया जाएगा। मंत्री पद न मिलने पर भी NDA के साथ रहने के सवाल पर राजभर ने कहा कि मंत्री पद एक साधन है। फिलहाल 2024 के लोकसभा चुनाव मैं NDA के साथ ही चुनाव लड़ूंगा। मैंने तो न्याय व समाजहित में मंत्री पद छोड़ दिया था, ऐसे में मेरे लिए पद के कोई मायने नही।

पिछले दिनों घोसी उपचुनाव में हार पर उन्होंने कहा कि हमने मजबूती से भाजपा प्रत्याशी को अपना वोट डलवाया। यह उनके नेतृत्व ने माना भी, हार जीत तो लगी रहती है। बसपा का चुनाव मैदान में वहां न होना नुकसान कर गया।

राजभर ने कहा कि आज भदोही में उन्होंने जागरूकता जनसभा को सम्बोधित किया है। वह व उनकी पार्टी लगातार शोषित, वंचित लोगों को जागरूक करते रहते हैं। उसी कड़ी में आज यहां आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

आचार्य प्रमोद कृष्णम द्वारा राजभर का हाथ पकड़कर बतियाने पर गर्म हुई थी सियासत-

बता दें कि आचार्य प्रमोद कृष्णम के पिछले दिनों संभल जिले में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान ओमप्रकाश राजभर का हाथ पकड़कर बतियाने के वायरल हो रहे फ़ोटो से सियासत गर्म हो गई थी। राजनैतिक दलबदल के बढ़ते प्रचलन के बीच राजनैतिक गलियारे में आचार्य प्रमोद कृष्णम के बीजेपी में शामिल होने जैसी कयासबाजी भी की जा रही है। फिलहाल आमतौर पर राजनीति में भी बेबाक बयान देने वाले सुभासपा अध्यक्ष राजभर ने इसको लेकर कोई टिप्पणी नही की है।

शुक्रवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने भदोही पहुंचे थे ओमप्रकाश राजभर-

अवगत हो कि सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर शुक्रवार को भदोही पहुंचे थे। जहां चौरी क्षेत्र के लक्षापुर में आयोजित वंचित शोषित जागरण सभा को उन्होंने सम्बोधित किया। साथ ही राजभर ने भदोही में पार्टी कार्यालय का भी उद्घाटन किया।

Inspiration: 400 से अधिक फ़िल्मों में अभिनय करने वाला नेशनल अवार्ड विनर कलाकार देगा १०वीं की परीक्षा, पढ़िए पूरी कहानी

अमित द्विवेदी | navpravah.com

कुछ लोग ऐसे होते हैं, जो आर्थिक तंगी की वजह से या किसी अन्य प्रतिकूलता के कारण पढ़ाई नहीं कर पाते। लेकिन जब कभी भी उनका समय अनुकूल होता है, तब ऐसे लोग आदर्श उदाहरण पेश करते हैं, जिससे आम जनमानस को प्रेरणा मिल सके। ऐसा ही एक मामला सामने आया है मलयाली फ़िल्म इंडस्ट्री से।

मलयाली फ़िल्मों के एक ऐसे कलाकार हैं, जिन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त है। इस सीनियर कलाकार ने लगभग चार सौ से अधिक फ़िल्में की हैं और अब इस कलाकार ने फ़ैसला किया है कि वे आगामी सत्र में १०वीं की परीक्षा में भाग लेंगे। शिक्षा के प्रति इस कलाकार की निष्ठा वर्तमान में बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी। आज समाज में ऐसे कई बच्चे हैं, जो समस्त संसाधन होने के बावजूद पढ़ाई पर ध्यान नहीं देते हैं।

आर्थिक तंगी की वजह से छूटी थी पढ़ाई-

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मलयाली अभिनेता इंद्रान्स ने अपने इस फैसले से सबको चौंका दिया है। ऐसे में चर्चा ये भी होती है कि इतना सब कुछ करने के बाद १०वीं की परीक्षा देने की ज़रूरत ही क्या है ? अभिनेता को चौथी कक्षा में आर्थिक तंगी के कारण स्कूल छोड़ना पड़ा था, जिसके चलते उनकी पढ़ाई पूरी नहीं हो सकी। इंद्रान्स अब अगले साल दसवीं कक्षा की परीक्षा में बैठने के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं।

सीनियर मलयाली एक्टर इंद्रांस 400 से भी अधिक फ़िल्मों में अभिनय कर चुके हैं और 67 वर्ष के हैं। इतनी ऊँचाई प्राप्त करने के बाद भी उनके मन में पढ़ाई को लेकर ललक कम नहीं हुई। ग़रीबी के कारण इंद्रास को चौथी कक्षा की पढ़ाई के बाद अध्ययन का मौक़ा नहीं मिला। यह मलाल उनके मन में आज भी है। जिसकी वजह से उन्होंने फिर से पढ़ाई करने का मन बनाया है और उन्होंने दसवीं की परीक्षा में शामिल होने का फ़ैसला किया है।  

कलाकारों के कपड़े सिलते-सिलते ख़ुद भी बन गए कलाकार-

इंद्रास 1981 में सिलाई की दुकान में काम करते हुए और प्रोडक्शन हाउस के लिए ड्रेस बनाते-बनाते सेल्युलाइड में आ गए और साल 1994 तक लोकप्रिय भी हो गए।

इसके बाद धीरे-धीरे वह इंडस्ट्री में एक लोकप्रिय हस्ती बन गए। इंद्रास का मानना है कि अनपढ़ होना अंधा होने के समान है और अब उन्होंने कहा कि वह दुनिया को “देखना” चाहते हैं, इसलिए उन्होंने पढ़ाई करने का फैसला किया है।

यूपी का पहला सोलर एक्सप्रेसवे बनेगा बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे

पीपीपी मॉडल के तहत लगाए जाएंगे सोलर प्लांट्स, 550 मेगावॉट सोलर पावर जेनरेशन का लक्ष्य।

परियोजना के पूरा होने पर एक्सप्रेसवे से जुड़े 1 लाख घरों को प्रतिदिन किया जा सकेगा रोशन।

रामकृष्ण पाण्डेय | navpravah.com

लखनऊ | उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रही योगी सरकार बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को प्रदेश के पहले सोलर एक्सप्रेसवे के रूप में विकसित करने जा रही है। सरकार बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर पीपीपी मॉडल के तहत सोलर प्लांट्स लगाएगी, जिसके माध्यम से 550 मेगावॉट सोलर पावर जेनरेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरकार ने इसके लिए बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर 1700 हेक्टेयर भूमि भी चिन्हित की है। कई बड़ी कंपनियां इस परियोजना में दिलचस्पी ले रही हैं। इस परियोजना के पूरा होने पर एक्सप्रेसवे से जुड़े 1 लाख घरों को प्रतिदिन रोशन किया जा सकेगा। इस परियोजना की लाइफ 25 वर्ष होगी, जबकि पे बैक पीरियड 10 से 12 वर्ष निर्धारित किया गया है।

जल्द शुरू होगी बोली प्रक्रिया-

उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडीए) इस परियोजना को मूर्त रूप देने में जुटा है। वर्तमान में परियोजना से जुड़ी ड्यू डिलिजेंस स्टडी पूरी हो चुकी है, जबकि एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई स्टेज) भी अगस्त 2023 में पूरा हो चुका है। यही नहीं परियोजना के लिए डेवलपर्स के चयन के लिए प्रस्ताव हेतु अनुरोध (आरएफपी) को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। बोली प्रक्रिया के भी जल्द शुरू होने की संभावना है। 8 प्रमुख सोलर पावर डेवलपर्स ने अक्टूबर 2023 में प्रेजेंटेशन पूरा कर लिया है। इनमें टस्को लि., टोरेंट पावर लि., सोमाया सोलर सॉल्यूशंस प्रा. लि., 3 आर मैनेजमेंट लि., अवाडा एनर्जी लि., एरिया बृंदावन पावर लि., एरिशा ई मोबिलिटी और महाप्राइट शामिल हैं।

एक्सप्रेसवे की ऊर्जा आवश्यकताओं की होगी पूर्ति-

इस परियोजना को भविष्य में एक्सप्रेसवे के किनारे विकास के लिए ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ ही ई-मोबिलिटी के लिए आधारशिला के तौर पर देखा जा रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने पर बड़ी मात्रा में ग्रीन एनर्जी जेनरेट होगी। ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन कम होगा और जलवायु परिवर्तन की दर में कमी आएगी। एक एनर्जी सोर्स में वृद्धि होगी, जिससे ओपन ग्रिड एक्सेस के रूप में आर्थिक गतिविधियों में भी इजाफा होगा। इसके माध्यम से स्थानीय रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही, बिजली का उपयोग आस-पास के समुदायों द्वारा किया जा सकता है। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे पर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग और अन्य ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति होगी। यही नहीं, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को सोलर एक्सप्रेसवे के रूप में विकसित करने से यूपीडीए को भी बड़े पैमाने पर लाभ होगा। इसके माध्यम से यूपीडीए को लीज रेंट के रूप में 4 करोड़ रुपए की आय की संभावना है। साथ ही, उत्पन्न ऊर्जा के विक्रय के भाग के रूप में उसे 50 करोड़ रुपए वार्षिक लाभ मिल सकता है। साथ ही बुंदेलखंड, पूर्वांचल, आगरा-लखनऊ और गोरखपुर एक्सप्रेसवे पर सोलर प्लांट्स लगने से उसे ऊर्जा खपत पर सालाना 6 करोड़ रुपए का लाभ हो सकता है।

सोलर प्लांट के लिए उपयुक्त है बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे-

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, सोलर पावर प्लांट्स के उत्कृष्ट विकास का अवसर प्रदान करता है। सबसे प्रमुख वजह यहां भूमि की आसान उपलब्धता है। इसके अलावा यह ड्राई रीजन (शुष्क क्षेत्र) है और साफ मौसम के साथ ही यहां प्रति वर्ष लगभग 800-900 मिमी औसत वर्षा होती है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे आधुनिक औऱ सुविधा संपन्न एक्सप्रेस-वे में भी शुमार है। 4 लेन वाले इस 296 किमी लंबे हाइवे में मेन कैरियज-वे व सर्विस लेन के तौर पर दो हिस्से हैं। इन्हीं दोनों के बीच लगभग 15 से 20 मीटर चौड़ाई की पट्टी वाला क्षेत्रफल पूरे एक्सप्रेस-वे में फिलहाल खाली है जिसे कृषि भूमि से अलग करने व बाड़ लगाने के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। अब इसी क्षेत्र को सोलर पैनल्स से पाटने की योजना है और इससे पूरा एक्सप्रेस-वे सौर ऊर्जा से लैस एक्सप्रेस-वे की दिशा में अभूतपूर्व कदम उठा सकेगा।

UP: माफिया विजय मिश्रा पर फिर योगी सरकार का हंटर, 23 करोड़ की अचल संपत्ति ज़ब्त

रामकृष्ण पाण्डेय | navpravah.com

भदोही (उप्र)। पूर्वांचल के भदोही के बाहुबली पूर्व विधायक एवं शासन स्तर से चिन्हित सफेदपोश माफिया विजय मिश्रा व उसके कुनबे पर लगातार प्रशासन का हंटर चल रहा है। जनपद पुलिस ने मंगलवार को 04 बीघा, साढ़े 7 बिस्वा (0.773 हेक्टेयर) भूमि राज्य सरकार के पक्ष के ज़ब्त की है। जिसकी कुल अनुमानित कीमत 23 करोड़ 20 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक भदोही डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त अचल संपत्ति जेल में बंद गैंगलीडर पूर्व विधायक विजय मिश्रा की बेटी सीमा मिश्रा (पत्नी हरिशंकर मिश्रा) एवं वैष्णवी (पुत्री हरिशंकर मिश्रा) निवासी अलोपीबाग, जनपद प्रयागराज के नाम दर्ज है। करोड़ों की यह भूमि प्रयागराज शहर के निकट फूलपुर थाना क्षेत्र के पट्टीधीना (लालापुर) में स्थित थी, जिसे डुगडुगी बजाकर राज्य सरकार के पक्ष में ज़ब्त करते हुए जनपदीय पुलिस व राजस्व विभाग की टीम द्वारा सील कर नोटिस बोर्ड चस्पा कर दिया गया।

कुर्की की यह कार्रवाई गैंग लीडर विजय मिश्रा के विरुद्ध धारा-14(1) गैंगेस्टर एक्ट के तहत डीएम भदोही गौरांग राठी द्वारा दिये गए आदेश के क्रम में की गई। विजय मिश्रा द्वारा दुनियावी आर्थिक लाभ हेतु आपराधिक कृत्यों से अर्जित धन को वैध रूप देने के लिए बेटी व पोती के नाम भूमि खरीदने का आरोप था।

विजय मिश्रा को हाल में हुई है 15 साल की सजा, 85 करोड़ की संपत्ति अब तक जब्त-

करीब 03 साल से जेल में बंद विजय मिश्रा को हाल ही में वाराणसी की गायिका से दुराचार धारा-376 (2)(N) के मामले में 15 साल जेल व 01 लाख के जुर्माने की सजा भदोही की एमपी-एमएलए कोर्ट ने सुनाई थी। जबकि उसी मामले में पुत्र विष्णु मिश्रा व नाती विकास मिश्रा को कोर्ट ने बरी कर दिया था।

विजय मिश्रा पर दुष्कर्म, हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, अपहरण व गैंगस्टर सहित 83 आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट के तहत विजय मिश्र व करीबियों की अब तक करीब 85 करोड़ रुपये से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति ज़ब्त हो चुकी है।

एंटीस्लीप डिवाइस से यूपी की बसें होंगी सुरक्षित, रोड एक्सीडेंट्स पर लगेगा ब्रेक

  • यात्रियों की सुरक्षा और एक्सीडेंट की घटनाओं में कमी लाने के लिए योगी सरकार लगाएगी डिवाइस
  • प्रायोगिक तौर पर शुरुआत में 10 बसों में लगाया जा रहा है एंटी स्लीप डिवाइस

रामकृष्ण पाण्डेय | navpravah.com

लखनऊ |  राज्य परिवहन विभाग यात्रियों और वाहनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नज़र आ रही है। रोडवेज़ बसों का एक्सीडेंट न हो, इस बाबत परिवहन विभाग ने बसों में एंटी स्लीप डिवाइस लगाने की योजना तैयार की है। प्रायोगिक तौर पर अभी यह 10 बसों में लगाया जा रहा है। इस डिवाइस को लगाने में लगभग 14000 रुपए प्रति यूनिट  खर्च आएगा।

परिवहन निगम यात्रियों को सुरक्षित यात्रा कराने के लिए लगातार नई-नई तकनीक का प्रयोग कर रहा है। इससे पूर्व निगम की बसों में पैनिक बटन भी लगाया गया है।

प्रथम चरण में 680 बसों में लगेगी डिवाइस-

उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में एंटी स्लीप डिवाइस लगाए जाने के लिए एजेंसी का चयन हो चुका है। उन्होंने बताया कि मे० इनसेप्टम टेक्निका सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड का चयन विभाग द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि यह सफल रहा तो जल्द ही प्रथम चरण में 680 बसों में एंटी स्लीप डिवाइस लगाई जाएगी।

एक्सीडेंट की आशंका पर ब्लिंक होने लगेगा डिवाइस
परिवहन मंत्री ने बताया कि एंटी स्लीप डिवाइस लोगों के सुरक्षा के लिए बहुत ही कारगर साबित होगा। उन्होंने बताया कि एक्सीडेंट की आशंका को देखते हुए इस एंटी स्लीप डिवाइस के माध्यम से एलईडी पर ब्लिंक होने लगेगा, जो की नाइट मोड में 5 से 8 सेकंड तथा डे-मोड में 6 से 9 सेकंड का होगा। तत्पश्चात बजर की आवाज़ आनी शुरू होगी। इसके पश्चात् सायरन बजेगा,  तत्पश्चात एसएमएस मुख्यालय पर पहुंच जाएगा। उन्होंने बताया कि क्लाउड पर डाटा भी स्टोर हो जाएगा।

UP: भदोही में 65 लाख की अंग्रेजी शराब बरामद, ट्रक से झारखंड ले जा रहे 2 तस्कर धरे गए

रामकृष्ण पाण्डेय | navpravah.com

भदोही के थाना भदोही व स्वाट की संयुक्त टीम ने नेशनल तिराहे पर रात्रि चेकिंग के दौरान ट्रक पर लदे 740 पेटी अवैध अंग्रेजी व्हिस्की शराब संग 02 तस्करों को दबोचने में कामयाबी हासिल की है। तस्कर पकड़ी गई 6602 लीटर इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की अंग्रेजी शराब हरियाणा से ट्रक पर लादकर खपाने हेतु झारखंड ले जा रहे थे।

बरामद अंग्रेजी शराब की कीमत 65 लाख है और ट्रक वाहन की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस सोनीपत निवासी ट्रक मालिक की तलाश करने व गिरफ्तार तस्करों के आपराधिक इतिहास खंगालने में भी जुटी हुई है।

एडीजी जोन, वाराणसी के द्वारा अवैध मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन के कुशल निर्देशन में भदोही पुलिस जनपद के रास्ते हो रही अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर बेहद सक्रिय है। रात्रि गस्त व चेकिंग के दौरान भदोही नेशनल तिराहे के पास थाना भदोही पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने एक संदिग्ध ट्रक को पकड़ा। जांच पड़ताल में ट्रक से व्यापक मात्रा में करीब 740 पेटी इंपीरियल ब्लू व्हिस्की अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने ट्रक पर मौजूद दो अंतर्राज्यीय तस्करों को भी दबोचने में सफलता हासिल की। तस्करों ने पूछताछ में बताया कि वह उक्त अंग्रेजी शराब हरियाणा से क्रय कर 10 चक्का ट्रक पर लादकर झारखंड राज्य में महंगे दामों पर खपाने हेतु ले जा रहे थे। बरामद 6602 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब की कीमत 65 लाख रुपए, जबकि 10 चक्का ट्रक वाहन की कीमत करीब 25 लाख रुपए सहित कुल बरामदगी 90 लाख की बताई जा रही है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि गिरफ्तार अंतरराज्यीय तस्कर रोहित गालयान एवं जोगिंदर सिंह पानीपत, राज्य-हरियाणा के रहने वाले हैं। मुकदमा दर्ज कर तस्करों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद ट्रक के मालिक गुरुजी उर्फ विजय निवासी सोनीपत, हरियाणा की तलाश की जा रही है। साथ ही तस्करों के आपराधिक इतिहास भी खंगाले जा रहे हैं। एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली सफल पुलिसकर्मियों को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।