32 C
Mumbai
Wednesday, September 9, 2026
Home Blog Page 1271

बजट 2016-17 गरीब,किसान,ग्रामीण वर्ग का बजट

AnandDwivedi@Navpravah.com

वित्त मंत्री जेटली का बजट मध्यम वर्ग के लिए भले ही कोई ख़ास सौगात न लाया हो, लेकिन किसानों के लिए किसी गिफ्ट हैम्पर से कम नहीं है. बजट में गाँव, किसान, खेती, ढांचागत सुविधाओं के विकास और कमजोर तबके को जबरदस्त राहत दी गई है. मोदी सरकार ने 2022  तक किसानों की आय दोगुनी करने को दृष्टि रखते हुए कृषि व् किसान कल्याण के लिए 35984 करोड़ रखे हैं और ग्रामीण विकास के लिए 87765 करोड़.

हालांकि कुछ लोग इसे रॉबिनहुड सरकार का बजट भी कह रहे हैं जो अमीरों की तिजोरियों से निकालकर गरीब,किसान तबके को राहत पहुंचाने की कवायद है. सरकार का फोकस आगामी चुनावों पर भी है.

आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला के अनुसार, “ वित्त मंत्री के लिए यह बजट भारी परेशानी झेल रहे कृषि क्षेत्र और इन्फ्रास्ट्रक्चर विस्तार की जरूरत को वित्तीय अनुशासन के साथ पूरा करने की दृष्टि से बेहद संतुलित काम था. ग्रामीण भारत पर उन्होंने सही ढंग से फोकस किया है. चाहे कृषि उत्पादन बढ़ाने , कृषि आय बढ़ाने, ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर सुधारने, इन्फ्रास्ट्रक्चर, इलेक्ट्रिफिकेशन, डिजिटल लिटरेसी, जॉब क्रिएशन,का सवाल हो,सभी क्षेत्रों को, उन्होंने पर्याप्त तवज़्ज़ो दी है. इसका संकेत पिछली सरकार की योजना (मनरेगा) को मौजूदा सरकार द्वारा भी पर्याप्त उत्साह के साथ जारी रखते हुए अब तक के सर्वाधिक 38500 करोड़ रुपये आवंटित करने से मिलता है.”

विपक्ष ने इसे धोखे का बजट भले ही ठहराया हो लेकिन देखा जाए तो इसके दूरगामी परिणाम सामने आयेंगे. ऐसे बजट को Populist Budget कहा जाता है जिसमें उस तबके को आराम दिया जाए जिसकी स्थिति पिछले समय में बदतर होती आई हो.

जेटली के बजट की झलकियाँ:

सर्विस टैक्स 14.5 से बढ़कर 15% हुआ. जिसमें 0.5 % कृषि कल्याण सेस लगाया गया है जिसका आम जनता पर कुछ खासा बोझ नहीं पड़ेगा. उत्पाद शुल्क भी बढ़ा दिया गया है.

हीरे-सोने के जेवरात, 1000 रूपये तक के ब्रांडेड कपड़े छोड़कर,सभी तम्बाकू उत्पाद,हवाई सफ़र,बैंकिंग सेवा,बीमा पॉलिसी, रेस्तरां में खाना,मिनरल वाटर,प्लास्टिक बैग,क्रेडिट-डेबिट कार्ड धारण करना,कैब-टैक्सी सेवा, ब्यूटी पार्लर जाना, मल्टीप्लेक्स में फ़िल्में देखना,जिम जाना, ई-रेल टिकट, मोबाइल बिल्स पर मंहगाई की गाज गिरी.

आईटी सेक्टर से जुड़ी सामग्रियों पर से 10 % का बुनियादी उत्पाद शुल्क हटा लिया गया है.
निरामय स्कीम के तहत जनरल इंश्योरेंस पर छूट मिली, जूते-चप्पल, सोलर लैंप, राउटर, ब्रॉडबैंड मॉडेम, सेटटॉप बॉक्स, डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर, सीसीटीवी कैमरा, इलेक्ट्रिक वाहन, रेफ्रीजरेटेड कंटेनर्स, माइक्रोवेव ओवेन्स, सेनिटरी पैड्स, दिव्यान्गों के उपकरण, ब्रेल पेपर, देश में बने मोबाइल, कंप्यूटर सॉफ्टवेयर सस्ते हुए हैं.

कारोबारी वर्ग के लिए, आयकर ऑडिट में छूट 1  करोड़ रुपये टर्नओवर से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की हो गई है . इसका देशभर के तकरीबन 33 लाख छोटे व् मध्यम उद्यमियों को लाभ मिलेगा. MSME श्रेणी वाले उद्यमियों को भी लाभ मिलेगा.

5 करोड़ रुपये तक के टर्नओवर वाली कम्पनियों के लिए कॉर्पोरेट टैक्स 1 प्रतिशत घटा दिया गया, जो अब 30% से 29% हो गया है.

नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स पर कॉर्पोरेट टैक्स 25%  (मय सेस व सरचार्ज), अगर वो मुनाफ़े,निवेश से जुड़ी कोई कटौती का दावा न करें.

साथ ही मध्यम वर्ग के लिए ईपीएफ खाते से रकम निकालने पर 60% राशि पर टैक्स देना होगा. बाकी 40% टैक्स फ्री है. इसमें टीडीएस की सीमा 30000से बढ़ाकर 50000 रूपये की गई.

स्टार्टअप के लिए जेटली सौगात लेकर आए हैं. अप्रैल 2016 से मार्च 2019 के बीच शुरू होने वाले स्टार्टअप को पांच में से तीन वर्ष के मुनाफ़े पर 100% कर छूट.

स्टार्टअप कम्पनियों का पंजीकरण एक दिन में होगा.

कालाधन वालों को 45% पेनाल्टी देकर अपना धन वाइट मनी में कन्वर्ट करना होगा. इसके लिए विशेष खिड़की1 जून से 30 सितम्बर 2016 तक खुली रहेगी. इसमें 30% टैक्स ,7.5% पेनाल्टी शामिल होगी. इस योजना में कालाधन जाहिर करने वालों पर ना ही कोई मुकदमा चलेगा और न ही कोई जांच की जायेगी.

होमलोन वालों के लिए भी काफी राहत है. पहली बार मकान खरीदे जाने पर 35 लाख रुपये तक के लोन पर 50हजार सालाना की ब्याज छूट मिलेगी. लेकिन मकान की कीमत 50 लाख से ज्यादा न हो. साथ ही 60 वर्गमीटर (324वर्गफीट) तक के फ्लैट पर सर्विस टैक्स में छूट.

व्यक्तिगत टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं हुआ, बल्कि 5 लाख रुपये तक की आय वालों को 3000 रूपये की छूट दी गई है. पहले ये छूट 2000 रुपये थी. अब कुल छूट 5000 रूपये की हो गई है. इससे २ करोड़ आयकरदाताओं को ये लाभ मिल सकेगा.

किराये के मकानों में रहने वालों नौकरीपेशा,व्यावसायिक लोगों को मकान भत्ते पर 60 हजार रूपये की छूट होगी. अभी तक ये सीमा 24 हजार रुपये थी. ये छूट उन्हीं लोगों के लिए है जिन्हें कम्पनी या एम्प्लायर की ओर से कोई मकान भत्ता नहीं मिलता है.

अमीर वर्ग के लिए ये बजट भारी भरकम साबित हुआ. लेकिन उनकी स्थिति को ध्यान में रखते हुए ये मामूली सा ही भार होगा. दस लाख से अधिक की लग्जरी कार पर 1% एक्स्ट्रा टैक्स होगा.

पेट्रोल,एलपीजी,सीएनजी, की छोटी कारों पर 1%, डीजल कारों पर 2.5% और एसयूवी क्लास कारों पर 4% इन्फ्रा सेस लगेगा.
साथ ही 1 करोड़ से ज्यादा आय वालों को अब 12% की जगह 15% सरचार्ज देना होगा.

घोषणाएं:

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कुछ ऐसी घोषणाएं भी कीं जिन्हें एक विकासशील सरकार का सकारात्मक कदम मान सकते हैं, जैसे स्कूल-कॉलेज को डिजिटल सर्टिफिकेट दिया जाएगा,2018 तक देश के हर गाँव को बिजली मुहैया करवाई जाएगी,देश के हर जिला हस्पताल में डायलिसिस यूनिट्स इंस्टाल की जाएँगी, अब छोटी दुकानें भी सप्ताह में सातों दिन खुल सकेंगी, जैसा की बड़े माल्स में होता है. नए कर्मचारियों के 3साल के शुरुआती पीएफ को सरकार भरेगी, साथ ही परिवार का हेल्थ बीमा और भी बहुत कुछ.

बजट विशेष:

=> ये बजट कुल 19.78 लाख करोड़ रुपये का है.
=> वित्त मंत्री जेटली ने बजट अभिभाषण में कुल 37 बार निवेश शब्द तथा 20 बार विकास शब्दों का इस्तेमाल किया.   => किसान और कृषि शब्द क्रमशः 32 व् 24 बार बोले गए.
=> बजट भाषण 12500 शब्दों का रहा. 1991 में जब देश गहन आर्थिक संकट से गुजर रहा था , तत्कालीन वित्त मंत्री मनमोहन सिंह जी ने 18900 शब्दों का भाषण पढ़ा था.

प्रधानमन्त्री मोदी ने इसे गाँव व गरीब का बजट कहा.
इस बजट का पूरा फोकस गाँव,गरीब और किसान पर ही है ऐसा कहना कुछ गलत नहीं होगा. माध्यम वर्ग भले ही इस बजट से नाखुश हो लेकिन उन्हें एक बात समझ लेनी चाहिए कि देश में सर्वाधिक किसान वर्ग भुखमरी,बदहाली का शिकार होता आया है. उत्पादक क्षमता में भारी गिरावट इसका परिणाम है,जिसके कारण मंहगाई भी बढ़ती है. अगर किसान वर्ग संपन्न होगा तो उसकी उत्पादकता पर असर पड़ेगा, चीजें आने वाले समय में अपनेआप सस्ती होती जायेंगी. इसी दूरंदेशी परिणाम को ध्यान में रखते हुए ये बजट बनाया गया है, जिससे मध्यम वर्ग, और अमीर वर्ग नाराज़ भी है. मध्यम वर्ग को बजट में जिन अच्छे दिनों के जादू का इंतज़ार था वो उन्हें नहीं मिल सका.

मोदी सरकार पर धनकुबेरों पर मेहरबान होने का आरोप लगाने वालों की बोलती भी बंद हुई है. व्यापारी वर्ग से अधिक तवज्जो इस बजट में देश के गरीब,किसान,ग्रामीण वर्ग को दी गई, ये एक अच्छी बात है.

संसद में आज दोनों शिक्षा मंत्रियों के ख़िलाफ़ हंगामे की पूरी संभावना

Bureau@navpravah.com

संसद के बजट सत्र के दौरान शिक्षा मंत्रालय के दो मंत्रियों को लेकर संसद का माहौल आज खूब गर्म रहने की संभावना है. रोहित वेमुला पर स्मृति ईरानी के बयान को लेकर एक ओर विपक्ष ने पहले ही से हंगामा खड़ा किया हुआ है, दूसरी ओर शिक्षा राज्य मंत्री रामशंकर कठेरिया भी हत्या के बदले हत्या के बयान को लेकर विवाद में घिर गए हैं. शिक्षा राज्य मंत्री के विवादित बयान पर विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और एमआईएम अध्यक्ष ओवैसी ने कड़ी आपत्ति जताई है. हालांकि कठेरिया का दावा है कि उन्होंने ऐसा बयान नहीं दिया था. इसी मुद्दे पर दोनों सदनों में आज कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा हुआ और कार्यवाही को 15 मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया.

राज्यसभा में विपक्षी दलों ने शोधार्थी रोहित वेमुला की आत्महत्या मुद्दे पर मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी द्वारा संसद में की गयी टिप्पणियों पर विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है. विपक्षी दलों का कहना है कि स्मृति ईरानी ने संसद में 5 जगह गलत तथ्य पेश किए हैं और  जान बूझकर सबको गुमराह किया है. जेडीयू सांसद केसी त्यागी और केटीएस तुलसी ने शनिवार को ही नोटिस दे दिया है. लेफ्ट और कांग्रेस की ओर से भी नोटिस दिया गया है.

गौरतलब है कि कांग्रेस ने सोमवार को स्मृति ईरानी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था. जब वित्तमंत्री अरुण जेटली वर्ष 2016-17 का आम बजट पेश करने के लिए खड़े हुए,विपक्षी पार्टियों ने  लोकसभा में हंगामा खड़ा कर दिया.कांग्रेस के के.सी. वेणुगोपाल खड़े हो गए और उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से  एचआरडी मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन के प्रस्ताव के विषय में पूछताछ शुरू कर दी

वेणुगोपाल ने कहा, “आम बजट के दिन ऐसा करना मेरे लिया दुखद है. मैंने एचआरडी मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाया है.” इसके बाद लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे व पार्टी के अन्य सदस्य भी खड़े हो गए और उन्होंने उस नोटिस पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की. इस पर संसदीय कार्यमंत्री वेंकैया नायडू ने आपत्ति जताते हुए कहा, “बहुत ही घटिया राजनीति की जा रही है. ये सब रेकॉर्ड में नहीं जाना चाहिए.”

शोरगुल के बीच महाजन ने उत्तेजित सदस्यों से अनुरोध किया कि हंगामा न करें और मंत्री को बजट पेश करने दें. महाजन ने कहा, “मुझे 26 और 29 फरवरी को स्मृति ईरानी के खिलाफ नोटिस मिला है. वह मामला मेरे पास विचारार्थ है.”

नितीश के जन्मदिन पर पीएम मोदी ने दी बधाई

Bureau@navpravah.com

बिहार के सीएम नीतीश कुमार के जन्मदिन के मौके पर उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है. प्रधानमंत्री ने ट्वीट करके उनकी लंबी उम्र और अच्छी सेहत की कामना की है. वहीं ट्वीटर पर नीतीश कुमार ने आम बजट 2016 को लेकर केंद्र सरकार पर ढेरों फब्तियां कासी हैं.

बिहार चुनाव के दौरान भी दोनों नेताओं के बीच जमकर जुबानी जंग हुई थी. हालांकि, इसमें बीजेपी की शिकस्त हुई थी और नीतीश कुमार लालू प्रसाद यादव की मदद से फिर बिहार के मुख्यमंत्री बन गए.

नितीश और मोदी की नोक झोंक तो हमेशा से ही चर्चा का विषय होती है.लेकिन कमाल तो तब हुआ जब पिछले दिनों मोदी के औचक पाकिस्तान दौरे को लेकर देशभर में विपक्ष ने जहां विरोध जताया वहीं नीतीश ने उनका समर्थन किया था. लालू ने भी मोदी का विरोध किया था, उसके बावजूद नितीश ने पकिस्तान दौरे के लिए मोदी का समर्थन किया.

नीतीश कुमार का जन्म पटना-बख्तियारपुर के गांव कल्याणबिगहा में 1 मार्च 1951 को हुआ था. नितीश कुमार आज 65 वर्ष के हो गए.नीतीश ने जेपी आंदोलन के साथ अपना नाता जोड़ा और केंद्र में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं. बिहार में उनकी छवि एक ईमानदार नेता की है.

गौरतलब है कि एनडीए ने जब नरेंद्र मोदी को पीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया था, नीतीश कुमार एनडीए से अलग हो गए थे.

अब तीन घंटे के भीतर पूरी करनी होगी 199किमी तक की अनारक्षित रेल यात्रा

Bureau@navpravah.com

भारतीय रेल ने अनारक्षित रेल टिकटों पर आज से नए नियम लागू किए हैं. नए नियम के मुताबिक़ अब 199 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए अनारक्षित टिकट,खरीदने के सिर्फ तीन घंटे बाद तक ही वह वैध माना जाएगा.

इसका अर्थ है कि यदि आपने अनारक्षित टिकट लिया है और आप 199 किलोमीटर या उससे कम की रेल यात्रा कर रहे हैं तो, आपको तीन घंटे में ही यात्रा खत्म करनी होगी. इसके बाद यदि आपके पास टिकट है भी तो वह अवैध माना जाएगा और जुर्माना लगाया जाएगा.

हालांकि, टिकट लेने के तीन घंटे के अंदर अगर कोई ट्रेन रवाना नहीं हुई, तो जो भी पहली गाड़ी गंतव्य की ओर रवाना होगी, उसके खुलने के समय से तीन घंटे तक टिकट वैध रहेगा. इसके साथ ही नए नियमों के तहत 199 किलोमीटर तक की रेल यात्रा के लिए अनारक्षित टिकट वापसी की सुविधा भी आज से खत्म कर दी गई है.

5 साल में किसानों की आय को दोगुना करना संभव नहीं -मनमोहन सिंह

Bureau@navpravah.com

कृषि व किसानों के विकास के लिए बजट में काफी कुछ है, जिसकी कई अर्थशास्त्रियों से लेकर कंपनी मालिकों ने प्रशंसा की है, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री व वरिष्ठ अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह ने किसानों से किए गए वादे को असंभव बताया. बजट भाषण की आलोचना करते हुए सिंह ने कहा कि इतने कम समय में किसानों की आय को दोगुना करना संभव नहीं है.

मनमोहन सिंह ने 2016-17 के बजट को बेहद सामान्य बताया. उन्होंने कहा कि इस बजट में कोई बड़ी घोषणा नहीं हुई है. मात्र एक घोषणा बड़ी है, जो किसानों की आय को लेकर है. और वह भी प्रधानमंत्री 2 दिन पहले ही बरेली में कह कर आए हैं कि वे चाहते हैं कि 2022 तक किसान वर्तमान आय का दोगुना कमाएं. उन्होंने कहा कि इस घोषणा को मूर्त रूप देने के लिए कृषि विकास दर को 14 फीसदी रखनी होगी.

मनमोहन सिंह ने वित्त मंत्री के इस घोषणा पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि सरकार बता नहीं सकती कि यह लक्ष्य कैसे प्राप्त किया जा सकता है. हालाँकि पूर्व प्रधानमंत्री ने इस बात की खुशी भी व्यक्त की कि सरकार पिछले वर्ष तय किए गए वित्तीय घाटे का लक्ष्य पूरा करने में सफल रही.

हालाँकि नए वित्तीय बजट से वे लोग नाराज़ हैं जो मंहगी गाड़ियों, ब्रांडेड कपडे और तम्बाकू से बनी चीज़ों को काफी इस्तेमाल करते हैं.

बजट 2016 : ये अच्छे हैं या बुरे दिन ?

Bureau@navpravah.com

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सोमवार को संसद में आम बजट 2016-17 पेश कर दिया है. इस आम बजट में कुछ चीज़ों में आम जनता को राहत मिलेगी तो कई ऐसी चीज़ें हैं, जिनके दाम बढ़ेंगे. इसमें कई ऐसी चीज़ें हैं, जिनसे आम जनता की जेब ढीली होगी.

आम बजट में जहां कर्मचारियों के पीएफ में राहत मिली है वहीं ज्वेलरी और तेल के दामों में बढ़ोत्तरी हुई है. आइए जानते हैं कि किन चीज़ों के दाम आपकी जेब में सेंध लगाएंगे.

*कोयला हुआ मंहगा
*ब्रांडेड कपडे हुए मंहगे
*मोबाइल बिल हुआ मंहगा
*होटल में खाना हुआ मंहगा
*बीमा पालिसी भी मंहगा
*हवाई सफर हुआ मंहगा
*रेल टिकट भी मंहगा
*फिल्म देखना भी हुआ ज़्यादा खर्चीला
*ब्यूटी पार्लर भी देगा ज़्यादा बिल

*10 लाख से ज्यादा की कार महंगी
*हर तरह की गाड़ियां हुईं महंगी
*डीजल गाड़ियों पर 2.5 फीसदी टैक्स बढ़ा
*एसयूवी में 4 फीसदी टैक्स बढ़ा
*सिगरेट महंगी, बीड़ी छोड़कर हर तंबाकू उत्पाद महंगा
*सोने और हीरे के गहने महंगे

 

आम बजट में स्वच्छता, किसानों और डिजिटलाइजेशन पर फोकस

AmitDwivedi@navpravah.com

वित्त मंत्री अरुण जेटली के बजट भाषण शुरू करते ही सेंसेक्स में उछाल देखने को मिला. लगातार बढ़ती मंहगाई से परेशान जनता को इस आम बजट से बड़ी उम्मीदें हैं. इस बार के बजट में केंद्र सरकार ने किसानों की सुविधाओं, स्वच्छता, स्वास्थ्य, व्यवसाय, डिजिटलाइजेशन और आंचलिक विकास पर फोकस किया है.

वित्त मंत्री ने आम बजट के दौरान देश के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की बात कही. उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा फोकस देश के सही मायने में विकास पर है. और हमने बजट उन सभी बिन्दुओं पर ध्यान दिया है, जिससे देश की जनता विकास मार्ग पर स्वयं को प्रशस्त पाए.

 

अब तक के बजट हाइलाइट्स-

*जीडीपी बढ़कर 7.6 फीसदी
*विदेशी मुद्रा में उछाल
*निर्यात में 4.4 फीसदी की गिरावट
*कमज़ोर तबके को अधिक संसाधन देने पर फोकस
*बीपीएल परिवारों को रसोई गैस देने की योजना
*किसानों के लिए पीएम फसल बीमा योजना
*कमज़ोर वर्गों के लिए तीन योजनाएं शुरू
*वन रैंक वन पेंशन से बोझ बढ़ा
*किसानों की आय 5 साल में दोगुनी करने का लक्ष्य
*टैक्स को तर्कसंगत बनाने की कोशिश
*आधार कार्ड को कानूनी दर्ज़ा देने की योजना
*कृषि के लिए 35985 करोड़ का फंड
*5 साल में सिंचाई पर 86500 करोड़ खर्च करने की योजना
*23 सिंचाई योजनाएं एक साल होंगी पूरी
*आर्गेनिक खेती पर दिया जाएगा ध्यान, एक्सपोर्ट पर करेंगे काम,
*होलसेल एग्रीकल्चर मार्किट तक पहुँचने के लिए ई प्लेटफॉर्म
*किसानों के लिए 12 राज्यों में ई पोर्टल की योजना
*प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के लिए 19000 करोड़
*दालों का उत्पादन बढ़ाने के लिए 500 करोड़
*स्वच्छ भारत के तहत कचरे से बनेगी खाद
*सडकों का लक्ष्य 2019 तक करेंगे पूरा
*मनरेगा के लिए 38500 करोड़ रूपए
*फसल बीमा के लिए 5500 करोड़ रूपए
*1 मई 2018 तक देश के सभी गाँव में बिजली होगी
*स्वच्छ भारत के लिए 9000 करोड़ रूपए
*डेरी उद्योग के लिए 850 करोड़ रूपए
*गाँवों में डिजिटल साक्षरता योजना
*गरीबों के लिए नई स्वास्थ्य योजना
*हर डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में डाइलिसिस की सुविधा होगी उपलब्ध
*सस्ती दवाइयों के लिए 3000 दुकानें खुलेंगी
*स्किल इंडिया के लिए 1700 करोड़ रूपए दिए जाएंगे
*62 नए नवोदय विद्यालय खोले जाएंगे
*स्कूल कॉलेज डिजिटल सर्टिफिकेट बनेगा
*ईपीएफओ के लिए 1000 करोड़ रूपए
*हायर एजुकेशन के लिए 1000 करोड़ रूपए
*सडकों के लिए 55000 करोड़ रूपए का प्रावधान
*10000 किलोमीटर का नया हाइवे
*हाइवे निर्माण के लिए 55000 करोड़
*160 एयरपोर्ट का करेंगे विकास
*पीपीपी से जुड़े विवादों के लिए नए कानून बनाए जाएंगे
*प्रति परिवार के लिए 1 लाख का मेडिकल बीमा
*ग्रामीण गरीब महिलाओं को एलपीजी गैस देने पर फोकस
*बैंकों की सेहत सुधारने के लिए योजनाएं

ऑस्कर 2016: प्रियंका चोपड़ा ने बिखेरा जलवा

Entertainment desk 

ऑस्कर 2016 के स्टेज पर भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने भी अपना जलवा बिखेरा. ऑस्कर अवार्ड समारोह में प्रियंका ने बेस्ट एडिटिंग अवार्ड प्रेजेंट किया. हालाँकि इसके पहले प्रियंका एसजी पुरस्कार भी प्रेजेंट कर चुकी हैं. अमेरिका के लॉस एंजेलिस में होने वाले इस समारोह में प्रियंका चोपड़ा काफी खूबसूरत नज़र आ रही हैं. प्रियंका की ऑस्कर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड होते ही वाइरल हो गईं.
भारत से अभी तक कुल 48 फिल्मों को ऑस्कर के लिए भेजा गया है. इस वर्ष भारत की ओर से विदेशी फिल्मों की कैटेगरी में मराठी फिल्म ‘कोर्ट’ को जगह मिली थी लेकिन वो अंतिम पांच में जगह नहीं बना पाई. ऑस्कर सेरेमनी को हॉलीवुड एक्टर क्रिस रॉक प्रस्तुत कर रहे हैं.
फिलहाल, ऑस्कर अवार्ड्स में प्रियंका चोपड़ा की उपस्थिति से भारत में काफी उल्लास है. खासकर सोशल मीडिया पर इस बात की काफी चर्चा है. फेसबुक, ट्विटर से लेकर लिंकडिन जैसे सोशल प्लेटफॉर्म पर प्रियंका की तस्वीरें तेज़ी के साथ शेयर की जा रही हैं.

इन्हे मिला ऑस्कर अवार्ड 2016-

 

बेस्ट ओरिजिनल स्क्रीनप्ले, टॉम मैकेर्थी और जोश सिंगर को फिल्म ‘स्पाॅटलाइट’ के लिए अवॉर्ड दिया गया.
बेस्ट अडॉप्टेड स्क्रीनप्ले, चार्ल्स रैन्डोल्फ एडम मैके को फिल्म ‘द बिग शॉर्ट’ के लिए अवॉर्ड दिया गया.
बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस, एलिसिया विकान्दर को फिल्म ‘द डेनिश गर्ल’ के लिए अवॉर्ड दिया गया.
बेस्ट कॉस्टयूम डिजाइनर, जेनी बीवान को फिल्म मैड मैक्स- फ्यूरी रोड के लिए अवॉर्ड दिया गया.
बेस्ट प्रोडक्शन डिजाइन फिल्म ‘मैड मैक्स-फ्यूरी रोड’
मेकअप एंड हेयरस्टाइलिंग फिल्म ‘मैड मैक्स-फ्यूरी रोड’
बेस्ट सिनेमैटोग्राफी, रसेल मैक एडम्स को फिल्म ‘द रेवेनेंट’ के लिए दिया गया.
बेस्ट एडिटिंग, मार्गरेट सिक्सल को फिल्म ‘मैड मैक्स- फ्यूरी रोड’ के लिए अवॉर्ड दिया गया. इस अवार्ड को प्रियंका चोपड़ा और लीव स्क्रिबर ने प्रदान किया.
बेस्ट साउंड मिक्सिंग, फिल्म ‘मैड मैक्स- फ्यूरी रोड’
बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स, एक्स मैचिना को फिल्म ‘मैड मैक्स-फ्यूरी रोड’ को मिला.
बेस्ट एनिमेटेड शॉर्ट फिल्म का अवॉर्ड फिल्म ‘बेयर स्टोरी’ को मिला.
बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर मार्क रिलेंस को फिल्म ‘ब्रिज ऑफ स्पाईज’ के लिए अवॉर्ड दिया गया.
बेस्ट डॉक्युमेंट्री आसिफ कपाड़िया को फिल्म ‘एमी’ के लिए अवॉर्ड‍ दिया गया.
बेस्ट डॉक्युमेंट्री (शॉर्ट फिल्म) ‘अ गर्ल इन द रिवर : द प्राइस ऑफ फॉरगिवनेस’ को मिला.

मोहम्मद रफ़ी के बेटे ने कहा, देश में मुसलमान असुरक्षित

Bureau@navpravah.com

देश में असुरक्षा का मामला एक बार फिर से उठता नज़र आ रहा है. इस बार असुरक्षित महसूस करने वाला बयान मशहूर गायक मोहम्मद रफ़ी के बेटे शाहिद रफ़ी ने दिया है. उन्होंने वर्तमान सरकार के बारे में भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि देश में ऐसी स्थिति बनी हुई है कि मुसलमान अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.

मशहूर गायक मोहम्मद रफ़ी के पुत्र शाहिद रफ़ी अब केंद्र सरकार की आलोचना करते नज़र आए हैं. उन्होंने केंद्र सरकार के बारे में कहा कि इस सरकार में अल्पसंख्यक खुद को तकलीफ में महसूस कर रहे हैं, खासकर मुस्लिमों की स्थिति सोचनीय होती जा रही है. आगरा में ताज साहित्य महोत्सव के इतर शाहिद ने अपने पिता को मरणोपरांत भारत रत्न प्रदान करने की भी बात दोहराई.

शाहिद ने कहा कि वर्तमान में मुसलमान भयभीत हैं. अल्पसंख्यकों पर हुए हमले से लेकर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई को उन्होंने गलत करार दिया. शाहिद गत माह कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. इस सन्दर्भ में उन्होंने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि उन्होंने कांग्रेस को इसलिए चुना क्योंकि यह एक लोकतान्त्रिक और धर्मनिरपेक्ष पार्टी है.

शाहिद के इस बयान पर भाजपा के एक नेता ने कहा कि यह कांग्रेस से प्रभावित होकर दिया गया है. देश में शाहिद रफ़ी के अलावा भी लाखों मुसलमान हैं जो वर्तमान केंद्र सरकार को विकास की दिशा में आगे बढ़ने वाली सरकार कहा रहे हैं, क्या उन्हें हम झुठला सकते हैं.

पोर्न देखते हैं ? …तो ये ज़रूर पढ़ें

Bureau@navpravah.com

अगर आप अक्सर पोर्न सामग्री देखते हैं तो आपको अब संयम बरतना पडेगा. एक प्रतिष्ठित समाचार एजेंसी के मुताबिक़ यदि आप लगातार पोर्न सामग्री देखते हैं तो आप मानव तस्करी से जुडी तमाम बुराइयों से प्रभावित हो सकते हैं. ऐसा भी संभव है कि आपकी सोच और मान्यताएं भी इन बुराइयों से प्रभावित हो जाए. खबर के मुताबिक़ एक शोध में इस बात का दावा किया गया है.

पोर्नोग्राफी देखने और स्ट्रिप बार जाने वाले ऐसे कई लोगों पर किए गए शोध में यह पाया गया कि ये कुछ समय के बाद मानव तस्करी जैसे अपराधिक कृत्यों के प्रति आकर्षित हो जाते हैं. टेक्सास क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी और नार्थइस्टर्न यूनिवर्सिटी कोलाराडो कॉलेज की एक टीम के शोध में इस तरह की बातें सामने आई.

यह अध्ययन ‘आइडेंटीफाइंग इफेक्टिव काउंटर-ट्रैफिकिंग प्रोग्राम्स एंड प्रैक्टिस इन द यूएस लेजिसलेटिव, लीगल एंड पब्लिक ओपिनियन स्ट्रेटेजिस दैट वर्क’ नाम से प्रकाशित हुआ है.

एक न्यूज़ नेटवर्क ने भी इस सम्बन्ध में एक रिपोर्ट जारी किया है कि ‘सेक्स संबंधित व्यवहार मानव तस्करी के बारे में सोच को प्रभावित करते हैं. अध्ययन में यह भी बताया गया है कि किस तरह से इस तरह से इसमें लिप्त व्यक्ति अपराध की ओर बढ़ता जाता है. अध्ययन के निष्कर्ष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ जस्टिस की ओर से प्रकाशित हुए हैं.