32 C
Mumbai
Wednesday, September 9, 2026
Home Blog Page 1270

टी20 वर्ल्डकप में भारतीय टीम नज़र आएगी नयी जर्सी में

ShikhaPandey@navpravah.com
टी20 वर्ल्डकप 2016 की रोमांचक शुरुवात 8मार्च से हो रही है. इस वर्ल्डकप टूर्नामेंट की एक और रोमांचक बात यह होगी कि इसमें भारतीय पुरूष और महिला क्रिकेट टीमें टूर्नामेंट के दौरान नयी किट पहनकर मैदान में उतरेंगी, जिसका उद्घाटन आज नाइके ब्रांड ने किया.

जर्सी की डिज़ाइन को और अधिक स्टाइलिश बनाया गया है.नयी जर्सी में नया कालर है जिसमें एशियाई झलक है और ‘फोर वे’ स्ट्रेचड् पैंट हैं जिसमें घुटने पर पैटर्न बना हुआ है.
ऐसा पहली बार हुआ है कि पुरुष और महिला टीम की जर्सी एक साथ लांच की गई है.

महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज के अनुसार, “यह किट रोमांच और जिम्मेदारी का अनुभव कराती है,जो खिलाड़ी अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए महसूस करते हैं.” भारतीय स्टार क्रिकेटर अंजिक्य रहाणे ने कहा कि देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के लिये सिग्नेचर ब्लू रंग पहनना गर्व की बात है.

उन्होंने कहा, “यह किट पहनकर देश के लिये खेलना एक बेहतरीन अहसास है, जिसे शब्दों में बयां करना नामुमकिन है. जब भी मैं नीला रंग पहनता हूं तो एक अलग तरह का अनुभव होता है. ’’

गौरतलब है कि पुरूष और महिला दोनों टीमें अधिकारिक रूप से यह जर्सी 15 मार्च से इस्तेमाल करेंगी.वर्ल्डकप टी20 मैच 8 मार्च से 3 अप्रैल तक चलेगा.

आज जेल से बाहर आ जाएगा कन्हैया

Bureau@Navpravah.com

देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार गुरूवार (आज) शाम 7 बजे तक तिहाड़ जेल से बाहर आ जाएगा. बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने कन्हैया को छह महीने की सशर्त जमानत दी थी.

 देशद्रोह के आरोप में जेल में कैद कन्हैया को 6 माह की सशर्त ज़मानत मिल गई है. कोर्ट ने इसके पहले कन्हैया की बेल बॉन्ड और श्योरटी को मंजूर कर लिया है. इसके पहले कोर्ट में पेशी के दौरान कन्हैया पर हुए हमले को ध्यान में रखकर सुरक्षा व्यवस्था मज़बूत कर दी गई थी. जिसके मद्देनजर चाणक्यपुरी में कोर्ट लगाई गई.

ज़मानत मिलने पर ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए कन्हैया के भाई मणिकांत ने कहा कि सत्य की हमेशा विजय होती है और इस मामले में भी हमें न्यायालय के निर्णय ने यह सिद्ध कर दिया कि सही कौन है. मणिकांत ने कहा कि लड़ाई आगे भी जारी रहेगी.

न्यायालय ने कन्हैया को हिदायत देते हुए कहा कि भविष्य में वे किसी राष्ट्रविरोधी गतिविधि में शामिल न हों और न ही कैम्पस में ऐसी हरकत को बढ़ावा दें. यदि कन्हैया ऐसा करते न पाए गए तो उनकी ज़मानत निरस्त हो सकती है.

कन्हैया को ज़मानत मिलते ही जेएनयू में उसके समर्थकों और परिवार में ख़ुशी का माहौल है.

शेरगढ़ में कोंग्रेसी नेता के घर पर पथराव, एक पुलिसकर्मी निलंबित

Bureau@navpravah.com

डोईवाला के शेरगढ़ में देर रात कुछ लोगों ने शराब के नशे में धुत होकर एक कांग्रेसी नेता के घर पर पथराव कर दिया। पथराव करने वालों में एक पुलिसकर्मी भी शामिल था, जिसे निलंबित करने की संस्तुति कर दी गई है।

इस मामले में शेरगढ़ निवासी कांग्रेसी नेता प्रितपाल सिंह ने डोईवाला पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि देर रात कुछ लोग शराब के नशे में धुत होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि उक्त लोगों ने गाली-गलौज कर घर में मौजूद लोगों को धमकाया। यह भी आरोप है कि उक्त लोगों ने प्रितपाल के घर पर पथराव भी किया।

इस बीच आसपास के कुछ लोग एकत्र होकर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। वहीं, एक व्यक्ति को लोगों ने धर दबोचा। उसकी पहचान लालतप्पड़ चौकी में तैनात सिपाही गजराज सिंह के रूप में की गई। सूचना पर पहुंचे कोतवाल पंकज गैरोला ने सिपाही गजराज सिंह का चिकित्सा परीक्षण कराया।

उसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। इस संबंध में कोतवाल प्रितपाल सिंह ने बताया कि सिपाही गजराज सिंह के निलंबन की संस्तुति की रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भेज दी गई है, जबकि प्रितपाल सिंह की तहरीर के आधार पर स्थानीय निवासी बलराज बिल्ला पुत्र मंगल सिंह हुआ, बॉबी पुत्र मनचंदा की खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।

राजीव गांधी की हत्या के सभी आरोपी होंगे रिहा?

Bureau@navpravah.com

तमिलनाडु सरकार ने बुधवार रात को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के सभी सात दोषियों को रिहा करने का निर्णय लिया. राज्य के मुख्य सचिव के. ज्ञानादेसिकन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार केंद्रीय गृह सचिव राजीव महर्षि को पत्र लिखकर इस मामले में केंद्र सरकार की राय मांगी है.

ज्ञानादेसिकन ने पत्र में लिखा है कि राज्य सरकार ने सभी सात दोषियों के आजीवन कारावास की सजा माफ करके उन्हें रिहा करने का फैसला किया है क्योंकि वे पहले ही 24 वर्ष कैद की सजा काट चुके हैं.

ज्ञानदेसिकन ने इस पत्र मेें कहा कि राज्य सरकार ने सभी सात दोषियों नलिनी, ए जी पेरारिवलन उर्फ अरिवु, वी श्रीहरण उर्फ मुरूगन, टी सुरेंद्रराजा उर्फ संथन, जयाकुमार, रॉबर्ट पयस और रविचंद्रन की अपील पर विचार कर उनके आजीवन कारावास की सजा माफ करके उन्हें रिहा करने का फैसला किया है. इनमें से चार श्रीलंकाई नागरिक हैं. उन्होंने बताया कि नलिनी ने अपनी रिहाई के लिए मद्रास हाई कोर्ट में रिट याचिका भी दायर कर रखी है. ज्ञानदेसिकन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने 18 फरवरी 2014 को इनमें से तीन लोगों की फांसी की सजा आजीवन कारावास में तब्दील कर दी थी और इनमें से चार पहले से ही आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे. राज्य सरकार ने इन सभी सात दोषियों को रिहा करने का निर्णय लिया है परंतु इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो कर रहा है, इसलिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक इसके लिए केंद्र सरकार की राय भी जरूरी है.

गौरतलब है कि श्रीपेरम्बदूर में एक चुनावी रैली के दौरान 21 मई 1991 को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती हमले में राजीव गांधी और 14 अन्य लोगों की मौत हो गई थी. नलिनी को निचली अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी जिसे बाद में राजीव गांधी की पत्नी एवं वर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की दया याचिका के बाद आजीवन कारावास में तब्दील कर दिया गया था.

देशद्रोह के आरोपी कन्हैया को 6 महीने की अंतरिम ज़मानत

Bureau@Navpravah.com

देशद्रोह के आरोपी व जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को दिल्ली हाई कोर्ट ने बड़ी राहत दी है. अदालत ने कन्हैया को 10000 रुपए के मुचलके पर 6 महीने की अंतरिम जमानत दे दी है.जेएनयू के शिक्षक कन्हैया कुमार की ज़मानत देंगे.

न्यायालय ने कन्हैया के लिए कुछ शर्तें भी रखी हैं. जमानत की शर्तों के अनुसार कन्हैया को जांच में पूरा सहयोग देना होगा.

कल सुनवाई के दौरान कन्हैया के वकील ने कहा था कि कन्हैया ने कभी देश विरोधी नारेबाज़ी नहीं की.कन्हैया ने भी इस  मामले में गिरफ्तार अन्य दो आरोपियों उमर खालिद और अनिर्बान भटाचार्य से खुद को बिलकुल अलग कर लिया है.वहां दिल्ली पुलिस की मानें तो कन्हैया और अन्य दोनों आरोपियों के खिलाफ सबूत और गवाह मौजूद हैं कि उन्होंने नारेबाज़ी भी की और वे लोग अफज़ल गुरु के पोस्टर्स भी थामे हुए थे. पुलिस ने कन्हैया पर यह आरोप भी लगाया कि वे जांच में सहयोग नहीं कर रहे.

अदालत ने पुलिस से नारेबाज़ी की जगह कार्यक्रम से पहले और बाद की कोई समकालीन रिकॉर्डिंग तलब की है और कन्हैया की सक्रिय भूमिका के लिए सबूत माँगा है.

गौरतलब है कि कल न्यायमूर्ति प्रतिभा रानी ने 9 फरवरी को जेएनयू कैंपस में भारत विरोधी नारे लगाने के आरोपी कन्हैया की ज़मानत याचिका पर तीन घंटे की सुनवाई के बाद अपना फैसला सुरक्षित रखा था.कन्हैया अभी न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में है.

फ्रेंच ओपन सबसे कड़ा टूर्नामेंट-सानिया मिर्ज़ा

Bureau@navpravah.com

भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के अनुसार फ्रेंच ओपन उनके और उनकी स्विट्जरलैंड की जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस के लिए सबसे कड़ा टूर्नामेंट होगा क्योंकि क्ले कोर्ट उनकी पसंदीदा सतहों में से नहीं है.

लगातार तीन ग्रैंडस्लैम खिताब जीत चुकी सानिया और हिंगिस की जोड़ी  अब मई में होने वाले फ्रेंच ओपन में भी जीत की लय बरकरार रखने के लिए भरसक प्रयास करेगी.

सानिया ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, ‘‘हमने पिछले तीन ग्रैंडस्लैम जीते हैं.इसलिए हम काफी आत्मविश्वास से भरे हुए हैं. हालांकि यह हमारी पसंदीदा कोर्ट नहीं है. लेकिन हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि हम ‘सेंटीना’ स्लैम पूरा कर लेंगे.’’

गौरतलब है कि भारत और स्विट्जरलैंड की इस जोड़ी का 41 जीत का अभियान पिछले हफ्ते कतर ओपन में टूट गया था जब इस दुनिया की नंबर एक महिला युगल जोड़ी को एलेना वेस्नीना और दारिया कसात्कीना की रूस की जोड़ी के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा था.

कन्हैया की ज़मानत पर फैसला आज

 Bureau@navpravah.com

जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की ज़मानत पर दिल्ली हाईकोर्ट आज फैसला सुनाएगी. सोमवार को मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने अपना फैसला आज तक के लिए सुरक्षित रख दिया था. ज़मानत पर फैसला दोपहर 2 बजे के बाद आने की संभावना है.

सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस से ये पूछा था कि क्या उनके पास कन्हैया के ख़िलाफ़ कोई सीसीटीवी फुटेज या अन्य सबूत हैं. दिल्ली पुलिस ने कहा था कि वीडियो में कन्हैया नारे लगाते हुए नहीं दिख रहे हैं, लेकिन ऐसे गवाह मौजूद हैं जिन्होंने उन्हें नारे लगाते हुए देखा है.

कन्हैया की जमानत याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस की जांच प्रक्रिया को कटघरे में खड़ा कर दिया था. कोर्ट ने पूछा था जब 9 फरवरी को नारेबाजी के वक्त सादे कपडों मे पुलिस मौके पर मौजूद थी तो फिर 11 फरवरी को एक न्यूज चैनल की फुटेज के आधार पर FIR क्यों दर्ज की गई ? अदालत ने यह भी पूछा कि क्या कन्हैया ने ही 9 फरवरी के कार्यक्रम का आयोजन किया था और अगर नारे लगाने वाले लोग बाहर से आये थे तो उसके लिए कन्हैया को ज़िम्मेदार कैसे ठहराया जा सकता है?

इस बीच दिल्ली सरकार के वकील ने दिल्ली हाईकोर्ट के सामने कन्हैया को जमानत दिए जाने की पैरवी की थी. वहीं कन्हैया कुमार की ओर से दलील दी गई थी कि ना तो वो 9 फरवरी के कार्यक्रम का आयोजक था और ना ही उसने देश विरोधी नारे लगाए, वह तो वहाँ दो पक्षों के बीच झगड़े को सुलझाने के लिए गया था. नारेबाजी बाहर से आए लोगों ने की थी, जिनके बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है.

कन्हैया पर देशद्रोह की धारा लगाने से जुड़े प्रश्न पर गृह मंत्रालय ने कहा है कि वो देशद्रोह से जुड़ी धाराओं की समीक्षा कर रही है. लोकसभा में सरकार से पूछा गया है कि सरकार पुलिस की ओर से देशद्रोह कानून के दुरुपयोग को लेकर क्या कर रही है और क्या वो इस कानून पर कोई साफ गाइडलाइन तैयार कर रही है? इस सवाल के जवाब में गृह मंत्रालय ने कहा है कि लॉ कमीशन ने 11 दिसंबर 2014 को धारा 124 A पर रिपोर्ट दी है. लॉ कमीशन ने बताया है कि कुछ बिंदुओं पर उनका ध्यान गया है और उनकी समीक्षा के लिए ग्रुप बना दिया गया है.

गौरतलब है कि 9 फरवरी को जेएनयू में एक कार्यक्रम में कथित तौर पर राष्ट्रविरोधी नारे लगाने के आरोप में पुलिस ने कन्हैया को गिरफ़्तार किया था और वो राष्ट्रदोह के आरोप में न्यायिक हिरासत में हैं. इसके अतिरिक्त इसी सिलसिले में गिरफ्तार किए गए छात्र नेता उमर खालिद और अनिर्बान भट्टाचार्य को अदालत ने 14 दिन के लिए जेल भेज दिया है.

गुडएनफ संग परिणय सूत्र में बंधी प्रीति

Entertainment desk

अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने कल अमेरिका के लॉस एंजेलिस में अपने प्रेमी जीन गुडएनफ के साथ शादी रचा ली. प्रीती की शादी में उनके नज़दीकी दोस्त और परिवार के लोग शामिल थे. गुडएनफ अमेरिका में ही एक पनबिजली कंपनी के सीनियर वाइस प्रेजिडेंट हैं. इन दोनों की प्रेम संबंधों की चर्चा काफी समय से थी.

अपने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में कल प्रीती जिंटा ने अपने पारिवारिक जीवन की शुरुआत की. हालाँकि प्रीति ने शादी के बारे में सार्वजनिक रूप से अभी तक कुछ नहीं कहा है लेकिन उनके करीबी दोस्त कबीर बेदी ने उन्हें ट्विटर के ज़रिए बधाई दी. इसके बाद बॉलीवुड से कुछ और फ़िल्मी सितारों ने उन्हें बधाई दी.

कबीर बेदी ने अपने ट्वीट में लिखा कि मेरी दोस्त प्रीति जिंटा को सिटी ऑफ एंजेल्स लॉस एंजिलिस में जीन से शादी के लिए बधाई, शुभकामनाएं. इसके अलावा प्रीति की करीबी दोस्त सुजैन खान की बहन प्रसिद्ध ज्वैलरी डिजाइनर फराह खान अली ने भी अभिनेत्री को शादी की बधाई दी.जानकारी के मुताबिक़ सुजैन प्रीति की शादी के लिए लॉस एंजिलिस में थीं.

फराह ने ट्वीट किया ‘प्रीति जिंटा तुम्हें शादी की बधाइयां. भारत से बहुत सारा प्यार और शुभकामनाएं. बॉलीवुड से सुष्मिता सेन ने भी प्रीति को शुभकामनाएं दी. प्रीति जिंटा ने ‘दिल से’ से अपने सिनेमाई सफर की शुरूआत की थी. उन्होंने ‘क्या कहना’, ‘वीर जारा’, ‘सलाम नमस्ते’, ‘कल हो ना हो’, ‘संघर्ष’ जैसी कई फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभायी हैं.

श्रीलंका को हराकर फाइनल में पहुंचे भारतीय शेर

Bureau@navpravah.com

शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम पर खेले गए एशिया कप के सातवें मैच में भारत ने श्रीलंका को पांच विकेट से हराकर फाइनल में एंट्री ले ली है. भारत ने श्रीलंका द्वारा दिए गए 139 रनों के लक्ष्य को 19.2 ओवरों में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया.

भारत के शुरुआती दो विकेट 16 रन पर ही गिर गए थे. इसके बाद कोहली और सुरेश रैना (25) ने तीसरे विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला. विराट कोहली ने (नाबाद 56) रनों का योगदान देकर जीत में अहम भूमिका निभाई. रैना 70 रनों के कुल स्कोर पर आउट हुए.

कोहली ने फिर युवराज सिंह (35) के साथ चौथे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी की. युवराज 121 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे. इसके बाद हार्दिक पांड्या (2) भी जल्दी आउट हो गए. कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी(7) ने कोहली का साथ दिया और टीम को जीत दिलाई.

श्रीलंका की तरफ से नुवान कुलासेकरा ने दो विकेट लिए. दासुन सनुका, थिसिरा परेरा और रंगना हेराथ ने एक-एक विकेट लिया. युवराज सिंह 18 गेंद पर 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे.  युवराज ने अपनी शानदार पारी में तीन चौके और तीन जोरदार छक्के लगाए.

श्रीलंका ने भारत के सामने 139 रनों का लक्ष्य रखा था. टॉस जीतकर भारत ने पहले बॉलिंग का आप्शन चुना. श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 138 रन बनाए थे. भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका के बल्लेबाजों पर शुरू से ही लगाम कसी थी. गेंदबाजों ने ना सिर्फ रन रोके, बल्कि नियमित अंतराल पर विकेट भी लेते रहे जिससे श्रीलंका की टीम को संभलने का मौका नहीं मिला.

श्रीलंका की तरफ से सबसे ज्यादा 30 रन चमारा कापुगेदरा ने बनाए. उनके अलावा मिलिंदा श्रीवर्धने ने 22 रनों का योगदान दिया. भारतीय टीम की तरफ से जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और रविचंद्रन अश्विन ने दो-दो विकेट लिए. आशीष नेहरा को एक विकेट मिला. दो बल्लेबाज रन आउट हुए थे.

एशिया कप में आज आमने सामने होंगे भारत-श्रीलंका

Bureau@Navpravah.com
एशिया कप में आज भारत का मुक़ाबला श्रीलंका से होना है. बांग्लादेश और पाकिस्तान के खिलाफ लगातार जीत हासिल कर भारत का आत्मविश्वास खूब प्रबल हो गया है और आज वह श्रीलंका को हराकर फाइनल में जगह बनाने की पुरज़ोर कोशिश करेगा. यह मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा.

भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के लिए शिखर धवन और रोहित शर्मा का चोटिल होना सबसे बड़ी चिंता का विषय है. दोनों के अगले मैच में खेलने पर संशय बना हुआ है. अगर दोनों टीम से बाहर होते हैं तो धोनी की मुसीबत बढ़ जाएगी. पाकिस्तान के खिलाफ धवन नहीं खेले थे. उनकी जगह अजिंक्य रहाणे ने रोहित के साथ पारी की शुरुआत की थी, लेकिन रहाणे मैच में कुछ नहीं कर पाए थे.

फिर भी  धोनी टीम के प्रदर्शन से बहुत खुश हैं. टीम इस समय हर क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन कर रही है.

टीम की बल्लेबाज़ी से धोनी बेहद संतुष्ट हैं.विराट के शानदार प्रदर्शन और हार्दिक पंड्या के दोनों क्षेत्रों में बढ़िया खेलने से धोनी काफी खुश हैं.गेंदबाजी में भारतीय टीम पहले से ज्यादा मजबूत लग रही है. अनुभवी आशीष नेहरा और युवा बुमराह की जोड़ी भारत के शुरुआती विकेट और अंतिम ओवरों में रन रोकने में कामयाब रही है. स्पिनर रविचन्द्रन अश्विन व रवीन्द्र जड़ेजा भी प्रतिद्वंदी टीम के छक्के छुड़ाने में अहम् भूमिका में हैं.

वहीं श्रीलंका अपने दोनों पहलुओं में कुछ कमज़ोर नज़र आ रही है. उसे एशिया कप के अपने दूसरे मैच में रविवार को बांग्लादेश ने शिकस्त दी थी. भारत के खिलाफ वह किसी भी हालात में जीत दर्ज़  कर खेल में वापसी करने की कोशिश करेगी.

कप्तान लसिथ मलिंगा एक बार फिर चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं जिससे श्रीलंका की गेंदबाज़ी काफी हद तक प्रभावित होगी. बांग्लादेश के खिलाफ भी वे नहीं खेले थे. रही बल्लेबाज़ी की बात,तो दिनेश चांडीमल को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज विकेट पर टिकने में कामयाब नहीं हो पाया है.
मलिंगा की गौरमौजूदगी में टीम के कप्तान चांडीमल होंगे.

गौरतलब है कि पहली बार एशिया कप का आयोजन टी-20 फारमेट में किया गया है. भारत एशिया कप में अपने दोनों मैच जीत कर अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर है. भारत ने एशिया कप से पहले अपने घर में ही श्रीलंका को तीन टी-20 मैचों की श्रृंखला में 2-1 से मात दी थी.