32 C
Mumbai
Wednesday, September 9, 2026
Home Blog Page 1272

बरेली किसान रैली, मोदी ने कहा किसान साथ दें, आय करेंगे दोगुना

Bureau@navpravah.com

रविवार को बरेली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसान स्वाभिमान रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज किसानों के सामने तमाम चुनौतियां है, लेकिन अगर किसान हमारा साथ दें तो इन चुनौतियों को हम अवसर में बदल देंगे. किसानों को देश की शान बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यों से अपील किया कि राज्य किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता दें, जिससे किसानों की प्रगति को एक नई दिशा दी जा सके.

बरेली में नरेंद्र मोदी ने किसान कलयाण रैली को सम्बोधित किया. मोदी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के किसानों को प्रणाम करने का मुझे मौक़ा मिला है. मोदी ने कहा कि अगर राज्य सरकारें उनका सहयोग करें तो साल २०२२ तक वे किसानों की आमदनी को दोगुना कर देंगे.

प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि कृषि को प्राथमिकता देने की बदौलत आज मध्य प्रदेश पहले पायदान पर है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की ही तर्ज़ पर बाकी के राज्य भी तो ऐसा विकास कार्य कर सकते हैं लेकिन अफसोस कि किसानों पर राज्यों का ध्यान ही नहीं जाता.

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के आर्थिक विकास के लिए कृषि, उद्योग और सर्विस सेक्टर पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है. इस रैली में प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे. राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री की वजह से पूरे विश्व में भारत का सिर ऊँचा हुआ है. यह हम सभी भारतवासियों के लिए गर्व का विषय है. पीएम मोदी के साथ मंच पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह, कृषिमंत्री राधामोहन सिंह और मेनका गांधी भी मौजूद थी.

मुरथल कांड: एसपी ने कहा, गैंगरेप की नहीं हुई है पुष्टि

Bureau@navpravah.com

सोनीपत के एसपी अभ‍िषेक गर्ग ने मुरथल काण्ड को लेकर हरियाणा पुलिस के डीजीपी को अपनी जांच रिपोर्ट सौंप दी है. हालाँकि इस रिपोर्ट में गैंगरेप की पुष्टि नहीं हो सकी है. मामले की जांच कर रहे पुलिस अधीक्षक अभ‍िषेक गर्ग ने कहा कि गैंगरेप का मामला अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. प्रत्यक्षदर्शियों से इस सम्बन्ध में बातचीत के बावजूद अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है.

पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग मुरथल काण्ड गैंगरेप की गुत्थी सुलझाने में लगे हुए हैं लेकिन अभी तक इस मामले में कुछ स्पष्ट होता नहीं दिख रहा है. इस सम्बन्ध में गर्ग ने कहा कि एसआईटी भी इसकी जांच कर रहा है. एसआईटी के रिपोर्ट आने के बाद हम इस मामले पर आगे कार्यवाही करेंगे. खबर यह भी है कि इस मामले की जांच अब महिला आयोग की एक निर्धारित टीम भी करेगी.

केंद्रीय महिला एवं बाल कल्याण मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि महिला आयोग की के टीम उस इलाके की जांच कतरेगी, जहां यह घटना हुई है. निर्धारित टीम के सदस्य इस पूरे मामले की सच्चाई जानने के लिए घटनास्थल का दौरा करेंगे.
इस मामले की जांच के लिए डीआईजी राजश्री ने उस गाँव का दौरा भी किया, जहां उन्होंने कई लोगों से इस सम्बन्ध में बात भी किया. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले की गहरी छानबीन की जा रही है. किसी भी हालत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

इस मामले में कुछ चश्मदीदों ने यह कबूला है कि महिलाओं के कपडे फाड़े गए और उनके साथ बदसलूकी की गई लेकिन किसी के साथ बलात्कार हुआ था यह बात किसी ने नहीं स्वीकारी है.

चित्रकूट नरसंहार मामला, न्यायालय ने 9 अभियुक्तों को दी फांसी की सज़ा

SaurabhDwivedi@navpravah.com
एक ही परिवार के दो बच्चों समेत आधा दर्जन सदस्यों को मौत के घाट उतारने वाले चर्चित नरसंहार के मामले में न्यायालय ने 9 अभियुक्तों को मौत की सजा दी है। मामले के दो अभियुक्तों को उम्र कैद की सजा सुनाई गई है। लगभग 13 साल पहले तत्कालीन दस्यू सरगना ठोकिया, शंकर केवट और गुड्डा पटेल समेत 4 गैंग ने नरसंहार को अंजाम दिया था।
अभियोजन अधिकारी मनमोहन वर्मा ने बताया है कि 17 जुलाई 2003 को कर्वी कोतवाली के बगैहा मजरा घुरेटनपुर के निवासी राजू प्रसाद पटेल पुत्र छेदीलाल ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को दी गई तहरीर में उसने कहा था 17 जुलाई 2003 की सुबह लगभग 7 बजे 4 गैग्स ने उसके घर पर धावा बोला। परिजन जान बचाकर कमरों में भागे । बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर चारों तरफ़ से घर को घेर लिया और आग लगा दी। इस दौरान उसके खेतों में हल चलाने वाले दुगवा निवासी बडका कोल और उससे मिलने आए दुगवा के ही कुटुवा गर्ग पुत्र रामेश्वर को गोली मार दी गई। जान बचाकर भाग रहे चचेरे भाई रामकिशोर पुत्र रहसबिहारी को भी गोलियों से भून दिया गया।
इधर घर में आग लगने के बाद बदमाशों ने दरवाजे की बाहर से कुंडी लगा दी। इससे आग से झुलस कर और धुएं से दम घुटने से उसके भाई प्रकाश की पत्नी चुन्नी व उसका तीन वर्षीय पुत्र, मध्यप्रदेश के सतना जिले के निवासी गीता की भी मौत हो गई। इस दौरान रामकृपाल व उसकी पुत्री बुद्दन, भोला , भगवानदास, नथुनिया और मुकेश, गौरा बुरी तरह से घायल हो गए। पीडित ने बताया कि बदमाश घरों के चारों ओर घूमकर गालियां दे रहे थे। उसने अपने भाई ओमनाथ बुल्ली और परिवार की औरतों और बच्चों के साथ छत से बदमाशों ईंट -पत्थर फेंके। इसी बीच बदमाशों मे से राममिलन उपाध्याय , हीरामन पण्डित, महेश्वरी पटेल, कमलेश, चुन्नी, कल्लू व बद्री, रामरूचि, रामानंद, मन्दी, भूरा, हीरालाल, ठोकिया, बेटा, सुभाष गर्ग, लखना, गुड्डा पटेल और शंकर केवट को पहचान लिया गया।
चीख पुकार पर चारों ओर से गांव के लोगों के आने की खबर लगने पर बदमाश फायर करते हुए भाग निकले। पुलिस के साथ शम्भू , हीरालाल प्रधान व कल्लू सहित अन्य गांव के लोगों ने बदमाशों की घेराबंदी करने की कोशिश की, किंतु बदमाश भागने में सफल रहे।
अपर जिला जज कक्ष संख्या 4 पुर्णेन्दु कुमार श्रीवास्तव ने इस मामले में बचाव और अभियोजन पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीले सुनने के बाद शुक्रवार को निर्णय सुनाया। अभियुक्त राममिलन उपाध्याय, हीरेमनि पण्डित, महेश्वरी पटेल, कल्लू, बद्री, रामानन्द उर्फ दादू, भूरा, हीरालाल और सुभाष को फांसी की सजा सुनाई गई। जबकि अभियुक्त मन्दी और कमलेश को आजीवन कारावास की सजा दी गई।
भारी तादाद में रहा पुलिस पीएसी बल:
शनिवार को इस मामले का निर्णय आने के दौरान जिला कचहरी में भारी मजमा लगा रहा। 9 अभियुक्तों को फांसी के निर्णय के बाद न्यायालय परिसर में मौजूद उनके परिजनों ने रोना शुरू कर दिया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय परिसर में शहर कोतवाल रनवीर सिंह भारी तादाद में पुलिस व पीएसी बल के साथ मौजूद रहे।

पीएम के ‘मन की बात’,सचिन व विश्वनाथन आनंद के साथ

bureau@navptavah.com

आज सुबह 11 बजे पीएम मोदी रेडियो पर ‘मन की बात’ करेंगे. आज के इस कार्यक्रम की एक खास बात यह है कि आज के कार्यक्रम में पीएम के साथ सचिन तेंडुलकर, विश्‍वनाथन आनंद भी उपस्थित होंगे. इस बार पीएम बच्चों की आगामी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर अपने सुझाव देंगे. पीएम ने खुद अपने ट्विटर वॉल पर इन बातों की जानकारी दी है. इसके अतिरिक्त वे देश से जुड़ी कई समस्याओं और विकल्पों तथा अन्य विभिन्न मुद्दों के विषय में बात करेंगे.

गौरतलब है कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम की यह 17वीं कड़ी है. पिछली बार पीएम ने 31 जनवरी को प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में खादी को बढ़ावा देने, भ्रष्टाचार,लड़कियों की संख्या,नशे की लत,फसल बीमा योजना से देश के 50 फीसदी किसानों को जोड़ने ,और स्टार्ट अप अभियान के संबंध में बात की थी. प्रधानमंत्री रेडियो पर इस कार्यक्रम के जरिए अलग-अलग मुद्दों पर अपनी राय रखते हैं. यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे आकाशवाणी और दूरदर्शन के सभी चैनलों पर प्रसारित किया जाएगा.

छा रहा है हिमेश का ‘सुरूर’

AmitDwivedi@navpravah.com

एक बेजोड़ संगीतकार, उम्दा गायक, बेहतरीन एक्टर और बेहद सहज व्यक्तित्त्व वाले हिमेश रेशमिया आज कल फिर सुर्खियों में हैं. वजह है उनकी आगामी फिल्म ‘तेरा सुरूर’. हिमेश की इस बहुचर्चित फिल्म का ट्रेलर सोशल मीडिया पर छाया हुआ है.

‘तेरा सुरूर’ 2007 में आई ‘आपका सुरूर’ फिल्म का सीक्वल है. टी-सीरीज और एचआर म्यूजिक लिमिटेड के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म 11 मार्च 2016 को रिलीज होगी. फिल्म में हिमेश रेश्मिया और एक्ट्रेस फराह करीमी लीड रोल में हैं. साथ ही फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, शेखर कपूर, मोनिका डोगरा, कबीर बेदी और शेरनाज पटेल जैसे सितारे भी अहम किरदार में नजर आएंगे.

हिमेश रेशमिया यदि किसी फिल्म का हिस्सा हों तो दर्शकों को उस फ़िल्म के संगीत का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार रहता है और हो भी क्यों न. महज़ 16 साल की उम्र में जिस संगीतकार ने 300 से अधिक धुनें बनाई हों, छोटी सी उम्र में एक गुजराती टीवी सीरियल के संगीतकार के तौर पर अपनेे करियर की शुरुआत कर मात्र 25 साल की उम्र में ‘प्यार किया तो डरना क्या’ जैसी सुपर हिट फिल्म में संगीत दिया हो, और लगातार ऐतराज़, बॉडीगार्ड, तेरे नाम, नमस्ते लंदन, खिलाड़ी 786 जैसी बड़ी हिट फिल्मों में संगीत दिया हो, दर्शक उसके संगीत के दीवाने तो होंगे ही. जानकारी के मुताबिक़ अब तक बतौर संगीतकार हिमेश ने 120 फिल्में की हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है.

फ़िल्म के गाने भारत में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी काफी सराहे जा रहे हैं. फ़िल्म के क्रिएटिव प्रोड्यूसर राकेश उपाध्याय कहते हैं कि फ़िल्म को बेहतरीन बनाने में इससे जुड़े हर शख्स का अहम योगदान रहा है. मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करता हूँ। और आशा करता हूँ कि रिलीज़ के बाद इसे जनता का खूब प्यार मिलेगा.

IMG-20160228-WA0004

अपने किरदार के विषय में बात करते हुए हिमेश ने बताया कि इस फिल्म में वे रघु की भूमिका निभा रहे हैं जो कि एक उत्तेजित,पहेलीनुमा शख़्स है. इस फ़िल्म में वे एक एक्शन हीरो की भूमिका में हैं इसलिए उनका चुस्त दुरुस्त दिखना काफी मायने रखता है. फिट शरीर के लिए हिमेश ने कड़ी मेहनत की है. मात्र इस फ़िल्म के लिए नहीं,बल्कि संगीत के बाद अगर उनका कोई दूसरा शौक है तो वो है फिटनेस. हिमेश ने इस फिटनेस के लिए डेढ़ साल कड़ी मेहनत की है और अब वे दिन में 18 घंटे काम कर सकते हैं. इस फिटनेस के लिए उन्होंने शारीरिक व्यायाम के अलावा अपनी डाइट का भी खास ख्याल रखा.

संजय कपूर पर दहेज़ उत्पीड़न का मामला दर्ज़

Entertainment desk 

करिश्मा कपूर और संजय कपूर के तलाक मामले में एक नया मोड़ आ गया है. करिश्मा ने खार पुलिस स्टेशन में संजय के खिलाफ धारा ४९८ के तहत दहेज़ उत्पीड़न का मामला दर्ज़ कराया है. पिछले कुछ महीनों इस दम्पति के मामले में कई मोड़ आए हैं.

करिश्मा कपूर और संजय कपूर के मामले में लगातार आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है. कुछ महीने पहले ऐसा लगा था कि दोनों आपसी सहमति के आधार पर तलाक ले लेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ. और बीच में ही करिश्मा ने रुख बदलते हुए तलाक देने से इंकार कर दिया. इन दोनों के तलाक मामले की सुनवाई बांद्रा के एक फैमिली कोर्ट में होती है.

इसी मसले में पिछले महीने मामला तब और गरमा गया था जब संजय ने करिश्मा के बारे में यह कह दिया था कि करिश्मा ने पैसे की वजह से शादी की थी. जिसपर करिश्मा के पिता रणधीर कपूर ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए संजय को थर्ड क्लास आदमी तक कह दिया था.

इस मामले में संजय ने भी करिश्मा पर हमला नोलते हुए कहा था कि करिश्मा एक पत्नी और बहू दोनों नहीं बन सकी. फिलहाल अब करिश्मा ने दहेज़ उत्पीड़न का मामला दर्ज़ करवा कर इसे और भी गंभीर बना दिया है.

विराट के पाकिस्तानी फैन को मिली ज़मानत

Bureau@navpravah.com

पाकिस्तान में भारतीय झंडा फहराने के कारण गिरफ्तार हुए विराट कोहली के फैन को आखिरकार ज़मानत मिल गई. पिछले एक महीने से जेल में बंद उमर दराज़ को अंततः ज़मानत मिल गई है. उमर की ज़मानत याचिका को पंजाब (पाकिस्तान) के जिला अदालत ने स्वीकार कर लिया.

पिछले एक महीने से खिलाड़ी विराट कोहली का फैन उमर दराज़ भारतीय तिरंगा फहराने की वजह से जेल में बंद था. उमर कोहली का बहुत बड़ा फैन है, और कोहली के खेल से प्रभावित होकर उमर ने तिरंगा फहरा दिया. जो उसके लिए भारी परेशानी की वजह बन गई. हालाँकि इस सम्बन्ध में पहले भी सुनवाई हुई थी. पुलिस द्वारा क्लीन चिट दिए जाने पर भी अदालत ने दराज़ की ज़मानत याचिका खारिज कर दी थी. लेकिन इस बार पंजाब की अदालत से उसे राहत मिल ही गई.

उमर दराज़ लाहौर से लगभग २०० किलोमीटर दूर के एक गाँव में रहता है. पाकिस्तान पुलिस ने उसे घर से ही गिरफ्तार किया था. और पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 123 ए और सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े कानून के तहत मामला दर्ज किया था.

इस सम्बन्ध में अधिकारी अजीज चीमा ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है कि उमर ने ‘देशद्रोह’ किया है. हालाँकि पाकिस्तान में इस अपराध की अधिकतम सजा १० साल जेल और जुर्माना भी लगाया जा सकता है.

‘मेक इन इंडिया’ नहीं,’फ्रॉड इन इंडिया’ -काँग्रेस

Bureau@navpravah.com

‘रिंगिंग बेल्स’ कंपनी द्वारा 251 रूपये में स्मार्ट फोन उपलब्ध कराने की योजना को कांग्रेस ने ‘‘मेक इन इंडिया’’ की बजाय ‘‘फ्रॉड इन इंडिया’’ करार दिया है. कांग्रेस के नेता प्रमोद तिवारी ने इस योजना को लांच करने के अवसर पर बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति पर कड़ा ऐतराज जताया और सरकार से इस बारे में जवाब तलब किया.

कांग्रेस के नेता प्रमोद तिवारी ने आज राज्यसभा में शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया, ‘‘सरकार एक बड़ा  घोटाला करने जा रही है और यह सदी का सबसे बड़ा घोटाला होगा.’’ उन्होंने कहा कि यह उत्पाद बीजेपी मार्गदर्शक मंडल की उपस्थिति में लांच किया गया.

उन्होंने यह भी कहा, ‘‘’मेक इन इंडिया’ की बात करने वाले लोग वास्तव में ‘फ्रॉड इन इंडिया’ कर रहे हैं.’’ उन्होंने कहा कि उसी कंपनी के एक निदेशक ने खुद कहा है कि एक फोन की न्यूनतम लागत 1400 रूपये आएगी. अगर ऐसी बात है तो कंपनी ने मात्र 251 रूपये में फोन उपलब्ध कराने की घोषणा कैसे कर दी.

उन्होंने कहा कि इस कंपनी द्वारा 251 रूपये पर उपभोक्ताओं को स्मार्ट फोन उपलब्ध कराने की घोषणा कर के अभी तक करोड़ों रूपये जमा किए जा चुके हैं.

तिवारी ने सरकार से मांग की कि इस योजना के लिए एकत्र हुए धन को अलग सुरक्षित रखा जाए. उन्होंने प्रश्न उठाया, “जब अन्य स्मार्ट फोन 20 हजार रूपये में आ रहे हैं तो यह मोबाइल इतनी कम कीमत में कैसे दिया जा रहा है. इसलिए या तो यह कंपनी गलत है या तो अन्य कंपनियाँ. सरकार को इस बारे में जवाब देना चाहिए.’’

गौरतलब है कि नोएडा की एक नयी कंपनी ‘रिंगिग बैल्स’ ने यह मोबाइल फोन योजना शुरू की है, जिसके तहत मात्र 251 रुपये की मामूली सी कीमत में एक उम्दा फीचर्स से लैस स्मार्टफोन मिलेगा और कंपनी ने दावा किया है कि सरकार की मदद से इसको विकसित किया गया है.

सुरक्षा हेतु पुलिस स्टेशन में ही होगी उमर और अनिर्बान की पेशी

Bureau@navpravah.com

जेएनयू में देश विरोधी नारे लगाने के आरोपी छात्र उमर ख़ालिद और अनिर्बान की पुलिस रिमांड आज ख़त्म हो रही है. आज इन दोनों की कोर्ट में पेशी होनी थी परंतु सुरक्षा के मद्देनज़र आज इनकी पेशी पुलिस स्टेशन में ही होगी.

तीसरे मुख्य आरोपी, जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को एक दिन की पुलिस रिमांड के बाद तिहाड़ जेल भेज दिया गया था. वहाँ से उसे पूछताछ के लिए आज एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने अज्ञात स्थान की जानकारी दिए बिना ये बात मीडिया से साझा की.

गौरतलब है कि कन्हैया कुमार 12 फरवरी से पुलिस हिरासत में है.

माँ भारती के वीर सपूत ‘आज़ाद’ को नमन

By- Anuj Hanumat

जंग-ए-आज़ादी में कुछ लोग ऐसे थे, जिन्होंने अपने प्राणों की परवाह न करते हुये हथियार को उठाया और सिर पर कफ़न बांधकर स्वतंत्रता संग्राम में कूद पड़े. इन्ही से एक थे चंद्रशेखर आजाद. 23 जुलाई 1906 को मप्र. के झाबुआ जिले के ग्राम भावरा में आजाद का जन्म एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था. उनके पिता का नाम पंडित सीताराम और माता का नाम जगरानी देवी था. आजाद का प्रारम्भिक जीवन आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में स्थित भावरा गाँव में बीता. यहाँ उन्होंने धनुष बाण चलाने के साथ निशानेबाजी भी सीखी. आजाद ने देश को आजाद कराने के लिए अहिंसात्मक मार्ग के बजाए सशस्त्र क्रांति का मार्ग अपनाया.

17 वर्ष के चंद्रशेखर आज़ाद क्रांतिकारी दल ‘हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन’ में सम्मिलित हो गए. दल में उनका नाम ‘क्विक सिल्वर’ (पारा) तय पाया गया. पार्टी की ओर से धन एकत्र करने के लिए जितने भी कार्य हुए चंद्रशेखर उन सबमें आगे रहे. सांडर्स वध, सेण्ट्रल असेम्बली में भगत सिंह द्वारा बम फेंकना, वाइसराय की ट्रेन बम से उड़ाने की चेष्टा, सबके नेता वही थे. इससे पूर्व उन्होंने प्रसिद्ध ‘काकोरी कांड’ में सक्रिय भाग लिया और पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गए. एक बार दल के लिए धन प्राप्त करने के उद्देश्य से वे गाजीपुर के एक महंत के शिष्य भी बने. इरादा था कि महंत के मरने के बाद मरु की सारी संपत्ति दल को दे देंगे.

बचपन का दृढ़निश्चय-

एक आदिवासी ग्राम भावरा के अधनंगे आदिवासी बालक मिलकर दीपावली की खुशियाँ मना रहे थे. किसी बालक के पास फुलझड़ियाँ थीं, किसी के पास पटाखे थे और किसी के पास मेहताब की माचिस. बालक चन्द्रशेखर के पास इनमें से कुछ भी नहीं था. वह खड़ा–खड़ा अपने साथियों को खुशियाँ मनाते हुए देख रहा था. जिस बालक के पास मेहताब की माचिस थी, वह उसमें से एक तीली निकालता और उसके छोर को पकड़कर डरते–डरते उसे माचिस से रगड़ता और जब रंगीन रौशनी निकलती तो डरकर उस तीली को ज़मीन पर फेंक देता था।

बालक चन्द्रशेखर से यह देखा नहीं गया, वह बोला, “तुम डर के मारे एक तीली जलाकर भी अपने हाथ में पकड़े नहीं रह सकते. मैं सारी तीलियाँ एक साथ जलाकर उन्हें हाथ में पकड़े रह सकता हूँ.”
जिस बालक के पास मेहताब की माचिस थी, उसने वह चन्द्रशेखर के हाथ में दे दी और कहा, “जो कुछ भी कहा है, वह करके दिखाओ तब जानूँ.” बालक चन्द्रशेखर ने माचिस की सारी तीलियाँ निकालकर अपने हाथ में ले लीं. वे तीलियाँ उल्टी–सीधी रखी हुई थीं, अर्थात कुछ तीलियों का रोगन चन्द्रशेखर की हथेली की तरफ़ भी था. उसने तीलियों की गड्डी माचिस से रगड़ दी. भक्क करके सारी तीलियाँ जल उठीं. जिन तीलियों का रोगन चन्द्रशेखर की हथेली की ओर था, वे भी जलकर चन्द्रशेखर की हथेली को जलाने लगीं. असह्य जलन होने पर भी चन्द्रशेखर ने तीलियों को उस समय तक नहीं छोड़ा, जब तक की उनकी रंगीन रौशनी समाप्त नहीं हो गई. जब उसने तीलियाँ फेंक दीं तो साथियों से बोला, “देखो हथेली जल जाने पर भी मैंने तीलियाँ नहीं छोड़ीं.”

उसके साथियों ने देखा कि चन्द्रशेखर की हथेली काफ़ी जल गई थी और बड़े–बड़े फफोले उठ आए थे. कुछ लड़के दौड़ते हुए उसकी माँ के पास घटना की ख़बर देने के लिए जा पहुँचे. उसकी माँ घर के अन्दर कुछ काम कर रही थी. चन्द्रशेखर के पिता पंडित सीताराम तिवारी बाहर के कमरे में थे. उन्होंने बालकों से घटना का ब्योरा सुना और वे घटनास्थल की ओर लपके. बालक चन्द्रशेखर ने अपने पिताजी को आते हुए देखा तो वह जंगल की तरफ़ भाग गया. उसने सोचा कि पिताजी अब उसकी पिटाई करेंगे. तीन दिन तक वह जंगल में ही रहा. एक दिन खोजती हुई उसकी माँ उसे घर ले आई. उसने यह आश्वासन दिया था कि तेरे पिताजी तेरे से कुछ भी नहीं कहेंगे.

‘आज़ाद’

1921 में जब महात्‍मा गाँधी के असहयोग आन्दोलन प्रारंभ किया तो उन्होंने उसमे सक्रिय योगदान किया. चन्द्रशेखर भी एक दिन धरना देते हुए पकड़े गये. उन्हें पारसी मजिस्ट्रेट मि. खरेघाट के अदालत में पेश किया गया. मि. खरेघाट बहुत कड़ी सजाएँ देते थे. उन्होंने बालक चन्द्रशेखर से उसकी व्यक्तिगत जानकारियों के बारे में पूछना शुरू किया,
“तुम्हारा नाम क्या है?”
“मेरा नाम आज़ाद है।”
“तुम्हारे पिता का क्या नाम है?”
“मेरे पिता का नाम स्वाधीन है।”
“तुम्हारा घर कहाँ पर है?”
“मेरा घर जेलखाना है।”

मजिस्ट्रेट मि. खरेघाट इन उत्तरों से चिढ़ गए. उन्होंने चन्द्रशेखर को पन्द्रह बेंतों की सज़ा सुना दी. उस समय चन्द्रशेखर की उम्र केवल चौदह वर्ष की थी. जल्लाद ने अपनी पूरी शक्ति के साथ बालक चन्द्रशेखर की निर्वसन देह पर बेंतों के प्रहार किए. प्रत्येक बेंत के साथ कुछ खाल उधड़कर बाहर आ जाती थी. पीड़ा सहन कर लेने का अभ्यास चन्द्रशेखर को बचपन से ही था. वह हर बेंत के साथ “महात्मा गांधी की जय” या “भारत माता की जय” बोलते जाते थे. जब पूरे बेंत लगाए जा चुके तो जेल के नियमानुसार जेलर ने उसकी हथेली पर तीन आने पैसे रख दिए. बालक चन्द्रशेखर ने वे पैसे जेलर के मुँह पर दे मारे और भागकर जेल के बाहर हो गया. इस पहली अग्नि परीक्षा में उत्तीर्ण होने के फलस्वरूप बालक चन्द्रशेखर का बनारस के ज्ञानवापी मोहल्ले में नागरिक अभिनन्दन किया गया. अब वह चन्द्रशेखर आज़ाद कहलाने लगा. बालक चन्द्रशेखर आज़ाद का मन अब देश को आज़ाद कराने के अहिंसात्मक उपायों से हटकर सशस्त्र क्रान्ति की ओर मुड़ गया. उस समय बनारस क्रान्तिकारियों का गढ़ था. वह मन्मथनाथ गुप्त और प्रणवेश चटर्जी के सम्पर्क में आये और क्रान्तिकारी दल के सदस्य बन गये. क्रान्तिकारियों का वह दल “हिन्दुस्तान प्रजातंत्र संघ” के नाम से जाना जाता था। (साभार-भारतकोश)

काकोरी काण्ड-

किसी बड़े अभियान में चन्द्रशेखर आज़ाद सबसे पहले “काकोरी काण्ड” में सम्मिलित हुए. इस अभियान के नेता रामप्रसाद बिस्मिल थे. उस समय चन्द्रशेखर आज़ाद की आयु कम थी और उनका स्वभाव भी बहुत चंचल था. इसलिए रामप्रसाद बिस्मिल उन्हें क्विक सिल्वर (पारा) कहकर पुकारते थे. 9 अगस्त, 1925 को क्रान्तिकारियों ने लखनऊ के निकट काकोरी नामक स्थान पर सहारनपुर – लखनऊ सवारी गाड़ी को रोककर उसमें रखा अंगेज़ी ख़ज़ाना लूट लिया. बाद में एक–एक करके सभी क्रान्तिकारी पकड़े गए, पर चन्द्रशेखर आज़ाद कभी भी पुलिस के हाथ में नहीं आए. यद्यपि वे झाँसी में पुलिस थाने पर जाकर पुलिस वालों से गपशप लड़ाते थे, पर पुलिस वालों को कभी भी उन पर संदेह नहीं हुआ कि वह व्यक्ति महान क्रान्तिकारी चन्द्रशेखर आज़ाद हो सकता है. काकोरी कांड के बाद उन्होंने दल का नये सिरे से संगठन किया. अब उसका नाम ‘हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन एण्ड आर्मी’ रखा गया. चंद्रशेखर इस नये दल के कमांडर थे. वे घूम-घूम कर गुप्त रूप से दल का कार्य बढ़ाते रहे. फरारी के दिनों में झाँसी के पास एक नदी के किनारे साधु के रूप में भी उन्होंने कुछ समय बिताया.

चन्द्रशेखर आज़ाद घूम–घूमकर क्रान्ति प्रयासों को गति देने में लगे हुए थे. आख़िर वह दिन भी आ गया, जब किसी मुखबिर ने पुलिस को यह सूचना दी कि चन्द्रशेखर आज़ाद ‘अल्फ़्रेड पार्क’ में अपने एक साथी के साथ बैठे हुए हैं. वह 27 फ़रवरी, 1931 का दिन था, चन्द्रशेखर आज़ाद अपने साथी सुखदेव राज के साथ बैठकर विचार–विमर्श कर रहे थे. मुखबिर की सूचना पर पुलिस अधीक्षक ‘नाटबाबर’ ने आज़ाद को इलाहाबाद के अल्फ़्रेड पार्क में घेर लिया. “तुम कौन हो” कहने के साथ ही उत्तर की प्रतीक्षा किए बिना नाटबाबर ने अपनी गोली आज़ाद पर छोड़ दी। नाटबाबर की गोली चन्द्रशेखर आज़ाद की जाँघ में जा लगी. आज़ाद ने घिसटकर एक जामुन के वृक्ष की ओट लेकर अपनी गोली दूसरे वृक्ष की ओट में छिपे हुए नाटबाबर के ऊपर दाग़ दी. आज़ाद का निशाना सही लगा और उनकी गोली ने नाटबाबर की कलाई तोड़ दी. एक घनी झाड़ी के पीछे सी.आई.डी. इंस्पेक्टर विश्वेश्वर सिंह छिपा हुआ था, उसने स्वयं को सुरक्षित समझकर आज़ाद को एक गाली दे दी. गाली को सुनकर आज़ाद को क्रोध आया. जिस दिशा से गाली की आवाज़ आई थी, उस दिशा में आज़ाद ने अपनी गोली छोड़ दी. निशाना इतना सही लगा कि आज़ाद की गोली ने विश्वेश्वरसिंह का जबड़ा तोड़ दिया.

बहुत देर तक आज़ाद ने जमकर अकेले ही मुक़ाबला किया. उन्होंने अपने साथी सुखदेव राज को पहले ही भगा दिया था. आख़िर पुलिस की कई गोलियाँ आज़ाद के शरीर में समा गईं. उनके माउज़र में केवल एक आख़िरी गोली बची थी. उन्होंने सोचा कि यदि मैं यह गोली भी चला दूँगा तो जीवित गिरफ्तार होने का भय है. अपनी कनपटी से माउज़र की नली लगाकर उन्होंने आख़िरी गोली स्वयं पर ही चला दी. गोली घातक सिद्ध हुई और उनका प्राणांत हो गया. इस घटना में चंद्रशेखर आज़ाद की मृत्यु हो गई और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया. उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उन्हें तीन या चार गोलियाँ लगी थीं.

चंद्रशेखर आज़ाद के शहीद होने का समाचार जवाहरलाल नेहरू की पत्नी कमला नेहरू को प्राप्त हुआ. उन्होंने ही कांग्रेसी नेताओं और देशभक्तों को यह समाचार बताया. श्मशान घाट से आज़ाद की अस्थियाँ लेकर एक जुलूस निकला. इलाहाबाद की मुख्य सड़कें अवरुद्ध हो गयीं, ऐसा लग रहा था मानो सारा देश अपने इस सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ पड़ा है. जुलूस के बाद एक सभा हुई. सभा को शचीन्द्रनाथ सान्याल की पत्नी ने सन्बोधित करते हुए कहा- “जैसे बंगाल में खुदीराम बोस की शहादत के बाद उनकी राख को लोगों ने घर में रखकर सम्मानित किया वैसे ही आज़ाद को भी सम्मान मिलेगा.”

27 फ़रवरी, 1931 को चन्द्रशेखर आज़ाद के रूप में देश का एक महान क्रान्तिकारी योद्धा देश की आज़ादी के लिए अपना बलिदान दे गया, शहीद हो गया।

आजाद के ठाठ तो फकीराना थे ही, उनका जीवन सादा पर विचार उच्च थे. कवि श्यामपाल सिंह ने आजाद के बारे में लिखा है:
“स्वतंत्रता रण के रणनायक अमर रहेगा तेरा नाम,
नहीं जरूरत स्मारक की स्मारक खुद तेरा नाम।
स्वतंत्र भारत नाम के आगे जुड़ा रहेगा तेरा नाम,
भारत का जन-मन-गण ही अब बना रहेगा तेरा धाम।।”