28 C
Mumbai
Friday, September 11, 2026
Home Blog Page 1232

सुब्रमण्यम स्वामी मेरे नायक, जल्द बनेगा राम मंदिर -उमा भारती

प्रमुख संवाददाता,

केंन्द्रीय मंत्री उमा भारती ने राम मंदिर मामले में भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी को अपना नायक बताते हुए उनकी सराहना की है। उमा भारती ने कहा कि उन्हें स्वामी पर पूरा विश्वास है कि अयोध्या में राम मंदिर का काम इस वर्ष के आखिर तक शुरू हो जाएगा।

पीटीआई के साथ साक्षात्कार में भारती ने कहा,” मैं स्वामी का बहुत अधिक सम्मान करती हूँ। वे मेरे नायक हैं। वे जो कहते हैं, उस पर मुझे विश्वास है।” किसी समय राम मंदिर आंदोलन की सक्रिय सदस्य रही भारती ने कहा कि लंबे समय से चले आ रहे, इस राम मंदिर विवाद का अब सार्थक समाधान हो जाना चाहिए।

भारती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में खुद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना को खारिज किया, लेकिन विश्वास जताया कि अमित शाह की अगुवाई में भाजपा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस राज्य में अपनी सरकार बनाने में सक्षम होगी।

आपको बता दें कि उमा भारती का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब पार्टी नेतृत्व राम मंदिर से जुड़े प्रश्नों से बच रही है और लगातार इस बात का भरोसा दिलाने की कोशिश कर रही है कि उत्तर प्रदेश में पार्टी विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी।

पीएम मोदी ने क़तर में कारोबारियों से की मुलाक़ात, कहा “भारत है अवसरों की धरती”

ब्यूरो,

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 5 देशों की 6 दिवसीय यात्रा के दौरान कतर के कारोबारी समुदाय से मुलाकात की। पीएम मोदी ने कतर में शीर्षस्थ कारोबारियों को संबोधित करते हुए भारत को अवसरों की धरती बताया और भारत में व्यापार के अवसर का लाभ उठाने के लिए सभी को आमंत्रित किया।

पीएम मोदी ने भारत-कतर के आर्थिक संबंधों में कतर के अमीर के योगदान की सराहना भी की। मोदी ने कहा,” मुझे गर्व है कि आपने भारत की ऊर्जा को पहचाना है। मैं आपकी बाधाओं को दूर करने की कोशिश करूंगा।”

मोदी ने कहा, “भारत युवाओं का देश है। भारत के 800 मिलियन युवा वहां की सबसे बड़ी ताकत है। बुनियादी ढांचा विस्तार और अपग्रेडेशन एवं विनिर्माण मेरी अन्य प्राथमिकताएं हैं।” उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी, मेट्रो, वेस्ट मैनेजमेंट आदि परियोजनाओं ने भारत में लोगों की जीवन गुणवत्ता में सुधार किया है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीती रात कतर के प्रधानमंत्री शेख अब्दुल्ला बिन नासिर अल थानी से मुलाकात की। पांच देशों की यात्रा के तहत अपने दूसरे पड़ाव में कतर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने राजधानी दोहा में भारतीय कामगारों के एक कार्यक्रम में भी शिरकत की तथा उनके साथ उन्हीं की टेबल पर बैठकर खाना खाया। मोदी ने कामगारों से बातचीत के दौरान कहा, “कड़ी मेहनत कीजिए और अपने देश का नाम रौशन कीजिए लेकिन काम के साथ अपने शरीर पर भी ध्यान दीजिए।”

आपको बता दें कि मोदी की इस यात्रा का उद्देश्य भारत और कतर के बीच आर्थिक संबंधों, खासतौर पर हाइड्रोकार्बन के क्षेत्र में संबंधों को नया विस्तार देना है। इसी के तहत आज पीएम मोदी कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी से मुलाकात करेंगे व उनसे विस्तृत बातचीत करेंगे।

हरियाणा के जींद में जाटों का प्रदर्शन शुरू, आठ जिलों में धारा 144 लागू

शिखा पांडेय,

आज से शुरू हो रहे जाट आंदोलन के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जींद में जाटों का धरना प्रदर्शन शुरू हो चुका है। आंदोलन को देखते हुए जगह-जगह रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई है। वहीं रोहतक के उपायुक्त ने बताया कि 6 संगठनों ने बातचीत के बाद आंदोलन वापस ले लिया है और यहां हालात सामान्य बने हुए हैं। जाट आंदोलन को लेकर गुड़गांव के इफको चौक पर पुलिस को अलर्ट रहने को कहा गया है।

हरियाणा में जाट आंदोलन को लेकर भारी संख्या में अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। बहादुरगढ़ के डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि अगर कोई कानून और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करता पाया गया तो उसके खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यहां जाट आंदोलन को लेकर हाई अलर्ट घोषित किया गया है और 8 जिलों में धारा 144 लागू है।

haryana

सोनीपत में ‘नो इंटरनेट’-

सोनीपत में इंटरनेट बंद कर दिया गया है। आज रविवार से शुरू हो रहे जाट आंदोलन के चलते शनिवार शाम से ही सोनीपत में इंटरनेट सर्विस और बल्क मैसेज पर बैन लगा दिया गया ताकि अफवाहें या गलत जानकारी लोगों तक न पहुँचे। पिछली बार के हिंसा प्रभावित जिलों में धारा 144 लागू है। 9 जिलों में पैरामिलिट्री फोर्स की 41 कंपनियां सुरक्षा में तैनात की गई हैं। आंदोलन को देखते हुए पुलिसकर्मियों की छुट्टियाँ रद्द कर दी गई हैं।

रोहतक के उपायुक्त अतुल कुमार ने कहा कि सेक्टर छह स्थित मैदान को धरने के लिए तय किया गया है और सभी राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग, रेल पटरियों एवं स्टेशनों तथा जिले में सम्पर्क सड़कों के 500 मीटर के भीतर पांच व्यक्तियों से अधिक के एकत्रित होने पर रोक लगाई गई है।

उन्होंने कहा कि गांव जसिया में कान्ही चौक के पास टेंट लगाने के लिए रिथल के पूर्व सरपंच उमेद सिंह, जसिया निवासी सोमवीर सिंह, देव कालोनी के अशोक बलहारा और रोहतक के विजयदीप को नोटिस जारी किए गए हैं। टेंट लगाने के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। इन लोगों को तत्काल टेंट हटाने का निर्देश दिया गया है और उनसे दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर सड़क दुर्घटना में 17 की मौत

प्रमुख संवाददाता,

मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर आज सुबह सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 33 लोग गंभीर रुप से घायल भी हो गए हैं , जिनका इलाज नवी मुंबई के एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। दुर्घटना रविवार सुबह क़रीब तीन बजे पनवेल के पास हुई।

पुलिस नियंत्रण कक्ष के अनुसार पुणे से मुंबई की ओर जा रही एक मारुती स्विफ्ट कार का टायर पनवेल के करीब पंक्चर हो गया था। इस कार के यात्रियों की मदद के लिए पीछे से आ रही एक इनोवा कार उनकी मदद के लिए वहां रुकी। जब ये लोग स्विफ्ट कार का टायर बदल रहे थे तो सातारा से मुंबई जा रही एक प्राइवेट लक्ज़री बस ने दोनों कारों को पीछे से टक्कर मार दी। इस भिड़ंत के बाद बस और इनोवा कार 20 फ़ुट गहरी खाई में जा गिरीं और इस हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई।

मृतकों में 10 महिलाएं, 6 पुरुष और एक छह महीने का बच्चा शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही नवी मुंबई पुलिस और हाई वे पुलिस की टीमें एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची और वहां राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

फ्रेंच ओपन फाइनल: कांटे की टक्कर में जीते पेस, हारीं सानिया

ब्यूरो,

फ्रेंच ओपन के मिक्सड डबल्स फाइनल की कड़ी टक्कर में लिएंडर पेस और मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ने दूसरी वरीयता प्राप्त सानिया मिर्जा और इवान डोडिग की जोड़ी को 4-6,6-4 और 10-8 से हरा दिया।

भारत के दोनों दिग्गज खिलाड़ी पेस और सानिया फ्रेंच ओपन के फाइनल में आमने सामने की टीमों में थे। पेस और उनकी स्विट्ज़रलैंड की साथी हिंगिस ने सानिया और उनके क्रोएशिया के  जोड़ीदार इवान डोडिग की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी से पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करके 4-6, 6-4, 10-8 से जीत दर्ज की।

लिएंडर पेस ने पहली बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीता है, हालांकि यह उनका 18वां ग्रैंडस्लैम खिताब है। लिएंडर और मार्टिना की जोड़ी ने अब तक तीन ग्रैंडस्लैम जीते हैं। उन्होंने 10 मिश्रित और 8 युगल खिताब जीते हैं। पेस और हिंगिस ने पिछले साल विंबलडन और यूएस ओपन के अलावा इस साल के शुरू में आस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब भी जीता था और इस तरह से वे करियर स्लैम पूरा करने में सफल रहे।

पेस पुरूष युगल में पहले ही करियर स्लैम पूरा कर चुके थे और अब उन्होंने मिश्रित युगल में भी यह कारनामा करके भारतीय खेलों में नया इतिहास रचा।

उन्होंने अपना यह खिताब अपने पिता और पूर्व हाकी खिलाड़ी वेस पेस को समर्पित करते हुए कहा, “करियर ग्रैंडस्लैम एक व्यक्ति को समर्पित है और वह मेरे पिताजी हैं। मैं आपसे प्यार करता हूँ और मुझे जिंदगी में सब कुछ देने के लिए आपका शुक्रिया।”

उन्होंने अपनी साथी हिंगिस और प्रतिद्वंद्वी टीम की भी तारीफ की। पेस ने कहा, ‘यह कोर्ट  हिंगिस के साथ साझा करके वास्तव में खुशी हो रही है। सानिया और डोडिग भी बेजोड़ चैंपियन हैं। जिस तरह से ये यहां तक पहुंचे वह अविश्वसनीय है।”

मारा गया जवाहर बाग घुसपैठियों का सरगना रामवृक्ष

प्रमुख संवाददाता, 
मथुरा के जवाहरबाग में गुरुवार की शाम हुई हिंसा के मुख्य आरोपी रामवृक्ष यादव के मारे जाने की पुष्टि हो गई है। उसके शव की शिनाख्त कर ली गयी है और उसे अब मृत घोषित कर दिया गया है। यूपी के डीजीपी जावेद अहमद  ने इस बात की पुष्टि की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक रामवृक्ष के परिवार को पुष्टि के लिये बुलाया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) एसआर शर्मा ने कहा कि अतिक्रमणकारियों द्वारा किए गए गैस सिलेंडर विस्फोटों से लगी आग में जिन 11 लोगों की मृत्यु हुई, उनमें यादव शामिल था। आईजी (आगरा) दुर्गाचंद्र मिश्रा ने बताया कि तीन और घायलों की मौत के बाद मृतक संख्या 27 हो गई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी विवेक मिश्रा ने बताया कि अभी तक कई शवों की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि शवों को 72 घंटे शवगृह में रखना होगा और यह समय रविवार की शाम को समाप्त हो जाएगा। इसके बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। मिश्रा के अनुसार 18 शव मथुरा जिला केंद्र में हैं और 7 आगरा में हैं। शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम हैं जहां पुलिस ने भाजपा सांसद हेमा मालिनी को भी हिंसा प्रभावित इलाके में जाने से रोक दिया। इस हिंसक घटना में एक एसपी और एक एसएचओ समेत अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब दो दर्जन पुलिसकर्मी और कई उपद्रवी भी घायल हुए हैं।

यूपी पुलिस के ऑपरेशन जवाहर बाग के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। जवाहर बाग के जिस सैकड़ों एकड़ जमीन पर रामवृक्ष और उसकी गैंग के लोगों ने कब्जा कर रखा था, वहां से बड़े पैमाने पर हथियारों का जखीरा बरामद किया गया। गुरुवार को जब पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने का प्रयास किया तो हिंसा भड़क गई।

गौरतलब है कि जवाहरबाग में सिर्फ दो दिनों के लिए रहने की इजाजत मांगने वाला रामवृक्ष इस जगह पर कब्जा जमाए बैठा था। कई जिलों से उसने लोगों को बुला रखा था। इस बाग में कई जगह झोपड़ी बना रखी थी। उसके नेतृत्व में 500 करोड़ रूपए की उस भूमि पर 3000 लोग रह रहे थे और वे हथियार से लैस थे।

मथुरा हिंसा: मास्टरमाइंड रामवृक्ष को अब तक नहीं ढूंढ पाई यू.पी. पुलिस

ब्यूरो,

मथुरा में हुई हिंसा के मास्टर माइंड रामवृक्ष की तलाश अब तक जारी है, पर उसके जीवित या मृत होने पर संशय अब भी बरकरार है। पुलिस फिलहाल उसकी तलाश में जुटी है, लेकिन इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि वारदात में उसकी मौत हो चुकी है।

पुलिस को इस बात की भी आशंका है कि रामवृक्ष के मारे जाने या फिर ज़ख़्मी होने के बाद उसके साथी उसे किसी सुरक्षित जगह पर लेकर गए हैं। पुलिस अलग-अलग अस्पतालों में भी सर्च ऑपरेशन चला रही है, क्योंकि ज़ख़्मी होने की हालत में वो किसी अस्पताल में इलाज के लिए भी जा सकता है।

रामवृक्ष को यू.पी. सरकार देती है पेंशन-

गौरतलब है कि मथुरा में हुए बवाल का मुख्य आरोपी गाजीपुर का रामवृक्ष यादव अब तक फरार है। रामवृक्ष गाजीपुर के मरदह ब्लॉक के रायपुर बाघपुर गांव का रहने वाला है। इमरजेंसी के दौरान 1975 में जेल में बंद भी रहा। रामवृक्ष को यूपी सरकार की ओर से लोकतंत्र सेनानी का पेंशन भी मिलता है।

रामवृक्ष करीब 20 साल से परिवार सहित गांव से बाहर ही रहता है। उसने अपनी जमीन भी गांव के दूसरे लोगों को देखभाल के लिए दे रखी है। वह आखिरी बार 3 साल पहले अपने गांव आया था। बाबा जय गुरुदेव का शिष्य रहे रामवृक्ष की राजनीति में गहरी दिलचस्पी है और वो लोकसभा का चुनाव भी लड़ चुका है।

मथुरा कांड में रामवृक्ष का नाम आने के बाद गांव वाले हैरान हैं। गांव के लोगों को विश्वास नहीं हो रहा है कि रामवृक्ष इतने बड़े बवाल का अगुआ है। गांव वालों के मुताबिक गांव में रहते हुए रामवृक्ष का कभी किसी से झगड़ा नहीं हुआ और न ही उस पर कोई अपराधिक केस दर्ज है।

ज़मीन घोटाले में घिरे खड़से ने दिया इस्तीफ़ा!

अमित द्विवेदी,

महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री एकनाथ खडसे ने ज़मीन घोटाले में विपक्ष के द्वारा हो रहे बवाल को देखते हुए आज इस्तीफ़ा दे दिया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ खडसे ने आज मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस से मुलाक़ात कर उन्हें इस्तीफा सौंपा।

गुरुवार को फडणवीस ने खड़से मामले में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को रिपोर्ट सौंपी थी। शाह से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री फड़णवीस ने कहा कि अध्यक्ष जी ने रिपोर्ट मांगी थी। जो मसले सामने आये हैं, उन पर रिपोर्ट अध्यक्ष जी को दे दी गई है। फड़णवीस ने अमित शाह से मुलाक़ात के बाद कहा था कि जो उचित कार्रवाई होगी, वो पार्टी करेगी। इसके बाद से ही बात होने लगी थी कि खड़से जल्द इस्तीफा दे सकते हैं।

खबर के मुताबिक़, आज खडसे जिस गाड़ी से सीएम आवास वर्षा बंगले पर गए थे, उस गाड़ी की लालबत्ती को कपड़े से कवर कर दिया गया था। हालाँकि पिछले कुछ दिनों से खड़से बिना लालबत्ती की गाड़ी में सफर कर रहे हैं।

ज़मीन घोटाले के अलावा पिछले कई दिनों से खडसे दाऊद इब्राहिम से कथित फोन वार्ता को लेकर घेरे में हैं। जिसकी वजह से विपक्ष का भी सरकार पर भरी दबाव था।

पांच देशों की यात्रा पर रवाना मोदी, हो सकते हैं कुछ अहम फैसले

शिखा पांडेय,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से शुरू हो रही अपनी पाँच देशों अफगानिस्तान, कतर, स्विट्जरलैंड, अमेरिका और मेक्सिको की 6 दिवसीय यात्रा के लिए रवाना हो गए हैं। उनकी इस यात्रा का मुख्य मकसद इन देशों के साथ भारत के व्यापार, ऊर्जा और सुरक्षा सहयोग को विस्तार देना तथा संबंधों को नई गति प्रदान करनी है।

अपने इस विदेश प्रवास के दौरान मोदी 48 सदस्यीय परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में भारत की सदस्यता के लिए स्विट्जरलैंड का सहयोग मांग सकते हैं, क्योंकि ये दोनों इस प्रतिष्ठित समूह के मुख्य सदस्य हैं। वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ मोदी की बातचीत के दौरान भी यह मुद्दा उठ सकता है।

afganistan

अफगान-भारत मित्रता सेतु का करेंगे उदघाटन-

अपनी विदेश यात्रा के पहले पड़ाव के तौर पर प्रधानमंत्री मोदी अफगानिस्तान जाएंगे, जहां हेरात प्रांत में वह अफगान राष्ट्रपति अशरफ गनी के साथ अफगान-भारत मित्रता सेतु का भी उद्घाटन करेंगे। पहले इसे सलमा बांध के नाम से जाना जाता था। दोनों नेता अफगानिस्तान में मौजूदा हालात सहित कई मुद्दों पर बातचीत करेंगे। अफगानिस्तान से मोदी कतर जाएंगे और फिर वहां से रविवार को दो दिन के लिए स्विट्जरलैंड जाएंगे। स्विट्जरलैंड के नेतृत्व के साथ बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री वहां के बैंकों में भारतीय नागरिकों के जमा कालेधन के मुद्दे को भी उठा सकते हैं।

एनएसजी में भारत की सदस्यता की दावेदारी के बारे में विदेश सचिव जयशंकर ने कहा, “भारत इस प्रतिष्ठित समूह का सदस्य बनने के लिए कई वर्षों से कोशिश करता आ रहा है और इसको लेकर काफी प्रगति हुई है। हम इस मुद्दे को लेकर एनएसजी के सदस्यों के साथ संपर्क में हैं और स्विट्जरलैंड इस समूह का महत्वपूर्ण सदस्य है। ऐसे में निश्चित तौर पर यह मुद्दा बातचीत में आएगा।” भारत ने गत 12 मई को एनएसजी की सदस्यता के लिए औपचारिक रूप से आवेदन किया था।

स्विट्जरलैंड से प्रधानमंत्री छह जून को वाशिंगटन जाएंगे। वह अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करने वाले हैं। ऐसा करने वाले वह पांचवें भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। वह 6 जून को ‘अरलिंगटन नेशनल सिमिटरी’ में श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह कई अमेरिकी थिंकटैंक के प्रमुखों से मुलाकात करेंगे। वह प्रवासी भारतीयों के एक कार्यक्रम में भी शिकरत करेंगे।

नहीं रहे बॉक्सर मोहम्मद अली 

ब्यूरो,

अमेरिका के नामचीन बॉक्सर मोहम्मद अली नहीं रहे। जानकारी के मुताबिक़ 74 वर्षीय अली का निधन एरिजोना के अस्पताल में हुआ। पूर्व वर्ल्ड चैंपियन को गुरूवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 1984 से मोहम्मद अली को पार्किंसन की बीमारी थी।

तीन बार वर्ल्ड चैंपियन रह चुके अली को पिछले वर्ष, पेशाब संबंधी परेशानी की वजह से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। अली ने पहली बार उन्होंने 1964 में फिर 1974 में और फिर 1978 में वर्ल्ड चैंपियनशिप का खिताब जीता था।