28.5 C
Mumbai
Monday, August 3, 2026
Home Blog Page 1222

पाकिस्तान में 100 कट के बाद रिलीज़ होगी उड़ता पंजाब

एंटरटेनमेंट डेस्क,

फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ को पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड ने पाकिस्तान में रिलीज करने की अनुमति दे दी है। वैसे ये अनुमति इतनी आसानी से नहीं दी गई है। बोर्ड ने फिल्म से सभी आपत्तिजनक और पाकिस्तान विरोधी सामग्री हटाने के लिए कुल 100 कट लगाने की शर्त पर ये अनुमति दी है।

पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड के प्रमुख मुबाशिर हसन ने कहा, “सेंसर बोर्ड के सभी 10 सदस्यों ने पूर्णसहमति से ‘उड़ता पंजाब’ को आपत्तिजनक सामग्री हटाने के बाद रिलीज करने की अनुमति दे दी है।” हसन ने कहा, “चूंकि लगभग सभी डायलॉग्स में गालियां हैं, ऐसे में इस फिल्म में बहुत बदलाव करने को कहा गया है।”

उन्होंने कहा, “हमने फिल्म से सभी गालियों वाले शब्द, डायलॉग और पाकिस्तान-विरोधी सामग्री हटा दी है। फिल्म वितरकों को 100 से ज्यादा कट, म्यूट, बीप करने की सलाह दी गयी है। एक बार जब वह बोर्ड की जरूरत के अनुसार संपादन पूरा कर लेंगे, उसे अंतिम मंजूरी के लिए बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।”

गौरतलब है कि फिल्म भारत में भी सेंसरशिप को लेकर विवाद में थी। अभिषेक चौबे निर्देशित इस फिल्म में शाहिद कपूर, करीना कपूर, आलिया भट्ट, और पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिका में हैं।

गिरी का अनशन समाप्त, लेकिन आंदोलन रहेगा जारी

प्रमुख संवाददाता,

पिछले तीन दिनों से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर अनशन पर बैठे भाजपा सांसद महेश गिरि ने आज शाम अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी। अनशन ख़त्म कर के भी गिरि ने कहा कि आंदोलन जारी रहेगा और केजरीवाल को एक बार फिर बहस की चुनौती दी।

भाजपा सांसद ने अपना अनशन खत्म करने के बाद मीडियाकर्मियों से रूबरू होते हुए कहा, “पार्टी के कहने पर मैं अपना अनशन खत्म कर रहा हूँ, लेकिन अपनी बात पर मैं अब भी अटल हूँ। मैं एक बार फिर केजरीवाल को बहस करने की चुनौती देता हूँ।” गिरि ने बहस के लिए केजरीवाल को कल तक का वक्त दिया है। भाजपा सांसद ने केजरीवाल से बहस के लिए जगह और वक्त बताने के लिए भी कहा है।

धरने पर बैठे महेश गिरि ने आज सुबह योगासन करके योग दिवस भी मनाया। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह महेश गिरि से मुलाकात करने धरना स्‍थल पहुँचे और उनसे अनुरोध किया कि केजरीवाल के चुनौती स्वीकार न करने पर उन्हें आमरण अनशन कर जान देने की आवश्यकता नहीं। सोमवार को गिरि के प्रदर्शन को भाजपा सांसद सुब्रहमण्यम स्वामी, मनोज तिवारी और पार्टी महासिचव कैलाश विजयवर्गीय का भी साथ मिला था।

गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने एमसीडी कर्मचारी एमएम खान मर्डर केस में गिरि की संदिग्ध भूमिका का आरोप लगाया है। इस आरोप के बाद गिरि ने तीन दिन पहले केजरीवाल के आवास के बाहर भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। गिरि ने केजरीवाल को चुनौती दी थी कि केजरीवाल या तो उन पर लगाए गए आरोप को साबित करें नहीं तो अपने पद से इस्तीफा दे दें। गिरि ने यह भी कहा था कि आरोप यदि साबित हो जाते हैं तो वे राजनीतिक व सार्वजनिक जीवन से सन्यास ले लेंगे।

आपको बता दें कि एनडीएमसी में संपदा अधिकारी खान की 16 मई को जामिया नगर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एक दिन बाद वह एक होटल के लीज की शर्तों पर आदेश देने वाले थे। केजरीवाल ने उपराज्यपाल नजीब जंग को लिखे पत्र में जंग पर आरोप लगाया था कि खान हत्या मामले में वह गिरि और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष करण सिंह तंवर को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।

‘एनएसजी’ मसले पर रोज़ रंग बदल रहा चीन

शिखा पाण्डेय,

परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में भारत की एंट्री के मसले पर चीन आए दिन रंग बदल रहा है। अब चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और अन्य गैर एनपीटी देशों को शामिल करने के मुद्दे पर एनएसजी सदस्यों के बीच वार्ता चल रही है, जबकि कल चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में न्यूक्लियर सप्लायर ग्रुप की हो रही बैठक में भारत को सदस्यता देने का मुद्दा एजेंडे में शामिल नहीं है।

चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा है कि हमने किसी भी देश को टारगेट नहीं किया है, चाहे वह भारत हो या पाकिस्तान। हम लोगों की चिंता केवल परमाणु अप्रसार संधि से जुड़ी हुई है। यदि परमाणु अप्रसार संधि के नियम बदल दिए जाते हैं तो हम ईरान के साथ हुए न्यूक्लियर ट्रीटी की व्याख्या कैसे करेंगे?

चीन की ना नुकर को देखते हुए उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 जून को उज्बेकिस्तान में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे व एनएसजी सदस्यता के मसले पर चीन को मनाने का प्रयास करेंगे। वहीं मीडिया में सूत्रों के हवाले से यह भी कहा गया है कि चीन के रुख को देखते हुए एनएसजी में भारत के प्रवेश के लिए एनएसजी के बड़े और ताकतवर देश ‘प्लान बी’ पर भी काम कर रहे हैं।

‘इकोनॉमिक टाइम्‍स’ की रिपोर्ट के मुताबिक 9 जून को विएना में हुई बैठक में भारत का आवेदन स्‍वीकार कर लिया गया था। अर्थात भारत का आवेदन तकनीकी रूप से स्वीकार कर लिया गया था जिस पर सियोल बैठक में विस्तृत चर्चा होनी थी। लेकिन भारत का आवदेन स्वीकार कर लिए जाने के बाद चीन ने एनपीटी का मुद्दा उठाया। चीन ने कहा कि गैर-एनपीटी देशों को सदस्य बनाए जाने के लिए पहले आम सहमति पर पहुंचना होगा। दरअसल चीन चाहता है कि यदि भारत को एनएसजी की सदस्यता मिले, तो उसके करीबी मित्र पाकिस्तान को भी यह सदस्यता मिले, वर्ना भारत को भी सदस्यता न मिले।

चीन ने भारत को एनएसजी पर दिए जा रहे अमेरिका के समर्थन पर कहा कि अमेरिका ही वह देश है जिसने नियम बनाया है और बिना परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर किए किसी को एनएसजी में शामिल नहीं किया जा सकता है।

चीन ने आम सहमति का बहान भले बना दिया लेकिन उसके इस प्रयास के बावजूद 48 में से 29 देशों ने खुलकर भारत की सदस्यता का समर्थन किया। लेकिन चीन के रुख में कोई बदलाव न होता देख एनएसजी का मुखिया अर्जेंटीना, समूह के अन्य देशों के साथ मिलकर ‘प्लान बी’ तैयार करने में जुट गया। सूत्रों ने बताया कि ‘प्लान बी’ के तहत एक वर्किंग ग्रुप गैर-एनपीटी देशों को समूह में शामिल करने का एक खाका तैयार करेगा।

सलमान के किए को लेकर पिता सलीम ने माँगी माफ़ी

एंटरटेनमेंट डेस्क,

अभिनेता सलमान खान द्वारा फिल्म ‘सुल्तान’ की शूटिंग के दौरान की गई मशक्कत पर दिए गए विवादित बयान को उनके पिता ने गलत बताया है। सलीम खान ने कहा है कि बेशक सलमान का यह बयान गलत था लेकिन उसकी नीयत गलत नहीं थी। सलमान के पिता सलीम खान ने स्वीकार किया कि सलमान को ऐसा उदाहरण नहीं देना चाहिए था। उन्होंने सलमान की ओर से माफी मांगते हुए कहा,” सलमान की गलती के लिए मैं आप सभी से माफी मांगता हूं। गलती को माफ करने से बड़ा पुण्य कोई नहीं होता।”

उल्लेखनीय है कि अभिनेता सलमान खान द्वारा दिए गए एक बयान को लेकर विवाद हो गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अपनी आगामी फिल्म ‘सुल्तान’ को लेकर सलमान खान ने एक साक्षात्कार में कहा है कि शूटिंग के दौरान जब वे रिंग से बाहर निकलते थे तो उन्हें रेप का शिकार हुई महिला की तरह महसूस होता था, क्योंकि वे सीधे चल भी नहीं पाते थे। सलमान के जो फैंस बेसब्री से उनकी ईद के मौक़े पर रिलीज़ होनेवाली फिल्म सुल्तान की प्रतीक्षा कर रहे थे, वो उनके इस बयान से बहुत आहात हुए हैं।

सलमान के इस गैर ज़िम्मेदाराना बयान को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग ने उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। सलमान को सात दिनों के अंदर महिला आयोग को जवाब देना होगा। उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी कई लोगों ने आलोचना की है। सलमान की गलती के लिए उनके पिता ने माफ़ी तो मांग ली है पर अब सलमान को भी दुआ करनी होगी कि उनके इस बयान का असर उनकी फिल्म पर न पड़े।

जीरो बजट का हेल्थ इंश्योरेंस है योग – नरेंद्र मोदी

शिखा पाण्डेय,
द्वितीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंडीगढ़ के योग कार्यक्रम में शिरकत की। जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि योग जीरो बजट से हेल्थ इंश्योरेंस देने का साइंस है। जिस तरह मोबाइल आपके जीवन का अभिन्न हिस्सा है,उसी प्रकार योग को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाएं। आज पूरा विश्व योग दिवस मना रहा है। देश के हर कोने में योग का कार्यक्रम हो रहा है, जिसे समाज के हर तबके का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि योग जीवन अनुशासन का अनुष्ठान होता है।

प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के संबंध में बताया कि यूएन द्वारा पूरे विश्व में इस दिवस को मनाया जा रहा है। भारत के अनुरोध पर पिछले साल इसकी शुरूआत की गई। 21 जून इस लिए चुनाव गया क्योंकि यह सबसे लंबा दिवस होता है। पीएम मोदी ने योग के लिए दो अवॉर्ड देने का ऐलान किया, एक अवॉर्ड अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और दूसरा अवॉर्ड राष्ट्रीय स्तर पर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि योग आस्तिक और नास्तिक दोनों के लिए होता है। योग को अमीर और गरीब का भेद नहीं पता साथ ही इसे विद्वान, अनपढ़ का भी भेद नहीं है।उन्होंने अनुरोध किया कि कृपया इसे धर्म से जोड़कर न देखें।

30,000 से अधिक लोगों ने लिया आयोजन में हिस्सा-
चंडीगढ़ में हुए इस आयोजन में 30,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया, जो हर आयु वर्ग के थे। इनमें से करीब 10-10 हजार लोग क्रमश: चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा से आए थे। इसके अलावा चंडीगढ़ में 100 से अधिक अन्य जगहों पर भी करीब 10,000 लोगों ने योग किया।

प्रधानमंत्री ने भी दूसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर चंडीगढ़ के कैपिटल कॉम्प्लेक्स में इन 30,000 से अधिक लोगों के साथ योग अभ्यास किया तथा मधुमेह जैसी बीमारियों का प्राचीन आध्यात्मिक पद्धति से इलाज कराने पर जोर दिया। बीती रात यहां पहुंचे प्रधानमंत्री ने लोगों के साथ “कॉमन योग प्रोटोकॉल” के व्यापक प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

बढ़ रही है योग प्रशिक्षकों की मांग-
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में योग ट्रेनर्स की मांग बढ़ रही है, योग विश्व में आर्थिक कारोबार की तरह अग्रसर है। उन्होंने कहा कि योग हमारे पूर्वजों की विरासत है। देश में डायबिटीज की संख्या बढ़ रही है, योग से डायबिटीज पर कंट्रोल करना संभव है। योग का शारिरिक, मानसिक संतुलन से सीधा संबंध रखता है।

मोदी सरकार के 57 मंत्रियों ने भी अलग-अलग शहरों में योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में करीब 150 दिव्यांगों ने भी हिस्सा लिया जो अपने आप में एक मिसाल है।

सलमान के ‘बलात्कार पीड़िता’ वाले बयान से मचा बवाल, प्रशंसक भी नाराज़

एंटरटेनमेंट डेस्क,
बॉलीवुड के बिंदास भाईजान सल्लू मिया अक्सर अपने बिन सोचे समझे दिए गए बायानों से मुसीबत में पड़ जाते हैं। करोड़ों दिलों पर राज करने वाले सलमान एक बार फिर अपने एक विवादित बयान के कारण चर्चा में आ गए हैं, जिसके बाद से बवाल मच गया है।

सलमान ने एक इंटरव्‍यू में कहा है कि उनकी आने वाली फिल्‍म सुल्‍तान की शूटिंग के दौरान जब वे रिंग से बाहर निकलते थे, तो उन्‍हें रेप की शिकार हुई महिला जैसा महसूस होता था क्‍योंकि वे सीधे चल भी नहीं पाते थे। इस अभद्र बयान के बाद खुद सलमान के फैंस उनकी कड़ी आलोचना कर रहे हैं।

टीवी चैनलों की रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान ने अपने इंटरव्‍यू में कहा, “शूटिंग के दौरान उन 6 घंटों में काफी मेहनत होती थी, जब मैं रिंग में होता था। मुश्‍किल इसलिए होती थी क्‍योंकि मुझे 120 किलो के पहलवान को 10 अलग-अलग एंगल से उठाना होता था।”

सलमान ने विस्तार में बताया,” कई बार तो मुझे उन पहलवानों को जमीन पर पटखनी देनी होती था। रिंग में ऐसा एक बार नहीं, कई बार करना पड़ता था, ताकि रियल फाइट का फील आए। शॉट के बाद जब मैं रिंग से बाहर निकलता था, मुझे रेप का शिकार हुई महिला की तरह महसूस होता था। मैं सीधा नहीं चल पाता था।” सोशल मीडिया पर सलमान के इस बयान की काफी आलोचना हो रही है।

आपको बता दें कि सलमान खान की आगामी फिल्‍म सुल्‍तान ईद के मौके पर रिलीज हो रही है, जिसमें उनके साथ अनुष्का शर्मा मुख्य किरदार में नज़र आएंगी। सलमान के फैंस के बीच यह फिल्म पहले ही से बहुत चर्चा में थी लेकिन सलमान के इस बयान के बाद उनके फैंस काफी निराश और दुःखी हुए हैं।

एनएसजी मामले में भारत को चकमा देता चीन

शिखा पाण्डेय,
परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में भारत की सदस्यता को लेकर चीन ने भारत की कोशिशों को बड़ा झटका दिया है। चीन ने कहा है कि दक्षिण कोरिया के सिओल में हो रही परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह यानी एनएसजी की बैठक के एजेंडे में भारत को इसकी सदस्यता देने का मुद्दा शामिल ही नहीं है।

चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता होवा चुनिइंग ने आज कहा कि एनएसजी की वार्षिक बैठक में नए सदस्यों को शामिल किया जाना एजेंडे में कभी नहीं रहा। उन्होंने कहा कि  परमाणु अप्रसार संधि (NPT) पर हस्ताक्षर किए बिना भारत को इसकी सदस्यता नहीं मिलनी चाहिए और अगर उसे इसकी सदस्यता मिलती है तो अन्य दूसरे देशों,जिन्होंने परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं उन्हें भी सदस्यता मिलनी चाहिए।

इससे पहले, एनएसजी की सदस्यता पाने के लिए भारत की ओर से किए जा रहे प्रयासों के बीच विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने रविवार को कहा था कि चीन एनएसजी में भारत की सदस्यता का विरोध नहीं कर रहा है। इन प्रयासों के तहत विदेश सचिव एस जयशंकर चीन का समर्थन हासिल करने की कवायद के तहत 16-17 जून को बीजिंग की अघोषित यात्रा पर भी गए थे।

सुषमा ने कहा कि चीन 48 देशों के समूह एनएसजी की सदस्यता के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं और मापदंड की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को उम्मीद है कि वह समर्थन देने के लिए चीन को मना लेगा। सुषमा ने यह भी कहा कि भारत इस साल एनएसजी की सदस्यता हासिल करने को लेकर आश्वस्त है। आपको बता दें कि एनएसजी एकमत के सिद्धांत पर काम करता है और यहां तक कि भारत के खिलाफ एक देश का वोट भी इसकी कोशिशों को नाकाम कर सकता है।

राहत की बात यह है कि रूस के राष्ट्रपति ब्लादीमिर पुतिन ने कल कहा है कि वे चीन से भारत के समर्थन देने के मुद्दे पर बात करेंगे और उससे पूछेंगे कि वह क्यों विरोध कर रहा है। शनिवार को रूस के राष्ट्रपति पुतिन चीन के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वे वहां अपने चीनी समकक्ष शी चिनफिंग से वार्ता करेंगे। जैसा कि उन्होंने कहा है संभव है इस दौरे में वे एनएसजी में भारत की सदस्यता पर भी शी से बात करें और उन्हें राजी करने की कोशिश करें।

उल्लेखनीय है कि एनएसजी की बैठक दक्षिण कोरिया की राजधानी सिओल में आज से शुरू हुई है। यह बैठक 24 जून तक चलेगी। भारत के सरकारी रेडियो आकाशवाणी ने पूर्व में खबर दी थी कि लगभग सप्ताह भर की इस बैठक में 48 देश 24 जून को वार्षिक पूर्ण बैठक में एनएसजी में भारत की सदस्यता के मुद्दे पर चर्चा कर सकते हैं।

अबतक दुनिया के 21 देश ने भारत को सीधे-सीधे एनएसजी मेंबरशिप के लिए सपोर्ट करने की बात कही है। इसमें अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, स्विटजरलैंड, मैक्सिको जैसे देश शामिल हैं, जबकि चीन, न्यूजीलैंड, आयरलैंड, तुर्की, दक्षिण अफ्रीका व आस्ट्रिया एक प्रकार से भारत के खिलाफ हैं। विरोध करने वाले देश भारत के परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर नहीं करने सहित दूसरे बहाने बनाते हैं।

जल्द होगी नए आरबीआई गवर्नर की घोषणा!

अनुज हनुमत,

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक के वर्तमान गवर्नर रघुराम राजन द्वारा बतौर RBI गवर्नर दूसरा टर्म लेने से इनकार करने के बाद सरकार भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नये गवर्नर के नाम की घोषणा पर्याप्त समय रहते करेगी और निवर्तमान गवर्नर रघुराम राजन के उत्तराधिकारी के चयन को लेकर कोई सर्च कमेटी नहीं बनायी जाएगी। यह जानकारी आज यहां एक आधिकारिक सूत्र ने दी।

सरकार के ही एक शीर्ष सूत्र ने कहा, ‘नये गवर्नर की घोषणा समय रहते कर दी जाएगी लेकिन हम नही चाहते कि अनावश्यक अटकलबाजी हो।’ सूत्र ने बताया कि नये गवर्नर के चयन की ‘प्रकिया पहले से ही शुरू की जा चुकी है।’ राजन का कार्यकाल आगामी 4 सितंबर को समाप्त होगा। सूत्र ने कहा कि सरकार नये गवर्नर के चयन के लिए कोई विशेष समिति नहीं बनाएगी ।

अब इस बात पर भी अटकलें तेज हो गई हैं कि राजन का उत्तराधिकारी कौन होगा? वैसे इस रेस में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की चेयरमैन अरुंधति भट्टाचार्य का नाम सबसे आगे चलता बताया जा रहा है। उनके अलावा इस लिस्ट में जो नाम हैं, उनमें मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रह्मण्यम और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के डेप्युटी गवर्नर उर्जित पटेल का नाम भी है।

वहीं दूसरी ओर एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के हवाले से रॉयटर्स न्यूज एजेंसी ने इन अटकलों में विजय केलकर, राकेश मोहन, अशोक लाहिड़ी, सुबीर गोकर्ण, अशोक चावला के नाम का भी जिक्र किया है। हालांकि इस अधिकारी ने अरविंद सुब्रह्मण्यम के नाम को ‘रेस’ से बाहर बताया है।

जल्दी ही केजरीवाल की असलियत होगी सबके सामने -सुब्रमण्यम स्वामी

प्रमुख संवाददाता,
दिल्ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर हड़ताल कर रहे भाजपा सांसद महेश गिरि का साथ देने भाजपा के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी भी धरना स्थल पर पहुंचे। स्वामी ने केजरीवाल पर जमकर हमला किया और कहा कि रघुराम राजन के बाद अब दिल्ली के मुख्यमंत्री की बारी है। राजन की तरह ही हम उनकी भी असलियत सबके सामने लाएंगे। महेश गिरि का समर्थन करने पहुंचे सुब्रमण्यम स्वामी ने दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग पर भी हमला बोला।

स्वामी ने कहा,” अपने पूरे जीवन में केजरीवाल ने धोखाधड़ी की है। वह कहते हैं वह आईआईटी के मेधावी छात्र रहे हैं। लेकिन मेरे पास जानकारी है कि उन्होंने कैसे दाखिला लिया था, जिसे मैं प्रेस कॉन्फ्रेंस में उजागर करूंगा।” सुब्रमण्यन स्वामी ने चुनौती दी कि यदि दिल्ली सरकार के पास गिरी के ख़िलाफ़ कोई पुख्ता दस्तावेज़ हों तो कोर्ट के सामने पेश करे।

दिल्ली के गवर्नर पर निशाना साधते हुए स्वामी ने कहा कि उपराज्यपाल कानून के हिसाब से कार्रवाई क्यों नहीं करते? महेश गिरि बहुत धार्मिक शख्स हैं। उनके खिलाफ आरोप लगाना बहुत ही घटिया है।

महेश गिरि के समर्थन में धरना स्थल पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी तथा विजय गोयल भी पहुंचे। मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि आप संविधान के रक्षक हैं, भक्षक मत बनिए। बाहर आकर आरोप साबित कीजिए या माफी मांगिए।

दूसरी ओर केजरीवाल का कहना है कि भाजपा नेता कहीं भी कुछ होता है तो मेरे घर के बाहर प्रदर्शन करने पहुंच जाते हैं।पुलिस द्वारा महेश गिरी को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। भाजपा के दबाव के कारण पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।  भाजपा नेता हत्याकांड के दोषी का साथ दे रहे हैं, क्या यही क्रिमनल जस्टिस है?” इस धरने पर आप के प्रवक्ता आशुतोष ने कहा, “जिन लोगों को जेल में होना चाहिए, वे खुले आम धरने का ढोंग कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि पुलिस मोदी सरकार के इशारे पर चल रही है, इसलिए शिकायत करने का कोई फायदा नहीं।

आपको बता दें कि महेश गिरि पहली बार पूर्वी दिल्ली से सांसद बने हैं। गिरी केजरीवाल द्वारा उन पर नई दिल्ली नगर परिषद के अधिकारी एमएम खान की हत्या का आरोप लगाने पर माफी की मांग कर रहे हैं। केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी का आरोप है कि गिरी और दिल्ली नगरपालिका परिषद के उपाध्यक्ष करण सिंह तंवर (बीजेपी) की इस हत्याकांड में संदिग्ध भूमिका है।

वहीं एमएम खान की बेटी ने कहा है कि उनके मृत पिता के ऊपर राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने महेश गिरि से अपील की कि वह अपना धरना बंद करें।

सावधान! ‘जीका वायरस’ के कारण भ्रूण में विकृति के पहले मामले की पुष्टि

अनुज हनुमत,

स्पेन में जीका वायरस के कारण भ्रूण में विकृति के पहले मामले की शुक्रवार को पुष्टि हुई। मामला देश के पश्चिमोत्तर गलिशिया क्षेत्र में क्षेत्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण ने दर्ज किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सम्बंधित महिला गर्भावस्था के आठवें सप्ताह वेनेजुएला की यात्रा के दौरान संक्रमित हुई और अप्रैल में बीमार हो गई। शुरुआती परीक्षण के दौरान भ्रूण में कोई समस्या नहीं मिली थी, लेकिन गर्भावस्था के 19वें सप्ताह के दौरान हुए दुसरे परीक्षण में भ्रूण के तंत्रिका तंत्र में महत्वपूर्ण असमानताएं मिलीं।

जीका वायरस माँ के एमनीआटिक फ्लूड में भी पाया गया। 21वें सप्ताह में गर्भपात करा दिया गया। बाद की जाँचो में पता चला कि भ्रूण जन्मजात संकुचन से पीड़ित है। साथ ही भ्रूण के मस्तिष्क और सेरेब्रल माइक्रो-कैल्सिफिकेशन में पानी भरा है। स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक, स्पेन में जीका वायरस संक्रमण के 145 मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें 20 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। जिन्होंने उन देशों की यात्रा की थी जहाँ जीका का संक्रमण फैला हुआ है ।

क्या है जीका वायरस

ज़ीका विषाणु फ्लाविविरिडए विषाणु परिवार से है। जो दिन के समय सक्रिय रहते हैं। इन्सानों में यह मामूली बीमारी के रूप में जाना जाता है, जिसे ज़ीका बुखार, ज़ीका या ज़ीका बीमारी कहते हैं। 1947 के दशक से इस बीमारी का पता चला। यह अफ्रीका से एशिया तक फैला हुआ है। यह 2014 में प्रशांत महासागर से फ्रेंच पॉलीनेशिया तक और उसके बाद 2015 में यह मेक्सिको, मध्य अमेरिका तक भी पहुँच गया।
जिका बुखार मुख्यतया एडीज प्रकार के मच्छर के काटने से फैलता है। शारीरिक संबंध बनाने और खून चढ़ाने से भी इसके फैलने की संभावना रहती है। यह रोग गर्भवती माँ से गर्भस्थ शिशु में जा सकता है वर्टिकली ट्रांसमिटेड इंफेक्शन और शिशु के सिर के अपूर्ण विकास की वजह बन सकता है। इस रोग की पहचान के लिए होने वाली जाँचों में रक्त, मूत्र या लार संबंधी परीक्षण शामिल हैं, जो बीमार व्यक्ति में इस वायरस के आरएनए के होने का पता लगाने के लिए की जाती हैं।