28.5 C
Mumbai
Monday, August 3, 2026
Home Blog Page 1223

बिहार टॉपर्स: मास्टरमाइंड लालकेश्वर सिंह वाराणसी से गिरफ्तार

शिखा पाण्डेय, 
बिहार विद्यालय परीक्षा बोर्ड (बीएसईबी) के पूर्व अध्यक्ष तथा बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा में टॉपर्स घोटाले के कथित मास्टरमाइंड  लालकेश्वर प्रसाद सिंह को उनकी पत्नी एवं जदयू की पूर्व विधायक उषा सिन्हा के साथ आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गिरफ्तार किया गया। एसआइटी की टीम ने दोनों को उत्तर प्रदेश के वाराणसी के एक होटल से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को पटना लाए जाने के लिए कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

लालकेश्वर प्रसाद टाॅपर्स घोटाला मामले में नाम उजागर होने के बाद अपने पद से इस्तीफा देने के साथ ही फरार चल रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी ऊषा सिन्हा के भी इस मामले में शामिल होने का खुलासा होते ही तथा दोनों के खिलाफ पटना उच्च न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद वे भी नदारत हो गई थीं। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। आज हुई इन दोनों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए अहम कामयाबी माना जा रहा है।

लालकेश्वर सिंह की संपत्ति कुर्क करने के संबंध में एसआईटी के पास अदालत का आदेश था, जिसकी आज तामील की जाएगी। पटना लाये जाने के साथ ही एसआइटी की टीम लालकेश्वर एवं उनकी पत्नी से पूछताछ करेगी। टॉपर्स घोटाले मामले में मुख्य आरोपी बच्चा राय समेत कई लोगों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।
बता दें कि जदयू की पूर्व विधायक उषा सिन्हा ने 2015 में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा था। क्योंकि नालंदा जिले की उनकी हिलसा सीट राजद के कोटे में चली गई थी। इसके बाद वह कॉलेज में कार्यरत हो गईं। घोटाले की जांच में भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले में उन्हें सह-आरोपी बनाया है,जो कि पिछले कई दिनों से फरार चल रही थी।

उल्लेखनीय है कि लालकेश्वर प्रसाद सिंह और उनकी पत्नी ऊषा सिन्हा की तलाश में एसआइटी कई स्थानों पर छापेमारी कर चुकी थी। लालकेश्वर और उषा की तलाश में अब तक बिहार के पटना, बांका समेत अन्य स्थानों के अलावा यूपी के गोरखपुर, इलाहाबाद, लखनऊ समेत अन्य और झारखंड के जमशेदपुर, धनबाद आदि स्थानों पर छापेमारी की गई थी। यूपी के कई शहरों में उषा सिन्हा के भाई और भतीजे रहते हैं, तो झारखंड में लालकेश्वर के कई परिवार हैं। इसके अलावा लंदन में लालकेश्वर का बड़ा बेटा रहता है। इस वजह से इनके वहां भागने की संभावना भी जताई जा रही थी। इसके मद्देनजर पुलिस ने पहले ही  ‘लुकआउट नोटिस’ जारी कर रखा था, ताकि ये आसानी से किसी दूसरे देश या राज्य भाग नहीं सकें।

योग दिवस पर केंद्र सरकार का बड़ा प्लान,PM मोदी सहित कई मंत्री करेंगे योगाभ्यास!

शशांक मिश्रा,

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने योग दिवस को सफल बनाने के लिए सभी मंत्रियों को पत्र लिखकर इस अभियान से जुड़ने का आदेश दिया है। सरकार की ओर से सभी कैबिनेट और राज्य मंत्रियों को अलग-अलग राज्यों में जाकर योग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कहा गया है। सरकार ने चिट्ठी में अपने मंत्रियों को 21 जून की सुबह 7 से 8 बजे तक योग कार्यक्रम में हिस्सा लेकर योग दिवस को सफल बनाने का निर्देश दिया है।

पीएम मोदी चंडीगढ़ में आयोजित योग कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर चंडीगढ़ में होंगे। चंडीगढ़ प्रशासन, शहर को सजाने-संवारने में लगा है।खासकर कैपिटल कॉम्प्लेक्स जो कि पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट और विधानसभा के बीच में बना है। यहीं पर एक साथ 21 जून को 25 हजार से ज्यादा लोग प्रधानमंत्री के साथ योग करेंगे। कार्यकम स्थल पर एसी, कूलर और पंखे लगाए जा रहे हैं।

राजनाथ सिंह- लखनऊ, सुषमा स्वराज देश से बाहर योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। अरुण जेटली मुंबई, वेंकैया नायडू दिल्ली, नितिन गडकरी नागपुर, मनोहर पर्रिकर कानपुर, उमा भारती जयपुर, नजमा हेपतुल्ला देश से बाहर योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। राजीव प्रताप रुडी देश से बाहर योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।राज्यवर्धन सिंह राठौर- देश से बाहर योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। स्मृति ईरानी- भोपाल, मेनका गांधी- पीलीभीत।

इसके अलावा केंद्रीय कर्मचारी भी 28 जगहों पर योग करेंगे। इसके लिए DOPT ने भी सर्कुलर जारी कर दिया है। यही नहीं, पैरामिलिट्री फोर्स, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ और असम राइफल के जवान मिलकर 28 जगहों पर योग करेंगे।

ऋषिकेश: सेल्फ़ी के चक्कर में गंगा में डूबा युवक

नारायण सिंह,

ऋषिकेश। गंगा किनारे सेल्फी लेने के चक्कर में दिल्ली से परिवार के साथ घूमने आया एक युवक गंगा में डूब गया। घटना रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे लक्ष्मणझूला के राधेश्याम घाट स्वर्गाश्रम की बतायी जा रही है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस के अनुसार पत्थर पर खड़े होकर सेल्फी लेते हुए छात्र को डूबते हुए वहां मौजूद साधुओं ने देखा था।

रविवार की सायं करीब साढ़े छह बजे थाना लक्ष्मणझूला के स्वर्गाश्रम क्षेत्र में रामझूला गंगा लाइन के समीप छात्र गंगा में डूब गया। थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि यशवंत 18 वर्ष पुत्र अजीत निवासी आरजेक्यू 86 निहालनगर नागलोई दिल्ली-41 अपने माता पिता व अन्य रिश्तेदारों के साथ रविवार को यहां घूमने आया था।

परिवार के सभी 10 सदस्य सायं करीब साढ़े छह बजे राधेश्याम घाट चाय पीने के लिए रुके। इस बीच यशवंत अकेला फोटो खीचने गंगा तट पर चला गया। घाट पर मौजूद कुछ साधुओं ने पुलिस को बताया कि अपने मोबाइल से खुद की फोटो खींच रहा यशवंत अचानक गंगा में गिर गया और लहरों के साथ बह गया। यशवंत ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है।

ऋषिकेश: देहरादून मार्ग पर बस और इनोवा में भिड़ंत, 5 घायल

नारायण सिंह,

ऋषिकेश। देहरादून मार्ग पर काली मंदिर के समीप रोडवेज बस व इनोका कार की भिडंत हो गई। दुर्घटना में इनोवा सवार पांच लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक मथुरा से एक परिवार इनोवा कार बुक कर ऋषिकेश घूमने आए थे। रविवार की सायं वह ऋषिकेश से मसूरी घूमने के लिए जा रहे थे। देहरादून मार्ग पर काली मंदिर के समीप देहरादून से आ रही एक रोडवेज बस ने विपरीत दिशा में आकर इनोवा कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद रोडवेज चालक मौके से भाग गया जबकि इनोवा सवार सभी लोग घायल हो गए।

दुर्घटना में घायल वृंदावन मथुरा उत्तरप्रदेश निवासी आशीष (37 वर्ष) उनकी पत्नी प्रिया (33 वर्ष), पुत्र नितेश (छह वर्ष) व पुत्री प्रभा (दो वर्षीय) को हिमालयन हास्पिटल जौलीग्रांट पहुंचाया गया। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जबकि इनोवा चालक दाऊजी (28 वर्ष) पुत्र सत्यपाल निवासी बृंदावन, मथुरा उत्तरप्रदेश कार में बुरी तरह फंस गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने किसी तरह दाऊजी को बाहर निकाला और राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया।

देश भर में शराबबंदी लागू करें मोदी -नितीश कुमार

शिखा पाण्डेय,
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी है कि यदि प्रधानमंत्री पूरे देश में शराबबंदी लागू कर दें तो वे उनके साथ विश्व योग दिवस में शामिल होंगे। वे रविवार को मेदिनीनगर के शिवाजी मैदान में शराबबंदी को लेकर आयोजित महिला सम्मेलन में बोल रहे थे।

केंद्र सरकार के विकास पर्व पर निशाना साधते हुए नितीश कुमार ने कहा, “केंद्र सरकार के दो साल पूरे होने पर भाजपा द्वारा विकास पर्व मनाया जा रहा है। यह मात्र बनावटी पर्व है। यदि पर्व का माहौल देखना है, तो बिहार में देखिए। शराबबंदी लागू होने के बाद घर-घर में पर्व मन रहा है।” उन्होंने कहा कि शराबबंदी के पहले उनके मन में भी द्वंद्व चल रहा था कि इसका क्या परिणाम होगा। उन्होंने पहले गांव में शराबबंदी की, लेकिन फिर शहर की महिलाएं भी आगे आईं। इसलिए शराबबंदी को लेकर महिलाओं की दृढ़ इच्छाशक्ति व संकल्प को देख कर उन्होंने पूरे बिहार में शराबबंदी कर दी।

उन्होंने कहा, “पीएम के आह्वान पर पूरे देश में 21 जून को योग दिवस मनाया जा रहा है। यदि इसके पूर्व 20 जून को प्रधानमंत्री देश में शराबबंदी को लागू करते हैं, तो मैं भी उनके साथ 21 जून को होनेवाले योग दिवस में शामिल होऊंगा।” नीतीश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शराबबंदी के पक्षधर हैं। गुजरात में पहले से ही शराबबंदी थी। जब मोदी वहां के मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने भी गुजरात में इसे जारी रखा। आज वे प्रधानमंत्री हैं, इसलिए उन्हें पूरे देश में शराबबंदी लागू करनी चाहिए। पूरे देश में न सही, भाजपा शासित राज्यों में तत्काल शराब बंद करानी चाहिए।

“भाजपा के लोग इवेंट मैनेजमेंट में माहिर हैं”-

जेडीयू अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि क्या शराबबंदी के बगैर योग दिवस मनाने का अपेक्षित लाभ मिलेगा?  शराब के सेवन से सेहत खराब हो रही है और जब सेहत ही खराब हो जायेगी, तो योग कैसे होगा‍? शराब के साथ योग का कोई मतलब नहीं है। लोग योगाभ्यास इसलिए करते हैं कि शरीर स्वस्थ रहे, लेकिन नशापान करने से शरीर स्वस्थ नहीं रह पाता। इसलिए प्रधानमंत्री अगर सच्चे मन से लोगों को स्वस्थ बनाना चाहते हैं, तो सबसे पहले उन्हें शराबबंदी को लागू करनी चाहिए। योग कोई प्रचार की चीज नहीं है, लेकिन भाजपा ने इसे भी इवेंट के रूप में तब्दील कर दिया है। भाजपा के लोग इवेंट मैनेजमेंट में माहिर हैं।

आपको बता दें कि इस महिला सम्मेलन की अध्यक्षता झारखंड की पूर्व मंत्री सुधा चौधरी कर रही थीं। नितीश ने पलामू में सम्मेलन आयोजन के लिए पूर्व मंत्री सुधा चौधरी को बधाई दी। सम्मेलन को बिहार के संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, बिहार के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जलेश्वर महतो सहित कई लोगों ने भी संबोधित किया।

सम्मलेन में नितीश ने झारखंड सरकार पर भी हमला बोला व उनके द्वारा अपेक्षित सहयोग की अपील के बावजूद झारखण्ड में शराब बंदी न किए जाने पर या इस दिशा में कोई प्रयास न किए जाने पर नितीश बोले कि यदि रघुवर दास नहीं सुन रहे हैं, ताे कोई बात नहीं, बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में जब भी झारखंड में सरकार बनेगी, तो सबसे पहला काम सूबे में शराबबंदी होगी।

बांग्लादेशी मौलवियों ने फतवे में कहा- ‘आतंकवाद है हराम’

अनुज हनुमत,

विश्व के मुस्लिम बाहुल्य देशों में से एक बांग्लादेश में इस्लामी चरमपंथियों द्वारा हिंदुओं और धर्मनिरपेक्ष लेखकों की निर्मम हत्याओं पर चिंता जताते हुए इस्लाम के एक लाख से ज्यादा विद्वानों ने एक फतवा जारी किया। फतवे में कहा गया कि इस्लाम के नाम पर चरमपंथ और आतंकवाद फैलाना ‘हराम’ है।

इस्लाम के जानकारों के संगठन बांग्लादेश जमीयतउल उलेमा के अध्यक्ष मौलाना फरीद उद्दीन मसूद ने एक संवाददाता सम्मेलन में इस्लामी कानून के आधार पर फतवा जारी किया और ये बात कही ।

बांग्लादेश की सबसे बड़ी ईदगाह शोलाकिया ईदगाह के ईमाम मौलाना मसूद ने कहा कि ‘कुछ’ आतंकियों द्वारा खुद को ‘जिहादी’ बताया जाना ‘गलत’ है। ऐसे लोग इस्लाम को बदनाम कर रहे हैं । ऐसे ही लोगों से इस्लाम को खतरा है। मौलाना मसूद ने कल कहा, ‘‘इस्लाम शांति का धर्म है। इस्लाम आतंकवाद का समर्थन नहीं करता।’’ कुरान और हदीस का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि आत्मघाती हमलावरों को नरक में भेजा जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि, ‘‘यहां तक कि आतंकियों, उग्रवादियों और कायर हत्यारों की आखिरी नमाज में शामिल होना भी हराम है। आतंकवाद के खिलाफ अपने अभियान में मारे गए लोग शहीद कहलाएंगे।’’ मौलाना मसूद के अनुसार, फतवे पर 1,01,524 मुफ्तियों, आलिमों और उलेमाओं ने दस्तखत किए हैं। यह फतवा संदिग्ध इस्लामी चरमपंथियों द्वारा विभिन्न लेखकों, ब्लॉगरों, ऑनलाइन कार्यकर्ताओं और विभिन्न धर्म एवं सामाजिक विचारों वाले लोगों की सिलसिलेवार हत्याओं के बीच जारी किया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे समय में जब आतंकवाद के लिए इस्लाम को सन्देह की दृष्टि से देखा जा रहा है, ऐसे में ये एक बड़ा सन्देश साबित हो सकता है।

जारी किये गए फतवे का शीषर्क था, ‘‘मानवता की खुशहाली के लिए शांति का फरमान’’। यह फतवा अल्पसंख्यकों और धर्मनिरपेक्ष कार्यकर्ताओं पर कायरतपूर्ण हमलों की निंदा करता है। मौलाना ने कहा कि यदि फतवा आतंकवाद को पूरी तरह रोकने में विफल भी रहा, तो भी यह निश्चित तौर पर हिंसा पर लगाम लगाने में मददगार होगा।

स्वर्ण जयन्ती समारोह पर भी शिवसेना ने साधा बीजेपी पर निशाना, कहा- कुछ लोग ‘राम’ को भूल गए

शिखा पाण्डेय, 
आज शिवसेना पार्टी ने मुंबई में अपनी पचासवीं सालगिरह का जश्न मनाया। अपनी स्वर्ण जयंती पर भी शिवसेना अपनी सहयोगी पार्टी भाजपा पर हमला बोलने से बाज़ नहीं आई। उसने इस जश्न में पुरानी सहयोगी पार्टी को न्योता तक नहीं दिया। गोरेगांव के मैदान में अपनी रैली में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कैराना और कश्मीर के बहाने फिर बीजेपी पर निशाना साधा और यहाँ तक कह दिया कि पता नहीं गठबंधन का क्या होगा।
अपनी पचासवीं सालगिरह के मौके पर पार्टी ने मुंबई में महाराष्ट्र के हर कोने की सांस्कृतिक-सामाजिक विरासत बिखेर दी। उद्धव ठाकरे ने इस अवसर पर भाजपा पर ताना कसते हुए कहा, “आप केंद्र और कश्मीर में सत्ता में हैं। फिर भी लोगों को क्यों पलायन करना पड़ रहा है? और लगता है लोग राम मंदिर के बारे में भूल ही गए हैं।” फिर अपना पक्ष साफ़ सुथरा रखने के लिए उन्होंने कहा,” हम बीजेपी की आलोचना नहीं कर रहे, बल्कि तथ्य बता रहे हैं।”
उद्धव ने हमेशा की तरह सहयोगी पार्टी की आलोचना करते हुए कहा, “देश बदल रहा है, लेकिन हालात नहीं। चीन की घुसपैठ, पाकिस्तान के साथ झड़प कुछ बंद नहीं हुआ। महंगाई भी जस की तस है।”
अपने संबोधन में उद्धव ने एक बार फिर गठबंधन पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा, ” हम गठबंधन तोड़ना नहीं चाहते, लेकिन वो गठबंधन हमारे आत्मसम्मान की कीमत पर नहीं होगा। मुझे नहीं पता गठबंधन का क्या होगा, हमें चुनावों की तैयारी करनी पड़ेगी।”

‘अंदाज़ अपना अपना 2’ में भी नज़र आएँगे आमिर-सलमान!

एंटरटेनमेंट डेस्क,
हँसाकर लोटपोट कर देने वाली फिल्म अंदाज़ अपना अपना के अमर और प्रेम को आप बेशक़ भूले तो नहीं होंगे। इस फिल्म के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी यह है कि जल्द ही ‘अंदाज अपना-अपना’ का सीक्वल आने की उम्मीद है।
इस सुपरहिट फिल्म  के सीक्वल बनाए जाने को लेकर खबरें लंबे समय से सुनाई दे रही थीं, लेकिन अब इसका रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिल्म की शूटिंग इस साल के अंत तक शुरू हो जाएगी। साल 1994 में आई सलमान-आमिर की फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ की सीक्वल  को ‘अंदाज अपना अपना-2’ नाम दिया जाएगा।
राजकुमार संतोषी निर्देशित ‘ अंदाज अपना अपना’ में सलमान खान, आमिर खान, करिश्मा कपूर, रवीना टंडन, शक्ति कपूर और परेश रावल ने मुख्य भूमिका निभाई थी और फिल्म के प्रोड्यूसर थे विनय सिन्हा।
रील लाइफ एंटरटेन्मेंट प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक प्रीति सिन्हा ने बताया कि विनय सिन्हा ने ‘फैंटम फिल्म्स’ या किसी और को फिल्म का अधिकार नहीं बेचा है, जैसी कि मीडिया में अफवाह उड़ाई जा रही है। विनय पिक्चर्स ने आमिर और सलमान की मुख्य भूमिका वाली फिल्म का निर्माण किया था। फिल्म के अधिकार अब भी विनय पिक्चर्स के पास ही हैं और उसे फैंटम फिल्म्स को नहीं बेचा गया है। विनय सिन्हा की बेटी प्रीति ने बताया कि आनेवाली फिल्म मूल फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ की रिमेक नहीं है।”
दूसरी तरफ आमिर खान पहले ही सलमान खान के साथ इस फिल्म में काम करने की इच्छा व्यक्त कर चुके हैं। एक कार्यक्रम के दौरान आमिर ने  कहा कि मुझे आशा है कि सलमान भी ऐसी ही इच्छा रखते होंगे। अगर यह एक बेहतर स्क्रिप्ट हुई तो यकीनन हम फिर साथ-साथ काम करेंगे।

यू.पी. और पंजाब चुनाव को लेकर उत्सुक शीला, कहा- ‘जल्दी लिया जाए निर्णय’

ब्यूरो (नई दिल्ली),

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शीला दीक्षित ने कहा है कि पार्टी को उत्तर प्रदेश और पंजाब में चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दे देना चाहिए। पार्टी के पास समय कम है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश या पंजाब में उन्हें जो भी भूमिका मिले, उसे निभाने को वे सहर्ष तैयार हैं।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस के लिए समय हाथ से निकला जा रहा है। पंजाब और उत्तर प्रदेश, दोनों ही राज्यों में हमारी रणनीति के संबंध में निर्णय जितनी जल्द हो सके, उतनी जल्दी किया जाना चाहिए  जो भी निर्णय हो, जल्द से जल्द हो।”

जब उनसे यह पूछा गया कि क्या वह उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनने के लिए तैयार हैं, तब दीक्षित ने घुमा फिराकर जवाब देते हुए कहा कि वह पार्टी उच्च कमान के निर्देश का पालन करेंगी। उत्तर प्रदेश व पंजाब में से वे किसे प्राथमिकता देंगी,इस विषय में 78 वर्षीय दीक्षित ने कहा, ” पंजाब और उत्तर प्रदेश दोनों ही राज्यों में चुनाव हमारे लिए महत्वपूर्ण होंगे। पार्टी हाई कमांड जो भी भूमिका मुझे देना चाहती है, उसके लिए मैं तैयार हूं। “

दीक्षित ने उच्च कमान से अनुरोध किया कि प्रमुख निर्णय तेजी से लिया जाए। सूत्रों की मानें तो सोनिया और राहुल के साथ दीक्षित की बैठक में उन्हें उत्तर प्रदेश में अग्रणी भूमिका, संभवत: मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

गौरतलब है कि दीक्षित ने कल पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात की थी। उनकी इस मुलाकात को लेकर यह अटकलें जोरों पर हैं कि उन्हें उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया जा सकता है या पंजाब में एक बड़ी भूमिका दी जा सकती है। शीला दीक्षित तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।

ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने उत्तर प्रदेश के चुनावों में एक ब्राह्मण चेहरा सामने लाने के उद्देश्य से दीक्षित के नाम का सुझाव दिया है।

दूसरी ओर यह चर्चा भी ज़ोर पकड़ रही है कि दीक्षित को पंजाब का प्रभारी बनाया जा सकता है क्योंकि पार्टी एक ऐसा नेता तलाश रही है जो राज्य से संबंधित हो। दीक्षित मूल रूप से पंजाब से हैं। इसलिए कमलनाथ द्वारा बुधवार को पंजाब का प्रभार छोड़ने के बाद से ऐसी खबर आ रही है।

एनएसजी सदस्यता मामला: अब रूस भी भारत के साथ

शिखा पांडेय,

परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में भारत का पक्ष लगातार मजबूत होता जा रहा है। अमेरिका, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन के बाद रूस ने भी भारत को इस मामले में समर्थन का पूरा भरोसा दिया है। रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि वे इस मसले को सियोल में होने वाली बैठक में उठाएंगे और भारत के समर्थन की बात करेंगे।

एनएसजी में भारत की सदस्यता का समर्थन करते हुए पुतिन ने कहा कि वे चीन से बात करेंगे कि वो आखिर किस आधार पर भारत की सदस्यता का विरोध कर रहा है। हालांकि पुतिन ने कहा कि नियमों के मुताबिक ही आखिरी फैसला लिया जाएगा। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि वो भारत को परमाणु संबंधी मसलों पर सहयोग देने के लिए तैयार है, लेकिन उसे अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में रहकर ही इस कोशिश को अंजाम तक पहुँचाना होगा।

पुतिन की इस बात से यह साबित हो गया है कि रूस भारत की एनएसजी में एंट्री को लेकर काफी सकारात्मक सोच रखता है। आपको बता दें कि सोमवार से एनएसजी सदस्यों की बैठक होने वाली है। पुतिन ने कहा है कि जितने नए देशों ने सदस्यता के लिए अपील की है, उनके बारे में 48 सदस्यों की एनएसजी टीम बैठक में विचार करेगी।

भारत-अमरीका के बीच बढ़ती दोस्ती पर पुतिन ने कहा कि इससे भारत और रूस के रिश्ते पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आबादी वाले भारत में आर्थिक समस्‍याएं हैं और ऊर्जा से जुड़ी कई चुनौतियां हैं। हमें भारत के हितों को सुनिश्चित करने और उनको समर्थन देने के सभी मौकों को देखना चाहिए।

गौरतलब है कि एनएसजी में भारत की सदस्यता को लेकर विभिन्न देशों के साथ बातचीत को आगे बढ़ाते हुए नरेंद्र मोदी ने कुछ दिन पहले ही सीधे रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत की थी। भारत के संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता से लेकर एनएसजी सदस्य बनने के वैश्विक महत्वाकांक्षा का रूस हमेशा से समर्थक रहा है। रूसी राष्ट्रपति द्वारा दिए गए इस समर्थन ने भारत के इरादों और विश्वास को और मज़बूत बना दिया है।