26 C
Mumbai
Saturday, August 15, 2026
Home Blog Page 980

भारत ने श्रीलंका को 9 विकेट से हराकर श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बनाई

एनपी स्पोर्ट्स डेस्क | Navpravah.com 

 

भारत ने श्रीलंका को पहले वनडे मैच में नौ विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत ने श्रीलंका के 216 रन के लक्ष्‍य को मात्र एक विकेट के नुकसान पर 28 ओवर और 5 गेंदों पर 220 रन बनाकर हासिल कर लिया। ओपनर शिखर धवन ने तूफानी पारी खेलते हुए वनडे में अपना 11वां शतक पूरा किया और शिखर व विराट की धुंवाधार पारी ने भारत को शानदार जीत दिलाई। पिछले साल अक्तूबर के बाद पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे बायें हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल ने दस ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट लिये जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है।

शिखर ने 90 गेंद पर 20 चौकों और 3 छक्‍के की मदद से नाबाद 132 रन की पारी खेली। वहीं कप्‍तान विराट कोहली ने भी 70 गेंद पर 10 चौकों और 1 छक्‍के की मदद से नाबाद 82 रन बनाये। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 197 रन की साझेदारी बनी। रोहित शर्मा आज कुछ खास नहीं कर पाये और मात्र 4 रन पर रन आउट हो गये।

विराट कोहली ने दौरे में लगातार चौथी बार टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। श्रीलंका की शुरुवात अच्छी रही। निरोशन डिकवेला (65) और धनुष्का गुणतिलका (35) ने पहले विकेट के लिये 74 रन जोड़कर श्रीलंका को अच्छी शुरुआत दिलायी। लेकिन इसके बावजूद भारत के खिलाफ पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 77 रन के अंदर नौ विकेट गंवाने के कारण पूरी टीम 216 रन के कम स्कोर पर आउट हो गई।

डिकवेला ने कुसाल मेंडिस (36) के साथ भी दूसरे विकेट के लिये 35 रन जोड़े लेकिन इस सलामी बल्लेबाज के आउट होने के बाद श्रीलंका की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गयी और 43.2 ओवर में पूरी टीम सिमट गयी। पूर्व कप्तान एंजेलो मैथ्यूज 36 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंकाई क्रिकेट प्रेमी बड़ी संख्या में स्टेडियम में पहुंचे थे। उन्हें रोमांचक मैच की उम्मीद थी लेकिन टेस्ट श्रृंखला के तीनों मैच गंवाने वाली श्रीलंकाई टीम के बल्लेबाजों ने उन्हें फिर से निराश किया।

राष्ट्रपति कोविंद ने ट्रेन हादसे में पीड़ितों के प्रति जताया शोक

mumbai-stampede-president-condoles
सौम्या केसरवानी।Navpravah.com
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मुजफ्फरनगर ट्रेन हादसे में मारे गए लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है. कोविंद ने कहा, मुजफ्फरनगर में खतौली के नजदीक पुरी-हरिद्वार कलिंग उत्कल एक्सप्रेस रेल घटना से दुखी हूं।
आगे उन्होंने लिखा, कि इस घटना से मैं बहुत दुखी हूँ, बहुत से लोगों की जान गयी और बहुत से लोग घायल हुए हैं, कई लोगों के घर भी टूट गये हैं, सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद पहुँचायेगी। घायलों को उचित चिकित्सा मुहैया कराया जायेगा और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
घटनास्थल पर मौजूद अधिकारी मृतकों की संख्या 24 बता रहे हैं, और रेलवे ने 20 लोगों के मरने और 92 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। जाँच अधिकारी रेल हादसे की गम्भीरता की जाँच कर रहे हैं कि इस हादसे की असली वजह आखिर क्या है। रेल हादसे के बाद विपक्ष लगातार सुरेश प्रभु से  इस्तीफा मांग रहा है, पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी सुरेश प्रभु के इस्तीफे की मांग की है। लालू ने कहा, ‘लोगों की जिंदगी खतरे मे है, वे अपनी जान जोखिम मे डालकर सबर कर रहे हैं, यहाँ किसी के जान की कोई गारंटी ही नहीं है।’

मुजफ्फरनगर रेल हादसा : विपक्ष ने की ‘प्रभु’ के इस्तीफे की मांग

RPT (with added details) - Muzaffarnagar: Coaches of the Puri-Haridwar Utkal Express train after it derailed in Khatauli near Muzaffarnagar on Saturday. Coaches of the train have derailed and at least 15 to 20 people injured as per initial reports. PTI Photo(PTI8_19_2017_000099B)
सौम्या केसरवानी।Navpravah.com
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर मे खतौली रेलवे स्टेशन  के पास कल शाम एक बड़ा हादसा हो गया, हादसा इतना बड़ा था कि ट्रेन की एक बोगी घर तक मे घुस गयी और इस घटना के बाद रेल मंत्री सुरेश प्रभु के ऊपर विपक्ष निशाना साधने लगे।
रेल हादसे के बाद विपक्ष लगातार सुरेश प्रभु से  इस्तीफा मांग रहा है, पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी सुरेश प्रभु के इस्तीफे की मांग की है। लालू ने कहा, ‘लोगों की जिंदगी खतरे मे है, वे अपनी जान जोखिम मे डालकर सबर कर रहे हैं, यहाँ किसी के जान की कोई गारंटी ही नहीं है।’
कांग्रेस ने भी 2014 के बाद हर रेल हादसों का आंकड़ा जारी करके मौजूदा सरकार का विरोध किया, साथ ही बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने भी रेल हादसे की निंदा करते हुए सुरेश प्रभु के इस्तीफे की मांग की है।
अभी तक सुरेश प्रभु ने इस्तीफेे को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, आधिकारी कल शाम से ही खोजबीन मे जुटे हैं, हालाँकि इस हादसे को लेकर एक आडियो क्लिप सामने आयी है, लेकिन अभी तक अधिकारिक पुष्टि उस टेप की नही हुई है। रेल मंत्री ने रेल हादसे में मृतकों के परिजनों को साढ़े तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।

लालू ने शिवानंद तिवारी को बनाया राजद का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

शिखा पाण्डेय | Navpravah.com

 

जनता दल यूनाइटेड(जेडीयू) से राष्ट्रीय जनता दल(राजद) , राजद से फिर जदयू , फिर जदयू से निष्कासन के बाद राजनीति से सन्यास लेने वाले शिवानंद तिवारी अब एक बार फिर सक्रीय राजनीति का हिस्सा बन गए हैं। अब दोबारा वे राजद का एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण हिस्सा बनकर सामने आये हैं। जी हाँ ! राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने शिवानंद तिवारी को अपनी पार्टी का नया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है।

कौन हैं शिवानंद तिवारी ?

शिवानंद तिवारी बिहार के बड़े नेता स्वर्गीय रामानंद तिवारी के बेटे हैं। जदयू व राजद , दोनों ही पार्टियों में तिवारी का सम्मान होता रहा है। रामानंद तिवारी की छत्र छाया में ही लालू-नीतीश सरीखे नेताओं ने राजनीति की एबीसी सीखी थी. इसलिए शिवानंद तिवारी लालू यादव और नीतीश कुमार के गुरुभाई भी कहलाते हैं। इस वक्त उनके बेटे राहुल तिवारी राजद से विधायक हैं।

शिवानंद तिवारी पहली बार 1997 में समता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। उसके बाद वे लालू की पार्टी मे शामिल हो गए और उन्हें राबड़ी देवी की सरकार में मंत्री बनाया गया था। कुछ दिनों के बाद शिवानंद तिवारी दोबारा जेडीयू में शामिल हुए और नीतीश कुमार ने उन्हें राज्यसभा भेजा और पार्टी का प्रवक्ता भी बनाया था।

हाल के दिनों में महागठबंधन टूटने के बाद से शिवानंद तिवारी काफी सक्रिय हो गए थे। उन्होंने लालू यादव का पक्ष लिया था और नीतीश कुमार की जमकर आलोचना की थी। शिवानंद तिवारी इससे पहले जदयू से राज्यसभा सांसद थे लेकिन 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले जदयू ने उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया था। उस वक्त भी शिवानंद तिवारी ने पार्टी में रहते हुए नीतीश कुमार का विरोध किया था। उन्होंने नीतीश को खुली चुनौती भी दी थी। उन्होंने कहा था कि नीतीश का भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस एक मात्र ढोंग है। उनका कहना है कि अगर भेद खुला तो गड़े मुर्दे उखड़ेंगे और उनकी पोल खुल जाएगी।

“आतंकवाद से निपटने के लिए होना होगा हाईटेक ” -CM योगी

 सौम्या केसरवानी | Navpravah.com
सीएम योगी आदित्यनाथ और गृहमंत्री राजनाथ सिंह आज लखनऊ पहुंचे. वे ‘National Investigation Agency‘ NIA के लखनऊ कार्यालय एवं देश के पहले NIA आवासीय परिसर के उद्घाटन में शामिल हुए। NIA लखनऊ कार्यालय एवं आवासीय परिसर का उद्घाटन गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने वहाँ अपने संबोधन में कहा कि 2009 में NIA गठन हुआ था, ये गठन आतंकी घटनाओं की कार्यवाही के लिए किया गया था, जिसके बाद से NIA आतकवाद के छक्के छुड़ा रही है।
उन्होंनें कहा की हमने ATS को भी मज़बूत करने का प्रयास किया है ऐसे में अब राष्ट्रीय (NIA) और राज्य (ATS) की जांच एजेंसी का सामंजस्य होगा। भारत सरकार को प्रदेश सरकार पूरा सहयोग देगी।
आगे उन्होंने कहा कि आंतकविद एक गम्भीर समस्या है, इससे मुकाबला करने के लिए हमें और भी हाईटेक होने की आवश्यकता है, हम सभी ईस ओर प्रयासरत हैं कि देश के किसी भी नागरिक को कोई नुकसान न पहुंचे।

दार्जिलिंग और कालिम्पोंग में बम विस्फोट, हाई अलर्ट

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

दार्जिलिंग और कालिम्पोंग समेत उत्तरी पश्चिम बंगाल की पहाड़ियों मे कुछ घंटों के भीतर दो बम विस्फोट के बाद वहाँ के सभी पुलिस थानों को हाई अलर्ट पर कर दिया गया है।

कालिम्पोंग के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह यादव के अनुसार सभी पुलिस स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, संघर्ष प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा वही रणनीति अपनाई जा रही है जो विद्रोहियों से निपटने के लिए अपनाई जाती हैं।

कल रात कालिम्पोंग पुलिस स्टेशन के बाहर एक विस्फोट हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, साथ ही एक होमगार्ड व सीमा सशस्त्र बल का एक जवान घायल हो गया था। यह विस्फोट दार्जिलिंग शहर में हुए विस्फोट के 24 घंटे के अंदर हुआ था।

पुलिस ने कहा कि दार्जिलिंग में विस्फोट एक इम्प्रोवाइज्ड विस्फोटक उपकरण से हुआ था, जिसके कारण इसका प्रभाव व्यापक क्षेत्र में महसूस किया गया। इस विस्फोट को लेकर जीजेएम के अध्यक्ष बिमल गुरुंग सहित तीन नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जीजेएम ने कहा कि उनपर लगे आरोप गलत हैं, और ये विस्फोट उन्होंने किया है जो गोरखालैंड नहीं बनने देना चाहते हैं।

बांग्लादेश पीएम शेख हसीना की मौत की साज़िश रचने वाले 10 आतंकियों को मौत की सज़ा

शिखा पाण्डेय । Navpravah.com

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना की हत्या के प्रयास के मामले में 10 चरमपंथियों को मौत की सज़ा सुनाई गई है। इसके अलावा नौ अन्य को 20 साल जेल की सजा सुनाई गई है। रविवार को ढाका के फास्ट ट्रैक ट्राइब्यूनल की जज मुमताज बेगम ने 17 साल पुराने इस मामले में इन सभी आरोपियों को सजा सुनाई है। इन लोगों ने साल 2000 में गोपालगंज में हसीना के पुश्तैनी गांव के एक मैदान में अति-शक्तिशाली विस्फोटक डिवाइस का इस्तेमाल कर हसीना की हत्या की साजिश रची थी।

जानें पूरा मामला-

20 जुलाई, 2000 को गोपालगंज के कोटालीपाड़ा के एक स्कूल में प्रधानमंत्री शेख हसीना का भाषण होना था। उनके आने की तैयारियों के सिलसिले में एक मंच बनाया गया था।
इसी मंच के निर्माण के दौरान वहां से 76 किलो विस्फोटक बरामदगी किया गया। इसके अगले दिन कोटालीपाड़ा में प्रधानमंत्री के लिए बनाए गए हैलीपैड से 80 किलो विस्फोटक बरामद किया गया।

इस दिन प्रधानमंत्री शेख हसीना को अपने निर्वाचन क्षेत्र के एक कॉलेज ग्राउंड में एक रैली को भी संबोधित करना था। कोटालीपाड़ा पुलिस थाने ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। जांच के बाद 8 अप्रैल, 2001 को सीआईडी की क्राइम ब्रांच ने दस लोगों के ख़िलाफ़ चार्जशीट फाइल की। इनमें हरकत-उल-जिहाद से जुड़े मुफ्ती अब्दुल हन्नान भी एक थे। 2010 में ये मामला गोपालगंज कोर्ट से ढाका की फास्ट ट्रैक ट्राइब्यूनल को भेज दिया गया।

उल्लेखनीय है कि इस मामले के एक अभियुक्त प्रतिबंधित संगठन ‘हरकत-उल-जिहाद’ सरगना मुफ्ती अब्दुल हन्नान को एक अन्य मामले में पहले ही मौत की सजा दी जा चुकी है, इसलिए उनका नाम इस केस से हटा दिया गया था।

ऑडियो वायरल : मुजफ्फरनगर रेल हादसे मे रेलवे प्रशासन की गलती!

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

उत्तर प्रदेश के के खतौली में कल शाम बहुत बड़ा रेल हादसा हुआ, ट्रेन के कई डिब्बे दूसरो के घरों तक मे घुस गये। जांच में रेल प्रशासन की लापरवाही सामने आ रही है, और अब इससे जुड़े कुछ आडियो क्लिप भी सामने आयी है। बताया जा रहा कि इस आडियो मे रेलवे कर्मचारी और गेटमैन की बातचीत है।

दोनों के बात के अनुसार गेटमैन बोल रहा है कि रेल की पटरी पर काम चल रहा है, और कई पटरियाँ टूटी भी हुई हैं। वहाँ काम कर रहे कर्मचारी भी सारा समान वहीं छोड़ कर चले गये हैं, और काम अधूरा है, काटी गयी पटरियाँ ऐसे ही पड़ी है, उन्हें जोड़ा भी नही गया है। गेटमैन बता रहा है कि पटरी जोड़ी नहीं गई थी और ट्रेन के आने का वक्त हो गया. ऐसे में सुरक्षा के लिए न कोई सिग्नल दिया गया और न ही लाल झंडा लगाया गया.

गेटमैन के बातों के अनुसार ट्रेन के आने का समय हो गया है पर ट्रेन को रोकने के लिए कोई इंतजाम नही किया गया है। जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उसने ये भी बोला की यहाँ नये जेई की ड्यूटी लगी, लेकिन कोई भी कर्मचारी नये जेई की बात नही सुनता था और हादसे के बाद जेई, लोहार सब कहीं भाग गये हैं और उन लोग का कोई अता-पता नही है।

जांच में रेलवे प्रशासन की लापरवाही की बात को इस आडियो क्लिप ने सही सामने कर दिया है। लेकिन इस आडियो क्लिप की आधिकारिक पुष्टि नही हुई है। लेकिन इस आडियो से रेलवे प्रशासन की लापरवाही साबके सामने है।

दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी पर हमला

शिखा पाण्डेय | Navpravah.com
भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी पर हमला हुआ है। मनोज तिवारी पर डंडे और पत्थर फेंके गये हैं। मनोज तिवारी
बवाना में अगले सप्ताह होनेवाले उपचुनाव के लिए एक चुनावी बैठक में शामिल होने गए थे। इसी दौरान दिल्ली भाजपा प्रमुख पर एक अज्ञात व्यक्ति ने एक पत्थर और एक लकड़ी का टुकड़ा फेंका। आरोपी को अब तक पकड़ा नहीं जा सका है।

दरअसल बवाना में भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। पुलिस ने बताया कि तिवारी पर उस वक्त हमला किया गया, जब वह बवाना के जेजे काॅलोनी के झंडा चौक पर बने मंच पर बैठे थे। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशानुसार, चुनाव के दौरान इस तरह की बैठकों की रिकाॅर्डिंग करायी जाती है। इस बीच, कार्यकर्ताओं ने आसपास के इलाके में हमलावर की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सार्वजनिक बैठक की करायी गयी वीडियोग्राफी की मदद से आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि विपक्षी पार्टियां हार के डर से अब हिंसा का सहारा ले रही हैं, लेकिन भाजपा इससे डरनेवाली नहीं है। इस तरह के हमले बताते हैं कि भाजपा के विरोधी किस कदर घबराये हुए हैं। भाजपा प्रदेश के विकास के लिए काम करती रहेगी, चाहे दूसरे लोग जो तिकड़म अपना लें। पार्टी ने कहा कि जनता आनेवाले समय में इन्हें जवाब देगी।

“बॉलीवुड की फिल्में हॉलीवुड से कम नहीं, हमें उनपर गर्व होना चाहिए” – नवाज़ुद्दीन सिद्दीक़ी

एंटरटेनमेंट डेस्क | Navpravah.com

 

जीरो से हीरो बने बॉलीवुड स्टार नवाजुद्दीन सिद्दीकी का मानना है कि वे इंडस्ट्री के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अभिनेता हैं। ‘इंडिया टीवी’ पर प्रसारित होने वाले शो ‘आप की अदालत’ में नवाज़ कहा,  ” मुझे समझ में नहीं आता कि हमारे भीतर यह भावना क्यों है कि हम छोटे हैं, तुच्छ हैं।”
नवाज़ ने कहा, “जहां तक एक्टिंग का सवाल है तो मैं इंडस्ट्री का सबसे ज्यादा पैसे कमाने वाला एक्टर हूं। मुझे मांगने की जरूरत नहीं पड़ती है। वो (प्रोड्यूसर्स) खुद ही मुझे देते चले जाते हैं।”

नवाज़ ने कहा, “मुझे समझ में नहीं आता कि हमारे साथ यह दिक्कत क्यों है। हर कोई हॉलीवुड में काम करके बड़ा बनना चाहता है। जब हम किसी अन्य बड़े देश की फिल्में देखते हैं, हमें कहीं ना कहीं छोटा महसूस होता है। हमें लगता है कि हमारी फिल्में उस स्तर की नहीं हैं, लेकिन वर्तमान में हमें अपनी फिल्मों पर गर्व होना चाहिए। हम यहां बहुत शानदार कंटेंट वाली फिल्में बना रहे हैं।”

उल्लेखनीय है कि नवाज जल्द ही अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बाबूमुशाय बंदूकबाज’ में नजर आएंगे। यह फिल्म 25 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में नवाज़ के अलावा बबिता बाग, दिव्या दत्ता, श्रद्धा दास भी मुख्य भूमिका में नज़र आएंगे। पहले चित्रांगदा सिंह के इस फिल्म का हिस्सा होने की खबरें थीं लेकिन बाद में वह इस फिल्म से खुद ही बाहर हो गईं। इस बारे में नवाज़ ने बताया कि चित्रांगदा ने फिल्म तब छोड़ी जब आधी से ज्यादा फिल्म पूरी हो चुकी थी। असल में हमारे निर्देशक कुशन नंदी चाहते थे कि कुछ और किसिंग सीन होने चाहिए और उन्होंने (चित्रांगदा) कहा, “बस बहुत हो गया। मैं और ज्यादा इस तरह के सीन्स नहीं कर पाऊंगी” और उन्होंने फिल्म छोड़ दी।

गौरतलब है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी एक तरफ जहां बायोपिक फिल्म ‘मंटो’ के काम में व्यस्त हैं, वहीं खबर है कि नवाजुद्दीन तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव पर बनने को तैयार फिल्म में उनकी भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मेकर्स के दिमाग में तीन नाम इस किरदार को लेकर हैं और नवाजुद्दीन सिद्दीकी उनकी लिस्ट में पहले नंबर पर हैं।