राजेश सोनी | Navpravah.com
मायावती ने आज लखनऊ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में राजनीतिक द्वेष, जातिगत, साम्प्रदायिक व पक्षपात के आधार पर क़ानून का धड़ल्ले से ग़लत इस्तेमाल होता रहा है, इस वजह से भाजपा आमजनता के लिए एक बड़ा सरदर्द साबित हो रही है।
मायावती ने इस सभा में योगी सरकार के द्वारा महाराष्ट्र के मकोका कानून के तरह लाए जा रहे यूपीकोका कानून का भी विरोध किया। मायावती का कहना है कि योगी सरकार इस कानून का इस्तेमाल सर्वसमाज के गरीबों, दलितों, पिछड़ों व धार्मिक अल्पसंख्यकों के दमन के लिए करेगी। इस वजह से बसपा इस कानून का विरोध करती है और इसे जनहित में वापस लेने का फैसला करती है। मायावती ने आगे उत्तरप्रदेश की योगी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पूरी तरह इस समय जातिगत राजनीति समाज पर हावी है, जिसके कारण उत्तरप्रदेश में कानून का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके तहत निर्दोष दलितों व् पिछड़ों पर जुल्म-ज्यादती कर इन्हें गलत मुकदमों में फँसाकर सलाख़ों के पीछे भेजा जा रहा है।
मायावती यहीं नहीं रुकी, उन्होंने इस जान सभा में योगी सरकार पर आरोपों की झड़ी सी लगा दी। उन्होंने आगे योगी सरकार पर आरोप लगाया कि अब तक यह बीजेपी सरकार अपराधियों व माफियाओं पर नियन्त्रण करने के नाम पर केवल जाति व सम्प्रदाय विशेष के लोगों को ही अपना शिकार बना रही है, जबकि सत्ताधारी पार्टी बीजेपी से जुड़े लोग प्रदेश में हर स्तर पर कानून को हाथ में लेने के साथ-साथ हर प्रकार का संगठित अपराध, गुण्डागर्दी व माफियागिरी कर रहे हैं। लेकिन उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के बजाय, उन्हें हर प्रकार का सरकारी संरक्षण दिया जा रहा है। यह अत्यन्त ही दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है, जिससे प्रदेश में कानून का राज ना होकर जंगलराज कायम करने की कोशिश है।
गौरतलब है कि मायावती जिस यूपीकोका कानून का आज विरोध कर रही हैं. इसी कानून को मायावती 2007 में बसपा की सरकार में उत्तर प्रदेश में प्रारीत करवाना चाहती थी लेकिन केंद्र से अनुमति न मिलने के कारण मायावती इस कानून को प्रदेश में लागू नहीं करवा पाई थी। राजनितिक मजबूरियों के कारण मायावती इस कानून आज विरोध कर रही हैं
उत्तर प्रदेश में कायम हो रहा है जंगलराज -मायावती
मुशर्रफ़ के बाद अब पाक सेना प्रमुख भी आतंकी हाफिज के साथ
पारुल पाण्डेय | Navpravah.com
इस्लामाबादः आतंवादियों से पाकिस्तान का प्यार एक बार फिर चर्चा में आया है। हाल ही में पूर्व राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ ने आतंकी सरगना व मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज़ सईद की तारीफों के पुल बांध दिए थे। इसी कड़ी में अब पाकिस्तानी सेना प्रमुख कमर बाजवा ने भी आतंकी हाफिज के हक में एक बड़ा बयान दिया है।
कमर बाजवा ने बुधवार को एक कार्यक्रम में कहा कि हाफिज़ हर पाकिस्तानी नागरिक की तरह कश्मीर समस्या सुलझाने में सक्रिय रहा है। ऐसे में एक नागरिक होने के तौर पर हर पाकिस्तानी नागरिक की तरह हाफिज भी कश्मीर का मुद्दा उठा सकता है।
विदित हो कि अभी हाल ही में पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने अपने बयान में कहा था कि वह इस्लामाबाद की सुरक्षा के लिए जमात-उद-दावा और लश्कर-ए-तैयबा से गठबंधन को तैयार हैं। इतना ही नहीं इससे पहले भी मुशर्रफ हाफिज के हक में अपनी आवाज उठा चुके हैं।
एक न्यूज़ चैनल में इंटरव्यू के दौरान मुशर्रफ ने कहा था कि ये दोनों दल राष्ट्रभक्त हैं, उन्होंने पाकिस्तान के लिए अपनी जान भी दाव पर लगाई है। अगर ये राजनीतिक पार्टी बनाते हैं तो कोई उनका विरोध क्यों करेगा। मुशर्रफ़ के अनुसार अभी तक इन दो पार्टियों ने उनसे बात नहीं की है, अगर ये बात करते हैं, तो वह गठबंधन के लिए तैयार हैं। इतना ही नहीं उन्होंने खुदको लश्कर और जमात-उद-दावा का सबसे बड़ा समर्थक बताया।
कांग्रेस ने अरुण जेटली को बताया झूठों का सरदार
राजेश सोनी | Navpravah.com
सीबीआई अदालत का फैसला आने के बाद से ही भाजपा और कांग्रेस पार्टी में जुबानी जंग चालू हो गई है। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने इस जुबानी जंग की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 2G स्पेक्ट्रम घोटाला किया था। इस बयान के बाद ही कांग्रेस प्रवक्ता ने जेटली को झूठों का सरदार कहकर संबोधित किया है।
आज सुबह जैसे ही सीबीआई की विशेष अदालत ने 2G स्पेक्ट्रम घोटाले पर सभी आरोपी को रिहा करने का फैसला किया, वैसे ही राजनीतिक गलियारों में सभी पार्टी अपने आप को ही भ्रष्ट न होने के प्रमाण देने लगे हैं। 2G फैसला आने के बाद आज सबसे पहले देश के वित्त मंत्री अरुण जेटली मीडिया के सामने आये और कहा कि कांग्रेस पार्टी का 2011 के 2G स्पेक्ट्रम घोटाले में अवैध तरीके से लाइसेंस आवंटन कर भ्रष्टाचार करने में अहम योगदान है। उन्होंने आगे कहा कि उच्च न्यायालय ने इस आवंटन प्रक्रिया को गलत ठहराया है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कस्ते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता इस फैसले को तमगा मानकर खुश हो रहे हैं।
अरुण जेटली के इस बयान से कांग्रेस पार्टी तिलमिला गई और जेटली के बयान का उत्तर देने के लिए कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला मीडिया के सामने आए हैं। सुरजेवाला ने जेटली और भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि अरुण जेटली झूठों के सरदार हैं। उन्होंने आगे कहा कि झूठ के काले बदल छंट गए हैं और सत्य की जीत हुई है। मोदी, विनोद राय और भाजपा की रची हुई साजिश आज दुनिया के सामने आ गई है।
आतंकियों को सम्मान और प्रधानमंत्री को गालियां -ओलंपियन पहलवान योगेश्वर दत्त
सौम्या केसरवानी। Navpravah.com
गुजरात चुनाव में निर्दलीय चुनाव जीतने वाले दलित नेता जिग्नेश मेवाणी ने पीएम मोदी पर एक बड़ा बयान दिया था, जिसका पलटवार करते हुए ओलंपियन पहलवान योगेश्वर दत्त ने ट्वीट द्वारा जिग्नेश मेवानी पर हमला बोला है।
दत्त ने अपने ट्वीट में लिखा है कि आश्चर्य होता है अपने देश पर, जहां आतंकवादियों को तो सम्मान दिया जाता है और पीएम को गालियां दी जाती हैं, यदि संविधान में यह दंडनीय अपराध बना दिया जाए, तो शायद किसी की हिम्मत नहीं होगी फिर ऐसा करने की।
आश्चर्य होता है अपने देश पर जहाँ पर आतंकवादियों को तो सम्मान दिया जाता है और प्रधानमंत्री को गालियाँ दी जाती हैं!प्रधानमंत्री पूरे देश का सम्मान हैं उनको गाली देना देश को गाली देना है!यदि संविधान में यह दंडनीय अपराध बना दिया जाए तो शायद किसी की हिम्मत नहीं होगी फिर ऐसा करने की!
— Yogeshwar Dutt (@DuttYogi) December 20, 2017
वडगाम से निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवाणी ने पीएम मोदी को हिमालय चले जाने की सलाह देते हुए कहा था कि वे मानसिक रूप से बूढ़े हो गए हैं। अब तो हम युवा आएंगे, उनको रिटायर हो जाना चाहिए, उनसे कहिए कि हिमालय पर जाकर अपनी हड्डियां गलाएं।
योगेश्वर दत्त के इस ट्वीट के बाद लोगों के ट्वीट आने शुरू हो गए, एक ट्वीटर अकाउंट से किये ट्वीट में लिखा था कि जिस देश में देश द्रोहियों को बिरयानी खिलाई जाती हो, विद्वान न्यायाधीश 15 से 35 साल अपराधी को अपराधी साबित करने में लगा देते हों, उनकी विद्वता को शत शत नमन, ऐसे न्याय तंत्र से कौन अपराधी डरेगा।
कनाडा में रह रहे भारतीयों के लिए खुशखबरी, अब नहीं होगी वीजा की जरूरत
एनपी न्यूज़ डेस्क । Navpravah.com
कनाडा में रहने वाले भारतीय मूल के कैनेडियन नागरिकों के लिए खुशखबरी है, क्योंकि कनाडा के सरकार ने भारतीय मूल के कैनेडियन नागरिकों की सुविधा के लिए पर्सन आफ इंडियन ऑरीजन कार्डों को ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया में तबदील करवाने की अवधि 19 नवंबर 2018 तक बढ़ा दी है।
पहले यह अवधि 31 दिसंबर 2017 तक ही थी, लेकिन अब यह तिथि बढ़ गयी है। कार्डों के लिए एक जनवरी से फीस देनी पड़ेगी, लेकिन कितनी फीस देना है, यह अभी तय नहीं किया गया है।
जब पीएम मोदी कनाडा की यात्रा पर गये थे, तब वहां रहने वाले भारतीयों ने मांग की थी कि भारत जाने के लिए वीजा प्रणाली खत्म की जाए। इसके बाद भारतीय मूल के कैनेडियन नागरिकों को उनके पी.आई.ओ. कार्ड रद्द करके ओ.सी.आई. कार्ड बनाने की योजना बनाई गई थी।
कनाडा में तकरीबन 9 लाख पंजाबी हैं, पंजाब से हर साल 30-35 हजार लोग पी.आर. लेकर कनाडा जाते हैं, पी.आर के 3 सालों बाद वहां की नागरिकता मिल जाती है। ओ.सी.आई. कार्ड बनने के साथ भारत आने के लिए कभी भी भारतीय विजा की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कांग्रेस ने थोपा विनोद राय पर 2G स्पेक्ट्रम घोटाले का आरोप
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
आज सुबह ही सीबीआई की एक विशेष अदालत ने अपना फैसला सुनाते हुए सभी आरोपियों को रिहा कर दिया है। सीबीआई कोर्ट के इस फैसले के बाद कांग्रेस ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए 2G स्पेक्ट्रम घोटाले का आरोप कांग्रेस के पूर्व महालेखा परीक्षक(कैग) पर थोप दिया है। कांग्रेस की मांग है कि विनोद राय को देश से माफ़ी मांगकर अपने सभी पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली ने संसद में आज कहा कि कैग का आरोप अनुमानों पर आधारित था और अनुमान न्याय प्रक्रिया में टिक नहीं सकते। आगे उन्होंने कहा कि विनोद राय को इसके लिए देश से माफ़ी मांगनी चाहिए और साथ ही केंद्र सरकार में जितने पदों पर उनकी नियुक्ति हुई है, उन्हें उन सभी पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए।
मोईली ने कहा कि बिना बोली के 2G स्पेक्ट्रम आवंटन का फैसला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार का था। वहीं मनमोहन सरकार ने तो बोली के आधार पर 2G स्पेक्ट्रम के लाइसेंस आवंटन करने की व्यवस्था शुरू की थी। अगर 2G के लाइसेंस आवंटन के समय कोई घोटाला हुआ है, तो इसके लिए अपराधी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार को ठहराना चाहिए न की मनमोहन सिंह सरकार को।
आगे उन्होंने ने मीडिया को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि मीडिया ने इस बात का हौवा बना दिया था और इसका फायदा भाजपा ने उठाया। जिसके कारण ऐसे ही मुद्दों को उठा-उठाकर भाजपा ने केंद्र में सरकार बना ली थी और इन मुद्दों की सत्ता परिवर्तन में मुख्य भूमिका रही थी। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि अदालत का फैसला स्वीकार है और इससे साबित होता है कि कांग्रेस सरकार पर लगाए गए सारे आरोप गलत थे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने भी इस घोटाले के लिए तत्कालीन कैग विनोद राय पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को बदनाम करने के लिए विनोद राय ने षडयंत्र रचा था। इस फैसले ने साबित कर दिया कि तत्कालीन कैग राय की निष्ठा किस ओर थी। जब मैंने उस समय यह बात कही थी, तब विपक्ष और ऑनलाइन मीडिया यूजर्स ने मुझे खूब भला-बुरा कहा था।
विराट-अनुष्का हनीमून तो कश्मीर में मनाते -बीजेपी नेता
सौम्या केसरवानी। Navpravah.com
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पर एक और भाजपा नेता ने निशाना साधा है।कश्मीर में पार्टी नेता राकिफ वाणी ने हनीमून के लिए विदेश जाने पर कहा है कि विराट और अनुष्का, हनीमून के लिए फिनलैंड गये थे, लेकिन भारत में भी कई अन्य खूबसूरत जगहे थीं, जहाँ ये कपल हनीमून मना सकता था।
उन्होंने कहा, हनीमून के लिए कश्मीर, ‘जिसे धरती का स्वर्ग कहते हैं’ सबसे खूबसूरत जगह है। इसलिए उन्हें अपना हनीमून तो यहां मनाना चाहिए था, इससे हमारे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता। इससे पहले भी एक भाजपा विधायक ने इटली में शादी करने को लेकर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के देशभक्ति पर ही सवाल उठा दिए थे, अब फिर भाजपा के नेता ने ऐसा बयान दिया है।
बीजेपी विधायक पन्ना लाल शाक्य ने पूछा है कि विराट और अनुष्का ने भारत में शादी क्यों नहीं की, ऐसी क्या जरूरत थी कि दोनों ने इटली जाकर ब्याह रचाया, क्या वे देशभक्त नहीं हैं। शाक्य का वीडियो भी मीडिया के सामने आया है।
शाक्य विडियो में कहते दिख रहे हैं कि, इस देश में भगवान राम का, कृष्ण का, विक्रमादित्य के साथ ही युधिष्ठिर का भी विवाह हुआ है। हमारा और आप सभी का विवाह यहीं होगा, लेकिन वो दोनों शादी करने के लिए विदेश क्यों गये? वे अरबों रुपए यहीं से कमाते हैं और शादी करने बाहर जाते हैं।
इटली में शादी करने वाले विराट-अनुष्का की शादी में सिर्फ घर वाले और करीबी ही शामिल हुए थे। अब 26 दिसंबर को दोनों की शादी का ग्रैंड रिसेप्शन पांच सितारा होटल में होना है।
2G स्पेक्ट्रम घोटाले में ए राजा, कनिमोझी समेत सभी आरोपी रिहा
राजेश सोनी | Navpravah.com
आज सुबह केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई) ने 2G घोटाले पर अपना फैसला सुनाते हुए ए राजा, कनिमोझी समेत सभी आरोपियों को रिहा कर दिया गया है। यह घोटाला 1लाख 76 हजार करोड़ रुपयों का था।
आज सुबह ही जज ओपी सैनी की विशेष सीबीआई की अदालत ने मनमोहन सिंह सरकार में हुए इस 2G घोटाले पर अपना फैसला सुनाया है। यह घोटाला स्पेक्ट्रम के आवंटन के समय हुआ था। इस घोटाले में मुख्य आरोपी पूर्व दूरसंचार मंत्री ए. राजा और डीएमके सांसद कनिमोझी समेत कई और लोग शामिल थे। आज सुबह ही कनिमोझी और ए. राजा कोर्ट पहुँच गए थे।
इन आरोपियों के खिलाफ सीबीआई के साथ ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी मामला दर्ज किया था। विशेष अदालत ने राजा और कनिमोझी के अलावा अन्य आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के साथ मनीलांड्रिंग रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत आरोप तय किए गए थे। सीबीआई के आरोप पत्र पर विशेष अदालत ने वर्ष 2011 में इस घोटाले में 17 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए थे।
सीबीआई और ईडी ने आरोपियों के खिलाफ कई आरोप लगाए हैं। इन पर आपराधिक षडयंत्र रचने, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज बनाने, पद का दुरुपयोग करने और घूस लेने जैसे आरोप लगाए गए थे। सीबीआई ने 2जी घोटाला मामले में अप्रैल 2011 में आरोपपत्र दाखिल किया था। जांच एजेंसी ने आरोप लगाया था कि स्पेक्ट्रम के लिए 122 लाइसेंस जारी करने में गड़बड़ी के कारण 30,984 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। सुप्रीम कोर्ट ने 2 फरवरी 2012 को अवैध तरीके से आवंटित सभी लाइसेंस को रद्द कर दिया था।
आज के प्रमुख समाचार
आज लोकसभा में पेश हो सकता है तीन तलाक़ बिल, बीजेपी ने जारी किया व्हिप।
नौकरी करने वालों से दूसरों को नौकरी देने वाला श्रेष्ठ -सुशील मोदी
2G स्पेक्ट्रम घोटाले में आज CBI कोर्ट सुना सकती है अहम फैसला, ए राजा एवं कनिमोई सहित 17 आरोपी।
बिहार: गोपालगंज चीनी मिल के बॉयलर में हुआ विस्फोट, 3 की मौत।
जयललिता की मृत्यु के बाद खाली हुई आरके नगर की सीट पर उपचुनाव, वोटिंग जारी।
अरुणाचल प्रदेश विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू, पहली बार वीवीपैट का हो रहा इस्तेमाल।
बिहार: नक्सलियों द्वारा अगवा किये गए रेलकर्मियों को पुलिस ने कराया मुक्त।
भारत-श्रीलंका टी-20 मुकाबले में भारत ने दर्ज की बड़ी जीत, 93 रनों से दी शिकस्त।
आज होगा विराट-अनुष्का का दिल्ली में ग्रैंड रिसेप्शन, 26 दिसंबर को मुम्बई में।
तलाश और बचाव अभियान के तहत समुद्र में 3 नौकाओं पर सवार 34 मछुआरों का चला पता।
भारत की टी-20 में सबसे बड़ी जीत, श्रीलंका को 93 रनों से हराया
सुनील यादव । Navpravah.com
भारत और श्रीलंका के बीच कटक के बाराबाती स्टेडियम पर खेला गया पहला टी-20 मैच भारत ने 93 रनों से जीत लिया है। भारत की ओर से मिले 181 रनों का पीछा करने उतरी श्रीलंकन टीम महज 87 रनों पर ढ़ेर हो गई। मैच में अपनी बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी से 4 विकेट हासिल करने वाले यजुवेंद्र चहल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
धोनी-पांडेय ने खूब धोया-
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही। 38 रनों के स्कोर पर भारत को पहला झटका कप्तान रोहित शर्मा के रूप में लगा। रोहित 17 रन बनाकर मैथ्यूज की गेंद पर चमीरा को कैच दे चलते बने। इसके बाद पिच पर आए श्रेयस अय्यर ने सलामी बल्लेबाज के एल राहुल का बखूबी साथ निभाया और दोनों ने मिलकर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। हालांकि इसके बाद महज 2 ओवरों में श्रेयस और राहुल अपने-अपने विकेट गंवा पवेलियन लौट आये। इसके बाद महेन्द्र सिंह धोनी और मनीष पांडे ने अगले पांच ओवर में श्रीलंकन गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर पारी का स्कोर 20 ओवरों के बाद 180 पहुंचा दिया। धोनी ने 39 तो पांडेय ने 32 रनों की शानदार पारी खेली।
चहल की फिरकी में फंसे श्रीलंकन-
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकन टीम को पहला झटका पारी के दूसरे ही ओवर में डिकवेला के रूप में लगा, जिन्हें जयदेव उनादकट ने पॉइंट पर खड़े के एल राहुल के हाथों कैच करवाया। शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी की, जिससे श्रीलंकन बल्लेबाजों को हाथ खोलने का कोई मौका नही मिला। मैच का पांचवा ओवर लेकर आये यजुवेंद्र चहल ने श्रीलंका के पूर्व कप्तान उपुल थरंगा को अपनी फिरकी में फंसा कर स्टंप के पीछे आउट करवा कर श्रीलंका को दूसरा झटका दिया। इसके बाद पिच पर आया कोई भी श्रीलंकन बल्लेबाज भारतीय स्पिनरों को खेलने में असमर्थ लगा और एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए, जिससे श्रीलंकन टीम महज 87 रनों पर ऑलआउट हो गई।
मैन ऑफ द मैच बनें चहल-
भारत ने टी-20 में अपनी अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल की। इस जीत में भारत के दोनों युवा स्पिनर यजुवेंद्र चहल और कुलदीप यादव का अहम योगदान रहा। मैच में चहल ने 4 तो हार्दिक पांड्या ने 3 विकेट लिए, कुलदीप को 2 और उनादकट को 1 विकेट हासिल हुआ। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले यजुवेंद्र चहल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
















