29 C
Mumbai
Friday, August 21, 2026
Home Blog Page 791

पवनहंस हेलीकॉप्टर 7 लोगों के साथ दुर्घटनाग्रस्त, 3 शव बरामद

पवन हंस का हेलीकाप्टर दुर्घटना ग्रस्त

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

महाराष्ट्र के मुंबई में शनिवार को ऑयल एंड नेचुरल गैस कार्पोरेशन(ओएनजीसी) का हेलीकाप्टर ड्यूटी के दौरान उड़ते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह हेलीकाप्टर पवन हंस का बताया जा रहा है। इस हेलीकाप्टर में 7 लोग सवार थे, जिनमें 5 लोग ओएनजीसी कर्मचारी थे और 2 पायलट थे। 

इस लापता हेलीकाप्टर की जानकारी कोस्ट गार्ड को दे दी गई है। अब कोस्ट गार्ड इस हेलीकाप्टर को ढूंढ़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। छानबीन के दौरान हेलीकाप्टर का मलबा मिला और प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक इस दुर्घटना के बाद 3 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार यह हेलीकाप्टर सुबह मुंबई के जुहू से 10 बजकर 20 मिनट पर उड़ा था और इस हेलीकाप्टर में सवार कर्मियों से आखरी बार बात 10 बजकर 35 मिनट पर हुई थी।     

प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलीकाप्टर मुंबई से 30 मील दूर था। हेलीकाप्टर पवनहंस मुंबई हाई नार्थ फील्ड की ओर जा रहा था। इस हेलीकाप्टर सुबह 11 बजे तक यहाँ पहुँचने की उम्मीद थी। मगर यह हेलीकाप्टर रस्ते से ही लापता हो गया था। एक अधिकारी ने इस बारे में बताया कि हमने पहले ही समुद्री जहाज और विमान को दूसरी दिशा में मोड़ दिया है। 
   

दिसंबर में खुदरा महंगाई दर पिछले 17 महीनों की तुलना में सबसे ज्यादा

खुदरा महंगाई दर सबसे ऊँचे स्तर पर

राजेश सोनी | Navpravah.com 

दिसंबर महीने में खुदरा महंगाई दर पिछले 17 माह की तुलना में सबसे ज्यादा हो गई है। इस महीने में महंगाई दर 5. 21 प्रतिशत पर पहुँच गई है। खाद्य पदार्थों के दामों में उछाल के कारण महंगाई अनुमान से ज्यादा ऊपर निकल गई है। 

केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने ये आंकड़े जारी किए हैं। जारी आंकड़े में बताया गया है कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित खुदरा महंगाई दर पांच फीसदी के ऊपर पहुँच गई है। खाने-पीने की चीजों जैसे अंडा,सब्जियां और फलों के दाम में बढ़ोतरी के कारण यह महंगाई दर दिसंबर महीने में 5.21 फीसदी से ज्यादा हो गई है। नवंबर में यह महंगाई दर 4.88 थी। वहीँ 2015 के दिसंबर महीने में यही महंगाई दर 3.41 थी।

40 अर्थशास्त्रियों के समूह के अनुमान पर गुरुवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया था कि महंगाई दर दिसंबर महीने 5 से ज्यादा तक पहुँच सकती है। अब लेकिन सीएसओ के आधिकारिक आंकड़ों से सामने आया कि महंगाई दर चिंताजनक स्तर पर पहुँच गई है। खाद्य पदार्थ जैसे अंडे,फलों और सब्जियों पर इसका असर देखा जा सकता है।   

महाराष्ट्र-दहाणु में 40 बच्चों से भरी नाव समुद्र में डूबी, 4 की मौत

दहाणु में नाव डूबी

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

महारष्ट्र-गुजरात सीमा पर दहाणु के पास पिकनिक मानाने गए बच्चों के साथ एक दर्दनाक हादसा हुआ है। समुद्र में 40 बच्चों से भरी नाव डूब गई है। यह हादसा समुद्र तट से करीब 3.70 किलोमीटर दूर हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस नाव में 40 बच्चें सवार थे। इस हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और मछुवारों ने 32 छात्रों को बचा लिया हैं और 8 अभी भी लापता हैं। आठों लापता छात्रों की तलाश जारी है। यह सभी बच्चें एल पोंडा स्कूल के थे और यह सभी पिकनिक मनाने आए थे।  

महाराष्ट्र के सांगली में सड़क दुर्घटना में 5 पहलवानों समेत 6 की मौत

सांगली में हुई सड़क दुर्घटना

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 
 
महाराष्ट्र के सांगली जिले में कल रात एक सड़क दुर्घटना हो गयी, जिसमें 6 लोगों की मौत और पांच लोग घायल हो गए हैं। मृतकों में 4 पहलवान शामिल हैं, एक्सीडेंट बहुत भयंकर था। ये सभी पुणे में आयोजित एक प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर वापस लौट रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार, ये घटना काडेगांव इलाके की है। यह घटना रात 4 बजे के आस पास हुई।
 
पहलवान क्रांति कुश्ती संकुल संस्थान के हैं। संस्थान के सचिव शरद लाड ने कहा कि हमारे लिए यह बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाला समाचार है, हम इनकी मौत पर शोक व्यक्त करते हैं। ये सब लोग एक कार में सवार थे, और कार सामने आ रहे एक ट्रक से टकरा गया। ट्रक से टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। ट्रक में गन्ना लदा हुआ था। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है और शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
 
पुलिस का कहना है कि सुबह 4 बजे दिल्ली के खिलाड़ियों की कार के साथ यह हादसा हुआ। वहाँ मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि शायद ड्राइवर एक वाहन को ओवरटेक करते समय संतुलन खो बैठा और कार सड़क के डिवाइडर और फिर खंभे से टकरा गई।

ED ने कार्ति चिदंबरम के दिल्ली-चेन्नई ठिकानों पर की छापेमारी

कार्ति चिदम्बरम के ठिकानों पर छापेमारी

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 
 
प्रवर्तन निदेशालय ने आईएनएक्स मीडिया केस के मामले में कार्रवाई करते हुए पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री पी चिंदबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम के दिल्ली और चेन्नई स्थित ठिकानों पर छापे मारे हैं। फिलहाल ईडी की रेड जारी है, इडी ने यह कार्रवाई एयरसेल-मैक्सिस केस में की है। यह छापे दिल्ली और चेन्नई स्थित कार्ति के 5 अलग-अलग ठिकानों पर पड़े हैं।
 
सुप्रीम कोर्ट में भी एयरसेल-मैक्सिस विवाद मामले की सुनवाई हो रही है। 2 जी स्प्रेक्ट्रम केस से जुड़े मामले में कार्ति चिदंबरम ने इडी के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। जांच के दौरान ED को पता चला कि एयरसेल मैक्सिस केस में FIPB अप्रूवल पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम द्वारा दिया गया था और ये भी पता चला है कि कार्ति और पी. चिदंबरम की भतीजी की कंपनी को मैक्सिस ग्रुप से 2 लाख डॉलर मिले थे।
 
बता दें कि कार्ति चिदंबरम के खिलाफ मनी लॉन्डरिंग केस भी है, विदेशी निवेश संवर्द्धन बोर्ड द्वारा 2007 में आईएनएक्स मीडिया समूह को विदेश से 305 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त करने की अनियमितताओं के मामले में सीबीआई कई बार कार्ति चिदंबरम से पूछताछ भी कर चुकी है।

यूपी के विधानसभा मार्ग पर आलू फेंकने वालों को पुलिस ने किया अरेस्ट

अखिलेश यादव की मुश्किलें बढीं

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ के आवास, विधानसभा और राजभवन के बाहर फेंके गए आलू के मामले में पुलिस ने कल समाजवादी पार्टी के दो नेताओं को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में कन्नौज के सपा नेता का करीबी अंकित सिंह और डाला ड्राइवर संतोष पाल को इस मामले मे गिरफ्तार कर लिया है।
 
सूत्रों के अनुसार, आलू फेंकने की योजना इन्ही सब लोगों ने मिल कर बनाई थी। पुलिस को इस मामले में Cctv से लेकर तमाम सुबूत भी मिले हैं, जो इन सब पर इशारा कर रहे हैं। 6 जनवरी को विधानभवन, राजभवन और सीएम आवास के बाहर किसानों ने सैकड़ों किलो आलू फेंक कर अपना विरोध जताया था। विधानसभा के बाहर करीब चार लोडर आलू फेंके गए थे।
 
गौरतलब है कि इस वर्ष देश में आलू की पैदाईश बहुत अधिक हुई है। जिसके कारण आलू किसान अपने फसल को सही दाम न मिलने की वजह से देशभर में नाराज हैं। आलू किसान अपनी फसल कभी सड़कों पर फेंककर तो कभी मुख्यमंत्री आवास के बाहर फेंककर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि कोल्ड स्टोरेज में अपने आलू की फसल को रखने के बाद प्रति किलो आलू की कीमत लागत मूल्य से ज्यादा हो जाती है। इस वजह से हमारे पास आलू को रास्तों पर फेंकने के सिवाय कोई विकल्प नहीं बचता है। 

कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर राहुल गाँधी ने बुलाई अहम् बैठक 

राहुल गाँधी ने बुलाई बैठक

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी ने अपने निवास पर आज कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर एक अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया समेत राज्य के कई मंत्री शामिल होंगे। कांग्रेस के पास देश में अब कर्नाटक एक मात्र बड़ा राज्य बचा है और कांग्रेस इस राज्य को किसी भी हालत में गवाना नहीं चाहेगी। पिछले बार के कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस ने 121 सीटें हासिल की थी। कांग्रेस का गुजरात विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन रहा था। गुजरात विधानसभा में अच्छे प्रदर्शन के बाद कांग्रेस को उम्मीद है कि वह कर्नाटक को एक बार फिर जीत लेंगे।  
 
दूसरी तरफ भाजपा भी अपने लक्ष्य कांग्रेस मुक्त भारत को हासिल करने के लिए पुरजोर मेहनत कर रही है। भाजपा, कांग्रेस को कर्नाटक से हटाने के लिए राज्यभर में परिवर्तन यात्रा चला रही है। अगले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर्नाटक में प्रचार के लिए पहुंचेंगे। परिवर्तन यात्रा के समापन पर पीएम मोदी राज्य में एक बड़ी जनसभा को सम्बोधित करेंगे। वहीं इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कर्नाटक में जाकर चुनावी बिगुल बजाया था। 
 
2018 में कई राज्यों में विधानसभा चुनाव है। वहीं कांग्रेस अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। यह साल कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राहुल गाँधी के नेतृत्व क्षमता की परीक्षा लेगा। साल 2018 प्रधानमंत्री मोदी के भविष्य का फैसला करेगा और 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए बिसात बिछाएगा।     
  

सेंचुरियन टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर लिया बल्लेबाजी का फैसला

दक्षिण अफ्रीका ने जीता टॉस

सुनील यादव | Navpravah.com

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच गंवा चुकी भारतीय टीम के लिए यह करो या मरो का मैच है। अगर भारतीय टीम इस मैच को बचाने में असमर्थ होती है, तो भारत के लिए एक बार फिर दक्षिण अफ्रीका में सीरीज जीतने का सपना महज सपना बनकर ही रह जाएगा।
 
सेंचुरियन की पिच की बात की जाए, तो यह पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी है। पहली पारी में अलग-अलग टीमों ने इस मैदान पर 400 से ज्यादा स्कोर बनाये हैं। इसको देखते हुए भारत के लिए यह टॉस हारना कहीं न कहीं मैच हारने के जैसा ही है। सेंचुरियन की पिच स्पिनरों की मददगार नहीं है। इसलिए भारत केवल एक स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के साथ उतरा है। तेज उछाल को देखते हुए विराट कोहली ने भुवनेश्वर कुमार की जगह इशांत शर्मा मौका दिया है और पिछले मैच में फ्लॉप रहे शिखर धवन की जगह के एल राहुल को मौका मिला है। दक्षिण अफ्रीका की बात करें तो उनकी ओर से लुन्गिसनी न्गीदी डेब्यू करेंगे। 
 
इस पिच पर दक्षिण अफ्रीका ने अब तक 17 मैच जीते हैं, जबकि केवल 2 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। सेंचुरियन में अब तक किसी एशियन टीम ने जीत दर्ज नहीं की है। दक्षिण अफ्रीका ने यहां खेले 8 टेस्ट मैचों में एशियन टीम के खिलाफ सभी मैचों में जीत दर्ज की है। जिसको देखते हुए भारत के लिए यह मैच जीतना काफी मुश्किल नज़र आ रहा है। लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि भारतीय टीम इस समय विश्व रैंकिंग में नम्बर 1 स्थान पर है।

SC बार एसोसिएशन ने बुलाई बैठक, अटॉर्नी जनरल वेणुगोपाल रहेंगे मौजूद 

बार एसोसिएशन की बैठक में मौजूद रहेंगे के के वेणुगोपाल

राजेश सोनी | Navpravah.com
 

सर्वोच्च न्यायालय के 4 न्यायाधीशों (चेलामेश्वर, रंजन गोगोई, मदन भीमराव और कुरियन जोसेफ) ने शुक्रवार को ऐतिहासिक प्रेस वार्ता की थी। चेलामेश्वर ने कहा था कि पिछले 2 महीनों से सर्वोच्च न्यायालय का प्रशासन ठीक से नहीं चल रहा है। चेलामेश्वर ने इस तरह मुख्य न्यायाधीश के कामकाज पर ही सवाल उठा दिए थे। ऐसे आरोपों के बाद अब सर्वोच्च न्यायालय बार एसोसिएशन ने आज बैठक बुलाई है। इस बैठक में अटॉर्नी जनरल के के वेणुगोपाल भी मौजूद रहेंगे।

इस बैठक में सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा पर अन्य चारों सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के लगाए गए आरोपों पर विचार विमर्श किया जाएगा। इस बैठक के बाद सर्वोच्च न्यायालय बार एसोसिएशन पत्रकारों को भी संबोधित करेगा। वहीं सर्वोच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ चार न्यायाधीश मीडिया के सामने आए तो सही, लेकिन कोई मुद्दा लेकर नहीं आए। उन्होंने बस कहा कि सर्वोच्च न्यायालय में कुछ गड़बड़ है। कैसा गड़बड़ है? असली बात क्या है ? चारों न्यायाधीशों ने इस पर कोई बात नहीं की। उन्होंने देश की जनता को न्यायपालिका को लेकर एक तरह की दुविधा में डाल दिया है।  
 
गौरतलब है कि शुक्रवार को सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश चेलामेश्वर के कहा था कि हम लोगों ने मुख्यन्यायाधीश से कहा था कि चीजें सही से नहीं चल रही हैं और मुख्य न्यायाधीश ने सुधार के लिए कदम उठाने चाहिए थे, लेकिन उन्होंने हमारी बात नहीं सुनी। इसलिए हमारे पास देश को जानकारी देने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। हमने ऐसा इसलिए किया ताकि इस संस्थान की अहमियत बरकरार रखी जा सके। इन्हीं कारणों के वजह से हमें मीडिया के सामने आना पड़ा, क्योंकि हमारे पास और कोई विकल्प नहीं बचा था। 
 
 
 
 
 

महज 74 रनों पर ऑलआउट हुआ पाकिस्तान, न्यूज़ीलैंड की बड़ी जीत

सुनील यादव | Navpravah.com

न्यूज़ीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे पांच वनडे मैचों की सीरीज के तीसरे मैच में न्यूज़ीलैंड ने पाकिस्तान को महज 74 रनों पर ऑलआउट करते हुए मैच को 183 रनों से जीत लिया है। इस सीरीज में न्यूज़ीलैंड की यह लगातार तीसरी जीत है। इसके साथ ही न्यूज़ीलैंड ने इस सीरीज को भी जीत लिया है।

257 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 2 रनों के अंदर पाकिस्तान ने अपने तीनों सलामी बल्लेबाज के विकेट गंवा दिए। ट्रेंट बोल्ट की आग उगलती गेंदों का पाक बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। दर्शक बस एक बाद एक बल्लेबाजों को आते-जाते देखते रहे, मानों विकेटों की झड़ी सी लग गई। पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा रन उसके अंतिम आउट होने वाले बल्लेबाज ने बनाये। रुम्मन रईस ने सबसे ज्यादा 16 रनों की पारी खेली और उनके साथ के बल्लेबाज मोहम्मद आमिर ने 14 रन बनाए। न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों का कहर ऐसा था कि पाकिस्तान के 7 बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक को छू न सके। रईस को बोल्ड कर बोल्ट ने मैच में अपने 5 शिकार पूरे किए। इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूज़ीलैंड टीम की शुरुआत भी उतनी अच्छी नहीं रही। फहीम असरफ ने 15 के स्कोर पर मुनरो को आउट कर न्यूज़ीलैंड को पहला झटका दिया। हालांकि इसके बाद कप्तान विलियमसन और मार्टिन गुप्टिल ने संभल कर बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचाया। उछाल और तेज स्विंग के चलते पिच पर टिकना काफी मुश्किल था पर कप्तान विलियमसन एक ओर से टिके रहे। गुप्टिल के आउट होने के बाद उन्होंने रॉस टेलर के साथ लम्बी साझेदारी की। विलियमसन ने 73 तो रॉस टेलर ने 52 रनों की पारी खेली। न्यूज़ीलैंड ने 50 ओवरों में 257 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से रुम्मन रईस और हसन अली ने 3-3 विकेट लिए।

पांच मैचों की सीरीज का तीसरा मैच भी जीतकर न्यूज़ीलैंड की टीम ने सीरीज अपने नाम कर लिया है। अब अगला मैच 16 जनवरी को हेमिल्टन के सेडन पार्क स्टेडियम पर होना है। पाकिस्तान अगले मैच में टीम के सम्मान लिए खलेगी। वनडे श्रृंखला के बाद तीन मैचों की टी20 सीरीज भी होनी है। इसलिए पाकिस्तान अपने बाकी बचे मैचों को जीतकर अपने खिलाड़ियों का मनोबल मजबूत करना चाहेगी।