29 C
Mumbai
Friday, August 21, 2026
Home Blog Page 790

अब तक के प्रमुख समाचार

आज के प्रमुख समाचार
headlines of the day

मध्य प्रदेश: ‘अध्यापक अधिकार यात्रा’ के दौरान महिला शिक्षकों ने मुंडवाया सर, काम के बराबर वेतन की मांग। 

जज विवाद: बार कौंसिल ऑफ़ इंडिया के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने कहा, “हम सरकार के फैसले का सम्मान करते हैं”

चिदंबरम ने ईडी के छापे को हास्यास्पद बताया, ईडी ने चिदंबरम के बेटे कार्ति के चेन्नई और दिल्ली आवास पर छापे मारे।

जब तक मेरी जरूरत है, तब तक ही हूं इन्फोसिस के साथ: नंदन निलेकणि

बीएसएफ के जवानों ने मनाई लोहरी त्यौहार की खुशियां, मस्ती में झूमे जवान।
 
आज से तेलगांना में आयोजित हुआ अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव, 15 जनवरी तक चलेगा।
 
सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने हरियाणा के एनएसजी ट्रैंनिंग सेंटर पर ऑल इंडिया पुलिस कमांडो प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया।   
 
सेंचुरीयन टेस्ट: दक्षिण अफ्रीका की स्थिति मजबूत, बनाए 3 विकेट खोकर 200 रन।
 
फिल्म पैड मैन की बॉक्स-ऑफिस पर कमाई मेरे लिए मायने नहीं रखती-अभिनेता अक्षय कुमार

पद्मावत विवाद: कल राजनाथ सिंह से मिलेंगे कर्णी सेना के प्रमुख, 15 जनवरी को हो सकता है देशव्यापी आंदोलन। 

उच्चतम न्यायालय व्यवस्थित नहीं है तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा -यशवंत सिन्हा 

जज विवाद पर बोले यशवंत सिन्हा, "लोकतंत्र को है खतरा"

राजेश सोनी | Navpravah.com

भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने देश में चल रहे जज विवाद पर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय व्यवस्थित नहीं है तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा। सिन्हा ने आगे कहा कि अगर उच्चतम न्यायालय के चार वरिष्ठ न्यायाधीश कहते हैं कि लोकतंत्र पर खतरा है, तो हमें उनके शब्दों को बहुत गंभीरता से लेना चाहिए। 
 
सिन्हा ने कहा कि चार वरिष्ठ न्यायाधीशों द्वारा देश के मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ कल लगभग विद्रोह करने के बाद संकट सुलझाना सर्वोच्च अदालत का काम है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने चारों न्यायाधीशों के टिप्पणियों के संदर्भ में दावा किया कि वर्तमान माहौल 1975 के आपातकाल जैसा है। उन्होंने संसद के छोटे सत्रों को लेकर भी अपनी चिंता व्यक्त की है। 
 
भाजपा पर फिर साधा निशाना-
 
भाजपा नेता यशवंत सिन्हा ने इस मौके पर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा है। उन्होंने अपने पार्टी के सदस्यों और मंत्रियों से सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की तरह अपने डर से छुटकारा पाने और लोकतंत्र के लिए आगे आकर बोलने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश की तरह पीएम भी सरकार में वैसे तो बराबर हैं, लेकिन अनौपचारिक रूप से पहले आते हैं और उनके कैबिनेट सहयोगियों को आगे आकर बोलना चाहिए।  

आगामी 2030 तक 80 करोड़ नौकरियां छीन लेंगे रोबोट्स -रिपोर्ट

रोबोट्स बदल देंगे भविष्य

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

आने वाला समय रोजगार सेक्टर में बहुत उथल-पुथल भरा होने वाला होगा। रिपोर्ट है कि 2030 तक 80 करोड़ नौकरियां संकट में होंगी और ये नौकरियां छीनने वाला कोई और नहीं, रोबोट होगा। अब इंसान को नौकरियों के लिए इंसानों से ही नहीं, बल्कि रोबोट्स से मुकाबला करना होगा। आने वाले वक्त में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, रोबोटिक्स और बायोटेक्नोलोजी के नाम से जिस चौथी औद्योगिक क्रांति की संभावना जताई जा रही है, उस क्रांति के दौर में मशीनों के आगे लोगों की नौकरियां कुर्बान होंगी।

एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, 2020 में एक आदमी नौकरी पाएगा तो तीन पुरुष अपनी नौकरी खोएंगे, जबकि पांच महिलाएं, पुरुष कंप्यूटर, इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर और मैथ्मेटिकल इंडस्ट्री में जाना ज्यादा पसंद करते हैं। इन सेक्टर्स में रोबोट की ज्यादा भूमिका नहीं रहेगी, क्योंकि यहां स्वविवेक का इस्तेमाल होता है, जबकि रोबोट वही काम कर पाता है, जिसका फंक्शन उसमें फीड होता है।

वहीं महिलाएं कला, रख-रखाव(लॉजिस्टिक्स), हेल्थ सेक्टर, आर्ट और ऑफिस में नौकरी को ज्यादा प्राथमिकता देती हैं। जबकि यहां रोबोट की मांग बढ़ रही है, जिससे महिलाओं को नुकसान उठाना पड़ेगा। विशेषज्ञ बताते हैं कि एक तो रोबोट काम तेज करते हैं, दूसरी गड़बड़ियां कम होतीं हैं। खतरे वाले स्थानों पर किसी के घायल होने का भी डर नहीं रहता, ऐसे में कंपनियों में रोबोट्स की मांग बढ़ रही है।

बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल 2017 से अक्तूबर के बीच 89 हजार अमेरिकियों की नौकरी चली गई, अगले दस वर्षों में 17 फीसद अमेरिकी नौकरियां ड्रोन और रोबोट निगल जाएंगे। यह संकट सिर्फ अमेरिका नहीं पूरी दुनिया धीरे-धीरे फैल रहा है। बीबीसी की यह रिपोर्ट कहती है कि अमेरिका की सबसे बड़ी रिटेल कंपनी वॉलमार्ट के देश भर में ढाई लाख से ज्यादा गोदाम हैं। इसमें छोटा से छोटा गोदाम भी 17 फुटबॉल फील्ड के बराबर होता है, ऐसे विशाल वेयरहाउस में रोबोट जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

डिस्टेंस लर्निंग से BTC करने वाले शिक्षामित्रों को मिलेगा नियुक्ति पत्र -इलाहबाद हाईकोर्ट

इलाहबाद हाईकोर्ट ने शिक्षामित्रों के हित सुनाया फैसला

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने परिषदीय विद्यालयों में 1500 सहायक अध्यापक भर्ती में शामिल दूरस्थ माध्यम से बीटीसी प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षामित्रों को नियुक्ति पत्र देने का निर्देश दिया है। यह आदेश न्यायमूर्ति अश्वनी कुमार मिश्र ने बाबू खान और अन्य की याचिकाओं पर अधिवक्ता सीमांत सिंह व अन्य को सुनकर दिया है।

इन शिक्षामित्रों की काउंसिलिंग हाईकोर्ट के आदेश पर कराई गई थी, लेकिन परिणाम घोषित नहीं किया गया था। अधिवक्ता सीमांत सिंह ने बताया कि दूरस्थ माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कई शिक्षामित्रों ने 1500 सहायक अध्यापक भर्ती के लिए आवेदन किया था, लेकिन उन्हें काउंसिलिंग में शामिल नहीं किया गया। जबकि एनसीटीई ने दूरस्थ माध्यम से प्रशिक्षण को अनुमति दे दी थी। इसके बाद उनके प्रशिक्षण या मान्यता नहीं देने का कोई औचित्य नहीं है। 

हाईकोर्ट ने अंतरिम आदेश से ऐसे शिक्षामित्रों को काउंसिलिंग में शामिल करने का आदेश दिया था। कोर्ट ने याचिका का निस्तारण करते हुए संभल जिले के याचियों का परिणाम घोषित कर उन्हें नियुक्ति पत्र देने का निर्देश दिया है। 

न्याय और न्यायपालिका के हित में काम किया -न्यायाधीश कुरियन जोसेफ 

न्यायाधीश कुरियन जोसेफ ने दिया बयान

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

सर्वोच्च न्यायालय के 4 न्यायाधीशों (चेलामेश्वर, रंजन गोगोई, मदन भीमराव और कुरियन जोसेफ) ने शुक्रवार को ऐतिहासिक प्रेस वार्ता की थी। सर्वोच्च न्यायालय के उन चारों वरिष्ठ न्यायाधीशों में से एक न्यायाधीश कुरियन जोसेफ ने कल के घटनाक्रम पर एक निजी चैनल को प्रतिक्रिया देते  हुए कहा कि उन्होंने न्याय और न्यायपालिका के हित में काम किया। 
 
उन्होंने आगे कहा कि न्याय और न्यायपालिका के पक्ष में खड़े हुए हैं। यही चीज कल नयी दिल्ली में हमने कहा था। कुरियन ने कहा कि एक मुद्दे की ओर ध्यान गया है। ध्यान में आने पर निश्चित तौर पर यह मुद्दा सुलझ जाएगा। न्यायाधीश जोसेफ ने कहा कि न्यायाधीशों ने न्यायपालिका में लोगों का भरोसा जीतने के लिए यह किया।
 
गौरतलब है कि शुक्रवार यानि कल ही न्यायाधीश जोसेफ कुरियन ने अन्य तीन न्यायाधीश के साथ मिलकर मुख्य न्यायाधीश के कामकाज पर ही सवाल उठा दिए थे। इस प्रेस वार्ता के बाद सर्वोच्च न्यायालय के चार जजों का मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा से मतभेद का मामला सार्वजनिक हो गया।

‘पद्मावत’ से डरकर अब ‘वीरे दी वेडिंग’ की भी रिलीज़ डेट बदली

वीरे दी वेडिंग की रिलीज़ डेट टली

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

‘पद्मावत’ की रिलीज डेट के सामने आने के बाद एक के बाद एक कई फिल्में अपनी रिलीज डेट बदल रही हैं।इनमें पहले ‘अय्यारी’, फिर ‘परी’ और अब ‘वीरे दी वेडिंग’ ने भी फिल्म की रिलीज डेट बदल दी है।

करीना कपूर खान, सोनम कपूर, शिखा तलसानिया और स्वरा भास्कर अभिनीति फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ पहले 18 मई को रिलीज होने वाली थी। लेकिन सोनम ने आज ट्वीट किया कि आप सभी इस मौसम की सबसे बड़ी शादी में सादर आमंत्रित हैं, एक जून ‘वीरे दी वेडिंग’ के लिए निर्धारित रखें।

इस फिल्म की निर्माता एकता कपूर ने कहा कि फिल्म उनके भतीजे लक्ष्य के जन्मदिन पर 1 जून को रिलीज होगी। लक्ष्य अभिनेता तुषार कपूर के बेटे हैं, लक्ष्य का जन्म आईवीएफ व सरोगेसी के जरिए हुआ था। इस फिल्म से एक्ट्रेस करीना कपूर फिल्मों में फिर से कमबैक करने वाली हैं। 2016 में तैमूर को जन्म देने के बाद यह करीना की पहली फिल्म है। पिछले साल फिल्म के 2 पोस्टर को रिलीज किया गया था, जिन्हें दर्शकों ने काफी पसंद किया था।

करीना ने इस फिल्म को तैमूर के जन्म से पहले साइन किया था, लेकिन फिल्म की शूटिंग 2017 में की गई। अब यह फिल्म 1 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, दर्शकों को इस फिल्म का अब इंतज़ार है।

फेसबुक को बदलाव का ऐलान पड़ा भारी, स्टॉक करीब 5 फीसदी तक गिरा 

फेसबुक में बदलाव पड़ा भारी

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 
 
फेसबुक ने कल अपनी न्यूज़ फीड सर्विस में बदलाव का व्यापक ऐलान किया था। फेसबुक ने अपने उपभोक्ताओं को यूजर्स फ्रेंडली अनुभव देने के लिए न्यूज़फीड में बड़ा बदलाव किया है, जो अब प्रकाशकों के बजाय अब उपयोगकर्ता के फ्रेंड्स के कंटेंट पर ज्यादा केंद्रित होगा। फेसबुक का यह ऐलान उसी को भारी पड़ा है। गुरुवार को फेसबुक के स्टॉक में करीब 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। जिसके कारण फेसबुक का मार्केट पूंजी लगभग 1.63 करोड़ रुपए कम हो गया।
 
शुक्रवार को अमेरिकी बाजार खुलने के साथ ही फेसबुक के स्टॉक में करीब 6 फीसदी गिरावट के साथ खुला था। कुछ समय बाद फेसबुक के स्टॉक में सुधार दर्ज किया गया और स्टॉक लगभग 4.50 फीसदी टूटकर 179.30 डॉलर पर बंद हुआ। स्टॉक में गिरावट से फेसबुक को करीब 1.63 करोड़ रुपए नुकसान हुआ है। 
 
फेसबुक के नुकसान चलते उसके निवेशकों में घबराहट फैल गई और बिकवाली देखने को मिली। फेसबुक अपनी ज्यादातर कमाई अपने साइट पर प्रचार के माध्यम से करता है। फेसबुक के न्यूज़ फीड में बदलाव के ऐलान के बाद उसकी न्यूज़ फीड के ऐवज में एडवरटाइजिंग बेचने की क्षमता पर असर पड़ सकता है।    

जज विवाद में शिवसेना का कड़ा रुख, कहा, “कानून को गूंगा-बहरा बनाने की कोशिश” 

कानून को गूंगा-बहरा बनाने की कोशिश -उद्धव ठाकरे

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

सुप्रीम कोर्ट के चार जज के अचानक सरेआम चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) पर सवाल उठाने से पूरा देश स्तब्ध है। अब इस विवाद पर शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने सीजेआई पर तंज कसा है और कहा है कि कानून को गूंगा-बहरा बनाने की कोशिश की जा रही है।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि न्याय देने वाले ही आज न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने पूछा कि क्या ये कोई षडयंत्र है? ठाकरे ने कहा कि कानून को गूंगा-बहरा बनाने की कोशिश की जा रही है।  

इसी बीच शिवसेना अध्यक्ष ने स्पेशल सीबीआई जज बीएच लोया की मौत पर भी सवाल उठाए हैं।  उन्होंने इस मामले के जांच की मांग की है। ज्ञात हो कि शुक्रवार सुबह देश में पहली बार भारत के इतिहास में न्यायपालिका में असाधारण स्थिति देखने को मिली। सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज की टीम ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिये मीडिया को संबोधित किया। जजों ने कहा था कि सुप्रीम कोर्ट का प्रशासन ठीक तरीके से काम नहीं कर रहा है, अगर ऐसा चलता रहा तो लोकतांत्रिक परिस्थिति ठीक नहीं रहेगी।

400 फीट गहरी खाई से गिरने के बाद भी जिंदा लौटा छात्र

400 फीट से गिरने के बाद भी बचा छात्र

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 
 
प्रेम-प्रसंग के शक के कारण एक छात्र का अपहरण उनके दोस्तों ने ही कर लिया और उस लड़के को खाई में फेंक दिया। पांच दिन बाद पुलिस ने उस छात्र को गंभीर हालत में खाई से निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
 
जानकारी के अनुसार, छात्र इंदौर में बीएससी की पढ़ाई करने आया था। रविवार को उसके ही साथ पढ़ने वाले एक छात्र ने पहले अपहरण किया और बाद में इंदौर से दूर जंगल में ले जाकर खाई में फेंक दिया। छात्र का नाम मृदुल भल्ला है और वो साडर का रहने वालख है, और वो इंदौर पढ़ाई करने आया है, मृदुल रविवार को अचानक गायब हो गया था, ये जानकारी उसके साथ रहने वाले लड़के ने पुलिस और उसके परिवार को दी थी।
 
मृदुल के पिता के अनुसार आरोपी जोंटी एक लड़की अंजलि से प्यार करता था। आरोपी छात्र जोंटी को यह शंका थी कि उसका मृदुल से भी सम्बन्ध है। इसी बात को लेकर जोंटी ने अपने 3 दोस्तों के साथ मिलकर पहले अपहरण किया और फिर उसे खुड़ैल के जंगलों में ले जाकर फेंक दिया।
 
पुलिस ने जाँच पड़ताल की और आरोपी जोंटी और अन्य लड़कों को हिरासत में ले लिया है। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि उन लोगों ने मृदुल पर पत्थर से कई वार कर 400 फीट गहरी खाई में हत्या की नीयत से फेंक दिया था।

योगी के मंत्रिमंडल में मकरसंक्रांति के बाद हो सकता है बदलाव

योगी मंत्रिमंडल में हो सकते हैं अहम् बदलाव

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 
 
उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही सरकार और संगठन दोनों में बदलाव होने की अटकलें पिछले कई महीने से लगाई जा रही हैं। ये फेरबदल तो पहले होना था, लेकिन निकाय चुनाव की वजह से यह टल गया था।
 
सूत्रों के अनुसार, मकर संक्रांति के बाद योगी के मंत्रिमंडल में बदलाव दिखाई दे सकता है। सरकार के बाद संगठन में भी बदलाव होगा और कई जिलाध्यक्षों की छुट्टी होगी एवं कई मोर्चों के अध्यक्ष बदले जा सकते हैं।भाजपा के सूत्रों के अनुसार, समन्वय बैठक में तय हुआ था कि मकर संक्रांति के बाद पहले सरकार की रूपरेखा बदली जाए फिर संगठन का कायाकल्प किया जाएगा।
 
सूत्रों के अनुसार, नगर निकाय चुनाव में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन न करने वाले कई जिलाध्यक्षों की छुट्टी होनी तय है। इसके अलावा भाजपा में प्रदेश के सभी मोर्चे के चेहरों में भी बदलाव होने की पूरी संभावना है। पार्टी के एक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने बताया, “मकर संक्रांति के बाद सरकार में बदलाव होगा, इस बदलाव में कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव होने की पूरी संभावना है।”
 
उन्होंने बताया कि सरकार में कई मंत्रियों के विभागों में फेरबदल होने की भी संभावना है। कैबिनेट मंत्री स्वाती सिंह, अनुपमा जायसवाल और धर्मपाल सिंह के विभाग छिन सकते हैं। इनके विभाग नए मंत्रियों को मिलने की संभावना है।