29 C
Mumbai
Friday, August 21, 2026
Home Blog Page 785

फिर भड़के एक्टर एजाज़ खान, पीएम मोदी पर साधा निशाना

एक्टर एजाज़ खान पीएम मोदी से नाराज़

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अपने 6 दिन के भारत दौरे पर हैं। जिस तरह पीएम मोदी ने इजरायल के प्रधानमंत्री का स्वागत किया, उससे एक्टर एजाज खान खफा होते हुए नज़र आये। एजाज़ ने अपने ट्विटर अकाउंट के द्वारा पीएम मोदी के इसरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के स्वागत करने पर एतराजगी जताई है।

एजाज खान का कहना है कि ‘महात्मा गांधी ने अपनी ज़िंदगी मे हमेशा फिलिस्तीन को अपना दोस्त कहा है और हमेशा से इजरायल का विरोध किया है। आज गांधी के इस देश में मोदी सरकार ने सब बदल दिया है। सामूहिक हत्यारे और फिलिस्तीन के लोगों पर अत्याचार करने वाले नेतन्याहू को अपना दोस्त बना रखा है।’

एजाज खान ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा ज़ाहिर किया। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर भी सीधा निशाना साधा और यह पहला मौका नहीं है, जब एजाज खान ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। इससे पहले भी कई बार सार्वजनिक तौर पर एजाज प्रधानमंत्री की मुखालफत करते दिखे हैं। कुछ दिन पहले भी एजाज खान ने पीएम मोदी को चाय वाला और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को झाड़ू वाला बताते हुए कहा था कि इन लोगों के रहते हुए  देश का विकास होना मुश्किल है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने चुनाव प्रचार के दौरान खोया आपा, व्यक्ति को जड़े दो थप्पड़

मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने रोड शो के दौरान अपना आपा खो दिया और एक व्यक्ति दो थप्पड़ जड़ दिया। एक निजी चैनल के अनुसार, यह खबर मध्यप्रदेश की धार जिला की है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वहीं मुख्यमंत्री के ऐसे व्यवहार को लेकर लोग सोशल मीडिया में उनके खिलाफ पर खूब बुरा-भला लिख रहे हैं।

बता दें कि मध्यप्रदेश में इस समय निकाय चुनाव चल रहे हैं। इन्ही निकाय चुनाव के प्रचार के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश के धार जिला पहुंचे थे। वायरल वीडियो में आप साफ़ देख सकते हैं कि सीएम शिवराज सिंह चौहान किसी बात को लेकर एक व्यक्ति से नाराज हो जाते हैं और अपना आपा खोकर उस व्यक्ति 2 थप्पड़ जड़ देते हैं। अभी तक इस व्यक्ति की पहचान नहीं हुई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, थप्पड़ खाने वाला व्यक्ति कोई और नहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का निजी गनमेन है।

सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान की खूब आलोचना की जा रही है। वहीं प्रदेश की सत्ता पर काबिज भाजपा को निकाय चुनाव प्रचार के दौरान कई जगह विरोध भी झेलना पड़ा है। भाजपा नेताओं की रैली को कई जगह काले झंडे दिखाए गए। अब मुख्यमंत्री के इस व्यवहार को लेकर भाजपा को चुनाव में नुकसान हो सकता है। गौरतलब है कि इससे पहले भी मध्यप्रदेश के कांग्रेस पार्टी के मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी सार्वजनिक जगहों पर अपना आपा खो चुके हैं। वह भी सड़क पर हाथा पाई करते नजर आ चुके हैं।     

रामदेव की ऑनलाइन दुकानदारी, पतंजलि की ई-कॉमर्स में एंट्री

पतंजलि की ई-कॉमर्स में एंट्री

सुनील यादव | Navpravah.com 

बाबा रामदेव के ब्रांड पतंजलि की ई-कॉमर्स में भी अब एंट्री हो चुकी है। रामदेव ने आज प्रेस कांफ्रेंस कर पतंजलि को ऑनलाइन लांच कर दिया है। रामदेव ने हरिद्वार से हर द्वार तक का नारा लेकर पतंजलि को दुनिया भर में ले जाने का मकसद लिया है। दिसम्बर में पतंजलि ऑनलाइन की सेल 10 करोड़ रही थी, आगामी 2020 तक एक लाख करोड़ के आंकड़े को छूना पतंजलि का लक्ष्य है।

पतंजलि की फैक्टरियां हरिद्वार और असम के तेजपुर में हैं। नागपुर में भी पतंजलि का एक प्लांट खोला गया है।बाबा रामदेव देश विदेश में प्रसिद्ध योग गुरु हैं और पतंजलि के प्रोडक्ट को देश भर में लोगों ने खूब सराहा है। रामदेव ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 5 करोड़ लोग हमें रोज़ सर्च करते हैं। लोगों की इस भरोसे को हम टूटने नहीं देंगे और पूरी दुनिया में पतंजलि को नम्बर 1 बनायेंगे। 

रामदेव ने आगे कहा कि उत्तम में सर्वोत्तम हमारा नारा है और हम 25 देशों में पतंजलि को नम्बर 1 बनायेंगे। बता दें कि आज प्रेस कांफ्रेंस कर बड़े-बड़े कम्पनियों के अधिकारियों के बीच बाबा रामदेव ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा अब हम पतंजलि को ई-कॉमर्स पर ही लॉन्च कर रहे हैं। अब पतंजलि पूरी दुनिया में छाएगा। patanjaliayurved.net पतंजलि की ई-वेबसाईट है। 

26/11 हमलें में अपने माता-पिता को खो चुके इजरायली बेबी मोशे पहुंचे मुंबई

मोशे पहुंचे मुंबई

रिद्धम ठाकुर | Navpravah.com 

मुंबई के 26/11 आतंकी हमले में अपने माता पिता को खो चुके बेबी मोशे आज मुंबई पहुंच चुके हैं। जब मोशे ने अपने माता पिता को खोया था, तब वह मात्र 2 वर्ष के थें। 2008 में हुए हमले में मोशे की आया सैंड्रा सैमुअल ने  उन्हें को बचा लिया था।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल जुलाई में अपने इजरायल के दौरे के दौरान मोशे से मुलाकात की थी और उन्हें भारत आने का न्यौता दिया था। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के दौरे के दौरान मोशे भी भारत आया है। मोशे ने मुंबई में चाबाद हाऊस की यात्रा की ख्वाहिश जाहिर की थी।

बेबी मोशे अब प्रधानमंत्री नेतन्याहू के मुंबई के चाबद हाऊस के एक समारोह में नजर आएगा। चाबद हाऊस वही जगह है, जहां कई भारतीयों के साथ बेबी मोशे ने भी अपने माता-पिता रब्बी गवेरियल और रिवाका होल्त्ज़बर्ग को खो दिया था। मोशे के माता-पिता चाबद हाऊस के निदेशक थे। 2008 के आतंकवादी हमलों में चबाद हाऊस भी निशाना बना था, इन हमलों में 164 लोग मारे गए थे। 

मोशे और उनके माता पिता मुंबई के नरीमन हाउस में रहते थे। 2008 में जब लश्कर ए तैयबा ने मुंबई पर हमला किया था, तब उसने नरीमन हाउस को भी अपना निशाना बनाया था। उस समय मोशे की आया सैंड्रा सैमुअल गोलियों की आवाज़ सुन कर डर गई थी, तभी उनको मोशे की रोने की आवाज़ सुनाई दी। आया तभी ऊपर भाग कर गई, तो उन्होंने देखा की मोशे अपने माता पिता के शव के बीच में रो रहे थे, वह उनको लेकर सीढियों के नीचे ले गई थीं, जिससे मोशे कि जान बच पाई थी।

आज राजस्थान में रिफाइनरी का शुभारंभ करेंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी राजस्थान में रीफाईनरी का करेंगे उदघाटन

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

पीएम मोदी आज राजस्थान के बाड़मेर जिले में देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी के कार्य का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम पचपडरा में आयोजित होगा। इस मौके पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मौजूद रहेंगे।

वहीं कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि इस रिफाइनरी का शिलान्यास पहले ही तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कर चुकी हैं, फिर भी पीएम ऐसा कर रहे हैं। इस परियोजना में 43,000 करोड़ रुपए की लागत लगी है। यह परियोजना 4 साल में पूरी हुई है, इससे प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष तौर पर 10,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। यह 9 एमएमटीपीए (मिलियन मिट्रिक टन प्रति साल) क्षमता वाली रिफाइनरी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) व राजस्थान सरकार का एक संयुक्त उद्यम है।

रिफाइनरी को लेकर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री से सवाल किया था कि रिफाइनरी का शिलान्यास फिर से क्यों किया जा रहा है, जब यह पहले ही 2013 में हो चुका है। 2013 में विधानसभा चुनाव से पहले गहलोत सरकार ने सोनिया गांधी को बुलाकर तेल रिफाइनरी का शिलान्यास करवाया था। वसुंधरा राजे ने सत्ता में आते ही इसे घाटा का सौदा बताकर बंद कर दिया था। अब 2018 में विधानसभा का चुनाव है, तो वसुंधरा राजे ने फिर से इस परियोजना का शिलान्यास करवा रही हैं, और जिसके लिए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुलाया है।

भावुक हुए विहिप नेता प्रवीण तोगड़िया ने कहा ,”केंद्र सरकार मेरी आवाज को दबाना चाहती है”

प्रवीण तोगड़िया ने दिया बयान

राजेश सोनी | Navpravah.com

विश्व हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया की सोमवार को लापता होने की खबर आई थी, जिसके 12 घंटे के बाद वे अहमदबाद के एक अस्पताल में बेहोशी के हालत में मिले। होश में आने के बाद आज प्रवीण तोगड़िया ने भावुक अवस्था में प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने सीधे-सीधे केंद्र के मोदी सरकार पर हमला बोला है। तोगड़िया ने कहा कि वह हिन्दुओं की ओर से प्रमुखता से आवाज उठा रहे हैं, इसलिए कुछ वक़्त से उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

तोगड़िया का कहना है कि मैंने देश की सेवा के लिए ढेड़ हजार डॉक्टर तैयार किया है। सेन्ट्रल आईबी ने मुझे डराना शुरू कर दिया है। आवाज दबाने के लिए मेरे ऊपर कानून भंग के मामले दर्ज किए जा रहे हैं। देश भर के केस निकालकर एक जेल से दूसरे जेल भेजकर डराने का काम शुरू हुआ है। तोगड़िया ने कहा कि सोमवार को मकर संक्रांति के दिन राजस्थान पुलिस के कुछ लोग गिरफ्तार करने के लिए उनके दल-बल के साथ पहुंचे थे।  सोमवार सुबह मैं पूजा-पाठ कर रहा था, तभी मेरे कमरे में एक व्यक्ति आया और कहा डॉक्टर साहब तुरंत घर छोड़ दीजिए। आपका एनकाउंटर करने के लिए लोग निकले हुए हैं। तोगड़िया ने कहा कि मैं मौत से डरने वाला नहीं हूँ। उन्होंने आरोप लगाया है कि राज्य की पुलिस उनके पीछे पड़ी हुई है।

इसलिए वह अकेले ऑटो से निकल गए और रास्ते में उन्होंने राजस्थान के गृहमंत्री से जानना चाहा, क्या वाकई उन्हें गिरफ्तार करने की कोई योजना है। इसके कुछ दूर बाद ही प्रवीण तोगड़िया बेहोश हो गए। जब तोगड़िया से सीधा सवाल किया गया कि आपको कौन डरा रहा है, इसपर तोगड़िया ने जवाब दिया कि वक़्त आने पर वह सबूतों के साथ इसका जवाब देंगे।

पीएम मोदी ने इजरायली कंपनियों को भारत में निवेश का दिया न्यौता

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

सोमवार को भारत-इजरायल उद्यमियों के एक संयुक्त सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने एकल ब्रांड खुदरा क्षेत्र को प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के लिए खोलने के हाल के निर्णय का जिक्र किया। पीएम ने कहा कि कंपनियों के समक्ष आने वाले विभिन्न नियामकीय मुद्दों को हल किया गया है। उन्होंने कहा, “हम रुकेंगे नहीं, हम और तथा बेहतर करना चाहते हैं, हर दिन देश में कारोबार करने को आसान किया जा रहा है।”

पीएम ने जीएसटी को लागू करने तथा पारदर्शी कर प्रणाली को उपलब्धियां बताते हुए कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। एफडीआई प्रवाह अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर है।हम पिछले तीन साल के दौरान वृहद और सूक्ष्म स्तर पर कदम उठा रहे हैं। मोदी ने कहा कि पूंजी तथा प्रौद्योगिकी का प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए रक्षा सहित ज्यादातर क्षेत्रों को विदेशी निवेश के लिए खोला गया है। अब 90 प्रतिशत से अधिक एफडीआई मंजूरियों को स्वत: मंजूर मार्ग पर डाला गया है।

इस मौके पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी मौजूद थे। मोदी ने इस अवसर पर इजरायली कंपनियों को भारत में निवेश का न्योता देते हुए कहा कि भारत का विकास एजेंडा काफी विशाल है, जो इजरायली कंपनियों को भारी अवसर प्रदान करता है।

मोदी ने आगे कहा कि हमेशा से मेरे मन में इजरायल और वहां के लोगों के लिए सम्मान रहा है। पिछले साल जुलाई में मैं इजरायल गया था, वहां मैंने नवोन्मेषण, उद्यमशीलता और दृढ़ता का अनुभव किया, जिसकी वजह से इजरायल आगे बढ़ रहा है।

सावधान! यह ‘तत्व’ फिट इंसान को भी दे सकता है हार्ट अटैक

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

आज के व्यस्त समय में लोग व्यायाम सही से नही कर पाते हैं। लेकिन बहुत से लोग हैं, जो अपने शरीर को फिट करने में कोई कमी नही छोड़ते हैं, ताकि वे चुस्त रहें और बीमारियों से दूर रहे हैं। लेकिन आज के बदलते दौर में चुस्त और अपने को हेल्दी रखने वालों को भी हार्ट अटैक होने का खतरा है। वैज्ञानिकों ने ऐसे तत्व का पता लगाया है, जिसके रहते सबसे सेहतमंद शख्स को भी किसी भी समय भयंकर हार्ट अटैक आ सकता है।

अमेरिका के सबसे प्रसिद्ध टीवी शो में से एक ‘बिगेस्ट लूजर’ को होस्ट करने वाले मशहूर ट्रेनर बॉब हार्पर कुछ दिन पहले ऐसी ही एक खबर के चलते सुर्खियों में आए थे। बाब को अचानक भयंकर हार्ट अटैक आ गया, जिसके बाद वो अगले दो दिन कोमा में रहे। हालांकि बॉब बच गए, लेकिन डॉक्टरों के लिए इस बात ने हैरानी कर दिया कि सबसे फिट लोगों में एक बॉब को आखिर किस कारण इतना जोरदार अटैक पड़ा।

जब डॉक्टर ने बॉब हार्पर की जांच की, तो उसमें उनके शरीर में कोलेस्ट्रोल की मात्रा तो बिल्कुल ठीक थी, लेकिन ‘लिपोप्रोटीन (ए)’ की मात्रा ज्यादा थी।डॉक्टरों ने बताया कि lp(a) खून में पाया जाने वाला तत्व होता है, जिसकी मात्रा बढ़ने से लोगों को हार्ट अटैक का खतरा तीन गुनी बढ़ जाता है और ज्यादातर लोगों को इस प्रोटीन के बारे में जानकारी नहीं होती है।

डाक्टरों का कहना है कि लिपोप्रोटीन(ए) की मात्रा लोगों के जीन्स पर निर्भर करती है और अधिकतर लोगों में इसकी मात्रा कम ही होती है, कोलंबिया यूनिवर्सिटी के एक डॉक्टर ने बताया, ‘लोगों को इसके बारे में पता नहीं होता और साधारण फिजिशियंस को भी इसकी जानकारी नहीं होती। एलपी(ए) का खोज 1963 में नॉर्वे के वैज्ञानिक केर बर्ग ने की थी, कुछ डॉक्टरों का मानना है कि एलपी(ए) शरीर में खराब कोशिकाओं को ठीक करता है, लेकिन इसकी मात्रा ज्यादा होने पर ये हृदय नलियों में क्लॉटिंग करता है, जिससे व्यक्ति को हार्ट अटैक आ सकता है।

आज के प्रमुख समाचार

आज के प्रमुख समाचार
headlines of the day

कमला मिल्स हादसे के बाद फरार मोज़ो रेस्त्रां का सह-मालिक युग तुली भी गिरफ्तार।

आज सुप्रीम कोर्ट में जज लोया की मौत की होगी सुनवाई, बेटे ने कहा, “कुछ संदिग्ध नहीं”

आज 90 देशों के 150 से ज्यादा वक़्ता ‘रायसीना संवाद’ में होंगे शामिल, इजरायली पीएम नेतन्याहू करेंगे उद्घाटन।

MBBS घोटाले में मिले घूसखोरी के कोडवर्ड, जज और व्यापारी मंदिर, प्रसाद आदि के कोडवर्ड का इस्तेमाल कर करते थे घोटाले।

पंजाब के बिजली मंत्री गुरजीत सिंह ने की इस्तीफे की पेशकश, खनन मामले में सवालों से घिरे।

VHP प्रमुख प्रवीण तोगड़िया 10 घन्टे लापता रहने के बाद बेहोशी की हालत में अहमदाबाद के एक अस्पताल से मिले।

26/11 हमले में अपने माता-पिता को खोने वाला बेबी मोशे आज पहुंचेगा भारत, खास तैयारियां।

सेंचुरियन टेस्ट का आज चौथा दिन, भारत पर छाएं संकट के बादल, लीड पहुंची 118 पर।

U-19 विश्वकप: भारतीय गेंदबाजों के सामने पीएनजी पस्त, महज 64 रनों पर सिमटी पारी, अंकुल रॉय ने झटके 5 विकेट।

CJI ने 5 जजों की संविधान पीठ का किया गठन, प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले जज शामिल नहीं।

विश्व हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया हुए लापता

राजेश सोनी | Navpravah.com

विश्व हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया की लापता होने की खबर आ रही है। अहमदाबाद के जॉइंट पुलिस कमिश्नर ऑफ क्राइम जे.के.भट्ट ने बताया कि हमने उनको ढूंढने के लिए चार टीम लगा दी है। उन्होंने आगे यह भी साफ किया है कि तोगड़िया को न ही राजस्थान और न ही गुजरात पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किया गया है। उन्हें शक है कि तोगड़िया को उनके कार्यकर्ताओं द्वारा कहीं छुपा दिया गया है।

भट्ट ने आगे बताया कि हम उनके लोकेशन को ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं। तोगड़िया आज सुबह अपने घर से 10.45 मिनट पर एक ऑटो में सवार होकर निकले थे। तोगड़िया को Z+ सुरक्षा मिली हुई है, लेकिन आज सुबह अपने सुरक्षा कर्मियों के बिना अपने विश्व हिंदू परिषद के दफ्तर के लिए निकल गए थे। वह ऑटो में एक दाढ़ी वाले व्यक्ति के साथ निकले थे।

आगे उन्होंने बताया कि आज सुबह राजस्थान पुलिस की टीम गिरफ्तारी वारंट के साथ तोगड़िया को हिरासत में लेने के लिए उनके आधिकारिक निवास पर पहुंची थी। गुजरात पुलिस ने भी राजस्थान पुलिस की तोगड़िया को गिरफ्तार करने में मदद की, लेकिन न ही वह पुलिस को उनके घर पर मिले न ही अपने वीएचपी के दफ्तर पर। वहीं अहमदाबाद पुलिस लगातार वीएचपी नेताओं के संपर्क में है, ताकि तोगड़िया को जल्द से जल्द ढूंढ लिया जाए।

आगे उन्होंने बताया कि जैसे ही आज पुलिस की टीम तोगड़िया को गिरफ्तार करने उनके घर पहुंची, वैसे ही पुलिस की टीम को 100 से ज्यादा वीएचपी कार्यकर्ताओं ने घेर लिया था। उन्होंने  पुलिस को धमकाते हुए कहा कि अगर प्रवीण तोगड़िया को गिरफ्तार किया गया, तो वीएचपी द्वारा देश भर में आंदोलन किया जाएगा। 

कई वीएचपी नेताओं को यह डर है कि कहीं गुजरात और राजस्थान पुलिस उनका एनकाउंटर तो नहीं करने आई है। गुजरात वीएचपी नेता रणछोड़ भाई का कहना है कि प्रवीण भाई गुमशुदा हैं, उनका मोबाईल बंद आ रहा है और अभी तक उनका कुछ पता नहीं लग पाया है।