28 C
Mumbai
Saturday, August 22, 2026
Home Blog Page 777

जब अरिजीत को आया गुस्सा, तो सरेआम स्टेज पर दे डाली गाली

अरिजीत सिंह ने स्टेज पर दी गाली

पारुल पाण्डेय | Navpravah.com 

अपनी गायकी से संगीत की दुनिया में नाम कमाने वाले सिंगर अरिजीत सिंह ने कुछ ऐसा कर दिया की लोग चौक गए। अरिजीत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अरिजीत स्टेज पर जोर से चिल्लाते हुए गाली देते नजर आ रहे हैं। 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो काफी पुराना नज़र आ रहा है। जिसमें शांत स्वाभाव वाले अरिजीत लाईव शो के दौरान गुस्से में गाली देते नज़र आए हैं। इसे देख लोग भी पीछे नहीं हट रहे हैं। अरिजीत को इस वीडियो पर खूब ट्रोल किया जा रहा है।  

दरअसल इस वीडियो में एक कॉन्सर्ट के दौरान अरिजीत सिंह ‘नादान परिंदे’ गा रहे थे, तभी उनका माइक स्टैंड से गिरने लगा। जिसके बाद अरिजीत भड़क गए और मंच से ही गालियां देने लगे। गुस्साए अरिजीत को देख, कॉन्सर्ट के संचालक तुरंत पहुंचे और उन्होंने माइक को सही किया। 

बात दें की अरिजीत इससे पहले भी सलमान खान के साथ विवादों में रहे हैं। इसका खुलासा तब हुआ, जब सलमान और अरिजीत के बीच अनबन की खबरें चर्चा में आईं थी। उस दौरान अरिजीत ने फेसबुक पर सलमान खान से अपने बर्ताव के लिए माफी मांगी थी। इतना ही नहीं, अरिजीत ने सलमान की ब्लॉकबस्टर हिट फिल्म ‘सुल्तान’ के लिए ‘जग घूमिया’ गाना भी गाया था, लेकि‍न सलमान खान ने फिल्म में अरिजीत वाले वर्जन को हटा दिया था।

वैज्ञानिकों ने खोजा ब्लड टेस्ट से कैंसर पता करने का तरीका

अब ब्लड टेस्ट से पता चलेगा कैंसर का हिस्सा

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

कैंसर का पता लगाने के लिए आसान तरीका खोजने में जुटे वैज्ञानिकों को बड़ी कामयाबी मिली है। जॉन हापकिंस यूनिवर्सिटी की एक टीम ने एक ऐसी ही विधि की खोज की है। वैज्ञानिकों ने खून की जांच से यह पता लगाने का तरीका खोज लिया है कि शरीर के किस हिस्से में कैंसर विकसित हो रहा है।

शोधकर्ताओं की टीम के एक सदस्य ने कहा कि ब्लड टेस्ट की इस अनोखी विधि को खोजने वाले वैज्ञानिकों का उद्देश्य कैंसर का समय से पहले पता लगाना और लोगों की जान बचाना है। इस बीमारी के बारे में ब्लड टेस्ट की मदद से भी जानकारी हासिल की जा सकती है। कैंसर का सटीक पता लगाने के लिए बायोप्सी की जाती है, जो जटिल प्रक्रिया है। इसके अलावा खून में मौजूद कैंसर कोशिकाओं के डीएनए से भी कैंसर की जांच होती है। लेकिन इससे यह पता नहीं चलता कि कैंसर शरीर के किस हिस्से में है, लेकिन अब वैज्ञानिकों ने इसका रास्ता खोज लिया है।

कैंसर का पता लगाने वाले इस टेस्ट में 16 तत्वों को देखा जा सकता है, जो कि कैंसर होने की स्थिति में लगातार बढ़ते हैं। इसमें आठ प्रकार की प्रोटीन का भी रिसाव होता है। कैंसर टेस्ट की नई विधि का पता लगाने वाली टीम ने अंडाशय, लीवर, ब्रेस्ट, फेफड़े और आमाशय आदि के कैंसर से पीडि़त 1005 मरीजों पर यह टेस्ट किया। टेस्ट में पता लगा कि इस घातक बीमारी के टिश्यू लगातार उनमें बढ़ रहे थे।

जिन मरीजों पर यह टेस्ट किया गया, उनमें से 70 फीसदी लोगों में सफलता पूर्वक कैंसर की पहचान की जा सकी। यह पहचान कैंसर के उन मरीजों में की जा सकी, जिन्होंने अभी तक इसका इलाज शुरू नहीं कराया था।शोध टीम के लीडर और सेंटर फॉर इवोलुशन एंड कैंसर एट द कैंसर रिसर्च के डॉक्टर गर्ट अटार्ड ने कहा कि इस टेस्ट विधि में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि वह इस विधि से उस ब्लड टेस्ट के काफी करीब पहुंच चुके हैं, जिससे कैंसर का पता लगाया जा सकता है।

माघ मेला 2018: त्रिवेणी में आस्था का संगम, सुरक्षा के कड़े इन्तेजाम

त्रिवेणी में आस्था का संगम

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

तीर्थराज प्रयाग में गंगा, यमुना और सरस्वती के त्रिवेणी संगम के किनारे इन दिनों आस्था का संगम देखने को मिल रहा है। संगम तट पर एक नयी दुनिया ही इस समय बस गयी है, ये अद्भुत नजारा देखते ही बनता है। माघ मेला हिन्दुओं का सर्वाधिक प्रिय धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेला है। यह भारत के सभी प्रमुख तीर्थ स्थलों में मनाया जाता है। नदी या सागर स्नान इसका मुख्य उद्देश्य होता है। 

मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या के चलते यहां करोड़ों लोगों ने स्नान किया और मेले का लुफ्त उठाया और अब आगे आने वाले नहान में भी प्रशासन अपनी तरफ से तैयार है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और तट पर रहकर कल्पवास कर रहे लोगों को कोई असुविधा न हो इसके लिए सारे जरूरी इंतजाम किए गए हैं। साफ-सफाई से लेकर महिलाओं के रहने और कपड़े बदलने के लिए भी सुरक्षित स्थान जगह-जगह बनाए गए हैं।  पिछले साल के 500 शौचालयों के मुकाबले इस बार 5000 शौचालय मेला परिसर में बनवाए गए हैं। लोग गुम न हों, इसके लिए भूले-बिसरे शिविर की टीम भी अच्छा काम कर रही है। 

इस बार पुलिस के अलावा सेना की ओर से आरएएफ ने भी सुरक्षा के इंतजाम किये हैं। श्रद्धालुओं को असुविधाओं का सामना न करना पड़े इसलिए मेले में आने और जाने के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में 45 सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है और पुलिस के जवान गश्त पर हैं। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस की टुकड़ियां भी तैनात हैं। प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान के मद्देनजर इस बार माघ मेले में साफ-सफाई के लिए खास इंतजाम करते हुए, प्रदेश भर से सफाईकर्मी बुलाए गए हैं। संगम तट के आसपास और कल्पवासियों के लिए बड़ी संख्या में शौचालय और प्रसाधन केंद्र भी बनाए गए हैं।

साल 2018 के माघ मेले को प्रशासन अगले साल माघ में आयोजित होने वाले अर्द्धकुंभ मेले की तैयारी मानकर इंतजाम कर रहा है। इसलिए इस साल मेले का आयोजन भी अन्य वर्षों की अपेक्षा अधिक विस्तृत क्षेत्र में किया गया है। मेले में श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखकर पांच अस्थाई पुल भी बनाए गए हैं। आगामी अर्द्धकुंभ मेले को देखते हुए प्रशासन ने ऐसे कई इन्तेजाम इस बार केवल परिक्षण के तौर पर किया है।

भूमि की नई फिल्म की शूटिंग हुई शुरू, दिखेंगी अब इस एक्टर के साथ 

भूमि पेडणेकर ने शुरू की नई फिल्म की शूटिंग

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

भूमि पेडनेकर की आने वाली फिल्म की शूटिंग शुरू हो गई है। इस फिल्म में भूमि के साथ सुशांत सिंह राजपूत के जलवे भी दिखेंगे। भूमि और सुशांत की यह पहली फिल्म होगी, जिसमें दोनों एक साथ काम करते नज़र आयेंगे। ‘इश्किया’, ‘डेड़ इश्किया’ और ‘उड़ता पंजाब’ जैसी फिल्में बनाने वाले डायरेक्टर अभिषेक चौबे इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग चंबल में होगी।

बता दें कि इस फिल्म की कहानी 1970 के दशक की है, जब चंबल के बीहड़ों में डाकुओं का साम्राज्य हुआ करता था। भूमि वैसे भी अभी तक छोटे राज्यों के किरदारों पर आधारित फिल्में ही करती आई हैं। इस फिल्म की शूटिंग की शुरुआत से पहले भूमि पेडनेकर ने ट्वीट करके बताया कि हमने शुरुआत कर दी है। वाकई काफी खास एहसास हो रहा है। चंबल में अभिषेक चौबे, रॉनी स्क्रूवाला, मनोज वाजपेयी, सुशांत सिंह राजपूत और रणवीर शौरी समेत पूरी टीम के साथ काम करने को लेकर काफी उत्साहित हूं, चलो शुरुआत करते हैं।    

दूसरी ओर, सुशांत सिंह राजपूत ने भी कुछ इसी तरह अपनी भावनाओं का इजहार किया है। सुशांत ने ट्वीट किया है कि मेरे पसंदीदा डायरेक्टरों में से एक अभिषेक चौबे के साथ काम करने को लेकर मैं बहुत ही एक्साइटेड हूं। फिल्म की शूटिंग आज से चंबल में शुरू हो रही है।

‘बकवास है भंसाली की फिल्म, मुसलमान न देखें’ -ओवैसी

पद्मावत पर ओवैसी ने दिया विवादित बयान

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

पद्मावत फिल्म पर अब राजपूतों के बाद AIMIM पार्टी के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी भी इस फिल्म के विरोध में आ चुके हैं। हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने फिल्म पद्मावत का विरोध करते हुए कहा है कि यह फिल्म ‘मनहूस’ और ‘बकवास’ है। साथ ही ओवैसी ने मुस्लिम युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि वे इस फिल्म को देखकर अपना समय बर्बाद न करें। 

एक निजी वेबसाइट के अनुसार एक कार्यक्रम में संबोधन के दौरान ओवैसी ने कहा कि पद्मावत मनहूस और बुरी फिल्म है, इसे न देखें, क्योंकि अल्लाह ने हमें इस दो घंटे की फिल्म को देखने के लिए नहीं बनाया है। अल्लाह ने तुम्हें जीवन में कुछ अच्छी चीजें करने के लिए बनाया है, जो कि सदियों तक याद की जाए।

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म ‘पद्मावत’ को सारे देश में रिलीज करने की अनुमति दे दी है और चार राज्यों में फिल्म पर लगा बैन भी हटा दिया। इसके बावजूद फिल्म का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। ये फिल्म 25 जनवरी को रिलीज होने जा रही है।

लाभ के चक्कर में फंसे आप के 20 विधायक, सदस्यता हो सकती है रद्द

आम आदमी पार्टी के 20 विधायक फंसे
राजेश सोनी |Navpravah.com 
आम आदमी पार्टी के 20 से ज्यादा विधायक के ऊपर लाभ के पद का फायदा उठाने का मामला सामने आया है।
सूत्रों के हवाले से मिल रही खबर के अनुसार, आम आदमी पार्टी के 20 विधायक की छुट्टी तय है। वहीं आम आदमी पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर प्रधानमंत्री मोदी को खुश करने का आरोप लगाया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने इन विधायकों की लिस्ट राष्ट्रपति के पास सिफारिस के लिए भेजी है। बता दें कि 23 जनवरी को मुख्य चुनाव आयुक्त रिटायर होंगे।
आप के विधायक सौरव भारद्वाज ने कहा कि ‘आप’ को अपना पक्ष रखने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने आगे कहा कि हमारे पार्टी के किसी विधायक ने न गाड़ी लिया, न वेतन लिया और न कभी सरकारी सुविधाओं का फायदा उठाया। उन्होंने इसे जन प्रतिनिधियों के खिलाफ साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्य आयुक्त ने रिटायरमेंट से पहले ऐसा फैसला क्यों सुनाया?
अब इस मुद्दे को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। कांग्रेस और भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर सीएम केजरीवाल से इस्तीफा मांगा है। वहीं केजरीवाल और उनके सहयोगियों ने इस फैसले के खिलाफ उच्च न्यायालय का रुख करने का फैसला किया है। आम आदमी पार्टी के तीन विधायक फिलहाल चुनाव आयोग कार्यालय पहुँच चुके हैं।वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने आम आदमी पार्टी को सर्वोत्तम भ्रष्ट पार्टी करार दिया है। अन्ना हजारे के आन्दोलन से जन्मी आम आदमी पार्टी, भ्रष्टाचार के मुद्दे को उछालकर सत्ता पर काबिज हुई थी, आज वही पार्टी भ्रष्टाचार में लिप्त है।  
इस मामले को लेकर कोर्ट में याचिका कर्ता सौरभ पटेल ने याचिका दायर की थी। उन्होंने एक निजी चैनल से बात करते हुए कहा कि लाभ का फायदा उठाना, सिर्फ वेतन लेना या सरकारी सुविधाओं का फायदा उठाना नहीं होता है। उन्होंने आप के कई विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने निजी ठेकेदारों का सरकारी टेंडर पास कराने में फायदा पहुंचाया है।

न्यूड’ फिल्म को सेंसर बोर्ड ने दी हरी झंडी, A सर्टिफिकेट के साथ होगी रिलीज

न्यूड फिल्म को मिला ग्रीन सिग्नल

पारुल पाण्डेय | Navpravah.com 

रवि जाधव के डायरेक्शन में बनीं फिल्म ‘न्यूड’ भले ही गोवा फिल्म फेस्टिवल से बाहर हो गई हो, लेकिन सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को बिना किसी कट के रिलीज करने का फैसला किया है। अब रिलीज़ होने वाली इस फिल्म ने कई विवादों का सामना किया था। 

‘न्यूड’ फिल्म के डायरेक्टर रवि जाधव ने अपने ट्विटर हैंडल पर अपनी खुशी जताते हुए लिखा है कि “बिना किसी कट के मिला ‘ए’ सर्टिफिकेट। विद्या बालन के नेतृत्व वाली सीबीएफसी की स्पेशल जूरी ने हमारी फिल्म को स्टैंडिग ओवेशन दिया। आपके इस सपोर्ट के लिए शुक्रिया।

बता दें कि गोवा फिल्म फेस्टिवल में ‘न्यूड’ फिल्म को लेकर जमकर विवाद हुआ था। इस दौरान जूरी प्रमुख सुजॉय घोष ने इस्तीफा दे दिया था। इतना ही नहीं, ‘सेक्सी दुर्गा’ और ‘न्यूड’ फिल्म को फिल्म फेस्टिवल से बाहर कर दिया गया था। 13 सदस्यीय जूरी ने इन फिल्मों को भले ही फिल्म फेस्टिवल में शामिल किया था, लेकिन सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने इन्हें सूची से बाहर कर दिया था।

‘न्यूड’ मराठी फिल्म है, जिसमें एक न्यूड मॉडल की जिंदगी को दिखाया गया है। फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज हो चुका है, जिसमें नसीरूद्दीन शाह ने भी अभिनय किया है। इन दिनों बॉलीवुड से ज्यादा क्षेत्रीय सिनेमा में प्रयोग हो रहे हैं, जिन्हें पसंद भी किया जा रहा है।

पद्मावत विवाद पर बोले सैफ अली खान, “इतिहास के साथ न करें छेड़छाड़”

पद्मावत विवाद पर सैफ अली खान ने दिया बयान

रिद्धम ठाकुर | Navpravah.com 

हाल ही में एक निजी चैनल से बातचीत के दौरान बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान ने पद्मावत मुद्दे पर अपनी चुप्पी  तोड़ी। उन्होंने कहा कि अगर एक फिल्म निर्माता एक रानी पर फिल्म बनाने का फैसला करता है, तो उसे सही फिल्मांकन के लिए सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा, “जब इतिहास पर आधारित फ़िल्में बनाएं, तो उसमें प्रयोग न करें।

आगे सैफ अली खान ने कहा कि करणी सेना ने आरोप लगाया है कि ‘घूमर’ गीत में मुख्य किरदार को जिस तरह नृत्य करते दिखाया गया है, ऐसा रानियाँ नहीं करती थीं, बल्कि वें नृत्य देखती थीं।

सैफ ने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर ऐसी ही कोई फिल्म आप टाइगर पटौदी के बारे में बनाते हैं, तो आपको उनके किरदार के प्रति ईमानदार होना चाहिए और अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो आप पटौदी का अपमान कर रहे हैं। 

पाकिस्तान जल्द से जल्द आतंकी हाफिज पर चलाए मुक़दमे -अमेरिका

अमेरिका ने हाफ़िज़ को लेकर फिर दी पाकिस्तान को चेतावनी

राजेश सोनी | Navpravah.com

अमेरिका ने पाकिस्तान को आतंकवादियों को सुरक्षित पनाहगाह मुहैया कराने के लिए एक बार फिर फटकार लगाई है। अमेरिका ने पाकिस्तान को साफ़-साफ़ दो टूक शब्दों में कहा कि आतंकी हाफिज सईद मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड है। अमेरिका ने पाकिस्तान सरकार से स्पष्ट कह दिया है कि जल्द से जल्द आतंकी हाफिज पर मुक़दमे चलाए जाए।

अमेरिका ने आगे कहा कि हम आतंकी हाफिज को एक आतंकवादी मानते हैं। वह 26/11 मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड है, जिसमें बहुत लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें कई अमेरिकी भी थे। अमेरिका के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हीथर नोर्ट ने कहा कि हमें लगता है कि सईद पर पाकिस्तान में मुकदमा चलना चाहिए। अमेरिका द्वारा पाकिस्तान को इस मामले की जानकारी दे दी गई है।

हीथर ने कहा कि ट्रंप प्रशासन उम्मीद करता है कि पाकिस्तान आतंकवादी मामलों से निपटने में अधिक योगदान दे। आप सभी हमारे द्वारा करीब दो सप्ताह पहले दी गई इस सूचना के बारे में जानते हैं कि हमने पाकिस्तान को सुरक्षा के लिए आर्थिक मदद रोकने का फैसला किया है। हीथर ने कहा कि अमेरिका-पाकिस्तान संबंध के मामले पर पूरा प्रशासन एकजुट है।

अमेरिका ने यह जवाब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद अब्बासी के चौकाने वाले बयान पर दिया है। जिसमें अब्बासी आतंकी हाफिज सईद और उसके संगठन को क्लीन चिट देते नजर आ रहे थे। उन्होंने इस इंटरव्यू में आतंकी हाफिज को साहब कहकर संबोधित किया था। अब्बासी ने कहा था कि हाफिज के खिलाफ पाकिस्तान में कोई मामला दर्ज नहीं हैम, तो उनपर कार्रवाई कैसे की जा सकती है।  

विश्वविद्यालयों व डिग्री कॉलेजों में अब पढ़ाएंगे रिटायर शिक्षक

रिटायर शिक्षक भी अब पढ़ाएंगे

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com 

प्रदेश के विश्वविद्यालयों एवं उनसे संबद्ध डिग्री व पीजी कॉलेजों में 70 वर्ष से कम उम्र के रिटायर शिक्षकों की सेवाएं अब ली जाएंगी। शिक्षकों की कमी को देखते हुए, उनकी नियुक्ति एक वर्ष के लिए की जाएगी। अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा संजय अग्रवाल की ओर से राज्य विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के लिए अलग-अलग शासनादेश जारी किया गया है। इसमें राज्य विश्वविद्यालयों से कहा गया है कि वे स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में 30 जून तक रिक्त होने वाले पदों का विवरण दो महीने पहले ही तैयार कर लें।

शासनादेश में इन शिक्षकों के चयन के लिए एक चयन समिति का भी गठन किया गया है। इसमें विश्वविद्यालय के कुलपति अध्यक्ष, कुलसचिव सदस्य संयोजक तथा संबंधित संकाय के अध्यक्ष व संबंधित विभाग के अध्यक्ष सदस्य होंगे। इसमें असिस्टेंट प्रोफेसर स्तर पर 25 हजार रुपए प्रतिमाह की अधिकतम सीमा के तहत 500 रुपए प्रति व्याख्यान की दर से, एसोसिएट प्रोफेसर स्तर पर 30 हजार रुपए प्रतिमाह की अधिकतम सीमा के तहत 600 रुपये प्रति व्याख्यान की दर से तथा प्रोफेसर स्तर पर 35 हजार रुपये प्रतिमाह की अधिकतम सीमा के तहत 700 रुपये प्रति व्याख्यान की दर से मानदेय दिया जाएगा।

इसी तरह एसोसिएट प्रोफेसर स्तर पर 30 हजार रुपये प्रतिमाह की अधिकतम सीमा के तहत 600 रुपये प्रति व्याख्यान की दर से तथा प्रोफेसर स्तर पर 35 हजार रुपये प्रतिमाह की अधिकतम सीमा के तहत 700 रुपये प्रति व्याख्यान की दर से मानदेय दिया जाएगा।