28 C
Mumbai
Saturday, August 22, 2026
Home Blog Page 778

करणी सेना ने पद्मावती विवाद पर चुप्पी को लेकर RSS और पीएम मोदी पर साधा निशाना

करणी सेना ने फिल्म पद्मावत को लेकर पीएम मोदी पर साधा निशाना

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

गुरुवार को सर्वोच्च न्यायालय ने पद्मावती फ़िल्म पर 4 राज्यों में लगे बैन को हटा दिया और इस फ़िल्म को पूरे देश में रिलीज करने की अनुमति दे दी। सर्वोच्च न्यायालय के इस फैसले के बाद से ही करणी सेना समेत सारे राजपूत संगठन इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। आज करणी सेना के सुखदेव सिंह ने मीडिया के सामने काफी आक्रोशित भरे स्वर में कहा कि इस फिल्म के जरिए हिंदुत्व को नीचा दिखाया जा रहा है। वहीं उन्होंने पीएम मोदी और आरएसएस पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व की बात करने वाले पीएम मोदी और आरएसएस इस विवाद पर चुप क्यों हैं?
 
उन्होंने आगे कहा कि हमें हमारे वकीलों ने बताया है कि सर्वोच्च न्यायालय ने अपने फैसले में आखरी में लिखा है कि यदि कानून व्यवस्था बिगड़ती हो, तो राज्यों को यह अधिकार है कि वह फिल्म को लेकर कोई फैसला ले सके। वहीं उन्होंने विश्व हिन्दू परिषद् के नेता प्रवीण तोगड़िया का फिल्म के विरोध का समर्थन करने के लिए आभार प्रकट किया है। सिंह ने आगे कहा कि पद्मावती फिल्म हिन्दू और मुसलमान के बीच विवाद पैदा करेगी। इस फिल्म से ब्राह्मणों और राजपूतों के बीच तनाव उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय और सेंसर बोर्ड को राय देते हुए कहा कि इन्हें यह फिल्म पहले 10 इतिहासकारों को दिखानी चाहिए और फिर इस फिल्म को रिलीज करने की अनुमति देनी चाहिए।

बता दें कि सुखदेव सिंह ने सेंसर बोर्ड के प्रमुख प्रसून जोशी को भी धमकी दी है। उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि हम प्रसून जोशी को राजस्थान में घुसने नहीं देंगे। वहीं करणी सेना आज फ़िल्म पद्मावती के विरोध में सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर कर सकती है। करणी सेना का कहना है कि वह सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ डबल बेंच में याचिका दायर करेंगे और फ़िल्म पर पूरी तरह से बैन लगाने की मांग करेंगे।     
 

केरल: माँ ने की बेटे की बेरहमी से हत्या, घर के अंदर जला दी लाश 

माँ ने की बच्चे की बेरहमी से हत्या

राजेश सोनी | Navpravah.com 

केरल के कोल्लम से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। कोल्लम के कुरुपल्ली इलाके में एक माँ ने अपने 14 वर्षीय बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी है। बाद में इस माँ ने बच्चे की लाश को जलाकर अपने घर के पीछे दफ़न कर दिया। दिल दहलाने वाले इस अपराध का आरोप मृतक बेटे की माँ पर ही है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक बच्चा जीतू जॉब सोमवार की शाम से गायब था। आरोपी माँ जया मोल ने मृतक बच्चे के पिता जॉब जॉन को बताया कि बच्चा स्टेशनरी की दुकान पर गया है और वह तब से घर वापस नहीं लौटा है। इसके बाद जया और जॉन अपने गुमशुदा बच्चे की मिसिंग कंप्लेंट दर्ज कराने पुलिस के पास गए। पुलिस का शक तभी इस मृतक बच्चे की माँ जया पर हो गया, जब उसके बयानों में अंतर मिला।

पुलिस का शक आरोपी जया पर और गहरा गया, जब पुलिस को घर के पीछे से ही मृतक बच्चे की चप्पलें बरामद हुई और जया के हाथ पर जलने के निशान पाए गए। थोड़े देर बाद पुलिस ने जया से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने सारा सच पुलिस के सामने उगल दिया। उसने पुलिस को बताया कि उसने गुस्से में आकर अपने बच्चे की हत्या कर दी।

दरअसल, जया अपने बच्चे के रिश्तेदारों के पास जाने से नाराज रहती थी और वह बच्चे को रिश्तेदारों के पास जाने से हमेशा रोकती थी। लेकिन उस दिन बच्चा कुछ ज्यादा ही रिश्तेदारों के घर जाने की जिद्द करने लगा और इसी बात पर जया को बहुत गुस्सा आ गया। गुस्से में उसने अपने बच्चे का गला दुपट्टे से घोंट दिया और उसकी हत्या कर दी। उसके बाद उस बच्चे की लाश को जलाकर घर के पीछे ठिकाने लगा दिया।

आरोप कबूलने के बाद पुलिस ने महिला को घर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ़्तारी के समय आस-पास के लोग उस महिला पर बहुत आक्रोशित नजर आये और उन्होंने आरोपी महिला पर पत्थर चलाना कर दिया। पुलिस को मृतक बच्चे की लाश टुकड़ों में बरामद हुई है।

यूपी 100: गाड़ी ‘गंदी’ होने का हवाला देते हुए पुलिस ने नहीं की घायल की मदद

पुलिस ने घायल की यूपी 100 से नहीं की मदद

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com 

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस का अमानवीय चेहरा सामने आया है। कल देर रात दो नाबालिगों की बाइक नाले में जा गिरी, जिसके बाद दोनो युवकों को मौके पर मौजूद लोगों ने नाले में से निकला।  उनके सिरों में चोट लगी थी और खून बह रहा था। इन लोगों ने मौके पर मौजूद यूपी 100 के सिपाहियों से घायलों को अस्पताल पहुंचाने को कहा, लेकिन उन्होंने गाड़ी गंदी होने का हवाला देते हुए गाड़ी में ले जाने से इंकार कर दिया। लोग इतना कहते रहे, फिर भी वह इन युवकों को अपनी गाड़ी में नहीं ले गए।

इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों की 3 मिनट 18 सैकेंड की वीडियो भी बनाया, जो वायरल हो चुका है। पुलिसकर्मिंयों के इंकार के बाद स्थानीय लोग इन्हें टैंपों से लेकर जिला अस्पताल पहुंचें और वहां पर पहुंचने के कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने कहा कि यह घटना गंभीर है और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और हर आम आदमी का पहला कर्तव्य है कि वह घायलों को अस्पताल पहुंचायें। उन्होंने कहा कि मामले की जाँच की जा रही है और जल्द से जल्द कारवाई की जायेगी।

बता दें कि बीती देर रात दो युवक अर्पित खुराना और सन्नी की मोटर साइकिल अनियंत्रित होकर एक खंभे से टकराने के बाद नाले में जा गिरी। मौके पर पहुंचें स्थानीय लोगों ने इन दोनों युवकों को घायल अवस्था में नाले से निकाला, जिनके सिर से खून बह रहा था और गंभीर चोटें थी। मौके पर पहुंची यूपी 100 से जब इन दोनो घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए कहा तो पुलिसकर्मियों ने कहा कि उनकी गाड़ी गंदी हो जायेगी और वह दोनों को अस्पताल किसी टैंपों से ले जायें, वह नहीं लेकर जायेंगे।

गोवा के हाईवे पर पलटा अमोनिया गैस टैंकर, रिसाव से पूरे इलाके में घुटन

गोवा में अमोनिया गैस का पलटा टैंकर

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

गोवा में वास्को शहर को पणजी से जोड़ने वाले राजमार्ग पर अमोनिया गैस ले जा रहा एक टैंकर कल रात पलट गया, जिसके बाद शुक्रवार को समीपवर्ती चिकालिम गांव को खाली कराया गया है। इस गैस के कारण दो महिलाओं की तबियत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। टैंकर वास्को शहर में स्थित मॉर्मगाओ पोर्ट ट्रस्ट से शहर में स्थित जु़आरी औद्योगिक लिमिटेड तक अमोनिया गैस ले जा रहा था, लेकिन रात में यह राजमार्ग पर पलट गया और गैस रिसाव शुरू हो गया।

इस लीकेज से आसपास का माहौल बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि जिस रोड पर टैंकर पलटा है, वह एक रिहायशी इलाका है और उसे एयरपोर्ट रोड नाम से भी जाना जाता है। डिप्टी कलेक्टर महादेव अरोंदेकर ने मीडिया को बताया कि तुरंत आपदा प्रतिक्रिया बल को घटनास्थल पर भेजा गया और पुलिस, दमकल तथा आपात सेवा कर्मियों द्वारा लोगों को जगाकर समूचे इलाके को खाली कराया गया है।

उन्होंने बताया कि स्थिति से निपटने के लिए एक बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया है। चिकालिम गांव से गुजरने वाले राजमार्ग को बंद कर दिया गया है और यातायात को अन्य मार्गेां की ओर मोड़ दिया गया है। पुलिस इंस्पेक्टर ने कहा कि हमने सड़क का इस्तेमाल करने वाले वाहनों को रोक दिया है और आस-पड़ोस के इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सूचित किया है कि घरों को खाली कर दें और अपने मुंह को मास्क से या गीले कपड़े से ढकें। इस इलाके में करीब 300 मकान हैं।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस गैस रिसाव में जान-माल की कोई भी हानि नहीं हुई है और संयंत्र तब तक बंद रहेगा जब तक मूल कारणों का पूरी तरह से पता नही चल जाता, तथा आवश्यक सावधानी बरतने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपायों का मूल्यांकन पूरा नहीं हो जाता है।

हरियाणा: मनोहर लाल खट्टर के गांव में मची सनसनी, लोक गायिका का बेरहमी से क़त्ल 

लोक गायिका का बेरहमी से क़त्ल

रिद्धम ठाकुर | Navpravah.com 

हरियाणा से आए गए दिन बलात्कार, सामूहिक बलात्कार और हत्या जैसी खबरें आना आम सी बात हो गई है। लेकिन इस गुरुवार को हरियाणा में सनसनी मच गई, जब खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के गांव से एक हरियाणवी गायिका का शव बरामद हुआ। गायिका का नाम ममता शर्मा था। ममता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई है। ममता अपने घर से रविवार को निकली थीं, जिसके बाद उनके बारे में कुछ पता नहीं चल रहा था, गुरुवार को गाँव में ममता का शव बरामद हुआ।

ममता शर्मा हरियाणवी गायिका थीं और रोहतक की रहने वाली थीं। ममता के बेटे भारत के अनुसार, ममता शर्मा रविवार को एक प्रोग्राम के लिए सुबह 8 बजे अपने एक सहयोगी मोहित के साथ घर से निकलीं, लेकिन फिर वापस नहीं लौटीं। भारत ने यह भी बताया कि ममता के सहयोगी मोहित ने भारत को 10.30 बजे फ़ोन करके बोला था कि ममता किसी और की गाड़ी में प्रोग्राम के लिए चली गई हैं। उन्होंने कहा कि वो गाड़ी वाले व्यक्ति को जानती हैं, लेकिन जब मोहित प्रोग्राम में पहुंचे, तो उनको ममता नहीं दिखीं।

जब मोहित ने भारत को यह सब बताया, तो उसके बाद ममता के परिवार वालों ने उनको सब जगह ढूंढा। जब ममता नहीं मिलीं, तो सोमवार को उन की गुमशूदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। भारत के मुताबिक, सोमवार को जब फ़ोन मिलाया गया, तो फ़ोन पर घंटी बजी, लेकिन किसी ने फ़ोन नही उठाया। यह बात भारत ने पुलिस को भी बताई। भारत का आरोप है कि पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया।

गुरुवार को ममता शर्मा का शव रोहतक के बलियानी गांव के खेत के पास से मिला। यह हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का गांव है। पुलिस के मुताबिक, ममता की गला काटकर हत्या की गई और फिर उसका शव खेत मे फेंक दिया गया। ममता कलानौर गांव की रहने वाली थीं।

पुलिस के मुताबिक हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ममता उस दिन किसके साथ गई थीं। आशंका है कि ममता के साथ हत्या के पहले रेप भी हुआ, लेकिन फिलहाल ममता की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतज़ार है, जिससे तस्वीर और साफ होगी। 

पाकिस्तानी रेंजर्स ने आज फिर नियंत्रण रेखा पर किया सीज़फायर उल्लंघन, 2 लोगों की मौत

पाकिस्तान ने फिर किया सीजफायर उल्लंघन

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

पाकिस्तान ने आज फिर एक बार नियंत्रण रेखा से सटे जम्मू के आरएसपूरा सेक्टर में सीजफायर उल्लंघन किया है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी सेना द्वारा आज सुबह से की जा रही इस गोलीबारी में अब तक 2 लोगों की मौत हो गई है और इसमें एक महिला भी शामिल है। वहीं इस गोलीबारी में अब तक 3 लोगों के घायल होने की खबर मिली है।

बता दें कि आज सुबह से ही पाकिस्तानी सेना द्वारा जम्मू के आरएसपूरा से लेकर रामगढ़ सेक्टर तक भारी गोलाबारी की जा रही है। पाकिस्तानी सेना द्वारा यह गोलीबारी सुबह 6 बजे से चालू है। पाकिस्तानी रेंजर्स भारत की चौकियों को निशाना बनाकर फायरिंग कर रहे हैं। वहीं भारतीय सेना भी पाकिस्तानी रेंजर्स की गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहीं है।

गौरतलब है कि गुरुवार को भी पाकिस्तानी सेना द्वारा सीजफायर का उल्लंघन किया गया था। इस गोलीबारी में भारत के बीएसएफ जवान सुरेश शहीद हो गए थे। बाद में भारतीय सेना की जवाबी फायरिंग में पाकिस्तान के 3 सैनिक मारे गए।

करणी सेना आज फ़िल्म पद्मावत के विरोध में सर्वोच्च न्यायालय में दाखिल करेगी याचिका

करणी सेना पद्मावत फिल्म का विरोध करती हुई

राजेश सोनी | Navpravah.com 

गुरुवार को ही सर्वोच्च न्यायालय ने पद्मावती फ़िल्म पर 4 राज्यों में लगे बैन को हटा दिया और इस फ़िल्म को पूरे देश में रिलीज करने की अनुमति दे दी। सर्वोच्च न्यायालय के इस फैसले के बाद से ही करणी सेना समेत सारे राजपूत संगठन इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। करणी सेना का कहना है कि अभी तक उनको सर्वोच्च न्यायालय के फैसले की कॉपी नहीं मिली है। वह हर हाल में इस फैसले के संसोधन के लिए सर्वोच्च न्यायालय जाएंगे। करणी सेना आज फ़िल्म पद्मावती के विरोध में सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर कर सकती है।

करणी सेना का कहना है कि वह सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ डबल बेंच में याचिका दायर करेंगे और फ़िल्म पर पूरी तरह से बैन लगाने की मांग करेंगे। वहीं संगठन के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने एक वीडियो संदेश में बोलते हुए कहा कि पद्मावती फ़िल्म पर पूरे तरीके से प्रतिबंध लगाने के लिए वह राष्ट्रपति से मिलने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि वह और उनका संगठन इस फ़िल्म को देश में कहीं भी रिलीज नहीं होने देंगे।

आगे उन्होंने आगे कहा कि एक सामान्य नागरिक को सर्वोच्च न्यायालय में अगली तारीख जाने के लिए महीनों चक्कर काटने पड़ते हैं। वहीं पद्मावती फ़िल्म के निर्देशक संजय लीला बंसाली के याचिका पर इतनी जल्द सुनवाई करना यह कहीं न कहीं सर्वोच्च न्यायालय के कार्यशैली पर प्रश्न उठाता है।

गौरतलब है कि गुरुवार को बिहार के मुज्जफरपुर में क्षत्रिय समाज के लोगों ने पद्मावती फ़िल्म के विरोध में एक सिनेमा घर में आगजनी कर दी थी। वहीं रायपुर क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष ने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को मानने से इनकार तक कर दिया था।

जाधव को अगवा करने के लिए मुल्ला उमर को ISI ने दिए थे करोड़ों रुपए -बलूच नेता

जाधव को पकड़ने के लिए ISI ने दिए थे करोड़ों रूपए

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

बलूच नेता मामा कदीर ने पाकिस्तान की जेल में जासूसी के आरोप में सजा काट रहे भारतीय नेवी कंमाडर कुलभूषण जाधव मामले में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कदीर का दावा है कि कुलभूषण जाधव को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर ईरान के चाबहार से अगवा किया गया था।

एक निजी चैनल को इंटरव्यू देते हुए कदीर ने खुलासा किया है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करने वाले मुल्ला उमर ने जाधव को ईरान के चाबहार से अगवा किया था। कदीर को यह सारी जानकारी वॉइस फ़ॉर मिसिंग बलूचस नामक संगठन से मिली। कदीर इस संगठन के उपाध्यक्ष हैं।

उन्होंने आगे बताया कि हमारे संयोजक वहां मौजूद थे। जाधव को अगवा करने के लिए मुल्ला उमर को आईएसआई ने करोड़ों रुपए दिए थे। कदीर ने आगे कहा कि मुल्ला उमर ईरान में खूंखार आईएसआई एजेंट के रूप में मशहूर है। ईरान में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को अगवा करने के लिए जाना जाता है।

बलूच नेता ने आगे बताया कि जाधव की आँखों पर पट्टी बांध दी गई थी और उनके हाथ बांध दिए गए थे। उन्हें फिर गाड़ी में बैठाकर अगवा कर लिया गया। उन्हें पहले ईरान और बलूचिस्तान पर स्थिति शहर मशकेल ले जाया गया, वहां से उनको बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा लाया गया और फिर इस्लामाबाद। उन्होंने आगे बताया कि हम जानते थे कि जाधव ईरान में एक व्यापारी हैं। आईएसआई ने जाधव को अगवा करने के बाद इन बातों की घोषणा भी की थी। जाधव कभी बलूचिस्तान आए ही नहीं थे।

व्यस्त जिंदगी में ऐसे रखें अपनी आंखों को दुरुस्त

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

आंखें हमारे शरीर की सबसे नाजुक तथा अनमोल अंग होती हैं। बदलते परिवेश ने लोगों की आंखों पर चश्मा भी चढ़ा दिया है। आज हर 10 में से एक व्यक्ति की आँख में चश्मा चढ़ा हुआ है। 

लगातार कंप्यूटर और मोबाइल पर काम करते रहने की वजह से आंखों की नमी खत्म हो रही है। कंप्यूटर पर लगातार घंटों तक काम करने से आंखों में थकान, धुंधलापन, सिर में दर्द और आंखों के आसपास काले घेरे की समस्या हो जाती है।

आजकल के परिवेश में हम बहुत व्यस्त हो गये हैं, जिसका असर हमारे शरीर के साथ-साथ हमारी आँखों पर भी गहरा प्रभाव डालता है। वैसे भी आँखें हमारी बॉडी का सबसे नाजुक पार्ट होती हैं, इसलिए आंखों का भी ध्यान रखना बहुत जरूरी है।

अगर आप नीचे दी गई बातों पर अमल करें, तो निश्चित ही आप अपनी आंखों को लंबे समय तक दुरुस्त रख सकते हैं –

1. कम्प्यूटर और मोबाइल से बनाए दूरी-

कंप्यूटर पर काम करते समय आपके और कंप्यूटर स्क्रीन के बीच में उचित दूरी होनी चाहिए, जिससे कंप्यूटर से निकलने वाली किरणें आपकी आंखों पर ज्यादा प्रभाव ना डाले।

2. आंखों को दें आराम-

काम के बीच-बीच में कुछ पलों के लिए आंखों को बंद करके उन्हें आराम देना चाहिए, पलक झपकते रहने से आंखों में नमी बनी रहेगी।

3. डॉक्टर से लेते रहे सलाह-

समय-समय पर डॉक्टर से मिलकर आंखों का चैकअप कराते रहें, अगर डॉक्टर कहे तो उचित नंबर का चश्मा पहनें।

4. नींद करें पूरी-

आंखों के साथ-साथ स्वस्थ्य शरीर के लिए 8 घंटे की भरपूर नींद लेना जरूरी है, कम नींद से आंखों पर जोर पड़ता है और आंखें लाल रहती हैं।

5. खाएं पोस्टिक खाना-

गाजर, पालक तथा दाल आदि में आंखों को दुरुस्त रखने वाले तत्व होते हैं, इसलिए इनका पर्याप्त मात्रा में सेवन करना चाहिए।

आज के प्रमुख समाचार

आज के प्रमुख समाचार
headlines of the day

बॉर्डर पर हो रही है पाकिस्तानी गोलियों की बौछार, 30-40 जगहों को बनाया है निशाना।

डोकलाम पर सरकार ने कहा, “यथास्थिति अब भी बरकरार” 

केजरीवाल ने की अस्पतालों में शक्तियां विकेन्द्रित करने की पैरवी।

जीएसटी काउंसिल ने लिया बड़ा फैसला, 29 सामानों और 53 सेवाओं पर से जीएसटी दर घटाई।

मुंबई: लोवर परेल के नवरंग स्टूडियो में लगी आग, 1 ज़ख्मी।

2G घोटाले में बरी होने वाले ए राजा की किताब कल होगी रिलीज, हो सकते हैं कई खुलासे।

पद्मावत विवाद: सुप्रीम कोर्ट से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद भी मुजफ्फर नगर के एक सिनेमाघर में की गई तोड़फोड़।

U-19 विश्वकप: भारत लगातार तीसरा मैच जीतने की ओर अग्रसर, जिम्बाब्वे ने 6 विकेट खोकर बनाये 131 रन।

पाकिस्तान पर मंडरा रहा है क्लीन स्वीप का खतरा, न्यूज़ीलैंड के 271 के जवाब में लड़खड़ाई पाकिस्तानी पारी।

हमने पाकिस्तान को स्पष्ट कर दिया है कि हाफ़िज़ सईद पर मुकदमा चलना चाहिए -अमेरिका