श्रीदेवी के घर के बाहर ऐसे चल रही है उनके आने की तैयारी
पारुल पाण्डेय| Navpravah.com
बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी के निधन से उनके परिवार, फिल्म इंडस्ट्री और फैंस सदमे में हैं. 50 साल से फिल्म इंडस्ट्री में शानदार अदाकारी से लोगों का मनोरंजन कर रही एक्ट्रेस अब लोगों के बीच नहीं हैं। मुंबई में फैंस श्रीदेवी के अंतिम दर्शन के इंतजार में उनके घर के बाहर भारी तादाद में खड़े हैं। अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को एक्ट्रेस के मुंबई में स्थित पुराने बंगले ‘भाग्य बंगला’ पर लाया जाएगा। श्रीदेवी का पार्थिव जिस बंगले में रखा जाएगा उस जगह का मुआयना करने पर यह बात सामने आई कि दुबई में श्रीदेवी की बॉडी रिलीज कर दिया गया है। मंगलवार को शाम या रात तक मुंबई पहुंचने की संभावना है।
भारतीय क्रिकेटर्स चाहते हैं, ‘द्रविड़ बनें भारत के प्रधानमंत्री’
स्पोर्ट्स डेस्क | Navpravah.com
टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और वर्ल्डकप विजेता भारतीय U-19 के कोच राहुल द्रविड़ की दरियादिली देखकर उनके फैंस ढेर हो गए हैं। जी हाँ! दरअसल, ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि राहुल द्रविड़ ने सपोर्टिंग स्टाफ के लिए 20 लाख से ज्यादा राशि मिलने के मांग की। इस पर उनके फैंस ने उनकी खूब सराहना की। इतना ही नहीं फैंस ने राहुल द्रविड़ के पीएम बनते देखने की इच्छा भी जाहिर कर दी।
आपको बता दें कि राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में भारतीय जूनियर टीम ने इसी माह न्यूजीलैंड ने आयोजित U-19 वर्ल्डकप जीता था। इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम के हर सदस्य को 30-30 लाख रूपए और कोच द्रविड़ को 50 लाख साथ ही कोचिंग स्टाफ को 20-20 लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की थी। ऐसे में सपोर्टिंग स्टाफ को अपने से कम राशि मिलना राहुल को गवारा नहीं था। इसलिए द्रविड़ ने BCCI से अपने सहित सारे कोचिंग स्टॉफ की पुरस्कार राशि में समानता होने की बात रखी। उनकी इस बात को स्वीकार करते हुए बोर्ड द्रविड़ सहित सारे कोचिंग स्टाफ को एक बराबर 25 लाख रुपये की राशि देने को राजी हो गया है।
बीसीसीआई के इस नए ऐलान से द्रविड़ की पुरस्कार राशि 50 लाख रुपये से कम होकर 25 लाख रुपये हो गई है, लेकिन वे अपने कोचिंग स्टाफ की राशि प्रति सदस्य 5-5 लाख रुपये बढ़वाने में सफल हो गए। अपने सपोर्ट स्टाफ का ध्यान रखने की द्रविड़ की इस दरियादिली ने हर किसी का दिल जीत लिया। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का कारण टीम इंडिया की ‘वॉल’ और ‘मिस्टर रिलायबल’ कहे जाने वाले द्रविड़ की सोशल मीडिया पर जमकर प्रशंसा की।
संगीत निर्देशक विशाल ददलानी ने ट्वीट कर कहा कि क्या हम द्रविड़ को प्रधानमंत्री पद के लिए चुन सकते हैं। मैं जानता हूं कि यह बात कुछ लोगों को मूर्खतापूर्ण लगेगी, लेकिन भारत को इस तरह के शख्स की ही जरूरत है।ददलानी के अलावा कई फैंस भी मानते हैं कि द्रविड़ देश के प्रधानमंत्री बनने के लायक हैं। इस पर उनके फैंस ने भी द्रविड़ के पीएम बनने की बात पर अपनी रजामंदी दिखाई।
कश्मीर में है ISIS का आतंकी- डीजीपी जम्मू कश्मीर
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
जम्मू कश्मीर पुलिस ने कश्मीर में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ISIS की मौजूदगी की पुष्टि की है। ISIS द्वारा शनिवार शाम एक पुलिसवाले की जान गई, जिसका नाम मुश्ताक अहमद बताया जा रहा है। इस हत्या की ज़िम्मेदारी लेते हुए पुलिस ने ISIS संगठन के आतंकी की मौजूदगी की बात कही है। ISIS के प्रोपेगेंडा पब्लिसिटी विंग अमाक़ ने दावा किया कि उसने हमला किया है और ये जंग की शुरुआत है।
आपको बता दें कि इससे पहले नवंबर में ISIS ने एक पुलिसवाले पर हमले का दावा किया था, लेकिन तब पुलिस ने इसे महज़ एक प्रोपेगेंडा बताते हुए इस दावे को ख़ारिज कर दिया था। एक निजी चैनल से बातचीत में जम्मू कश्मीर के डीजीपी एसपी वैद ने बताया कि अब ये बात साफ़ है कि मुश्ताक अहमद पर हमला ISIS ने किया है और ये एक चिंता वाली बात है।
जम्मू कश्मीर में दो अलग-अलग आतंकी हमले हुए थे, जहां दो पुलिसकर्मी शहीद हुए। पहला हमला आतंकियों ने बडगाम ज़िले के चरार-ए-शरीफ़ में एक गार्ड पोस्ट पर किया। हमले में कॉन्स्टेबल कुलतार सिंह घायल हो गए और बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। आतंकी उनके हथियार भी ले भागे, दूसरा हमला श्रीनगर के सौरा में आतंकियों ने पुलिस गार्ड पोस्ट पर कर दिया, जिसमें एक पुलिसकर्मी फ़ारुक़ अहमद शहीद हो गए।
ज्ञात हो कि श्रीनगर के सौरा इलाके में हुर्रियत नेता फजल हक कुरैशी के घर के बाहर पुलिस चौकी पर आतंकियों ने हमला किया, जिसमें कांस्टेबल फारूख अहमद की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि कुरैशी दिसंबर 2009 में आतंकी हमले में घायल हो गए थे।
बीजेपी से नाराज दूल्हे ने शादी के कार्ड में छपवाया ”हमारी भूल, कमल का फूल”
एनपी न्यूज़ डेस्क । Navpravah.com
छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने अपनी शादी के कार्ड पर ”हमारी भूल, कमल का फूल” छपवाया है, यह मामला जांगीर चंपा जिले का है।
इस युवक ने मौजूदा सरकार के प्रति नाराजगी का इजहार शादी के कार्ड में किया है। रामकुमार नाम का युवक पंचायत आपरेटर के पद पर काम करता था, दो साल प्रदेश सरकार ने बजट की कमी बताते हुए पंचायत ऑपरेटर्स की सेवा समाप्त कर दी, जिससे युवक परेशान था और उसने विरोध जताने के लिए ऐसा कदम उठाया है।
रामकुमार मनहर की शादी का कार्ड हर जगह चर्चा का विषय बना हुआ है। उसने अपने और दुल्हन के नाम, पते और जन्म तारीख के साथ ही साथ ”हमारी भूल, कमल का फूल” भी छपवा दिया है। रामकुमार ग्राम पंचायत बेलादुला मे पंचायत आपरेटर के पद पर कार्यरत था, नौकरी मिलने से उसकी जिंदगी ने रफ्तार पकड़ी ही थी कि छत्तीसगढ़ शासन ने बजट की कमी बताते हुए पूरे प्रदेश के पंचायत ऑपरेटर्स की सेवा एक झटके में समाप्त कर दी, जिसके बाद पूरे प्रदेश के करीब एक हजार ऑपरेटर बेरोजगार हो गए।
रामकुमार मनहर ने बताया हमारे विरोध प्रदर्शन के बाद पंचायत मंत्री अजय चंद्राकर ने 10 दिन के भीतर ऑपरेटर्स की सेवा बहाल करने का आश्वासन दिया है, उसने कहा कि इस बात को 2 साल बीत चुके हैं लेकिन अभी तक हमारी बहाली नहीं की गई है।
बाथटब में डूबकर मरना इतना आसान नहीं -स्टडी
एंटरटेनमेंट डेस्क | Navpravah.com
श्रीदेवी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कइयों को इस बात पर भरोसा नहीं हो रहा है कि कैसे कोई डेढ़ फुट के बाथटब में डूबकर मर सकता है। हालांकि यह बात श्रीदेवी की मौत पर जारी फोरेंसिक रिपोर्ट में कही गई है। ऐसी घटनाएं भले ही भारत मे सुनी न गई हों, लेकिन बाहरी देशो में ऐसी घटनाएं हुई हैं।
अमेरिका और जापान जैसे देशो में ऐसी दुर्घटनाएं अधिकांश देखने को मिलती हैं। इस विषय पर कई अध्ययन भी हुए हैं। गुजरात के आणंद में हुई एक स्टडी में यह बात सामने आई कि इस तरह की घरेलू दुर्घटनाओं का शिकार पुरुषों की तुलना में महिलाएं अधिक होती हैं।
जापान-
जापान में बाथटब में डूब कर मरने की घटनाएं राष्ट्रीय त्रासदी से कम नहीं है। मार्च, 2017 में जनरल एंड फैमिली मेडिसिन में प्रकाशित एक स्टडी के मुताबिक, जापान में सालाना 1900 लोगों की मौत इस वजह से होती है। इस स्टडी के एक साल पहले जापान के कंज्यूमर अफेयर्स एजेंसी की एक रिपोर्ट यह कहती है कि पिछले एक दशक में इस तरह के मामलों में 70 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि इस तरह के 10 में से 9 मामलों में मरने वालों की उम्र 65 साल से अधिक थी। अध्ययन यह भी कहते हैं कि जापान के बाथिंग स्टाइल में 41 डिग्री से ऊपर तापमान पर गर्म जल का इस्तेमाल किया जाता है। इसके साथ ही जापानी बाथटब ज्यादा गहरे होते हैं, जिसके चलते ये मौतें होती है।
अमेरिका-
अमेरिका में 2006 का मृत्युदर का संघीय डाटा यह कहता है कि वहां पर हर रोज कम से कम एक व्यक्ति की मौत बाथटब, हॉट टब या स्पा की वजह से होती है। इस तरह के मामलों में यह भी देखने को मिला कि अल्कोहल या ड्रग्स लेना इसकी एक बड़ी वजह है। इनमें से अधिकांश हादसे नहाने के दौरान हुए। रिपोर्ट यह भी कहती है कि पुरुषों की तुलना में महिलाएं इस तरह के हादसों का अधिक शिकार हुईं।
भारत-
देश में इस तरह के मामलों पर ज्यादा स्टडीज नहीं हुई हैं। थाणे म्युनिसिपल कारपोरेशन द्वारा संचालित छत्रपति महाराज अस्पताल की एक स्टडी पिछले साल मई में इंटरनेशनल जर्नल ऑफ रिसर्च इन मेडिकल साइंसेज में प्रकाशित हुई है। इसमें बताया गया है कि कुल दुर्घटनाओं में इस तरह के हादसों की दर 1.7 प्रतिशत है। हालांकि इस रिपोर्ट में बाथटब में डूबकर मरने की किसी घटना का जिक्र नहीं है।
श्रीदेवी की मौत पर बना है संशय, दाउद से जुड़ा कनेक्शन!
पारुल पाण्डेय | Navpravah.com
श्रीदेवी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि उनकी मौत दुर्घटनावश बाथटब में गिरकर डूबने से हुई है और उनके खून में अल्कोहल की मात्रा भी पायी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद से ही कइयों के मन में श्रीदेवी की मौत पर सवाल खड़े हो गए हैं। ऐसे में अब सुब्रमण्यम स्वामी ने भी इस मौत पर सवाल उठा दिया है।
एएनआई के अनुसार, सुब्रमण्यम ने इस मामले पर बयान दिया है कि हमें इंतजार करना चाहिए कि प्रोसिक्यूशन क्या तथ्य सामने रखते हैं। मीडिया में आ रहे तथ्य पुख्ता नहीं हैं। वह हार्ड लिकर नहीं लेती थीं, तो वह उनके शरीर में कैसे पायी गई? सीसीटीवी कैमरों का क्या हुआ? डॉक्टर अचानक मीडिया के समाने आ गए और उन्होंने कह दिया कि उनकी मौत कार्डिएक अरेस्ट से हुई है।
सुब्रमण्यम स्वामी ने इस मामले पर अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद का भी नाम लिया है। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि सिनेमा एक्ट्रेसेस का दाउद से जो रिश्ते रहते हैं, हमें उस पर भी थोड़ा ध्यान देना चाहिए।
बता दें कि दुबई पुलिस ने श्रीदेवी की मौत का केस दुबई पब्लिक प्रॉसिक्यूशन को ट्रांसफर कर दिया है। दुबई पब्लिक प्रॉसिक्यूशन ने श्रीदेवी के परिवार से पूछताछ भी की है। बता दें कि 54 वर्षीय अभिनेत्री दुबई में अपने भांजे की शादी में गई थी, जहां उनकी मौत हो गई।
सोमवार की शाम को जारी की गई फॉरेंसिक रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी मौत बाथटब में ढूबने की वजह से हुई, जिसके बाद इस केस को दुबई पब्लिक प्रोसिक्यूशन (डीपीपी) को सौंप दिया गया है। अब इस मामले की जांच डीपीपी द्वारा की जा रही है। इस मामले में डीपीपी बोनी कपूर के बयान के बाद मोहित मारवाह के परिवार से भी बयान ले सकता है।
28 फरवरी तक कर लें ये काम, नहीं तो फंस सकता है आपका पैसा
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
आजकल लगभग सभी मोबाइल वॉलेट का इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि इससे लेन-देन करना आसान हो गया है। लेकिन इस खबर के बाद उन लोगों को झटका लग सकता है, जो इस सुविधा के आदी हैं।
रिजर्व बैंक मार्च से देश भर में चल रहे कई मोबाइल वॉलेट को बंद कर सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि मोबाइल वॉलेट कंपनियों ने रिजर्व बैंक के एक अहम आदेश को पूरा नहीं किया है।
आरबीआई के इस आदेश को 28 फरवरी तक पूरा करना होगा, अगर ऐसा नहीं हुआ तो आपका मोबाइल वॉलेट अकाउंट बंद हो जायेगा और आपका पैसा फंस जाएगा। अभी पूरे देश में 9 फीसद से कम मोबाइल वॉलेट उपभोक्ताओं ने अपने केवाईसी कंपनियों को दिया है। ऐसे में देश में 91 फीसद से अधिक मोबाइल वॉलेट अकाउंट बिना केवाईसी के चल रहे हैं।
एयरटेल मनी, जियो मनी, पेटीएम, मोबिक्विक जैसे मोबाइल वॉलेट सेवा प्रदाता कंपनियां ग्राहकों को समय-समय पर केवाईसी पूरा करने के लिए सूचित कर रही हैं। ग्राहकों को अपने मोबाइल वॉलेट को आधार कार्ड और पैन कार्ड से लिंक कराना होगा, इसके बाद आपका मोबाइल वॉलेट सुरक्षित हो जाएगा।
बातचीत और आतंक साथ नहीं चल सकता -विदेश मंत्रालय
एनपी न्यूज़ डेस्क । Navpravah.com
भारत की ओर से सोमवार को एक बयान जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि पाकिस्तान को आतंकवाद से मुकाबले की दिशा में गंभीरता दिखानी चाहिए। भारत ने स्पष्ट किया कि बातचीत एवं आतंकवाद दोनों एकसाथ नहीं चल सकता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि आतंकवाद से मुकाबले में पाकिस्तान के सहयोग के अभाव एवं गैर-सरकारी तत्वों के इस्तेमाल से सार्थक बातचीत के लिहाज से बहुत मुश्किल परिस्थितयां बन गयी हैं। जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एन.एन. वोहरा ने सोमवार को नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के प्रमुखों के साथ आतंकवाद के मुद्दे पर चर्चा भी की।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि 15 कोर के जनरल आफिसर कामांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. भट ने नियंत्रण रेखा की स्थिति तथा विभिन्न आतंकवादी समूहों की गतिविधियों के बारे में राज्यपाल को अवगत कराया और वरिष्ठ नेताओं के साथ लगभग पूरा दिन भी बिताया।
इसी मामले में सेना के एक अधिकारी ने कहा कि शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों ने उत्तर कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की और जम्मू कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की संयुक्त उच्च स्तरीय बैठक शरीफाबाद स्थित किलो फोर्स मुख्यालय में हुई।
खुशहाल और हेल्दी लाइफ़ चाहिए, तो अपनाएं ये तरीका
सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
हर कोई अपनी जिंदगी अच्छे से और लंबी जीना चाहता है। सभी चाहते हैं कि उनकी लाइफ अच्छे से कटे, अगर आप भी ऐसी लाइफस्टाइल चाहते हैं तो आपको दैनिक जीवन में कुछ बदलाव करना होगा।
अगर आप अपने खान-पान और जीवनशैली पर ध्यान देगें, तो आसानी से हेल्दी और लंबा जीवन जी सकते हैं। जापान के एक डॉक्टर के मुताबिक, यहां दिये जा रहे 6 मंत्र को अगर आपने अपनाया तो आप लंबा और खुशहाल जीवन जी सकते हैं –
* उम्र के जिस पड़ाव तक कुछ करने की हिम्मत रहे तब तक काम करना चाहिए, अपनी क्षमता के अनुसार, कुछ न कुछ करते रहना चाहिए।
* अपने खाने में हरी सब्जियों और फलों को ज्यादा से ज्यादा मात्रा में शामिल करें, हिसाब से और आवश्यकता अनुसार खाना खायें।
* कभी-कभी मस्ती के मूड में भी रहें, डॉक्टरों का मानना है कि मस्ती और हंसी मजाक के हल्के पलों से आपका ध्यान बंटता है और दर्द कम महसूस होता है।
* अपनी भावनाओं को दूसरों के साथ शेयर करें, यदि आप कुछ नयी बातें जानते हैं, तो दूसरों के साथ साझा करें। अपनी बातें दूसरों के साथ शेयर करने से मन हल्का होता है।
* लाइफस्टाइल एक्सपर्ट्स की सलाह है कि इंसान को बहुत ज्यादा वैभव की चीजों के पीछे नहीं भागना चाहिए।
* डॉक्टर सलाह देते हैं कि दिन में कम से कम दो बार सीढ़ियों का प्रयोग करना चाहिए, इससे आप फिट रहते हैं और एक्सरसाइज भी हो जाती है।

















