28 C
Mumbai
Thursday, September 3, 2026
Home Blog Page 457

पीएम मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में प्रियंका गांधी का रोड-शो शुरू, कांग्रेस ने दिखाई ताकत

लखनऊ।। वाराणसी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का रोड शो बुधवार की शाम शुरू हुआ। यहाँ से कांग्रेस प्रत्‍याशी अजय राय के समर्थन में इस मेगा शो को ऐतिहासिक बनाने के लिये कांग्रेस संगठन ने दिन-रात एक कर दिया है। शाम साढे 6 बजे से लंका स्थित सिंह द्वार से रोड शो शुरु हुआ जाे रविदास गेट, अस्सी, भदैनी, सोनारपुरा होते हुए गोदौलिया तक पहुंचेगा। इसमें 5 साल का जनता का दर्द बताती झांकियां भी शामिल की गई हैं। रोड शो के समापन के बाद प्रियंका गांधी श्रीकाशी विश्वनाथ व बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगी।

शाम 6.20 बजे प्रियंका गांधी लंका गेट पर पहुंचीं अौर चौराहे पर स्थित पं. महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्‍यार्पण किया। माल्‍यार्पण के बाद साढे छह बजे रोड शो शुरु हो गया जिसमें कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। रास्‍ते में कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद, प्रियंका गांधी जिंदाबाद के साथ विरोधियों पर तंज कसते नारों से सड़क गूंज उड़ी तो कांग्रेसी भी उत्‍साह के साथ लगभग पांच किलोमीटर के इस रोड शो में शामिल हो गए। वहीं रास्‍ते में एक लड़का बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा तो रोड शो में शामिल लोग उसे तुरंत हॉस्पिटल ले गए। इस दौरान प्रियंका गांधी भी वाहन से उतर कर युवक को देखने गईं। रात करीब साढे सात बजे प्रियंका का रोड शो अस्‍सी क्षेत्र पहुंचा तो कार्यकर्ताओं ने उनके स्‍वागत में नारे भी लगाए। वहीं रात 7:50 बजे प्रियंका का काफ‍िला भदैनी पहुंचा तो कांग्रेसी नेता मोहन प्रकाश के घर भी थोडी देर ठहरीें।

जगह जगह हो रहा स्‍वागत

रोड शो से पूर्व शाम होते ही सोनारपुरा पर कांग्रेस पदाधिकारियों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का हुजूम रोड शो में उमड़ पड़ा। वहीं मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र शिवाला में मुस्लिमों की भीड़ भी इस रोड शो का स्‍वागत करने के लिए मौजूद रहे। पूर्व राष्ट्रीय महासचिव मोहन प्रकाश के भदैनी स्थित आवास के सामने पुराने कांग्रेसियाें की जुटान प्रियंका गांधी के स्वागत के लिए हुई तो वहीं रास्‍ते में दंडी संन्यासी भी प्रियंका को आशीर्वाद देने के लिए मौजूद हैं।

भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई

प्रियंका गांधी के रोड शो से पहले लंका गेट के पास भाजपा कार्यकर्ता की कांग्रेसियों ने पिटाई कर दी। पूरा मामला रोड शो के शुरुआत की जगह लंका चौराहे की है। यहां पर कांग्रेसी कार्यकर्ता ‘चौकीदार चोर है’ के नारे लगा रहे थे। नारे पर भाजपा कार्यकर्ता चंद्रशेखर ने गुस्‍से में प्रियंका और राबर्ट वाड्रा के खिलाफ अपशब्द कहा तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसे जमकर पीट दिया। विवाद बढ़ता देखकर लंका पुलिस उसे थाने ले गई। पेशे से अधिवक्‍ता भाजपा कार्यकर्ता संग मारपीट किए जाने से कुछ देर तक कार्यक्रम स्‍थल पर विवाद की स्थित‍ि बनी रही। वहीं सुरक्षा कारणों से अस्सी पर नमो अगेन की टी शर्ट पहने लगभग 20 लोगों से सीओ भेलूपुर अनिल कुमार ने टी शर्ट उतरवा लिया। वहीं भाजपा का झंडा लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की झड़प रोड शो के दौरान हुई है, इस दौरान कांग्रेस के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारे भी लगाए।

जिस रूट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो हुआ था उसी रूट पर प्रियंका के रोड शो का रास्‍ता भी चुना गया है। कांग्रेस संगठन इसे पीएम मोदी को चुनौती पेश करने के तौर पर देख रहा है। इसी रणनीति पर तैयारी भी हो रही है। संगठन के पदाधिकारी दावा कर रहे हैं कि मोदी के रोड शो से किसी भी स्तर पर प्रियंका का रोड शो कमतर नहीं होगा। रोड शो की थीम गंगा-जमुनी तहजीब पर आधारित है। रास्ते में झांकियां भी होंगी जो किसी नारे विशेष पर आधारित रहेंगी। मसलन, मैं दुखियारी-नोटबंदी की मारी, बंद करो धर्म का व्यापार-काशी नहीं सहेगा अत्याचार, मैं कर्जदार किसान, मेरा व्यापार-नहीं सहेगा जीएसटी की मार आदि की झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी ने लंका पर पं. महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्‍यार्पण कीं वहीं मैदागिन पर भी प्रियंका गांधी अपने पिता स्‍व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को लेकर बदलाव

जहां पहले 15 मई को बनारस आगमन पर एक दिन प्रवास की बात संगठन की ओर से की जा रही थी, वहीं अब देर रात प्रियंका गांधी दिल्ली लौट जाएंगी। मीडिया प्रभारी प्रो. सतीश राय ने बताया कि प्रियंका गांधी दोहपर डेढ़ बजे विमान से बाबतपुर स्थित शास्त्री एयरपोर्ट आकर 1.35 बजे सलेमपुर के लिए प्रस्थान करेंगी। वहां सभा संबोधित करने के बाद दोपहर 3.30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट लौटेंगी, जहां एक घंटे का समय रिजर्व रखा गया है। बाबतपुर से 4.35 बजे प्रस्थान कर वह काशी हिन्दू विश्वविद्यालय आएंगी, जहां सिंह द्वार स्थित मालवीय प्रतिमा स्थल से उनका रोड शो आरंभ होगा। इससे पहले लंका पर मौजूद लोगों को संक्षिप्त संदेश देंगी। संक्षिप्त संबोधन से संदेश दे सकती हैं। वहीं पूर्व विधायक व कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय का दावा है कि अन्य दलों की तरह प्रियंका गांधी के रोड शो में कोई बाहरी नहीं होगा। इसमें सिर्फ बनारस के लोग ही शामिल रहेंगे। इसके लिए गांव-गांव व शहर के हर मुहल्लों में कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं और रोड शो में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।

पं. महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्‍यार्पण

1)- लंका : लंका क्षेत्र प्राचीन काशी का महत्‍वपूर्ण स्‍थल है। प्राचीन रामलीला के दौरान इस क्षेत्र में लंका का निर्माण किया जाता था। इस वजह से रामलीला का यह प्रमुख स्‍थल लंका के नाम से ही पहचाना जाने लगा। इस वजह से आज भी यही पहचान क्षेत्र की बनी हुई है। यहीं पर महामना मदन मोहन मालवीय ने सर्वविद्या की राजधानी की कल्‍पना को मूर्तरुप दिया और काशी हिन्‍दू विश्‍वविद्यालय की स्‍थापना की थी। लंका पर ही पं. महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्‍यार्पण कर रोड शाे की शुरुआत प्रियंका गांधी करेंगी।

2)- अस्‍सी घाट: काशी में असि घाट या अस्सी घाट महत्वपूर्ण प्राचीन घाटों में से एक माना जाता है। गंगा की धारा संग यह वाराणसी का पहला घाट माना जाता है। काशी की दक्षिणी सीमा पर गंगा और असि नदी के संगम को अस्‍सी घाट की मान्‍यता मिली थी। इस घाट का क्षेत्र भदैनीघाट तक विस्‍तृत था, मान्‍यता यह भी है कि गोस्‍वामी तुलसीदास जी ने इसी घाट पर एक गुफा में निवास कर राममचरित मानस के एक खंड की रचना करने के बाद 1680 में इसी घाट पर प्राण त्यागा था। प्रियंका गांधी का रोड शो यहां पर रात साढे सात बजे पहुंचा।

3)- शिवाला घाट: शिवाला घाट की अपनी प्राचीन मान्‍यता है। यहां पर माता आनंदमयी का पुराना आश्रम भी मौजूद है। माता आनंदमयी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की गुरु थीं और काशी में इसी आश्रम में रहती थीं। पीएम नरेंद्र मोदी इस आश्रम में 2014 में जीत हासिल करने के बाद दर्शन और पूजन के लिए जा चुके हैं। यहीं पर ही महिषा सुरमर्दिनी का प्राचीन मंदिर भी शामिल है जो नवरात्रि में लोगों की आस्‍था का प्रमुख केंद्र बना रहता है। प्रियंका गांधी का काफ‍िला यहां करीब 7.45 बजे पहुंचा।

4)- भदैनी : मान्‍यता है कि रानी लक्ष्‍मी बाई का यहां बचपन बीता था, वह यहीं पैदा हुई थीं। यह क्षेत्र पेशवाओं का गढ माना जाता है। इस क्षेत्र में बंगाली, मद्रासी, पेशवा मराठी सहित दक्षिण भारतीय लोगों का निवास स्‍थान भी माना जाता है। भदैनी में प्रियंका का काफ‍िला 7:50 बजे पहुंचा तो कांग्रेस नेता मोहन प्रकाश के आवास पर भी थोडी देर के लिए वह ठहरीं। यहां पर दंडी स्‍वामियाें ने उनको आशीर्वाद भी दिया।

5)- हरिश्‍चंद्र घाट मार्ग : मान्यता है कि सत्यवादी राजा हरिश्चन्द्र सत्य की रक्षा के लिए काशी के इस श्मशान घाट पर स्वयं ही बिके थे, इसी कारण इस घाट का नाम हरिश्चन्द्र घाट पड़ा। यह काशी के दो श्मशान घाटों में से एक है। इस घाट पर शवदाह कब से आरम्भ हुआ इसका कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं है, इस घाट पर 15-16वीं शताब्दी के सती स्मारक इस बात के प्रमाण हैं कि उस समय यहां श्मशान घाट था। प्रियंका गांधी का काफ‍िला आठ बजे हरिश्‍चंद्र घाट मार्ग पहुंचा तो कांग्र‍े‍स कार्यकर्ताओं ने उनका यहां स्‍वागत किया।

6)- सोनारपुरा : पुराने लोगों का मानना है कि बंगाल से दो कारोबारी मदन कुमार मुखर्जी और सोना बाबू यहां काफी पुराने समय कारोबार के उददेश्‍य से आये और यहीं पर बस गये। उनके नाम से ही मदनपुरा और सोनारपुरा क्षेत्र आज भी बसा हुआ है। मदनपुरा में योगी श्यामा चरण लाहड़ी का पुराना आश्रम भी है। यहीं प्राचीन दुर्गा मंदिर है जो 250 साल पुराना है। यहीं तीन प्राचीन कालेज सीएम ऐंग्लो बंगाली स्कूल, बंगाली टोला इंटर कालेज और दुर्गाचरण कन्या इंटर कालेज है। प्रियंका का काफ‍िला देर रात 8.10 बजे सोनारपुरा पहुंचा तो उत्‍साही भीड़ ने उनके समर्थन में नारे भी लगाए।

7)- पांडेय हवेली : सोनारपुरा और मदनपुरा के बीच पांडेय हवेली क्षेत्र है। यहां पर तिलभांडेश्‍वर महादेव का प्राचीन मंदिर स्‍थापित है। वहीं दूसरी ओर सहस्रकाली मंदिर भी लोगों की आस्‍था का केंद्र है। यहां गंगा तट स्थित पांडेय घाट भी है जहां धार्मिक आयोजन नैत्यिक क्रम में होते हैं। यहां पर हिंदू और मुस्लिमों की मिश्रित आबादी निवास करती है। स्‍थानीय लोग परंपरागत कारोबार से जुडे हुए हैं। पांडेय हवेली क्षेत्र में प्रियंका का काफ‍िला करीब सवा आठ बजे पहुंचा।

8)- मदनपुरा : मदन कुमार मुखर्जी के नाम पर मदनपुरा क्षेत्र बसा हुआ माना जाता है। मदनपुरा क्षेत्र काशी में काफी पुराना माना जाता है। इस क्षेत्र में पुराने काशी की काफी मुस्लिम आबादी निवास करती है। यहां पर निवास करने वाली अधिकतर मुस्लिम आबादी कारोबार और लघु उद्यम से जुडी हुई है। यहां बुनकर और सजावटी सामानों का कारोबार करने वाले लंबे समय से काशी की अर्थव्‍यवस्‍था की रीढ बने हुए हैं। साढे आठ बजे प्रियंका का काफ‍िला मदनपुरा पहुंचा तो कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्‍वागत किया।

9- जंगमबाड़ी : वाराणसी शहर की पहचान विश्वभर में अपने मंदिरों, मठों, आश्रमों के लिए रही है। काशी में मठों की परंपरा काफी पुरानी है। सबसे प्रचीन मठ की बात की जाये तो यह गौरव जंगमबाड़ी मठ को प्राप्त है। पहले इस मठ को हरिकेश आनंदवन नाम से जाना जाता था। जंगमबाड़ी अर्थात शिव को जानने वालों के रहने का स्थान। मठ के सभी पीठाधिपति शैव सम्प्रदाय के अनुयायी और उसके ज्ञाता होते हैं। काशी का यह अति प्रचीन मठ अपने आप में इतिहास के कुछ उस हिस्से को समेटे हुए है जिसकी तस्वीर अमूमन लोगों को देखने के लिए नहीं मिलती है।

10- गोदौलिया : गोदौलिया क्षेत्र प्राचीन काशी का गंगा तट स्थित वह स्‍थान है जहां पुरानी काशी की बसावट है। गोदौलिया क्षेत्र में कई प्रमुख मंदिर स्‍थापित हैं साथ ही यहां काशी का पुराना दशाश्‍वमेध मार्केट भी मौजूद है जहां कपडों से लेकर धर्म आधारित दुकानों की बहुलता है। यह कभी शहर का पुराना बाजार हुआ करता था। दशाश्‍वमेध सहित कई प्रमुख घाटों पर जाने का रास्‍ता यहीं से हाेकर गुजरता है। बाबा दरबार का गेट भी इसी क्षेत्र में मौजूद है। प्राचीन मान्‍यताओं के अनुसार गुप्त गोदावरी नदी यहां से होकर बहती है। इसलिए इसका नाम अपभ्रंश हाेकर कालांतर में गोदौलिया के नाम से ही जाना जाने लगा।

बेनामी सपत्ति को लेकर पीएम मोदी के आरोप का मायावती ने दिया जवाब, कहा बहकावे में न आयें लोग

लखनऊ।। पीएम मोदी द्वारा बीएसपी अध्यक्ष मायावती पर सम्पत्तियों को लेकर लगाये गए आरोपों पर बीएसपी अध्यक्ष मायावती ने करारा जवाब दिया है। मायावती ने बुधवार को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोदी सरकार को दलित विरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा दलितों को गुमराह कर रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वो भाजपा के बहकावे में न आयें।

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बेनामी संपत्ति को लेकर लगाये आरोप के जवाब में पलटवार करते हुए मायावती ने कहा कि “पीएम मोदी शालीनताओं को पार कर चुके हैं, वह बीएसपी को ‘बहनजी की संपत्ति पार्टी’ कहने में घबराते नहीं हैं। बीएसपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास जो कुछ भी है, वह शुभचिंतकों और समाज के लोगों ने दिया है और सरकार से कुछ भी छिपा नहीं है। सबसे ज्यादा बेनामी संपत्ति वाले लोग बीजेपी से जुड़े हैं। इनका हिसाब-किताब कालीन के अंदर छिपा है।” उन्होंने यह भी कहा कि “जनहित और देशहित के मामले में बीएसपी अध्यक्ष फिट हैं और इसकी तुलना में मोदी अनफिट हैं।”

मायावती ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी सिर्फ कागजों पर ही ईमानदार नजर आते हैं, ठीक OBC के दावे की तरह। मोदी वास्तव में कुछ हैं और जनता के सामने कुछ और बनने की कोशिश करते हैं। इनका हिसाब-किताब कालीन के अंदर छिपा रहता है। मायावती ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 5 साल में BSP को बदनाम करने की हर कोशिश की, लेकिन विफल रही, क्योंकि उनका हिसाब खुली किताब की तरह है।

मायावती ने यह भी कहा कि विदेश से कालाधन न ला पाने के पीछे पीएम मोदी की क्या राजनीति है, यह देश अच्छी तरह जानता है। मायावती ने पीएम मोदी के ‘दलित की नहीं दौलत की बेटी’ के आरोप पर कहा कि यह उनका असली चेहरा दिखाता है। जिनकी मानसिकता दलितों के प्रति घोर जातिवादी है। ये लोग सदियों से पीड़ित शोषित समाज को थोड़ा भी आगे बढ़ना नहीं देखना चाहते। आरक्षण का विरोध करते हैं, जिसमें भाजपा नंबर एक पर है।

मायावती ने कहा कि मैं यूपी की 4 बार मुख्यमंत्री रही हूँ, लेकिन मेरी शानदार विरासत रही है। “नरेंद्र मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, उस वक्त मैं उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री थी। उनका शासनकाल भाजपा और देश की संप्रभुता पर एक काला धब्बा है, जबकि हमारी सरकार में उत्तर प्रदेश दंगों और अराजकता से मुक्त था। बीएसपी सरकार के समय यूपी की कानून और शासन व्यवस्था की लोग आज भी तारीप करते नहीं थकते, जबकि मोदी का गुजरात में ही नहीं पीएम के रूप में भी कार्यकाल नफरत, घृणा और अराजकता से भरा रहा है। वह पब्लिक ऑफिस होल्ड करने में विफल रहे हैं।”

मायावती ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार सत्ता में आने के पहले दिन से ही गरीब, मजदूर व किसान विरोधी और बड़े-बड़े पूंजीपति व धन्नासेठ समर्थक नीति पर चल रही है। इसी क्रम में इन्होंने घोर किसान विरोधी नया भूमि अधिग्रहण कानून बनाने की भी पूरी कोशिश की, लेकिन आखिर में इनको अपने कदम पीछे खींचने पड़े। स्वयं को दूध का धुला व दूसरों को गलत व भ्रष्ट मानने का ही परिणाम था कि इन्होंने अपरिपक्व तरीके से नोटबंदी व GST को देश पर थोप दिया। जबकि इनके चहेते लोग जनता का बैंकों में जमा धन गबन करके विदेश भाग गये। यह सब मोदी सरकार की सरकारी मिलीभगत का ही परिणाम था।

गौरतलब है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विजय संकल्प रैली में विपक्ष पर निशाना साधते हुये कहा था कि “महामिलावटी लोगों के पास नामी और बेनामी संपत्तियों का अंबार लगा है। महामिलावटी लोगों ने राजनीति के नाम पर अपने और अपने रिश्तेदारों के लिए बंगले खड़े किये। एजेंसियां इसका हिसाब ले रही हैं। इसीलिए ये लोग एक-दूसरे के साथ आने को मजबूर हो गये हैं।”

अफेयर को लेकर बोले शाहिद कपूर, कहा जब मेरा दिल टूटा था…

नई दिल्ली।। फिल्म अभिनेताओं को लेकर अक्सर मीडिया में कुछ न कुछ बातें होती ही रहती हैं। उनके अफेयर भी अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। कई बार प्यार में उनका दिल भी टूटता है। हालाँकि कुछ कलाकार खुलकर इसे स्वीकार कर लेते हैं वहीँ कुछ उस पर बोलने से भी कतराते हैं। शाहिद कपूर ने खुलकर बताया है कि दिल टूटने के बाद क्या हाल होता है। बीते सोमवार को मुंबई में उन्होंने अपनी फिल्म ‘कबीर सिंह’ के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर शाहिद ने अपना दिल-ए-दर्द बयां किया।

गौरतलब है कि संदीप वांगा के निर्देशन में बनी तेलुगु फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ कीब हिंदी रीमेक ‘कबीर सिंह’ में शाहिद कपूर प्रेम में डूबे डॉक्टेर कबीर सिंह का किरदार निभा रहे हैं। दिल टूटने पर उसे नशे की लत लग जाती है। ट्रेलर लॉन्च के मौके पर शाहिद कपूर से पूछा गया कि क्या उनका दिल कभी टूटा है? तब उन्होंने किस तरह की हरकतें की थी? सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘दिल तो सबका टूटता है।

शाहिद ने कहा, मुझमें और कबीर सिंह में बस यह फर्क यह है कि मैं बिना दाढ़ी के रहता था। मेरे दिल में क्या चल रहा है, यह पता नहीं चलता था। जब दिल टूटता है तो कुछ भी अच्छा नहीं लगता है। ऐसा लगता है आप ब्लैक एंड व्हाइट फिल्म देख रहे हैं। जीवन बेरंग लगता है। लेकिन फिर उससे बाहर निकल कर आगे बढ़ना पड़ता है। बहुत कम लोग होते हैं जो कबीर सिंह के स्तर तक जाते हैं।’ ‘कबीर सिंह’ 21 जून को रिलीज होगी।

सिर्फ इस बात पर पति ने अपनी पत्नी के साथ की हैवानियत, लोहे की गर्म रॉड से प्राइवेट पार्ट को…

देवघर।। इंसानियत को तार-तार करने वाली ये बेहद घिनोनी और दुस्साहसिक वारदात झारखण्ड के देवघर कि है जो एक प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में विख्यात है। यहाँ देवीपुर के एक गांव में दिल दहला देने वाली घटना हुई। महज मोबाइल पर बात करने से नाराज पति और ससुरालवालों ने अपनी बहू के साथ हैवानियत की। लोहे की गर्म रॉड से बहू के शरीर को दागा। इतना ही नहीं उसके प्राइवेट पार्ट पर भी गर्म सलाखों से गंभीर जख्म किये गये।

मानवता के नाम पर कलंक यह घटना देवीपुर थाना क्षेत्र के जितपुर मटकिया गांव में हुई। रविवार की शाम विवाहिता अपने पिता व ससुरालवालों के साथ FIR दर्ज कराने महिला थाना पहुंची। दी गयी प्राथमिकी के मुताबिक उसकी शादी वर्ष 2011 में जितपुर मटकिया निवासी गुलाम रसूल के पुत्र असहद अंसारी से हुई थी। शादी के बाद उसने एक पुत्र व एक पुत्री को जन्म दिया।

कुछ दिनों बाद पति असहद आलम, ससुर महमूद आलम, सास फिरोजा खातून, देवर अरसद आलम व अतहर आलम द्वारा मारपीट और प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी क्रम में 7 मई को वह फोन पर बात कर रही थी, जिसे देखकर ससुरालवाले क्रोधित हो गये। उसके ऊपर आरोप लगाते हुये मारपीट करने लगे। उन्होंने बहू के पैर-हाथ रस्सी से बांध दिये। इसके बाद लोहे का रॉड गर्म कर बड़ी ही बेरहमी से शरीर को कई जगह दागा। इससे पीडिता के प्राइवेट पार्ट में गंभीर जख्म हो गये। जब दर्द होने पर चीखना शुरू किया तो सास ने मुंह में कपड़ा डाल दिया।

हैवानियत कि सारी सीमायें लांघने के बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया और धमकी दी गयी कि इस घटना के बारे में किसी को न बताये। रविवार को जब पीड़ित महिला के पिता उसके घर आये तो उसने पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद वह अपने पिता के साथ देवघर महिला थाना पहुंची। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

रडार को लेकर एक्ट्रेस उर्मिला ने ली चुटकी, कहा…डॉगी को मिल रहे रडार के सिग्नल

मुंबई।। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर अपने बयानों को लेकर मीडिया कि सुर्खिया में आना कोई नई बात नहीं है। अपने भाषणों और इंटरव्यूज के दौरान कुछ ऐसा बोल जाते हैं जिसके कारण से उन्हें सोशल-मीडिया पर ट्रोल भी होना पड़ता है। कुछ समय पहले एक टीवी चैनल को दिये गये इंटरव्यू में पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘एयर स्ट्राइक’ के दौरान बादल और रडार को लेकर एक ऐसा बयान दे दिया था, जिसके बाद सोशल-मीडिया पर काफी बवाल मचा हुआ था। लोकसभा 2019 के चुनाव में नॉर्थ मुंबई से कांग्रेस की उम्मीदवार और मशहूर फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने प्रधानमंत्री मोदी के इसी रडार वाले बयान पर चुटकी लेते हुये एक ट्वीट किया है।

एक्ट्रेस उर्मिला ने सोशल-मीडिया पर अपने डॉगी के साथ एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वे खुले वातावरण में बेहद कूल अंदाज में बैठी नजर आ रही हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा- “बिना बादल के साफ आसमान के लिए भगवान की शुक्रगुजार हूँ। इससे मेरे पालतू कुत्ते रोमिओ के कान तक रडार के स्पष्ट सिग्नल पहुंच रहे हैं।” इसके आगे उन्होंने फनी इमोजी भी साथ में पोस्ट किया है।

पीएम मोदी द्वारा दिये गये इंटरव्यू में बादल और रडार से जुड़े बयान ने सोशल-मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। हालांकि, जब बहुत ज्यादा किरकिरी हुई तो बाद में बीजेपी ने अपने ट्विटर हैंडल से उस ट्वीट हटा लिया था। बालाकोट एयरस्ट्राइक पर पीएम मोदी ने कहा था- “एयर स्ट्राइक के दिन मौसम ठीक नहीं था। उस दिन विशेषज्ञों का मानना था कि स्ट्राइक दूसरे दिन की जाये। लेकिन मैंने उन्हें सलाह दी कि वास्तव में बादल हमारी मदद करेंगे और हमारे लड़ाकू विमान रडार की नजरों में नहीं आयेंगे।”

वेतन मांगने पर लड़की की सरेआम पिटाई, वीडियो वायरल

नोएडा।। उत्तर प्रदेश में बदमाशों के हौंसले इस कदर बढ़े हुए हैं कि महिलाओं से सरेआम छेड़छाड़ हो या मार-पीट हो, उन्हें कानून-व्यवस्था का कोई खौफ ही नहीं। मामला देश की राजधानी दिल्ली से 50 किलोमीटर से भी कम दूरी पर उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा का है जहाँ कुछ युवकों द्वारा एक युवती को बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। युवती को पीटने का यह video बड़ी तेजी से सोशल-मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के पास दर्ज शिकायत में युवती ने बताया है कि जब उसने काम के बदले अपनी सैलरी मांगी तो उसे बुरी तरह पीटा गया।

जानकारी के मुताबिक मामला ग्रेटर नोएडा के कौशल्या रेजीडेंसी के पास का है। हालांकि पिटाई का यह video कब का है यह अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन ग्रेटर नोएडा में इस तरह की घटना सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

पीड़िता का कहना है कि उसने सैलून में बतौर मेकअप आर्टिस्ट गत मार्च माह से काम करना शुरू किया। जब मेहनताने के रूप में उसने सैलरी मांगी तो उसे शारीरिक संबंध बनाने को कहा गया। पीड़िता के मुताबिक, जब पीड़िता ने मांग नहीं मानी तो वसीम ने अपने साथी शेरा के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसमें वसीम का साला भी शामिल है। पिटाई से आहत पीड़िता ने बताया कि सैलरी मांगने पर वह कई दिनो तक उसे बरगलाते रहे और आखिरकार उसके सामने शारीरिक संबंध बनाने की मांग रख दी।

video में यह साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ लड़के बिना किस डर के एक लड़की को जमीन पर गिराकर पीट रहे हैं और वह लगातार चीख रही है। हैरानी की बात यह है कि वहां मौजूद अन्य लड़कों ने उस लड़की को बचाने की कोशिश तक नहीं की।

यह भी जानकारी मिल रही है कि पीड़िता ग्रेटर नोएडा सैलून में काम करती है। जब लड़की ने सैलरी मांगी तो उसे जमीन पर गिरा-गिराकर पीटा गया। फिलहाल युवती की शिकायत और video वायरल होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुये मामला दर्ज किया है। इसमें दुष्कर्म के प्रयास की भी धारा लगाई गई है। पुलिस अब video के आधार पर आरोपितों की तलाश करेगी।

एक गलती ने इस महिला को बना दिया लखपति, हाथ लगा जैकपोट और जीते 54 लाख

नई दिल्ली।। पैसा कमाने के लिए इंसान जी-तोड़ मेहनत करता है। एक छोटी सी गलती से लोग हजारों–लाखों रूपये गँवा देते हैं, ऐसा तो सुना था लेकिन क्या आपने कभी ऐसी कोई कल्पना की है कि आपकी एक छोटी सी गलती आपको लाखों रूपये दिला देगी।

बता दें कि अमेरिका कि एक महिला कि छोटी सी गलती ने उसे एक-दो लाख नहीं बल्कि पुरे 54 लाख कि मालकिन बना दिया। कभी-कभी खुद की कोई गलती जीवन को संवार भी देती है। ऐसा ही अमेरिका में एक महिला के साथ हुआ और वह लखपति बन गईं।

दरअसल, मिशीगन की निवासी एंटोइनेट औसली ने लॉटरी में पैसा लगाया। हर बार की तरह इस बार भी उसने अपने बच्चे की डेट ऑफ़ बर्थ और उम्र का अंक चुना। अब इसे दुर्भाग्य कहें या सौभाग्य, इस चयन में उसने अपने बच्चे की जन्म की तारीख गलत लिख दी और औसली लॉटरी में रुपये लगाकर भूल गईं।

रात में जब उसने लोगों को लॉटरी के बारे में बात करते हुए सुना तो सोचा कि लॉटरी का नतीजा देखा जाये। जैसे ही उन्होंने लॉटरी के एप पर परिणाम देखा तो वह खुशी से उछल पड़ीं। विजेता के तौर पर उनके नाम की घोषणा की गई थी। महिला की एक छोटी गलती ने उसे 54 लाख रुपये जिता दिये।

Mothers Day special: सहमी हुई माँ और मदर्स डे

mothers day
माँ

नलिनी मिश्रा | Navpravah.com

भारतीय समाज यूँ तो महिलाओं को माँ का दर्जा देता हैं, चाहे वो धरती हो, नदी हो, या गाय। लेकिन इसी देश ने कभी महिला को मातृत्व को चुनने की आजादी नहीं दी। माँ होना हर महिला का अधिकार है, लेकि‌न उस मातृत्व की अनुभूति की आज़ादी नहीं हैं।

माँ बनना किसी भी महिला के लिए सबसे बड़ी खुशी का पल होता हैं, लेकिन इसी समाज की मानसिकता के कारण कुंती ने कर्ण को खुद से अलग कर दिया।

बिन ब्याही माँ होने का डर-

आए दिन न जाने कितनी माँए अपने कलेजे के टुकड़े को कूडे़दान, मंदिर के बाहर, अनाथालय आदि जगह छोड़ने पर मजबूर हो जाती हैं। ऐसा नहीं कि उनमें ममता नहीं हैं, लेकिन शायद हमारे समाज का डर ममता पर ज्यादा भारी पड़ जाता है, ममता हार जाती हैं।

समाज क्या कहेंगा? चरित्र पर दाग़ लगाएगा! बच्चे की परवरिश कैसे होगी, यह सब सोच कर माँ मजबूर हो जाती है अौर अपने दिल के टुकड़े को खुद से अलग कर देती है।

कुछ दिनों पूर्व एक युवती समाज के डर से इंटरनेट के माध्यम से अपना प्रसव खुद कर रही थी अौर वो हार गई। सबने एक पक्ष देखा कि इंटरनेट का इस्तेमाल कभी भी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए न करें, लेकिन समाज ने यह नहीं सोचा कि उसकी क्या मजबूरी थी, जो वो सबसे छुप करअपने बच्चे को जन्म देने जा रही थी? शायद बिन ब्याही माँ होने का डर उसे ऐसा करने पर मजबूर कर दिया। सवाल यह हैं कि मातृत्व की इतनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ती है।

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जो अब शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं वो भीएक बच्ची की माँ हैं, जो कि सभी महिलाओं के लिए एक उदाहरण हैं। उनके समाज में माँ का अर्थ केवल माँ हैं, बिन ब्याही माँ नहीं।

इस मदर डे मैं सबसे अपील करना चाहूँगी की माँ को केवल माँ ही जाने अौर समझें। उसके मातृत्व की इज्जत करें, ताकि फिर कोई कुंती अपने कर्ण कोखुद से अलग न करे‌, ताकि फिर माँ समाज के डर से खुद प्रसव कराने में मजबूर न हों, ताकि फिर कोई माँ मजबूरी में शादी न करें। हमारे समाज में संवेदनशीलता की जरूरत हैं अौर मातृत्व के प्रति सम्मान की।

यूपी के उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा रविवार को मुंबई में करेंगे चुनावी सभा

उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा
उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

उत्तर पश्चिम मुंबई में हिंदी भाषी मतदाताओं की निर्णायक संख्या के मद्देनजर, भाजपा और शिवसेना गठबंधन उन्हें अपने पक्ष में करने की हर संभव कोशिश में लगा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक डॉ दिनेश शर्मा और २२ अप्रैल २०१९ को मुंबई में जनसभा और मतदाता संपर्क अभियान करेंगे। डॉ शर्मा मुंबई के प्रमुख उत्तर भारतीयों से नर्मदा हाल, मालाड में संवाद करने के साथ ही, रिक्शा, टैक्सी और फेरीवालों को संबोधित करेंगे। दोपहर को 3 बजे प्रेस कांफ्रेंस के बाद डॉ. शर्मा त्रिवेणी नगर, प्रेम नगर, अप्पा पाड़ा और अंधेरी में भी सार्वजनिक बैठकों को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

डॉ दिनेश शर्मा भाजपा के उदार और जनप्रिय राष्ट्रीय नेता हैं। उत्तर पश्चिम मुंबई लोकसभा सीट पर शिवसेना के निवर्तमान सांसद श्री गजानन कीर्तिकर और कांग्रेस के संजय निरुपम के बीच मुख्य लड़ाई है। यहां से सपा व बसपा गठबंधन ने सुभाष पासी को मैदान में उतार कर हिंदी भाषी मतों का ध्रुवीकरण करने का प्रयास किया है। ऐसे में शिवसेना के पक्ष में उत्तर भारतीय मतदाताओं को आकर्षित करना जरूरी है। इसीलिए भाजपा ने यूपी के उपमुख्यमंत्री डॉ शर्मा को मुंबई बुलाया है।

वर्ल्ड कप के लिए 15 अप्रैल को भारतीय टीम का चयन तय समय से 8 दिन पहले ही होगी घोषणा

अगले मैच की तैयारी करते कोच रवि शास्त्री और भारतीय कप्तान

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
इंग्लैंड और वेल्स में 30 मई से 14 जुलाई तक होने वाले वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का चयन 15 अप्रैल को मुंबई में होगा। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित प्रशासकों की समिति (सीओए) की बैठक के बाद इसका निर्णय लिया गया। टीम के चयन के लिए आखिरी तारीख 23 अप्रैल थी, लेकिन बीसीसीआई की राष्ट्रीय चयन समिति उससे आठ दिन पहले ही 15 सदस्यीय दल की घोषणा करेगी। अब तक सिर्फ न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने ही टूर्नामेंट के लिए टीम की घोषणा की है।
वर्ल्ड कप में भारत का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 जून को होगा। पाकिस्तान से 16 जून को मुकाबला होगा। भारतीय टीम वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड से 25 मई और बांग्लादेश से 28 मई को कार्डिफ में वार्मअप मैच खेला जाएगा। भारत 1983 और 2011 में चैम्पियन बना था। विराट कोहली अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को आठ साल बाद फिर से चैम्पियन बनाना चाहेंगे।

गत विजेता ऑस्ट्रेलिया का पहला मैच अफगानिस्तान से
इस वर्ल्ड कप में कुल 46 दिन में 48 मैच खेले जाएंगे। इनमें सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले शामिल हैं। गत विजेता ऑस्ट्रेलिया अपने सफर की शुरुआत 1 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ करेगी।