एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
उत्तर पश्चिम मुंबई में हिंदी भाषी मतदाताओं की निर्णायक संख्या के मद्देनजर, भाजपा और शिवसेना गठबंधन उन्हें अपने पक्ष में करने की हर संभव कोशिश में लगा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक डॉ दिनेश शर्मा और २२ अप्रैल २०१९ को मुंबई में जनसभा और मतदाता संपर्क अभियान करेंगे। डॉ शर्मा मुंबई के प्रमुख उत्तर भारतीयों से नर्मदा हाल, मालाड में संवाद करने के साथ ही, रिक्शा, टैक्सी और फेरीवालों को संबोधित करेंगे। दोपहर को 3 बजे प्रेस कांफ्रेंस के बाद डॉ. शर्मा त्रिवेणी नगर, प्रेम नगर, अप्पा पाड़ा और अंधेरी में भी सार्वजनिक बैठकों को संबोधित करने का कार्यक्रम है।
डॉ दिनेश शर्मा भाजपा के उदार और जनप्रिय राष्ट्रीय नेता हैं। उत्तर पश्चिम मुंबई लोकसभा सीट पर शिवसेना के निवर्तमान सांसद श्री गजानन कीर्तिकर और कांग्रेस के संजय निरुपम के बीच मुख्य लड़ाई है। यहां से सपा व बसपा गठबंधन ने सुभाष पासी को मैदान में उतार कर हिंदी भाषी मतों का ध्रुवीकरण करने का प्रयास किया है। ऐसे में शिवसेना के पक्ष में उत्तर भारतीय मतदाताओं को आकर्षित करना जरूरी है। इसीलिए भाजपा ने यूपी के उपमुख्यमंत्री डॉ शर्मा को मुंबई बुलाया है।










