एक बार फिर पाकिस्तान ने संघर्ष विराम तोडकर अपने नापाक इरादे ज़ाहिर किये हैं। जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में पाकी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए 10 महीने बाद गोली-बारी की है। पुंछ के शाहपुर एरिया में ये संघर्ष विराम उल्लंघन किया गया है।
रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष मेहता के अनुसार, “ पाकिस्तानी फ़ौज ने बिना किसी पूर्व उकसावे के संघर्ष विराम तोड़ा और फायरिंग शुरू की। पाकी फ़ौज ने शाहपुर क्षेत्र में ऑटोमेटेड हथियारों से सुबह करीबन चार बजकर तीस मिनट पर फायरिंग शुरू की जिसका जवाब हमारे सैनिकों ने भी पर्याप्त रूप से दिया है। हमारे सनिकों का किसी तरह का कोई नुक्सान नहीं हुआ और किसी के हताहत होने की भी कोई खबर नहीं है।
शिमला में नवरात्रि के पहले दिन चामुंडा देवी के मंदिर दर्शन को जा रही दो विदेशी पर्यटक महिलाओं के साथ कुछ पंजाबी मनचले युवकों ने छेड़छाड़ कर दिया। इस घटना से वो दोनों महिला पर्यटक इतनी भयभीत हो गईं कि अपने पुरुष साथियों के साथ आधे रास्ते से ही बिना दर्शन किये वापस लौट गईं।
कानूनी झमेले से बचने के लिए महिलाओं ने पुलिस में शिकायत भी नहीं दर्ज करवाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि छेडछाड करने वाले लड़के पंजाबी भाषा में बातें कर रहे थे। बता दें कि चामुंडा देवी की 13 किलोमीटर की दुर्गम यात्रा पैदल करनी पड़ती है और रास्ते में घनी आबादी भी नहीं है।
इसी यात्रा के दौरान ये शर्मसार कर देने वाली घटना हुई, जब दो विदेशी पर्यटक महिलायें अपने साथी के साथ मनचलों की बदतमीजी का शिकार हुईं। युवक छेडछाड करके मौके से भाग निकले। इस घटना के पश्चात पर्यटक इतना डर गए कि बीच रास्ते से ही वापस आ गये।
नीचे पहुंचकर सारी घटना उन्होंने एक सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी को बताई, जो उन्हें पूर्व MLA प्रवीण कुमार के पास ले गये। इस सब के बावजूद पर्यटकों ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नही करवाई। प्रवीण कुमार ने प्रशासन से चामुंडा देवी मार्ग पर जाने वाले सभी पर्यटकों की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने भी कार्यवाही का आश्वासन दिया।
बिहार के भभुआ जिले में पदस्थ आईपीएस अधिकारी पुष्कर आनंद पर उन्हीं की महिला डीएसपी ने यौन शोषण का आरोप लगाया था, जिन आरोपों को गठित जाँच समिति ने सत्य पाया है। आरोपी पुष्कर आनंद अभी भी फरार है। पुष्कर आनंद 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। महिला अधिकारी ने आरोप लगाया है कि एसपी पुष्कर आनंद ने उनकी तैनाती के दौरान शादी का झांसा देकर उनके साथ यौन सम्बन्ध बनाए, जिसकी प्राथमिकी भी उन्होंने दर्ज करवाई है। जांच के बाद पुलिस ने आरोपों को सत्य पाया है।
गौरतलब है कि पूछताछ के लिए जब पुष्कर आनंद से संपर्क साधने की कोशिश की गई तब उनके एक सिपाही ने बताया कि साहब अपने कार्य क्षेत्र से गिरफ्तारी के आदेश निकलने के बाद से ही गायब हैं। उनसे दो-तीन दिनों के बाद ही मुलाक़ात हो सकती है। बिहार के DGP पीके ठाकुर ने कहा है कि पुष्कर आनंद के खिलाफ उचित विधि सम्मत कार्यवाही की जायेगी।
पुष्कर आनंद के विरुद्ध एक महिला पुलिस डीएसपी ने गत 29 दिसम्बर 2014 को कैमूर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई कि एसपी ने उनका शादी के झांसे में यौन शोषण किया। इसके बाद ही राज्य पुलिस मुख्यालय ने तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की एक जांच समिति का गठन किया। जांच समिति ने सभी आरोपों को सत्य पाते हुए पुष्कर आनंद को दोषी पाया।
उक्त महिला ने समिति के समझ साक्ष्य प्रस्तुत किये जिनकी फॉरेंसिक जांच भी की गई। आरोप लगाए जाने तत्काल बाद ही पुष्कर आनन्द का स्थानान्तरण आरा के घुड़सवार दस्ता के कमांडेंट पद पर कर दिया गया जबकि महिला पुलिस अधिकारी को कटिहार भेज दिया गया था।
जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय परिषद की आज हुई बैठक में पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा कर दी गई। बिहार के मुख्यमंत्री और शरद यादव के करीबी नितीश कुमार को अध्यक्ष के रूप में चुन लिया गया। हालाँकि बात एक से अधिक पद को लेकर भी चल रही थी और आशंका जताई जा रही थी कि सम्भवतः कोई और पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाए, लेकिन सभी सदस्यों ने नितीश पर ही भरोसा जताया।
आज दिल्ली में जेडीयू के शीर्ष नेतृत्व ने आज नेशनल काउंसलिंग की मीटिंग में नितीश कुमार को नया अध्यक्ष चुन लिया है। इस परिवर्तन के साथ ही शरद यादव के 10 साल के कार्यकाल का अंत हो गया। दरअसल इस बार शरद यादव खुद अध्यक्ष पद को स्वीकार नहीं कर रहे थे। उन्होंने एक बाद फिर से अध्यक्ष बनने से इंकार कर दिया था। और उन्होंने इस ज़िम्मेदारी के लिए नीतीश का नाम भी सुझाया था।
पिछली बार जब शरद यादव अध्यक्ष बनें थे तभी उनकी पार्टी की नियमावली में बदलाव करना पड़ा था, क्योंकि पार्टी की नियमावली के मुताबिक़ कोई भी व्यक्ति पार्टी का दो बार से अधिक अध्यक्ष नहीं बन सकता।इसलिए इस बार यादव ने खुद ही इस पद से हटने की बात कह चुके थे। हालाँकि नितीश को बतौर अध्यक्ष चुनने में किसी को भी दिक्कत नहीं थी। जेडीयू के बिहार प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने भी नीतीश कुमार को इस पद के लिए सर्वथा उपयुक्त बताया है।
पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने कहा है कि 16 साल से कम उम्र की लड़की के साथ बनाए गए सेक्स सम्बन्ध चाहे वो उस लड़की की सहमति से ही क्यों ही न बनाये गए हों बलात्कार की श्रेणी में आयेंगे। अक्सर दुष्कर्म का आरोपी सहमति की दलील देता है, लेकिन माननीय उच्च न्यायालय ने ऐसे मामलों को सहमति पूर्वक बनाए जाने वाले सम्बन्धों की कतार से बाहर माना है, जिसमे लड़की की उम्र सोलह वर्ष से कम की हो।
हाईकोर्ट जस्टिस अनीता चौधरी ने कहा, ‘एक नाबालिग लड़की को झांसा और लालच देकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए राजी किया जा सकता है। 16 साल से कम उम्र की लड़की बिना इसका नतीजा समझे संबंधों की सहमति भी दे सकती है। इसलिए तथाकथित सहमति के नाम पर हम किसी को इसका नाजायज फायदा नहीं उठाने दे सकते।
कोर्ट ने ये ये बात गुडगाँव के एक मामले की सुनवाई के दौरान कहीं। इस मामले में आरोपी का कथन था कि उसने आपसी सहमति से ही पीड़िता के साथ सहवास किया था, जिस कारण वो सजा का पात्र नहीं है। 22 जनवरी 2010 को पीड़िता का अपहरण किया था। अपहरण के वक़्त लड़की महज़ 15 वर्ष आयु की ही थी।
लड़की के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन उस वक़्त उन्हें ये नहीं पता था की बच्ची के साथ दुष्कर्म किसने किया है। बच्ची ने बाद में बताया कि आरोपी उनके घर में कार्यरत मिस्त्री है, वो शादी शुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। गुडगाँव की जिला अदालत ने आरोपी को अपहरण और दुष्कर्म के लिए 10 वर्ष की सजा दी थी, जिसके ख़िलाफ़ दोषी द्वारा पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में अपील दायर की गई।
केरल के कोल्लम में स्थित पूतिंगल मंदिर में आतिशबाजी के कारण आग लगने से लगभग 102 लोगों की मौत हो गई। वहीं 350 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर इस घटना को दिल दहला देने वाली और स्तब्ध कर देने वाली बताया। मोदी चिकित्सकों के एक दल के साथ मंदिर का दौरा करेंगे।
मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने बताया कि घटना स्थल पर राहत कार्य लगभग ख़तम है, लेकिन हॉस्पिटल में उपचार की व्यवस्था की जा रही है। अमित शाह आदि सभी नेताओं ने अपने चुनावी रैलियां रद्द कर दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने घटना पर दुःख जताते हुए मृतकों के लिए 2 लाख और जख्मी लोगों के लिए 50 हजार का मुआवजा घोषित किया है।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने कोल्लम के मंदिरों में आतिशबाजी पर रोक लगा रखी है फिर भी आतिशबाजी की गई जिससे दुर्घटना हुई। दोनों ठेकेदारों के ख़िलाफ़ और मंदिर प्रशासन के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
प्रधानमंत्री के निर्देशो के अनुसार एयर फ़ोर्स के हेलिकॉप्टर भी घटना स्थल पर भेजे जा रहे हैं ताकि बचाव कार्य किया जा सके।
पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर बरसीं। उन्होंने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि एक प्रधानमंत्री को ऐसे शब्दों का प्रयोग शोभा नहीं देता। मोदी को भाषण के दौरान अपने शब्दों के चयन पर ध्यान देना चाहिए।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हमले का जवाब देते हुए कहा कि बीजेपी वाले बिना मेरी आलोचना के खाना भी नहीं खाते। साथ ही उन्होंने मोदी की भाषा पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आरएसएस की भाषा बोलते हैं। एक पीएम को ऐसी भाषा का प्रयोग शोभा नहीं देता।
ममता बनर्जी ने कहा कि मैं कभी किसी नेता पर व्यक्तिगत हमला नहीं करती। उन्होंने कहा कि मैं वाजपेयी जी, ज्योति बसु और बुद्धदेव भट्टाचार्य का भी सम्मान करती हूँ और किसी के साथ मेरा गठबंधन नहीं है।
ममता बनर्जी ने बीजेपी को भयानक जली पार्टी कहा और बाद में कहा कि मैं अपने शब्द वापस लेती हूँ। क्योंकि ऐसे आरोप- प्रत्यारोप के आधार पर राजनीति नहीं करती। उन्होंने प्रधानमंत्री की बात का जवाब देते हुए कहा कि दिल्ली में किससे मुलाक़ात करनी है यह मैं तय करुँगी कोई और नहीं।
इंडियन प्रीमियर लीग के नौंवे संस्करण की शुरुआत आज (शनिवार) से हो रही है। पहले मैच में मौजूदा चैंपियन मुम्बई इंडियंस और पुणे सुपर जॉइंट्स के बीच भिड़ंत होगी। मुम्बई इंडियन इसके पहले 2013 और 2015 का खिताब जीत चुकी है और टूर्नामेंट का आगाज़ जीत के साथ करना चाहेगी।
मुंबई ने इस बार अपनी टीम में कुछ नए खिलाड़ियों को शामिल किया है। टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथों में है जो पिछले कुछ सत्रों से अच्छी कप्तानी कर रहे हैं और उन्हीं के नेतृत्व में टीम ने दो खिताब जीते हैं। हालाँकि इस बार मुंबई इंडियंस को लसिथ मलिंगा की कमी ज़रूर खलेगी। हालाँकि टीम के कोच रिकी पोंटिंग ने इस मामले में कहा कि उनकी टीम हर मामले में मज़बूत है और उन्हें नहीं लगता कि मलिंगा की वजह से टीम का रिदम गड़बड़ाएगा।
मुम्बई इंडियंस ने खुद को निश्चित ही बेहतरीन टीम के रूप में साबित किया है लेकिन इस बार आईपीएल में टीम पुणे की कप्तानी सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में है। इसलिए पुणे को भी हलके में नहीं लिया जा सकता है। इसके पहले धोनी ने चेन्नई सुपरकिंग्स को भी 2 आईपीएल का खिताब दिलवाया है। अब देखना होगा कि आईपीएल के आगाज़ में कौन किसपर हावी होता है।
अभिनेता अमिताभ बच्चन ने पनामा पेपर्स केस के सन्दर्भ में स्पष्ट किया कि वह भारतीय संविधान और कानून की इज़्ज़त करते हैं और उन्होंने पनामा मामले में आयकर विभाग का भरपूर सहयोग कर रहे हैं। एक अंग्रेज़ी दैनिक में छपे लेख के सन्दर्भ में उन्होंने स्पष्ट किया कि लेख में जो मामला उठाया गया है उस पर आयकर और प्रवर्तन विभाग पिछले 7 सालों से जांच कर रहे हैं।
पिछले कई दिनों से पनामा पेपर्स लीक मामले को लेकर सुर्ख़ियों में रहे बिग बी अमिताभ बच्चन ने एक अंग्रेज़ी दैनिक में छपे लेख पर बयान दिया। अमिताभ बच्चन ने कहा कि दैनिक अखबार ने जो मुद्दा उठाया है, उसपर सालों से आयकर विभाग जांच कर रहा है और मैं हर संभव सहयोग भी कर रहा हूँ।
बिग बी पहले भी इस मामले में कह चुके हैं कि उनका इन कंपनियों से कोई लेना देना नहीं है। और तो और वे इन कंपनियों के नाम तक नहीं जानते। उन्होंने कहा कि मैं देश के कानून का पालन करने वाला नागरिक हूँ और इन कंपनियों से मेरा कोई वास्ता नहीं है।
अभिनेता ने भारत सरकार द्वारा इस मसले की जांच कराए जाने पर भी ख़ुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मुझे भी उत्सुकता है कि मेरा नाम इन कंपनियों से कैसे जोड़ा गया। उन्होंने कहा, ‘मैं पनामा पेपर्स की खबरों पर एक बार फिर स्पष्ट कहना चाहता हूं कि मैं चार कंपनियों के बोर्ड में निदेशक नहीं रहा हूं, जैसा कि पहले एक रिपोर्ट में आया था।’
मध्य प्रदेश के इंदौर में ओटले में सोने को लेकर एक व्यक्ति ने दूसरे की हत्या कर दी। घटना मल्हारगंज थाने से महज दस कदम की दूरी की है, जहां मृतक की लाश पड़ी रही और किसी को भनक तक नहीं लगी।
मृतक हुकुमचंद कॉलोनी का रहने वाला था। धर्मेन्द्र राठौर जो ओटले में सो रहा था, उसके पिता सुबह अपने बेटे को खर्चे के लिए कुछ पैसे देने आये तो देखा एक बोरा ढका हुआ था। बोरा हटाने पर मृत धर्मेद्र खून से लथपथ पड़ा हुआ था। मृत धर्मेन्द्र को देखकर पिता की चीख निकली तो लोगो को वारदात का पता चला।
गौरतलब है कि धर्मेन्द्र की हत्या करने वाला व्यक्ति भी घटना स्थल से कुछ दूरी पर जाकर बैठा हुआ था। उसे मृतक के परिजन पकड़ कर लाये और पुलिस के हवाले किया। उसने कबूल लिया है कि ओटले पर सोने को लेकर दोनों में विवाद हुआ और पत्थर से उसने धर्मेद्र की हत्या कर दी और पास में ही सो गया। दोपहर तक पुलिस इसे हादसा बताती रही लेकिन शार्ट पोस्टमॉर्टेम रिपोर्ट होने पर हत्या की पुष्टि हुई।