27.8 C
Mumbai
Friday, September 11, 2026
Home Blog Page 1235

भारत में 280 किमी./घंटे की स्पीड से दौड़ेगी टैल्गो ट्रैन, सफल हुआ सेंसर ट्रायल

ब्यूरो,

वैश्विक स्तर पर निरंतर अपनी पहचान मज़बूत बना रहे भारत ने सफलता की ओर एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। स्पेन से आई टैल्गो ट्रेन आज बरेली से मुरादाबाद के लिए ट्रायल रन के लिए दौड़ाई गई। टैल्गो कंपनी के रेल कोच का इज्जतनगर-भोजीपुरा स्टेशन के बीच सफल सेंसर ट्रायल पूरा कर लिया गया है। इसके कुल तीन ट्रायल होंगे और अगर सफलता मिली तो स्पेन की ये ट्रेन भारतीय रेल का हिस्सा बन जाएगी।

स्पेन के रेल अधिकारियों ने बताया कि टैल्गो कंपनी की सुपर लग्जरी ट्रेन के कोच का ट्रायल भारतीय पटरी पर हुआ। अधिकारियों ने बताया कि स्पेन के कोच भारतीय इंजन द्वारा खींचे गए। अधिकारियों के मुताबिक टैल्गो कोच में कई सेंसर लगे हैं। इन सेन्सर्स में कोई कमी तो नहीं, यह देखने के लिए ही रेलवे बोर्ड के मैकेनिकल इंजीनियर हेमंत कुमार ने सेंसर ट्रायल के लिए निर्देश दिए थे।

पूर्वोत्‍तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के जन संपर्क अधिकारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि स्पेन की टैल्गो कंपनी के कोच का सेंसर ट्रायल सफल हुआ। बुधवार को रेलवे बोर्ड की तीन सदस्यीय टीम सुबह ही वर्कशॉप आ गई थी। बरेली के रेलवे वर्कशॉप में स्पेन से आई टीम ने 10 दिनों की मशक्कत के बाद इसे तैयार किया है। बताया जा रहा है कि अपनी फुल स्पीड में टेल्गो ट्रेन 280 किलोमीटर की रफ्तार से पटरियों पर दौड़ सकती है। लेकिन सवाल है कि इतनी रफ्तार को संभाल पाने में मौजूदा पटरियां कामयाब हो सकेंगी।

luxury talgo train

सिंह ने बताया कि इस ट्रायल के बाद कल सुपर लग्जरी कोच का सेमी हाई स्पीड ट्रायल किया जाएगा। यह सेमी हाई स्पीड ट्रायल बरेली-मुरादाबाद के बीच 12 जून तक चलेगा। बरेली-मुरादाबाद के बीच ट्रायल में टैल्गो कोच की रफ्तार 115 किमी प्रति घंटा होगी। इसके बाद मथुरा-पलवल ट्रैक पर 180 किमी और दिल्ली मुंबई के बीच 200 से 220 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से सेमी हाई स्पीड ट्रायल किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि टीम को प्रोजेक्टर पर टैल्गो कंपनी की सुपर लग्जरी ट्रेन की जानकारी दी गयी। लगभग 40 मिनट स्पेन की टीम ने सुपर लग्जरी कोच के एक-एक उपकरण के बारे में विस्तार से बताया। इसके बाद रेलवे वर्कशॉप की पिट लाइन पर खड़ी सुपर लग्जरी ट्रेन का निरीक्षण किया गया।

टैल्गो ट्रेन देश की पटरियों के लिए सबसे आधुनिक और नई ट्रेन मानी जा रही है, हालांकि स्पेन की पटरियों पर इसे दौड़ते हुए तीस साल बीत चुके हैं। इसकी पहली झलक पाने के लिए बरेली में भीड़ भी खूब उमड़ी जा रही है। टैल्गो रफ्तार में भी देश की तमाम ट्रेनों को मात देगी तो सेफ्टी के लिहाज से भी इस ट्रेन में अनेक खासियतें भरी पड़ी हैं.

मोदी ने पूर्व यूपीए सरकार पर साधा निशाना, कहा-भ्रष्टाचार रोका तो होने लगा विरोध

ब्यूरो, 

कल दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम ज़रा मुस्कुरा दो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ओर जहां अपनी उपलब्धियों का ज़िक्र किया वहीं, यूपीए सरकार की खामियों को भी स्पष्ट किया। मोदी ने यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमने कोयले का पारदर्शी आवंटन किया। पहले कोल आवंटन में भ्रष्टाचार हुआ था, इसलिए सुप्रीम कोर्ट को कोल आवंटन रद्द करना पड़ा। भ्रष्टाचार ने देश को खोखला कर दिया था।

पीएम मोदी ने कहा, अगर मैं अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाने लगूं तो इन दूरदर्शन वालों को यहां एक हफ्ते तक रुकना पड़ेगा,पर मैं अपनी उपलब्धियां गिनाने नहीं आया हूँ। उन्होंने कहा, मैं आपसे वादा करता हूं कि हमारी कोशिशों में कोई कमी नहीं आएगी। यह देश आगे बढ़ रहा है और बढ़ेगा।

प्रधानमंत्री ने पिछली और अब की सरकार में अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि 2 साल पहले मीडिया में भ्रष्‍टाचार की ही खबरें होती थी। लोगों ने हमको नई जिम्‍मेदारी दी। हमने करप्‍शन के खिलाफ सतर्क तरीके से कदम उठाए। पहले जो पैदा भी नहीं हुआ, उसे पेंशन मिल जाती थी। इस प्रकार के तमाम भ्रष्टाचार रोककर 15000 करोड़ रुपये बचाए गए। कई भ्रष्टाचारों का उल्लेख करते हुए मोदी बोले कि 36000 करोड़ रुपये का लीकेज थम गया तो हमारी सरकार का विरोध होगा ही।

उन्होंने बताया कि 500 शहरों में एलईडी मुहीम चलाने के कारण 200- 250 रुपए में मिलने वाला एलईडी बल्‍ब आजकल 60-70 रुपए में मिलता है। इस मुहिम को अत्यंत बड़े पैमाने पाए ले जा कर 20000 मेगावाट बिजली बचाने का हमारा लक्ष्‍य है। इसके अतिरिक्त मोदी ने कई ऐसी बातें और कई सरकारी कोशिशें जनता के संज्ञान में लाईं, जिससे आम जनता अब तक अनभिज्ञ थी और अपने अधिकारों का सही प्रयोग नहीं कर पा रही थी।

मोदी सरकार के दो साल पूरे, जनता को दिया कामकाज का हिसाब

शिखा पांडेय,

मोदी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर दिल्ली में इंडिया गेट पर ‘एक नई सुबह’ नामक भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसका थीम था “ज़रा मुस्कुरा दो”। इस कार्यक्रम के ज़रिए सरकार की अब तक की उपलब्धियों को जनता तक पहुँचाया गया। इस दौरान सरकार की अहम योजनाओं और नीतियों के बारे में मंत्रियों ने जनता को स्वयं जानकारियां दी।

आयोजन की शुरुआत शाम के पाँच बजे केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने की। उन्होंने कहा कि आज देश काफी तेजी से विकास कर रहा है, जिससे देश की विकास दर बढ़ने की संभवना है। विकास की कोशिशें लगातार जारी हैं। किसानों पर हमारी सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि हम ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर जोर दे रहे हैं। हर दिन 6-7 नये गांवों में बिजली पहुंच रही है। हम रोड में बड़ा निवेश कर रहे हैं। उन्होंने न केवल अपनी सरकार के द्वारा आर्थिक क्षेत्र में किए गए सुधारों की चर्चा की बल्कि कालेधन, पनामा पेपरलीक्स, आर्थिक विकास आदि अहम मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी।

कार्यक्रम का संचालन अभिनेता आर. माधवन तथा डीडी नेशनल एंकर नीलम सिंह कर रहे थे। शाम के सवा पांच बजे के करीब अमिताभ बच्चन ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की चर्चा की। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में नारी को सबसे ऊंचा दर्जा मिला है। साथ ही उन्होंने कहा है कि बेटा-बेटी में कोई मतभेद नहीं होना चाहिए। बेटियों को भी बेटों के अनुरूप बराबरी का हक मिले। उन्हें भी विकास में भागीदार बनाना चाहिए। नारी महत्व पर बोलते हुए अमिताभ बच्चन ने कहा कि हमारी संस्कृति में नारी का सर्वोच्चय स्थान है। और जहां नारी का सम्मान, वहां देवता निवास करते हैं। अभिनेत्री रवीना ने भी टंडन भी बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ विषय पर चर्चा करते हुए स्वयं इस मुहिम में अपनी सक्रियता के बारे में बताया और देश को सक्रीय होने की प्रेरणा दी।

स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अपने मंत्रालय के कार्यक्रमों के बारे में बात की। खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर ने सुकन्या समृद्धि योजना पर बात की। उन्होंने बताया कि इस योजना में 6500 करोड़ रुपये जमा हुए हैं और बच्चियों के लिए टैक्स फ्री लाभ मिलता है।

vidya balan

केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री उमा भारती ने गंगा नदी की सफाई के मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पिछले सौ साल में हमने जितनी तरक्की की उसका खामियाजा गंगा में गंदगी के रूप में सामने आया है। भारत सरकार ने अब 20 हजार करोड़ की फंडिंग की है। साथ उन्होंने कहा है कि 2018 तक गंगा दुनिया की 10 सबसे स्वच्छ नदियों में शुमार हो जाएगी। हमें इस अभियान के लिए राज्यों ने पैसा नहीं चाहिए होगा। हमें बस वहां काम करने की इजाजत चाहिए होगी।

कार्यक्रम में अल्पसंख्यक मंत्री नजमा हेपतुल्ला, खाद्य मंत्री रामविलास पासवान, वित्त राज्य मंत्री जयंत सिन्हा, सांसद मनोज सिन्हा शामिल हुए। कार्यक्रम में मुंबई से अभिनेत्री विद्या बालन भी जुड़ीं। स्वच्छता अभियान की दूत रहीं विद्या बालन ने शौचालय के उपयोग पर जोर दिया।

इससे पहले केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू, शहरी विकास राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो और सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कार्यक्रम के प्रारंभिक हिस्से में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में स्वयं प्रधानमंत्री मोदी जनता से रूबरू हुए। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार के कामों का निरंतर आकलन और हिसाब-किताब होना चाहिए। आज सरकार के हर काम को बारीकी से देखा जा रहा है।

मोदी ने कहा कि जनता का जो विश्वास सरकार के ऊपर से उठ गया था, वह हमें पुनः प्राप्त हुआ है। लोकतंत्र के लिए काम का मूल्यांकन जरूरी है। मोदी बोले कि दो साल के कार्यकाल की ओर नजर करने से इस बात का भी एहसास होता है कि हम जहां पहुंचने के लिए चले थे उस हो जा रहे हैं कि नहीं, जिस दिशा में चले थे उस दिशा में कहां तक चले।

राजन के लायक नहीं मोदी सरकार – पी. चिदंबरम

ब्यूरो,

गवर्नर पद पर रघुराम राजन की पुनर्नियुक्ति पर वाद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। अब पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने राजन का समर्थन करते हुए मोदी सरकार पर उल्टा निशाना साधा है। राजन को दुनिया के सबसे बेहतर अर्थशास्त्रियों में से एक बताते हुए चिदंबरम ने कहा कि खुद मोदी सरकार रघुराम राजन के लायक नहीं है।

कांग्रेस मुख्यालय में मोदी सरकार के दो साल पूरे होने पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए चिदंबरम ने पहले कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर तभी कुछ कहेगी जब यदि प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री राजन के खिलाफ कुछ बोलते हैं।

बाद में राजन का बचाव करते हुए चिदम्बरम ने  कहा कि यूपीए सरकार ने विश्व के सर्वश्रेष्ठ अर्थशास्त्रियों में से एक को आरबीआई का गवर्नर बनाया था। कांग्रेस को उस समय भी राजन पर पूरा भरोसा था और आज भी है।

चिदंबरम से जब यह पूछा गया कि क्या राजन को दूसरा कार्यकाल दिया जाना चाहिए? उन्होंने कहा, ” मुझे तो लगता है कि यह सरकार राजन को रखने लायक है भी या नहीं?”

narendra modi

जब उनसे यह पूछा गया कि क्या वित्त मंत्री के तौर पर उन्हें भी राजन के ब्याज दर के निर्धारण से आपत्ति थी, चिदंबरम ने कहा कि यूपीए सरकार के सभी केंद्रीय बैंक गवर्नरों के साथ बहुत अच्छे संबंध थे जिनमें मौजूदा गवर्नर भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा, “दुनिया भर में वित्त मंत्री और केंद्रीय बैंक के गवर्नर के बीच ऐसे विवाद होते हैं लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वित्त मंत्री आरबीआई गवर्नर की कार्यक्षमता पर सवाल खड़ा करें। हर किसी का अपना अपना नज़रिया है।” उन्होंने राजन के ‘अंधों में काना राजा’ की विवादास्पद टिप्पणी पर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण की आलोचना के संबंध में कहा कि यहीं मतदान करवा लें कि इसमें कौन सही और कौन गलत है।

गौरतलब है कि राजन का तीन साल का कार्यकाल सितंबर के पहले सप्ताह में खत्म हो रहा है, परंतु भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने राजन का कार्यकाल समाप्त होने से पूर्व ही उन्हें पदच्युत करने की माँग की है। स्वामी ने प्रधानमंत्री को दो बार पत्र लिखकर राजन को हटाने की माँग की है।

जी 7 देशों के टेंशन की वजह बनाता जा रहा है चीन!

ब्यूरो,

चीन की बढ़ती सैन्य ताकत जी 7 देशों के लिए चिंता की बात बन गई है। खास कर दक्षिण चीन सागर में उसकी उपस्थिति ज्यादातर देशों को खटक रही है।अमेरिकी सांसदों ने पहले ही से इस विषय में अपनी चिंता व्यक्त कर दी है।

जापान के शिमा शहर में चल रही जी 7 देशों के सम्मेलन में भी यह मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। जी 7 देशों के नेताओं ने कहा कि एशिया में समुद्र संबंधी बढ़ती चिंताएं परेशानी का सबब हैं और विवादों का समाधान वैध एवं शांतिपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए।

जी 7 नेताओं ने कहा, ” हम पूर्वी और दक्षिण चीन सागरों में स्थिति को लेकर चिंतित हैं और विवादों के शांतिपूर्ण प्रबंधन एवं निपटान के मौलिक महत्व पर जोर देते हैं।” जी 7 के वार्षिक शिखर सम्मेलन के अंत में जारी घोषणा पत्र की विषय वस्तु में किसी एक देश का जिक्र नहीं किया गया, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि इसका इशारा चीन की ओर था।

china tension of g7

लगभग संपूर्ण दक्षिण चीन सागर में बीजिंग के दावे ने उसके कुछ दक्षिणपूर्वी एशियाई पड़ोसियों को नाराज कर दिया है और इस जल क्षेत्र में नौवहन की आजादी पर खतरे संबंधी चिंताओं को जन्म दिया है। इस समुद्री क्षेत्र में ब्रुनेई, मलेशिया और वियतनाम के साथ-साथ फिलीपीन भी अपना दावा पेश करता है।

चीन द्वारा वहां छोटे द्वीपों के सैन्यीकरण ने देश की बढ़ती क्षेत्रीय ताकत को लेकर सीमा संबंधी आशंकाएं बढ़ा दी हैं और साथ ही आवश्यकता पड़ने पर इस दावे के समर्थन में उसके द्वारा बल प्रयोग किए जाने का खतरा भी बढ़ गया है। चीन पूर्वी चीन सागर में निर्जन द्वीपों पर जापान के साथ भी विवाद की स्थिति में है। इन द्वीपों पर दोनों देश अपना अपना दावा पेश करते हैं।

जी 7 के सदस्य देशों अमेरिका, जापान, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली और कनाडा ने कहा कि विवादों का निपटारा शांतिपूर्वक किया जाना चाहिए और ‘‘नौवहन एवं हवाई उड़ान की स्वतंत्रता’ का सम्मान किया जाना चाहिए। दरअसल अमेरिकी सेना ने ‘‘नौवहन की स्वतंत्रता’ के कई अभियान चलाए हैं जिनसे बीजिंग की भौंहें तन गई हैं।

जी7 नेताओं ने यह भी कहा कि इलाके में दावे अंतरराष्ट्रीय कानून के आधार पर किए जाने चाहिए और देशों को ऐसे एकपक्षीय कदमों से बचना चाहिए जिनसे तनाव बढ़ने की आशंका हो और उन्हें दावों को साबित करने के लिए बल प्रयोग से भी बचना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि मध्यस्थता समेत न्यायिक माध्यमों का प्रयोग किया जाना चाहिए।

जी7 बैठक के इतर यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष डोनाल्ड टस्क ने कल कहा कि समूह को चीन के समुद्री दावों और क्रीमिया के रूसी विलय पर स्पष्ट एवं कड़ा रुख अपनाना होगा।

टिहरी में तेज़ बारिश से तबाही, घर छोड़कर भागे लोग

नारायण सिंह

ब्यूरो (उत्तराखंड)

दोपहर बाद हुई तेज बारिश उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों पर आफत लेकर आई। टिहरी के घनसाली और पिथौरागढ़ के बंगापानी में बारिश ने भारी तबाही मचाई। कौठियाड़ा गांव में बारिश के दौरान पहाड़ी का मलबा घरों में घुस गया। साथ ही घनसाली-बूढ़ाकैदार मौटर मार्ग कई स्थानों पर बाधित हो गया।

टिहरी जिले के घनसाली क्षेत्र के कौठियाड़ा गांव में पहाड़ी से गिरा मलबा घुस गया। इससे करीब दस घरों में भारी मलबा बारिश के पानी के साथ घुस गया। ग्रामीणों ने घरों से भागकर जान बचाई। वहीं, चमोली जिले के कर्णप्रयाग ब्लॉक के सोनला के जंगलों में बादल फटने से कई घरों में पानी और मलबा घुस गया।

वहीं, टिहरी में बूढ़ाकेदार-घनसाली मौटर मार्ग चार स्थानों पर मलबा आने से अवरुद्ध हो गया। इस सड़क पर सेंदुल गांव, ब्राइटलैंड स्कूल के निट, केमरा व सुलियारा गांव में सड़क बंद हो गई। सूचना पर प्रशासन की टीम रेस्क्यू के लिए रवाना हो गई है।

उधर पिथौरागढ़ जनपद में बंगापानी तहसील में बारिश से कई घरों में पानी घुस गया, जबकि कई मकानों में दरारें आ गई। इससे लोग सहमे हुए हैं। बंगापानी और छोरीबागढ़ में गरज चमक के साथ तेज बारिश हुई। इससे कई घरों में बारिश का पानी घुस गया,

कश्मीरी पंडितों के मुद्दे पर नसीरुद्दीन और अनुपम में घमासान

एंटरटेनमेंट ब्यूरो,

मोदी सरकार द्वारा अपनी द्वितीय वर्षगांठ पर ज़ोरदार जश्न मनाया जा रहा है। कई लोग मोदी सरकार के 2 वर्षों के कार्यकाल की और इस जश्न भरे माहौल की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं तो कई इसे कोस रहे हैं। इसी बीच बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है।

अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने पहले तो ये कहा है कि लोग सरकार के बारे राय बनाने में जल्दबाजी करते हैं। हमें सरकार को कुछ समय देना चाहिए। लेकिन बाद में नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि सरकार की कुछ बातें उन्हें परेशान कर रही हैं।

दरअसल नसीरुद्दीन शाह कल दिल्ली में अपनी फिल्म ‘वेटिंग’ के प्रमोशन के लिए आए थे। ‘वेटिंग’ एक कॉमेडी फिल्म है। अपनी कॉमेडी फिल्म के प्रमोशन के बहाने नासिरुद्दीन मोदी सरकार का ही नहीं दिग्गज कलाकार अनुपम खेर का भी मज़ाक उड़ा गए,या यूँ कहें कि व्यंग बाण चला गए। शाह ने अनुपम पर निशाना साधते हुए कहा कि जो कभी कश्मीर में रहा नहीं वो अब कश्मीरी पंडितों के लिए लड़ाई लड़ रहा है। आज अचानक वो विस्थापित हो गए?

shah-anupam

इतना ही नहीं शाह ने सिलेबस की किताबों में किए जाने वाले बदलाव पर भी सवाल उठाए। नसीरुद्दीन शाह का बयान ऐसे समय आया है जब स्मृति ईरानी का मंत्रालय नई शिक्षा नीति का ड्राफ्ट बनवा रहा है। राजस्थान में नेहरू को सिलेबस से हटाने का विवाद उठा है। ‘ए वेडनसडे’ फिल्म में दोनों ने एक साथ काम किया था। सिल्वर स्क्रीन पर अपनी उम्दा कलाकारी का लोहा मनवाने वाले दोनों दिग्गज कलाकार अब राजनीतिक मंच पर घमासान करते नज़र आ रहे हैं।

अब नसीरुद्दीन शाह के बयान पर अनुपम खेर की प्रतिक्रिया भी आई है। उन्होंने ट्वीट कर इसका जवाब दिया है। खेर ने कहा,” शाह साब की जय हो। आपके तर्क के अनुसार तो एनआरआई को भारत के बारे में सोचना ही नहीं चाहिए।” अपने बयान पर मचे बवाल पर नसीरुद्दीन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें जो कहना था उन्होंने कह दिया। उनके बयान को गलत तरीके से लिया गया है।

मेघालय में मोदी, एशिया के सबसे स्वच्छ गाँव मॉफलांग का किया दौरा

ब्यूरो,

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह मेघालय के एक गांव मॉफलांग पहुंचे। मॉफलांग को एशिया का सबसे साफ-सुथरा गांव माना जाता है। इस गांव में मोदी ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनके साथ संगीत का भी भरपूर लुत्फ उठाया। प्रधानमंत्री ने घूम घूम कर पूरे गांव और गांव के रहन सहन को देखा और उनकी भूरि भूरि प्रशंसा की।

मोदी ने खासी समुदाय के लोगों के संग समय बिताया और उनके वाद्य यंत्र को बजाकर भी आनंद लिया। मोदी वहाँ के लोक कलाकारों के साथ बिलकुल घुल मिल गए थे। उनके साथ मोदी ने मेघालय का ढोल व कई वाद्य यंत्रों को स्वयं बजाया, लोकनृत्य का भी जमकर आनंद लिया। मोदी ने यहाँ कलाकारों और आम लोगों के साथ चाय की चुस्कियां भी लीं और उनसे बातचीत की। आज मोदी को यहाँ कई कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेना है।

cleanest village of asia

गौरतलब है कि कल पूर्वोत्तर को दक्षिण-पूर्व एशिया का ‘प्रवेश द्वार’ करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि उनकी सरकार ‘एक्ट-ईस्ट’ नीति का सक्रियता से पालन कर रही है और क्षेत्र में बुनियादी संरचना में सुधार के लिए काम कर रही है, लेकिन अभी काफी कुछ किया जाना है।

उल्लेखनीय है कि मोदी सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज दिल्ली में ‘ज़रा मुस्कुरा दो’ नामक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम इंडिया गेट पर शाम 5 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के नेशनल चैनल पर किया जाएगा। कार्यक्रम के एक छोटे से हिस्से ‘बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ’ की मेज़बानी बिग बी अमिताभ बच्चन करेंगे। पूरे कार्यक्रम के मेज़बान अभिनेता आर. माधवन होंगे।

माँ-बेटी में ही घमसान, राबड़ी की जगह मीसा जा सकती हैं राज्यसभा!

ब्यूरो,

राष्ट्रीय जनता दल से एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सूत्रों के अनुसार अब पूर्व मुंख्यमंत्री राबड़ी देवी की जगह उनकी बेटी डाॅ. मीसा भारती राजद से राज्यसभा जाएँगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने मीसा के नाम पर मुहर लगा दी है। इससे पहले चर्चित एडवोकेट राम जेठमलानी की राज्यसभा के लिए उम्मीदवारी पहले ही से तय हो चुकी है।

मीसा और राम जेठमलानी 30 या 31 मई को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। हालांकि, अब भी राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने राज्यसभा या विधान परिषद के लिए किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। पार्टी के नेता भी लालू प्रसाद की घोषणा के पहले कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

मीसा और जेठमलानी के राज्यसभा जाने की सूचना के साथ ही अब राजद कोटे से सिर्फ विधान परिषद की दो सीटों के लिए पार्टी के कुछ नेताओं के नामों की चर्चा शुरू हो गयी है। इनमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ रामचंद्र पूर्वे का नाम पक्का माना जा रहा है। दूसरी सीट के लिए डॉ. तनवीर हसन और हिना शहाब के नामों की चर्चा अब भी चल रही है।

इसके पहले डॉ. एजाज अली भी विधान परिषद के प्रत्याशी के रूप में गिने जा रहे थे। राज्यसभा से टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त करने के बाद अब डॉ.अली विधान परिषद की उम्मीदवारी से बाहर माने जा रहे हैं।

सीबीएसई के दसवीं के परीक्षा परिणाम आज होंगे घोषित

शिखा पांडेय,

आज केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के दसवीं कक्षा के परिणामों की घोषणा होगी। अधिकारियों के अनुसार नतीजे दोपहर दो बजे घोषित किए जाएंगे। छात्र बोर्ड की वेबसाइट www.cbse.results-nic.in पर अपने नतीजे देख सकते हैं।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक़, सभी स्कूल स्वत: अपने पूरे नतीजे बोर्ड से पंजीकृत ईमेल आईडी पर हासिल कर लेंगे। बयान में कहा गया कि पूर्व के वर्षों के अनुरुप बोर्ड आईवीआरएस के जरिए भी अपने नतीजे जारी करेगा। एनआईसी और एमटीएनएल के टेलीफोन नंबरों – 24300699 या 28127030 पर दिल्ली के टेलीफोन उपभोक्ता आईवीआरएस के जरिए नतीजे हासिल कर सकते हैं, जबकि देश के दूसरे हिस्सों के लिए ये फोन नंबर 011-24300699 या 011-28127030 हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक़, नतीजे बोर्ड परिसर में उपलब्ध नहीं होंगे। इसलिए लोग नतीजे हासिल करने के लिए उसके कार्यालय न जाएँ।

छात्र कुछ आसान से स्टेप्स में अपना रिजल्ट अपने स्क्रीन पर प्राप्त कर सकते हैं-

*CBSE की आधिकारिक वेबसाइट www.cbse.nic.in , www.cbseresults.nic.in और www.results.nic.in पर जाएँ।

*वेबसाइट पर दिए लिंक ‘Class X 2016‘ पर क्लिक करें।

*जो पृष्ठ खुले उसपर अपने रोल नंबर समेत तमाम जरूरी जानकारियां भरें।

*सबमिट बटन दबाएँ।

*आपका रिजल्ट आपकी सक्रीन पर होगा।

सीबीएसई के साथ आज बिहार बोर्ड की दसवीं के नतीजे भी आएंगे। छात्र results.bihareducation.net पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।