बिहार में जंगल राज के ताने सुन सुन कर तंग आ चुके लालू प्रसाद यादव के सब्र का बाँध अब टूट गया है।
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) अध्यक्ष ने विपक्ष द्वारा बिहार में ‘जंगलराज’ के आरोप पर पलटवार करते हुए सवालिया लहजे में कहा कि अगर बिहार में ‘जंगलराज’ है तो दिल्ली में क्या है? दिल्ली में विदेशी नागरिकों पर हो रहे हमले को मद्दे नज़र रखकर लालू ने यह व्यंग बाण छोड़ा।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि जानबूझकर उनकी सरकार को बदनाम करने के लिए भाजपा ऐसा कर रही है। पटना में सोमवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने दिल्ली में पिछले हफ्ते अफ्रीकी नागरिकों पर हुए हमले की घटनाओं पर कहा, “देश की राजधानी में भी अगर विदेशी नागरिक सुरक्षित नहीं हैं, वहाँ उनकी हत्या कर दी जा रही है, तो कौन सा राज है? क्या भारतीय जनता पार्टी को वहाँ जंगलराज नहीं दिखाई देता?” उन्होंने कहा कि बीजेपी जंगलराज की बात कर के पूरे बिहार को बदनाम कर रही है।
लालू ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी उत्तर प्रदेश में चुनाव नजदीक देखकर वहाँ दंगा कराने की तैयारी कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर वोट के लिए कुछ भी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे वोट के लिए कुछ भी कर सकते हैं।लालू बोले कि केंद्र सरकार और बीजेपी चुनावी तैयारी के तहत बिहार में अभी से ही पूरी फौज उतार चुकी है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को अफ्रीकी नागरिकों पर हुए हमले के चार मामले दर्ज किए थे। इससे पहले कांगो निवासी मसोंडा केटडा ओलिवर (29) की 20 मई की रात करीब 11.30 बजे दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में किशनगढ़ गांव के करीब एक आटो रिक्शा किराए पर लेने के दौरान तीन युवकों से कहासुनी हो गई थी। उसी दौरान युवकों ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
महाराष्ट्र के वर्धा में सेना के हथियार डिपो में बीती रात आग लग गई। इस दुर्घटना में दो ऑफिसरों और 15 डीएससी जवानों की मौत हो गई है। सूत्रों के अनुसार यह आग बीती रात 1 से 2 बजे के बीच लगी जो धीरे-धीरे फैल गयी और इतनी बड़ी दुर्घटना का रूप ले लिया।
इस हादसे में कई जवान घायल हो गए हैं। घायल जवानों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। आग को बुझाने का कार्य जारी है। आग बुझाने के लिए 6 फायर ब्रिगेड गाड़ियां मंगाई गई है। डिपो के आसपास का इलाका खाली करा लिया गया है।
इस हादसे का असर आस पास के गाँवों पर भी पड़ा है और उन्हें खाली करा दिया गया है। पुलगांव का सेंट्रल एम्युनिशन डिपो देश के सबसे बड़े गोलाबारूद और हथियार डिपो में से एक है। यह डीपो नागपुर से 110 किमी दूर स्थित है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवाग्राम और सवांगी के डॉक्टरों को अलर्ट पर रखा गया है। अभी भी यहाँ रुक-रुक कर धमाकों की आवाज सुनायी पड़ रही है। पुलिस सूत्रों की माने तो यह एक हादसा है।
ऐसा लगता है कि कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा और आरोपों का चोली दामन का साथ हो चला है। ज़मीन के सौदे तथा चार सौ बीसी के आरोपों में घिरे रॉबर्ट वाड्रा पर इस बार लंदन में उनका बेनामी घर होने का आरोप लगा है। सरकार की एक जांच रिपोर्ट में लंदन में वॉड्रा के बेनामी घर का खुलासा हुआ है।
इस खबर के चर्चा में आते ही राजनीति गरमाने लगी है। लंदन में वॉड्रा के बेनामी घर होने की खबर सामने आने के बाद भाजपा ने एक बार फिर से कांग्रेस और रॉबर्ट वॉड्रा पर हमला तेज कर दिया है। भाजपा नेता और मुंबई इस्ट से सांसद किरीट सोमैया ने ईडी को एक पत्र लिखा है, जिसमें वॉड्रा के लंदन में बेनामी घर होने के दावे की पड़ताल करने की मांग की गई है।
सुर्ख़ियों की मानें तो 2009 में हथियारों के एक विवादित सौदेबाज़ ने रॉबर्ट वॉड्रा को लंदन में एक बेनामी घर खरीद कर दिया था। जांच में एक ई-मेल का भी हवाला दिया गया है, जिसमें रॉबर्ट वॉड्रा और उनके सहयोगी मनोज अरोड़ा के बीच मेल में कई संदेशों का आदान-प्रदान हुआ है।
Courtesy: photo from youtube
पिछले महीने एनफोर्समेंट एजेंसी ने वॉड्रा के 18 ठिकानों पर छापे मारे थे। छापे के बाद जांच एजेंसी ने दो रिपोर्ट्स तैयार कीं, जिसमें वॉड्रा और मनोज अरोड़ा के बीच मेल के जरीए लेन-देन के कई संदेश भेजे गए हैं। मैसेज में लंदन में घर के रेनोवेशन से जुड़ी कई बातें हैं।
मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार 12,एल्लर्टल हाउस, ब्रायंस्टन स्क्वायर पर स्थित घर को करीब 19 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। खबर है कि यह सौदा अक्टूबर 2009 में हुआ था और जून 2010 में इसे बेच दिया गया था।
इस बारे में वॉड्रा से जब मीडिया ने संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने इस संबंध में कुछ भी जानकारी देने से इनकार कर दिया। हालांकि उनके वकील ने लंदन में उनके बेनामी घर होने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया और कहा,” वॉड्रा और उनके सहयोगी संजय भंडारी किसी भी तरह के डील से नहीं जुडे हैं। दोनों को फंसाया जा रहा है।” वॉड्रा के सहयोगी संजय भंडारी से ईडी पूछताछ कर रही है।
शिवसेना, भाजपा तथा मनसे द्वारा एआईबी और तन्मय भट्ट के खिलाफ कार्रवाई की मांग के बाद मुंबई पुलिस ने कॉमेडियन तन्मय भट्ट को फेसबुक और यूट्यूब से गायिका लता मंगेशकर और क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के साथ कथित मजाकिया बातचीत वाले वीडियो को ब्लॉक करने को कहा है।
भारत के अमूल्य रत्नों के विषय में ऐसे अभद्र शब्द प्रयोग करने पर एआईबी तथा तन्मय के खिलाफ बॉलीवुड तथा राजनीतिक खेमे से तीखी प्रतिक्रिया आई है और कई कलाकारों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने ऑनलाइन कॉमेडी समूह एआईबी के सदस्य तन्मय द्वारा बनाये गये वीडियो की निंदा करते हुए इसे घटिया बताया है।
मुंबई भाजपा के अध्यक्ष आशीष शेलार ने इस बारे में शहर पुलिस आयुक्त दत्ता पाडसालगीकर से शिकायत की थी, जिसके बाद जांच शुरू की गयी। मनसे की फिल्म इकाई चित्रपट सेना ने पुलिस से वीडियो और इसके ऑनलाइन लिंक को ब्लॉक करने का भी अनुरोध किया। मनसे ने कथित तौर पर तन्मय की पिटाई की भी धमकी दी है।
शिवसेना नेता नीलम गोरे ने फडणवीस को पत्र लिखकर वीडियो बनाने में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। नीलम ने कहा, “ऐसे लोग सचिन और लता ताई जैसी हस्तियों की लोकप्रियता का खुद को मशहूर करने के लिए दुरूपयोग करने की कोशिश करते हैं।”
हास्य नहीं, सांस्कृतिक आतंकवाद है यह -अशोक पंडित
सेंसर बोर्ड के सदस्य अशोक पंडित ने ट्वीट में लिखा, “तन्मय का वीडियो हास्य के नाम पर सांस्कृतिक आतंकवाद का सही उदाहरण है। यह केवल लता मंगेशकर और सचिन तेंदुलकर के बारे में नहीं बल्कि प्रत्येक आम आदमी की गरिमा की बात है, जिसे इन तथाकथित तन्मय जैसे जोकरों से बचाया जाना चाहिए।”
दूसरी ओर तन्मय ने कॉमेडी के वीडियो में कुछ भी गलत नहीं होने की बात करते हुए एक बयान में कहा कि जिन लोगों ने इस वीडियो को पसंद किया है वे अपने विचार एक विशेष आईडी पर उन्हें भेजें और बताएं कि उन्हें क्या पसंद आया।
तन्मय ने कहा, “रोस्ट वाले दिन याद आ गये बाई गॉड। भारत माता की जय।” भट्ट ट्विटर पर ट्रेंड करने लगे और सोशल मीडिया में उनकी आलोचना वाले संदेशों की भी बाढ़ लग गयी। जानेमाने गायक सोनू निगम ने ट्विटर पर लिखा, “किसी भी महिला के बारे में इतनी अभद्रता के साथ बोलना पाप है। और यह तो लता मंगेशकर हैं।”
बेहूदा और अपमानजनक -अनुपम खेर
गौरतलब है कि इससे पहले अनुपम खेर, रितेश देशमुख और सेलिना जेटली जैसी बॉलीवुड हस्तियों ने तन्मय की आलोचना की थी। अनुपम ने ट्विटर पर लिखा “मैंने नौ बार सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता का पुरस्कार जीता। मेरा हास्यबोध अच्छा है। लेकिन यह हास्य नहीं है। यह बेहूदा और अपमानजनक है।” रितेश ने लिखा, “मैं बहुत हैरान हूं। अपमान करना ना तो सही है और ना ही इसमें कोई हास्य है।” सेलिना ने ट्विटर पर लिखा, “बिल्कुल..हैरान हूं। इसपर हंसी नहीं आ रही। लता मंगेशकर से अभी के अभी माफी मांगी जानी चाहिए।”
आपको बता दें कि गत 26 मई को फेसबुक पर डाले गए ‘सचिन वर्सेज लता सिविल वार’ शीर्षक वाले वीडियो में तन्मय 86 साल की गायिका और 43 साल के क्रिकेटर, दोनों के किरदार में हैं और दोनों किरदार एक-दूसरे पर अभद्र टिप्पणियाँ कर रहे हैं। वीडियो में लता के लिए कई पंचलाइनों का इस्तेमाल किया गया जैसे कि ‘जॉन स्नो (अमेरिकी टीवी सीरिज ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ का एक किरदार) भी मर गया, आपको भी मर जाना चाहिए’ और ‘आपका चेहरा ऐसा दिखता है जैसे कि किसी ने आपको आठ दिन तक पानी में रखा हो।’
ऐसा नहीं है कि एआईबी पहली बार विवादों में पड़ा है। इससे पहले भी दिसंबर 2014 में अभिनेता रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर तथा फिल्मकार करण जौहर के साथ इनका एक वीडियो गाली-गलौज और भद्दे शब्दों से भरे होने की वजह से विवाद में पड़ गया था।
आम आदमी ने सपने में भी सोचा न होगा कि कभी उसके इतने अच्छे दिन भी आ सकते हैं कि अपने पापों को धोने के लिए जिस पतित पावनी गंगा की तलाश में वह गंगा तक जाता था,अब वह पतित पावनी स्वयं उसके दरवाज़े पर आएगी। भारत सरकार ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स का प्रयोग कर गंगाजल को डाक के माध्यम से लोगों के घरों तक पहुंचाने का नया प्रयास कर रही है।
दूरसंचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने एनडीए सरकार की दो साल की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए कहा कि उन्हें अक्सर ऐसी प्रार्थनाएं मिलती रहती हैं कि क्या डाक विभाग के इतने बड़े नेटवर्क के माध्यम से गंगाजल को लोगों तक पहुंचाया जा सकता है? उन्होंने डाक विभाग को निर्देश दिया है कि लोगों को हरिद्वार और ऋषिकेश से शुद्ध गंगाजल पहुंचाने के लिए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स का प्रयोग करें।
उन्होंने कहा कि डाक विभाग ने भरोसा दिलाया है कि लोगों की इस सांस्कृतिक जरूरत को पूरा करने के लिए वे इस पर सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में ई-कॉमर्स उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने के चलते डाक विभाग की पार्सल से होने वाली कमाई 80 प्रतिशत बढ़ गई है। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अगर एक डाकिया मोबाइल फोन, साड़ियां, गहने और कपड़े पहुंचा सकता है, तो गंगाजल क्यों नहीं? जल्द ही यह सुविधा आम जन के लिए उपलब्ध होगी।
झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से इस बार शिबू सोरेन के छोटे बेटे बसंत सोरेन को राज्यसभा उम्मीदवार चुना गया है। आज ही झामुमो विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगाई गई है। झारखंड के पूर्व सीएम व शिबू सोरेन के बड़े बेटे हेमंत सोरेन ने प्रेस कॉन्फ्रेस में इस बात की जानकारी स्वयं दी है।
उल्लेखनीय है कि झारखंड में राज्यसभा की दो सीटें खाली हुई हैं, एक सीट कांग्रेस के धीरज साहू व एक भाजपा के एम.जे. अकबर की। भाजपा ने जहां केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को कल उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया, वहीं आज झामुमो ने बसंत सोरेन के नाम का पासा फेंका है।
इस सिलसिले में पिछले दिनों हेमंत सोरेन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर चुके हैं। इस मुलाकात में उन्होंने कांग्रेस से समर्थन की मांग की थी। कांग्रेस की ओर से भी यह संकेत दिया गया था कि वह झामुमो को समर्थन देगी।
जाट नेताओं ने 5 जून को एक बार फिर से आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस चेतावनी के मद्देनज़र अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता बढ़ने लगी है। पिछले आंदोलन में हुई भारी हानि को देखते हुए सुरक्षा इंतजामात मज़बूत किए जा रहे हैं, जिससे किसी भी तरह का खून- खराबा न होने पाए। जांच एजेंसियों की नज़र इस बार पहले से ही सोशल साइट्स पर बनी हुई है, जिससे किसी भी तरह के बवाल को रोका जा सके।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ सोनीपत में सुरक्षा कारणों से धारा 144 लगा दी गई है। साथ ही राज्य के 7 संवेदनशील ज़िलों में केंद्रीय बालों को तैनात कर दिया गया है। पिछली बार के आँडिलां में जिन इलाकों में उत्पात हुआ था, उन जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद कर दी गई है। जाटों ने सरकार को चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि उनकी बाते न मानी गईं तो वे सरकार का ही बहिष्कार कर देंगे।
जाटों के समुदाय से लगातार मिल रही चेतावनी पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने साफ़ कहा कि पुलिस पूरी तरह से तैयार है, यदि किसी ने भी राज्य की व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अपने बयान में कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। खट्टर ने कहा कि हरियाणा की आम जनता परेशान थी लेकिन कांग्रेस उस विषम परिस्थिति में भी राजनीतिक लाभ लेने में जुटी थी।
केंद्र सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जारी कार्यक्रमों के तहत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक में एक जनसभा को संबोधित किया। मोदी ने कहा, मैं देश को गलत रास्ते पर नहीं ले जाने दूंगा। मोदी ने अपने सरकार की उपलब्धियोंके बारे में बताया।
प्रधानमंत्री ने कर्नाटक के दावणगेरे में उज्जवल योजना का उद्घाटन किया। मोदी ने कहा,” सरकार के काम का मूल्यांकन होना चाहिए। सरकार के काम का लेखा-जोखा होना चाहिए। मैं आपके पास इसलिए आया हूँ कि मैं अपने सरकार के दो साल का लेखा-जोखा आपको दूँ और आपका आर्शीवाद लूँ। मैंने पिछले चुनाव में आपसे कहा था कि आप मुझे कमल दो मैं आपको लक्ष्मी दूँगा। आपको स्मार्ट सिटी मिली, रेलवे के लिए बजट मिला। हमारे देश में दो साल से कम समय में इतनी तेजी के साथ सभी दिशाओं में कई काम हुए। पिछली सरकार अपने कामों की ढोल पीटती थी, लेकिन जो काम 60 साल में पूरे नहीं हुए, मेरी सरकार ने दो साल में पूरे किए।
मोदी ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा, सरकार को बने एक सप्ताह भी नहीं हुए थे कि मेरे सामने भांति भांति के सवाल खड़े किये जाते थे। मुझसे हिसाब मांगा जाता था। इस देश में कुछ लोग ऐसे हैं, जो लोकतंत्र की बात तो करते हैं लेकिन लोगों के द्वारा चुनी हुई सरकार को स्वीकार करने के लिए उनका मन तैयार नहीं है। उनको अब भी लगता है ये कैसे चुन कर आ गया। लेकिन मैं उन लोगों से कहना चाहता हूँ कि मैं कहीं से नहीं आया बल्कि मैं लोगों द्वारा चुन कर लाया गया हूँ।
मोदी ने कहा, “मुझपर इल्ज़ाम लगाया जाता है कि मोदी बड़े काम नहीं करता है, पहले वाली सरकार ने बड़े-बड़े काम किए। पहले वाली सरकार ने बड़े-बड़े लोगों के लिए काम किए और बड़े-बड़े फायदे भी उठाए। क्या मैं भी वैसा ही काम करूं?” मोदी ने कहा, “मैं एक-दो काम कम करूंगा लेकिन देश को गलत रास्ते पर नहीं जाने दूंगा। ये आपसे वादा है।”
मोदी ने बड़े साफ़ लफ़्ज़ों में कहा, “आज सरकार को काम नहीं करने दिया जा रहा है, लेकिन हमारा प्रयास है कांग्रेस मुक्त भारत बनाना।” मोदी ने कहा मेरी सरकार 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में काम कर रही है। लेकिन इस काम में किसानों भाईयों का सहयोग जरूरी है। मोदी ने किसानों से इस दिशा में सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने गन्ना किसानों की दुख के बारे में कहा कि मिल वाले किसानों को सही समय पर पैसे नहीं देते लेकिन अब गन्ना किसानों को पहले पैसे मिलेंगे। मोदी ने कहा, “सरकार ने ऐसा प्रयास किया है कि अब बिचौलियों के हाथों किसानों को प्रताड़ित नहीं होना पड़ेगा”
मोदी ने कहा, “दो साल में देश में जो बदलाव आया है, इस कार्य में जिसने भी सहयोग किया है मैं उनका हृदय से धन्यवाद देता हूँ।” मोदी ने जनता से आह्वान किया कि देश का भाग्य बदलने में आप सभी के सहयोग की आवश्यता है। मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान में जनता की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि दुनिया में भारत की स्वच्छता के बारे में चर्चा हो रही है।
मोदी ने कहा, “आज के समय में एक रुपए में चाय तक नहीं मिलती, लेकिन मेरी सरकार ने मात्र एक रुपए में आपको जीवन बिमा देने का काम किया है। प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना ने देश के गरीबों को सुरक्षित जीवन देने का संकल्प लिया है।”
मोदी ने जनता से पूछा,” गरीब का बैंकों पर अधिकार है कि नहीं? क्या केवल संपन्न लोगों का ही बैंको पर अधिकार है?” आम जान की प्रशंसा करते हुए वे बोले, “लेकिन मेरे देश के गरीबों का बड़ा दिल देखिए। उन्होंने मुफ्त में बैकों में खाता नहीं खुलवाया, बल्कि उन्होंने कुछ न कुछ राशि देकर खाता खुलवाया। ये है हमारे देश के गरीबों की अमीरी।”
राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह की एकाएक समाजवादी पार्टी से बढ़ी हुई करीबी चर्चा का विषय बन गई है। खबर है कि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और आरएलडी अध्यक्ष अजित सिंह हाथ मिला सकते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या आरएलडी का साथ एसपी को दोबारा सत्ता की गारंटी दिला देगा?
अजित सिंह ने बीते 24 घंटे में दो बार मुलायाम सिंह यादव से मुलाकात की है। सूत्रों के अनुसार दोनों की मुलाकात के पीछे गठबंधन की मंशा हो सकती है।अनुमान लगाया जा रहा है कि अजित सिंह की मंशा सिर्फ राज्यसभा पहुंचने की ही नहीं, बल्कि साइकिल का साथ लेकर यूपी विधानसभा चुनाव तक पहुंचने की भी है। यही वजह है कि दिल्ली में एसपी और आरएलडी के नेता एक-दूसरे के घर का चक्कर लगा रहे हैं।
कल रात अजित सिंह मुलायम सिंह के घर डिनर पर पहुंचे थे, आज सुबह एसपी के एमएलसी आंसू मलिक अजित सिंह से मिलने पहुंचे थे। दोपहर में एसपी महासचिव शिवपाल सिंह यादव भी अजित सिंह से मिलने पहुंचे थे। हालांकि उन्होंने अजित सिंह से मुलाकात को सामान्य बताया था, लेकिन ऐसा लगता नहीं। शिवपाल से मिलने के बाद अजित सिंह सीधे मुलायम सिंह यादव के घर मिलने पहुंच गए।
गौरतलब है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल का हैंडपंप सूख गया था। पश्चिमी यूपी में कभी अपना वर्चस्व रखने वाले अजित सिंह की खुद की सीट तक चली गई थी। ऐसे में दिल्ली की राजनीति से अजित सिंह पिछले दो सालों से दूर हैं। पहले तो नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू में आरएलडी के विलय की चर्चा जोर शोर से चली थी, लेकिन बात बन नहीं पाई। अब ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सपा से तालमेल बैठ गया है।
2012 विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 224 सीटें जीतने के साथ ही 29 फीसदी से ज्यादा वोट हासिल किए थे और अजित सिंह की आरएलडी को राज्य में ढाई फीसदी से भी कम वोट मिले थे। ऐसे में समाजवादी पार्टी से गठबंधन आरएलडी के लिए नफे का सौदा साबित हो सकता है।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अंतरिक्ष में एक और बड़ी सफलता हासिल कर ली है। भविष्य में चांद या मंगल पर बसने की कोशिशों के तहत नासा ने हवा से फैला कर कमरा तैयार करने में सफलता पाई है।
इस तकनीक को बिगेलो इक्सपैंडेबल ऐक्टिविटी मॉड्यूल (बीम) का नाम दिया गया है।इसके तहत अंतरिक्ष यात्री जेफ विलियम्स ने कल वाल्व का इस्तेमाल कर पॉड की परत में हवा भरी और उसे फैलाया और कमरा बनाया। पॉड फुलाने का काम पूरा होने पर विलियम्स ने बीम के अंदर आठ हवा के टैंक खोले और उसका दाब स्तर 14.7 पीएसआई के करीब लाया।
नासा के प्रवक्ता डैनियल हुओट ने बताया, “मॉड्यूल पूरी तरह से फैलाया हुआ और पूरी तरह दाबित है।” नासा ने कहा कि अब अंतरिक्ष यात्री कई परीक्षणों द्वारा यह सुनिश्चित करेंगे कि कहीं इससे हवा का रिसाव न हो। वे तकरीबन एक हफ्ते में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र के ‘ट्रांक्विलिटी मॉड्यूल’ से इसमें प्रवेश करने से पहले ढेर सारी अन्य तैयारियां भी करेंगे।
विशेषज्ञों का कहना है कि फैलाने की प्रक्रिया को खोलना भी कहा जा सकता है क्योंकि बीम को पूर्ण आकार में लाने के लिए महज 0.4 पीएसआई की जरुरत पडती है। भविष्य में अंतरिक्षयात्रियों को चांद या मंगल ग्रह पर रहने के लिए इसी तरह के आवासों की जरुरत पड़ सकती है।