28 C
Mumbai
Tuesday, August 4, 2026
Home Blog Page 1212

सलमान के बयान का हुआ ज़रुरत से ज़्यादा प्रचार -सलीम खान

एंटरटेनमेंट डेस्क,

सलमान खान के पिता प्रसिद्ध पटकथाकार सलीम खान ने अपने बेटे सलमान खान के बलात्कार पीड़िता से जुड़े विवादित बयान को लेकर मीडिया पर आरोप लगाया है कि मीडिया ने मुद्दे को जरूरत से ज्यादा प्रचारित किया है। सलीम ने मीडिया पर आरोप लगाते हुए कहा, “मीडिया की व्यवसायिक मजबूरी उसे मुद्दे को दूर तक ले जाने के लिए प्रेरित करती है। मुझे अफसोस है कि मुझे इसका पता नहीं था।”

सलीम खान ने रेप रिमार्क वाले मामले में कहा, “आमतौर पर लोग समस्या से निजात पाने के लिए माफी मांग लेते हैं, उन्हें लगता है कि इससे समस्या का अंत हो जाएगा।” सलीम ने कहा कि किसी को माफी मांगने के लिए मजबूर करने से क्या फायदा? 80 साल के पटकथाकार ने कहा, ‘‘किसी के सिर पर तलवार रखकर उनसे माफी मंगवाने का क्या मतलब है, चाहे वह गलत है या नहीं। उस व्यक्ति को पता है कि उसने कोई अपराध नहीं किया।”

उल्लेखनीय है कि सलमान ने हाल में यह विवादित बयान दिया था कि अपनी फिल्म ‘सुलतान’ की थकाने वाली शूटिंग के बाद उन्होंने खुद को एक बलात्कार पीड़िता की तरह महसूस किया था। अभिनेता सलमान खान को बार बार माफी मांगने को कहा गया, पर सलमान ने विवाद को लेकर कुछ भी कहने से मना कर दिया और माफ़ी भी नहीं मांगी। हालांकि अभिनेता की तरफ से माफी मांगने वाले उनके पिता सलीम खान ने मुद्दे को जरूरत से ज्यादा उछालने के लिए मीडिया की आलोचना की है। आपको बता दें कि इससे पहले सलीम खान ने सलमान के बायान को गलत बताकर उसके लिए माफ़ी मांग ली थी।

बगदाद आतंकी हमला: मरने वालों की संख्या हुई 120, 176 घायल

ब्यूरो,

ईराक़ की राजधानी बगदाद में हुए बम हमलों में मरनेवालों की संख्या 120 हो गई है और करीब 176 लोग घायल हुए हैं। इराक के अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। पहला धमाका बगदाद के बीचो बीच स्थित व्यस्त बाजार कराडा में एक कार में हुआ। हमला उस समय हुआ जब लोग परिवारों के साथ रमजान के पवित्र महीने के दौरान खरीदारी के लिए बाजार में निकले थे।

इस्लामिक स्टेट समूह ने आत्मघाती कार बम हमला करने का दावा करते हुए, एक बयान जारी किया कि उन्होंने जानबूझकर शिया मुस्लिमों को निशाना बनाया है। हालाँकि बयान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकी है। दूसरे हमले में पूर्वी बगदाद में एक आईईडी विस्फोट हुआ। इस हमले की ज़िम्मेदारी अब तक किसी ने नहीं ली है। दमकल कर्मी आज तड़के तक आग को बुझाने की मशक्कत में लगे थे और अब भी इमारत से शव मिल रहे हैं। सूत्रों के अनुसार अधिकतर मृतक बच्चे हैं।

हमले के कुछ घंटे बाद इराक के प्रधानमंत्री ने विस्फोट स्थल का मुआयना किया। सोशल मीडिया पर डाले गये वीडियो फुटेज में उग्र भीड़ को देखा जा सकता है, जिसमें लोग प्रधानमंत्री हैदर अल-अबादी को चोर कह रहे हैं और उनके काफिले के सामने चीख-पुकार कर रहे हैं।

भारत को ‘हिन्दू राष्ट्र’ बनाना चाहती है भाजपा -ओवैसी

ब्यूरो,

एमआईएम (ऑल इंडिया मजलिसे एत्तेहादुल मुस्लिमीन) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने भारतीय जनता पार्टी पर समान नागरिक संहिता के नाम पर भारत को ‘हिंदू राष्ट्र’ बनाने के प्रयास का आरोप लगाया है। ओवैसी ने संवाददाताओं से बात करते हुए भाजपा पर आरोप लगाया कि भाजपा दरअसल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एजेंडा को लागू करने की कोशिश कर ही है, क्योंकि वह चुनावों के दौरान किए गए वादों को पूरा करने में असफल रही है।

ओवैसी ने पूछा, “हिंदू संयुक्त परिवार को कर छूट मिलती है। क्या आप उसे हटानेवाले हैं?” उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार धारा 371 को हटा सकती है जो मिजोरम और नागालैंड को सांस्कृतिक सुरक्षा व अधिकार देती है?

ओवैसी ने इसके अलावा एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) द्वारा गिरफ्तार 5 युवाओं को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने संबंधी बयान पर सफाई देते हुए कहा कि मीडिया ने उसे गलत ढंग से दिखाया। अपनी सफाई में उन्होंने कहा,”अगर मैं उन्हें कानूनी सहायता नहीं दूंगा तो अदालत उनके लिए वकील की नियुक्ति करेगी ही। हमारी लोकतांत्रिक प्रणाली में सभी आरोपियों को कानूनी सहायता पाने का हक है और हमारे देश की न्यायपालिका इसी तरह से काम करती है।” उन्होंने कहा, “अदालत इस बात का फैसला करेगी कि वे दोषी हैं या निर्दोष हैं और हर किसी को अदालत का फैसला स्वीकार करना होगा।”

ओवैसी ने कहा, “आईएस एक आतंकवादी संगठन है और इस पर कोई दो राय नहीं हो सकती। सभी इस्लामिक विद्वानों ने उसकी आलोचना की है।” उन्होंने दोहराया कि अगर एनआईए द्वारा गिरफ्तार किए गए युवा अदालत में निर्दोष साबित होते हैं तो उनको गिरफ्तार करनेवाले अधिकारियों को निलंबित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ऐसे बहुत सारे मामले हैं जिसमें मुस्लिम युवाओं को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अदालत से वे बरी हुए हैं। उन्होंने अक्षरधाम हमले और मालेगांव हमले में गिरफ्तार किए गए मुस्लिम युवाओं का हवाला दिया, जिन्हें अदालत ने निर्दोष बरी किया था। उन्होंने पूछा, “उनके जीवन का कीमती समय जेल और अदालत का चक्कर लगाते बीता, क्योंकि वे मुस्लिम थे। उसके लिए कौन जिम्मेदार है?”

ढाका के बाद अब भारत को भी आतंकी खतरा! सीमा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

प्रमुख संवाददाता,

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए आतंकी हमले से जुड़े कई अहम खुलासे हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार बांग्लादेश सरकार ने आतंकियों की माँग नहीं मानी, इसलिए उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक ढाका में हुए आतंकी हमले के बाद अब आतंकी संगठन पश्चिम बंगाल और असम को निशाना बना सकते हैं जिसको लेकर भारत पहले ही से एकदम सतर्क हो गया है।

दरअसल आतंकवादियों ने बंदी बनाए गए लोगों के बदले अपने कुछ साथियों को छोड़ने की माँग की थी और उनकी ये बात बांग्लादेश सरकार ने मानने से इनकार कर दिया था। आपको बता दें कि करीब 7 आतंकवादियों ने 1 जुलाई की शाम ढाका के वीआईपी इलाके में स्थित रेस्टोरेंट होली आर्टिसन बेकरी पर हमला कर 20 लोगों की हत्या कर दी।

ढाका में आतंकवादी हमले की घटना के बाद पश्चिम बंगाल में रेड अलर्ट जारी किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार को सतर्क करते हुए एक पत्र भेजा है, जिसमें सीमावर्ती जिलों में विशेष निगरानी रखने एवं तलाशी अभियान चलाने को कहा गया है। नदिया, मुर्शिदाबाद, मालदा और उत्तर 24 परगना में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को ऐसी जानकारी मिली है कि कुछ बांग्लादेशी आतंकवादी सीमा पार कर बंगाल में प्रवेश कर सकते हैं।

सीमावर्ती इलाके में बीएसएफ की नाकेबंदी-

सीमा के 500 मीटर अंदर तक के इलाके की बीएसएफ ने नाकेबंदी कर रखी है। राज्य के सीमावर्ती इलाकों के आसपास के गांवों में पुलिस विशेष तलाशी अभियान चला रही है। कांटेदार तार विहीन व नदी सीमाओं पर खास तौर से निगरानी रखी जा रही है। जिला पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।

सीमा के उस पार से आने वाले ट्रकों की विशेष रूप से तलाशी ली जा रही है। भारत आने वाले बांग्लादेशी नागरिकों पर भी नजर रखी जा रही है। हावड़ा के छोटे-छोटे होटलों के रजिस्टर तक की जांच हो रही है। महानगर के छोटे होटलों पर भी पुलिस व खुफिया विभाग की नजर बनी हुई है। कोलकाता के भीड़भाड़ वाले इलाकों, पोर्ट, रेलवे स्टेशन व शॉपिंग मॉल की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। सादी पोशाक में पुलिस कर्मी बड़ी संख्या में तैनात किये गये हैं।

बीएसएफ के आइजी संदीप सालुंके ने बताया कि ईद व रथ यात्रा के मद्देनजर पहले से ही सीमा पर सख्त निगरानी चल रही थी, लेकिन बांग्लादेश की राजधानी ढाका के एक रेस्तरां में हुए आतंकवादी हमले के बाद सीमा पर चौकसी और बढ़ा दी गयी है। हालात के मद्देनजर रेड अलर्ट जारी कर दिया है और विशेष अभियान भी शुरू कर दिया गया है। बीएसएफ बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है और स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है। श्री सालुंके ने बताया कि हम लोग भारतीय खुफिया एजेंसियों और बीजीबी के साथ लगातार संपर्क बनाये हुए हैं।

खतरे में संसार, अब बग़दाद में हुए धमाके, 12 की मौत 27 घायल

ब्यूरो,

शुक्रवार को बांग्लादेश में हुए हमले के बाद, अब आतंकवादियों ने ईराक को अपने निशाने पर लिया है। ईराक की राजधानी बगदाद में शनिवार देर रात दो कारों में बम विस्फोट हुए, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और अन्य 27 लोग घायल हो गए।

ये विस्फोट बगदाद के व्यस्त वाणिज्य क्षेत्रों में हुए। एक सूत्र ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ को बताया कि पहला हमला देर रात करीब एक बजे उस वक्त हुआ, जब एक आत्मघाती हमलावर ने दक्षिणी मध्य बगदाद के कर्रादा-दाखिल इलाके में एक भीड़भाड़ वाले रास्ते पर अपनी कार को बम से उड़ा दिया। इस हमले में 11 लोग मारे गए और अन्य 22 लोग घायल हो गए। इस ज़बरदस्त बम विस्फोट में कई दुकानें और कई कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

वहीं, अन्य विस्फोट राजधानी में मध्य रात्रि में उस वक्त हुआ जब लोकप्रिय शललाल बाजार में विस्फोटक सामग्री से लदी कार में धमाका हो गया। इसमें एक की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। विस्फोट से आसपास की कई दुकानों व स्टॉलों को भी नुकसान पहुंचा है। जून 2014 के बाद से आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने पूरे देश में आतंक का माहौल फैला रखा है।

विधायक के बिगड़ैल बेटे ने 8 को रौंदा, 3 की मौत

अभिजीत मिश्र,

जयपुर। फतेहपुर (सीकर) के निर्दलीय विधायक नंदकिशोर महरिया का बेटा सिद्धार्थ नशे में धुत शुक्रवार की देर रात अपनी बी.एम.डब्लू. कार तेज़ रफ़्तार में दौड़ा रहा था और देखते ही देखते कार आठ लोगो के ऊपर चढ़ा दी। पहले उसने एक ऑटो को टक्कर मारी, जिसमें ऑटो चालक सहित 3 लोगों की मौकेे पे ही मौत हो गई, फिर उसने एक पुलिस वाहन पर टक्कर मारी, जिससे 4 जवान घायल हो गए।

ऑटो में लगी टक्कर इतनी तेज़ थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और ऑटो सवार लोग कार के बोनट में फंस कर करीब 200 मीटर तक घिसटते चले गए। टक्कर के बावजूद कार मौके पर उपस्थित एक पीसीआर वैन में जा टकराई। कुछ देर पीछा करने के बाद आरोपी समेत अन्य कार सवारों को धर दबोचा गया है।

रियो ओलम्पिक: 400 मीटर की दौड़ में निर्मला शेरोन ने बनाई जगह

प्रमुख संवाददाता,

भारतीय धाविका निर्मला शेरोन ने अगले महीने होने वाले रियो ओलंपिक खेलों के लिये क्वालीफाई किया है। राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ 51.48 सेकेंड में पूरी करके निर्मला ने रियो ओलंपिक में जगह बनाई। निर्मला ने 400 मीटर हीट में 52.35 सेकेंड का समय निकाला था और आज उन्होंने उसमें सुधार करके रियो का टिकट हासिल किया।

हरियाणा की इस धाविका ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके एम आर पूवम्मा के 2014 में बनाए गए 51.73 सेकेंड के मीट रिकार्ड को भी तोड़ा। निर्मला भारत की तरफ से रियो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने वाली 24वीं ट्रैक एवं फील्ड एथलीट बन गयी हैं।

उन्होंने ओलंपिक क्वालीफिकेशन का 52.20 सेकेंड का मार्क पार किया। उनका आज का प्रदर्शन भारत की तरफ से 400 मीटर में चौथा सर्वश्रेष्ठ समय है। पीटी उषा की ट्रेनी जिसना मैथ्यू ने रजत और तमिलनाडु की पी वी सौंदर्य ने कांस्य पदक जीता।

निर्मला के प्रदर्शन पर उषा ने कहा, “दौड़ वास्तव में अच्छी रही और यदि वह आगामी प्रतियोगिताओं में भी अपना अच्छा प्रदर्शन बरकरार रखती हैं तो यह अच्छा होगा।”

पुरूषों की 400 मीटर दौड़ चंडीगढ़ के पंकज मलिक ने 47.40 सेकेंड के साथ जीती। केरल के जितिन पाल पुरूषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहे।

उत्तराखण्ड में 24 घंटे से भारी बारिश, सरकार ने जारी किया अलर्ट

प्रमुख संवाददाता,

उत्तराखंड में प्रकृति का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। कई इलाकों में बादल फटने और पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण स्थिति और गंभीर होती जा रही है। नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। नदी के किनारे बसे घरों में रहने वालों को अलर्ट जारी कर मकान खाली करने का आदेश दे दिया गया है। कई रास्ते भूस्खलन के कारण बंद हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उत्तराखंड में बाढ़ के हालत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा,” स्थिति हमारे नियंत्रण में है। मैं बचाव अभियान का खुद जायजा ले रहा हूं। कंट्रोल रूम में बैठकर सारे कार्यों पर नजर रख रहा हूं। एनडीआरएफ और पुलिस टीम कई जगहों पर बचाव कार्य कर रही है।”

उत्तराखंड में हुई इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र  मोदी ने  दुख जताते हुए कहा,” इस आपदा में मारे गए लोगों के परिवार के लिए गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। साथ ही, जख्मी हुए लोगों के जल्द ही स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

एनडीआरएफ की टीम उत्तराखंड के कई जिलों में तैनात में है और मुश्किल में फंसे लोगों को राहत पहुंचाने की कोशिश कर रही है। कल बादल फटने के कारण 32 लोगों की मौत हो गयी थी। कई लोग फंसे थे, जिन्हें सुरक्षित निकाला गया तथा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

अभी इन इलाकों में बारिश थमने की संभावना नहीं है। अगले 48 घंटे भारी बारिश होने का अनुमान है। राज्य के 8 जिलो में पहले ही अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में बारिश के बाद भारी नुकसान हुआ है। इन इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

12 में से 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कई जगहों पर लोग फंसे हैं। गंगोत्री हाइवे भी बंद हो गया है। राज्य में कई घरों को नुकसान पहुंचा है। भारी बारिश में कई घर टूटकर बह गए हैं। धारचुला इलाके में तीन और जौल जीबी में 2 पुलों के बह गए हैं।

बांग्लादेश आतंकी हमला: एक भारतीय लड़की की मौत, सुषमा स्वराज ने जताया दुःख

शिखा पाण्डेय,

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए आतंकवादी हमले में एक भारतीय के भी मारे जाने की खबर है। आईएसआईएस के आतंकवादियों के इस निर्मम हमले में 20 विदेशी नागरिकों की हत्या कर दी गई है, जिनमें ज्यादा जापानी या इतालवी हैं। सुरक्षाबलों ने डिप्लोमैटिक एरिया के होली आर्टिसन रेस्त्रां में घुसे 6 आतंकियों को ढेर कर दिया है और एक आतंकी को जिंदा पकड़ा है।

सैन्य अभियान महानिदेशक ब्रिगेडियर जनरल नईम अशफाक चौधरी ने बताया कि सशस्त्र बलों के नेतृत्व में साझा अभियान शुरू होने से पहले ही आतंकवादियों ने 20 बंधकों की निर्मम हत्या कर दी। जिन लोगों को मौत के घाट उतारा गया उनमें से ज्यादातर का गला काटा गया था।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर यह जानकारी साझा करते हुए कहा, “बेहद दुख हो रहा है कि आतंकियों ने एक भारतीय लड़की, जिसे उन्होंने बंधक बनाया था, उसकी हत्या कर दी।”

विदेश मंत्री ने तारुषि के पिता से की बात-

19 साल की तारुषि के पिता से भी सुषमा स्वराज ने बात की उन्होंने बात करते हुए इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। सुषमा ने कहा कि उनके परिवार वालों के लिए वीजा की व्यवस्था की जा रही है। तारूषि के भाई शिरीष जैन ने कहा, “हमें मंत्रालय से मदद मिल रही है। हमारी कोशिश है कि हम जल्द वहां पहुंच सकें। हमने कभी कल्पना नहीं की थी कि ऐसा होगा।”

बंधक संकट खत्म होने के बाद बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बांग्लादेश से आतंकवादियों और हिंसक चरमपंथियों का सफाया करने के लिए सबकुछ करने का संकल्प लिया।

गौरतलब है कि होली आर्टिसन बेकरी में कम से कम नौ आतंकवादी ‘अल्लाहू अकबर’ चिल्लाते हुए घुसे और उन्होंने स्थानीय समयानुसार कल रात करीब नौ बजकर 20 मिनट पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस रेस्तरां में अक्सर राजनयिक और विदेशी नागरिकों का आना जाना रहता है।

इसके बाद आतंकवादियों और बांग्लादेशी सुरक्षा बलों के बीच भीषण गोलीबारी हुई और आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड फेंके। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी मारे गए और 30 अन्य घायल हो गए।

दिसम्बर में करीना कपूर बन जाएगी माँ

एंटरटेनमेंट डेस्क,

लंबे समय से लगाए जा रहे कयासों का सिलसिला समाप्त हो गया। फाइनली, सैफ अली खान ने मीडिया से यह बात साझा की कि करीना और उनका पहला बच्चा दिसम्बर में जन्म लेगा। सोशल मीडिया में इस खबर के आते ही लोगों ने शुभकामनाओं की झड़ी लगा दी है।

कुछ महीने से के खबर थी कि करीना जल्द माँ बनने वाली हैं। इस बात को लेकर मीडिया ने बेबो से कई बार प्रश्न भी किया लेकिन हर बार उन्होंने ये कहकर टाल दिया कि जब वक़्त आएगा तब बता दूंगी। और आज ये वक़्त आ गया। सैफ अली खान ने एक बयान जारी कर यह स्पष्ट किया कि बॉलीवुड की यह मशहूर जोड़ी जल्द ही पेरेंट बनने वाली है।

मीडिया को सैफ द्वारा जारी वक्तव्य में कहा गया है, ” आप सभी को यह सूचित करते हुए हमें ख़ुशी हो रही है कि हमारा (करीना-सैफ) पहला बच्चा दिसम्बर दिसंबर में जन्म लेगा। आप सभी के धैर्य और प्यार के लिए शुक्रिया।” इस सन्देश में ज़रिए सैफ ने अपने प्रशसंकों को खुशखबरी दी है।