28 C
Mumbai
Tuesday, August 4, 2026
Home Blog Page 1211

सलमान के बयान से दुःखी हैं आमिर, कहा -‘दुर्भाग्यपूर्ण है सलमान का बयान’

एंटरटेनमेंट डेस्क,

अभिनेता आमिर खान ने सलमान खान के ‘रेप’ वाले बयान को असंवेदनशील और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। अपनी फिल्म ‘दंगल’ के प्रमोशन के दौरान आमिर ने कहा, “जिस वक्त सलमान ने यह बयान दिया तब मैं वहां नहीं था। मैं सिर्फ मीडिया रिपोर्ट्स को पढ़ रहा हूं, जिसमें सलमान का नाम लेते हुए लिखा गया है कि उन्होंने रेप पीड़ित महिला से अपनी तुलना की है। मेरे अनुसार से ऐसा बयान असंवेदनशील और दुर्भाग्यपूर्ण है।”

रेप रिमार्क वाले मामले में जब आमिर से पूछा गया कि क्या वह सलमान को कोई सलाह देना चाहेंगे? तो उन्होंने कहा, “मैं उन्हें सलाह देने वाला कौन होता हूं?” गौरतलब है सलमान खान ने एक इंटरव्यू में अपनी आने वाली फिल्म ‘सुल्तान’ को लेकर दिए साक्षात्कार में कहा था कि शूटिंग के दौरान जब वे रिंग से बाहर निकलते थे तो उन्हें रेप का शिकार हुई महिला की तरह महसूस होता था, क्योंकि वे सीधे नहीं चल पाते थे।

बता दें कि उनके मित्र और सुपरस्टार शाहरूख खान से इस विषय में पूछे जाने पर कहा था,”पिछले कुछ साल में मैंने पाया कि मैंने खुद बहुत सारी अनुचित टिप्पणियां की हैं। मुझे नहीं लगता कि मैं किसी और की टिप्पणी पर कोई फैसला दे सकता हूं।”

इसके अलावा जहां सिने जगत की अनुराग कश्यप, जोया अख्तर और सोना महापात्र जैसी कई मशहूर हस्तियों ने सलमान के बयान की अलोचना की, वहीं अरबाज खान, सोनू सूद और सुभाष घई जैसे लोगों ने सलमान का बचाव किया।

ओलम्पिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों से मिले पीएम मोदी

शिखा पाण्डेय,

ब्राजील के रियो डि जनेरियो में होने वाले आगामी ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दी। 5 से 21 अगस्त तक होने वाले खेलों के लिए मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं दी। मानेकशा सेंटर में हुए समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत तौर पर बात की। भारत इस साल ओलंपिक में अपना अब तक का सबसे बड़ा दल भेज रहा है।

देश के 100 से अधिक खिलाड़ी पहले ही 13 खेलों के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। आगामी दिनों में कुछ और खिलाड़ी ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर सकते हैं और खेल मंत्रालय तथा आईओए को उम्मीद है कि यह आंकड़ा 110 के पार पहुंच जाएगा। इससे पहले लंदन ओलंपिक के दौरान भारत ने सर्वाधिक 83 खिलाड़ी भेजे थे।

आज प्रधानमंत्री से मिलने वाले खिलाड़ियों में निशानेबाज जीतू राय, मानवजीत सिंह संधू, हीना सिद्धू, बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू, के श्रीकांत, मुक्केबाज शिव थापा, लंबी दूरी की धाविका सुधा सिंह और ललिता बाबर आदि शामिल रहे। भारतीय महिला हाकी टीम, मुख्य कोच नील हागुड और कोच सीआर कुमार भी इस दौरान मौजूद थे। राष्ट्रीय बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद और मुक्केबाजी कोच गुरबक्श सिंह संधू ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान खिलाड़ियों को प्रधानमंत्री के साथ सेल्फी खींचते और उनके आटोग्राफ लेते हुए देखा गया।

समारोह में खेल मंत्री जितेंद्र सिंह, खेल सचिव राजीव यादव, अखिल भारतीय खेल परिषद (एआईसीएस) के अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा, भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एन रामचंद्रन, महासचिव राजीव मेहता, हाकी इंडिया के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा और महासचिव मुश्ताक मोहम्मद आदि ने भी हिस्सा लिया।

तारिषी जैन का शव पहुंचा दिल्ली, एयरपोर्ट पहुंचे मंत्री पीयूष गोयल

अमित द्विवेदी,

नई दिल्ली। ढाका आतंकी हमले की शिकार तारिषी जैन का शव नई दिल्ली पहुंच गया है। तारिषि के परिवार को रिसीव करने के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। तारिषी का अंतिम संस्कार सेक्टर 29 (गुड़गांव) के शिवमूर्ति शमशान घाट पर किया जाएगा।

तारिषी की मौत को लेकर पूरा देश दुखी है। फिरोजाबाद में भी लोगों ने कैंडिल मार्च निकालकर तारिषी को श्रद्धांजलि दी। कई मुस्लिम धर्मगुरू भी उनके आवास पर पहुंचे और उन्होंने पीडित परिवार को सांत्वना दी। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने इस कुकृत्य की आलोचना करते हुए कहा कि कोई भी धर्म इस बात की इजाज़त नहीं देता कि आप कत्लेआम करें।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने तारिषी की मौत पर दुख जाहिर किया और तारिषी के परिवार की हर संभव सहायता करने की बात कही है। गौरतलब है कि ढाका हमले में आतंकियों ने 19 साल की तारिषी जैन की जान ले ली। तारिषी के माता-पिता ढाका में ही रहते हैं और यहीं गारमेंट का बिजनेस करते हैं। तारिषी छुट्टियों के दौरान ढाका अपने माता-पिता के पास आई थी। उसने ढाका के अमेरिकन स्कूल से पढ़ाई की थी। आतंकी हमले के दौरान वो रेस्टोरेंट में डिनर करने गई थी।

शेखर कपूर की बेटी का गीत हुआ वायरल, बॉलीवुड ने भी की तारीफ

अब्दुल फ़हद, 

शेखर कपूर की बेटी कावेरी का आजकल एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। महज 15 साल की कावेरी का गाया हुआ गीत सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कावेरी ने सोशल मीडिया पर अपने द्वारा लिखे, कंपोज किए गए और गाया हुआ पहला गाना ‘DID YOU KNOW’ सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है।

बॉलीवुड कलाकार शाहरुख खान, ऋतिक रोशन सहित फिल्‍म निर्देशक करण जौहर ने भी कावेरी की आवाज और उनके गाने की तारीफ की है, जिसकी वजह से इस गाने की पहुँच और तेज़ी बढ़ी। ख़बरें ऐसी भी हैं कि कावेरी जल्दी ही किसी बड़े निर्देशक की फिल्म से बॉलीवुड में एंट्री कर सकती हैं। हालाँकि अभी तक इस बात की पुष्टि किसी ने नहीं की है।

शेखर कपूर खुद एक बेहतरीन फिल्म मेकर हैं, ऐसे में यह भी कयास लगाया जा रहा है कि शेखर खुद ही अपनी किसी फिल्म से अपनी बेटी को लांच कर सकते हैं। फ़िलहाल तो कावेरी अपने गाने को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं।

देश के कई इलाके में झमाझम बारिश, जन-जीवन अस्त व्यस्त

अभिजीत मिश्र,

भोपाल। रविवार को पूरे प्रदेश में बहुत बारिश हुई। इस साल ऐसा पहली बार हुआ है कि लगभग सभी क्षेत्रों में एक साथ बारिश हुई हो। मौसम विभाग के अनुसार ऐसी बारिश 2 दिन तक और होने की पूरी संभावनाए है।

प्रदेश की राजधानी भोपाल में सुबह से शाम तक बारिश होती रही और दूसरी तरफ झमाझम बारिश होने के कारण विदिशा-रायसेन रोड के पुल में पानी भर गया जिससे आस पास के सभी शहरो से संपर्क टूट गया।

एक तरफ जहां भोपाल, जबलपुर और पचमढ़ी में पर्यटक बारिश का लुफ्त उठा रहे थे, वहीं दूसरी ओर बारिश के कारण कई शहरों में जनजीवन तितर-बितर हो गया। सागर में 2 लोग उफनाई बरसानी नाले की चपेट में आकर बह गए। उज्जैन जिले के भैरवगढ़ थाना क्षेत्र में पिकनिक मानाने गये 4 लोगों के डूबने से मौत हो गई।

देश के और भी क्षेत्रों में तेज़ बारिश का बड़ा असर देखने को मिला है। उत्तराखण्ड के अधिकतर रास्ते बन्द हो गए हैं और अभी भी भारी बारिश होने की पूर्ण सम्भावना है। हरियाणा के हिसार में 2 बच्चों की डूबने से मौत। वहीं मुम्बई में पानी घुटनों तक हो गया। व्यस्त रहने वाली नगरी में लोकल ट्रेन के 15 से 20 मिनट विलम्ब से चलने की ख़बर है।

ढाका आतंकी हमले की शिकार तारिषि का आज गुड़गांव में अंतिम संस्कार

प्रमुख संवाददाता,

नई दिल्ली। ढाका में हुए आतंकी हमले में मारी गई भारतीय छात्रा तारिषी जैन का शव आज दोपहर भारत पहुँच जाएगा। तारिषि का अंतिम संस्कार गुड़गांव में किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक़ तारिषि के परिवार वाले रविवार को उसका शव लेने ढाका के किए निकले थे।

ढाका आतंकी हमले में मृत अन्य लोगों में से एक भारतीय छात्रा तारिषि भी शामिल है। जब आतंकी रेस्टोरेंट में घुसे तब तारिषि में अपने घरवालों को एक मैसेज भेजा था, जो उसका आखिरी मैसेज बन गया। तारिषि ने अपने मैसेज में लिखा, “आतंकी रेस्टोरेंट के अंदर दाखिल हो चुके हैं। मुझे बहुत डर लग रहा है,  मुझे नहीं लगता कि मैं यहां से ज़िंदा बचकर वापस आ पाऊंगी। वे लोग सबको मार रहे हैं।”

तारिषि की हत्या के विरोध में उसके घर फ़िरोज़ाबाद में लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर आतंकवाद का विरोध किया। मौत की खबर के बाद से ही फ़िरोज़ाबाद में सन्नाटा पसरा है।

आतंकवादियों ने तारिषि समेत 20 लोगों को मौत की घाट उतार दिया। ढाका के इस राजनयिक इलाके में आने वालों में विदेशी अधिक होते थे।

300वां ग्रैंडस्लैम जीत, विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के चौथे दौर में पहुंची सेरेना

ब्यूरो,

विश्व की नंबर एक खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने रविवार को अपने करियर का 300वां ग्रैंडस्लैम जीत  कर विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के चौथे दौर में प्रवेश कर लिया है। इस जीत के साथ सेरेना ग्रैंडस्लैम में जीत का तिहरा शतक पूरा करने वाली दुनिया की दूसरी महिला खिलाड़ी बन गयी हैं। विंबलडन में बारिश के कारण बीच वाले रविवार को भी मैच खेलने पड़े।

तीसरे दौर के मैच में सेरेना ने जर्मनी की अनिका बेक को 6-3, 6-0 से हराने के लिये केवल 51 मिनट का समय लिया। ओपन युग में ग्रैंडस्लैम में सेरेना से अधिक जीत अब केवल मार्टिना नवरातिलोवा के नाम पर दर्ज हैं, जिन्होंने 306 मैचों में जीत हासिल की थी। सेरेना ने सेंटर कोर्ट पर खेले गये मैच में शुरू से ही जर्मन खिलाड़ी को टेनिस का कड़ा सबक सिखाया। स्टेफी ग्राफ के रिकार्ड 22 ग्रैंडस्लैम एकल खिताब की बराबरी करने की कवायद में लगी इस 34 वर्षीय खिलाड़ी ने विंबलडन में 82 मैच जीत लिये हैं।

अगली कड़ी में उनका अगला मुकाबला रुस की 13वीं वरीयता प्राप्त स्वेतलाना कुजनेत्सोवा से होगा, जिन्होंने एक अन्य मैच में अमेरिका की सलोनी स्टीफन्स 6-7, 6-2, 8-6 से हराया। महिला वर्ग के अन्य मैचों में रुस की 21वीं वरीय अनेस्तेसिया पावलिचेनकोवा ने स्विट्जरलैंड की किशोरी और 11वीं वरीय टिमिया बासिनस्की को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से पराजित किया।

एक अन्य मैच में अमेरिका की 27वीं वरीय कोको वांडेवेगे ने इटली की छठी वरीयता प्राप्त राबर्टा विन्सी को 6-3, 6-4 से हराया। रुस की इलेना वेसनिना भी चौथे दौर में पहुंच गयी हैं। उन्होंने अमेरिका की जुलिया बोसरप को 7-5, 7-5 से हराया। रुस की ही एकटेरिना मकरोवा ने चेक गणराज्य की 24वीं वरीय बारबरा स्टरीकोवा को 6-4, 6-2 से हराया।

मोदी की मदद कर पछता रहा हूँ -राम जेठमलानी

शिखा पाण्डेय,

पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री राम जेठमलानी ने आज कहा कि उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी का सहयोग किया था लेकिन अब वह खुद को इसके लिये गुनहगार और ठगा हुआ महसूस करते हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में विदेशी बैंकों में जमा कालाधन वापस लाने समेत तमाम वादों के मद्देनजर उन्होंने मोदी की मदद की थी, पर अब उन्हें इसका पछतावा है।

जेठमलानी ने समाजवादी सिन्धी समाज के प्रान्तीय अधिवेशन में शिरकत करते हुए कहा कि मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में उन्होंने इसलिए सहयोग किया, क्योंकि मोदी ने लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान विदेशी बैंकों में जमा धन को भारत वापस लाने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी कालाधन वापस नहीं लाए, जिसका उन्हें बेहद अफ़सोस है। उन्होंने कहा, “अब ऐसा लगता है कि मोदी अपना वादा पूरा नहीं करेंगे।”

पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री ने कहा,” मैं खुद को गुनहगार मानता हूं कि मैंने मोदी की मदद की। मैं आपके बीच यह भी कहने आया हूं कि आप लोग प्रधानमंत्री की बातों का भरोसा न करें।”

जेठमलानी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की छवि साफ-सुथरी है और वह देश का भविष्य हैं। उन्होंने सिन्धी सभा के प्रतिनिधियों को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया ताकि समाजवादी पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में आ सके।
सपा के राज्यसभा सदस्य अमर सिंह ने इस अवसर पर कहा कि वह जेठमलानी का बहुत सम्मान करते हैं, क्योंकि वह हमेशा न्याय की बात करते हैं।

इस मौके पर सिन्धी समाज ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को सम्बोधित एक मांगपत्र भी सौंपा। इसमें इस समाज को सरकार तथा संगठन में प्रतिनिधित्व देने, प्रदेश में रहने वाले 35 लाख सिन्धियों के विकास के लिये कल्याण बोर्ड गठित करने, सिन्धियों को अल्पसंख्यक का दर्जा देने इत्यादि मांगें प्रमुख रूप से शामिल थीं।

RTI के जवाब में विदेश मंत्रालय ने सरबजीत को बताया ‘तस्‍कर’

अब्दुल फ़हद,

सीमा रेखा पार करने के जुर्म में पाकिस्तान की जेल में लंबे समय से बंद रहे सरबजीत की जेल में ही हुए हमले में हत्या हो गई, तो देश शोक में डूब गया। उनकी बहन दलबीर कौर लंबे समय से भारत सरकार के जरिए पाकिस्तान से भाई को छुड़ाने की लड़ाई लड़ रहीं थीं। मगर भाई की हत्या से बहन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

सरबजीत को शहीद की तरह पेश किया गया। हाल में रणदीप हुड्डा और ऐश्वर्या राय अभिनीत फिल्म सरबजीत भी बनी। इस बीच एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। भारत का विदेश मंत्रालय, सरबजीत को तस्कर मानता है। यह खुलासा एक RTI से हुआ है। RTI के जवाब में विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सरबजीत ने भारतीय वाणिज्‍य दूतावास से कहा था कि वह छोटा सा तस्‍कर था और आजीविका के लिए छोटी-मोटी तस्‍करी करता था।

एक बार ऐसी ही यात्रा के दौरान उसे 29-30 अगस्‍त 1990 की रात को कसूर सीमा के पास पाकिस्‍तानी सैनिकों ने पकड़ लिया था। RTI कार्यकर्ता हरमिलाप ग्रेवाल ने विदेश मंत्रालय में ये RTI लगाई थी।

ब्रेकिंग न्यूज़: माइक मीटिंग में चला बम , ABVP के उपाध्यक्ष (प्रयाग) को आई गंभीर चोटें

अनुज हनुमत,

इलाहाबाद। विवि की प्रवेश परीक्षा में हुई कथित धांधली के विरोध में जगह-जगह छात्र नेताओं द्वारा माइक मीटिंग की जा रही थी। उसी क्रम में आज शाम सलोरी में भी माइक मीटिंग का आयोजन किया जा रहा था, तभी अचानक कुछ अराजक तत्वों ने चल रही माइक मीटिंग में बम चला दिया। जिसकी वजह से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रयाग महानगर उपाध्यक्ष छात्र नेता सूर्यप्रकाश मिश्र और डीपी यादव सहित आधा दर्जन छात्र नेताओ को गंभीर चोंटे आई हैं और वो बुरी तरह घायल हो गए। बम चलते ही उक्त स्थान में अफरातफरी का माहौल हो गया।

इस बमबाजी में घायल हुए छात्र नेता सूर्यप्रकाश मिश्र ने कहा, “ये बहुत दुःखद है कि हमारे ऊपर बम चलाया गया। विवि प्रशासन को इसका जवाब देना पड़ेगा। हम पूरी विद्यार्थी परिषद की टीम के साथ दिल्ली जाकर स्मृति ईरानी से मिलेंगे और उनसे मांग करेंगे कि उक्त समस्याओं पर विवि प्रशासन के कुछ आला अधिकारीयों की जाँच हो और कुलपति पर कार्यवाही हो। अगर हमारी मांगे नहीं मानी गईं, तो हम वही सामूहिक आत्मदाह करेंगे।

attack

बतातें चले कि अभी हाल ही में इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश परीक्षाएं सम्पन्न हुई हैं, जिसमें क्रेट और पीजीएटी की प्रवेश परीक्षाओं में पेपर आउट और कथित धांधली का मामला सामने आया था। जिसके बाद से छात्र संघ पदाधिकारियों सहित सैकड़ों छात्रों ने उक्त परीक्षाएं रद्द करने कीं मांग के साथ विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बीते सप्ताह कुलपति कार्यालय का घेराव किया था, जिसके बाद विवि प्रशासन ने क्रेट की प्रवेश परीक्षा के एक केंद्र की परीक्षा रद्द करने की घोषणा कर दी थी। साथ में कुलपति ने अगामी 4 तारीख को छात्र नेताओं से मिलने से इंकार करते हुए उन छात्रों से मिलने का निर्णय लिया था, जिन्होंने पीजीएटी और क्रेट की प्रवेश परिक्षा में हिस्सा लिया था। जिसके बाद से प्रदर्शन कर रहे छात्र नेताओं ने निर्णय लिया कि वह घूम-घूम कर माइक मीटिंग करेंगे और सभी छात्रों को सच्चाई बताकर, इस आंदोलन में सहभाग करने के लिए आमन्त्रित करेंगे। इसी कार्ययोजना के तहत आज सलोरी में माइक मीटिंग रखी गई थी।

समाचार लिखे जाने तक सैकड़ो छात्रों ने थाने को घेर रखा था और थाने के अंदर पीड़ित छात्र और पुलिस के बीच बातचीत चल रही है। सूत्रों की मानें तो इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के साथ साथ प्रत्यक्षदर्शियों की गवाही के बाद कुछ लोगों को भी चिन्हित किया है और थाने में मौजूद भीड़ द्वारा उनके खिलाफ जल्द से जल्द नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग भी की जा रही है। इस बमबाजी में किसका हाथ है, अभी यह कह पाना तो बहुत मुश्किल है लेकिन कल का दिन इविवि के कैम्पस के लिए बहुत गर्म रहने वाला है ।