एक हफ्ते के भीतर ही बांग्लादेश में दूसरा आतंकी हमला हुआ है। इस बार ये ईद की नमाज का वक़्त था। बांग्लादेश की राजधानी ढाका से 100 किलोमीटर दूर किशोर गंज में ईद के दिन आतंकी हमलों में पांच लोगों की जान चली गई, जिसमें से एक हिन्दू महिला (झरना रानी) भी थीं।
पुलिस ने बताया कि जहाँ हमला हुआ वहाँ नमाज पढ़ने के लिए लगभग दो लाख लोग जुटे थे। आतंकियों ने लोगों को मारने के लिए देसी बम का इस्तेमाल किया और सिक्योरिटी स्टाफ पर धारदार हथियारों से वार किया।
जवाबी गोलीबारी में 2 पुलिस कर्मचारी और 1 आतंकी मारा गया। हमले में 13 लोग घायल हुए हैं और एक संधिद्ध को गिरफ्तार किया गया है। हफ्ते भर पहले बांग्लादेश में पहले भी एक बड़ा आतंकी हमला हो चुका हूँ। यह बताना मुश्किल है कि इन आतंकी हमलों के पीछे किसका हाथ है। किसी भी आतंकी संगठन ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।
आतंकी घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ईराक़ की राजधानी बग़दाद के उत्तर में शिया मुसलामानों के पवित्र स्थल पर आत्मघाती हमलावरों और बंदूकधारियों ने हमला कर दिया, जिसमे लगभग 35 लोगों की मौत हो गई और लगभग 60 घायल हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ यह धमाका सईद मोहम्मद बिन अली अल-हादी की कब्र के गेट के नज़दीक हुआ। खबरों के अनुसार, विस्फोट होने के तुरन्त बाद ही बंदूकधारी आतंकियों ने इस पवित्र स्थल पर ईद मना रहे लोगों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी, जिसकी वजह से भारी संख्या में लोग घायल हो गए। और इस दुर्घटना में 35 लोगों की जान चली गई।
गौरतलब है कि इसके पहले भी शिया बाहुल्य इलाके में हुए आतंकी हमले में करीब 300 लोगों की जान गई थी। आत्मघाती हमलावरों ने दो सफल धमाके किए पहला धमाका पवित्र स्थल के गेट पर किया गया और दूसरा धमाका लोगों के बीच जाकर किया, तीसरे आत्मघाती हमलावर की कोशिश नाकाम रही क्योंकि जब तब वो खुद को बम से उडाता, उसे सुरक्षाकर्मियों ने गोली मारकर उड़ा दिया। हमले की ज़िम्मेदारी आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) ने ली है।
नई दिल्ली। तमाम विरोधों और जाँचों को झेलने के बाद अंततः दुनिया का सबसे सस्ता फोन बनाने का दावा करने वाली कंपनी रिंगिंग बेल्स ने गुरुवार को इस फोन को लांच किया। कम्पनी ने पहली खेप में केवल 5000 लोगों को ही यह फोन देने का निर्णय लिया है। जिन लोगों ने 251 रुपए वाले फोन के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया था, उनको लकी ड्रा के जरिए यह फोन 251 रुपए में शुक्रवार से मिलना शुरू हो जाएगा।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाने वाले ग्राहकों में इस को लेकर जबरदस्त उत्साह है। कंपनी ने बताया कि मात्र 251 रुपए में मिलने वाले इस स्मार्ट फोन में सभी एप्लीकेशन चलेंगे और इसमें एंड्रॉयड का लेटेस्ट वर्जन भी मिलेगा। फोन में फ्रंट और रियर कैमरे के साथ LED फ्लैश भी है। अच्छी खासी मैमरी और दमदार रैम के साथ इस फोन के लिए 7.30 करोड़ लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है, लेकिन चुनिंदा लोगों को ही यह फोन मिलेगा।
बताते चलें कि इस साल फरवरी में कंपनी ने 251 रुपए में स्मार्ट फोन देने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया तो चार दिन में ही साढ़े सात करोड़ से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवा दिया। इस प्रक्रिया के अलावा लाखों लोगों ने ऑफलाइन भी फोन खरीदने के लिए रजिस्ट्रेशन करवा दिया। वेबसाइट पर प्रति सेकेंड 6 लाख से ज्यादा हिट होने के चलते वेबसाइट ही क्रैश हो गई। जिसके बाद मजबूरन कंपनी ने रजिस्ट्रेशन बंद कर दिया। बाद में नेताओं से लेकर कई गेजेट एक्सपर्ट्स तक ने इस ऑफर पर सवाल उठाए। फरवरी में सस्ते फोन की खबर आग की तरह फैल गई। जितनी तेज़ी से यह ऑफर पॉपुलर हुई, उतनी ही तेजी से इसकी विश्वसनियता पर उंगली भी उठने लगी। लेकिन अब कंपनी का दावा है कि यह कोई मार्केटिंग स्टंट नहीं बल्कि 2 लाख लोगों को फोन देने की तैयारी है, जिसमें से 5000 लोगों को फोन देना शुरू कर दिया जाएगा और बाकि लोगो को भी जल्द ही दिया जायेगा।
इस फोन में 3 GHz क्वोड-कोर प्रोसेसर, 1 जीबी रैम, 8 जीबी इंटरनल मेमोरी, 4 इंच की स्क्रीन है। रिंगिंग बेल्स ने इस सबके लिए लगभग 70 करोड़ रुपए की इन्वेस्टमेंट की है, जिसमें से 30 करोड़ रुपए डिस्ट्रीब्यूटर से और कुछ पैसा मोबाइल फोन के पुर्जे बनाने वाली कंपनियों को शेयर बेच कर इकट्ठा किया गया है।
कल राजधानी दिल्ली में कंपनी ने फ्रीडम 251 का ऑफिशियल लॉन्च किया। इस बहुचर्चित फोन के लिए भारी संख्या में मीडिया भी मौके पर पहुंची। कंपनी ने शायद इसी मौके का फायदा पब्लिसिटी के लिए उठाना चाहा और अपने 6 और फोन का लांच कर दिया। इसी के साथ 31.5 इंच की led भी reveal कर दी। बताया जा रहा है कि 9900 कीमत की Led 15 अगस्त को मार्केट में आएगी। देखना दिलचस्प होगा की कंपनी कब तक बाकि बचे ग्राहकों को फोन उपलब्ध कराएगी ।
दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने आज रुसी खिलाड़ी इलेना वेसनिना को केवल 48 मिनट में करारी शिकस्त देकर विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। ओपन युगल में 22 ग्रैंडस्लैम जीतने के रिकार्ड की बराबरी करने की कवायद में लगी, इस 34 वर्षीय अमेरिकी खिलाड़ी ने अपनी 50वीं रैकिंग की प्रतिद्वंद्वी को 6-2, 6-0 से हराया।
सेरेना ने 29 वर्षीय रुसी खिलाड़ी वेसनिना पर शुरू में ही 4-0 की बढ़त बना ली थी। वेसनिना ने इसके बाद दो अंक बनाये लेकिन सेरेना ने सातवें ऐस से 28 मिनट में सेट अपने नाम कर दिया। दूसरा सेट तो केवल 20 मिनट में ही सेरेना ने अपने नाम करके मैच जीत लिया। उन्होंने पहले, तीसरे और पांचवें गेम में ब्रेक प्वाइंट लिया।
सेरेना ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं। मैच आसान नहीं था। आपको हर अंक के लिये जूझना पड़ता है। मैं वास्तव में आज पूरी तरह से एकाग्र होकर खेली। इससे पहले हमने कुछ कड़े मैच खेले थे और मैं जानती थी कि इस कोर्ट पर भी वह हावी हो सकती है।” उन्होंने कहा,” मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि मैं यहां फाइनल में पहुंच गयी हूं। इस साल अभी तक मैं कोई ग्रैंडस्लैम नहीं जीत पायी और इसलिए यहां जीतने के लिये प्रतिबद्ध हूं।”
दूसरी ओर उनकी बड़ी बहन वीनस विलियम्स दूसरे सेमीफाइनल में जर्मनी की एंजेलिक केरबर से हारकर विंबलडन से बाहर हो गई हैं। अब सेरेना और केरबर के बीच फाइनल मुक़ाबला होगा। केरबर ने वीनस को 6-4 और 6-4 से मात दी।
मध्य प्रदेश में लगातार 48 घंटे बारिश होने की वजह से ज्यादातर शहरों में सड़क तक पानी भर गया है। प्रदेश के शहर रीवा के कुछ युवा पर्यटन स्थल में मौसम का आनंद ले रहे थे। जल प्रपात के बीचों-बीच जा कर सेल्फ़ी लेना इन युवाओं को भारी पड़ा। बारिश के कारण प्रपात का बहाव बढ़ गया और पलक झपकते ही पाँचों दोस्तों को अपने साथ बहा कर ले गया।
टूरिज्म मिनिस्ट्री द्वारा जल प्रपात में सुरक्षा के नाम पर एक बोर्ड और लोहे की सलाखें बनवाई गईं हैं, जिसे कोई भी उसे आसानी से पार करके जलप्रपात के समीप जा सकता है। उन पांच दोस्तों में अभी फ़िलहाल एक का मृत शरीर बरामद हुआ है, जो कि चट्टान में जा गिरा था, बाकी लड़कों की खोजबीन जारी है।
शहर में ये ऐसी पहली घटना नहीं है, पहले भी यहाँ कई बड़े हादसे हो चुके है। शहर में अन्य पर्यटन स्थल है, जैसे क्योंटी जल प्रपात, चचाई जल प्रपात, बहूति जल प्रपात। ये जल प्रपात अब टूरिस्ट स्पॉट से ज्यादा सुसाइड स्पॉट बन गए हैं। हर वर्ष यह पर्यटन स्थल किसी न किसी की मौत की वजह बन जाता है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने अपने आरोपों की गठरी में से अब एक नया आरोप ढूंढ निकाला है। अब केजरीवाल ने दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रणाली को ‘अति विचित्र’ बताया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज इस केंद्रीय विश्वविद्यालय में शहर के विद्यार्थियों के लिए ही कोटा न होने पर प्रश्न उठाया है।
केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा, “दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रवेश की प्रणाली अति विचित्र है। यहां न ही स्थानीय लोगों के लिए कोई कोटा है और न ही अंकों को सामान्य करने की कोई व्यवस्था।”
मुख्यमंत्री के इस बयान से कुछ दिनों पहले उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी को पत्र लिखकर सुझाव दिया था कि दिल्ली के विद्यार्थियों को दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिले में दूसरे राज्यों के विद्यार्थियों के मुकाबले प्राथमिकता दी जानी चाहिए। ईरानी को लिखे पत्र में सिसोदिया ने कहा था कि दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया में विसंगतियों के चलते दिल्ली के लाखों विद्यार्थी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं क्योंकि अन्य राज्यों के शिक्षा बोर्ड से आने वाले आवेदकों के अंक दिल्ली के विद्यार्थियों की तुलना में अधिक होते हैं।
ईद के ख़ास मौके पर बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान आज मीडिया से रुबरू हुए। हाल ही में हुए तमाम आतंकवादी हमलों के बाद मीडिया से अपनी इस बातचीत में उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद फैलाने वालों का कोई मजहब नहीं होता। उन्होंने अपनी आगामी फिल्म ‘दंगल’ के बारे में भी कई बातें बताईं।
जब आमिर से देश में फैल रहे आतंकवाद के बारे पूछा गया तो उन्होंने कहा,” मजहब हमें प्यार सीखाता है और आतंकवाद को बढ़ावा देनेवालों का मजहब से कोई लेना-देना नहीं होता। चाहे वो कितना भी कहें कि वो ये सब मजहब के लिए कर रहे हैं। “
जब आमिर से पूछा गया कि इस्लामिक धर्म गुरु ज़ाकिर नाईक पर बैन लगना चाहिये या नहीं तो उन्होंने कहा ,”मैं इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।” गौरतलब है कि ऐसा बताया जा रहा है कि ढाका हमले में शामिल रहे दो आतंकी ज़ाकिर नाईक से प्रभावित थे। हालांकि अभी तक उनकी कोई भूमिका साफ नहीं है।
जब आमिर से फिल्म ‘सुल्तान’ के बारे में पूछा गया तो आमिर ने इस फिल्म को एक शानदार फिल्म बताया। आमिर बोले, “यह एक प्रेरणादायक और बहुत इमोशनल फिल्म है। फिल्म में मुझे कोई कमी नजर नहीं आई। फिल्म के सेकंड हॉफ में मैं बहुत रोया और कहीं-कहीं हंसा भी।”
आमिर ने कहा कि ‘दंगल’ और ‘सुल्तान’ दोनों ही फिल्म अलग-अलग हैं और दोनों की कोई तुलना नहीं है। आपको बता दें कि ‘सुल्तान’ में सलमान एक रेसलर की भूमिका निभाई है, वहीं ‘दंगल’ में आमिर भी रेसलर की भूमिका में ही नजर आयेंगे।
उत्तर प्रदेश के ऐशबाग ईदगाह में आज ईद की नमाज़ बहुत ख़ास रही, क्योंकि आज यहां पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी एक साथ ईद की नमाज अदा की। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पहली बार इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की ओर से मौलाना खालिद फरंगी की पहल पर ऐशबाग ईदगाह में महिलाओं व पुरुषों ने एक साथ ईद की नमाज़ अदा की। हालांकि यहां महिला नमाजियों के लिए अलग से पर्दे की चहर दीवारी की व्यवस्था की गयी थी।
महिला नमाजियों की इमामत भी मौलाना खालिद रशीद फरंगी ने की। मीडिया रिपोट्स के मुताबिक, मौलाना ने बताया कि ईदगाह में महिलाओं के प्रवेश पर प्रतिबंध नहीं था, लेकिन इससे पहले महिलाओं ने पुरुषों के साथ कभी भी नमाज अदा नहीं की। यह पहला मौका है, जब महिला पुरुषों ने एक साथ नमाज अदा की है।
ईद की नमाज़ के लिए आज ऐशबाग ईदगाह में प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और गवर्नर राम नाईक भी पहुंचे। उन्होंने लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। जानकारी के मुताबिक करीब पांच लाख लोगों ने नमाज अदा की इसमें करीब पांच हजार महिलाएं शामिल हुई।
जॉन एक अभिनेता के साथ ही एक जिम्मेदार फिल्म निर्माता भी हैं। जॉन फिल्म के लिए बड़े ही जिम्मेदारी से काम करते हैं। बॉलीवुड में अक्सर यह देखा जाता है कि किसी एक इंसान के साथ दर्जनों लोगों की भीड़ होती है लेकिन जॉन हर जगह अकेले ही देखे जाते हैं,चाहे वो फ़िल्म की शूटिंग हो या कोई इवेंट।
सूत्रों की मानें तो जॉन ने उनकी बॉलीवुड की पहली फिल्म से ही तय कर लिया था कि वे दूसरों की तरह अलग हेयर एंड मेकअप, स्पॉट बॉय, मैनेजर, स्टाइलिस्ट या और कोई सहायक नहीं रखेंगे। जॉन के साथ लंबे समय से उनके सहायक वेंकी ही नज़र आते हैं।
जॉन शायद इसलिए भी इस तरह की लाइफ पसंद करते हैं क्योकि वे इंटरनेशनल स्टार स्टेलोन से काफी प्रभावित हैं। स्टेलोन भी भीड़ भाड़ नहीं पसंद करते, अकेले अपनी कार ड्राइव करके हर जगह जाते हैं। स्टेलोन जॉन के फेवरेट एक्टर तो हैं, इसके अलावा जॉन को स्टेलोन की फिटनेस के भी मुरीद हैं। ही जॉन उनके फिटनेस के भी मुरीद हैं। जॉन चाहते हैं कि वे सिल्वेस्टर स्टेलॉन के नक्शे कदम पर चलें।
ब्लेड रनर के नाम से विश्व प्रख्यात् एथलीट ऑस्कर पिस्टोरियस को अदालत ने छह साल की जेल की सज़ा सुनाई गई है। दक्षिण अफ्रीका में प्रिटोरिया हाईकोर्ट के न्यायाधीश ने बुधवार को अपनी गर्लफ्रेंड रीवा स्टीनकैंप की हत्या के मामले में पैरालंपिक एथलीट ऑस्कर पिस्टोरियस को छह साल जेल की सजा सुनाई है।
इससे पहले पिछले महीने न्यायाधीश तोकोजीले मसीपा ने तीन दिन की अदालती सुनवाई खत्म होने के बाद कहा था कि ऑस्कर पिस्टोरियस की सज़ा का एलान छह जुलाई को किया जाएगा।
गौरतलब है कि ऑस्कर पिस्टोरियस ने 2013 में वेलेंटाइन डे (14 फरवरी) के दिन अपने घर में रीवा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। ऑस्कर कोर्ट में कहते रहे कि उन्होंने अंधेरे में घर में चोर दाखिल होने के शक में गोली चलाई थी। लेकिन फॉरेंसिक रिपोर्ट में कहा गया कि ऑस्कर ने गोली मारने से पहले रीवा को बैट से पीटकर घायल किया था। छह साल की जेल की सजा के बाद मानो जैसे ऑस्कर का एथलेटिक करियर खत्म हो गया।