28.4 C
Mumbai
Tuesday, August 4, 2026
Home Blog Page 1208

ज़ाकिर नाईक का चौतरफा विरोध, सांसद सावंत ने गृहमंत्री को लिखा पत्र

अमित द्विवेदी,

मुस्लिम विचारक और प्रचारक ज़ाकिर नाईक पर चौतरफा दबाव बनाता नज़र आ रहा है। ज़ाकिर की आलोचना करते हुए शिवसेना सांसद अरविन्द सावंत ने इस सम्बन्ध में गृहमंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर नाईक पर बैन लगाने की सिफारिश की। इसके अलावा आरएसएस के विचारक राकेश सिन्हा ने भी कहा कि सरकार को नाईक पर नियंत्रण लगाने के बारे में सोचना चाहिए।

ढाका में हुए आतंकी हमले में 2 आतंकी ज़ाकिर नाईक के भाषण से प्रभावित थे। जिसका पता चलते ही नाईक पर तलवार लटकने लगी। अब जब जांच अभियान ने तेज़ी पकड़ ली है, तब ज़ाकिर ने कहना शुरू किया कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है। यह पहली बार नहीं है जब कोई आतंकी ज़ाकिर नाईक के भाषणों से प्रभावित होकर आतंकी संगठन से जुड़ा हो। इसके पहले भी भारत से भागकर जो लड़के isis में शामिल हुए थे, वे भी ज़ाकिर से प्रभावित थे।

शिवसेना नेता अरविन्द सावंत ने गृहमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन और उसके अन्य मान्यता प्राप्त संगठनों की सभी गतिविधियों की जांच होनी चाहिए, जिससे इन सबकी असलियत सामने आ सके। गौरतलब है कि जिस इलाके में इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन का मुख्य कार्यालय है, अरविन्द सावंत उसी इलाके के सांसद हैं।

इसी मामले पर आरएसएस के राकेश सिन्हा ने स्पष्ट किया कि दो इस्लामिक देश भी ज़ाकिर नाईक पर प्रतिबन्ध लगा चुके हैं। इसी से स्पष्ट है कि ज़ाकिर मानवता के लिए कितना बड़ा ख़तरा है। यदि जल्द इनपर लगाम न लगाई गई तो पूरा विश्व ऐसे लोगों की वजह से आतंकी घटनाएं झेलेगा।

बांग्लादेश के शोलकिया ईदगाह में धमाका, 1 सुरक्षाकर्मी की मौत 12 घायल

ब्यूरो

आज ईद के मौके पर बांग्लादेश में नमाज़ के वक़्त बम धमाका हुआ है। जानकारी के मुताबिक़, धमाके में 12 लोग घायल हुए हैं और एक पुलिसवाले की मौत हो गई है। बांग्लादेश में हुए इस हमले के बाद पूरे विश्व की सभी सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं।

आ रही खबरों के मुताबिक़ घटना बांग्लादेश के किशोरगंज जिले में हुआ है। हालाँकि अभी तक यह पता नहीं लगाया जा सका है कि हमले की वजह क्या है और न ही किसी आतंकवादी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है। ढाका में हुए आतंकी हमले को हुए अभी एक हफ्ता भी नहीं हुआ कि एक और बम धमाके ने माहौल बिगाड़ दिया है।

हमला ईद की नमाज शुरू होने से ठीक पहले हुआ। ईदगाह के मैदान में हुए इस हमले के बाद लोगों में डर का माहौल है। बता दें कि बांग्लादेश के शोलकिया ईदगाह में ईद की नमाज़ के लिए सबसे ज़्यादा लोग जमा होते हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, धमाके में एक कॉन्स्टेबल की मौत हो चुकी है, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं।

भाजपा के मुस्लिम नेता को मिली जान से मारने की धमकी वाली चिट्ठी

अभिजीत मिश्र,

ईद की मुबारक दिन ही लखनऊ के पास मोहनलालगंज के भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष मोहम्मद अली शाह के घर के मेन गेट पर एक ख़त मिला, जिसमें उनके परिवार को जान से मार डालने की धमकी दी गई है।

CHITTHI

मोहम्मद अली शाह भाजपा के अल्पसंख्यक विंग के जिला अध्यक्ष हैं, जिस बात से उनकी ही कौम के कुछ लोग खासे नाखुश हैं। अली की पाक साफ़ छवि से इतने नाखुश हैं कि अपना मानसिक अवसाद निकालने के लिए उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

धमकी भरे पत्र में लिखा हुआ है कि शाम तक अपने पूरे परिवार सहित मोहनलालगंज स्थित आवास छोड़कर कहीं चले जाएँ। शाह ने मोहनलालगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। मोहम्मद अली शाह का कहना है कि जिस्म से जान भले छूटे लेकिन वो अपनी पार्टी कभी नहीं छोड़ेंगे।

पीएम मोदी आज से पांच दिनों के लिए अफ्रीकी देशों में, कई अहम मुद्दों पर चर्चा

शिखा पाण्डेय,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज चार अफ्रीकी देशों की पांच दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए। मोदी की इस यात्रा का मुख्य मकसद अफ्रीकी महाद्वीप से भारत के रिश्ते, खासकर आर्थिक रिश्तों को प्रगाढ़ करना है।

प्रधानमंत्री की इस यात्रा का जोर हाइड्रोकार्बन, समुद्री सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, कृषि एवं खाद्य के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर होगा। मोदी अपनी इस पांच दिवसीय यात्रा की शुरुआत मोज़ाम्बिक से करेंगे। इसके बाद वे दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया और केन्या जाएंगे। रवाना होने से पहले ट्वीट कर पीएम मोदी ने कहा, “भारत और अफ्रीका के बीच रिश्ते प्रगाढ़ करने के मकसद से हो रही मेरी अफ्रीका यात्रा मोज़ाम्बिक की संक्षिप्त लेकिन महत्वपूर्ण यात्रा से शुरू होगी।”

उन्होंने बताया, “दक्षिण अफ्रीका में मेरा कार्यक्रम प्रिटोरिया, जोहानिसबर्ग और डरबन से लेकर पीटरमारित्जबर्ग तक होगा।” दक्षिण अफ्रीका की यात्रा के दौरान मोदी राष्ट्रपति जैकब जुमा और उपराष्ट्रपति साइरिल रामफोसा से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री ने बताया, “तंजानिया में मैं राष्ट्रपति डॉ. जॉन मागुफुली से वार्ता करुंगा, ‘सोलर मामाज’ से मुलाकात करुंगा और भारतीय समुदाय से मिलूंगा।” केन्या यात्रा की चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने ट्वीट किया, “राष्ट्रपति यूकेन्यात्ता के साथ आर्थिक और लोगों के स्तर पर सम्पर्क मेरी केन्या यात्रा के केंद्र में होगा।”

सरकार के इस कदम से दाल होगी सस्ती

शिखा पाण्डेय,

अरहर की दाल की कीमतों को नियंत्रित करने की दिशा में भारत एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। अब भारत मोजांबिक से अरहर की दाल आयात करेगा। पीएम मोदी की मोजांबिक की यात्रा से ठीक पहले कैबिनेट ने भारत और मोजांबिक के बीच अगले चार साल में दाल के साझा व्यापार को एक लाख टन से बढ़ाकर दो लाख टन करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

मोजांबिक में दाल की खूब पैदावार है, लेकिन खपत नहीं है। वहां की दाल का स्वाद और उपज भारतीय दाल के समान होती है। इस नए समझौते के तहत भारत मोजांबिक में दाल का उत्पादन बढ़ाने के लिए वहां की सरकार को तकनीकी और विशेषज्ञ सहायता मुहैया कराएगा। इसके पीछे मुख्य मकसद अंतरराष्ट्रीय दाल बाजार में उथल-पुथल के दौरान भारतीय बाजार में कीमतों को नियंत्रित रखना है। मोजांबिक की जलवायु अरहर दाल के उत्पादन के लिए उपयुक्त है। जानकारी के अनुसार मोजांबिक में काफी जमीन खेती न होने की वजह से परती पड़ी रहती है।

इस फैसले के पीछे दूसरा मुख्य मकसद अंतरराष्ट्रीय दाल बाजार में कालाबाजारी और जमाखोरी से निपटना भी है। बताया जा रहा है कि जैसे ही भारत में दाल की कमी की बात आती है और बाजार में भाव बढ़ने लगते हैं, वैसे ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाल के व्यापारी कालाबाजारी पर उतारू हो जाते हैं। इस समझौते के तहत मोजांबिक ने भारत को यह गारंटी दी है कि एक साझा तय कीमत पर वह हर साल भारत को दाल का मुहैया कराएगा।

पिछले महीने के आखिरी हफ्ते में उपभोक्ता मंत्रालय के सचिव हेम पाण्डेय की अध्यक्षता में उच्च अधिकारियों का एक दल मोजांबिक गया था और वहां की सरकार के साथ अरहर दाल के आयात को बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था। फिलहाल भारत मोजांबिक से हर साल 70000 टन दाल का आयात करता है। नए समझौते के तहत अगले एक साल में भारत मोजांबिक से एक लाख टन तक दाल का आयात करने को तैयार है।

वैसे पिछले महीने भारत द्वारा म्यांमार से भी गुजारिश की गई थी कि भारत म्यांमार सरकार से साल में एक बड़ी मात्रा में दाल की सप्लाई की गारंटी चाहता है, लेकिन म्यांमार सरकार ने अभी तक इस बारे में अपनी रजामंदी नहीं जताई है।

बता दें कि पिछले दो साल में औसतन 17-18 मिलियन टन दाल का उत्पादन रहा है। एक साल में 1.80 करोड़ टन उत्पादन हुआ है। जबकि खपत 22-23 मिलियन टन रही है। 2.20 -2.30 करोड़ टन तक की खपत रही है। यानि पिछले एक साल में 40.50 लाख टन दाल की कमी रही है और इसे पूरा करने के लिए आयात करना पड़ा है।

जोशी और ईरानी के मार्गदर्शन में शिक्षा व्यवस्था दुरुस्त करूँगा -जावड़ेकर

प्रमुख संवाददाता,

देश के नए शिक्षा मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने अपनी नई ज़िम्मेदारी संभालते हुए कहा है कि वे शिक्षा मंत्रालय में सबसे मिलजुल कर काम करेंगे। जावडेकर ने कहा है कि पूर्व शिक्षा मंत्री स्मृति ईरानी और मुरली मनोहर जोशी के मार्गदर्शन के साथ वे देश की शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे।

स्मृति ईरानी का कद घटाए जाने या उनको विवादों के कारण, हटा दिए जाने के मीडिया द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम पर जावडेकर ने कहा कि स्मृति ईरानी ने शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम किया है, और उसी काम को आगे बढ़ाना है। शिक्षा को बदलाव का हथियार बताते हुए उन्होंने कहा कि सभी को शिक्षा पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन को भी बल देती है, मूल्यवान बनाती है।

उन्होंने कहा कि वे पिछले 40 सालों से शिक्षा व्यवस्था से जुड़े हुए हैं। उनके अनुसार प्रधानमंत्री की दृष्टि है कि शिक्षा सभी को मिले। उन्होंने कहा कि अभी एक सप्ताह लगेगा और इसके बाद ही विस्तार से बात करेंगे। जावड़ेकर ने कहा कि विकास के लिए जो जरूरी होगा, वह उनका मंत्रालय करेगा।

गौरतलब है कि मोदी की कैबिनेट में हुए बड़े बदलाव के तहत स्मृति ईरानी को शिक्षा मंत्रालय की जगह कपड़ा मंत्रालय सौंपा गया व उनकी जगह प्रकाश जावड़ेकर का प्रमोशन कर उन्हें शिक्षा मंत्री बनाया गया।

तमाम बवालों के बाद भी राधे माँ आरोपी नहीं!

प्रमुख संवाददाता,

पिछले वर्ष हुए तमाम बखेड़ों के बावजूद सुखविंदर कौर उर्फ़ स्वयं-भू राधे मां को दहेज प्रताड़ना के मामले में आरोपी नहीं बनाया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी कि इस मामले में पिछले वर्ष पुलिस राधे मां से पूछताछ की गई थी।

अधिकारी ने कहा, “चूंकि हमें कौर के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिला है, इसलिए उसे मामले में आरोपी नहीं बनाया गया है।” बता दें कि कांदीवली पुलिस ने स्थानीय अदालत में जो आरोपपत्र दाखिल किया है, उसमें राधे मां का नाम नहीं है।

पुलिस का कहना है कि हालांकि इस मामले में शिकायत करने वाली महिला के पति और ससुराल वालों सहित छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। अधिकारी ने बताया कि आरोपपत्र 10 दिन पहले दायर किया गया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 32 वर्षीय महिला ने अपने ससुराल के लोगों और राधे मां के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। उसने आरोप लगाया था कि राधे मां ने उसके ससुराल वालों को उकसाया था। बाद में पुलिस ने इस संबंध में राधे मां से पूछताछ भी की थी। राधे माँ ने अपने खिलाफ लगे सभी आरोपों को खारिज किया था। इस मामले में मुम्बई उच्च न्यायालय ने उसे अंतरिम जमानत भी दे दी थी।

ज़ाकिर नाईक के भाषणों की जांच शुरू, बढ़ सकती हैं मुश्किलें

ब्यूरो,

ढाका में हुए हमले को अंजाम देने वाला एक आतंकी ज़ाकिर नाईक से प्रभावित था। यह रिपोर्ट आते ही इस्लामिक जानकार जाकिर नाईक की तकरीरों की जांच मुंबई पुलिस और एनआईए ने शुरू कर दी है। जांच एजेंसियों के अधिकारियों ने ज़ाकिर नाईक के सभी वीडियो को खंगालना शुरू कर दिया है।

ढाका आतंकी हमले में ज़ाकिर नाईक भी घिरते नज़र आ रहे हैं। उनके सभी वीडियो की जांच होगी और आगामी 11 जुलाई को भारत आने के बाद जांच एजेंसी के अधिकारी नाईक से पूछताछ भी करेंगे। यदि नाईक के वीडियो में किसी तरह के विवादित बातों का पुट भी मिला तो नाईक की मुश्किलें बढ़ भी सकती हैं।

जांच में जुटे अधिकारियों की मानें तो अभी वीडियो की प्रमाणिकता की जांच हो रही है। हालांकि इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन के एक अधिकारी ने बताया कि अभी हमें आदेश मिला है कि फिलहाल हमें किसी भी तरह का प्रेस कांफ्रेंस नहीं करनी है।

नई ज़िम्मेदारी के लिए पूरी तरह तैयार हूँ -स्मृति ईरानी

शिखा पाण्डेय,

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पहले एचआरडी मंत्रालय के माध्यम से और अब कपड़ा मंत्रालय के माध्यम से देश की सेवा का अवसर प्रदान करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया है। उन्होंने आज ट्विटर पर धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री द्वारा दी गई नई ज़िम्मेदारी को स्वीकार किया है।

स्मृति ने एचआरडी के अधिकारियों व कर्मचारियों को सहयोग के लिए धन्यवाद कहा है। साथ ही प्रकाश जवाडेकर को वहाँ की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी है। स्मृति ने लिखा है कि उनका ध्यान अब कपड़ा मंत्रालय पर है, ताकि इस अहम क्षेत्र को मजबूत किया जा सके।

स्मृति ने लिखा है कि पिछले दो साल के उनके कामकाज से शिक्षा क्षेत्र में अच्छे परिणाम हासिल हुए हैं व शिक्षा की गुणवत्ता सुधरी है। उन्होंने लिखा है कि उनके कार्यकाल में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति का ड्राफ्ट तैयार हुआ है। इसे नागरिकों की राय जानने के लिए सार्वजनिक किया गया है, जिसे जल्द जारी किया जाएगा। उन्होंने अपने कार्यकाल में ‘स्वयं योजना’ लागू करने का उल्लेख किया है, जिसमें छात्र पढ़ाई के लिए 500 ऑनलाइन कोर्स चुन सकते हैं। उन्होंने कपड़ा मंत्रालय में संतोष गंगवार द्वारा किए गए योगदान के लिए व खुद का सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद कहा है।

अमेरिका में तमिल फ़िल्म की तैयारी में जुटे हैं माधवन

एंटरटेनमेंट डेस्क,

अभिनेता आर माधवन अपने काम के सिलसिले में इन दिनों अमेरिका में हैं। माधवन अपने खाली समय को अच्छे से इस्तेमाल करना बखूबी जानते हैं, वे अपनी आगामी तमिल फिल्म के लिए चाइनीज़ मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग ले रहे हैं और अब वे वुशु की ट्रेनिंग भी लेंगे।

सूत्रों ने बताया कि वुशु 20 दिन का बेसिक कोर्स है, जिससे शक्ति प्रशिक्षण और वजन कम करने में  मदद मिलेगी। माधवन इस प्रशिक्षण के लिए एक घंटे से भी अधिक समय दे रहे हैं। पिछली फ़िल्म साला खड़ूस के बाद माधवन फिल्मों के चयन पर खासा ध्यान दे रहे हैं।