28.2 C
Mumbai
Thursday, August 6, 2026
Home Blog Page 1165

रियो ओलंपिक: शटलर श्रीकांत ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

शिखा पाण्डेय,

अब तक रियो ओलंपिक में निराशा की मार झेल रहे भारत के लिए एक उम्मीद फिर नज़र आई है। भारत के टॉप मेन्स शटलर किदाम्बी श्रीकांत ने ओलम्पिक खेलों के 10वें दिन सोमवार को पुरुष एकल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टर फाइनल में अब उनका मुक़ाबला चीन के लिन डैन से होगा।

रियो सेंटर के पवेलिन-4 में खेले गए इस मैच में 11वीं विश्व वरीयता प्राप्त श्रीकांत ने प्री-क्वार्टर फाइनल में पांचवीं विश्व वरीयता प्राप्त डेनमार्क के जैन ओ जोर्गेनसेन को सीधे गेमों में 21-19, 21-19 से हराया।

डेनमार्क के खिलाड़ी ने भारतीय खिलाड़ी को कड़ी चुनौती दी, लेकिन वह जीत दर्ज नहीं कर पाए। श्रीकांत ने पहला गेम 20 मिनट में 21-19 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी श्रीकांत को कड़ी प्रतिस्पर्धा करनी पड़ी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए 22 मिनट में 21-19 से जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। श्रीकांत ने इसके साथ ही जोर्गेनसेन के साथ अपनी जीत-हार का आंकड़ा 2-2 से बराबर कर लिया।

दूसरी ओर दुःखद खबर यह रही कि भारत की लंबी दूरी की रनर ललिता शिवाजी बाबर ने महिलाओं की 3,000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा के फाइनल में 10वां स्थान हासिल किया। ललिता ने नौ मिनट 22.74 सेकेंड का समय निकालते हुए फिनिश लाइन पार की।

रियो ओलम्पिक में ही हीट स्पर्धा के दौरान अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (9:19.76) कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम करने वाली ललिता फाइनल में अपने प्रदर्शन में और सुधार नहीं कर सकीं। ललिता इवेंट का गोल्ड जीतने वाली बहरीन की रुथ जेबेट से पूरे 22.99 सेकेंड पीछे रह गईं।

इवेंटका सिल्वर केन्या की रनर हाइविन किएंग जेपकेमोई ने नौ मिनट 7.12 सेकेंड का समय निकालते हुए हासिल किया, जबकि अमेरिकी धाविका एम्मा कोबुर्न ने नौ मिनट 7.63 सेकेंड का समय निकालते हुए ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया।

डरा पाकिस्तान, ‘पीओके’ पर बातचीत के लिए भेजा न्योता

शिखा पाण्डेय,

पाकिस्तान के विदेश सचिव ने भारतीय उच्चायुक्त को कश्मीर विवाद पर बातचीत के लिए न्यौता भेजा है।
पाकिस्तान ने भारतीय उच्‍चायुक्‍त को बुलाकर एक चिट्ठी सौंपी है। भारत ने दो दिन पहले ही ऐलान किया था कि कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान से अब कोई बातचीत नहीं की जाएगी। बातचीत होगी तो पीओके और आतंकवाद जैसे मुद्दे पर होगी, जिसके बाद पाकिस्तान की ओर से बातचीत का न्योता आ गया है।

पाकिस्तान विदेश कार्यालय के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने बताया,” विदेश सचिव ने भारतीय उच्चायुक्त गौतम बम्बावाले  को सोमवार को दोपहर के बाद बुलाया और उन्हें अपने भारतीय समकक्ष के लिए एक पत्र सौंपकर उन्हें भारत और पाकिस्तान के बीच विवाद के मुख्य विषय जम्मू कश्मीर मुद्दे पर बातचीत के लिए पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया।”

ज़करिया ने बताया, “पत्र में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद प्रस्तावों के अनुरूप, जम्मू कश्मीर विषय के हल के लिए दोनों देशों भारत और पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय कर्तव्य को रेखांकित किया गया है।”

दरअसल कुछ दिनों से भारत सरकार ने पीओके पर अपना दावा जता दिया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से अपने भाषण में भी आज पाक अधिकृत कश्मीर के मुद्दे को उठाया और बलूच के लोगों को आभार जताया। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि भारत की विदेश नीति में आ रहे बदलाव का असर पाकिस्तान के रवैये पर दिख रहा है। तभी पाकिस्तान ने कश्मीर विवाद पर बातचीत का न्यौता भेजा है, जबकि भारत लंबे समय से पाकिस्तान से आतंक के मुद्दे पर ही बात करना चाहता है।

आपको याद दिला दें कि कुछ दिन पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कश्मीर के मुद्दे पर संसद को संबोधित किया था और कहा था कि भारत सिर्फ पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) पर बातचीत का इच्छुक है तथा इस्लामाबाद के साथ जम्मू कश्मीर के बारे में बातचीत करने का सवाल ही नहीं उठता। अब सारी बातों का मंथन कर पाकिस्तान ने यह आमंत्रण भेज दिया।

उधर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आजादी की मांग तेज हो गयी है। पाकिस्तान ने चालांकी दिखाते हुए बलूच के नेताओं को बातचीत के लिए बुलाया है। पाक ने कहा है कि इन मसलों का हल सिर्फ बातचीत कर ही निकाला जा सकता है। पाकिस्तानी के अखबार डॉन मुताबिक, बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री नवाब सनाउल्लाह जेहरी और दक्षिणी कमांड के कमांडर लेफ्टिनेंट जमरल अमीर रियाज ने कहा कि वे स्व-निर्वासित बलूच नेताओं के देश में लौटाने का स्वागत करेंगे।

मुलायम ने अखिलेश को दी हिदायत, कहा- “जनता बनाना और हटाना दोनों जानती है”

सौम्या केसरवानी,

उत्तर प्रदेश में आए दिन कुछ ऐसा हो जाता है, जिससे प्रदेश की सियासत में भूचाल आ जाता है। राज्य में विधानसभा का चुनाव करीब आ रहा है। ऐसे में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के एक बयान ने समाजवादी पार्टी के आतंरिक कलह को उजागर कर दिया।

मुलायम सिंह ने कहा कि अखिलेश के मंत्री ही पार्टी पर बोझ बन गए है। और शिवपाल यादव के खिलाफ साजिश रची जा रही है। अपने भाई शिवपाल के बारे में यादव ने कहा कि शिवपाल लगातार पार्टी के हित में काम कर रहे हैं। लेकिन कुछ लोग हैं, जो उनकी छवि को बिगाड़ने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि तमाम अफवाहों के चलते शिवपाल ने 2 बार इस्तीफ़ा भी देने की कोशिश की, लेकिन मैंने उन्हें मनाया।

मुलायम ने अखिलेश यादव को भी फटकार लगाते हुए कहा कि सपा अब राष्ट्रीय पार्टी बन चुकी है। मध्य प्रदेश में अखिलेश को जाना चाहिए था, लेकिन मंत्री को भेज दिया। मुलायम ने अखिलेश को हिदायत देते हुए कहा कि जनता बनाना और हटाना दोनों जानती है। अखिलेश को इस बात का ख्याल अवश्य रखना चाहिए।

मुलायम यहीं पर नहीं रुके उन्होंने कहा कि अभी बहुत वक़्त बचा है, अखिलेश को अभी से प्रयास करना होगा। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि अगर मैं खड़ा हो गया तो आधे मेरे साथ चले जाएंगे और सरकार की ऐसी की तैसी हो जाएगी।

अब BSNL यूज़र मुफ़्त में करेंगे बात!

सौम्या केसरवानी,

दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल अपने ग्राहकों के लिए नि:शुल्क कॉलिंग की सुविधा शुरू करने जा रहा है। अब बीएसएनएल के यूज़र हर रविवार अपने लैंडलाइन से पूरे भारत में किसी भी मोबाइल नेटवर्क और लैंडलाइन पर पूरे दिन फ्री में बात कर सकते हैं। बीएसएनएल की ये सुविधा 15 अगस्त यानि आज से लागू होगी।

विशाखापत्तनम दूरसंचार जिला की वरिष्ठ महाप्रबंधक नलिनी वर्मा के अनुसार, हर रविवार अनलिमिटेड फ्री कॉलिंग सेवा के साथ हर दिन किसी भी नेटवर्क पर फ्री नाइट कॉलिंग साथ में दी जा रही है। इसका प्रस्ताव स्वतंत्रता दिवस के संबंध में पेश किया गया है, जिससे लैंडलाइन के उपयोग को बढ़ावा मिल सके।

नए लैंडलाइन ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बीएसएनएल भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नए लैंडलाइन टैरिफ के साथ आया है। नए लैंडलाइन ग्राहको को पहले 6 महीने तक हर माह 49 रुपये ही देने होंगे। 6 महिने बाद उनके नंबर सामान्य योजना के लिये बदल दिए जाएंगे। इस प्लान के अन्तर्गत फ्री कॉलिंग की सेवा नहीं दी जाएगी।

इस योजना के तहत ग्राहकों को रविवार को नि:शुल्क और हर रविवार को पूरे दिन अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ग्राहकों को बीएसएनएल का प्रीपेड सिम मुफ्त में मिलेगा।

आहत और भटके लोगों को सही रास्ते पर लाना आवश्यक -प्रणब मुखर्जी

शिखा पाण्डेय,

70वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने पांचवीं बार देश को संबोधित किया। राष्ट्रपति ने कहा कि लोकतंत्र का अर्थ केवल समय-समय पर सरकार को चुनना नहीं है। उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, भाईचारा लोकतंत्र को लोकतंत्र के स्तम्भ बताया। राष्ट्रपति ने जीएसटी, विदेश नीति, सदन में हुई चर्चा और जैसे कई अहम् मुद्दों पर चर्चा की।

अपने संबोधन के प्रारम्भ में राष्ट्रपति ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए, उन वीरसपूतों को याद किया जिनके बलिदान से देश को आजादी मिली।

राष्ट्रपति ने कहा, “1947 में जब हमने स्वतंत्रता हासिल की, किसी को यह विश्वास नहीं था कि भारत में लोकतंत्र बना रहेगा, तथापि सात दशकों के बाद सवा अरब भारतीयों ने अपनी संपूर्ण विविधता के साथ इन भविष्यवाणियों को गलत साबित कर दिया। हमारे संस्थापकों द्वारा न्याय, स्वतंत्रता, समता और भाईचारे के चार स्तंभों पर निर्मित लोकतंत्र के सशक्त ढांचे ने अनेक जोखिम सहन किए हैं और यह मजबूती से आगे बढ़ा है।”

राष्ट्रपति ने कहा, “पिछले चार वर्षों के दौरान, मैंने संतोषजनक ढंग से एक दल से दूसरे दल को, एक सरकार से दूसरी सरकार को और एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण करते देखा है। एक स्थिर और प्रगतिशील लोकतंत्र की पूर्ण सक्रियता को देखा है। राजनीतिक विचार की अलग-अलग धाराओं के बावजूद, मैंने सत्ताधारी दल और विपक्ष को देश के विकास, एकता, अखंडता और सुरक्षा के राष्ट्रीय कार्य को पूरा करने के लिए एक साथ कार्य करते हुए देखा है।”

राष्ट्रपति ने संसद के अभी सम्पन्न हुए सत्र में निष्पक्षता और श्रेष्ठ परिचर्चाओं के बीच वस्तु और सेवा कर लागू करने के लिए संविधान संशोधन बिल के पारित किए जाने को लोकतांत्रिक परिपक्वता का प्रतीक बताया।

राष्ट्रपति ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और हिफाजत देश और समाज की खुशहाली सुनिश्चित करती है। महिलायों, बच्चों के प्रति हिंसा की प्रत्येक घटना सभ्यता की आत्मा पर घाव कर देती है। यदि हम इस कर्तव्य में विफल रहते हैं तो हम एक सभ्य समाज नहीं कहला सकते।

राष्ट्रपति ने कहा कि समूहों और व्यक्तियों द्वारा विभाजनकारी राजनीतिक इरादे वाले व्यवधान, रुकावट और मूर्खतापूर्ण प्रयास से संस्थागत उपहास और संवैधानिक विध्वंस के अलावा कुछ हासिल नहीं होता है। उन्होंने कहा कि देश तभी विकास करेगा, जब भारत का प्रत्येक व्यक्ति विकास करेगा। उन्होंने कहा, “इस संपूर्ण विकास के लिए पिछड़े लोगों को विकास की प्रक्रिया में शामिल करना होगा। आहत और भटके लोगों को मुख्यधारा में वापस लाना होगा।”

वाई-फाई से हाई-फाई हो जाएंगे वाराणसी के गांव

सौम्या केसरवानी,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र के सभी गांव आने वाले समय में वाई-फाई होंगे। यहां की सभी 760 ग्राम पंचायतों में वाई-फाई हॉट स्पॉट सेवा मुहैया कराने की योजना बीएसएनएल ने तैयार की है।

पीएम के ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान के तहत ये कदम उठाए गए हैं। ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मुहैया कराने के लिए बीएसएनएल अपने सभी संचार उपकेंद्रों को हाईटेक करेगा।

अधिक से अधिक लोग बीएसएनएल की लैंडलाइन सेवाओं का लाभ लें, इसके लिए हर रविवार 24 घंटे किसी भी मोबाइल या लैंडलाइन पर मुफ्त बात करने की सुविधा शुरू की गई है। इसके अलावा, 49 रुपये प्रतिमाह की दर से कनेक्शन दिया जाएगा।

विभागीय पोर्टल पर आसानी से इसे रिचार्ज कराया जा सकेगा। कॉल ड्राप की समस्या पर कहा कि इसे दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। दो साल में 25 हजार बीटीएस टॉवर लगाने का लक्ष्य है। साल के अंत तक इनमें से 21 हजार लग जाएंगे। इस दौरान मंत्री ने जयापुर, नागेपुर के ग्रामीणों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बातचीत की।

रियो ओलम्पिक: ललिता बाबर ने रचा इतिहास, पहुंची फाइनल में

शिखा पाण्डेय,

रियो ओलंपिक में महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में लंबी दूरी की धाविका ललिता बाबर ने नया इतिहास रचा है। शनिवार को ललित ने राष्ट्रीय रिकार्ड बनाकर फाइनल के लिये क्वालीफाइ कर लिया। ललिता ट्रैक स्पर्धाओं में पीटी उषा के बाद फाइनल के लिये क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय एथलीट बन गयी हैं।

ललिता बाबर हीट दो में नौ मिनट 19.76 सेकेंड का समय निकालकर चौथे स्थान पर रहीं। वह ओवरआल सूची में सातवें स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाने में सफल रही।

ललिता ने हीट दो में अच्छी शुरूआत की और बीच में गिरने के बावजूद वह आधी रेस तक बढ़त पर थीं लेकिन 2500 मीटर के बाद उनकी गति धीमी पड़ गयी। कीनिया की बीटराइस चेपकोच, अमेरिका की एम्मा कोबर्न और ट्यूनीशिया की हबीबा घिरीबी उनसे आगे निकल गयीं। ललिता शीर्ष तीन में जगह बनाने में नाकाम रही।

आपको बता दें कि प्रत्येक हीट से शीर्ष तीन में जगह बनाने वाली एथलीट स्वत: ही फाइनल में पहुंच जाती हैं लेकिन इसके बाद सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली अगली छह एथलीटों को भी फाइनल में जगह मिलती है। ललिता का समय हीट तीन में शीर्ष तीन पर रही खिलाड़ियों से बेहतर था। इस प्रकार ललिता को फाइनल में जगह बनाने में सफलता मिली।

27 वर्षीय ललिता ने सात सेकेंड के अंतर से अपनी साथी सुधा सिंह का राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ा जिन्होंने मई में शंघाई में नौ मिनट 26 . 76 सेकेंड का समय निकाला था। सुधा हीट तीन में नौ मिनट 43 . 29 सेकेंड का समय लेकर नौवें स्थान पर रहीं और इस तरह से क्वालीफाई करने से चूक गईं। वह 52 खिलाड़ियों के बीच कुल 30वें स्थान पर रहीं।

सेमीफाइनल में हारे सानिया-बोपन्ना, आज कांस्य के लिए होगी भिड़ंत

शिखा पाण्डेय

रियो में खेले जा रहे 31वें ओलंपिक खेलों में भारत की सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना की मिश्रित युगल जोड़ी शनिवार को सेमीफाइनल में हार गई। इस मुकाबले में सानिया और बोपन्ना को अमेरिका की वीनस विलियम्स और राजीव राम ने हराया। अब भारतीय खिलाड़ियों को कांस्य पदक के लिए प्लेऑफ मैच में खेलना होगा। यह मैच दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली टीम के साथ होगा।

ओलम्पिक टेनिस सेंटर में एक घंटे तक चले इस मुकाबले में अमेरिकी जोड़ीदारों ने भारतीय जोड़ीदारों को 2-6, 6-2, 10-2 से पराजित कर दिया। अमेरिकी जोड़ी ने अब अपने लिए कम से कम रजत पदक सुरक्षित कर लिया है।

इससे पहले भारतीय जोड़ी ने शुक्रवार को अपने दूसरे मुकाबले में ब्रिटेन के एंडी मर्रे और हीदर वॉटसन को हराकर रियो ओलम्पिक के मिश्रित युगल वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।

अगली बार पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में फहरेगा तिरंगा -जितेंद्र सिंह

अमित द्विवेदी,

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने जम्मू के कठुआ इलाके में तिरंगा यात्रा के दौरान अपने बयान से देश के माहौल को जोशीला बना दिया। सिंह ने कहा कि अगली बार पीओके में भी तिरंगा फराएंगे। तिरंगा यात्रा शुरू करने के मौके पर जितेन्द्र सिंह ने कहा कि इस तिरंगा यात्रा की सार्थक समाप्ति पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में होना चाहिए।

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में स्थानीय जनता ने पाकिस्तानी सैनिकों के खिलाफ नारे लगाए। जम्मू में तिरंगा यात्रा के दौरान जितेन्द्र सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने जो आह्वान किया है, उसके बाद देशवासियों को भी गुलाम कश्मीर को पाकिस्तान के कब्जे से मुक्त कराने के लिए संकल्प लेना चाहिए, ताकि जल्द ही पीओके के कोटली और मुजफ्फराबाद में तिरंगा फहराया जा सके।

गौरतलब है कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पीएम मोदी ने इस संबंध में कहा था कि हमें पूरी कोशिश करनी चाहिए कि नाजायज़ तरीके से पाकिस्तान द्वारा कब्ज़ा किए गए इलाके को मुक्त कराएं। जिससे देश में अमन चैन का बरकरार रहे।

चीनी विदेश मंत्री वांग ने पीएम मोदी से की मुलाक़ात

शिखा पाण्डेय,

चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। साथ ही वांग यी ने सुषमा स्वराज के साथ भी बातचीत की। कयास लगाया जा रहा है कि सुषमा के साथ हुई बातचीत में परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह की सदस्यता को लेकर भी बातें हुईं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट कर दोनों देशों के मंत्रियों की मुलाक़ात की जानकारी दी। स्वरुप ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अपने चीनी समकक्ष वांग यी से नयी दिल्ली में मुलाकात की।’ स्वरुप ने दोनों विदेश मंत्रियों की मुलाकात की एक तस्वीर भी पोस्ट की है।

तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए वांग ने कल गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत परसेकर से भी मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात में वांग ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन अक्टूबर में गोवा में होने जा रहा है।

गौरतलब है कि परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह में भारत की सदस्यता को लेकर चीन ने विरोध किया था, जिसकी वजह से भारत को सदस्यता नहीं मिल सकी थी।