28.2 C
Mumbai
Thursday, August 6, 2026
Home Blog Page 1164

केंद्र सरकार के इस फैसले से आपका बोझ होगा कम!

शिखा पाण्डेय,

सरकार ने देश में कम नकदी वाली अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए एक नया कदम उठाया है। अब सरकार को डेबिट या क्रेडिट कार्ड तथा नेट बैंकिंग के जरिए किए जाने वाले सभी भुगतानों के लिए सौदा लागत खुद सरकार वहन करेगी। इस समय सरकार को किए जाने वाले भुगतान पर लेन-देन की लागत या मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) ग्राहक उठाते हैं।

वित्त मंत्रालय ने इस बारे में एक आधिकारिक परिपत्र जारी किया है। उस परिपत्र के अनुसार, ” डेबिट कार्ड व क्रेडिट कार्ड या किसी डिजिटल तरीके से सरकार को भुगतान के लिए एमडीआर लागत का वहन किसी भी तरह जनता को नहीं करना चाहिए। अन्य मर्चेंटों की तरह एमडीआर लागत उठाने के लिए सरकारी विभागों को उचित कदम उठाने चाहिए। “

इसमें बताया गया है कि डेबिट, क्रेडिट कार्ड या डिजिटल तरीके से इस तरह के भुगतान पर लेनदेन के लिए इंटरमीडियरीज को किए जाने वाले भुगतान का तौर तरीका तय किया जा रहा है। इस बारे में विस्तृत दिशा निर्देश उचित समय पर जारी किए जाएंगे। सरकार द्वारा सरकारी भुगतान व संग्रहण में क्रेडिट, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के कदमों के तहत वित्त मंत्रालय ने यह पहल की है।

असल ज़िन्दगी में हैप्पी जैसी नहीं हूँ -डायना पेंटी

Entertainment desk,

फिल्म ‘हैप्पी भाग जायेगी’ रिलीज़ होने से पहले ही काफी सुर्खियां बटोर चुकी है। फ़िल्म में मुख्य भूमिका निभा रही अभिनेत्री डायना पेंटी का कहना है कि ‘हैप्पी भाग जाएगी’ में उनका किरदार बिलकुल अलग है। डायना ने कहा, “फिल्म में मेरा किरदार मेरी असल जिंदगी जैसा नहीं है, वह बहुत मुखर है और मैं ऐसी नहीं हूं।”

फिल्म में अपने किरदार के विषय में डायना का कहना है कि असल ज़िन्दगी और फ़िल्म के किरदार में कुछ समानताएं ज़रूर हैं, जैसे खुशियां, स्वतंत्रता और बहादुरी। डायना ने कहा,” चूंकि मेरे पास ये चीजें हैं, इसलिए मैं इस किरदार से जुड़ सकी।”

जब डायना से यह पूछा गया कि उन्होंने इस किरदार के लिए तैयारी कैसे की, तब डायना ने मज़ाकिया लहज़े में कहा, “मुझे भागने का अभ्यास नहीं था। मैं स्कूल से भागती थी।”

वर्ष 2012 की फिल्म ‘कॉकटेल’ के साथ बड़े पर्दे पर करियर की शुरुआत करनेवाली डायना इस फिल्म में हैप्पी के रूप में दिखेंगी, जो अपनी शादी से भाग रही हैं। मुदस्सर अजीज द्वारा निर्देशित और आनंद एल. राय द्वारा निर्मित यह रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 19 अगस्त को रिलीज होगी। इसमें अभय देओल, अली फजल, जिमी शेरगिल और पीयूष मिश्रा जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

टूट सकता है नरसिंह का ओलम्पिक में खेलने का सपना!

शिखा पाण्डेय,

रियो ओलंपिक में लगातार निराशा का सामना कर रहे भारत के लिए एक और निराशाजनक खबर है। दुनिया भर के विवादों के बावजूद भारतीय रेसलर नरसिंह यादव का रियो ओलंपिक में खेलने का सपना टूट सकता है। 19 अगस्त को नरसिंह का मुकाबला है लेकिन अब उनके खिलने पर सस्पेंस पैदा हो गया है। इसका कारण यह है कि विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) ने राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) से मिली क्लीनचिट खारिज कर दी है।

वाडा ने नाडा द्वारा नरसिंह को क्लीनचिट दिए जाने के खिलाफ खेल पंचाट में अपील कर दी है और यदि  वाडा नरसिंह के पक्ष से संतुष्ट नहीं हुई तो वह उन पर चार साल की पाबंदी लगा सकती है। नरसिंह के रियो में खेलने पर अब ज्यूरी अंतिम फैसला करेगी। इस मामले पर 18 अगस्त को सुनवाई होगी।

गौरतलब है कि भारत का सौ से अधिक खिलाड़ियों का दल अभी तक एक भी पदक नहीं जीत सका है और सभी की नजरें कुश्ती पर हैं क्योंकि लंदन ओलंपिक में भारत ने कुश्ती में दो पदक जीते थे। लिहाजा इस बार आठ सदस्यीय दल से उस प्रदर्शन के दोहराव की उम्मीद है।

‘आरबीएस’ की परियोजना रद्द होने से इंफोसिस के 3 हज़ार कर्मचारी मुश्किल में!

शिखा पाण्डेय,

रॉयल बैंक ऑफ स्कॉटलैंड (आरबीएस) की ब्रिटेन में एक अलग बैंक की स्थापना की परियोजना रद्द होने की खबर इन्फोसिस और उसके कर्मचारियों को प्रभावित करने वाली है। इस परियोजना के रद्द होने से करीब 3,000 कर्मचारियों की नौकरी प्रभावित होगी।

दरअसल ब्रेक्जिट से पहले रॉयल बैंक ऑफ स्कॉटलैंड यूके के अंदर एक अलग बैंक विलियम्स एंड ग्लिन (डब्ल्यू एंड जी) बनाने वाला था। इन्फोसिस डब्ल्यूएंडजी में प्रौद्योगिकी कार्यक्रम में सलाह देने, एप्लीकेशन डिलीवरी और सेवाओं के परीक्षण की भागीदार थी और बैंक के कामकाज के लिए उसे जिम्मा दिया गया था। ब्रेक्जिट के बाद आरबीएस ने यूके में इस बैंक के सेटअप की और उसे शेयर बाजार में लिस्ट कराने की योजना को रद्द कर दिया और इसके बाद उसने इन्फोसिस की सेवाएं लेने के लिए जो 1700 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट दिया था, उसे भी रद्द कर दिया। अब यह इन्फोसिस के लिए यह खबर बुरी इसलिए है क्योंकि इस प्रोजेक्ट में इन्फोसिस एक प्रमुख प्रौद्योगिकी भागीदार थी।

इंफोसिस के खाते में इस प्रोजेक्ट के जरिए करीब 1650-1700 करोड़ रुपये की रकम आनी थी और इस प्रोजेक्ट में करीब 3000 कर्मचारियों को काम करना था। अब इस प्रोजेक्ट के बंद होने से इन 3000 कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा दिखाई दे रहा है।

इन्फोसिस ने एक बयान में कहा है कि आरबीएस के साथ इन्फोसिस का मजबूत गठबंधन है। कंपनी भविष्य में उसके साथ रणनीतिक भागीदारी के और मजबूत होने की उम्मीद में है। इन्फोसिस उसके साथ अन्य रणनीतिक और परिवर्तनकारी कार्यक्रमों में काम करने पर ध्यान दे रही है। इस प्रोजेक्ट के रद्द होने के विषय में इन्फोसिस ने कहा कि इस फैसले के मद्देनजर कंपनी के, मुख्य तौर पर भारत में अगले कुछ महीनों में करीब 3,000 रोजगार खत्म किए जाएंगे। हालांकि इंफोसिस ने साफ कर दिया है कि इन कर्मचारियों को अलग किसी प्रोजेक्ट में लगाकर इनकी नौकरी बचाई जाएगी।

किसी महिला को 14 सेकंड से ज़्यादा घूरने पर दर्ज होगा एफआईआर!

शिखा पाण्डेय,

अगर आपने किसी महिला को 14 सेकंड से ज्यादा घूरा, तो आप पर क्रिमिनल केस दर्ज़ किया जायेगा! आपको इस बात पर यकीन हो या न हो पर केरल के एक ऑफिसर को इस बात पर पूरा यकीन है। केरल के आबरापी आयुक्त ऋषिराज सिंह के इस बयान से अब अच्छा ख़ासा विवाद भी खड़ा हो गया है।

ऋषिराज ने कल एक सभा को संबोधित करते हुए कहा,” किसी महिला को 14 सेकंड से ज्यादा घूरना अपराध है और अगर कोई ऐसा करता है तो घूरने वाले इंसान के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा और कड़ी कार्रवाई होगी। लेकिन अब तक राज्य में एक भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।” उन्होंने कहा कि लड़कियों को इस विषय में जागरूक होना चाहिए और आवाज़ उठानी चाहिए। अगर उनसे कोई अश्लील टिप्पणी करे तो उसके खिलाफ तुरंत प्रतिक्रिया देनी चाहिए।

उनके इस बयान की जमकर आलोचना की जा रही है और बयानबाज़ी भी शुरू हो गई है। राज्य के खेल मंत्री ईपी जयराजन ने कहा है कि ऋषिराज ऐसे कानून की बात कर रहे हैं जो कि है ही नहीं। कानून को लेकर उन्हें अपनी जानकारी सुधारने की आवश्यकता है। ऋषिराज की सोशल मीडिया पर भी जमकर आलोचना की जा रही है। एक व्यक्ति ने उनके बयान का मज़ाक उड़ाते हुए कहा कि अगली बार जब मैं किसी लड़की को देखूंगा तो अपने साथ टाइमर रखूंगा।

दरअसल वास्तविकता भी यही है कि किसी महिला को घूरने पर देस दर्ज नहीं हो सकता है। लेकिन अगर कोई व्‍यक्ति अपने शब्‍दों, हावभाव और कृत्‍यों से किसी महिला के सम्‍मान की बेइज्‍जती करता है तो उस पर धारा 506 के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है।

शहीद कमांडेंट प्रमोद का जामताड़ा में हुआ अंतिम संस्कार, लगे पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे

शिखा पाण्डेय,

स्वतंत्रता दिवस के दिन कश्‍मीर में शहीद हुए सीआरपीएफ कमांडेंट प्रमोद कुमार का आज झारखंड के जामताड़ा अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी 6 साल की बेटी अरना ने उन्हें मुखाग्नि दी।

शहीद प्रमोद कुमार का शव आज झारखंड के जामताड़ा के मिहीजाम लाया गया। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर उमड़े जनसैलाब ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

शहीद प्रमोद कुमार कल सुबह स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। अपनी शहादत से ठीक एक घंटे पहले प्रमोद कुमार ने तिंरगा झंडा फहराया था। उन्होंने 8.29 बजे सुबह झंडा वंदन किया और उसके बाद अपने साथी जवानों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा था,” आतंकवाद हमारे लिए बड़ी चुनौती है। यहां आतंकवाद के साथ पत्थरबाज भी हैं।” इसके बाद सुबह 9.29 बजे उनकी आतंकियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गयी।

संक्षिप्त परिचय-

शहीद कमांडेंट का जन्म बिहार के बख्तियारपुर में 15 अक्तूबर 1972 को हुआ था। उनका पालन पोषण जामताड़ा में हुआ, जहां उनके पिता रेलवे में सेवारत थे। उनका परिवार जामताड़ा में ही रहता है। उनके परिवार में उनके माता-पिता, पत्नी व 6 साल की एक बेटी है।

शहीद प्रमोद एक जनवरी 1998 को सीआरपीएफ में शामिल हुए और पिछले साल उन्हें उनके शानदार कार्यों के कारण कमांडेंट के रूप में प्रमोशन मिला था। वे प्रधानमंत्री की सुरक्षा में भी तैनात रह चुके थे। वे प्रधानमंत्री की सुरक्षा करने वाले स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप के सदस्य रह चुके थे।

गौरतलब है कि कल सुबह स्वतंत्रता दिवस पर आतंकिया ने श्रीनगर के नौहट्टा इलाके में हमला किया। वहां सीआरपीएफ से उनकी मुठभेड़ हुई। सुरक्षाबलों की कार्रवाई में पांच आतंकवादी मारे गये, जिसमें दो को अकेले प्रमोद कुमार ने ढेर किया। सीआरपीएफ के अधिकारियों के मुताबिक आतंकी नौहाटा इलाके के जामा मस्जिद के आस-पास के एक घर में छिपे हुए थे। उसके बाद उन्हें आतंकी की गोली लग गयी और उन्हें बचाया नहीं जा सका। सूत्रों के मुताबिक इस हमले में लश्कर-ए -तैयबा का हाथ हो सकता है।

कौमी एकता दल का सपा में विलय तय!

अमित द्विवेदी,

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर सियासी गलियारे में भूचाल आता नज़र आ रहा है। खबर है कि मुलायम सिंह ने भाई शिवपाल की बात मान ली है और जल्दी ही एक बार फिर कौमी एकता दल का समाजवादी पार्टी में विलय करने की घोषणा हो सकती है।

लंबे समय से नाराज़ चल रहे शिवपाल को मनाने के लिए मुलायम सिंह ने अखिलेश की बात को नज़रंदाज़ कर दिया है। दरअसल मुख्तार अंसारी को लेकर पिछले कई महीने से शिवपाल और अखिलेश में आतंरिक कलह की खबर थी। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए मुलायम सिंह ने शिवपाल की बात मानते हुए मुख्तार अंसारी की पार्टी कौमी एकता दल के विलय को लेकर हामी भर दी है। खबरों की मानें तो इस मसले पर मुलायम और मुख्तार के भाई अफ़ज़ल से बात भी हो गई है।

हालाँकि उत्तर प्रदेश के सीएम अखिलेश यादव मुलायम के इस निर्णय से खुश नज़र नहीं आ रहे हैं। इसीलिए जब अखिलेश से जब इस मामले में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि इस बारे में नेता जी से ही पूछिए।

गौरतलब है कि मुलायम ने हाल ही में अखिलेश को हिदायत दी थी कि जनता बनाती भी है और बिगाड़ती भी है। इसलिए जनता को हल्के में न लें। कौमी दल के विलय को लेकर मना करने से नाराज़ शिवपाल ने मुलायम को इस्तीफ़ा देने की भी बात कही थी, लेकिन मुलायम ने समझाकर उन्हें रोका। इसलिए अब मुलायम कोई गलती नहीं करना चाहते।

हालाँकि इस पूरे मामले को भाजपा ने ड्रामा करार दिया है। बीजेपी के यूपी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि अखिलेश के इमेज को मज़बूत बनाने के लिए ये सब नौटंकी हो रही है।

पाकिस्तान और नर्क में कोई अंतर नहीं -मनोहर पर्रिकर

अमित द्विवेदी,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने पाकिस्तान को खरी-खरी सुनाई है। आतंकवाद के मसले पर खरी-खरी सुनाई है। पर्रिकर ने मंगलवार को पाकिस्तान बारे में कहा कि पाकिस्तान और नरक में कोई अंतर नहीं है। पर्रिकर ने रेवाड़ी में ये बातें एक कार्यक्रम के दौरान कहीं।

पर्रिकर ने पाकिस्तान को खरी-खरी सुनाते हुए कहा कि पाकिस्तान अपने विकास से ज़्यादा भारत के दुष्प्रचार पर ध्यान देता है। आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला पाकिस्तान खुद उसका परिणाम भुगत रहा है। उन्होंने कहा कि सामने से कुछ बिगाड़ न सकने की स्थिति में पाकिस्तान ने घुसपैठ का सहारा लिया, जिसका हमारे जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया है।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रक्षामंत्री पर्रिकर ने कहा कि पाकिस्तान हमेशा घाव देने की फ़िराक में रहता है। गौरतलब है कि कश्मीर में सुरक्षाबलों ने पांच आतंकियों को मार गिराया था। स्वाधीनता दिवस पर पाकिस्तानी आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।

भगवान गणेश के आशीर्वाद से शुरू होगा ‘बैंजो’ का प्रमोशन!

एंटरटेनमेंट डेस्क,

बी-टाउन के एक्टर्स अक्सर अपनी आगामी फिल्म के लिए दुआ करने नामचीन मंदिर जाते हैं। इरोस इंटरनेशनल अपनी आगामी फिल्म बैंजो का प्रमोशन अलग और अनोखे तरीके से करने की तैयारी में है। फिल्म गणेशोत्सव के महीने में प्रदर्शित हो रही है।

फिल्म के लीड एक्टर्स रितेश देशमुख और नरगिस फाखरी मुंबई और पुणे में लोकप्रिय गणपति मंदिरों का दौरा शुरू करेंगे और उनके साथ होगा म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट बैंजो, जिस पर फिल्म आधारित है, मुंबई के सिद्धिविनायक सहित पुणे में दगडूसेठ मंदिर के अलावा भगवान गणेश का आशीर्वाद लेने के लिए प्रसिद्ध गणपति पंडालों का दौरा करेंगे।

यह देखते हुए कि गणपती का त्योहार फिल्म का एक प्रमुख आकर्षण है, बैंजो फिल्म के निर्माताओं ने फिल्म प्रचार की गतिविधि इस त्यौहार के साथ करने का मन बनाया है। जिससे भगवान गणेश का आशीर्वाद बैंजो टीम को मिले।

फिल्म के निर्देशक रवि जाधव कहते हैं, “हर म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट पवित्र होता है, जिससे हम भगवान के लिए प्रार्थना करते है। वैसे ही गणेशोत्सव के दौरान गणेश जी की प्रार्थना के लिए लोग म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट का इस्तेमाल करते है। खास तौर पर गणपती में बैंजो का इस्तेमाल कर भगवान गणेश के गाने बजाये जाते है। मैं बहुत खुश हूं कि बैंजो गणेशोत्सव के दौरान मुम्बई पुणे के पॉपुलर मंदिर में जायेगा और भगवान गणेश का आशीर्वाद पायेगा।

बुरे फंसे सलमान खुर्शीद, कांग्रेस ने काटी कन्नी

अमित द्विवेदी,

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम मोदी द्वारा बलूचिस्तान का उल्लेख किए जाने को लेकर सलमान खुर्शीद का किया कटाक्ष उन्हीं पर भारी पड़ने लगा है। कांग्रेस ने खुर्शीद के बयान को उनका निजी मत बताते हुए किनारा कर लिया।

कांग्रेस ने पीओके और बलूचिस्तान मामले में पीएम मोदी का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार इन मुद्दों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उठाए। साथ ही वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सलमान खुर्शीद के बयान को उनके निजी विचार बताते हुए पार्टी को अलग कर लिया। कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला ने इस मामले में कहा कि कांग्रेस सलमान खुर्शीद के बयान से सहमत नहीं है जो कि एक वरिष्ठ नेता हैं। उनके अपने विचार हो सकते हैं। हमारे विचार बहुत बहुत स्पष्ट हैं।

सुरजेवाला ने कहा कि हमारी पार्टी मानती है कि बलूचिस्तान में मानवाधिकारों का उल्लंघन हो रहा है। और वहाँ के निवासियों को आवाज़ नहीं उठाने दिया जा रहा है, जोकि अक्षम्य है। यही नहीं मानवाधिकार उल्लंघन पाकिस्तान के सशस्त्र बलों द्वारा किए जा रहे हैं।

सुरजेवाला ने कहा कि इन समस्याओं को सुलझाने की आवश्यकता है। हम इस मामले में सरकार का समर्थन करते हैं। सुरजेवाला ने कहा कि पाकिस्तान ने इस क्षेत्र में हमला किया और एक हिस्से पर कब्जा कर लिया जो भारत का अभिन्न हिस्सा था। साथ ही कांग्रेस ने यह भी कहा कि भाजपा सत्ता के चक्कर में सुस्त पड़ी है। अगर सरकार चाहे तो कश्मीर में ऐसी अशांति नज़र नहीं आती।