28.5 C
Mumbai
Saturday, August 8, 2026
Home Blog Page 1121

कश्मीर: पम्पोर में 24 घंटे से आतंकियों से मुठभेड़ जारी, 2 जवान घायल

अनुज हनुमत,

उरी हमले को अभी ज्यादा समय नही बीता और अब जम्मू कश्मीर के पंपोर में पिछले 24 घंटे से आतंकियों के साथ मुठभेड़ जारी है आतंकी कश्मीर उद्यमिता विकास संस्थान (जेकेईडीआई) सरकारी बिल्डिंग में छिपकर फायरिंग कर रहे हैं। इस मुठभेड़ में सोमवार को दो जवान जख्मी हुए।

आतंकियों को खत्म करने के लिए मंगलवार को कमांडो ऑपरेशन या बिल्डिंग उड़ाने का फैसला लिया जा सकता है। वहीं, रात में करीब 12 बजे और दो बजे एक बार फिर भारी फायरिंग की आवाज सुनी गई है।

सबसे खास बात यह है कि श्रीनगर से 15 किलोमीटर दूर पंपोर में जेकेईडीआई की हॉस्टल इमारत का नक्शा पिछले 24 घंटे में बदल चुका है और बिल्डिंग से लगातार धुंआ निकल रहा है। बिल्डिंग की एक मंजिल आग में जल चुकी है और रह रहकर अंदर से फायरिंग हो रही है। बाहर सेना इन आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देने में जुटी हुई है।

गौरतलब हो कि , सोमवार सुबह 6. 30 बजे के बाद से बिल्डिंग आतंकियों के कब्जे में है। कहा जा रहा है कि बिल्डिंग के सातवें फ्लोर पर 2-3 आतंकी छिपे हो सकते हैं। आतंकियों के इमारत में मौजूद होने का सबूत है अंदर से हो रही फायरिंग है। इस फायरिंग में अब तक दो जवानों के जख्मी होने की खबर आ रही है।

खबरों की माने तो सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए परिसर को चारों ओर से घेर रखा है और श्रीनगर से लगभग 12 किलोमीटर दूर झेलम नदी के किनारे स्थित जेकेईडीआई की सात मंजिली इमारत में आतंकवादी घुस गए, जहां से वे गोलीबारी कर रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि इंस्टीट्यूट में घुसे आतंकवादी झेलम नदी से बोट में बैठकर आए. यह नदी पाकिस्तान में बहती है. शक है कि बिल्डिंग से सटे शालिन गांव से आतंकी बिल्डिंग में घुसने में कामयाब हुए थे। झेलम नदी के रास्ते आतंकियों के घुसने का शक है।

सेना के सामने इस समय दो विकल्प हैं – एक तो कमांडो अंदर घुसकर सीधे आतंकियों का मुकाबला करें । दूसरा विकल्प ये है कि आईईडी लगाकर बिल्डिंग गिरा दी जाए। फिलहाल अभी किसी विकल्प पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

आपको बता दें की ईडीआई की हॉस्टल बिल्डिंग में 60 कमरे हैं। हालांकि, हॉस्टल में हमले के वक्त कोई नहीं था। बताया जा रहा है कि इस वक्त सिर्फ एक कुक था, जिसने आग लगने के बाद दमकल कर्मियों को बुलाया था और संस्थान परिसर में तीन इमारतें हैं, जिसमें एक गेस्ट हाउस, एक हॉस्टल कॉम्प्लेक्स और मुख्य कार्यालय इमारत है। यह परिसर 3.5 एकड़ में फैला है ।

इससे पहले भी ईडीआई की बिल्डिंग में फरवरी में आतंकी हमला हुआ था। उस समय 48 घंटे तक 3 आतंकी बिल्डिंग में छिपे रहे थे, जिन्हें अंत में मार गिराया गया था। ऑपरेशन में पांच सुरक्षाकर्मी और एक नागरिक शहीद हुए थे, पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक के बाद कश्मीर में आतंकी की चौथी बड़ी वारदात है। नौगाम, बारामूला और लंगेट में भी आतंकी हमले हो चुके हैं। अभी तक यह स्पष्ट नही हो सका है की ये आतंकी भारतीय सीमा में कहाँ से घुसे थे और इनके पास कितना गोला बारूद है।

…इसलिए मुश्किल में फंस गए ‘ऐ दिल है मुश्किल’ के निर्माता करण जौहर

शिखा पाण्डेय,

आज के इस मॉडर्न युग के मॉडर्न लोग ज्योतिष, तंत्र-मंत्र इत्यादि पर मुश्किल ही से भरोसा कर पाते हैं और ज्योतिष पर भरोसा न करने का ही खामियाज़ा शायद निर्देशक करण जौहर व उनकी आने वाली फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ को भुगतना पड़ रहा है।

उरी हमले के बाद से पाकिस्तानी कलाकारों के भारत भर में हो रहे विरोध के कारण, फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ पर पिछले कुछ समय से संकट के बादल मंडरा रहे हैं। आपको यह जानकर शायद आश्चर्य हो कि करण को पहले ही से इस बात का अंदाज़ा था कि फिल्म को लेकर मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।

दरअसल करण ने पहले फिल्म का नाम ‘ऐ दिल’ रखा था। बाद में उन्होंने इसके साथ ‘है मुश्किल’ भी जोड़ दिया। तब ज्योतिषी ने मना किया था, लेकिन उन्होंने उसे नजरअंदाज कर दिया। गौरतलब है कि करण को ज्योतिषी ने सलाह दी थी कि ‘मुश्किल’ शब्द फिल्म के नाम के साथ जोड़ने से मुश्किल खड़ी हो सकती है लेकिन करण नहीं माने और उन्होंने फिल्म से ‘मुश्‍किल’ शब्द नहीं हटाया।

आपको बता दें कि करण द्वारा निर्देशित इस फिल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन, रणबीर कपूर, अनुष्का शर्मा व पाकिस्तानी कलाकार फवाद खान मुख्य किरदार निभा रहे हैं। पाकिस्तानी कलाकारों का विरोध होने व महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना द्वारा मिली धमकी के बाद से इस फिल्म के तारे गर्दिश में नज़र आ रहे हैं।

‘स्मार्ट’ मुख्यमंत्री अखिलेश ने की ‘समाजवादी स्मार्टफोन योजना’ की शुरुवात, जारी किया रजिस्ट्रेशन पोर्टल

ब्यूरो

उत्तर प्रदेश के सीएम अखिलेश यादव इन दिनों उद्घाटन और शिलान्यास करने में बेहद व्यस्त हैं। इसी के तहत आज उन्होंने ‘समाजवादी स्मार्टफोन योजना’ की शुरुआत की। अखिलेश ने अपने नए सीएम अॉफिस लोक भवन में रजिस्‍ट्रेशन पोर्टल www.samajwadisp.in लॉन्‍च किया गया और ‘आपका अखिलेश’ सीडी का भी विमोचन किया। हालांकि स्मार्टफोन देने का ऐलान तो उन्होंने पहले ही किया था। यहां सीएम ने लैपटॉप लाभार्थियों से भी मुलाकात की।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा,” विरोधी कहते हैं कि हमने जनता को टैबलेट नहीं दिया। टैबलेट देना आपका काम है, समाजवादियों का नहीं।” अखिलेश ने कहा कि सपा की ओर से अब तक जितनी भी योजनाएं लागू हुई हैं, 90 प्रतिशत लोगों को उनका लाभ मिला है और ये मात्र कुछ योजनाएं हैं,अभी तो तमाम योजनाएं सामने आनी बाकी हैं।

लैपटॉप वितरण के विषय में विपक्ष के कटाक्षों पर जवाबी कटाक्ष करते हुए अखिलेश बोले ,”समाजवादी जो भी काम करते हैं, लोग उनकी बुराई करते हैं। सपा द्वारा लैपटॉप वितरित किए जाने से गांव के बच्चों के मन से लैपटॉप का डर निकल गया। लैपटॉप से छात्रों को बहुत लाभ मिला।”

सपा की अन्य उपलब्धियां गिनाते हुए अखिलेश बोले,” सामजवादी पार्टी ने ऐसी सुविधा मुहैया कराई कि आवश्यकता पड़ने पर आप फोन कीजिए, एंबुलेंस तुरंत हाज़िर। हमने 100 नम्‍बर शुरू किया, इससे आपको जब ज़रूरत हो, पुलिस आपकी सहायता के लिए हाज़िर होगी। समाजवादी लोगों ने प्रदेश को बहुत आगे बढ़ाया।”

अखिलेश ने कहा,” हम नए जमाने में, नए तरीके से काम कर रहे हैं। मेट्रो सुविधा गाजियाबाद, नोएडा और कानपूर में भी शुरू कर दी है। अभी एक्सप्रेस वे आना है। हमने नवरात्र में कई नए काम किए।” अखिलेश ने बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा बुआ कहने की मनाई पर भी जमकर व्यंग किया।

इन सब के अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने ‘जनसुनवाई’ ऐप की भी शुरुआत की व ट्रैफिक पुलिस ऐप का भी उद्घाटन किया गया।

स्मार्टफोन पाने के लिए नियम व शर्तें लागू-

-इस योजना का लाभ लेने के लिए उत्तर प्रदेश का नागरिक होना अनिवार्य है।
– आवेदनकर्ता की उम्र 18 साल होनी चाहिए।
– आवेदनकर्ता की सालाना आय 2 लाख रुपए से कम होनी चाहिए।
– ऑनलाइन आवेदन करते समय हाईस्कूल प्रमाण-पत्र की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी।
-इस योजना का लाभ ‘फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व’ अर्थात ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के नियम पर दिया जाएगा।

यूपी: राहुल के विवादित बयान का सीएम अखिलेश ने किया समर्थन, कहा- उन्होंने कुछ सोचकर ही कहा होगा’

अनुज हनुमत,

राहुल गांधी द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी के लिए दिए गए ‘खून की दलाली’ वाले बयान पर यूँ तो पिछले कई दिनों से सियासत गर्म है। लेकिन अब यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ताज़ा बयान के बाद स्थिति और भी बिगड़ने की सम्भावना है।

दशहरे के एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि, ‘राहुल जी ने जो कहा है, वो कुछ सोच समझकर ही कहा होगा। राहुल जी से हमारे सम्बन्ध अच्छे हैं।’ लखनऊ में दशहरे के एक कार्यक्रम में प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी शिकरत करेंगे। इस अपने ही अंदाज में पीएम मोदी पर तंज कसते हुए सीएम अखिलेश ने कहा कि चुनाव का माहौल है, इसलिए कुछ बाँटने आ रहे होंगे।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा हमला कर गुरुवार को आरोप लगाया था कि वे गरीबों, किसानों, मजदूरों और बेरोजगारों के साथ अन्याय कर रहे हैं और सीमा की रक्षा करने वाले देश के जवानों के खून की दलाली कर रहे हैं। बयान पर बवाल मचने के बाद राहुल गांधी की यह टिप्पणी सामने आई है।

बयान पर बवाल मचने के बाद राहुल ने ट्वीट कर कहा कि कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक को मेरा पूरा समर्थन है। मैंने स्पष्ट कहा है, लेकिन सेना के राजनीतिक उपयोग का मैं समर्थन नहीं करता हूं।

आपको बता दें कि अखिलेश यादव द्वारा कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का समर्थन कोई नई बात नही है। इससे पहले अभी हाल ही में जब राहुल गांधी ‘दिल्ली से देवरिया किसान यात्रा’ में आये थे, उस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर तो जमकर हमले किये लेकिन यूपी सरकार पर किसी प्रकार का कोई हमला नही किया।

फिल्म ‘रईस’ में रिप्लेस होंगी पाकिस्तानी हिरोईन माहिरा!

एंटरटेनमेंट डेस्क
शाहरुख खान की बहुचर्चित आगामी फिल्म ‘रईस’ कहीं निर्माता निर्देशकों को ‘फ़कीर’ न बना दे, इसी डर से फिल्म में एक अत्यंत बड़ा फेरबदल करने का फैसला किया गया है। उरी हमले के बाद से भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के विरुद्ध जो माहौल बन गया है, उसी के मद्देनजर ‘रईस’ की हिरोईन माहिरा खान को बदले जाने की खबर आ रही है।

रिलीज़ डेट से लेकर शाहरुख़ के असहिष्णुता वाले बयान जैसी तमाम समस्याओं का सामना कर चुकी फिल्म ‘रईस’ जैसे तैसे 26 जनवरी को रिलीज होने जा रही थी, लेकिन उरी हमले के बाद पाकिस्तानी हिरोईन माहिरा भी विरोध का शिकार हो गेन। आपको बकता दें कि अभी तक फवाद खान के चलते फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ की मुश्किलें ज्यों की त्यों बरकरार हैं।

फिल्म ‘रईस’ से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि माहिरा ने आधी से अधिक शूटिंग पूरी कर ली है। बस थोड़ी सी शूटिंग बाकी है लेकिन माहिरा भारत नहीं आ रही हैं। दुबई में उनकी बाकी शूटिंग पूरी किए जाने का विचार चल रहा था, लेकिन अब हो सकता है कि माहिरा का पूरा हिस्सा ही फिल्म से हटा दिया जाए और उनकी जगह किसी अन्य भारतीय हीरोईन को लिया जाए। हीरोईन की भूमिका ‘रईस’ में बहुत लम्बी नहीं है इसलिए फिल्म के निर्माता और निर्देशक माहिरा खान को बदलने के बारे में गंभीरता से विचार कर रहे हैं।

सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार किसी ऐसी हीरोईन को लिया जा सकता है जिसके पास डेट्स उपलब्ध हों। कैटरीना के पास डेट्स खाली हैं, उन्हें भी लिया जा सकता है या फिर परिणीति चोपड़ा को भी अवसर मिल सकता है।

तमाम समस्याओं के चलते इस फिल्म की रिलीज डेट बदली भी जा सकती है। हालांकि अब तक इसे 26 जनवरी 2017 को ही प्रदर्शित करने की घोषणा की गई है। गौरतलब है कि इसी दिन रितिक रोशन की फिल्म ‘काबिल’ भी प्रदर्शित हो रही है। शाहरुख़ ने रितिक से ‘क़ाबिल’ की तारीख बदलने की भी रिक्वेस्ट की थी, लेकिन यह मांग पहले ही ठुकराई जा चुकी है।

मायावती उप्र चुनाव का सांप्रदायीकरण कर रही हैं -भाजपा

अनुज हनुमत,

कल लखनऊ में बसपा संस्थापक कांशीराम की 10वीं पुण्यतिथि के मौके पर बसपा सुप्रीमों मायावती की महारैली ने विधानसभा चुनाव से पहले विरोधियों के खेमे में हलचल मचा दी है। कल भाजपा ने मायावती द्वारा एक रैली में मुस्लिमों के बारे में दिये बयान को लेकर बसपा प्रमुख पर उत्तर प्रदेश चुनाव प्रचार अभियान का सांप्रदायीकरण करने का आरोप लगाया।

पार्टी ने दावा किया कि विकास ही उसका मुख्य चुनावी मुद्दा है, जिस पर लोग भाजपा को वोट देंगे क्योंकि सपा एवं बसपा, दोनों ही इस मामले में विफल रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करने के लिए मायावती को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वह निचले स्तर की राजनीति कर रही हैं तथा उनकी टिप्पणी से ‘‘मानसिक दिवालियापन और हताशा’’ झलक रही है, क्योंकि उनका जनाधार खिसक रहा है, जबकि मोदी की लोकप्रियता बढ़ रही है।

उन्होंने मायावती पर टिप्पणी करते हुए आगे कहा कि ‘‘विकास के मामले में वह पूरी तरह सिफर हैं। अब वह राज्य की राजनीति का सांप्रदायीकरण कर रही हैं। किन्तु चुनावी एजेंडा विकास ही रहेगा, जिसमें सत्तारूढ़ सपा तथा बसपा एवं कांग्रेस के पास बताने के लिए कुछ नहीं है। विकास के लिए लोग भाजपा को वोट करेंगे।’’

शर्मा ने उनसे नियंत्रण रेखा के पार आतंकवादी ठिकानों पर किये गये लक्षित हमले पर बोलने से परहेज करने को कहा। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सेना की कार्रवाई को लेकर लोगों में बहुत उत्साह है तथा हर कोई सैनिकों की प्रशंसा कर रहा है।

भाजपा नेता ने कहा कि मायावती दलितों के नाम पर धनबल की राजनीति करने के लिए जानी जाती हैं। इसी वजह और उनके अंहकार एवं गलत नीतियों के कारण लोगों ने 2012 में उन्हें अस्वीकार कर दिया था और 2017 में वे फिर ऐसा करेंगे।

मायावती की रैली में जिस कदर भीड़ का आलम था, उसने सूबे के सियासी हलकों में बेचैनी बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि बसपा की इस हुंकार रैली का अन्य पार्टियां किस रूप में जवाब देती हैं।

रिकॉर्ड: रिलायंस जियो ने मात्र 26 दिन में बनाए 1.6 करोड़ से ज़्यादा ग्राहक

शिखा पाण्डेय,

दूरसंचार जगत में तहलका मचा चुके ‘रिलायंस जियो’ ने अपनी शुरुआत के पहले ही महीने 1.6 करोड़ ग्राहक बना कर अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड बना लिया है। खुद कंपनी ने यह दावा किया है कि यह अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड है, क्योंकि उसने यह उपलब्धि दुनिया की किसी भी अन्य दूरसंचार कंपनी या स्टार्टअप से ज्यादा तेजी से हासिल की है, चाहे वह फेसबुक हो, वाट्सऐप या स्पाइक हो।

गौरतलब है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी की इस कंपनी ने 4जी सेवाओं का अपना परिचालन औपचारिक रूप से 5 सितंबर से शुरू किया था। कड़ी प्रतियोगिता के बीच एक नयी शुरुआत करनेवाली इस कंपनी का कहना है कि पहले 26 दिनों में ही 1.6 करोड़ से अधिक ग्राहक रिलायंस जियो से जुड़ गए हैं।

उल्लेखनीय है कि रिलायंस जियो फिलहाल ‘वेलकम आॅफर’ अवधि में चल रही है, जिसके तहत उसकी सारी सेवाएं दिसंबर 2016 तक बिलकुल मुफ्त हैं। जनवरी से ग्राहकों को रिलायंस के टैरिफ प्लान का इस्तेमाल करना होगा। इनमें 149 रुपए महीने से लेकर 5 हजार रुपए तक के प्लान शामिल हैं। कंपनी ने उपभोक्ताओं को 50 रुपए में 1 जीबी (5 पैसे प्रति एमबी) डाटा देने की घोषणा की है।

इसके अतिरिक्त कंपनी ने हाल ही में आईफोन के नये ग्राहकों के लिए अपने सारी सेवाएं दिसंबर 2017 के आखिर तक नि:शुल्क देने की विशेष योजना की घोषणा की है। कंपनी जल्द से जल्द 10 करोड़ ग्राहक बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

राहुल गांधी राजनीति के पप्पू हैं, पहले वो हिन्दू होने का सबूत दें -साक्षी महाराज

सौम्या केसरवानी,

भारतीय जनता पार्टी के विवादित नेता साक्षी महाराज पार्टी की मनाही के बाद भी अपने तेवर बदलने को तैयार नहीं हैं। उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज अक्सर ही अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में बने रहते हैं।

मैनपुरी में आज साक्षी महाराज ने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी राजनीति के पप्पू हैं। राहुल गांधी राजनीति की ABCD भी नहीं जानते हैं। राहुल बेकार में ही उत्तर प्रदेश के चक्कर काट रहें हैं। राहुल को अभी राजनीति में पारंगत होने में काफी वक्त लगेगा।

भाजपा सांसद ने ये भी कहा कि राहुल के मूल में ही खोट है, पहले वो अपने हिंदू होने का सबूत दें। साक्षी ने कहा कि जब राहुल हिंदू ही नहीं हैं तो उन्हें हिंदुस्तान और भारतीय सेना से कैसे प्यार हो सकता है।

भाजपा सांसद ने कहा कि देश के अंदर भी अलगाववादी मौजूद है। आतंकवादी देश के बाहर ही नहीं देश के अंदर भी हैं, कुछ मीडिया के रूप में भी हैं। साक्षी ने कहा कि ऐसे देशद्रोहियों पर भी सर्जिकल स्ट्राइक की जरूरत है।

लखनऊ हुंकार रैली: बीजेपी पर मायावती ने बोला हमला, कहा- ‘चुनाव के मद्देनजर किया गया सर्जिकल स्ट्राइक’

अनुज हनुमत,

मायावती ने आज लखनऊ में स्व. कांशीराम की पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित महारैली के दौरान केंद्र की मोदी सरकार और सूबे की अखिलेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। बसपा सुप्रीमो मायावती ने यूपी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यूपी सरकार को गरीबों की बिल्कुल भी परवाह नहीं है।

मौजूदा यूपी सरकार जातिवादी मानसकिता से ग्रसित बताते हुए बसपा सुप्रीमो ने अखिलेश सरकार पर भी जमकर हमला बोला। मायावती ने कहा कि सूबे में दंगो को रोकने में यूपी सरकार पूरी तरह से नाकाम रही है और यूपी सरकार पर भ्रष्ट ताकतों का जमावड़ा है।

महारैली को सम्बोधित कर रही बसपा सुप्रीमो मायावती यहीं नहीं रुकी। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि केंद्र ने लोगों को गुमराह किया है और इनके अच्छे दिन के सपने पूरी तरह से झूठे निकले। उन्होंने कहा कि केंद्र की सारी योजनाएं झूठी है और गौरक्षा के नाम पर इनके कार्यकाल में दलितों का उत्पीड़न हुआ है। आगे बसपा सुप्रीमो ने कहा कि केंद्र ने काले धन की वापसी पर लोगों की गुमराह किया है और अभी तक कार्यकाल में आतंक के नाम पर अल्पसंख्यकों पर जुल्म हुआ है जो दुःखद है।

उरी हमले के बाद हुई सर्जिकल स्ट्राइक पर बोलते हुए मायावती ने कहा कि सरकार ने देर से सर्जिकल स्ट्राइक का फैसला लिया। सियासी फायदे के लिये चुनाव के वक्त लिया गया फैसला। उन्होंने कहा कि सफल सर्जिकल स्ट्राइक के लिए सेना को सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि लोगो को बाँटने का काम कर रही है बीजेपी।

पाकिस्तानी कलाकारों की अब जाकर खुली आँख, बैन के डर से करने लगे उरी हमले की निंदा

शिखा पाण्डेय,

पाकिस्तान की ओर से भारत पर किए जा रहे तमाम हमलों के बावजूद लंबे अरसे से खामोश बैठे पाकिस्तानी कलाकार अब जाकर एक के बाद एक चुप्पी तोड़ते नज़र आ रहे हैं। भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के काम करने पर पाबन्दी की मांग उठने के बाद उनमें इस बात का एहसास जागा है कि भारत पर हुए आतंकी हमले गलत थे।

अभिनेता फवाद खान और व्यक्त शफ़क़त अमानत अली खान के बाद अब अभिनेत्री माहिरा खान ने भी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने किसी भी तरह की आतंकी हरकत की सख्त निंदा की है और एक शांतिपूर्ण दुनिया के लिए दुआ की है।

एक फेसबुक पोस्ट में माहिरा ने लिखा है, “पिछले पांच सालों से मैं अदाकारा के रुप में काम कर रही हूं और मेरा मानना है कि मैंने यहां और बाकी जगह अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता से पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करते हुए और अपने देश के सम्मान को अक्षुण्ण रखने के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ कोशिश की। एक पाकिस्तानी और दुनिया की नागरिक होने के नाते मैं आतंक के किसी कार्य की सख्त निंदा करती हूं चाहे वह किसी भी सरजमीं पर हो।”

गौरतलब है कि उरी हमले के बाद से भारत में पाक कलाकारों पर पूर्णतः पाबंदी लगाने की मांग हो रही है। एक ओर पाकिस्तानी कलाकारों को मनसे ने निशाना बनाते हुए 48 घंटों के अंदर उन्हें भारत छोड़ने या जबरन निकाले जाने का अल्टीमेटम दिया था, तो दूसरी ओर कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियां उनके समर्थन में भी खड़ी हुईं।