28.6 C
Mumbai
Saturday, August 8, 2026
Home Blog Page 1117

कोल इंडिया के तकनीकी निदेशक नागेंद्र कुमार का हृदय गति रुक जाने से निधन

शिखा पाण्डेय,

कोल इंडिया के तकनीकी निदेशक व बीसीसीएल के प्रभारी सीएमडी नागेंद्र कुमार का कल रात हृदय गति रूकने से निधन हो गया। अचानक उनके निधन की खबर मिलने से बीसीसीएल सहित पूरा कोल इंडिया सदमे में है।

संक्षिप्त परिचय-

नागेंद्र कुमार ने इंडियन स्कूल आफ माइंस, धनबाद से माइनिंग इंजीनियरिंग में स्नातक किया था। वे वर्ष 2012 से कोल इंडिया के निदेशक तकनीकी के पद पर कार्यरत थे। उन्हें क्रिकेट, किताबों और पुराने गानों का शौक था। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका, चीन, फ्रांस, इटली और जर्मनी जैसे देशों की यात्रा की।

उन्होंने वर्ष 1980 में जूनियर एक्जक्यूटिव के रूप में सीसीएल ज्वाइंन किया था। वे छह वर्ष तक मैनेजर और सात वर्ष तक प्रोजेक्ट आफिसर के रूप में कार्यरत रहे। वर्ष 2001 में उनका स्थानांतरण ईसीएल में कर दिया गया। वे वर्ष 2004 में जनरल मैनेजर और 2007 में चीफ जनरल मैनेजर बने।

नागेंद्र ने अपने कार्यकाल में कठिन भूमिगत और खुली खदानों को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया। नागेंद्र कुमार की उपलब्धियों में झरिया के खदानों में सफल खुदाई है।

प्रियंका को मांगनी पड़ी माफ़ी, टीशर्ट पर लिखे शब्दों से सोशल मीडिया पर हुआ बवाल

शिखा पाण्डेय,

‘कोंडे नास्ट ट्रैवलर’ मैगजीन के कवर पेज पर छपी हुई अपनी तस्वीर पर तमाम आलोचनाओं के बाद अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने उसके लिए माफ़ी मांगी है। उन्होंने कहा है कि यदि टी शर्ट पर लिखे शब्दों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उसके लिए वो क्षमा चाहती हैं।

जानें पूरा मामला-

दरअसल ‘कोंडे नास्ट ट्रैवलर’ नमक मैगजीन के कवर पेज छपी एक तस्वीर में प्रियंका ने एक सफ़ेद रंग की  टी-शर्ट पहनी थी, जिस पर ‘रिफ्यूजी’ (शरणार्थी), ‘इमिग्रेंट’ (प्रवासी), ‘आउटसाइडर’ (बाहरी), ‘ट्रैवलर’ (यात्री) जैसे शब्द एक के बाद एक लिखे हैं और ‘ट्रेवलर’ को छोड़कर बाकी तीनों शब्दों के उपर लाल लकीर खींचकर उन्हें काटा गया है, जिससे यह संदेश जाता कि प्रियंका एक ‘ट्रैवलर’ हैं। इन शब्दों पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी। सोशल मीडिया के जरिए लोगों ने अपना विरोध जताया है।

इस संदर्भ में प्रियंका ने एक हाल ही में एक इंटरव्‍यू में कहा, “टी-शर्ट पर लिखे शब्दों का गलत अर्थ निकाला गया है। मेरा इरादा किसी की भावनाओं को चोट पहुंचाना नहीं था। मैं उन लोगों से माफी मांगती हूं, जिनकी भावनाएं आहत हुईं हैं।” वहीं मैगजीन ने पहले ही इस बात को साफ कर दिया था कि वह इन शब्दों के जरिए विदेशियों को संदेश देना चाहते थे।

गौरतलब है कि प्रियंका इन दिनों अमेरिकी टीवी शो ‘क्‍वांटिकों’ के अगले सीजन की शूटिंग कर रही हैं, जिसमें वे एक एफबीआई एजेंट की भूमिका निभा रही हैं। फिलहाल उन्‍होंने अभी कोई भी बॉलीवुड फिल्‍म साइन नहीं की है।

मुम्बई एयरपोर्ट पर उतरते समय एयर इंडिया के विमान का फटा टायर, सभी यात्री सुरक्षित

इंद्रकुमार विश्वकर्मा,

मुंबई: अहमदाबाद से मुम्बई आ रहे एयर इंडिया के विमान एआई614 का टायर आज सुबह छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरते समय फट गया। नई दिल्ली में एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और यात्रियों को आगे के गंतव्य तक पहुँचाने के लिए एक अन्य विमान की व्यवस्था की गई है। चालक दल के सदस्यों के साथ इस विमान में कुल 128 यात्री सवार थे।

प्रवक्ता ने बताया, ‘अहमदाबाद से 128 यात्रियों एवं चालक दल के सदस्यों को लेकर मुंबई आ रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 614 का टायर आज सुबह नौ बजकर चार मिनट पर छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरते समय फट गया।’

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाने के लिए एयरलाइन ने एक अन्य विमान की व्यवस्था कर दी है। एयरबस ए320 विमान एआई 651 के रूप में रायपुर के लिए उड़ान भरेगा।

मुम्बई के मेकर टावर में लगी भीषण आग, 2 की मौत 11 घायल

अमित द्विवेदी,

मुम्बई में कफ परेड इलाके में मेकर टावर के 20वें और 21वें मंज़िल पर मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दमकलकर्मियों ने 11 लोगों की जान बचा ली। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आग आज (मंगलवार) सुबह 6.30 बजे लगी।

बताया जा रहा है कि आग शार्ट सर्किट की वजह से लगी थी। आग इतनी भीषण थी कि इसपर काबू पाने में दमकलकर्मियों को 2 घंटे से भी ज़्यादा मशक्कत करनी पड़ी। कुल 11 घायलों में से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस पूरे मामले में दमकलकर्मियों ने पुलिस को बताया कि दक्षिण मुंबई के इस गगनचुंबी इमारत में आग लगने से दो लोगों की जान चली गई और 11 को बचा लिया गया। हालाँकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि आग लगने की असली वजह क्या थी।

इन्हें आतंकवादियों से ज़्यादा लगता है सेल्फी से डर!

शिखा पाण्डेय,

आज कल सेल्फेरिया बीमारी दुनिया भर के कोने कोने में किस कदर फ़ैल गई है, इससे आप भली भांति वाकिफ हैं। जिसे देखिये, पोज़ दिए सेल्फी खींचता नज़र आता है। लेकिन एक ऐसी पब्लिक फिगर, जिन्हें सेल्फी से लगता है डर! जी हाँ। वह मशहूर छवि है केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती की। उन्हें सेल्फी से इतना डर लगता है, जितना कि आतंकवादियों के हमले से भी नहीं लगता।

सेल्फेरिया के इस ज़माने में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री को सेल्फी लेना कतई पसंद नहीं और जबरन या चोरी से किसी ने यदि ऐसी कोशिश की, तो उसकी खैर नहीं।

आपको बता दें कि उमा भारती ग्वालियर में लोधी राजपूत समाज के कार्यक्रम दशहरा मिलन समारोह में हिस्सा लेने आईं थीं। कार्यक्रम में उनका फूलों की बौछारों से स्वागत हुआ। इस दौरान उमा भारती ने लोधी समाज को हर संभव मदद करने का आश्वसन दिया। उन्होंने कहा, “आरक्षण के मुद्दे को लेकर आपको आंदोलन की जरूरत नहीं है। कहीं, कोई परेशानी है, तो मुझे बताएं। मैं आगे आपकी बात करूंगी।” इसी दरमियान उन्होंने सेल्फी का जिक्र किया। उमा ने कहा आजकल हर किसी को सेल्फी का बड़ा शौक है, लेकिन मुझे सेल्फी से इतना डर लगता है, जितना कि आतंकवादी हमले से भी नहीं।

कार्यक्रम के दौरान उमा ने सार्वजनिक मंचों पर नेताओं का अपमान किए जाने की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि अगर कोई किसी नेता पर जूता या स्याही से हमला करता है तो उसका मलीदा बना दो। इस कार्यक्रम में उमा ने नमामि गंगे के बारे में भी जिक्र किया। उन्होंने समाज के लोगों से इस अभियान से जुड़ने का अह्वान किया।

मोदी जी पाकिस्तान को मुँहतोड़ जवाब दीजिए, लवलेटर मत लिखिए -नितीश कुमार

शिखा पाण्डेय,

जनता दल यूनाइटेड अध्यक्ष व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने  केंद्र सरकार से कहा है कि पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दीजिए, लव लेटर मत लिखिए ,हमारी पार्टी आपके के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हमलोग अगर मगर में विश्वास नहीं करते, राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद से निबटने और विदेश नीति के मामले में पूरी तरह केंद्र के साथ हैं।

जेडीयू के राष्ट्रीय परिषद की बैठक के दूसरे और आखिरी दिन अपने अध्यक्षीय भाषण में नीतीश कुमार ने ब्रिक्स सम्मेलन में पीएम के आतंकवाद के मसले पर कही गयी बातों का समर्थन करते हुए  कहा कि पीएम जैसी जरूरत समझें हम उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने की किसी भी तरह की कार्रवाई में वह और उनकी पार्टी केंद्र सरकार के साथ है।

हाल ही में सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक की प्रशंसा करते हुए नीतीश ने कहा, “गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने इसकी जानकारी दी थी। हमने उन्हें इस सफलता के लिए बधाई दी। लेकिन हम पीएम से अनुरोध करते हैं कि वह किसी भी राजनीतिक दल को इसका श्रेय लेने या इस संबंध में होर्डिग लगाने से रोकें। इसे देशभक्ति नहीं कहा जा सकता।” उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी ऐसा कर रही है उन्हें आप रोकिए।

नीतीश ने कहा, “आप देश के प्रधानमंत्री हैं, अकेले भाजपा के नेता नहीं, पूरा राष्ट्र एक है। यदि कोई इस मसले को देश की अंदरूनी राजनीति का हिस्सा बनाना चाहता है, तो उसे आप रोकिए।”

बैठक के दौरान नीतीश ने मोदी पर मज़ाक मज़ाक में व्यंग भी किया। उन्होंने कहा, “आप जय श्री राम बोलिए, मुझे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन आपके बोलने के तुरंत बाद प्रवीण तोगड़िया ने मंदिर बनवाने की मांग भी कर दी!” परोक्ष रूप से मोदी पर निशाना साधते हुए नीतीश ने कहा कि जिस मुद्दे पर आपको वोट मिले, उस पर काम कीजिए, देश का फायदा कॉमन सिविल कोड, धारा 370 और मंदिर निर्माण जैसे मुद्दे से नहीं होगा, सबके विकास से होगा।

उन्होंने कहा, “देश की राष्ट्रीय विकास दर सात प्रतिशत पर पहुंच गई है। किसान निराश हो रहे हैं, रोजगार नहीं मिल रहा है। सालाना दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य कहीं नहीं रहा। किसानों की मजबूरी इस बात से समझी जा सकती है कि जाट, पट्टेदार और मराठा जैसी सशक्त खेतिहर वर्ग भी अब आरक्षण की मांग कर रहा है।”

कांग्रेस पस्त, रीता बहुगुणा जोशी कांग्रेस का संग छोड़ थामेंगी भाजपा का दामन!

शिखा पाण्डेय,
मोदी सरकार की लोकसभा चुनाव में हुई जीत मानो कांग्रेस के लिए अभिशाप बन कर आई है। उस भीषण हर के बाद से कांग्रेस को एक के बाद एक कई आघात लगते जा रहे हैं। अब जो ज़ोर का झटका कांग्रेस को ज़ोर से  लगने की आशंका है, वह लखनऊ कैंट से विधायक व वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता रीता बहुगुणा जोशी के रूप में हो सकता है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रीता बहुगुणा जोशी भाजपा का दामन थाम सकती हैं। हालांकि अटकलों पर रीता के भाई और भाजपा नेता विजय बहुगुणा का कहना है कि ये बस एक अफवाह है, इसमें सच्‍चाई नहीं है। गौरतलब है कि रीता के भाई और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा जोशी पहले ही कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी से जुड़ कर चुके हैं। उस समय भी रीता के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें तेज हुई थीं, हालांकि उन्होंने ऐसी खबरों का खंडन किया था।

उल्लेखनीय है कि उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की बेटी रीता, 2007 से 2012 के बीच यूपी कांग्रेस कमेटी की अध्‍यक्षा रही हैं। रीता ने दो बार लोकसभा चुनावों में ताल ठोंकी है, हालांकि उन्‍हें दोनों बार हार का स्‍वाद चखना पड़ा। 2012 में उन्‍होंने लखनऊ के कैंट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2014 के लोकसभा चुनावों में भी रीता ने हाथ आजमाया था, मगर उन्‍हें भाजपा के राजनाथ सिंह से शिकस्‍त हासिल करनी पड़ी। यूपी में उन्होंने जनता से जुड़े अनेक मुद्दों पर सड़क पर संघर्ष किया और कार्यकर्ताओं के साथ आवाज बुलंद की।

रीता बहुगुणा जोशी ब्राह्मण समुदाय से हैं और पार्टी के ब्राह्मण चेहरों में सबसे आगे हैं। इसके बावजूद कांग्रेस ने ब्राह्मण तबके से दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को यूपी में सीएम चेहरा बनाया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर हैं और प्रदेश में चुनाव की कमान कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने संभाल रखी है। ऐसे में रीता बहुगुणा जोशी की प्रदेश में कोई अहम भूमिका ही नहीं है।

आपको बता दें कि इससे पहले मई में भी जोशी के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की अटकलें लगाई गई थीं। तब रीता मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव से अचानक मिलने जा पहुंची थी जिसके बाद चर्चाओं को बल मिला। हालांकि उन्‍होंने सपा का साथ नहीं दिया और कांग्रेस में ही रहीं।

18वें मामी मुम्बई फिल्म फेस्टिवल में नहीं दिखाई जाएगी पाकिस्तानी क्लासिक फिल्म ‘जागो हुआ सवेरा’

अमित द्विवेदी,

पाकिस्तान पर चारों तरफ से शिकंजा कसता ही जा रहा है। ताज़ा जानकारी के मुताबिक़, 20 अक्टूबर से मुंबई में होने वाले मुम्बई फिल्म फेस्टिवल में पाकिस्तानी क्लासिक फिल्म “जागो हुआ सवेरा” नहीं दिखाई जाएगी। फेस्टिवल के आयोजकों ने यह फैसला एक एनजीओ के भारी विरोध के बाद किया है।

उरी हमले के बाद से ही देश में पाकिस्तानी कलाकारों के खिलाफ तेज़ विरोध हो रहा है। उरी हमले में 19 भारतीय जवान शहीद हुए। इस हमले के बाद बॉलीवुड भी दो धड़े में बंटा नज़र आया है। एक कह रहा है कि इनका खुला बहिष्कार किया जाए, तो दूसरा इसे गलत मान रहा है। करण जौहर, स्वरा भास्कर और अनुराग कश्यप जैसे लोग पाकिस्तानी कलाकारों के पक्ष में खड़े नज़र आ रहे हैं।

फिल्म “जागो हुआ सवेरा” के निर्देशक एजे कारदार थे। यह फिल्म 1958 में बनी थी, जिसका निर्माण अविभाजित पाकिस्तान (जब बांग्लादेश आजाद नहीं हुआ था) में हुआ था। फिल्म को 1960 के ऑस्कर अवार्ड में सर्वेश्रेष्ठ विदेशी भाषा वर्ग श्रेणी में नामांकित किया गया था। मामी फेस्टिवल में इस फिल्म को ‘रिस्टोर्ड क्लासिक’ वर्ग में दिखाया जाना था। फिल्म की शूटिंग ढाका में हुई थी। ‘रिस्टोर्ड क्लासिक’ वर्ग का संचालन फिल्म अभिनेता आमिर खान की पत्नी किरण राव करने वाली हैं।

“जाओ हुआ सवेरा” में बांग्लादेश (तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान) के मछुवारों की कहानी है। बांग्ला के प्रसिद्ध कथाकार मानिक बंदोपाध्याय की कहानी पर आधारित फिल्म की पटकथा और गीत मशहूर शायर फ़ैज अहमद फ़ैज ने लिखे थे। फिल्म में मुख्य भूमिका खान अताउर रहमान और तृप्ति मित्रा ने निभाई थी।

27 अक्टूबर तक चलने वाले मामी फिल्म फेस्टिवल में 54 देशों की 180 से अधिक फिल्में दिखाई जाएंगी।

रक्षामंत्री ने कहा, ‘आरएसएस को जाता है सर्जिकल स्ट्राइक का श्रेय, विपक्ष ने घेरा

अमित द्विवेदी,

सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से ही भारत में इस ऑपरेशन का श्रेय ही लिया दिया जा रहा है। रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर इसके पहले सर्जिकल स्ट्राइक का श्रेय पीएम मोदी और देश की 127 करोड़ जनता को दे चुके हैं। इस बार निरमा विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम में रक्षामंत्री पर्रिकर ने इसका श्रेय आरएसएस को दे डाला। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक आरएसएस से मिली शिक्षा की बदौलत संभव हो पाया है।

निरमा यूनिवर्सिटी और रक्षा मंत्रालय के एक संयुक्त कार्यक्रम में रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा पीएम नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी की धरती से हैं और मैं गोवा से। इसीलिए शायद यह आरएसएस की बेसिक शिक्षा से ही मुमकिन हुआ कि सर्जिकल स्ट्राइक की गई।

रक्षामंत्री के इस बयान के बयान के बाद अन्य पार्टियों की भी बयानबाज़ी शुरू हो गई। कांग्रेस के प्रवक्ता संजय झा ने एक निजी चैनल से कहा कि हम पहले ही बता चुके हैं कि इस सरकार के सभी बड़े फैसले नागपुर से लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री आज सार्वजनिक तौर से बता रहे हैं कि आरएसएस ही भारत की सरकार को चला रहा है, जहां पर मोदी कठपुतली की तरह हैं। इस मामले पर संघ विचारक राकेश सिन्हा ने कहा कि आरएसएस से स्वयंसेवक प्रभावित होते हैं, संघ स्वयंसेवकों को अपने विचार से प्रभावित करता है।

गौरतलब है कि उरी आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया था। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने 50 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया था। जिसके बाद से देश में सर्जिकल स्ट्राइक पर ही बयानबाज़ी शुरू हो गई।

मिस्टर इंडिया के सीक्वल में नज़र आएंगे ‘हर्षवर्धन कपूर’!

शिखा पाण्डेय,

साल 1987 में आई ज़बरदस्त हिट फिल्म ‘मिस्‍टर इंडिया’ का सीक्वल बनने की खबर आने के बाद से ही लोगों में यह जानने की बेहद उत्सुकता है कि इस बार फिल्म में मुख्य कलाकार कौन-कौन होंगे। चर्चा ये भी है कि ‘मिस्टर इंडिया 2’ में अनिल कपूर का किरदार कोई और नहीं बल्कि मिर्ज़िया फिल्म से अपना डेब्यू करने वाले उनके बेटे हर्षवर्धन कपूर ही निभाएंगे।

दूसरी रोमांचक बात यह कि खुद अनिल कपूर भी फिल्म का हिस्सा होंगे। सूत्रों के मुताबिक, अगर सब कुछ ठीक रहा तो इस फिल्म में हर्षवर्धन के पिता का रोल अनिल खुद निभाएंगे। ऐसे में इस असल पिता-पुत्र की जोड़ी को पर्दे पर एक साथ देखना और भी दिलचस्प होगा।

गौरतलब है कि 1987 में आई फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ में मिस्टर इंडिया बने अनिल कपूर तथा मोगैम्बो का किरदार निभा रहे अमरीश पुरी ने फिल्म को हमेशा के लिए अमर बना दिया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि अगर हर्षवर्धन को यह मौका मिलता है, तो वे रोल के साथ न्याय कर पाते हैं या नहीं और प्रोड्यूसर बोनी कपूर पिता-बेटे की इस दिलचस्प जोड़ी को फिल्म में एक साथ ला पते हैं या नहीं।