28.2 C
Mumbai
Monday, August 10, 2026
Home Blog Page 1082

फ़िल्म ‘रईस’ को लेकर चर्चा में शाहरुख़ ख़ान, आज होगा ट्रेलर लॉन्च

एंटरटेनमेंट डेस्क,

‘किंग खान’ शाहरुख़ अपनी आगामी फिल्म ‘रईस’ को लेकर खासे चर्चा में हैं। फिल्म का ट्रेलर आज आने वाला है, लेकिन इससे एक दिन पहले शाहरुख ने अपनी इस फिल्म का नया पोस्टर रिलीज किया। शाहरुख ने ट्विटर के जरिए फिल्म का पोस्टर रिलीज करते हुए लिखा, “आज रईस का नया पोस्टर देखो..कल ट्रेलर देखने को मिलेगा।” फिल्म के पोस्टर में लिखा है ‘अपना टाइम शुरू’।

पोस्टर में शाहरुख बहुत स्मार्ट और डैशिंग नज़र आ रहे हैं।
गौरतलब है कि ‘रईस’ का ट्रेलर 3500 स्क्रीन्स पर एक साथ दिखाया जाएगा। साथ ही एक खास बात यह है कि 9 शहरों में ट्रेलर लांच के दौरान शाहरुख अपने फैन्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुलाकात व बात करेंगे। ऐसा पहली बार होगा जब किसी भी फिल्म के ट्रेलर को इतने सारे स्क्रीन पर एक साथ दिखाया जाएगा। इस बारे में फिल्म मेकर्स ने बताया कि उनका इरादा देश के हर एक शहर के सिनेमा हाल में ‘रईस’ के ट्रेलर को पहुंचाने का है। इसलिए उन्होंने ट्रेलर को 3500 स्क्रीन्स पर दिखाने का निर्णय लिया है।

आपको बता दें कि शाहरुख़ की यह फिल्म 26 जनवरी को रिलीज़ होने वाली है। पाकिस्तानी कलाकार माहिरा खान के फिल्म में काम करने के कारण फिल्म पहले ही विवादों में आ गयी थी, लेकिन बाद में खबरें आयीं कि उनके सीन्स फिल्म से काट दिए गए हैं। इसके अलावा रितिक रोशन की फिल्म क़ाबिल भी ‘रईस’ की टक्कर में उसी दिन रिलीज़ की जा रही थी, लेकिन अब वह एक दिन पहले यानी 25 जनवरी ही को रिलीज़ की जायेगी।

हिन्दू होने के बावजूद, दफ़नाया जाएगा जयललिता का पार्थिव शरीर

शिखा पाण्डेय,

तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता के निधन से पूरा देश शोक की लहर में डूबा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी समेत देश के तमाम दिग्गज उनके अंतिम दर्शन करने पहुंचे। आज संसद के दोनों सदनों में भी उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। हिन्दू होने के बावजूद उनके पार्थिव शरीर को हिन्दू रीति-रिवाजों के अनुसार  जलाया नहीं जायेगा, बल्कि दफनाया जायेगा। उन्हें उनके राजनीतिक गुरु एमजीआर के स्मारक के नजदीक ही दफनाया जाएगा।

जयललिता के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए राजाजी हॉल में रखा गया था। अब से कुछ ही देर बाद उनके पार्थिव शरीर को मरीना बीच स्थित पूर्व मुख्यमंत्री एमजीआर के स्मारक के करीब दफनाया जाएगा। प्रशासन ने जेसीबी मशीनों के जरीए उस स्थान को तैयार कर लिया है जहां जयललिता को दफनाया जाना है।

वैसे तो हिंदू होने के नाते उनका अंतिम संस्कार हिंदू रीति रिवाजों से किया जाना था, लेकिन सूत्रों के अनुसार जयललिता के अंतिम संस्कार को लेकर एआईएडीएमके नेताओं में भ्रम की स्थिति थी। गूढ़ विचार विमर्श के बाद पार्टी के उच्च पदाधिकारियों ने तय किया कि जयललिता के शव को पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामाचंद्रन की ही तरह दफनाया जाए।

गौरतलब है कि 74 दिनों से चेन्नई के अपोलो अस्पताल में ज़िन्दगी की जंग लड़ने के बाद अंततः वे हार गईं। उन्हें रविवार को दिल का दौरा पड़ा, और उनका सोमवार देर रात दिल के काम बंद कर देने से निधन हो गया। पूरे राज्य में 7 दिन का शोक घोषित किया गया है। स्कूल व कॉलेज 3 दिनों के लिए बंद रखे गए हैं। आज केंद्र सरकार द्वारा 1 दिन के राष्ट्रीय शोक की भी घोषणा की गई है।

जयललिता से अम्मा तक का सफर, स्त्री सशक्तिकरण की अनुपम कहानी है -मालिनी अवस्थी

सुप्रसिद्ध गायिका मालिनी अवस्थी ने जयललिता के प्रति अपने फेसबुक वॉल में बेहद संजीदा संस्मरण लिखा। पढ़ें क्या कहती हैं मालिनी अवस्थी:

“27 सितंबर 2014 की तारीख मुझे कभी नहीं भूलेगी।
मैं उस दिन चेन्नई में थी और वापसी के जहाज़ में समय शेष था। अतः मैं चेन्नई के नल्ली स्टोर से साड़ियां लेने पहुँच गई। लगभग 4 बजे का समय रहा होगा कि अचानक नल्ली में अफरातफरी का माहौल बन गया। बाहर भयंकर कोलाहल की आवाज़ आने लगी।

दुकान का शटर गिरा दिया गया। दुकान में लगभग तीन सौ लोग रहे होंगे, हम सभी चकित थे कि आखिर हुआ क्या। भाषाई दिक्कत चेन्नई में इस समय और भी आड़े आ रही थी। कोई बताने को तैयार नहीं कि हुआ क्या। अंग्रेजी में कुछ कुछ यह स्पष्ट हुआ कि पूरे चेन्नई में माहौल बहुत ख़राब है, दुकान छोड़कर बाहर कोई न जाये। मैंने बाहर झांक कर देखा तो पाया कि आदमी औरतें हाँथ में पत्थर ले कर उन दुकानों को निशाना बना रहे थे जो अभी भी खुली थीं, औरतें रो रही थीं।

मैंने अपने पति को तुरंत फोन मिलाकर सब हाल बताया, उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट का अभी अभी निर्णय आया है, जयललिता को जेल हो गई है। तुम इस समय कहाँ हो। इस समय तमिलनाडु में माहौल ठीक नहीं।
अब मैं समझ सकी कि इतनी आक्रामक प्रतिक्रिया क्यों हो रही थी। तमिलनाडु की “अम्मा” का दुःख उनका अपना क्षोभ था, जो प्रकट हो रहा था।

मैं वहां से कैसे निकली, वह अलग कहानी। लेकिन उस दिन मैंने चेन्नई की सड़कों पर जनता का जो रुदन और क्षोभ देखा, वह किसी भी राजनेता के लिए सिर्फ ईर्ष्या और कल्पना का मंज़र था!

एक नायिका, फिंल्मफ़ेयर पुरस्कार विजेता, लक्स की मॉडल, तमिलनाडु के शिखर व्यक्तित्व की नायिका एवं शिष्या, सार्वजनिक ताड़ना और अपमान से दग्ध, एकाकी जयललिता का राजनीती का सफर एक औरत की दृढ इक्षाशक्ति का प्रमाण है। ऐसी औरत, जो विधानसभा में अपने अपमान का बदला लेने के साथ प्रतिज्ञा करती है कि अब इस विधानसभा में मुख्यमंत्री बनकर ही वापस आएगी, एक एक महिला, जिसका व्यक्तिगत जीवन सदा विवाद से जुड़ा रहा, कोई व्यक्तित्व सम्पूर्ण नहीं होता। उनसे अनेक भूलें भी हुईं, धन संचय को ले जेल जाना पड़ा लेकिन उनके जादू में कमी नहीं आने पाई।

शायद तभी उन्हें यह भान हो गया कि इंसान के गुज़र जाने पर यह कमाई साथ नहीं जाती, जाता है तो सिर्फ भलाई, यश, और कृतत्व!

अपनी उम्र के उत्तरार्ध में जयललिता ने जनउपयोगी ऐसी योजनाएं चलाईं कि वे सबकी “अम्मा” बन गईं। यह सच है कि तमिलनाडु निवासी अपनी भावनाओं के प्रकटीकरण में अत्याधिक भावुक हैं, लेकिन यह सच है कि अम्मा सा आदर पाना सरल नहीं और जयललिता ने वही कमाया। जयललिता की अम्मा तक पहुँचने की कहानी स्त्री सशक्तिकरण की अनुपम कहानी है।”

(मालिनी अवस्थी जी की फेसबुक वाल से साभार)

जयललिता के निधन पर बोले फ़िल्मी सितारे, “देश ने खो दी एक बहादुर बेटी”

शिखा पाण्डेय,

तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता के निधन के बाद पूरा देश शोकाकुल है। एक समय में रुपहले परदे की सुपरस्टार रहीं जयललिता के निधन पर बॉलीवुड और टॉलीवुड से भी दिग्गज कलाकारों ने अपनी शोकाकुल प्रतिक्रिया दी है। तमिल सुपरस्टार रजनीकांत ने AIDMK प्रमुख जयललिता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देश ने अपनी एक बहादुर बेटी खो दी है।

रजनीकांत ने ट्वीट किया, “सिर्फ तमिलनाडु ही नहीं, पूरे देश ने अपनी एक बहादुर बेटी खोई है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वो उनकी आत्मा को शांति दें।”

बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन ने ट्वीट किया, “जयललिता ऐसी अकेली मुख्यमंत्री थीं, जिन्होंने सिनेमा के 100 साल सेलिब्रेट किए, हर एक कारणों से, वे सर्वाधिक प्रशंसनीय थीं।” शाहरुख़ खान ने भी ट्वीट किया, “खबर सुनकर बहुत दुःख हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।”

तमिल जगत के भी तमाम सिनेमा दिग्गजों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है, जिनमें, पार्थिबन, जेयम रवि, श्रुति हसन, डायरेक्टर गौतम वासुदेव मेनन कुछ प्रमुख नाम हैं।

नहीं रहीं ‘अम्मा’, शोक में डूबा पूरा देश

शिखा पाण्डेय,

सिनेमा से राजनीति तक का सफल सफर तय करने वाली AIADMK पार्टी प्रमुख व तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता का निधन सोमवार की देर रात हो गया। जयललिता को रविवार दोपहर करीब तीन बजे दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की निगरानी में चेन्नई के अपोलो अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

पूरे तमिलनाडु में ‘अम्मा’ कही जानेवाली जयललिता लंबे समय से बीमार चल रही थीं और चेन्नई के अपोलो अस्पताल के आईसीयू में एडमिट थीं, लेकिन हाल ही में उनके पूर्णतः स्वस्थ होने की खबर सामने आयी थी। रविवार को अचानक दिल का दौरा पड़ने के बाद फिर से अपोलो अस्पताल के सीसीयू में हार्ट असिस्ट डिवाइस पर रखा गया। जयललिता के स्वास्थ्य को लेकर अपोलो अस्पताल ने लंदन के डॉक्टर रिचर्ड से संपर्क किया था और दिल्ली के एम्स से डॉक्टरों की एक टीम भी चेन्नई के लिए रवाना कर दी गई थी। आपको बता दें कि जयललिता पिछले 74 दिनों से अपोलो अस्पताल में भर्ती थीं।

तमिलनाडु में सबसे कम उम्र में सीएम बनी व जनता के बीच अत्यन्त लोकप्रिय रही जयललिता के निधन की खबर मिलते ही पूरे देश में शोक लहर दौड़ गई।

जयललिता को दिल का दौरा पड़ने की खबर मिलते ही तमिलनाडु के राज्यपाल सी विद्यासागर राव, जो मुम्बई में थे, अपने सभी कार्यक्रम छोड़कर चेन्नई लौट आए। वो चेन्नई पहुंचते ही सबसे पहले अपोलो अस्पताल पहुंचे और वहां से 10 मिनट के बाद राजभवन चले गए। इस बीच अपोलो अस्पताल में ही तमिलनाडु सरकार की कैबिनेट की आपात बैठक हुई, जिसमें तमाम मंत्री शामिल हुए। इस दुखद समाचार का अंदाज़ा तभी लग गया था, जब राज्यपाल अपनी यात्रा छोड़ चेन्नई रवाना हो गए और AIADMK सांसदों को दिल्ली से चेन्नई पहुंचने के लिए पार्टी ने आदेश जारी कर दिया।

इससे पहले अस्पताल ने एक बयान जारी कर कहा था कि एआईएडीएमके प्रमुख की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें ईसीएमओ और अन्य जीवन रक्षक सहायक प्रणालियों पर रखा गया है। उनका इलाज चल रहा है और विशेषज्ञ उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। इसी दौरान उनकी हालत गंभीर होने की खबर के बीच पार्टी मुख्यालय का झंडा एक बार झुका दिया गया, लेकिन फिर अस्पताल की ओर से जारी बयान में इलाज जारी होने की बात आते ही झंडा फिर उठा दिया गया औए सबमें उम्मीद की नयी लहर दौड़ गयी। तमाम अटकलों के बीच केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू भी अपोलो अस्पताल पहुंचे।

भ्रष्टाचार के तमाम मामलों में अक्सर घिरे रहने के बावजूद आम जनता में अपनी लोकप्रियता बनाये व बढ़ाये रखनेवाली जयललिता के निधन पर तमाम दिग्गज नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। निधन की अटकलों के बीच जनता में हड़कंप भी मच गया औए पुलिस को तोड़ फोड़ रोकने के उदेश्य से लाठी चार्ज भी करना पड़ा।

आपको बता दें कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्पताल के बाहर 200 पुलिसकर्मियों को तैनाती की गई है। साथ ही चेन्नई समेत राज्य के दूसरे हिस्सों में अर्द्धसैनिक बलों को अलर्ट रहने का आदेश दिया गया है।

भाजपा सरकार का युवाओं के लिए खास तोहफा!

सौम्या केसरवानी,

गोवा सरकार ने देश की दिग्गज टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन के साथ एक स्कीम के तहत करार किया है। स्कीम के तहत 16 से 30 साल के युवाओं को फ्री सिम के साथ हर महीने 100 मिनट का टॉकटाइम और 3 जीबी इंटरनेट डाटा मिलेगा।

केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए गोवा सरकार ने राज्य के एक लाख से ज्यादा युवाओं को फ्री इंटरनेट और टॉकटाइम देने की स्कीम लॉन्च किया है। इस स्कीम से युवा पूरे राज्य भर में इंटरनेंट और मुफ्त टॉकटाइम के जरिए कॉलिंग कर सकेंगे।

इससे पहलेे चेयरमैन मुकेश अंबानी ने रिलायंस जियो की मुफ्त सेवाएं 31 मार्च तक जारी रखने की एक दिसंबर को घोषणा की थी। पहले रिलायंस जियो का ऑफर 31 दिसंबर को खत्म होना था, जिसे बढ़ा दिया गया है।

इस स्कीम के लिए गोवा सरकार ने देश की दिग्गज टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन के साथ करार किया है। स्कीम के तहत 16 से 30 साल के युवाओं को फ्री सिम के साथ हर महीने 100 मिनट का टॉकटाइम और 3 जीबी इंटरनेट डाटा मिलेगा।

इस स्कीम को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर ने कहा, गोवा युवा संचार योजना सोमवार को लॉन्च की जाएगी। इस योजना के अंतर्गत हमने प्रावधान भी किया है। अगर इस स्कीम के लाभ की जगह दुरुपयोग होते देखा गया, तो इसे बंद कर दिया जाएगा। इसके जरिए सरकार लोगों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाना चाहती है। इस सिलसिले में पीएम मोदी गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों से भी मुलाकात कर चुके हैं।

पिछले वर्ष जुलाई में नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा लांच डिजीटल इंडिया पहल का लक्ष्य देश को डिजिटल रूप से सक्षम समुदाय और ज्ञान संपन्न अर्थव्यस्था में बदलना है। सरकार डिजिटल क्रांति के जरिए आम आदमी के सपनों को साकार करना चाहती है।

डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने हेतु निति आयोग की नई पहल

सौम्या केसरवानी,

केंद्र सरकार पूरे देश को कैशलेस इकॉनमी बनाने का सपना देख रही है, जिसके अंतर्गत अब निति आयोग ने एक नई पहल की है। जिसमें हर जिले को डिजिटल पेमेंट करने पर 5 लाख का प्रोत्साहन यानी इंसेंटिव दिया जाएगा।

निति आयोग ने हर जिले को उसकी जनसंख्या के अनुसार 5 लाख का प्रोत्साहन बांटने का निर्णय लिया है। यह प्रोत्साहन जिलाधिकारी को दिया जाएगा जो इसे जनता के बीच उनकी ट्रांज़ैक्शन के अनुसार बाटेंगे। प्रत्येक ट्रांज़ैक्शन पर आपको 5 रूपये मिलंगे यानी हर दो ट्रांज़ैक्शन पर 10 रूपये।

ऐसा माना जा रहा है कि निति आयोग के इस निर्णय के बाद देश को कैशलेस इकॉनमी बनाने में बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा इस निर्णय से देश को डिजिटल प्लेटफार्म भी मिलेगा, जिससे देश का विकास होगा।

आपको बता दें कि पीएम मोदी के प्रोजेक्ट से पूरा देश बैंकों से जुड़ जाएगा। जिसके बाद कालाधन जैसी समस्याओं से देश को निजात मिलेगी व देश उन्नति की ओर अग्रसर होगा।

नोटबंदी का 27वां दिन, दोनों सदनों में सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष

अनुज हनुमत,

आज केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले को 27वां दिन है और विपक्ष के लगातार विरोध का सिलसिला आज भी जारी रहने की उम्मीद है। जानकारों की मानें तो लोकसभा और राज्यसभा में भी इस विषय पर चर्चा हो सकती है। आपको बता दें कि नोटबंदी के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के चलते संसद के शीतकालीन सत्र में कामकाज बाधित है।

विपक्ष ने शुरू से ही सरकार पर इस मुद्दे पर बहस के लिए दबाव बना रखा था । नोटबंदी पर लोकसभा में नियम 193 के तहत चर्चा तय की गई है। इस नियम में चर्चा के बाद वोटिंग का प्रावधान नहीं है। हालांकि विपक्ष अभी तक इस बात पर अड़ा हुआ है कि चर्चा किसी ऐसे नियम के तहत कराई जाए, जिसमें चर्चा के बाद वोटिंग का प्रावधान हो।

दरअसल, वोटिंग के प्रावधान वाले नियम के तहत चर्चा की मांग को लेकर लोकसभा की कार्यवाही 17 नवंबर से ही लगातार बाधित हो रही है। अगर विपक्ष का विरोध खत्म होता है तो राज्यसभा में नोटबंदी पर आगे चर्चा होगी और प्रधानमंत्री मोदी अपना बयान दे सकते हैं। 

हालांकि सरकार राज्यसभा में लोकसभा से पास हो चुके द टैक्सेशन लॉज (सेकेंड अमेंडमेंट) बिल 2016 को पेश करेगी। यह मनी बिल है इसलिए राज्यसभा से पास ना होने पर भी यह बिल प्रभाव में आ जाएगा।

वहीं कांग्रेस ने अपने सांसदों को व्हिप जारी कर दोनों सदनों में मौजूद रहने को कहा है। कांग्रेस मनी बिल का विरोध कर रही है, ऐसे में बिल पेश होने पर सोमवार को राज्यसभा में जबर्दस्त हंगामे के आसार हैं। आज दो दिनों बाद बैंक खुल रहे हैं ऐसे में काफी मात्रा में भीड़ रहने की उम्मीद है।

Edit 

अस्पताल में जयललिता, स्थिति जस की तस, अस्पताल के बाहर प्रशंसकों की भारी भीड़

शिखा पाण्डेय,

हाल ही में चेन्नई के अपोलो अस्पताल द्वारा स्वस्थ घोषित की गईं तमिलनाडु की मुख्यमंत्री और अन्नाद्रमुक प्रमुख जे. जयललिता को रविवार को अचानक दिल का दौरा पड़ा गया। उन्हें तत्काल अपोलो हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की निगरानी में अपोलो अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। अभी तक उनके स्वास्थ्य को लेकर स्थिति साफ नहीं हो पाई है।

जैसे ही ये खबर मीडिया में आई सरकार फौरन हरकत में आ गई। डॉक्टरों की एक टीम को चेन्नई भेजा गया। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने हालत पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने तमिलनाडु के राज्यपाल से बात की है। साथ ही यह भी खबर आ रही है कि चैन्नई समेत पूरे तमिलनाडु के बड़े पुलिस अधिकारियों को सुबह जल्दी बुलाया गया है। जब से जयललिता के समर्थकों ने उनके अस्वस्थ होने की खबर सुनी है, सभी खासे चिंतित हैं। हॉस्पिटल के बाहर भी उनके प्रशंसकों की भारी भीड़ जमा है। इसी दौरान रविवार रात को जयललिता ट्विटर पर भी ट्रैंड कर रही थी। लोगों ने उनके लिए प्रार्थना की।

गौरतलब है कि बुखार एवं निर्जलीकरण की शिकायत के चलते जयललिता को 22 सितंबर को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले कुछ समय उनके बेहतर होने की बात कही जा रही थी।

कुछ दिन पहले अपोलो हॉस्पिटल्स के चेयरमैन प्रताप सी रेड्डी ने कहा था कि तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता पूरी तरह स्वस्थ्य हो गयी हैं और यह उन पर निर्भर करता है कि वह घर कब जाना चाहती है। रेड्डी ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा था, ‘‘वे पूरी तरह सचेत हैं। वे सवाल पूछ रही हैं और जो चाहती हैं, वो चीजें मांग रही हैं। हमारा मानना है कि वह इस बात के लिए उत्सुक हैं कि वह घर कब जाएंगी और सत्ता की कमान संभालेंगी।’’ उनके डिस्चार्ज होने की प्रतीक्षा कर रहे सभी समर्थकों को उन्हें आये दिल के दौरे की खबर सुनकर बहुत निराशा हुई है।

अब 20 और 50 रुपये के नए नोट जारी करेगा RBI, पुराने भी चलते रहेंगे

सौम्या केसरवानी,

पांच सौ और 1,000 रुपये के नोट बंद करने के बाद अब आरबीआई जल्द ही 20 और 50 रुपये के नए नोट जारी करेगा। ये नोट महात्मा गांधी सिरीज 2005 के होंगे, जिस पर आरबीआई के नए गवर्नर उर्जित पटेल के हस्ताक्षर होंगे। इन नोटों पर ‘2016’ प्रिंट होगा।

20 रुपये के नए नोट के दोनों नंबर पैनल पर इनसेट लेटर ‘L’ लिखा होगा। वहीं 50 रुपये के नए नोट पर दोनों नंबर पैनल पर आने वाले इनसेट लेटर को हटाया जाएगा।

आरबीआई ने कहा कि 20 और 50 रुपये के पुराने नोट चलते रहेंगे। आरबीआई की मानें तो नकदी सर्कुलेशन में खुले पैसे की दिक्कत को खत्म करने के लिए ये कदम उठाया गया है। हालांकि, इस बात का ऐलान नहीं किया गया है कि कब से बाजार में ये नए नोट उपलब्ध होंगे।

500 और हज़ार रुपये के नोट के बंद होने के बाद लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रविवार होने की वजह से एटीएम के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं। दिल्ली के दिल कनॉट प्लेस में एटीएम के बाहर लंबी लाइन देखने को मिली।