28.2 C
Mumbai
Monday, August 10, 2026
Home Blog Page 1081

पार्टी के लिए रोज़ाना 150 किमी. साईकिल चलाता है यह कार्यकर्ता

अनुज हनुमत,

राजनीति अपने आर्थिक लाभों की पूर्ति का साधन बन जाए, ऐसे समय में भी कुछ ऐसे लोग हैं, जो अपनी पार्टी के लिए बिना किसी लाभ के 24×7 समय समर्पित रहते हैं। ऐसे ही एक स्टार प्रचारक से हमारी मुलाकात हुई, जो अपनी पार्टी के लिए रोजाना सैकड़ों किमी साईकिल दौड़ाते हैं। इसके बाद भी इनके माथे में थकावट की एक शिकन नही रहती और फिर अगले दिन साईकिल का पहिया चल पड़ता है एक नए क्षेत्र की ओर।

इलाहाबाद के करन सिंह यादव समाजवादी पार्टी के ऐसे ही एक समर्पित कार्यकर्ता हैं। एक रंगबिरंगी साईकिल, जिसमें पार्टी की कुछ योजनाओं का जिक्र है और पार्टी के तमाम बड़े नेताओं के नाम हैं।

करण सिंह से हमारी मुलाक़ात हुई समाजवादी पार्टी के इलाहाबाद जिला कार्यालय में। अगर उनकी रंग बिरंगी साइकिल की बात करें तो करन सिंह ने साईकिल में सबसे आगे अखिलेश यादव का चित्र बना झंडा लगाकर रखा है और उनका कहना है कि अखिलेश भैया अब तक के सबसे अच्छे मुख्यमंत्री हैं और मुझे विश्वास है कि वह पुनः सत्ता में वापसी करेंगे।

करण सिंह यादव से जब यह पूछा गया कि आपको क्या लगता है कि सूबे में होने वाले अगले चुनावों में समाजवादी पार्टी को किससे ज्यादा डर है, इस प्रश्न के जवाब में करण सिंह ने कहा कि सबसे ज्यादा डर बुआ जी से है। नोटबन्दी वाले निर्णय पर तो करण सिंह ने कुछ बात नहीं की, लेकिन उन्होंने इतना जरूर कहा कि उन्हें केवल अपनी पार्टी के प्रचार से मतलब रहता है।

करण सिंह खुद को पार्टी का स्टार प्रचारक बताते हैं और इस बात पर मुहर लगाती है उनकी साईकिल! जिसके आगे लिखा है करण सिंह यादव – स्टार प्रचारक। साईकिल में करण सिंह ने एक हूटर भी लगा रखा है, जो यह बताता है कि वह सूबे की सत्ता में काबिज मौजूदा सरकार के समर्पित कार्यकर्ता हैं।

करण सिंह ने हमें बताया कि वह रोजाना 100 से 150 किमी साईकिल चलाते हैं और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाते हैं। उनका कहना था कि वह जिस-जिस गाँव से गुजरते हैं, लगभग हर जगह लोग अखिलेश भैया के काम से खुश हैं। उनसे जब यह पूछा गया कि क्या आपको पार्टी की तरफ से कुछ सहयोग मिलता है ? उन्होंने बताया कि हाँ सहयोग तो मिल जाता है, लेकिन मुझे ज्यादा सहयोग की अपेक्षा नहीं रहती, क्योंकि मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूँ और मैंने अपनी पूरी जिंदगी पार्टी के हित में समर्पित कर दी है।

कड़ाके की ठंड भी करण सिंह के हौसले को पश्त नहीं कर सके। जैसे ही उनसे हमारी बातचीत खत्म हुई, वो अपनी समाजवादी साईकिल से चल पड़े दिन की अगली यात्रा पर जो शायद कभी न खत्म हो।

जिओ से परेशान टेलीकॉम कंपनियां, 2 बड़ी कंपनियों ने दिए धमाकेदार ऑफर

सौम्या केसरवानी,

मुकेश अम्बानी ने जब से जिओ ऑफर का ऐलान किया है, उसके बाद से अन्य टेलिकॉम कंपनियों के लिए एक बड़ी समस्या पैदा हो गई है कि कैसे जिओ के ऑफर को टक्कर दी जाये। जिओ का ऑफर फ्री है, इसलिए अन्य कंपनिया अपने रेट कम कर रही है, वहीं अब नयी 2 कंपनियां अनलिमिटेड वॉइस कॉल का ऑफर दे रही है। अनिल अम्बानी की रिलायंस कम्युनिकेशन और एयरटेल कंपनी नए प्लान लेकर आए हैं।

नए प्लान के अनुसार एयरटेल और रिलायंस कम्युनिकेशन  ने 149 रुपये में अनलिमिटेड वॉयस कॉल का ऑफर दिया है। रिलायंस कम्युनिकेशन के 149 रुपये के प्लान के तहत आपको अनलिमिटेड वॉइस कॉल के ऑफर के साथ ही 300 एमबी फ्री 4जी डाटा मिलेगा। वहीं एयरटेल में 148 रुपये का रिचार्ज करने के बाद आपको पूरे भारत में लोकल और एसटीडी पर फ्री वॉयस कॉल की सुविधा मिलेगी।

नोटबंदी का एक महीना पूरा, विपक्ष मना रहा ‘ब्लैक डे’

कांग्रेस ने जारी किया मेनिफेस्टो

सौम्या केसरवानी,

नोटबंदी के फैसले के एक महीने पूरे हो गए हैं और मोदी सरकार के इस फैसले का कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल विरोध कर रहे हैं। विपक्षी दलों का आरोप है कि सरकार के इस फैसले से देश को और खासकर आम लोगों को बड़ी दिक्कतें हुई हैं। कांग्रेस का आरोप है कि नोटबंदी के बाद अब तक 84 लोगों की लाइनों में मौत हो चुकी है। विपक्षी दल नोटबंदी के एक महीने पूरे होने के मौके पर गुरुवार को ब्लैक डे मना रहे हैं। नोटबंदी के फैसले के खिलाफ विपक्ष के अधिकांश दल एकजुट हैं। लोकसभा और राज्यसभा में बुधवार को भी दिन भर कामकाज नहीं हुआ।

विपक्ष नोटबंदी पर चर्चा के साथ-साथ वोटिंग की भी मांग कर रहा है। बुधवार को 14 दलों के नेताओं की बैठक में फैसला हुआ समूचा विपक्ष गुरुवार को ब्लैक डे के रूप में मनाएगा।

8 नवंबर को हुआ था ऐलान-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर को 500 और 1000 के नोटों के प्रयोग बंद करने का ऐलान किया था। इसके बाद से ही संसद में नोटबंदी को लेकर दोनों सदनों में गतिरोध जारी है। बुधवार को ‘पीएम माफी मांगो’ जैसी नारेबाजी के बीच बीजेपी के वरिष्ठ नेता एल के आडवाणी ने सदन में कामकाज न चलने पर नाराजगी जताई। आडवाणी ने दो टूक टिप्पणी करते हुए कहा था कि न तो सरकार, न विपक्षी दल और न ही लोकसभा स्पीकर सदन चलाना चाहते हैं।

बुधवार को नोटबंदी के मुद्दे को लेकर जहां विपक्ष ने हंगामा किया, वहीं राज्यसभा में बीजेपी सदस्यों ने भी विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की, राज्यसभा में विपक्ष ने ‘पीएम सदन में आओ’ का नारा लगाया। हंगामे के बाद राज्यसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई, लोकसभा की कार्यवाही दिन भर नहीं चल सकी।

कांग्रेस के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि नोटबंदी के फैसले से क्या हासिल हुआ। एक महीने हो गए हैं और अब तक 84 लोगों की लाइनों में लगकर मौत हो चुकी है।

इस बीच, पीएम मोदी ने नोटबंदी के फैसले के बारे में बुधवार को सख्त संदेश दिया। बीजेपी संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने पार्टी नेताओं से जनता के बीच जाकर नोटबंदी के फायदों और डिजिटाइजेशन तथा कैशलेस इकोनॉमी के बारे में बताने को कहा। पीएम ने कहा कि जैसे चुनाव प्रचार के लिए आप लोगों के बीच जाते हैं, वैसे इस कदम के बारे में जाकर लोगों को बताइए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी जैसे बड़े सुधारों पर संसद में बहस नहीं करने देने और गतिरोध पैदा करने को लेकर विपक्षी दलों की निंदा भी की।

अब हिमेश रेशमिया होंगे अपनी पत्नी से अलग, दी तलाक़ की अर्ज़ी

अमित द्विवेदी,

बॉलीवुड में एक के बाद एक जोड़ियां टूटने का सिलसिला जारी है। मलाइका अरोरा-अरबाज़ खान, फरहान अख़्तर-अधूना भबनानी के बाद अब मशहूर सिंगर-म्यूजिक डायरेक्टर हिमेश रेशमिया और उनकी पत्नी कोमल ने अलग होने का निर्णय लिया है। हिमेश ने कोमल से तलाक के लिए अर्जी दे दी है। हिमेश और कोमल के अलगाव का कारण हिमेश का एक्स्ट्रा मेरिटल अफेयर बताया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, हिमेश और कोमल का डायवोर्स केस मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट में चल रहा है। ख़बरों की मानें तो हिमेश का टेलीविजन एक्ट्रेस सोनिया कपूर से अफेयर चल रहा है और यही डायवोर्स की वजह है। हिमेश और कोमल काफी समय से अलग रह रहे हैं और अंततः हिमेश और कोमल ने लीगली सेपरेशन के लिए केस फाइल किया है।

तलाक की खबरों पर जब हिमेश से बात हुई तो उन्होंने कहा, “कभी कभी जिंदगी में आपसी रिस्पेक्ट ज्यादा महत्वपूर्ण बन जाती है और वही रिस्पेक्ट हम अपने रिलेशनशिप को देते हैं। मैं और कोमल आपसी रजामंदी से अलग हो रहे हैं।” हिमेश ने कहा, “इस निर्णय से हमारे बीच कोई प्रोब्लम नहीं है और हमारे फैमिली मेंबर्स भी इस निर्णय से सहमत हैं। कोमल हमेशा मेरी फैमिली और मैं हमेशा उनकी फैमिली का हिस्सा रहूंगा।”

इस बारे में कोमल का कहना है, “मैं और हिमेश एक दूसरे का सम्मान करते हैं और हमने साथ मिलकर अलग होने का फैसला लिया है, लेकिन हमेशा हमारे बीच आपसी रिस्पेक्ट रहेगी और हम दोनों एक दूसरे की फैमिली का हिस्सा रहेंगे।” हिमेश और कोमल का एक बेटा है,’स्वयं’। डायवोर्स के बाद भी दोनों स्वयं के को-पेरेंट्स रहेंगे।

आपको बता दें कि हिमेश और सोनिया के अफेयर ने साल 2006 में मीडिया में खूब सुर्खियां बटोरीं थीं। उस वक्त हिमेश ने ये भरोसा दिलाया था कि उनकी पत्नी कोमल, उनके माता-पिता विपिन और मधु ने सोनिया का स्वागत फैमिली फ्रेंड की तरह किया था। सूत्रों की मानें तो उस वक़्त सोनिया को फॅमिली फ्रेंड की तरह स्वीकारने वाली कोमल आज उन्हीं की वजह से हिमेश से अलग होने जा रही हैं।

जनार्दन रेड्डी ने 100 करोड़ रूपये काला धन किया सफ़ेद, ड्राइवर का सुसाइड नोट

आनंद रूप द्विवेदी,

हाल ही में बेटी की शादी में 500 करोड़ रुपये पानी की तरह बहाने वाले कर्नाटक के खनन उद्योगपति व नेता जनार्दन रेड्डी अब एक नए बवाल में फंसते नजर आ रहे हैं। दरअसल मंगलवार को कर्नाटक एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज के एक अधिकारी के ड्राईवर रमेश गौड़ा ने जहर पीकर आत्महत्या कर ली और एक सुसाइड नोट छोड़ गया, जिसमें उसने रेड्डी द्वारा 100 करोड़ ब्लैक मनी को ह्वाइट किये जाने का आरोप लगाया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ड्राईवर ने सुसाइड नोट में लिखा है कि रेड्डी ने कर्नाटक एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज के एक अधिकारी को 20 प्रतिशत बतौर कमीशन भी दिए। ड्राईवर ने रेड्डी पर आरोप लगाया है कि उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उसे लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी, जिसकी वजह से वो आत्महत्या कर रहा है। रमेश गौड़ा बैंगलोर के विशेष भू-अधिग्रहण अधिकारी भीमा नायक का ड्राईवर था। देर रात रमेश गौड़ा मद्दुर में मृत पाया गया।

सुसाइड नोट में ये बताया गया है कि रेड्डी की बेटी की शादी के पहले जनार्दन रेड्डी, भाजपा सांसद श्रीरामुलु, अधिकारी नायक से बैंगलोर के एक फाइव स्टार होटल में कई बार मिले। बीस प्रतिशत कमीशन के साथ नायक, रेड्डी से अपने लिए 2018 विधानसभा चुनाव का टिकट भी चाहते थे।  नायक और उनके एक अन्य ड्राईवर मुहम्मद के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है।

कमल हसन ने जयललिता को दी श्रद्धांजलि, भड़क उठे समर्थक!

शिखा पाण्डेय,

तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जयललिता से अपने मनमुटाव के कारण अक्सर उनका विरोध करने वाले कमाल हसन ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कुछ ऐसा कह दिया कि अम्मा समर्थक आग बबूला हो गए। कमल हसन ने कह दिया कि मैं उन लोगों के लिए खास दुखी हूँ, जो जयललिता पर निर्भर थे।

कमल हसन ने ट्वीट में लिखा, ” जबसे पूर्व मुख्यमंत्री के निधन की खबर आई है, मैं बहुत दुखी हूं और हर तरफ दुख की लहर है।” इसके बाद उन्होंने आगे लिखा, “उन लोगों के साथ मेरी गहरी संवेदना है, जो जयललिता पर निर्भर थे।” कमल के इस बयान से जयललिता के समर्थक बहुत नाराज हुए और उन्होंने भी अपनी क्रोध भरी प्रतिक्रिया दी।

एक समर्थक ने लिखा, “अब समझ में आया कि रजनीकांत की छवि आपसे कई गुना बेहतर क्यों है। हालाँकि आपमें टैलेंट उनसे भी अधिक है, पर उनका दिल बहुत बड़ा है।” खुद कमल हसन के एक समर्थक ने लिखा,”आपके शिक्षित होने का क्या मतलब है अगर आपमें तमीज नहीं है। मैं शर्मिंदा हूँ कि मैं आपका प्रशंसक रहा हूँ।” जयललिता के एक अन्य समर्थक ने लिखा, “आप खुद एक बहुत बड़ी शर्मिंदगी बन जाते हैं, जब भी आप अपनी कोई प्रतिक्रिया जाहिर करते हैं।”

दरअसल जयललिता 6 बार तमिलनाडु की मुख्यमंत्री रही हैं, और कमल हसन से उनके रिश्ते काफी तनावपूर्ण रहे हैं। 2013 में कमल हासन ने उनकी फिल्म पर प्रतिबंध लगाने के बाद तमिलनाडु सरकार और जयललिता को आड़े हाथ लिया था, हालांकि मुख्यमंत्री जयललिता ने उस समय मजबूती से उनके विरोध का सामना करते हुए एक प्रेस कान्फ्रेंस की थी और बताया था कि दंगे भड़क जाने के डर से फिल्म पर बैन लगाया गया है।

गौरतलब है कि जयललिता का सोमवार रात 11:30 बजे निधन हुआ, जिसके बाद उनके समर्थक और चाहने वाले बड़ी संख्या में अंतिम दर्शन के लिए जुटे। पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई बड़े राजनेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा फिल्मी दुनिया के बड़ी हस्तियों ने भी शोक प्रकट किया।

बीजेपी की सरकार झूठ बोलने में नम्बर वन है -मुलायम सिंह यादव

सौम्या केसरवानी,

सपा के मंडल सम्मेलन में मुलायम सिंह यादव ने आज लाखों की भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि सपा ने गरीबों और पिछड़ों के लिए काम किया है। सपा सरकार ने इलाज को मुफ्त किया है।

केंद्र सरकार ने 15 लाख रूपये देने के लिए कहा था, केंद्र ने अपना वादा पूरा नहीं किया। सरकार का काम जनता को तंग करना नहीं  होता है, लेकिन केंद्र सरकार ने जनता को परेशान करने का काम किया है। बीजेपी की सरकार झूठ बोलने में नम्बर वन है।

सपा की करनी और कथनी में कोई फर्क नहीं है। सपा ने जनता से जो वादे किये थे, उसे पूरा किया जा रहा है। जनता से किये गए वादों को निभाना चाहिए और आने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी फिर से बहुमत हासिल करेगी। सपा का रथ कोई भी पार्टी नही रोक सकती है।

सपा सरकार ने प्रदेश में बहुत काम किया है, हर जिले में काम हुआ है। सभी विधायकों ने अपने क्षेत्र में विकास के रथ को आगे बढ़ाने का किया है। हम भाषा, घर्म और क्षेत्र के नाम पर बंटवारा नहीं करते हैं।

आजम खान का माफीनामा सुप्रीम कोर्ट में नामंजूर, बिना शर्त माफीनामा दाखिल करने का दिया आदेश

सौम्या केसरवानी,

बुलंदशहर गैंगरेप मामले में विवादित बयान देने वाले उत्तर प्रदेश के मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान के माफीनामे को सुप्रीम कोर्ट ने नामंजूर कर दिया है। कोर्ट ने सुनवाई के बाद 15 दिसंबर तक फिर नया माफीनामा दाखिल करने का आदेश दिया है।

कोर्ट ने आजम खां को दोबारा बिना शर्त माफीनामे का हलफनामा दाखिल करने को कहा है। कोर्ट ने हलफनामे में एक पैराग्राफ पर सवाल उठाया।

कोर्ट ने कहा था कि आपको केस में माफी दी जाए या नहीं ये हलफनामा देखकर तय करेंगे। अब हलफनामे के नमूने पर एजी ने सवाल उठाए थे और कहा कि उन्होंने बिना शर्त माफ़ी नहीं मांगी है। हलफ़नामे में यह भी कहा गया है कि मीडिया ने उनकी बातों को तोड़मरोड़ कर पेश किया गया है।

केंद्र सरकार की तरफ से पेश हुए एजी ने कहा कि पीड़ित बच्ची को अगले सेशन 2017-18 में नोएडा सेंट्रल स्कूल में दाखिला दिया जाएगा। पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने पूछा था कि क्या आजम खान अपने बयान पर माफी मांगने को तैयार हैं कि उन्होंने पीड़िता को दुख पहुंचाया है।

आजम खान ने कहा था कि वो बिना शर्त माफी मांगने को तैयार हैं और सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि गैंगरेप की पीड़िता के मुद्दे पर बयान देने से पहले बयान देने वालों को जिम्मेदारी का अहसास होना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट ने केन्द्र सरकार को पीड़िता को केन्द्रीय विद्यालय में एक महीने के अंदर भर्ती कराने और सारा खर्चा यूपी सरकार द्वारा देने के आदेश सुनाया था।

33 लाख कैश के साथ पूर्व भाजपा नेता गिरफ़्तार

आनंद रूप द्विवेदी,

पश्चिम बंगाल के पूर्व भाजपा नेता मनीष शर्मा उर्फ़ चिंटू से स्पेशल टास्क फ़ोर्स ने 33 लाख रूपये के 2000 के नोट बरामद किये हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें से 10 लाख मनीष शर्मा व बाकी रकम दूसरे लोगों के पास से जब्त की गई है। इनके पास से कुछ सात फायर आर्म, 89 राउंड गोली, 33 लाख रुपये कैश भी बरामद हुए हैं। इसमें कुछ कोयला माफिया भी शामिल हैं।

गिरफ्तार किये गये लोगों में से दो फरीदपुर हत्याकांड के मुख्य आरोपी भी हैं, जबकि अन्य दुर्गापुर व आसनसोल में कोल माफिया व प्रमोटरी से जुड़े हैं।

पश्चिम बंगाल के रानीगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके नेता मनीष शर्मा तीसरे नम्बर के दावेदार थे। शर्मा पर पैसे देकर टिकट हासिल करने का आरोप भी लगाया गया था। हालांकि भाजपा के स्थानीय नेताओं का कहना है कि गत 30 जून के बाद से मनीष शर्मा का भाजपा से कोई सम्बन्ध नहीं है।

Paytm यूज़र्स के लिए ख़ुशख़बरी, अब बिना इंटरनेट करें पैसे ट्रांसफर

सौम्या केसरवानी,

पेटीएम ने इंटरनेट कनेक्शन के बिना पैसे भेजने और प्राप्त करने और फोन रिचार्ज करने के लिए एक टोल फ्री नंबर 180018001234 की घोषणा की है।

यह लाखों लोगों को कैशलेस लेन-देन को मज़बूत करेगा। इस सेवा का उपयोग करने के लिए ग्राहकों और व्यापारियों को उनके मोबाइल नंबर को पेटीएम पर रजिस्टर करना और उनका 4 डिजिट पेटीएम पिन सेट करना होगा। वे प्राप्तकर्ता का मोबाइल नंबर, राशि और उनके पेटीएम पिन दर्ज करके उनके पेटीएम वॉलेट से अन्य पेटीएम वॉलेट में पैसे का लेन-देन कर सकेंगे।

अभी देश में 10 लाख से अधिक ऑफलाइन व्यापारी अपने पसंदीदा भुगतान मोड के रूप में पेटीएम का स्वीकार करते हैं। पेटीएम को टैक्सियों, ऑटो रिक्शा, पेट्रोल पंप, किराने की दुकानों, रेस्तरां, मल्टीप्लेक्स, अस्पतालों समेत और भी कई जगहों पर स्वीकार किया जाता है।

पेटीएम को रिचार्ज और बिल भुगतान, मूवी टिकट, भोजन ऑर्डर और खरीदारी जैसी सेवाओं के भुगतान के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है।