29 C
Mumbai
Thursday, August 13, 2026
Home Blog Page 1031

हवाई हमले में इस्लामिक स्टेट का सरगना बगदादी मारा गया!

कोमल झा| Navpravah.com

रूस की सेना ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) नेता अबू बक अल बगदादी के मारे जाने का दावा किया गया है। मंत्रालय का कहना है कि इस बार रूस ने हवाई हमले में उसके मारे जाने की बात कही है. हालांकि इसके साथ ही उसने कहा कि वह इसकी पुष्टि करने में जुटा है.

रूस के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा है कि 28 मई को सीरियाई शहर रक्का के पास रूस ने इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों की बैठक पर हवाई हमला किया, जिसमें इस्लामिक स्टेट के सरगना बगदादी मारा गया.

मीडिया खबरों की माने तो इस बैठक में बगदादी भी मौजूद था लेकिन सेना कई तरीकों से इस बात की पुष्टि करने की कोशिश कर रही है कि क्या वह मारा गया है.

बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब बगदादी की मौत के बारे में दावा किया गया है.यह बगदादी की मौत की आठवीं खबर है. इससे पहले जून 2014 बगदादी सार्वजनिक रूप से सामने आया था। इस दौरान वह मोसुल में आईस के कब्जे का बाद भाषण देते हुए दिख रहा था.साल 2016 जून में इराकी स्टेट टीवी ने ये दावा किया था कि उत्तरी इराक में अमेरिकी हवाई हमले में बगदादी मारा गया. मगर बाद में खबर आई कि वो इन हमलों में सिर्फ घायल हुआ.

पेशावर में ‘ट्रैजिडी किंग’ दिलीप कुमार का पैतृक मकान ढहा

कोमल झा| Navpravah.com

पेशावर: हिंदी सिनेमा के वरिष्ठ अभिनेता दिलीप कुमार का तकरीबन एक सदी पुराना पैतृक मकान ढह गया है. हालांकि स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि इस जगह पर इसी तरह का मकान जल्द बनाया जाएगा.


सांस्कृतिक विरासत परिषद के महासचिव शकील वहीदुल्ला के मुताबिक ऐतिहासिक किस्सा ख्वानी बाजार के निकट मोहल्ला खुदा दाद स्थित इस मकान का सामने वाला हिस्सा और दरवाजा ही बाकी बचा है.

शहर के गणमान्य लोगों ने ऐतिहासिक स्थल के संरक्षण में लापरवाही के लिए खैबर पख्तूनख्वा सरकार की आलोचना की है. पुरातत्व विभाग ने 2014 में इसे राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया था.

दिलीप कुमार को उनके दौर का बेहतरीन अभिनेता माना जाता है. अपनी त्रासद और दु:खद भूमिकाओं के लिए मशहूर दिलीप कुमार को ‘ट्रेजिडी किंग’ भी कहा जाता है. उन्हें भारतीय फिल्मों के सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. इसके अलावा दिलीप कुमार को पाकिस्तान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान निशान-ए-इम्तियाज़ से भी सम्मानित किया गया है. दिलीप कुमार का असली नाम मुहम्मद युसुफ़ खान है. उनका जन्म पेशावर (पाकिस्‍तान) में हुआ था. उनके पिता मुंबई आ बसे थे और यहीं से उन्होंने हिन्दी फिल्मों मे काम करना शुरू किया.

मेट्रो मैन ‘श्रीधरन’ होंगे BJP-NDA के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार!

अमित द्विवेदी | Navpravah.com

कोच्च‍ि मेट्रो ट्रेन के उद्घाटन समारोह के अवसर पर मंच पर श्रीधरन को न बुलाने की वजह से केंद्र की मोदी सरकार की चौतरफा आलोचना की जा रही है, लेकिन अब खबर ये आ रही है कि पीएम मोदी ने मेट्रो मैन के लिए कुछ और ही सोच रखा है. सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, पीएमओ ने ऐसा जान बूझकर किया है.

कोच्चि मेट्रो का शनिवार को उदघाटन है, जिसके लिए पीएम मोदी के साथ मंच पर उपस्थित रहने वालों की लिस्ट जारी की गई, तो विरोधियों ने अपने स्वर तेज़ कर लिए, क्योंकि मंच पर उपस्थित रहने वालों की लिस्ट में ई श्रीधरन का नाम ही नहीं है. इस मसले में केरल सरकार ने पीएमओ को पत्र लिखकर ध्यानाकर्षित करने की कोशिश की कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस सम्बन्ध में जो निर्णय लिया है, वह अनुचित है और उन्हें इस पर पुनः विचार करना चाहिए.

दरअसल इस सम्बन्ध में केरल सरकार ने कहा कि श्रीधरन ही नहीं, ऐसे और भी कई लोग हैं जिनका नाम इस लिस्ट में जोड़ा जाना चाहिए, लेकिन प्रधानमंत्री कार्यालय ने तो मेट्रोमैन को भी इससे वंचित कर दिया. इस खबर से विपक्ष को मौक़ा मिल गया और अवसर का लाभ उठाते हुए विपक्ष ने केंद्र सरकार की तीखी आलोचना भी कर डाली.

ज्ञातव्य है कि १७ जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव होना है, और प्रबल संभावना है कि सत्तारूढ़ बीजेपी-एनडीए श्रीधरन को अपना उम्मीदवार भी चुन ले. कयास लगाया जा रहा है कि इसी योजना के चलते केंद्र सरकार ने उन्हें मंच से दूर रखा.

सूत्रों के हवाले से तो खबर यह भी आ रही है कि श्रीधरन ने खुद इस पर इसलिए आपत्त‍ि नहीं की, क्योंकि उन्हें इसके बारे में बताया जा चुका है. अब देखना यह होगा कि अगर वास्तव में बीजेपी ने राष्ट्रपति के लिए श्रीधरन का नाम आगे किया तो इसके बाद विपक्षी दल क्या रणनीति अपनाएंगे, क्योंकि उनके लिए श्रीधरन का विरोध करना आसान नहीं होगा.

इस खबर के बाद कहीं न कहीं भाजपा में ही एक गुट ऐसा भी तैयार हो सकता है, जो प्रधानमंत्री और शीर्ष नेतृत्व का विरोध शुरू कर दे. क्योंकि लम्बे समय से यही माना जाता रहा है कि बीजेपी अपना उम्मीदवार आडवाणी को ही चुनेगी और ऐसे में इस तरह की खबर विरोध की आग को हवा ज़रूर दे सकती है.

पनामा पपेर घोटाला : जांच पैनल से शरीफ ने कहा, ‘मेरे खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं’

कोमल झा| Navpravaah.com

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ पनामागेट घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट के गठित दल के समक्ष गुरुवार को हाज़िर हुए. वो पाकिस्तान के पहले प्रधानमंत्री हैं जो पद पर रहते हुए इस तरह के पैनल के सामने पेश हुए हैं.

शरीफ़ ने इसके बाद कहा कि उन्होंने और उनके परिवार ने कुछ गलत नहीं किया है और अपनी लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार के खिलाफ साज़िश रचने के लिए कुछ अज्ञात तत्वों को निशाना बनाया. 67 साल के शरीफ ने कहा कि इन आरोपों का पीएम के तौर पर उनके कार्यकाल से कुछ लेना देना नहीं है और ये भ्रष्टाचार के आरोप नहीं हैं.

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और तीसरी दफा बने प्रधानमंत्री के तौर पर उन्होंने खरबों रुपए की परियोजनाओं को मंजूरी दी लेकिन मेरे विरोधी मुझ पर कुछ भी गलत करने का आरोप नहीं लगा सकते.’

शरीफ ने कहा कि उन्हें और उनके परिवार को बार-बार कठोर जवाबदेही का सामना करना पड़ा है लेकिन उनके खिलाफ कभी भी भ्रष्टाचार का कोई आरोप साबित नहीं हुआ.

जेआईटी के प्रमुख वाजिद जिया ने शरीफ को मामले से जुड़े सभी कागजात ले कर आज छह सदस्यीय दल के समक्ष तलब किया था. शरीफ के कजाखस्तान से वापस लौटने के बाद उन्हें सम्मन जारी किया गया. शरीफ शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए कजाकिस्तान गए थे.

 

सुप्रीम कोर्ट ने पनामा पेपर मामले में 20 अप्रैल को जेआईटी का गठन किया था और उसे प्रधानमंत्री, उनके बेटे और मामले से जुड़े किसी भी अन्य व्यक्ति से पूछताछ करने का अधिकार दिया था. यह दल मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रहा है जिसके जरिए लंदन के पॉश पार्क लेन क्षेत्र में चार अपार्टमेंट खरीदे गए थे. जेआईटी को 60 दिन में अपनी जांच पूरी करनी है.

पाकिस्तान में नहीं रिलीज़ होगी सलमान खान की ‘ट्यूबलाइट’

कोमल झा| Navpravah.com

बॉलीवुड के सुल्तान सलमान खान की फिल्म ट्यूबलाइट ईद पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। लेकिन सलमान के फैन्स के लिए बुरी खबर है। उनकी फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ पाकिस्तान में ईद के मौके रिलीज नहीं होगी। सलमान और सलमान की फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ की लेकर पाकिस्तान के लोकल डिस्ट्रिब्यूटर फिल्म रिलीज के खिलाफ हो गए हैं।

डेक्कन क्रोनिकल की खबर के मुताबिक, भारत की तरह पाकिस्तान में सलमान के फैन्स की भरमार हैं। इस कारण पाकिस्तान में ईद के मौके पर रिलीज होने वाली फिल्म पर गहरा असर पड़ा सकता हैं। पाकिस्तान के लोकल डिस्ट्रिब्यूटर सलमान की फिल्म रिलीज करने से कतरा रहे हैं, क्योंकि ईद के दिन ही पाकिस्तान में दो बड़ी फिल्में और रिलीज होने जा रही है। सलमान की फिल्म को रिलीज करके मेकर्स किसी भी तरह का कोई रिस्क नहीं लेना चाहते।

भारत में यह फिल्म ईद के मौके पर यानी 23 जून को रिलीज होने वाली हैं। इस फिल्म को कबीर खान ने डायरेक्ट किया है। ‘एक था टाइगर’, ‘बजरंगी भाईजान’ की सफलता के बाद सलमान और कबीर की जोड़ी तीसरी बार ट्यूबलाइट में साथ काम कर रही हैं। इस फिल्म के टाइटल को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह बना हुआ हैं। पिछले दिनों सलमान खान और कबीर खान ने वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में फिल्म की जानकारी दी हुई थी आखिर क्यों इस फिल्म का टाइटल ट्यूबलाइट रखा गया। इस वीडियो के साथ दर्शकों को पता चला था कि ‘देर से जलती है, मगर जब जलती है तो फुल लाइट कर देती है।‘

लंदन में 24 मंजिला रिहायशी इमारत में लगी आग,12 लोगों की मौत

कोमल झा| Navpravah.com

लंदन। अग्निशमन दल के सदस्यों ने लंदन की 24 मंजिला एक रिहायशी इमारत में बुधवार को लगी आग पर गुरुवार को काबू पा लिया लेकिन इमारत से अभी भी धुआं उठता दिखाई दे रहा है। इस हादसे में कम से कम 12 लोग मारे गए हैं और लोगों के लापता होने के कारण मृतक संख्या बढ़ सकती है।

लेटिमेर रोड पर स्थित लैंकेस्टर वेस्ट एस्टेट के ग्रेनफेल टावर में स्थानीय समयानुसार रात एक बज कर 16 मिनट पर आग लगी। माना जा रहा है कि जिस वक्त आग लगी उस वक्त टावर के 120 फ्लैटों में 600 लोग मौजूद थे और उनमें से अधिकतर सो रहे थे।

लंदन के फायर आयुक्त डैनी कॉटन ने कहा कि अग्निमन दल के लोगों के लिए इमारत के एकदम नजदीक जाना सुरक्षित नहीं है।

कॉटन ने कहा कि आग अब बुझ चुकी है, छोटे छोटे सुलगते हुए ढेर दिखाई दे रहे हैं। इमारत की गर्मी के कारण दिन भर धुआं निकलता दिखाई देगा। हमारा मानना है कि इमारत के अंदर अभी भी अज्ञात संख्या में लोग हैं। उन्होंने कहा कि आगजनी की भयावहता को देखते हुए और जिस प्रकार से चीजें हैं हमें गहनता से खोज करने में वक्त लगेगा, दुर्भाग्य से अब हमें किसी के जिंदा होने की उम्मीद नहीं है।

मेटोपॉलिटन पुलिस कमांडर स्टुअर्ट मुंडे ने कहा कि यह एक लंबा और जटिल राहत अभियान होने वाला है। मेरा अनुमान है कि मृतक संख्या बढ़ सकती है।
हालांकि, महानगर पुलिस ने कहा है कि आग लगने की वजह की पुष्टि करने से पहले उसे कुछ वक्त चाहिए। प्रत्यक्षदशर्यिों ने बताया कि आग की लपटों में घिरी इमारत के अंदर फंसे कई लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे और अपने बच्चों को बचाने की गुहार लगा रहे थे।

कुछ लोगों को चादर का इस्तेमाल कर इमारत से बच कर निकलने की कोशिश करते देखा गया। लोगों का आरोप है कि इमारत में गंभीर सुरक्षा खामियां थीं लेकिन इस पर कभी ध्यान नहीं दिया गया।

6.9 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से दहला ग्वाटेमाला , 5 की मौत

कोमल झा| Navpravah.com

ग्वाटेमाला सिटी। ग्वाटेमाला और दक्षिणी मैक्सिको में 6.9 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया जिससे 5 लोगों की मौत हो गई. इसके कारण बिजली चली गई और कई मकान ढहकर ध्वस्त हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

अमेरिकी भूगर्भ सर्वे की रिपोर्ट के मुताबिक रात करीब एक बजकर 30 मिनट पर आये भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.9 मापी गयी. भूकंप का केंद्र उत्तर-पश्चिमोत्तर शहर सेन मार्कोस में भूमि की सतह से 111 किलोमीटर की गहराई में था. ग्वाटेमाला के राष्ट्रीय आपदा केंद्र के प्रवक्ता जूलियो सांचेज ने बताया कि रेटालहुयू में एक व्यक्ति की मौत हो गयी तथा सेन मार्कोस में एक मकान गिर जाने से एक महिला की दबकर मौत हो गयी. इसके अलावा भूकंप की घटना के बाद तीन अन्य लोगों का दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गयी.

मेक्सिको के चियापास में 11 लोग घायल हो गये जिनका इलाज किया जा रहा है. ग्वाटेमाला भूकंप के लिहाज से जोखिम भरा क्षेत्र है.

रेल यात्रियों के लिए ‘नई सुविधा’, पेमेंट आसान, मिलेगा कैशबैक

jio का नेटवर्क इस्तेमाल करेगा रेलवे
jio का नेटवर्क इस्तेमाल करेगा रेलवे

कोमल झा| Navpravah.com

आईआरसीटीसी (IRCTC) रेल यात्रियों के लिए एक नई सुविधा लेकर आया है। इसके तहत टिकट की कीमत का भुगतान अब यात्री एमवीज़ा (mVisa) ऐप्लिकेशन से कर पाएंगे. यह एक प्रकार का ई वॉलेट है जिसमें आप पहले से पैसा रख सकते हैं और टिकट का पेमेंट इसके जरिए कर सकते हैं।

इसके लिए सबसे पहले आपको अपने स्मार्टफोन में एमवीजा ऐप डाउनलोड करना होगा. इसके लिए अपने एमवीजा ऐप से डेबिट, क्रेडिट या प्रीपेड अकाउंट को लिंक कर लें. सकते हैं। फिर इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRTC) की वेबसाइट की वेबसाइट पर अपने mVisa QR कोड को स्कैन लें और स्कैन कर लें।

इसके साथ ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर आई.आर.सी.टी.सी. 50 रुपए कैशबैक की सुविधा भी दे रही है। क्या करना होगा इस योजना का फायदा उठाने के लिए यात्रियों को एमवीजा से अपने डेबिट या क्रेडिट कार्ड को लिंक करना होगा।

आईआरसीटीसी के सीएमडी एके मोनाचा ने बताया, “हमारी सफलता की कुंजी भारत के सबसे बड़े ई-कॉमर्स संगठन का होना है, जिसमें नई तकनीक को अपनाने की क्षमता है जो कि हमारे प्लेटफॉर्म पर एंगेजमेंट (लोगों को आकर्षित करने) बढ़ाने में मददगार है।”

भारत मौजूदा समय में दुनिया के अहम स्मार्टफोन बाजारों में से एक है। इसके साथ ही अगले पांच सालों के भीतर देश में एक बिलियन स्मार्टफोन की बिक्री का अनुमान है। मोनाचा ने कहा कि भारत में स्मार्टफोन को लेकर तेज होते रूझान को देखते हुए हम मोबाइल आधारित पेमेंट साल्यूशन की तरफ बढ़ रहे हैं जैसे कि एमवीजा जो कि आईआरसीटीसी की स्वाभाविक पसंद थी।

 

 

मोदी सरकार ने दी किसानों को बड़ी राहत

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
किसानों का कर्ज़ माफ करने के लिए मोदी सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। मोदी सरकार ने किसानों को राहत देते हुए कहा है कि अब किसानों को सिर्फ 4 फीसदी की दर से कर्ज मिलेगा। इस प्रस्ताव की मंजूरी आज दिल्ली में हुई कैबिनेट मीटिंग में मिला। सरकार ने किसानों को राहत देते हुए इसके लिए 19 हजार करोड़ रुपए का बजट भी निर्धारित किया है।
किसानों को मौजूदा समय में 9 प्रतिशत की ब्याज दर पर कर्ज मिलता था अब छोटे कर्जों पर यानी 3 लाख तक के कर्जों पर किसानों को 4 प्रतिशत के ब्याज दर पर कर्ज मिलेगा और कर्ज पर 5 प्रतिशत ब्याज का भुगतान सरकार चुकाएगी।
स्वामिनाथन आयोग ने सिफारिश की थी कि किसानों को उनकी फ़सलों के दाम उसकी लागत में कम से कम 50 प्रतिशत जोड़ के दिया जाना चाहिए और ऐसे समय पर केन्द्र सरकार के इस फैसले के बाद लगता है कि किसान स्वामिनाथन रिपोर्ट को ध्यान में ले रही है। मौजूदा समय में देश के कई प्रदेशों में किसान कर्ज़माफी को लेकर आंदोलन कर रहें हैं।
जिन राज्यों में सरकार ने कर्ज माफ किया है उन राज्यों की सरकार के ऊपर पहले से ही कर्ज है चाहे वो महाराष्ट्र हो या पंजाब। ऐसे में ये तो साफ है कि किसानों की कर्जमाफी सरकार के साथ-साथ आम आदमी की भी जेब पर भारी पड़ेगी।

जौनपुर में भीषण दुर्घटना, बस नदी में गिरी, ८ मरे, ३१ घायल

इंद्रकुमार विश्वकर्मा । Navpravah.com
जौनपुर थाना सिकरारा क्षेत्र स्थित बरगुदर पुल पर आज रोडवेज की बस नदी में गिरने से ८ यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि ३१ गम्भीर रूप से घायल हैं। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इलाहाबाद रोडवेज की बस यूपी ७० सीटी ८१४८ इलाहाबाद से गोरखपुर के लिए जा रही थी, जिसमें कुल ३९ यात्री सवार थे। बस जैसे ही बरगुदर पुल पर पहुंची, चालक को झपकी आ गई और बस रेलिंग तोड़ते हुए नदी मे जा गिरी। जिसमें सवार यात्रियों मे ज्योति प्रतापसिंह पंवारा व धनीराम आजमगढ़ करनपुर सहित कुल ८ यात्रियों की मौत हो गयी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। राहत कार्य जोरों से चालू है। घायलों का उपचार जारी है और गंभीर रूप से घायल लोगों को वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
अस्पताल में डीएम, एसपी सहित पूरा जिला प्रशासन मौजूद है। प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री  व सांसद ने जौनपुर पहुँचकर घायलों का हाल-चाल लिया और समुचित उपचार का निर्देश दिया है। मंत्री ने मीडिया को बताया कि परिवहन मंत्री जी से वार्ता कर मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद दी जाएगी। हालाँकि अस्पताल में पूरी टीम घायलों को बचाने में लगी थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद कई घायल मौत के मुंह मे चले गए।
मंत्री गिरीश चन्द यादव ने जानकारी दी है कि परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह रात्रि ८.३० बजे तक जौनपुर पहुंच रहे है।