31 C
Mumbai
Thursday, September 10, 2026
Home Blog Page 98

गुड न्यूज़: ग्लेनमार्क ने बना ली कोरोना की दवाई, DGCI ने दी अनुमति

हेल्थ डेस्क | नवप्रवाह डॉट कॉम 

कोरोना वाइरस की वजह से बढ़ते दबाव के बीच में एक राहत भरी खबर सामने आई है। ग्लेनमार्क फार्मासूटिकल्स कंपनी ने कोरोना वाइरस से मामूली रूप से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए दवा पेश किया है। यह एंटीवायरल दवा फेविपिराविर को फैबिफ्लू ब्रांड नाम से पेश किया गया है। कंपनी ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी।

मुंबई की इस कंपनी ने शुक्रवार को बताया था कि उसे भारतीय औषधि महानियंत्रक (डीजीसीआई) से इस दवा की मैन्युफैक्चरिंग और मार्केटिंग की अनुमति मिल गई है। कंपनी ने कहा कि फैबिफ्लू कोविड-19 के इलाज के लिए पहली खाने वाली फेविपिराविर दवा है, जिसे मंजूरी मिली है।

ग्लेनमार्क फार्मास्युटिल्स के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक ग्लेन सल्दान्हा ने कहा, ‘यह मंजूरी ऐसे समय मिली है, जबकि भारत में कोरोना वायरस के मामले पहले की तुलना में अधिक तेजी से बढ़ रहे हैं। कोरोना संक्रमण के बढ़ाते मामले ने देश की समस्या को एकदम से बढ़ा दिया है, इसकी वजह से हमारी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली काफी दबाव में है।

सलदान्हा ने उम्मीद जताई कि फैबिफ्लू जैसे प्रभावी इलाज की उपलब्धता से इस दबाव को काफी हद तक कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि यह प्रयोग जल्दी से लोगों की स्वास्थ्य समस्याओं में सुधार लाने की कोशिश में कामयाब होगी।

सिद्धू के घर डेरा डाल बैठी बिहार पुलिस, 3 दिन से ग़ायब हैं गुरु

सौम्या केसरवानी | नवप्रवाह डॉट कॉम
बिहार पुलिस पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की तलाश कर रही है। पुलिस की एक टीम उनको ढूंढते हुए अमृतसर उनके घर पर पहुंची है, तीन दिन से पुलिस सिद्धू के घर के बाहर है, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
कटिहार में सिद्धू के खिलाफ एक दर्ज केस के सिलसिले में पुलिस यहां आई है। पुलिस टीम इस मामले में उनको समन देने पहुंची है, इससे पहले भी पुलिस टीम समन लेकर आ चुकी है और उस समय भी सिद्धू नहीं मिले थे। पुलिस टीम ने कहा है कि इस बार समन न लेना सिद्धू को भारी पड़ सकता है और गिरफ्तारी वारंट भी जारी हाे सकता है।
विवादित भाषण पड़ा महँगा- 
जानकारी के मुताबिक, सिद्धू पर 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान विवादित भाषण देने के आरोप में कटिहार के वरसोई थाना में मामला दर्ज है। सिद्धू पर आरोप है कि उन्होंने 16 अप्रैल 2019 को एक चुनावी सभा में विवादित भाषण देकर आचार संहिता का उल्लंघन किया था।
बता दें नवजोत सिंह सिद्धू 2019 के लोकसभा चुनाव में बिहार में प्रचार के लिए गए थे। उस दौरान उन्‍होंने कटिहार में कांग्रेस उम्‍मीदवार तारिक अनवर के पक्ष में कटिहार जिले में चुनावी सभा को संबोधित किया था। आरोप है कि इस सभा में उन्‍होंने एक समुदाय विशेष को उकसाने वाली बातें कही थी। इसके बाद उनके खिलाफ पुलिस ने चुनाव आचार संहिता के उल्‍लंघन का केस दर्ज किया था।

‘गलवान घाटी’ को ही अपना बता रहा चालबाज़ चीन

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह डॉट कॉम
नई दिल्ली

लद्दाख़ की जिस गलवान घाटी की रक्षा को लेकर भारतीय जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी, अब उसी को लेकर चीन दावा कर रहा है कि वह चीन के हिस्से की ज़मीन है। चीन का कहना है कि वे अपनी इस ज़मीन की सुरक्षा के लिए वर्षों से गश्त भी कर रहे हैं।

चीन के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की। विज्ञप्ति में यह दावा किया गया है कि गलवान घाटी चीन के हिस्से की ज़मीन में है। विज्ञप्ति में दोनों देशों के बीच कमाण्डर स्तर की बैठक जल्दी ही कराए जाने की बात कही गई है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने 15 जून को हुई झड़प का ज़िम्मा भारत के सिर मढ़ा और कहा कि ‘गलवान घाटी वास्तविक नियंत्रण रेखा के चीनी हिस्से में आता है। कई वर्षों से वहां चीनी सुरक्षा गार्ड गश्त कर रहे हैं और अपनी ड्यूटी निभाते हैं।’

चीन ने कहा कि 15 जून को जो भी हुआ उसके लिए भारतीय जवान ज़िम्मेदार हैं। चीन के प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय जवान हमारी सीमा में घुसे और दोनों देशों के हालात को जान बूझकर ख़राब करने की कोशिश की गई। चीनी सेना के जवान जब बात करने पहुँचे, तब भारतीय जवानों ने उनपर हमला कर दिया। इस वजह से दोनों सेनाओं के बीच शारीरिक संघर्ष किया गया।

यही नहीं, चीनी सेना ने भारतीय सीमा सैनिकों पर रातों-रात चीन की सीमा में घुसकर बंकर और बैरिकेड्स बनाने का भी आरोप लगा दिया। चीन ने कहा कि भारतीय जवानों ने ये सब इसलिए किया ताकि चीनी सैनिक पेट्रोलिंग न कर सकें।

चीनी प्रवक्ता ने आगे कहा कि दोनों पक्ष राजनयिक और सैन्य जरिए से तनाव को कम करने के लिए संवाद कर रहे हैं। क्षेत्र में हालात से निपटने के लिए कमांडर स्तर की दूसरी बैठक जल्द से जल्द होनी चाहिए।

कानपुर: राजकीय बालिका गृह में 16 और संक्रमित, टेंशन में प्रशासन

विवेक कुमार द्विवेदी । नवप्रवाह डॉट कॉम

कानपुर | नगर के राजकीय बालिका गृह में 16 और बालिकाओं के कोरोना संक्रमण मामले से स्वास्थ्य विभाग व स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन के सामने अब सबसे बड़ा यह सवाल है कि जब बालिका गृह से कोई भी किशोरी बाहर नहीं गई, तो आखिरकार संक्रमण हुआ कैसे ? उधर कानपुर में ही 24 घंटे में कोरोना से 4 लोगों की मौत और 38 नए संक्रमितों के पाए जाने से प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई है।

राजकीय बालिका गृह में अब तक 50 बालिकाओं के कोरोना संक्रमित पाए जाने से कई सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। सवाल यह उठ रहा है कि जब कोई लड़की बाहर ही नहीं निकली, तो आखिरकार कोरोना का संक्रमण अंदर कैसे पहुंच गया। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है।

हालांकि प्रशासन ने इसके लिए एक जांच टीम गठित कर दी है, जो बालिकाओं व प्रबंधतंत्र से बात कर उन स्त्रोतों का पता लगाएगी, जिस कारण संक्रमण वहां तक पहुंचा। गौरतलब है कि 14 जून को लिए गए सैंपल में ग्यारह वर्षीया एक बच्ची संक्रमित पाई गई थी, इसके बाद 145 जांच के नमूने के बाद अभी तक जो रिपोर्ट आई है, उसमें 50 बालिकाएं कोरोना की चपेट में आ चुकी हैं। यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। इस संबंध में बालिका गृह की अधीक्षिका भी हैरान है कि जब बालिकाएं बाहर नहीं निकली और न ही किसी परिवार या रिश्तेदार से मिलने दिया गया तब यह सब कैसे हुआ।

आख़िर कैसे हुआ कोरोना का गृह प्रवेश?

हालांकि एडीएम सिटी विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि संक्रमण किसी भी वस्तु के जरिए आ सकता है। कोई अन्य सामान व फल-सब्जी के जरिए भी बालिका गृह में पहुंच सकता है। फिलहाल गठित टीम की जांच के बाद ही खुलासा हो पाएगा कि संक्रमण का गृह प्रवेश हुआ कैसे। उधर कोरोना की बढ़ती रफ्तार में 24 घंटे के अंदर 4 लोगों की मौत व 38 नए संक्रमित मरीज मिलने से प्रशासन की नींद उड़ गई है।

गुरुवार को तीन की मौत हैलट के कोविड अस्पताल में व एक महिला की मौत निजी अस्पताल में हुई है। इस तरह अब जिले में संक्रमितों की संख्या 880 पहुंच गई है, जिसमें 34 की मौत हो चुकी है, जबकि 481 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। अब एक्टिव केस 365 हैं। उधर पड़ोसी जिलों कन्नौज व इटावा में 16-16, चित्रकूट में 11, जालौन में 3, उन्नाव में 12, हमीरपुर, बांदा व कानपुर देहात में एक-एक नए संक्रमित मरीज मिले हैं।

वहीं महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर (कानपुर) ने बालिका गृह में कोरोना वायरस के संक्रमण पर चिंता व नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रोबेशन अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है।

MP: पीपीई किट पहनकर वोट डालने पहुँचे कांग्रेस विधायक

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

आज देश के 8 राज्यों की 19 सीटों पर राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मध्य प्रदेश में आज तीन सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं, इस बीच दोपहर को एक अजब नजारा दिखा।

कांग्रेस पार्टी के विधायक कुछ दिन पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, वो आज पीपीई किट पहनकर वोट डालने पहुंचे थे। आज सुबह से ही कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के विधायक राज्यसभा चुनाव के लिए वोट डाल रहे हैं।

एक बजे आज कांग्रेस के विधायक कुणाल चौधरी पीपीई किट पहन कर मतदान करने विधानसभा भवन पहुंचे थे, जिसे देखकर सभी चकित थे। बता दें कि कोई भी व्यक्ति जो कोरोना संक्रमित है या उसमें कोरोना के लक्षण है, उसे सेफ रहना है और खुद को आइसोलेट करके रखना है।

विधायक जब वोट डालकर वापस लौटे तो पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज किया गया, वोटिंग डालने वाले इलाके और पूरे मेन गेट को सैनिटाइज किया गया, ताकि किसी और को कोरोना का खतरा ना हो।

मध्य प्रदेश में आज तीन राज्यसभा सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। यहां कुल चार उम्मीदवार मैदान में हैं, बीजेपी और कांग्रेस ने दो-दो उम्मीदवारों को उतारा है। मध्य प्रदेश में भाजपा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया, तो वहीं कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह को मैदान में उतारा है।

मॉस्को जाएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, चीनी नेताओं से नहीं करेंगे मुलाक़ात

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह डॉट कॉम 

नई दिल्ली | पूर्वी लद्दाख में LAC पर तनाव के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रूस की यात्रा पर जा रहे हैं, लेकिन वे अपनी इस मॉस्को यात्रा में चीनी नेताओं से नहीं मिलेंगे। 22 जून को रक्षा मंत्री भारत से रूस के लिए रवाना होंगे।

नाजी जर्मनी पर विजय हासिल करने की 75वीं वर्षगांठ पर शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रूस जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक़, इस कार्यक्रम में भारतीय रक्षा कर्मी भी उपस्थित रहेंगे। भारत ने चीनियों से न मिलने का फैसला वर्तमान में लद्दाख में हुई तनातनी को लेकर लिया गया है। रक्षा मंत्री के साथ इस यात्रा में रक्षा सचिव अजय कुमार और प्रत्येक सशस्त्र बल के एक शीर्ष अधिकारी भी शामिल होंगे।

बता दें कि 15 जून की रात को भारतीय सेना का एक दल लद्दाख में गलवान घाटी के पेट्रोलिंग प्वाइंट-14 पर चीनी सेना से बात करने गया था। इस दौरान घात लगाकर बैठे चीनी सैनिकों ने भारतीय सेना के दल पर हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में भारतीय सेना के 20 जवान शहीद गए, जबकि चीन को भी भारी नुकसान हुआ था, तब से दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है।

राज्यसभा चुनाव: कई दिग्गजों की इज़्ज़त दांव पर

File Photo

ब्यूरो | नवप्रवाह डॉट कॉम 

कोरोना काल में राज्यसभा चुनाव का बिगुल बज गया है, और सभी नेता, विधायक अपनी-अपनी पारी खेलने को तैयार हो गये हैं। आज 8 राज्यों में राज्यसभा की 19 सीटों के लिए चुनाव होने जा रहा है, कांग्रेस और बीजेपी के कई बड़े नेताओं के चेहरे दांव पर लगे हुए हैं।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विधानसभा पहुंच गए हैं, साथ में डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी मौजूद हैं। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की 3 सीटों सीटों पर 4 प्रत्याशी मैदान में हैं, बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने ही दो-दो उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जबकि गुजरात की चार सीटों पर पांच उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं।

राजस्थान में भी राज्यसभा की तीन सीटें हैं और 4 उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं, कांग्रेस और बीजेपी दोनों ने ही दो-दो उम्मीदवार उतारे हैं, झारखंड में राज्यसभा की 2 सीटों पर 3 उम्मीदवारों की साख दांव पर है। जेएमएम, बीजेपी और कांग्रेस तीनों पार्टियों ने एक- एक उम्मीदवार मैदान में उतारा है।

पूर्वोत्तर के मणिपुर, मेघालय और मिजोरम की एक-एक राज्यसभा सीटों पर भी आज चुनाव होना है, मध्य प्रदेश में कांग्रेस विधायकों की बगावत के बाद राज्यसभा के लिए दोनों सीटें जीतने का पार्टी का गणित गड़बड़ा गया है।

वहीं, मध्यप्रदेश कांग्रेस की बैठक में पार्टी के करीब 6 विधायक शामिल नहीं होने से संकट और गहरा गया है, मध्य प्रदेश में तीन राज्यसभा सीटों पर चार प्रत्याशी के मैदान में है, बीजेपी से ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सोलंकी तो कांग्रेस से दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीटों पर चुनाव हैं, कांग्रेस ने केसी वेणुगोपाल और नीरज डांगी को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि बीजेपी ने राजेंद्र गहलोत और ओंकार सिंह लखावत को टिकट थमाया है, यहां कांग्रेस की राह आसान लग रही है।

PUBG ने ली इंजीनियरिंग छात्र की जान, वजह जान हो जाएँगे हैरान

IIT दिल्ली में छात्र ने की आत्महत्या
इस वजह से छात्र ने की आत्महत्या

विवेक कुमार द्विवेदी | नवप्रवाह डॉट कॉम 

कानपुर डेस्क |

कानपुर शहर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में इंजीनियरिंग का एक छात्र मोबाइल में पब्जी गेम खेलते हुए फांसी के फंदे में झूल गया। इस ख़बर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। PUBG गेम ने एक बार फिर अभिभावकों में दहशत पैदा कर दिया है।

अशोकनगर खलवा निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उसका भांजा 21 वर्षीय शिवम उसके साथ ही रहता था। वह गाजीपुर के एक कॉलेज से पालीटेक्निक कर रहा था। मिली जानकारी के अनुसार, वह मोबाइल पर देर रात तक PUBG गेम खेला करता था। बुधवार की शाम वह अपने कमरे में गेम खेलते वक्त टास्क पूरा न होने से वह बहुत निराश हो गया। जिसके चलते उसने कमरे के अंदर कपड़े के सहारे पंखे से लटक कर फांसी के फंदे में झूल गया।

पनकी रोड चौकी प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि शिवम का मोबाइल कब्जे में ले लिया गया है। प्रथम दृष्ट्या गेम खेलते हुए आत्महत्या का मामला सामने आया है। गौरतलब है कि इसके पूर्व भी कई नाबालिग मोबाइल गेम की वजह से अपनी जान गँवा चुके हैं। मामले की तफ़्तीश जारी है।

कानपुर: बालिका गृह में कोरोना के 35 नए मामले, मचा हड़कंप

विवेक कुमार द्विवेदी | नवप्रवाह डॉट कॉम 
कानपुर डेस्क 
उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर कानपुर में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे में 58 नए केस में एक डिप्टी एसपी पुलिस व बालिका गृह में 35 किशोरियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है।
53 हॉटस्पॉट, संक्रमितों का आँकड़ा 800 के पार-
अब तक 53 हॉटस्पॉट जोन के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 800 के पार होने से प्रशासन के हाथ पैर फूल रहे हैं। कानपुर शहर में नए इलाकों में भी कोरोना की दस्तक से प्रशासन की नींद उड़ गई है व लोगों में दहशत का माहौल है।
कल (बुधवार) 7 नए क्षेत्रों में सिविल लाइंस, गोविंद नगर, जनरल गंज, केशव नगर, स्वरूप नगर, सदानंद नगर में नए केस मिले हैं। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में 58 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कल्याणपुर के एक पुलिस उपाधीक्षक एवं स्वरूप नगर स्थित एक राज्य की बालिका गृह में 35 केस एक साथ पोजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि गत 14 जून को बालिका गृह में एक किशोरी कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी, इसके बाद वहां 145 सैंपल लिए गए थे, जिसमें कल 52 की रिपोर्ट आने पर 35 किशोरी पॉजिटिव पाई गई है। अंदेशा है स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाकी की रिपोर्ट आने पर यह संख्या और भी बढ़ सकती है। जबकि यहां 2 दिन पहले मेडिकल कॉलेज परिसर में एक डॉक्टर दंपत्ति कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उस परिसर में 3 लोग और भी पॉजिटिव पाए गए हैं जिससे मेडिकल परिसर में लोग दहशतज़दा है।
बालिका गृह का निरीक्षण करते अधिकारी गण
इस समय कानपुर नगर में कुल 840 मरीज संक्रमित पाए गए हैं। अभी तक 24,200 नमूनों की जांच हुई है। जिसमें शहर के 322 एक्टिव केस है, जबकि 488 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं तथा 30 लोगों की मौत हो चुकी है। दिन-प्रतिदिन केसों में इजाफा होने के कारण प्रशासन ने भी कमर कस ली है। अभी 17 और हॉटस्पॉट बनाने के बाद कुल संख्या 53 हो गई है। हवाई पांचला के हॉटस्पॉट जोन से ग्रीन जोन में एवं चार हॉटस्पॉट से ऑरेंज जोन में तब्दील किए जा चुके हैं।

उद्योग जगत के पास इतिहास बदलने का मौक़ा -पीएम मोदी

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह डॉट कॉम 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत प्राइवेट सेक्टर के लिए 41 कोल ब्लॉक्स की नीलामी की प्रक्रिया की शुरुआत की। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोना ने हमें परेशान ज़रूर किया लेकिन इसने हमें एक अवसर भी प्रदान किया कि हम आत्मनिर्भर बन सकें।
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि आत्मनिर्भरता मतलब हमें आयात कम करना है। आयात पर हो रहे लाखों करोड़ रुपए केस विदेशी मुद्रा को भारत बचाएगा। उन्होंने कहा कि आयात कम करने की वजह से हम अपने ही देश के साधनों और संसाधनों को विकसित करेंगे। आयात के ख़र्च में जो लाखों करोड़ रुपए ख़र्च होते हैं, उसी पैसे से देश का विकास होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया की आज एनर्जी के सेक्टर में देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। महीने भर में हर घोषणा और रिफ़ॉर्म्स, चाहे वो किसी भी सेक्टर में हो, तेज़ी से ज़मीन पर उतर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि यह प्राइवेट सेक्टर में कोल ब्लॉक की नीलामी की शुरुआत ही नहीं है, बल्कि कोल सेक्टर में जो दशकों से लॉकडाउन था, उससे बाहर निकाल रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भविष्य में सम्पूर्ण विश्व यह उदाहरण देगा कि कैसे भारत ने घोर संकटकाल को भी अवसर में बदल दिया।