28 C
Mumbai
Thursday, September 10, 2026
Home Blog Page 94

…तो मनोज वाजपेयी भी कर लेते आत्महत्या

एंटरटेनमेंट डेस्क। नवप्रवाह डॉट कॉम
मुम्बई | सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद तमाम फ़िल्मी सितारों ने अपने संघर्ष के दिनों के क़िस्से साझा किए। ये सेलेब्स अपने डिप्रेशन को लेकर अब खुलकर बात कर रहे हैं। हाल ही में मनोज वाजपेयी ने भी एक ऐसा वाक़या साझा किया, जिसे सुनकर लोग दंग रह जाएँगे। 
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता ऐक्टर मनोज वाजपेयी संघर्ष के दिनों में ऐसी अवस्था में पहुँच गए थे, जब उन्हें तमाम मुश्किलों ने घेर लिया था। काम मिल नहीं रहा था और ग़ुरबत ऐसी कि वड़ा पाव भी महँगा लगने लगा था। अपने एक इंटर्व्यू में उन्होंने कहा कि अगर उस वक़्त मेरे दोस्त साथ न होते तो शायद मैंने आत्महत्या कर लिया होता। 
मनोज ने बताया कि उस दौर में मैं आत्महत्या के बेहद क़रीब था। दोस्त मेरे साथ सोते थे कि कहीं मैं आत्महत्या न कर लूँ। मैं उस समय घर का किराया नहीं दे पा रहा था। मनोज ने बताया कि उन्हें कई तरह की यातनाएँ झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि एक असिस्टेंट डायरेक्टर ने मेरी फ़ोटो ही फाड़ दिया, उस दौर में बड़ी मुश्किल से पॉर्ट्फ़ोलियो बना था। 
मनोज ने बताया कि मैं देखने में बहुत औसत था, इसलिए लोग समझते थे कि मैं कभी हीरो नहीं बन पाउँगा। मेरे पहले शॉट के बाद ही कह दिया गया था, ‘निकल जाओ तुम।’  उस समय मुझे किराया देने में काफी मुश्किल होती थी और मुझे वड़ा पाव तक महंगा लगता था, लेकिन मेरे पेट की भूख मुझे कामयाब होने से कभी नहीं रोक पाई।

अमेरिका ने चीन को लताड़ा, भारत के पक्ष में कही ये बात

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह डॉट कॉम 
अमेरिका ने एक बार फिर चीन को लताड़ा है। अमेरिका ने स्पष्ट कहा है कि चीन भारत के खिलाफ लगातार आक्रामक है। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटेरी केली मैकनेनी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के हवाले से कहा कि भारत सही अन्य देशों के प्रति चीन का जो रवैया है, वो चीन की कम्युनिस्ट पार्टी वाली सत्ता का असली चेहरा है।
प्रेस सचिव ने कहा कि पूर्वी लद्दाख़ क्षेत्र में जो कुछ भी हो रहा है, उस पर अमेरिका की नज़र है और वो चाहते हैं कि इस मसले का शांतिपूर्ण समाधान निकले।
प्रेस कॉन्फ़्रेन्स में जब केली से जब चीन के मसले पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प भारत-चीन सीमा मामले पर पैनी नज़र बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि चीन का आक्रामक रूख उसकी पार्टी की प्रकृति के हिसाब से हैं। ये कम्युनिस्ट पार्टी का असली चेहरा है।
ज्ञातव्य है कि पिछले सात हफ्तों से पूर्वी लद्दाख के कई हिस्सों में भारतीय और चीनी सेना के जवान आमने-सामने आ गए थे। इसके बाद 15 जून की रात को गलवान घाटी में दोनों देशों के सैनिकों के बीच बड़ी हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें भारत के 20 सैनिकों की जान चली गई थी। चीनी सेना को भी नुकसान हुआ था, लेकिन उनकी ओर से अभी तक कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
इसके पहले कांग्रेस की एक सुनवाई के दौरान अमेरिकी सांसदों ने भी लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल पर (LAC) चीनी सेना की गतिविधियों को लेकर चिंता जताई थी। हाउस इंटेलीजेंस कमिटी के अध्यक्ष एडम शिफ ने कहा, ‘इस पिछले महीने में चीन LAC पर घातक झड़पों में लिप्त रहा है, जिसमें दर्जनों भारतीय जवानों की जानें गई हैं।  वहीं चीनी सेना में भी कुछ सैनिकों की मौतें हुई हैं।’

सिर्फ़ 6 दिन में कोरोना के 1 लाख से ज़्यादा मामले, संक्रमितों का आँकड़ा 6 लाख पार

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह डॉट कॉम 
देश में कोरोना मरीजों का आँकड़ा तेज़ी से बढ़ता जा रहा है। फ़िलहाल देश में मरीजों की संख्या 6 लाख के पार हो गई है। अब तक 6 लाख 5 हज़ार 220 लोग संक्रमित हुए है, जिनमें से 17,848 लोगों की मौत हो चुकी है। हैरानी की बात यह है कि महज़ ६ दिनों में ही देश में एक लाख से ज़्यादा लोग संक्रमित पाए गए हैं।
देश में कोरोना मरीजों का आँकड़ा 6 लाख को पार कर गया है। वर्ल्डोमीटर के हिसाब से भारत में संक्रमण के 6 लाख 5 हज़ार 220 मामले हैं। आँकड़े बताते हैं कि पिछले 20 दिनों में ही 3 लाख से ज़्यादा मामले सामने आए हैं।
12 जून को देश में कुल मरीजों की संख्या 3 लाख को पार कर गई थी और करीब 9 हजार लोगों की मौत हुई थी। महज 9 दिन बाद यानि 20 जून को मरीजों का आंकड़ा 4 लाख को पार कर गया और करीब 13 हजार लोगों की मौत हो गई। 6 दिन बाद यानि 26 जून को मरीजों का आंकड़ा 5 लाख को पार कर गया और करीब 16 हजार लोगों की मौत हो गई है।
देश में 2 जुलाई तक मरीजों का आंकड़ा 6 लाख को पार कर गया है और करीब 18 हजार लोगों की मौत हुई है। देश में कुल कोरोना केस के आधे मामले बीते 20 दिनों में सामने आए हैं। हालांकि, इस बीच कोरोना से ठीक होने वालों मरीजों का आंकड़ा भी बढ़ा है।

बैन के बाद टिक टॉक के CEO ने कही ये बात

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह डॉट कॉम

TikTok सहित 59 चीनी ऐप्‍स पर भारत सरकार की ओर से लगाए गए प्रतिबंध के बाद चीनी वीडियो-शेयरिंग ऐप TikTok के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी केविन मेयर ने भारत के कर्मचारियों को एक पत्र लिखा है।

कंपनी की वेबसाइट पर एक पोस्ट में कहा गया है कि, ‘टिकटॉक में, हमारे प्रयास इंटरनेट का लोकतंत्रीकरण करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। हम मानते हैं कि काफी हद तक हम इस प्रयास में सफल रहे हैं। हालांकि, हम अपने मिशन के लिए संकल्पबद्ध और प्रतिबद्ध हैं और स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’

उन्होंने आगे लिखा कि, ‘भारतीय कानून के तहत सभी डेटा गोपनीयता और सुरक्षा आवश्यकताओं का पालन करने के लिए टिकटॉक काम करता रहेगा और उपयोगकर्ता की गोपनीयता और अखंडता पर सबसे अधिक महत्व रखता है।’

भारत में अपने कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता के बीच सीईओ ने अपने पोस्‍ट में लिखा कि, ‘हमारे कर्मचारी हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं, हमने 2,000 से अधिक मजबूत कर्मचारियों को भी आश्वस्त किया है कि हम सकारात्मक अनुभव और अवसरों को बहाल करने के लिए जो भी हमारे लिए संभव होगा, करेंगे।’

भारत सरकार की ओर से लगाए गए बैन के साथ वीडियो शेयरिंग एप टिकटॉक मंगलवार को देश में बंद हो गया है। इसे देश में गूगल प्ले स्टोर और एपल एप स्टोर से भी हटा दिया गया है, अभी तक देश में टिकटॉक के करीब 20 करोड़ यूजर्स थे।

कोरोनिल को लेकर बाबा रामदेव की ये बातें ड्रग माफ़ियाओं को हिला देंगी

बाबा रामदेव
बाबा रामदेव
  1. न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह डॉट कॉम 

योगगुरु बाबा रामदेव ने आज पतंजलि के कोरोनिल दवाई को लेकर हुए विवाद के सम्बन्ध में पत्रकारों से बात किया। उन्होंने कहा कि कोरोनिल को लेकर देश में जिस तरह का विरोध हुआ, वह दुःखी करता है।

बाबा रामदेव ने कहा कि आयुर्वेद को लेकर देश में जिस तरह का विरोध देखने को मिला, उसे देखकर ऐसा लगा कि जैसे मैंने कोई अपराध कर दिया हो। देश में सैकड़ों एफ़आईआर ऐसे हुए, जैसे मैं किसी आतंकी गतिविधि में लिप्त हूँ। हमने कौन सा ग़लत काम किया जो इतना विरोध हो रहा है।

अभी तो हमने एक कोरोना के बारे में क्लीनिकल कंट्रोल ट्रायल का डाटा देश के सामने रखा, तो एक तूफान सा उठ गया। उन ड्रग माफिया, मल्टीनेशनल कंपनी माफिया, भारतीय और भारतीयता विरोधी ताकतों की जड़ें हिल गईं। बाबा ने कहा, हमने जो कहा उसका ग़लत अर्थ न निकाला जाए। ऐसा महसूस हो रहा है जैसे भारत में आयुर्वेद पर काम करना अपराध हो।

तमिलनाडु: नेयवेली पावर प्लांट के ब्वॉयलर में ब्लास्ट, चार की मृत्यु १३ घायल

ब्यूरो | नवप्रवाह डॉट कॉम 

तमिलनाडु से नेयवेली पावर प्लांट के ब्वॉयलर स्टेज-2 में विस्फोट होने की ख़बर आई है। इस विस्फोट की वजह से चार की मृत्यु हो गई है, जबकि १३ के घायल होने की जानकारी मिली है। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, घायलों का इलाज एनएलसी लिग्नाइट अस्पताल में चल रहा है।

हालाँकि इस सम्बन्ध में और अधिक जानकारी नहीं मिली है। लेकिन स्थानीय सूत्रों ने बताया कि इस घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गई है। आस पास के लोग इस दुर्घटना से आहत हैं।

अभी तक ब्लास्ट के वजह की जानकारी नहीं मिल पाई है। यह विस्फोट कुड्डालोर में नेयवेली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन के एक बॉयलर में हुआ। एनएलसी की अपनी दमकल टीमें हैं जो विस्फोट के बाद बचाव अभियान में जुट गई हैं। साथ ही कुड्डालोर जिला प्रशासन से बचाव दल भी मौके पर पहुंच गया है। बता दें कुड्डालोर, राजधानी चेन्नई से 180 किलोमीटर दूर स्थित है।

ब्रेकिंग न्यूज़: तमिलनाडु के नेयवेली पावर प्लांट के ब्वॉयलर स्टेज-2 में विस्फोट, 17 घायल

ब्यूरो | नवप्रवाह डॉट कॉम 

तमिलनाडु से नेयवेली पावर प्लांट के ब्वॉयलर स्टेज-2 में विस्फोट होने की ख़बर आई है। इस विस्फोट की वजह से 17 लोग घायल हो गए हैं। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, घायलों को एनएलसी लिग्नाइट अस्पताल ले जाया गया है।

हालाँकि इस सम्बन्ध में और अधिक जानकारी नहीं मिली है। लेकिन स्थानीय सूत्रों ने बताया कि इस घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गई है। आस पास के लोग इस दुर्घटना से आहत हैं। फ़िलहाल बाक़ी जानकारी की प्रतीक्षा है।

अब इन देशों के रास्ते भारत में सेंध लगाने की ताक में चीन

china is in big trouble
न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह डॉट कॉम 
भारत के डिजिटल हमले के बाद चीन की हेकड़ी निकल गई है। अब चीन दूसरे रास्ते से भारत में घुसकर धंधा करने के जुगाड़ में जुटा है। भारत को संदेह है कि चीन हॉंगकॉंग और सिंगापुर जैसे किसी थर्ड पार्टी के माध्यम से भारत में व्यापार और निवेश की कोशिश कर सकता है। चीन सामान बेचने के साथ ही निवेश की फ़िराक़ में भी है।
आंकड़ों पर गौर करें, तो पाएंगे कि जिन देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए), तरजीही व्यापार समझौते (पीटीए) या अन्य द्विपक्षीय कमर्शियल एग्रीमेंट है, उन देशों के जरिए चीन भारत में सामान और निवेश बढ़ा सकता है।
आँकड़े स्पष्ट करते हैं कि चीन से कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश घटा है, लेकिन कई भारतीय फ़र्म को चीनी निवेश मिले हैं। इसी तरह, चीन से आयात में हाल ही में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन उसी समय हांगकांग और सिंगापुर से आयात में वृद्धि हुई है। इन आंकड़ों से पता चलता है कि कुछ गड़बड़ है और उसकी जांच की जरूरत है।
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (FIEO) के मुताबिक़, चीन के साथ भारत का व्यापार 2019 में 6.05 बिलियन डॉलर घटा है। यह अब 51.25 बिलियन डॉलर तक सीमित हो गया है। वहीं, 2019 में हांगकांग का व्यापार 5.8 बिलियन डॉलर के करीब बढ़ा है। इसी प्रकार, सिंगापुर के साथ भारत का व्यापार घाटा पिछले वित्तीय वर्ष में 5.82 बिलियन डॉलर था।
FIEO के महानिदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय सहाय ने बताया, “हांगकांग से प्रमुख आयात में जो उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, उनमें इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट शामिल है। 2017 में जहां 1.3 बिलियन डॉलर था वहीं, 2019 में 8.6 बिलियन डॉलर  तक बढ़ा है।”

पीएम मोदी ने देश को चेताया, ग़रीबों को मिला तोहफ़ा

सौम्या केसरवानी | नवप्रवाह डॉट कॉम

आज पीएम मोदी ने राष्ट्र को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि, कोरोना वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ते लड़ते अब हम अनलॉक टू में प्रवेश कर रहे हैं। साथ ही हम ऐसे मौसम में प्रवेश कर रहे हैं, जब सर्दी जुकाम खांसी बुखार आदि बढ़ जाते हैं। ऐसे समय में अपना ध्यान रखें।

पीएम ने कहा कि, समय पर हुए लॉकडाउन और अन्य फैसलों ने भारत में लाखों लोगों का जीवन बचाया है। लेकिन हम यह भी देख रहे हैं कि, जब से देश में अनलॉक वन हुआ है, व्यक्तिगत और सामजिक तौर पर लापरवाही बढ़ती ही चली गई है।

पीएम मोदी ने कहा, ‘साथियों लॉकडाउन खोलने पर बहुत नियमों का पालन करना था। देश के नागरिकों को उसी तरह की सतर्कता दिखाने की जरूरत है, विशेषकर कन्टेनमेंट जोंस पर हमें बहुत ध्यान देना होगा, जो भी लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे, हमें उन्हें टोकना होगा, रोकना होगा।

पीएम ने कहा कि, लॉकडाउन होते ही सरकार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना लेकर आई। इस योजना के तहत गरीबों के लिए पौने दो लाख करोड़ रु. का पैकेज दिया गया है। बीते 3 महीनों में गरीबों के खाते में रुपये जमा किए गए है।

पीएम ने कहा, ‘अब देखिए सावन महीने के शुरू होते ही त्योहार शुरू हो जाते हैं, त्योहारों का यह समय जरूरत भी बढ़ाता है और खर्च भी बढ़ाता है। हमने अब फैसला किया है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार अब दिवाली और छठ पूजा यानि नवंबर महीन के आखिरी तक कर दिया जाएगा।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि, पूरे भारत के लिए हमने एक सपना देखा है, कई राज्यों ने बहुत अच्छा काम किया हम बाकि राज्यों से भी इस पर आगे बढ़ने की योजना बना रहे है, अब पूरे देश में एक राशनकार्ड की व्यवस्था भी हो रही है।

कोरोना: संक्रमण का रौद्र रूप, शादी के दूसरे दिन दूल्हे की मौत, 100 बाराती पॉज़िटिव

ब्यूरो | नवप्रवाह डॉट कॉम

बिहार में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 10 हजार के पास पहुंच गयी है, इस बीच पटना में कोरोना ने भयावह रूप ले लिया है। पालीगंज के एक शादी समारोह में कोरोना का विस्फोट हुआ, और पूरा इलाका इसकी चपेट में आ गया है। इस शादी समारोह में दूल्हे की मौत शादी के अगले दिन ही हो गई थी।

अब तक इस शादी समारोह में शामिल हुए 369 लोगों की जांच हो चुकी है, जिनमें से 89 संक्रमित पाये गये हैं, जबकि 31 लोग पहले ही पॉज़िटिव पाए गए थे। पटना के पालीगंज में हुए, जिसके बाद अब मामला ये सामुदायिक संक्रमण रूप लेता नजर आ रहा है।

शादी में शामिल हुए सौ से अधिक लोग बीमार हो चुके हैं, जिनमें हलवाई, फोटोग्राफर से लेकर किराना और सब्जी विक्रेता तक शामिल हैं। ज़िला प्रशासन के अनुसार, शादी 15 जून को हुई थी, शादी में शामिल हुए कुछ लोगों में कोरोना के लक्षणों की शिकायत थी, जिसके बाद बारातियों का ग्रुप सैंपल लिया गया। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि चार चरणों में अब तक 369 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं।

पालीगंज बीडीओ चिरंजीवी पांडेय द्वारा प्रभावित डीहपाली, मीठा कुआं, बाबा बोरिंग रोड के अलावे बाजार के कुछ इलाके को बैरिकेटिंग और सील कर दिया गया है। उसके बाद लाउड स्पीकर के साथ बिना काम के बाहर नहीं निकलने की लोगों से अपील की जा रही है‌।

परिवार के मुताबिक, दूल्हा शादी से पहले गाड़ी के जरिए दिल्ली से बिहार आया था, बिहार पहुंचने के बाद वह कुछ दिनों तक आइसोलेशन में भी रहा था, परिवार का कहना है कि शादी से पहले कोरोना के कुछ लक्षण नजर आने लगे थे, और शादी के अगले दिन ही दूल्हे की मौत हो गई थी।