27 C
Mumbai
Tuesday, August 18, 2026
Home Blog Page 882

केक काटकर पाकिस्तान में जश्न मना रहा है आतंकी हाफ़िज़

राजेश सोनी । Navpravah.com


गुरुवार को पाकिस्तान सरकार ने मुंबई आतंकवादी हमले के मुख्य साजिशकर्ता आतंकी हाफिज सईद को रिहा कर दिया। आतंकी हाफिज ने अपनी आजादी का जश्न केक काटकर मनाया। हाफिज ने इस जश्न के दौरान एक बार फिर भारत विरोधी बातें कही।
 
आपको बता दें कि हाफिज सईद को इस साल जनवरी से नजरबंद रहने की सजा सुनाई गई थी। आतंकी हाफिज सईद जैसे ही रिहा हुआ, उसने अपने ट्विटर अकाउंट पर भारत के विरुद्ध बातें लिखी। सईद ने अपने ट्विटर अकाउंट द्वारा एक वीडियो शेयर किया और भारत को कश्मीर मुद्दे पर धमकी दी। उसने लिखा कि वह कश्मीर मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगा और वह भारत से डटकर सामना करेगा।
 
सईद ने कहा कि वह पाकिस्तान की जनता को एकजुट करके, कश्मीरियों को आजादी दिलाने में हर संभव मदद करेगा। हाफिज को सयुंक्तराष्ट्र और अमेरिका द्वारा आतंकी घोषित किया जा चुका है। अमेरिका ने आतंकवादी हाफिज सईद पर 65 करोड़ का इनाम घोषित कर रखा है। आतंकी हाफिज पाकिस्तान में अपनी राजनितिक दल भी बना चुका है और चुनाव लड़कर पाकिस्तान की सत्ता पर काबिज होना चाहता है।
 

चीन हमेशा रहा है हमारा क़रीबी -दलाई लामा

दलाई लामा
सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
दलाई लामा गुरुवार को इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित कॉन्फ्रेंस सेशन में उपस्थित हुए, जहाँ उन्होंने चीन से अपने रिश्तों को लेकर कहा कि तिब्बत चीन से आजादी नहीं बल्कि अधिक विकास चाहता है, चीन तिब्बत को अपना हिस्सा बताता है, तो वहीं तिब्बत खुद को चीन का औपनिवेश बताता है।
दलाई लामा ने तिब्बत के चीन के साथ अच्छे संबंधों की वकालत करते हुए कहा कि हमेशा से चीन और तिब्बत के बीच करीबी संबंध रहे हैं। हालांकि कभी-कभार उनके बीच संघर्ष भी हुआ है।
कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने आगे कहा कि तिब्बत की एक अलग संस्कृति और एक अलग पहचान है, हमें उनकी विरासत का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘चीनी जनता अपने देश को प्रेम करती है। हम अपने देश को प्रेम करते हैं।’ उन्होंने कहा, शांति से रहने और एक-दूसरे की सहायता करने के अलावा दोनों देशों के पास और कोई रास्ता नहीं है, जो बीत चुका है, वह बीत चुका है और अब हमें भविष्य में देखने की जरूरत है।

ओडिशा: 12 घंटे में दूसरा बड़ा रेल हादसा, मालगाड़ी के 14 डिब्बे पटरी से उतरे

मालगाड़ी बेपटरी हुई
सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
आज सुबह ही यात्रियों को ले जा रही वास्को-डी-गामा ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। महज कुछ ही घंटों के भीतर ओडिशा में मालगाड़ी की पटरी से उतरने की खबर आ रही है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में कोयले को ले जा रही मालगाड़ी के 14 डिब्बे पटरी से उतर गए।
 
ये हादसा ग्वालीपुर रेलवे स्टेशन के नजदीक हुआ है और इसमें अभी तक किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। रेल हादसे के बाद इस रूट पर ट्रेनों का आवागमन ठप पड़ गया है। रेलवे की रेस्क्यू टीम को घटना स्थल पर रवाना कर दिया गया है।
 
आपको बता दें कि आज सुबह उत्तरप्रदेश के चित्रकूट जिले में पटना जा रही वास्को-डी-गामा ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस ट्रेन हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई जिसमें 6 साल के बच्चे और उसके पिताजी की इस हादसे के शिकार हो गए। इस हादसे में कई यात्रियों की घायल होने की भी खबर है।

पद्मावती विरोध: नाहरगढ़ क़िले में मिली युवक की लाश

पद्मावती रिलीज़ हुई तो करेंगे चक्का जाम -करणी सेना
सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
फिल्म पद्मावती के विरोध में आज जयपुर के नाहरगढ़ किले की दीवार पर एक युवक की लटकती हुई लाश मिली है, वहीं लाश के नजदीक किले के पत्थरों पर ‘पद्मावती का विरोध’ जैसे शब्द लिखे हुए हैं।
वहाँ रखे एक पत्थर पर लिखा है, ‘हम सिर्फ पुतले ही नहीं लटकाते’ मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि यह हत्या है या आत्महत्या, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। मरने वाले शख्स का नाम चेतन कुमार बताया जा रहा है, वह जयपुर का रहने वाला है, उसकी उम्र 22- 23 साल है और उसकी जेब से एक मुंबई ट्रेन का टिकट मिला है।
ब्रिटेन के थिएटर्स भी जला डालेंगे
करणी सेना ने इस घटना के पीछे सेना की भागीदारी से साफ इनकार किया है। करणी सेना के अध्यक्ष महीपाल सिंह ने कहा कि यह आत्महत्या हो सकती है, क्योंकि विरोध-प्रदर्शन का ऐसा रास्ता उनका कतई नहीं है। करणी सेना ने ब्रिटिश फिल्म बोर्ड द्वारा ब्रिटेन के सिनेमा घरों में फिल्म के प्रदर्शन को मंजूरी दिए जाने पर करणी सेना ने ब्रिटेन में थियेटरों को जलाने की धमकी दी थी, इस पर सेना के एक नेता कहा था कि वह विरोध के लिए ब्रिटेन जाना चाहते थे, लेकिन सरकार ने उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया।

व्यापम घोटाला: रात ढाई बजे तक चली सुनवाई, आरोपियों की अग्रिम ज़मानत याचिका ख़ारिज

व्यापम घोटाला
एनपी न्यूज़ डेस्क। Navpravah.com
व्यापम घोटाले की जांच कर रही सीबीआई की विशेष अदालत में गुरुवार को चार्जशीट दाखिल करने के बाद कार्यवाही कल रात ढाई बजे तक चली। सीबीआई ने यहां प्री मेडिकल टेस्ट में अनियमितताओं के सिलसिले में 592 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की है।
विशेष न्यायाधीश डी पी मिश्रा की अदालत में जिन आरोपियों की अग्रिम जमानत की याचिका खारिज की गयी है, अब उनके समक्ष हाईकोर्ट जाने का विकल्प खुला है। इन आरोपियों में निजी मेडिकल कालेज संचालक डॉ अजय गोयनका, सुरेश एन विजयवगीर्य, कैप्टन अंबरीश शर्मा, डॉ डी के सत्पथी, डॉ विजय कुमार पांडे और अन्य लोग शामिल हैं।
4 पूर्व अधिकारियों सहित 592 लोगों के नाम
यह चार्जशीट पीएमटी 2012 से जुडीं सरकारी और निजी मेडिकल कालेज की एमबीबीएस की तीन सौ से अधिक सीटों के विरूद्ध प्रवेश में गड़बड़ी से संबंधित हैं। अदालत ने गुरुवार को अदालत के समक्ष पेश नहीं होने वाले आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किए हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर व्यापम घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने राज्य सरकार के तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा संचालक एस सी तिवारी, व्यापम के तत्कालीन वरिष्ठ अधिकारी पंकज त्रिवेदी, तत्कालीन सीनियर सिस्टम एनालिस्ट नितिन मोहिन्द्र, तत्कालीन डिप्टी सिस्टम एनालिस्ट अजय कुमार सेन तथा तत्कालीन प्रोग्रामर सी के मिश्रा के खिलाफ भी आरोपपत्र पेश किया है।
इन निजी मेडिकल कॉलेजों पर आरोप है कि इन्होंने व्यापम अधिकारियों और बिचौलियों की मिलीभगत से राज्य सरकार के कोटे की सीटों की भी सेंधमारी की और कुल 292 ऐसे व्यक्तियों को प्रवेश दिया, जो पीएमटी परीक्षा में शामिल भी नहीं हुए थे।
ये सीटें 50 लाख से एक करोड़ रुपये में बेची गयीं थी, जांच एजेंसी ने ऐसे 292 व्यक्तियों के नामांकन में हेराफेरी का मामला राज्य सरकार को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजने का फैसला किया है।

भिवंडी में ढही इमारत,1 की मौत 3 घायल

building collapsed in bhivandi
एनपी न्यूज़ डेस्क। Navpravah.com

ठाणे– मुंबई से सटे ठाणे जिला के भिवंडी में 4 मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई और 3 लोगों की मलबे में दबे होने की आशंका है। 
 
क्षेत्रीय आपदा प्रबंध कोष्ठ के प्रमुख संतोष कदम ने बताया कि यह इमारत नवी बस्ती इलाके में है और आज सुबह इमारत 9 बजे के आसपास ढह गई। जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के दलों को बचाव एवं राहत कार्य के लिए घटना स्थल पर भेज दिया गया है।
पुलिस के आला अधिकारियों को भी बचाव और लोगों की मदद के लिए घटना स्थल पर रवाना कर दिया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, इस हादसे में अबतक 1 व्यक्ति  ने अपने प्राण गवाएं है और 3 लोगों के घायल होने की खबर बताई जा रही है।

लड़खड़ाई श्रीलंकाई पारी, लंच से पहले गिरे 2 विकेट 

थिरिमन्ने का विकेट लेने के बाद अश्विन
स्पोर्ट्स डेस्क न्यूज़। Navpravah.com
 

भारत और श्रीलंका के बीच नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम पर खेले जा रहे 3 टेस्ट मैचों की श्रृंखला के दूसरे मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लंच से पहले श्रीलंकाई टीम ने दो विकेट खोकर 47 रन बना लिया है।

इससे पहले टॉस जीतकर खेलने उतरे श्रीलंकाई ओपनर दिमुथ करुणारत्ने और सदीरा समरविकर्मा ने संभल कर शुरुआत की। मध्यम तेज़ गति के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी के बगैर मैदान पर उतरी भारतीय टीम ने टीम में शामिल अनुभवी गेंदबाज़ इशांत शर्मा को नई गेंद थमाई। इशांत के साथ उमेश यादव ने नई गेंद से गेंदबाजी कर शुरुआत में श्रीलंकाई बल्लेबाजों को खुल कर शॉट खलने नहीं दिया।
 
श्रीलंकाई टीम का स्कोर 20 रन था, तभी इशांत शर्मा ने श्रीलंकाई ओपनर समरविकर्मा को चेतेश्वर पुजारा के हाथों स्लिप में कैच आउट कर श्रीलंका को पहला झटका दिया। इसके बाद पिच पर आए लाहिरू थिरिमन्ने भी ज्यादा देर पिच पर टिक न पाए, रविचंद्रन अश्विन की एक अंदर आती गेंद पर वो बोल्ड होकर चलते बने। थिरिमन्ने ने 8 रनों का योगदान दिया। लंच तक दिमुथ करुणारत्ने 20* और मैथ्यूज़ 1* रन बनाकर पिच पर मौजूद हैं।
 
पहले 3 दिनों तक तेज़ गेंदबाजों के लिए मददगार इस पिच पर भारत केवल 4 गेंदबाजों के साथ श्रीलंकाई टीम को परास्त करने निकला तो है, पर कहीं न कहीं भारत को 1 तेज गेंदबाज की जरूरत और खल सकती है। रविचंद्रन अश्विन और रविन्द्र जडेजा ने पिछले वर्ष नागपुर की इस पिच पर साऊथ अफ्रीका को नाकों चने चबवाये थे। उसीको मध्यनजर रखते हुए भारतीय क्रिकेट फैंस को इस बार भी टीम के दोनों अनुभवी स्पिनरों से कुछ करिश्माई खेल के प्रदर्शन की उम्मीद है।

वित्त मंत्रालय ने दी सफाई, कहा, “चेक बुक बंद करने की कोई योजना नहीं”

सौम्या केसरवानी। Navpravah.com
वित्त मंत्रालय ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकार डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा जरूर देना चाहती है, लेकिन इसके लिए चेक बुक बंद करने की सरकार की कोई योजना नहीं है।
वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में ट्वीट करके बताया कि मीडिया में चेक बुक बंद करने से संबंधित खबर आ रही हैं, जो कि सही नही है, सरकार ने कहा कि उसके पास चेक बुक बंद करने का कोई विचार नहीं है। गौरतलब है कि इसी सप्ताह अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (CAIT) ने दावा किया था कि सरकार चेक से होने वाले लेनदेन पर जल्द ही रोक लगा सकती है।
वित्त मंत्रालय ने ट्वीट में कहा, “मीडिया के कुछ हिस्से से खबरें आ रही हैं कि केंद्र सरकार द्वारा डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए आगे आने वाले समय में चेक बुक सुविधा को बंद किया जा सकता है, लेकिन अभी तक ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है।”
AIT के जनरल सेकेट्री प्रवीण खंडेलवाल के कहा था कि सरकार डिजीटल पेमेंट को बढ़ावा दे रही है, चूंकि सरकार अर्थव्यवस्था को कैशलेश इकोनॉमी बनाने पर जोर दे रही है। ऐसे में डिजीटल पेमेंट को बढ़ाने के लिए सरकार क्रेडिट और डेबिट कार्ड के माध्यम से भुगतान करने के पक्ष में है। खंडेलवाल ने कहा था कि यदि सरकार डिजीटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देना चाहती है तो कार्ड पेमेंट पर लगने वाले चार्ज भी खत्म करने होंगे, उन्होंने यह भी कहा था कि देशभर में 80 करोड़ एटीएम हैं, लेकिन सिर्फ 5 प्रतिशत कार्ड का इस्तेमाल डिजिटल ट्रांजेक्शन के लिए किया जाता है।

फ़िल्म ‘पद्मावती’ के बचाव में कूदे बाबुल सुप्रियो

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

पद्मावती का विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने पद्मावती विवाद पर अपनी राय व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि देश में रचनात्मक स्वतंत्रता है, पद्मावती को लेकर जो विवाद हो रहा है, वह नहीं होना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री बाबुल ने कहा कि, जो कुछ भी हुआ दुखद है, सेंसर बोर्ड इस मामले को देख रहा है। केवल बातचीत के जरिये ही इस मुद्दे को हल किया जाना चाहिए, एक चैनल को दिए साक्षात्कार में बाबुल सुप्रियो ने कहा कि पद्मावती एक बहुत बड़ी फिल्म है, कई लोग फिल्म को देखना चाहते हैं, कई लोग जिन्होंने फिल्म नहीं देखी है वे सवाल उठा रहे हैं। मुझे लगता है केवल बातचीत के जरिये ही इसे निपटाया जाना चाहिए।

दीपिका और अन्य अभिनेताओं को धमकियां दी जा रही हैं, क्या ये सही है? इसके जवाब में बाबुल सुप्रियो ने कहा कि यह ठीक नहीं है, दीपिका तो केवल एक कलाकार है जो पर्दे पर चरित्र निभाती है, उसने वही किया जो उससे कहा गया, धमकियां निंदनीय है और कोई भी इससे सहमत नहीं होगा।

सर्वोच्च न्यायालय ने गुरुवार को कहा कि वह संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘पद्मावती’ के देश से बाहर रिलीज पर रोक लगाने संबंधी याचिका की सुनवाई 28 नवंबर को करेगा, प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा, न्यायमूर्ति एएम खानविलकर और न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़ की पीठ ने एक याचिकाकर्ता द्वारा फिल्म को विदेश में रिलीज नहीं करने देने की याचिका पर सुनवाई करने का फैसला किया है।

उधर, फिल्मकार नीरज घेवन का कहना है कि उन्हें खुद को एक ऐसे देश का नागरिक कहने में शर्मिंदगी महसूस हो रही है जहां लोग राष्ट्रीय टेलीविजन पर कलाकारों को धमकी देने के बाद खुले आम घूमते हैं। यह दुखद स्थिति है, जिसका हम सामना कर रहे हैं।

मानिकपुर में पलटी वास्को डी गामा-पटना एक्सप्रेस, तीन यात्रियों की मौत

एनपी न्यूज़ नेट्वर्क । Navpravah.com

उत्तर प्रदेश में चित्रकूट के नज़दीक मानिकपुर जंक्शन के पास वास्को डी गामा पटना एक्सप्रेस के 13 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस भीषण दुर्घटना में क़रीब तीन लोगों की जान गई है और 10 से अधिक गम्भीर रूप से घायल हैं।

यह दुर्घटना किस वजह से हुई, इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है। फ़िलहाल पटना जाने वाली गाड़ियों का रूट बदल दिया गया है। फ़िलहाल गाड़ी  फंसे यात्रियों को निकाला जा रहा है और बचाव कार्य जारी है। घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

 जानकारी के मुताबिक, वास्को डी गामा-पटना एक्सप्रेस ट्रेन सुबह करीब 4.20 बजे हादसे का शिकार हुई है।एक स्थानीय के अनुसार, मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। रेलवे के पीआरओ अनिल सक्सेना ने कहा कि हमने हेल्पलाइन सेटअप किए हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।