28 C
Mumbai
Wednesday, August 19, 2026
Home Blog Page 871

प्राइमरी स्कूल में कलेक्टर ने खाया मिड डे मील, सोशल मीडिया पर हुई जमकर तारीफ़ 

अविनाश कुमार शरण
एनपी न्यूज़ डेस्क । Navpravah.com
 
छत्तीसगढ़ के एक आईएएस ऑफिसर ने सादगी की एक नई मिसाल समाज के सामने पेश की है। आईएएस ऑफिसर होते हुए भी इन्होंने अपनी बच्ची का दाखिला एक सरकारी स्कूल में कराया और इससे पहले इनकी बेटी आंगनवाड़ी स्कूल में भी पढ़ चुकी है। आईएएस ऑफिसर तब सुर्खियों में आए जब वह अपनी बेटी के साथ सरकारी स्कूल के मिड डे मील खाते दिखे। 
 
सोशल मीडिया के जमाने में इस आईएएस ऑफिसर की सादगी की तस्वीर बहुत तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर के पीछे की कहानी वाकई सादगी की मिसाल है। कलेक्टर इस तस्वीर में अपनी बच्ची और अन्य बच्चों के साथ मिड डे मील खाते नजर आ रहे हैं। यह आईएएस ऑफिसर अवनीश कुमार शरण हैं, जो छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला के कलेक्टर हैं। 
 
बता दें कि अवनीश कुमार शरण जिले के कलेक्टर हैं, बावजूद इसके उनकी बेटी एक मामूली से सरकारी प्राइमरी स्कूल में अपनी शिक्षा प्राप्त कर रही है। कलेक्टर साहब अक्सर इस स्कूल में आते रहते हैं। एक दोपहर जब वह स्कूल पहुंचे, तो उनकी बेटी खाना खा रही थी, तो वे भी उनके साथ मिड डे मील खाने लगे। 
 
इस तस्वीर के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग कलेक्टर अवनीश कुमार की सादगी की बहुत तारीफ कर रहे हैं। एक ट्विटर यूजर गगन कुमार लिखते हैं, “अवनीश कुमार ने अपनी बच्ची को सरकारी स्कूल में दाखिला कराकर सादगी की मिसाल पेश की है।

ओखी चक्रवात से 16 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

ओखी चक्रवात से जन-जीवन अस्त-व्यस्त
सौम्या केसरवानी। Navpravah.com
ओखी चक्रवात के कारण केरल और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में भारी बारिश जारी है। यहां अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है और आम जनजीवन बुरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है।
तेज हवाओं और लगातार बारिश की वजह से चेन्नई में हालात और बिगड़ने की आशंका है। इसके मद्देनजर चेन्नई के स्कूल बंद रखे गए हैं। केरल और तमिलनाडु के कई इलाकों में बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है। अब तक 200 से ज्यादा मछुआरों को सुरक्षित निकाला गया है। आपदा प्रबंधन बल जहाँ राहत कार्यों में लगे हैं, वहीं गृह मंत्रालय भी हालात पर नज़र बनाए हुए है। वायु सेना, तटरक्षक बल और नौसेना भी लोगों को हर मुमकिन सहायता पहुंचाने के लिए तैयार है।  
इस तूफान के आज लक्षद्वीप पहुंचने की संभावना है। इस बीच कन्याकुमारी, तूतिकोरिन और रामनाथपुरम समेत राज्य के तटीय इलाकों में अगले 24 घंटे तक मछुआरों को समंदर में नहीं जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने ये भी कहा है कि कोयंबटूर, पुड्डुचेरी और चेन्नई में भी तेज बारिश हो सकती है।
ओखी तूफान से तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों में ज्यादा नुकसान हुआ है। आंधी की चपेट में आने से कई पेड़, इलेक्ट्रिक पोल धारासाई हो गए और कुछ इमारतों को भी नुकसान हुआ है। राज्य सरकार ने तत्परता दिखाते हुए 16 रिहैबिलटेशन सेंटर भी बनाए हैं जिनमें 1044 लोग मौजूद हैं।
चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए गृह मंत्रालय भी पूरी तरह से सक्रिय है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने एनडीआरएफ के महानिदेशक संजय कुमार से बात की है। साथ ही उन्हें दिशा निर्देश दिये हैं कि लोगों की सुरक्षा को लेकर एनडीआरएफ तेजी के साथ काम करे।

इस महिला ने कपड़े पर बुने भगवदगीता के 500 श्लोक

कपड़े पर बुने भगवद्गीता के ५०० श्लोक
सौम्या केसरवानी। Navpravah.com
असम की एक महिला हेमप्रभा अंग्रेजी और संस्कृत में कपड़े के ऊपर भगवद्गीता को बुन रही हैं। हेमप्रभा अब तक संस्‍कृत में भगवद्गीता की 500 चौपाइयां बुन चुकी हैं।
इससे पहले हेमप्रभा शंकरदेव गुणमाला के छह पद 17 इंच चौड़े और 80 फीट लंबे, गुना और मुगा सिल्क के कपड़े पर बुन चुकी हैं, इस काम को करने में उन्हें करीब नौ महीने का समय लगा था। इसके पहले अंग्रेजी में भी वे एक पाठ की बुनाई कर चुकी हैं, उन्होंने भगवद्गीता को कपड़े पर बुनने का काम पिछले साल दिसंबर में शुरू किया था।
हेमप्रभा बताती हैं कि नौ महीने की कड़ी मेहनत के बाद मैंने कपड़े पर गुणमाला बुनी है, मेरे इस काम की पूरे राज्यभर में काफी तारीफ की जा रही है। अब में कपड़े पर अंग्रेजी और संस्कृत में भगवद्गीता बुन रही हूं। अपनी मेहनत को सबके सामने लाने के लिए हेमप्रभा ने राज्य सरकार से गुहार भी लगायी है कि सरकार एक म्यूजियम बनवाए, जहां उनके बुने हुए ये काम सुरक्षित रखे जा सकें और उनकी मेहनत को पूरी दुनिया देखे।

सिंघम के नाम पर 200 करोड़ की ठगी, अनारा गुप्ता का भी नाम शामिल

टेंशन में अजय देवगन
पारुल पाण्डेय । Navpravah.com

 
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अजय देवगन के नाम पर 200 करोड़ की ठगी का मामला दर्ज किया है।  एसटीएफ ने इस मामले में पूर्व मिस जम्मू अनारा गुप्ता के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। इस ठगी का मुख्य आरोपी ओमप्रकश यादव इलाहाबाद के सिविल लाइन्स से गिरफ्तार किया गया है।
 
बता दें कि यादव के पास से पुलिस ने लैपटॉप, मोबाइल और अन्य कागजात बरामद किया और साथ में व्हाट्सप्प पर अनारा गुप्ता के साथ पुलिस ने बातचीत के रिकॉर्ड पाए हैं। इसी बिनाह पर अनारा गुप्ता के खिलाफ उत्तरप्रदेश एसटीएफ ने केस दर्ज किया। 
 
नवप्रवाह डॉट कॉम से हुई बातचीत में अनारा गुप्ता ने अपना पक्ष रखा, उन्होंने कहा कि यह कंपनी नरेश कुमार और अर्पिता माली की है। नरेश कुमार का इस कंपनी में 98.5 प्रतिशत शेयर है। मैं एंपरर मीडिया एंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में एक एंटरटेनमेंट डायरेक्टर के तौर ज्वाइन  हुई थी। मेरा काम कंपनी की ओर से हर इवेंट में जाकर कंपनी की तारीफ करना था। मैं इस कंपनी में केवल एक एम्पलॉयी थी, जिसे हर महीने एक निश्चित तनख्वाह मिलती थी। मेरा कोई भी ऑफीशियल हस्ताक्षर यहां  नहीं चलता था। रही बात 200 करोड़ के स्कैम की तो किसके अकाउंट में कितना पैसा आया गया है, इसपर पुलिस अपनी जांच कर रही है।  
PC: Jagran.com
अनारा के अनुसार उन्होंने अगस्त 2017 में इस कंपनी को छोड़ दिया था। उनके अनुसार कंपनी की दूसरी डॉयरेक्टर अर्पिता माली उन्हें खूब प्रेशर करती थी, जिसके चलते उन्होंने नौकरी छोड़ना सही समझा। उन्हें अमरीश सिंह नामक उनके मित्र ने इस कंपनी से जुड़ने का आइडिया दिया था।   
 
हमारा इस फ़्रॉड से कोई लेना देना नहीं -अजय देवगन
 
वहीं, अभिनेता अजय देवगन के जनसम्पर्क अधिकारी पराग देसाई ने बताया कि हमें इस फ्रॉड के बारे में समाचार चैनल्स से पता चला। इस वक्त अजय अपनी शूटिंग में व्यस्त हैं। उनका इस कंपनी से कोई लेना देना नहीं है। रही बात अपराधियों की तो इसकी जांच पुलिस कर ही रही है।  
 
एसटीएफ के मुताबिक इन ठगों ने अपना जाल यूपी, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक फैला रखा है। इन सभी राज्यों के हजारों लोगों के साथ उन्होंने ठगी की है। एसटीएफ के मुताबिक, ठगी का तरीका बड़ा ही नायाब था, जिसमें पूर्व मिस जम्मू अनारा गुप्ता अलग-अलग शहरों में जाकर अपने प्रोडक्शन हाउस के बारे में जानकारी देती थीं और पैसा कमाने का लालच देकर लोगों से अपनी प्रोडक्शन कंपनी में पैसे लगाने के लिए कहती थीं।  इतना ही नहीं एसटीएफ के अनुसार, ओमप्रकाश ने अबतक तक़रीबन 1000 लोगों को फंसाया है।  

मार्क जुकरबर्ग की बहन से एक विमान में हुई छेड़छाड़

मार्क जुकरबर्ग चिंतित
सौम्या केसरवानी। Navpravah.com
सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क जुकरबर्ग की बहन के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। मार्क जुकरबर्ग की बहन रैंडी जुकरबर्ग के साथ विमान में शर्मनाक हरकत सामने आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
रैंडी जुकरबर्ग ने बुधवार को फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिये सहयात्री द्वारा सेक्सुअल हैरेसमेंट की जानकारी साझा की थी, जानकारी के मुताबिक रैंडी लॉस एंजिलिस से मजाटलान, मैक्सिको जा रही थीं, जब उनके साथ यह शर्मनाक घटना हुई।
रैंडी ने सिएटल की विमानन कंपनी को पत्र लिखकर भी इसकी शिकायत की है। उन्होंने बताया कि वह विमान के फर्स्ट क्लास से यात्रा कर रही थीं, उनके पास बैठा यात्री उनपर और पास बैठे अन्य यात्रियों पर लगातार भद्दे कमेंट कर रहा था। आरोपी यात्री खुद को बार-बार छूकर रैंडी से कह रहा था कि क्या वह अपने साथ यात्रा करने वाले सहयात्रियों को लेकर कल्पनाएं करती हैं?
रैंडी ने बताया कि उन्होंने उस व्यक्ति की शिकायत फ्लाइट अटेंडेंट से भी की लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अटेंडेंट ने कहा कि आरोपी व्यक्ति नियमित यात्री है और वह इसे व्यक्तिगत तौर पर न लें। 
रैंडी के अनुसार, अटेंडेंट ने उन्हें विमान के पिछले हिस्से में सीट मुहैया कराने का प्रस्ताव भी दिया था। रैंडी ने लिखा, मैं सीट बदलने के लिए तैयार भी हो गई थी, तभी अचानक मुझे लगा कि मैं क्यों सीट बदलूं? मैं तो यहाँ खुद हैरेस हुई हूँ।

सेहवाग ने ली पाकिस्तान की चुटकी, कहा, “200 आतंकी मारकर भारतीय सेना नाबाद”

सहवाग ने भारतीय सैनिकों को ट्वीट कर बधाई दी

सुनील यादव। Navpravah.com

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंदर सेहवाग इस बार फिर अपने एक ट्वीट के जरिये चर्चा में हैं। उन्होंने एक ट्वीट के माध्यम से भारतीय सैनिकों द्वारा इस साल 200 आतंकी मार गिराने पर चुटकी ली है।
 
बता दें कि इस साल कश्मीर में भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रवैया अपनाते हुए अबतक 200 आतंकियों को मार गिराया। सेना के इस आतंकी खात्मे पर सेहवाग ने ट्वीट के जरिये मजाकिया अंदाज में बधाई दी है। उन्होंने लिखा, “भारतीय सेना सरहद पर इस साल 200 पर नाबाद है, सेना ने इस साल 200 आतंकियों का एनकाउंटर किया, जिसके लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस और भारतीय सेना को बधाई।” 
https://twitter.com/virendersehwag/status/936629561588113408
सेहवाग के इस ट्वीट पर लोगों की प्रतिक्रिया भी खूब देखने को मिल रही है। उनके ट्वीट पर एक फॉलोवर ने लिखा कि सेहवाग जी, कुछ दिन में सेना आपके सर्वाधिक स्कोर 319 को भी तोड़ देगी।  

“सेना नहीं दोहराती अपने ऑपरेशन की रणनीति “- सेना प्रमुख बिपिन रावत

आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देशों की हो पहचान -बिपिन रावत
एनपी न्यूज़ डेस्क । Navpravah.com

नई दिल्ली- सर्जिकल स्ट्राइक पर सेना प्रमुख ने कहा कि “सेना कभी अपने ऑपरेशन की रणनीति दोबारा नहीं दोहराती है।” उन्होंने यह बात भारतीय सेना द्वारा पिछले वर्ष पाकिस्तान के पीओके में की गई सर्जिकल स्ट्राइक के संदर्भ में कही थी। उन्होंने कहा, दुश्मन हमेशा अनुमान लगाता रहे कि अगला ऑपरेशन क्या और कैसा होगा क्योंकि सेना के पास किसी भी ऑपरेशन के कई सारे विकल्प होते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जब भारतीय सेना ने  2015 में म्यांमार में घुसकर उग्रवादियों पर हमला किया था, तब भारतीय सेना की रणनीति अलग थी। वहीं पाकिस्तान के पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक करते वक़्त भारतीय सेना ने अलग रणनीति अपनाई थी। उन्होंने कहा कि हर बार नई रणनीति अपनाने का यही फायदा है कि दुश्मन आपकी रणनीति का अनुमान नहीं लगा पता है।
सेना प्रमुख ने बताया कि भारतीय सेना उत्तरी सीमाओं के साथ-साथ सेना के बुनियादी ढांचे का विकास तेजी से बढ़ रहा है। हम सेना में बहुत सारे बदलाव कर रहे हैं। उन्होंने इस मौके पर वरिष्ठ सेना के लोगों के बारे में बताया कि कोई वरिष्ठ सेना नागरिकों के सम्मान के बिना सेना कभी बेहतर नहीं हो सकती है।

विराट कोहली ने बनाया टेस्ट करियर का 20वां शतक, मुरली विजय भी नहीं रहें पीछे 

कोहली और विजय ने पूरी की सेंचुरी
स्पोर्ट्स न्यूज़ डेस्क। Navpravah.com
भारत के कप्तान विराट कोहली ने अपने टेस्ट करियर का 20वां शतक पूरा कर लिया है। आज दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम पर खेले जा रहे भारत बनाम श्रीलंका के तीसरे टेस्ट मैच में चेतेश्वर पुजारा के आउट के बाद मैदान पर उतरे विराट कोहली ने तेजी से मैदान के चारों तरफ शॉट्स लगाए और 110 गेंदों में 14 चौकों की मदद से अपने करियर की 20वीं सेंचुरी पूरी की। कोहली ने 20 शतकों के साथ ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर के शतकों की बराबरी कर ली है। 
 
कोहली ने पूरे किये 5000 टेस्ट रन
 
मैच से पहले कयास लगाए जा रहे थे कि भारतीय कप्तान विराट कोहली आज बड़ी पारी खेल अपना 5000 रनों का आकड़ा पार करेंगे, और हुआ भी कुछ ऐसा ही। भारत के 2 विकेट गिरने के बाद आये बैटिंग करने विराट कोहली ने एक तरफ टीम को संभाला और दूसरी तरफ से तेजी से रन भी बटोरे, जिसके कारण श्रीलंकाई गेंदबाज दबाव में पड़ गए। उन्होंने आज सुबह 25 रन बनाते  ही अपने टेस्ट करियर में 5000 रन पूरे किये। कोहली ने इस आंकड़े को 105 इनिंग्स में छुआ, जबकि इस आंकड़े तक भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर(95) और सचिन तेंदुलकर(103) इनिंग्स में पहुंचे थे। 
 
विजय ने भी 11वीं सेंचुरी लगाई
 
भारत के सलामी बल्लेबाज मुरली विजय ने भी शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर निशाना साधा। भारत के 2 विकेट गिरने के बाद मुरली विजय ने पारी को संभालते हुए कप्तान कोहली के साथ समझदारी से गेम को आगे बढ़ाया। मुरली विजय ने टी से पहले 170 गेंद खेल कर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने अपने करियर की 11वीं सेंचुरी पूरी की। 
 
टी के बाद शुरू हुए दिन के आखिर सेशन में भारत के दोनों बल्लेबाज विराट कोहली और मुरली विजय नाबाद खेलते हुए टीम का स्कोर 250 रन के पार पहुँचाया। फिलहाल भारत का स्कोर 2 विकेट पर 270 रन है। मुरली विजय 118 और विराट कोहली 101 रन बनाकर नाबाद हैं।
 
 

किसी से भी निबटने में सक्षम है भारतीय नौसेना -सुनील लाम्बा

सुनील लाम्बा का भारतीय नौसेना पर बयान
एनपी न्यूज़ डेस्क। Navpravah.com
हिंद महासागर में चीन की दबंगई को देखते हुए भारतीय नौसेना प्रमुख सुनील लाम्बा ने बड़ा बयान दिया है। लाम्बा ने कहा कि भारतीय नौसेना हिन्द महासागर या उसके बाहर किसी भी खतरे से निबटने में पूरी तरह सक्षम है। 
 
लाम्बा ने आगे कहा कि चीन की हिन्द महासागर में दखल पर भारतीय नौसेना पेनी नजर रखे हुए है। साथ ही समुद्री सुरक्षा को बेहतर करने के लिए हम कई देशों का इस मामले में सहयोग भी ले रहे हैं। लाम्बा ने इस मोके पर भारतीय नौसेना की तारीफ भी की और भारतीय नौसेना को विश्व की बेहतरीन नौसेना में से  एक बताया।  
 
एक निजी अख़बार से बात करते हुए लाम्बा ने कहा कि आने वाले दशक में भारतीय नौसेना के पास 200 बड़े जहाज होंगे। बता दें कि फिलाल भारतीय नौसेना के वर्तमान में 139 जहाज और पनडुब्बियां हैं। उन्होंने आगे बताया कि अगले कुछ वर्षों में निर्माणाधीन 30 प्रोजेक्ट को पूरा करने पर पूरा ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। जिसमें भारत के लिए नये युग के लड़ाकू विमान, विनाशक हथियार, मिसाइल पोत, मालवाहक पोत और परमाणु पनडुब्बी भी शामिल है। 
 
उन्होंने इस मौके पर सरकार के सहयोग की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना की ज़रूरतें पूरी करने में मौजूदा सरकार की सुविधाएँ अच्छी हैं और नीतियाँ भी काफी सुधारात्मक हैं। मेक इन इंडिया की पहल और घरेलू उद्योग काफी मददगार साबित हो रहें हैं। चीन कुछ दिन पहले भारतीय नौसेना द्वारा हिन्द महासागर में किए गए युदयाभ्यास से परेशान है और इसलिए वह भारत को हिंद महासागर पर मानवता की नसीहत दे रहा है।    

बिना EVM को छेड़े चुनाव जीतकर दिखाए बीजेपी -मायावती 

मायावती ने यूपीकोका का किया विरोध
एनपी न्यूज़ डेस्क । Navpravah.com
उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में बीजेपी ने फिर शानदार जीत हासिल की है, लेकिन लोकसभा में एक सीट भी न जीतने वाली बीएसपी इस चुनाव में अपनी साख बचाने में जरूर सफल रही है।
पार्टी के प्रदर्शन पर बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने कहा कि हम समाज के दलित और मुस्लिम तबके को साथ लाना चाहते थे, तभी इस चुनाव में हमने पार्टी सिंबल के साथ लड़ने का फैसला किया था।
मायावती ने कहा कि दलित समुदाय के अलावा समाज के सवर्ण और पिछड़े वर्ग ने भी बीएसपी को समर्थन दिया और यह पार्टी के लिए अच्छे संकेत हैं। साथ ही समाज के मुस्लिम तबके का समर्थन भी हमें हासिल है।
मायावती ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ईवीएम से छेड़छाड़ की थी। उन्होंने कहा कि बीजेपी भले ही आज सत्ता में हो, लेकिन हमें भरोसा है कि न सिर्फ बहुजन समाज बल्कि अन्य समुदाय की जनता भी हमारे साथ है। मायावती ने आगे कहा कि अगर निकाय चुनाव में भी बीजेपी EVM से छेड़छाड़ नहीं करती, तो हमारे और भी मेयर जीतते और सीटें भी ज्यादा मिलती। अगर बीजेपी ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराती है, तो किसी भी हाल में सत्ता नहीं हासिल कर सकती।
यूपी निकाय चुनाव की 16 नगर निगमों में से 16 पर बीजेपी ने कब्जा किया है, जबकि 2 पर बीएसपी ने जीत दर्ज की। मेरठ और अलीगढ़ में नगर निगम सीट से बीएसपी ने बीजेपी को हराकर जीत दर्ज की है।