28 C
Mumbai
Wednesday, August 19, 2026
Home Blog Page 863

आज के मुख्य समाचार

आज के प्रमुख समाचार
headlines of the day

मणिशंकर अय्यर को निलंबित करना एक रणनीतिक खेल, लोग समझें इसे -अरुण जेटली

गुजरात चुनाव: आज से दूसरे दौर का प्रचार शुरू, मोदी-राहुल की 4-4 रैलियां।

दिल्ली की वायु गुणवत्ता पिछले 24 घन्टों से है मध्यम, आसमान होने लगा साफ।

कोई भी कानून शादी के बाद महिला का धर्म परिवर्तन करने की बात नही कहता: उच्चतम न्यायालय

झारखंड: स्कूली बच्चों के मिड डे मील के 100 करोड़ रुपये बिल्डर ने हड़पे, जांच शुरू।

ओखी तूफान का मुम्बई के बाजारों पर असर, नवी मुम्बई में प्याज के दाम आसमान पर।

श्रीलंका के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन का विराट कोहली को मिला फायदा, टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहुंचे 2 नम्बर पर।

भारत श्रीलंका टी20 सीरीज में दिया गया वासिंगटन सुंदर को चांस, एक कान से नही देता सुनाई।

10-15 सालों बाद भारतीय विमानन बाजार अमेरिका, चीन से बड़ा होगा -जयंत सिंहा

यरूशलेम को इज़रायल की राजधानी बनाने पर इज़रायल की जनता ने ट्रम्प का किया स्वागत।

पीएम मोदी को ‘नीच’ कहना पड़ा महँगा, कांग्रेस ने मणिशंकर को किया निलम्बित

ManiShankar iyer commented on PM Modi

राजेश सोनी । Navpravah.com

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर अपने विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विवादित बयान दिया है, लेकिन इस बार उनको प्रधानमंत्री के खिलाफ बयान देना महंगा पड़ा है। जिसके कारण कांग्रेस पार्टी ने मणिशंकर पर कार्रवाई करते हुए पार्टी से निलंबित कर दिया है।मणिशंकर शंकर ने अपने बयान में नरेंद्र मोदी को नीच आदमी कहा था।

पिछले 48 घंटों में कांग्रेस के 2 बड़े नेताओं के बयान से कांग्रेस पार्टी को गुजरात चुनाव में नुकसान होने की संभावना है।

बता दें कि इसे पहले कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने राम मंदिर को लेकर कहा था कि “राम मंदिर निर्माण को 2019 तक स्थगित कर देना चाहिए”। जिसके कारण कांग्रेस को गुजरात चुनाव में हिंदुओं की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है। प्रधानमंत्री ने भी अपने आप को नीच कहने का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने मुझे नीच कहकर गुजरात की जनता का अपमान किया है।

वहीं मणिशंकर अय्यर ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि “मेरी हिंदी भाषा अच्छी नहीं है। मणिशंकर अय्यर इस बयान से पहले भी कई विवादित बयान दे चुके हैं” उन्होंने पाकिस्तान में जाकर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद से हटाने के लिए मदद की मांग की थी”। तब भी उनके इस बयान को लेकर मणिशंकर को देशभर में कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था ।

अब तक के प्रमुख समाचार

आज के प्रमुख समाचार
headlines of the day

1) चमचों से घिरे हैं भंसाली: सोनू निगम

2) निठारी कांड: 9वें मर्डर केस में मोनिंदर पंढेर और सुरेंद्र कोली दोषी करार।

3) नीच पर गरमाई सियासत, मणिशंकर ने कहा, “मेरी हिंदी कमजोर”

4) #MeToo अभियान से जुड़ी अभिनेत्री ऋचा चड्ढा, बॉलीवुड अभिनेताओं पर लगाए गंभीर आरोप।

5) गुजरात चुनाव: भाजपा को मिला बड़े पाटीदार नेता का समर्थन।

6) भाजपा नेता से पंगा लेना पड़ा महंगा, तमिल स्टार विशाल का चुनावी नॉमिनेशन रद्द।

7) मध्य प्रदेश: बाबरी विध्वंस की 25वीं बरसी पर भड़की धार्मिक हिंसा

8) गुजरात चुनाव: कपिल सिब्बल के बयान से बढ़ीं कांग्रेस की मुश्किलें।

9) सरकारी योजनाओं से 31 मार्च तक लिंक करा सकेंगे आधार।

10) डबल मर्डर केस: लापता बेटा हत्यारा तो ‘ब्लू व्हेल गेम’ भी जिम्मेदार।

चमचों से घिरे हैं ‘भंसाली’ -सोनू निगम

sonu nigam commented on sanjay leela bhansali
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 
संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती पर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच गायक सोनू निगम की न्यूज 18 से हुई बातचीत का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने भंसाली को चमचों से घिरे  होने की बात कह दी।
सोनू निगम ने एक वीडियो में कहा है कि मैंने भले ही संजय लीला भंसाली के साथ काम नहीं किया है, लेकिन वह एक अच्छे इंसान हैं। फिल्म निर्माता के तौर पर वह हर संभव अपने फिल्म को अच्छा ही दर्शाने की कोशिश करते हैं, जिसमें उनका मकसद पैशन के साथ ग्लैमराइज करके फिल्म को पेश करना होता है। उन्होंने एक किस्सा याद दिलाते हुए कहा कि प्रोड्क्शन हाउस ने प्रमोशन के दौरान बताया था कि फिल्म में अलाउद्दीन का पद्मावती के साथ रोमांस दिखाया जाएगा। गलती दोनों तरफ से हुई है। पद्मावती की कहानी ऐतिहासिक है न कि फिक्शन या माइथोलॉजी पर आधारित है। 
पद्मावती पर बढ़ते विवाद को देखते हुए संजय लीला भंसली ने यूट्यूब पर सफाई वाला एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने पद्मावती पर चल रहे विवाद को मार्केटिंग रणनीति का हिस्सा नहीं बताया है। इस पर सोनू निगम ने कहा कि उन्हें मार्केटिंग स्ट्रैटेजी का हिस्सा नहीं लगता, संजय भंसाली इन सभी से ऊपर हैं। मेरे हिसाब से संजय भंसाली को गाइड करने वाले सहीं लोग नहीं हैं, या तो वह चमचों से घिरे हुए हैं या तो ऐसे लोग हैं, जो उनसे कहते हैं कि चुप रहो। फतवा जारी करने के सवाल पर जवाब देते हुए सवाल पर सोनू ने आगे कहा कि हमारे देश में, हर कोई फतवा जारी कर रहा है। इसका गला काट दो, इसके बाल काट दो। मैं यह बात स्पष्ट करना चाहूँगा कि मीडिया ने ही मेरा पूरा साथ दिया, जब मेरे ऊपर फतवा आया था। इंडस्ट्री से बहुत कम लोग साथ में थे। बहुत कम लोगों ने इस बात को उठाने की जहमत की कि मैं सही बात कह रहा हूं।
बता दें कि बहुत से संगठन फिल्म पद्मावती पर पूरी तरह से बैन लगाने की मांग कर रहे हैं, वहीं करणी सेना ने कहा कि उन्हें फिल्म बिना दिखाए रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। 1 दिसंबर को इस फिल्म को रिलीज होना था, लेकिन आखिरी समय पर निर्माताओं ने अपना फैसला बदल लिया। आशंका जताई जा रही है कि फिल्म अब अगले साल की शुरुआत में रिलीज होगी। 

निठारी कांड में 9वें मर्डर केस में मोनिंदर पंढेर और सुरेंद्र कोली दोषी करार

निठारी कांड पर आया फैसला
सौम्या केसरवानी । Navpravah.com 
सीबीआई की अदालत ने नोएडा के बहुचर्चित निठारी कांड के नौवें मामले में कोठी के नौकर सुरेन्द्र कोली और मालिक मोनिंदर पंधेर को दोषी करार दिया है।
अदालत दोषियों को कल सजा सुनाएगी, कड़ी सुरक्षा के बीच में दोनों को अदालत में पेश किया गया। इस मामले में आरोपी नौकर सुरेन्द्र कोली अकेला ऐसा शख्स है, जिसे सबसे ज्यादा बार फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है।
सीबीआई के विशेष न्यायधीश ने नौकर सुरेन्द्र कोली और कोठी के मालिक मोनिंदर पंधेर को नौवें मामले में दोषी माना। नोएडा के बहुचर्चित निठारी कांड में सीबीआई की तरफ से 16 मामले दर्ज किए गए थे। इससे पहले आठ मामलों में कोली को मौत की सजा सुनाई जा चुकी है।
नौवां मामला घर में काम करने वाली मेड अंजलि का है, जिसकी बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। अदालत ने मोनिंदर सिंह पंधेर और कोली को 376, 302, 201 आदि धाराओं के तहत दोषी माना है। 12 साल पहले 20 जून, 2005 को आठ साल की एक बच्ची नोएडा के निठारी इलाके से अचानक गायब हो गई थी, इसके बाद से इस इलाके में लगातार बच्चे गायब होने लगे।
7 मई 2006 को 21 साल की एक और लड़की जब गायब हुई, तो पुलिस को अहम सुराग उसके मोबाइल से मिला था, पुलिस ने उस नंबर की कॉल डिटेल निकलवाई, उसके बाद ही पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी और इस मामले में पंधेर और उसके नौकर कोली को आरोपी पाया गया।
पिछले साल अक्टूबर में कोर्ट ने कोली को एक लड़की के मर्डर केस में किडनैपिंग, रेप और सबूत मिटाने का दोषी पाया था, इससे पहले के भी पांच मामले में सीबीआई कोर्ट ने कोली को दोषी करार देते हुए फांसी की सजा सुनाई थी।

‘नीच’ पर गरमाई सियासत, मणिशंकर ने कहा, “मेरी हिंदी कमजोर”

ManiShankar iyer commented on PM Modi
पारुल पाण्डेय | Navpravah.com
 
कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर अपनी पार्टी को नुकसान पहुंचाने के मोर्चे पर हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक बयान दिया है। जिसपर गुस्साए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अय्यर को पीएम मोदी से माफी मांगने को कहा है। राहुल ने साफ शब्दों में कहा कि वह इस तरह की भाषा की कड़ी निंदा करते हैं। 
राहुल गाँधी ने अपने ट्वीट में लिखा कि ‘बीजेपी और प्रधानमंत्री अक्सर कांग्रेस पार्टी पर हमले के लिए खराब भाषा का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कांग्रेस की संस्कृति और विरासत अलग है। मणिशंकर अय्यर ने प्रधानमंत्री के लिए जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, मैं उसका समर्थन नहीं करता। कांग्रेस पार्टी और मैं उम्मीद करते हैं कि वह माफी मांगेंगे।’ 
इस बीच मणिशंकर अय्यर का बयान भी सामने आ रहा है, उनका कहना है कि पीएम उनके शब्दों का गलत अर्थ लगा रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं हिंदीभाषी नहीं हूं। मैंने इंग्लिश शब्द ‘LOW’ का मन में तर्जुमा किया ‘नीच’। मेरे कहने का मतलब नीची जाति में पैदा होने से नहीं था। यदि नीच शब्द का यह अर्थ भी हो सकता है, तो मैं माफी मांगता हूं। यदि कांग्रेस को गुजरात में इससे नुकसान हो तो मुझे इससे दुःख होगा।”
इसी बीच बीजेपी इसे एक षड्यंत्र के रूप में देख रही है। बीजेपी नेता अरुण जेटली के अनुसार, “कांग्रेस पहले पीएम के खिलाफ असभ्य भाषा का इस्तेमाल  करती है और जब लोग इस पर अपना गुस्सा जताने लगते हैं, तो कांग्रेसी माफ़ी मांग लेते हैं। 
वहीं पीएम ने सूरत में हो रही रैली के दौरान जवाब देते हुए इस बयान को गुजरात का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि मैं भले ही नीची जाति का हूं, लेकिन काम ऊंचे किए हैं।’ उन्होंने कहा, ‘ऊंच-नीच हमारे संस्कार में नहीं रहा, यह आपको ही मुबारक।
विदित हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली स्थित इंटरनेशनल बाबा साहेब आंबेडकर सेंटर का उद्घाटन करते हुए कांग्रेस पार्टी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा था। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने एक परिवार को बढ़ाने के लिए बाबा साहेब के योगदान को दबाया। इससे नाराज कांग्रेसी नेता मणिशंकर अय्यर ने मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर डाली। उन्होंने मोदी को ‘नीच’ और ‘असभ्य’ तक कह डाला।

#MeToo अभियान से जुडी अभिनेत्री ऋचा चड्ढ़ा, बॉलीवुड अभिनेताओं पर लगाए गंभीर आरोप 

MeToo

राजेश सोनी | Navpravah.com

पूरी दुनिया में सोशल मीडिया पर यौन शोषण के खिलाफ चल रहे अभियान #MeToo से बॉलीवुड अभिनेत्री ऋचा चड्ढ़ा भी जुड़ गई हैं। इस अभियान से जुड़ते के बाद ऋचा ने बॉलीवुड अभिनेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। ऋचा ने कहा कि अगर बॉलीवुड में यौन शोषण की बात उठी तो फिल्म जगत अपने कई बड़े अभिनेताओं को खो देगा।
आपको बता दें कि पूरी दुनिया में सोशल मीडिया पर यौन शोषण के खिलाफ चले रहे इस #MeToo अभियान को प्रतिष्ठित टाइम मैगज़ीन ने इस साल अपने पर्सन ऑफ दी ईयर के लिए चुना है। #MeToo अभियान की लहर भले ही हॉलीवुड से उठी हो पर इस अभियान का असर अब पूरी दुनिया में नजर आ रहा है। 
 
ऋचा ने आगे कहा कि बॉलीवुड में लोग यौन शोषण के खिलाफ खुलकर अपनी आवाज नहीं उठाते हैं। ऋचा के अनुसार अगर बॉलीवुड में यौन शोषण के खिलाफ बात की तो बॉलीवुड अपने कई अभिनेताओं को खो देगा। ऋचा ने हमारे देश की सामाजिक व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हमारा समाज यौन शोषण करने वाले को सजा देने के बदले, यौन शोषण पीड़ित को ही शर्मिंदा करता है। यही एक सबसे बड़ी वजह है कि पीड़ित अपनी शिकायत समाज के सामने नहीं कर पाते। 
 
उनके अनुसार जिस तरह हॉलीवुड में यौन शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद की जा रही है,उसी तरह बॉलीवुड में की गई तो बॉलीवुड का पूरा स्ट्रक्चर ही बदल जाएगा। ऋचा ने कहा कि हॉलीवुड में अभिनेत्रियों को रॉयल्टी मिलती है, जिसके कारण उन्हें काम खोने का डर नहीं होता है। इसलिए हॉलीवुड की अभिनेत्रियां बेफिकर होकर यौन शोषण के खिलाफ आवाज उठाती हैं। आगे उन्होंने कहा कि भारतीय महिला भी अब यौन शोषण के खिलाफ आवाज उठा रही है, लेकिन बॉलीवुड में ऐसा होने में थोड़ा समय लग सकता है। 

डबल मर्डर केस: लापता बेटा हत्यारा तो ‘ब्लू वेल गेम’ का भी है दोष

ब्लू व्हेल गेम ने फिर ली जान
सौम्या केसरवानी। Navpravah.com
नोएडा के डबल मर्डर केस में रोचक मोड़ सामने आ रहा है, इस केस में ब्लू-वेल गेम का ऐंगल बताया जा रहा है। परिवार वालों के अनुसार, मुख्य संदिग्ध ब्लू वेल खेलता था और उन्हें डर है कि वह उस वजह से भी सुसाइड कर सकता है।
मंगलवार को गौड़ सिटी-2 के 11वें ऐवेन्यू में मां-बेटी की हत्या का मामला सामने आया था, इसमें संदिग्ध मृतक महिला का लापता बेटा है, पुलिस को शक है कि लापता बेटे ने नियोजित ढंग से मां और बहन की हत्या की और उसके बाद वह रात को ही वहां से चला गया। लड़के के बाबा का कहना है, कि अगर लापता बेटे ने हत्याओं को अन्जाम दिया है तो ब्लू व्हेल गेम बनाने वाले दोषी हैं और उन्हें सजा मिलनी चाहिए, क्योंकि मोबाइल पर ब्लू वेल गेम खेलने की वजह से उसके पिता ने उसका मोबाइल छीना था। 
उस लड़के का फेसबुक पर तीन अकाउंट हैं, पुलिस का कहना है कि बेटा चोरी-छुपे मोबाइल का यूज करता था। उसकी बहन मणि ने यह बात पिता को बता दी थी, इस पर पिता ने बेटा को डांटा था और मोबाइल छीन लिया था। लिहाजा पुलिस मान रही है कि इसी वजह से वह बहन से भी नफरत करता होगा, हत्या में जहरीली बिरयानी के ऐंगल से भी जांच हो रही है। मौके से पुलिस को बिरयानी और सेवई मिली हैं। माना जा रहा है कि मां-बेटी को पहले जहरीली बिरयानी खिलाई गई और उसके बाद उनके चेहरे पर क्रिकेट बैट और कैंची से हमला किया गया है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को बेटे के बारे में सुराग लग चुका है, हो सकता है कि शुक्रवार को इसके बारे में खुलासा किया जाए। अंजलि और उनकी बेटी की मौत से सोसायटी में हर कोई हैरान है, क्राइम सीन पर सबसे पहले पहुंचे पुलिसकर्मियों की मानें तो बाहरी व्यक्ति इस वारदात को अंजाम दे ही नहीं सकता है। पुलिस मान रही है कि अगर यह वारदात लुटेरों ने की होती तो वे जूलरी को भी ले जाते, बहन अगर होश में होती तो कातिल का मुकाबला करती, क्योंकि 12 साल की मणि कराटे में चैंपियन थी। इसलिए माना जा रहा है कि उस पर सोते समय या बेहोशी की हालत में हमला किया गया था।

 गुजरात चुनाव: भाजपा को मिला बड़े पाटीदार नेता का समर्थन 

बीजेपी को मिला नरेश पटेल का साथ
राजेश सोनी | Navpravah.com 
गुजरात चुनाव अपने चरम पर है, इसलिए हर पार्टी वोटरों को लुभाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। पाटीदार समाज का साथ पाने के लिए भाजपा के बड़े नेताओं ने लेउवा पटेल और खोडल धाम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेश भाई पटेल से मुलाकात की। जिसके कारण अब भाजपा को लग रहा है कि पाटीदारों का समर्थन गुजरात में उनके साथ हैं। 
 
वहीं भाजपा नेता दावा कर रहे हैं कि नरेश पटेल पाटीदार समाज के लोगों से हमारे पार्टी के पक्ष में वोट डालने की अपील करेंगे। बता दें कि नरेश पटेल लेउवा पटेल समाज के बड़े नेता हैं, उनकी पाटीदार समाज में काफी पकड़ है। गुजरात राज्य में पाटीदारों में 60% करीब लेउवा पटेल और 40% कड़वा पटेल हैं। 
 
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही पाटीदार समाज के नेता हार्दिक पटेल ने भी नरेश भाई पटेल से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद लोगों ने बहुत कयास लगाए थे, लेकिन हार्दिक ने सब कायसों को खारिज करते हुए कहा कि यह सिर्फ शुभकानाएं लेने के लिए मुलाकात थी, इसके कोई राजनीतिक मतलब नहीं निकाले जाए। हार्दिक ने आगे कहा कि उन्होंने मुझसे कहा कि आप जो लड़ाई लड़ रहे हो, उसे पूरे ईमानदारी और निष्पक्षता से लड़ो। 
 
अभी गुजरात चुनाव के पहले चरण के लिए कुछ दिन बाकी है, लेकिन कोई भी पार्टी अपने वोट बैंक को मजबूत करने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहती है। अब कौनसा समाज किस पार्टी का चुनाव में साथ देता है, यह तो 18 तारीख को ही पता चलेगा।     

भाजपा नेता से पंगा लेना पड़ा महँगा, तमिल स्टार विशाल का चुनावी नॉमिनेशन रद्द

तमिल स्टार विशाल
राजेश सोनी | Navpravah.com 

बहुचर्चित तमिल फिल्म मर्सल की पायरेसी को लेकर भाजपा नेता एच राजा की आलोचना से चर्चा में आए तमिल फिल्म स्टार विशाल, आज मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से गुहार लगा रहे हैं। विशाल का कहना है कि फिल्म मर्सल के दौरान, भाजपा नेता एच राजा की आलोचना करने के वजह से मेरा चुनावी नॉमिनेशन रद्द कर दिया गया है।
 
बता दें कि विशाल ने तमिलनाडु के वीआईपी आरके नगर सीट से चुनाव लड़ने के लिए पर्चा दायर किया था पर कुछ कारणों के वजह से उनका पर्चा चुनाव आयोग ने रद्द कर दिया। सूत्रों के हवाले से मिली खबर के अनुसार विशाल के चुनावी पर्चे पर 8 वैध हस्ताक्षर थे, जबकि क़ानूनी तौरपर 10 हस्ताक्षर की संख्या होनी चाहिए थी। दो हस्ताक्षर उनके पर्चे में वैध नहीं पाए गए, जिसके कारण उनका चुनावी पर्चा रद्द कर दिया गया। 
 
विशाल के अनुसार उनका चुनावी पर्चा रद्द होने के पीछे उन्हें भाजपा नेता एच राजा की भूमिका नजर आ रही है, इसलिए विशाल ने न्याय पाने के लिए प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को ट्ववीट कर मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि “मैं विशाल! आशा है कि चेन्नई में आरके नगर सीट की चुनाव प्रक्रिया के बारे में आप जागरूक हैं। मेरा पर्चा पहले स्वीकार किया गया था, बाद में रद्द कर दिया गया इसलिए यह पूरी तरह से अन्याय है। मैं इसे आपके संज्ञान में लाया हूँ। मुझे उम्मीद है कि मुझे न्याय मिलेगा। 
 
विशाल अपना पर्चा रद्द होने के बाद तमिलनाडु के मुख्य चुनाव आयोग के अधिकारी से भी मुलाकात कर चुके हैं। अब विशाल इस मुद्दे को लेकर तमिलनाडु के राज्यपाल से भी मिलने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं भाजपा नेता एच राजा ने अपने ऊपर लगाए गए सारे आरोपों को ख़ारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनके पास तीन घंटे फिल्म देखने का समय नहीं है। उन्होंने सिर्फ मर्सल फिल्म की विवादित क्लिप देखी थी। 
 
गौरतलब है कि मर्सल फिल्म के एक डायलॉग में जीएसटी की बुराई की गई थी और उसके बाद ही विवाद गहरा गया था। भाजपा नेता एच राजा का कहना था कि फिल्म में सरकार की नीति को गलत तरह से पेश किया गया है।