29 C
Mumbai
Thursday, August 20, 2026
Home Blog Page 814

मुस्लिम महिलाओं के पहनावे पर दारुल उलूम का विवादित बयान

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

उत्तरप्रदेश के सहारनपुर जिले से दारुल उलूम ने मुस्लिम महिलाओं के पहनावे को लेकर विवादित फ़तवा जारी किया है। इस फतवे में मुस्लिम महिला का डिजाइनर बुर्का पहनना, चुस्त बुर्का या कपडा पहनने को नाजायज करार दिया गया है।

फतवे में आगे कहा गया है कि मुस्लिम महिलाएं सिर्फ जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकले। घर से निकलते वक़्त मुस्लिम महिलाएं अपने शरीर को इस तरह से छुपाएं की लोगों के सामने शरीर का अंग जाहिर न हो। उन्हें ढीला लिबास या बुर्का पहनकर ही बाहर निकलना चाहिए। तंग व चुस्त लिबास या बुर्का पहन कर निकलना और इस तरह लोगों को अपने तरफ आकर्षित करना गुनाह है।

बता दें कि देवबंद के एक व्यक्ति ने दारुल उलूम के इफ्ता विभाग से मुस्लिम महिलाओं के पहनावे को लेकर सवाल पूछा था। उसने अपने सवाल में दारुल उलूम से पूछा था कि मुस्लिम औरतों के लिए ऐसा बुर्का या लिबास पहनना कैसा है, जिसमें औरतों को शरीर के अंग दुनिया के सामने जाहिर होते हो। चमक-दमक का बुर्का पहनकर बाजार जाना कैसा है? जहाँ गैर मर्दों कि उनपर बुरी नजर पड़ती हो।

इसी प्रश्न का दारुल उलूम के मुफ्तियों की खंडपीठ ने लिखित जवाब दिया है। उन्होंने अपने जवाब में कहा कि मोहम्मद साहब ने कहा है कि औरतें छुपाने की चीज हैं और जब बाहर निकलती हैं, तो उन्हें शैतान घूरता है। इसके लिए बिना कोई काम औरत को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए।

कपिल मिश्रा ने दिल्ली सीएम पर कसा तंज, कहा, “गधे हंस रहे, आम आदमी रो रहा है”

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

राज्यसभा सीट बंटवारे पर कई विरोधी बयान समाने आ रहे हैं। इसी बीच आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता कपिल मिश्रा ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। कपिल मिश्रा ने अपने ट्विटर हेंडल पर इस बारे में लिखा कि गधे हंस रहे “आम आदमी” रो रहा है, AAP में देखो ये क्या हो रहा है।

घोड़ों को मिलती नहीं घास देखो, गधे खा रहे हैं च्यवनप्राश देखो’ वहीं कपिल मिश्रा ट्विटर पर एक पोल भी चला रहे हैं, जिसमें जनता की राय लेते हुए उन्होंने पूछा है कि क्या आपको लगता है, केजरीवाल ने राज्यसभा की सीटों को पैसे लेकर बेचा है? 

बता दें कि बुधवार को सीएम अरविंद केजरीवाल के घर चली PAC की बैठक में पार्टी विधायकों ने आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से राज्यसभा सीट के लिए आप के संयोजक सदस्य संजय सिंह, सीए नवीन गुप्ता और दिल्ली के बड़े कारोबारी सुशील गुप्ता के नाम पर घोषित कर दी हैं । दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने सभी आप कैंडिडेट्स के नामों की औपचारिक घोषणा की। केजरीवाल के घर चली पार्टी विधायकों की बैठक के बाद मनीष सिसोदिया ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पार्टी ने राज्यसभा भेजने के लिए 18 बड़े नामों पर चर्चा की थी और तय किया है कि संजय सिंह, एनडी गुप्ता यानी नवीन गुप्ता और सुशील गुप्ता को पार्टी की ओर से राज्यसभा भेजा जाए।

नाराज़ कुमार विश्‍वास बोले, “शहादत कबूल, सच बोलने की सजा मिली”

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा सीट के लिए कुमार विश्वास का पत्ता साफ़ कर दिया गया। इस फैसले पर अब उनका गुस्सा साफ़ झलक रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर उन्होंने कई बार जमकर कटाक्ष किया है, जिसकी सजा उन्हें राज्य सभा का टिकट न देकर दी गई है। इसपर कुमार विश्वास ने अपनी  शहादत कबूली है।

मीडिया से बातचीत में कुमार विश्वास ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से अरविंद केजरीवाल ने जो भी फैसले लिए चाहे वह टिकट वितरण में गड़बड़ी हो, जेएनयू हो, पंजाब में अतिवादियों के प्रति नरम रवैया हो या कार्यकर्ताओं की उपेक्षा, जहां-जहां मैंने सच बोला, मुझे आज उसका पुरस्कार दंडस्वरूप मिला है।

आम आदमी पार्टी ने संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और सुशील गुप्ता को राज्य सभा चुनावों में बतौर उम्मीदवार चुना है। 16 जनवरी को राज्य सभा के चुनाव होने हैं। सुशील कुमार और अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कुमार विश्वास ने कहा कि मैं 40 वर्ष से मनीष सिसोदिया के साथ, 12 वर्ष से अरविंद के साथ और 7 साल से कार्यकर्ताओं के लिए काम कर रहे सुशील गुप्ता को राज्य सभा भेजने पर मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री को बधाई देता हूं, जिन्होंने शानदार चयन किया है।

विश्वास ने यह भी खुलासा किया कि 4 महीने पहले मुझसे अरविंद केजरीवाल ने बोला था कि आपको मारेंगे, लेकिन शहीद नहीं होने देंगे। आज मैं अपनी शहादत स्वीकार करता हूं। उन्होंने कहा कि युद्ध का एक नियम होता है कि शहीदों के शव के साथ छेड़छाड़ नहीं की जाती और हमारे दल में अरविंद केजरीवाल की मर्जी के बिना कुछ भी नहीं होता है। उनसे असहमत रहकर वहां जिंदा रहना बहुत मुश्किल है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी आलाकमान से गुजारिश करता हूं कि शहीद तो कर दिया, लेकिन इस शव के साथ छेड़छाड़ न करें।

मालूम हो कि कुमार विश्वास और आम आदमी पार्टी में लंबे वक्त से खींचतान देखने को मिल रही है। वहीं जब राज्यसभा सदस्यों को लेकर गहमागहमी हुई तो दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि जिन्हें पद का लालच है वो पार्टी छोड़ सकते हैं। कुमार विश्वास कि पार्टी में उपस्थिती न सिर्फ आलाकमान को खल रही है, बल्कि कार्यकर्त्ता भी इनसे असहमत दिखाई दे रहे हैं।

अब रोबोट्स आपकी सेवा में हाजिर हैं श्रीमान

राजेश सोनी | Navpravah.com

भारत में ऐसे तो आपने अपने जीवन में विभिन्न प्रकार के रेस्तरां में बैठकर खाना खाया होगा और कुछ अलग अनुभव किया होगा। हर रेस्तरां में आपने ऐसे तो अपना खाना आर्डर करने के लिए वेटर का इन्तेजार किया होगा पर इस रेस्तरां में आपका खाने का आर्डर देने के लिए किसी वेटर का इन्तेजार नहीं करना है। आज हम आपको भारत के तमिलनाडु राज्य के एक ऐसे ही अनोखे रेस्तरां के बारे में बताने जा रहे है। इस अनोखे रेस्तरां का नाम है रोबोट रेस्तरां।

बता दें कि तमिलनाडु के महाबलीपुरम रोड पर स्थित इस रेस्तरां में खाना इंसान नहीं रोबोट परोसेंगे। इसके लिए होटल प्रबंधन ने रेस्तरां के हर एक टेबल पर आई पैड की सुविधा मुहैया कराई है। रेस्तरां के रोबोट कुछ ही समय में आपकी मेजबानी लेकर आपकी सेवा में हाजिर रहेंगे। कुछ इसी अनोखे तरीके से आप के खाने के आर्डर होटल प्रबंधन आपको परोसेंगे। यह भारत का सबसे पहले रेस्तरां है, जो मानव रहित सर्विस प्रधान करता है।

एक निजी न्यूज़ चैनल ने जब रेस्तरां मालिक से बात कि तो उन्होंने बताया कि हमारे होटल में ऐसे 4 रोबोट हैं, जो मानव रहित हमारे ग्राहकों को खाना परोसते है। इन 4 रोबोटों को जापान से मंगाया गया हैं।

एक रोबोट की कीमत भारतीय रुपयों के अनुसार करीब 2 लाख रुपए है। अगर आपको इस रेस्तरां में खाना खाने जाना है, तो आपको इसके लिए पहले से ही एडवांस बुकिंग कराना अनिवार्य है।

चारा घोटाला मामले में लालू प्रसाद की किस्मत का फैसला कल 

राजेश सोनी | Navpravah.com 

चारा घोटाले मामले में फंसे राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव समेत 16 दोषियों पर सीबीआई की विशेष अदालत अपना फैसला कल सुनाएगी। इससे पहले लालू प्रसाद यादव पर सीबीआई की विशेष अदालत फैसला 3 दिसंबर को सुनाने वाली थी।  
 
बताया जा रहा है कि लालू यादव पर आज कोर्ट का फैसला ना आने की वजह रही बार काउन्सिल ने 1.30 बजे शोकसभा का आयोजन किया था। जिसके कारण कोर्ट ने आज लालू यादव पर सजा न सुनाने का फैसला लिया है। इसके बाद लालू यादव कोर्ट से निकल गए हैं। कोर्ट के बाहर पार्टी समर्थकों की भीड़ उमड़ी हुई थी।

लालू के वकील चाहते थे कि कोर्ट लालू यादव पर कोर्ट अपना फैसला आज सुना दे। बार काउन्सिल ने जानकारी देते हुए बताया कि लालू को छोड़कर 16 दोषियों पर अलग से सुनवाई होगी। वहीं वकीलों ने बताया कि अगर लालू प्रसाद यादव चारा घोटाले में अगर वे दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें 7 साल तक कारवास की सजा सुनाई जा सकती है। अगर उन्हें तीन साल से कम सजा होती है, तो जमानत जल्द ही मिल जाएगी। 
 
तेजस्वी यादव, मनोज झा और रघुवंश को कोर्ट के अवमानना के आरोप में नोटिस भेज दिया गया है। तेजस्वी यादव अपने पिता लालू यादव के साथ कोर्ट रूम में आज मौजूद नहीं थे। 

कुमार विश्वास और आशुतोष का पत्ता साफ़, राज्य सभा के लिए संजय सिंह संग 2 नाम तय

पारुल पाण्डेय | Navpravah.com

राज्य सभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नाम का एेलान कर दिया है। अब संजय सिंह के साथ राज्य सभा सीट के उम्मीदवार नारायण दास गुप्ता और सुशील गुप्ता भी होंगे। पार्टी की पीएसी बैठक में यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इन सभी नामों की पुष्टि की है। वहीं कुमार विश्वास और आशुतोष का राज्यसभा सीट से पत्ता साफ़ हो गया है।

मालूम हो कि 6 जनवरी को राज्य सभा का चुनाव होना है, जिसमें दिल्ली की तीन सीटें हैं। संजय सिंह जहां आम आदमी पार्टी के संयोजक हैं। वहीं एनडी गुप्ता 2 साल से पार्टी के सीए हैं और सुशील गुप्ता एक चैरिटेबल स्कूल चलाते हैं।

एक प्रेस वार्ता के जरिए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि राज्यसभा के लिए कुल 18 नामों पर विचार चल रहा था, लेकिन सभी ने किसी करणवश इनकार कर दिया। ऐसे में सीएम अरविंद केजरीवाल किसी बाहरी शख्स को राज्य सभा भेजना चाहते थे। संजय सिंह पार्टी सदस्य हैं, लेकिन एनडी गुप्ता और सुशील गुप्ता बाहरी हैं।

गौरतलब है कि कुमार विश्वास और आम आदमी पार्टी में लंबे वक्त से आपसी रंजिश देखने को मिल रही है। ओखला से पार्टी विधायक अमानतुल्ला खान को लेकर पार्टी से उनकी लड़ाई सार्वजनिक होने के बाद से उनकी भूमिका को लेकर खूब चर्चा हुई थी। इस बीच जब राज्यसभा सदस्यों को लेकर गहमागहमी हुई तो दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि जिन्हें पद का लालच है वो पार्टी छोड़ सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा था कि कुमार विश्वास के नाम पर पार्टी के नेताओं में जरा सी भी सहमति नहीं है।

महाराष्ट्र बंद: प्रदर्शनकारियों ने कई जगह की आगजनी और तोड़फोड़, मेट्रो और लोकल सेवा बाधित

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

पुणे के भीमा-कोरेगांव में सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान हिंसा हुई थी। हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। इस हिंसा की आग अब मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई शहरों में पहुँच गई है। अब इस हिंसक भीड़ ने आज महारष्ट्र बंद के दौरान कई जगह आगजनी और तोड़फोड़ की है। आज मुंबई की सभी लोकल ट्रैन बंद और बस भी न के समान ही चल रही है।

प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर महाराष्ट्र की सदन की सुरक्षा को चाक-चौबंद कर दी है। पूरे राज्य भर में प्रशासन ने अतिरिक्त बल की तैनाती कर रखी है, फिर भी प्रदर्शनकरियों द्वारा मुंबई के कई इलाकों में तोड़फोड़ और आगजनी की ख़बरें सामने आ रही है। चेंदानी कोलीवाड़ा में प्रदर्शनकारियों ने बेस्ट की दो बसों और ऑटो रिक्शा में की तोड़फोड़, 4 यात्री भी घायल हो गए हैं। इसके आलावा असलफा और घाटकोपर मेट्रो स्टेशन को प्रदर्शनकारियों ने बंद किया। नालासोपारा में रेलवे  ट्रैक पर प्रदर्शनकारी बैठ गए हैं। ठाणे में लाल बहादुर शास्त्री रोड पर प्रदर्शनकारियों ने ऑटो रिक्शा रुकें और बसों की टायर की हवा निकाल दी। वर्ली में प्रदर्शनकारियों ने 2 बसों को आग के हवाले कर दिया।

ठाणे में प्रदर्शनकारियों ने लोकल ट्रेन रोकी। सेन्ट्रल रेलवे के सीपीआरओ ने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने ठाणे में रेल सेवा को प्रभावित करने की कोशिश की लेकिन आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने तुरंत उन्हें वहां से हटा दिया। सेन्ट्रल रेलवे अब बिना रुकावट के सही समय से दौड़ रही है। ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे और घाटकोपर के रमाबाई कॉलोनी में सुरक्षा बढ़ाई गई है। वहीं इस तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मुंबई से सटे ठाणे शहर में 4 जनवरी देर रात तक धरा 144 लागु कर दी है।

गाजियाबाद: अदालत परिसर से अम्बेडकर प्रतिमा हटाये जाने पर विवाद

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

गाजियाबाद के जिला प्रशासन ने अदालत परिसर में से संविधान के रचनाकार भीमराव बाबासाहेब अम्बेडकर की प्रतिमा हटा दी थी। इस प्रतिमा को गाजियाबाद बार एसोसिएशन ने नववर्ष की पूर्व संध्या पर अदालत परिसर के भीतर कांस्य की प्रतिमा लगाई थी। अब इस प्रतिमा को हटाने को लेकर वकीलों ने जिला प्रशासन के खिलाफ अपना रोष जाहिर किया हैं।  
 
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश त्यागी काकड़ा ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिला प्रशासन इस बाबासाहेब अम्बेडकर की प्रतिमा को जबरन हटाया है। इस वजह से आज ज्यादातर वकीलों ने जिला प्रशासन के इस कदम के खिलाफ हड़ताल पर बैठने का फैसला किया है। काकड़ा ने आगे कहा कि अगर प्रतिमा को पुन:स्थापित नहीं किया गया, तो गाजियाबाद जिले के वकीलों के साथ-साथ हापुड़, गौतमबुद्धनगर जिलों के भी उनके समकक्ष काम पर नहीं आएंगे।

दिल्ली मेट्रो के किराए में बच्चों और बुजर्गों को मिल सकती है राहत

दिल्ली मेट्रो में मिलेगी बुजुर्गों को राहत

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

शहरी विकास मंत्रालय दिल्ली मेट्रो ट्रेन में वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के लिए किराये के लिए नई स्कीम ला सकती है। इस स्कीम में दिल्ली मेट्रो के किराए में बच्चों और बुजुर्गों को राहत मिल सकती है। बीजद के सांसद बलभ्रद मांझी ने कोलकाता मेट्रो की तरह दिल्ली मेट्रो में छूट देने पर सवाल किया था। 
 
इस सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय आवासीय एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी ने मंगलवार को लोकसभा में बताया कि केंद्र मेट्रो की अगली किराया निर्धारण समिति के गठन के समय छूट की सिफरिश करेगी। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की मेट्रो की किराया निर्धारण समिति ने सितंबर 2016 में बच्चों और बुजुर्गों को छूट देने का विचार किया था, लेकिन उस समय तकनीकि तौरपर दिल्ली मेट्रो तैयार नहीं था। इस वजह से 2016 में यह प्रस्ताव ख़ारिज हो गया था। 
 
नए साल में दिल्ली के मेट्रो यात्रियों के लिए केंद्र सरकार खुशखबरी दे सकती है। बता दें कि सितंबर माह में केंद्रीय शहरी और विकास मंत्रालय ने 5-12 किमी का किराया 20 रुपये से बढ़ाकर 30 रुपये और 12- 21 किमी के स्लैब का किराया 30 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये किया था। सूत्रों का कहना है कि शहरी विकास मंत्रालय दोनों स्लैब में कटौती पर पुनर्विचार के लिए जल्द फैसला कर सकती है।  
 

दलितों पर गरमाई सियासत, मलिक्कार्जुन खड़गे ने कहा, “दलितों पर हो रहा अत्याचार”

Khadge in parliament

राजेश सोनी | Navpravah.com 

पुणे-कोरेगांव हिंसा मामले को आज विपक्ष ने संसद में भी उठाया। मुद्दे को कांग्रेस नेता मलिक्कार्जुन खड़गे ने जोर-शोर से उठाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में दलित समुदाय खुश नहीं हैं और लगातार उन पर अत्याचार हो रहा है। खड़गे ने हिंसा फैलाने के लिए राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) को जिम्मेदार ठहराया है। 

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा जहाँ भी राज कर रही है, वहां हिंसा फैल रही है। इससे पहले भी गुजरात के ऊना में भी दलितों के साथ इसी तरह की घटना सामने आई थी। देश के प्रधानमंत्री दलितों के मुद्दे पर मौनीबाबा क्यों बन जाते हैं ? वहीं कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राहुल गाँधी ने ट्वीट कर आरएसएस और भाजपा को दलित विरोधी करार दिया है।उन्होंने आगे लिखा कि भाजपा और आरएसएस की इसी सोच के खिलाफ हम आवाज उठा रहे हैं। 

संसद में कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा नेता अनंत कुमार ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है। कांग्रेस इस मुद्दे का राजनीतिक फायदा उठाना चाहती है और देश में फूंट डालो और राज करो की राजनीति कर रही है।