29 C
Mumbai
Saturday, August 22, 2026
Home Blog Page 782

हिंदी मीडियम की एक्ट्रेस “सबा कमर” का वीडियो वायरल, फूट-फूट कर रोती आईं नज़र

सबा कमर का वीडियो हुआ वायरल

रिद्धम ठाकुर | Navpravah.com 

पाकिस्तान में 7 साल की बच्ची के साथ हुए रेप के बाद पाकिस्तानी एक्ट्रेस सबा कमर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सबा ने अपने साथ हुए व्यवहार के बारे में बताया कि उनके पाकिस्तानी होने की वजह से किस तरह से एयरपोर्ट्स और बाकी जगहों पर उनकी जांच होती है, ऐसा लगता है जैसे कोई इज्जत ही नहीं है।

https://twitter.com/twitter/statuses/953142726966501376

सबा का यह वीडियो ‘एक नई सुबह विद फराह’ शो का है, जिसमें हाल ही में सबा कमर नजर आईं। इस वीडियो में सबा रोते हुए बता रहीं हैं कि एक पाकिस्तानी होने का दर्द क्या होता है? वीडियो में सबा कहती हुई नजर आ रही हैं, “पाकिस्तान जो एक पाक जमीन मानी जाती है, जिसके लिए हम पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगाते हैं, लेकिन जब हम बाहर के मुल्कों में जाते हैं और जिस तरह से हमारी चेकिंग होती है, मैं आपको बता भी नहीं सकती। मुझे बहुत शर्मिंदगी होती है कि जब आपकी एक-एक चीज देखी जाती है।”

सबा ने अपने इंटरव्यू में कहा है कि मुझे याद है, जब मैं त्बिलिसी गई थी, तो एअरपोर्ट पर मेरे साथ के सारे इंडियन क्रू के लोग बाहर चले गए थे, लेकिन मेरे पासपोर्ट को देखने के बाद जब उनको पता चला कि मैं पाकिस्तानी हूँ, तो मेरा सारा सामान एक-एक कर चेक किया गया और उसके बाद मेरा इंटरव्यू लिया गया फिर मुझे जाने की इजाज़त मिली। जब इस तरीके से चेकिंग होती है, तो उस समय क्या फीलिंग्स होती हैं मैं आपको बता नहीं सकती।

सेंचुरियन टेस्ट में भी हारा भारत, 2-0 से गंवाई सीरीज 

दुसरा टेस्ट भी हारा भारत

सुनील यादव | Navpravah.com 

सेंचुरियन टेस्ट में भी एक बार फिर भारत को हार का मुंह देखना पड़ा है। दक्षिण अफ्रीकन टीम ने इस मैच को 135 रनों से जीतकर सीरीज अपने नाम कर लिया है। इसके साथ ही इस बार भी दक्षिण अफ्रीका में सीरीज जीतने का भारत का सपना पूरा न हो सका। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन कर 6 विकेट लेने वाले लुन्गिसनी न्गीदी को मैन ऑफ़ द मैच चुना गया। 

कल के स्कोर 35 से आगे बढ़ते हुए आज भी भारतीय बल्लेबाजों ने संभल कर खेलने की कोशिश की, मगर दक्षिण अफ़्रीकी गेंदबाजों के सामने कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर टिक न सका। एक के बाद एक विकेट गिरते रहने से 87 रन पर भारत ने 7 विकेट खो दिया था, लेकिन इसके बाद रोहित शर्मा और मुहम्मद शमी ने 54 रनों की साझेदारी कर इस मैच को बचाने की आस जताई थी, लेकिन जल्द ही ये साझेदारी टूटने से भारतीय टीम महज़ 151 रनों पर ऑलआउट हो गई। 

सेंचुरियन की पिच पर किसी भी एशियाई टीम के सामने दक्षिण अफ्रीका का न हारने का रेकोर्ड इस बार भी बरकरार रहा। इस पारी में सबसे ज्यादा रोहित शर्मा ने 47 रन की पारी खेली, लेकिन उनकी ये पारी मैच बचाने के लिए काफी नहीं थी। दक्षिण अफ्रीका की ओर से अपना डेब्यू मैच खेल रहे लुन्गिसनी न्गीदी ने भारतीय टीम की कमर तोड़ दी, उन्होंने इस पारी में 6 विकेट झटके। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैं ऑफ़ द मैच चुना गया।  

दक्षिन अफ्रीका में भारतीय टीम का मैच हारने का सिलसिला जारी है। पिछले एक साल से नंबर एक की रेंकिंग पर बरकरार भारतीय टीम के बल्लेबाजों का सही सामंजस्य नहीं बैठ पाना कहीं न कहीं भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय है। भारतीय टीम इस सीरिज को गवाने के बाद अब आखरी मैच 24 जनवरी को जोहानसबर्ग में अपना सम्मान बचाने के लिए खेलेगी। 

BSE की ट्रिपल सेंचुरी, पहली बार सेंसेक्स 35000 के पार

sensex created history

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज ने इतिहास रचते हुए पहली बार 35000 का आंकड़ा पार कर लिया। वहीं नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी भी 10,800 के आंकड़े के करीब पहुँच गया। बैंकिंग शेयरों में 300 अंकों की बढ़त की वजह से निफ्टी में 87.40 अंकों की उछाल दर्ज की गई। 

बुधवार को कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 35000 का आंकड़ा पार कर लिया। प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक लगभग 3 बजे यह 312.89 अंकों की उछाल के साथ 35,083 पर ट्रेड कर रहा था। इस दौरान भारत ही नहीं, बल्कि अमेरिकी शेयर बाज़ार में भी मजबूती देखने को मिली।  

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैंकिंग शेयरों में कर्नाटक बैंक, सिंडिकेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, ऐक्सिस बैंक, एसबीआई जैसे शेयरों में तेजी देखने को मिली, वहीं इन्फोसिस, जुबिलंट लाइफ, टीवी टुडे जैसे शेयरों में भी जबर्दस्त उछाल देखी गई। 

भोपाल में प्रमाण पत्र बनाने के बदले CMO ने फीस में मांगी ‘इज्जत’

फेस के बदले में cmo ने मांगी इज्ज़त

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 
  
मध्य प्रदेश के भोपाल में नर्सिंग की छात्रा से प्रमाण पत्र बनाने की फीस के बदले में इज्जत मांगने का मामला सामने आया है। प्रमाण पत्र के बदले इज्जत मांगने वाला व्यक्ति कोई और नहीं बल्कि जिले का मुख्य चिकित्सा अधिकारी था। 

गोविंदपुरा थाने से मिली जानकारी के मुताबिक, एक छात्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने भारत हैवी इलेक्टिकल्स के कस्तूरबा नर्सिंग महाविद्यालय से बीएससी की थी। उत्तीर्ण होने पर वह प्रमाण पत्र लेने सीएमओ डॉ. एसके गुप्ता के पास पहुंची, तो शुरुआत में सीएमओ ने प्रमाण पत्र देने में आनाकानी की, फिर छात्रा के कई बार कहने पर सीएमओ तैयार हो गए। लेकिन सीएमओ ने एक शर्त रख दी कि छात्रा को पहले उससे शारीरिक संबंध बनाने होंगे। इसके बाद सीएमओ ने छात्रा को कई बार अश्लील मैसेज भी किये। छात्रा ने उन पर शारीरिक शोषण का दबाव बनाने और अश्लील मैसेज भेजने की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर फौरान कार्रवाई की और सीएमओ को गिरफ्तार कर लिया। उधर सीएमओ ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्हें किसी साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। वे निर्दोष हैं, उन्होंने छात्रा से ऐसी कोई बात नही की।

आतंकवाद को मदद करने वाले देशों की हो पहचान -जनरल बिपिन रावत

आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देशों की हो पहचान -बिपिन रावत

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

पाकिस्तान समेत आतंकवाद को समर्थन करने वाले देशों को लेकर भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने निशाना साधा है। रावत ने कहा कि हमें ऐसे देशों की पहचान करने की जरूरत है, जो आतंकवाद को मदद करते हैं। क्योंकि आतंकवाद से सिर्फ अब भारत ही नहीं, पूरी दुनिया पीड़ित है।

आगे रावत ने कहा कि हमें पता लगाना होगा कि इन आतंकी संगठनों को पैसा कौन मुहैया कराता है। हमें आतंकियों के फंडिंग के श्रोत को पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि रासायनिक हथियार अगर आतंकवादियों के हाथ लग जाते हैं, तो यह पूरी मानवता के लिए खतरा है। हमें ऐसे आतंकी संगठनों से रासायनिक हथियारों को हाथ लगने से बचाना होगा।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही जनरल बिपिन रावत ने पाकिस्तान द्वारा दी जा रही परमाणु युद्ध की धमकी के बयान को मूर्खता पूर्ण और बेहद बचकाना बताया था। जनरल रावत का निशाना सीधे पाकिस्तान जैसे देशों पर था, जो अपनी देश की जमीन आतंकियों को सुरक्षित पनागाह मुहैया कराने के लिए देते हैं। वहीं आज पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद अब्बासी ने आतंकी हाफिज साईद के खिलाफ कोई मुकदमा न होने का हवाला देकर उसे क्लीन चिट दे दी है। इससे पाकिस्तान का आतंकवाद के प्रति लगाव जग जाहिर हो रहा है।

स्कूल मे घूमर गाना बजते ही कर दी तोड़फोड़, भगदड़ से हो सकता था बड़ा हादसा

पद्मावत विवाद

पारुल पाण्डेय | Navpravah.com

“पद्मावत” फिल्म पर से जहां संकट के बादल छटते नज़र नहीं आ रहे हैं, वहीं रतलाम में हुई एक घटना ने कुछ नन्हे छात्रों को भयभीत कर दिया है। दरअसल सोमवार को रतलाम के एक स्कूल में अचानक कुछ लोगों ने पद्मावती के घूमर गाने की आवाज़ सुनते ही वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस मामले में पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, आगे इसपर जांच जारी है।

इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि किस तरह से स्कूल में घुसकर बदमाशों ने तोड़फोड़ मचाया और हंगामा किया। रतलाम स्थित जावरा के सेंट पॉल स्कूल में कक्षा पांचवीं तक के छात्रों का वार्षिकोत्सव आयोजन चल रहा था। इस दौरान कुछ बच्चे मिक्स गाने पर डांस परफॉरमेंस दे रहे थे। इसमें पद्मावत का घूमर डांस भी शामिल था। स्कूल प्रशासन के इस गाने को बंद करवाने के बावजूद भी करणी सेना के नाम पर 20-25 अज्ञात लोग करीब डेढ़ बजे स्कूल में घुसकर तोड़फोड़ करने लगे।

CCTV फुटेज में साफ नजर आ रहा था कि जो बच्चे कुछ देर पहले आयोजन में खुशी मना रहे थे, वे सहमे से नजर आ रहे हैं। इन दहशतगर्दों ने न सिर्फ कुर्सियां तोड़ी, बल्कि डीजे साउंड सिस्टम उठाकर फेंक दिया। इतना ही नहीं, 3-4 विरोधियों ने प्रिंसिपल ऑफिस में घुसकर गाली गलौच भी की। ऐसे में स्कूल में अफरा-तफरी के माहौल से भगदड़ मच गई। इस दौरान कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।

इस दौरान मौके पर पहुची थाना जावरा पुलिस और एस.डी.ओ.पी. डी.आर. माले के अनुसार इस  मामले में 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ पर तोड़फोड़ का मामला दर्ज किया गया हैं। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। खबर के मुताबिक सख्ती से पूछताछ करने पर उन लोगों ने तोड़फोड़ की बात कबूल की हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में दिव्यराजसिंह उर्फ शिवराजसिंह, किशोरसिंह, अर्जुनसिंह, नारायणसिंह, शुभमराजसिंह उर्फ मॉन्टी, धर्मेंद्रसिंह, राहुल और लोकेंद्रसिंह शामिल हैं। आरोपियों में कुछ जावरा के ही भगत सिंह कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। 

M आधार ऐप से जानकारी लीक होने का खतरा -फ्रेंच रिसर्चर

M आधार एप से हो सकती जानकारी लीक

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

आप स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं और आपने अपने फोन में M आधार ऐप को इंस्टॉल कर रखा है और उसका इस्तेमाल कर रहे हैं, तो यह खबर आपको जरूर पढ़नी चाहिए। इस ऐप को इस तरह डिजाइन किया गया है कि हर बार पासवर्ड डालना पड़े, ताकि आपका डेटा कोई न चुरा सके। अब इसकी सुरक्षा पर प्रश्न चिन्ह खड़ा हो गया है। दरअसल फ्रेंच के एक रिसर्चर ने M आधार ऐप पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। रिसर्चर इससे जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया में पोस्ट किया है। रिसर्चर ने जानकारी लीक होने का खतरा जताया है। 
 
वीडियो में आगे फ्रेंच रिसर्चर ने बताया कि M आधार ऐप के सुरक्षा पासवर्ड को हटाया जा सकता है, वो भी किसी सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किए बिना। इसके लिए आप के M आधार ऐप के सेटिंग्स में थोड़ी सी बदलाव करने की जरुरत है। एक बार सुरक्षा पासवर्ड हटाने के बाद आप के आधार की जानकारी को आसानी से बदला जा सकता है। इसके लिए किसी पासवर्ड की भी जरूरत नहीं होगी।

बता दें कि आधार कार्ड बन गया है, तो आपकी पूरी जानकारी अब सरकार के आधार सिस्टम में मौजूद है। अगर ऐसा संभव हो रहा है, तो सरकार को आधार की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर विचार करने की जरूरत है। आजकल सरकार हर चीज की जानकारी को आधार से लिंक करने के लिए कह रही है।

कालाधन छुपाने के लिए टैक्स चोरों ने खोजी ‘सीक्रेट तिजोरी’

टैक्स चोरों के पास है बैंक लौकरों की सीक्रेट चाभी

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

सरकार कालाधन और टैक्स चोरी जैसे मामलों को रोकने के लिए कड़े एक्शन ले रही है, लेकिन फिर भी ऐसे मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। टैक्स चोरी करने वाले अपने लिए कोई न कोई जुगाड़ कर ही लेते हैं। इसी क्रम में टैक्स चोरों ने सीक्रेट तिजोरी खोज ली है, लेकिन ये आयकर विभाग के निशाने पर आ चुके हैं। आयकर विभाग ने दिल्ली में निजी तिजोरियों से अब तक कुल 85.2 करोड़ रुपए की नकदी, सोना-चांदी और आभूषण जब्त कर लिये हैं।

आयकर विभाग ने साउथ एक्सटेंशन इलाके से बीते शनिवार को निजी तिजोरी में स्थित कई लॉकरों से 61 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की थी। सूत्रों के अनुसार, अब तक कुल 85.2 करोड़ रुपए का गुप्त कोष बरामद किया जा चुका है। आयकर विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि काफी समय से शिकायत मिल रही थी कि निजी कंपनियों की ओर से दी जा रही लॉकर सेवा का प्रयोग बड़े पैमाने पर कालाधन छुपाने के लिए किया जा रहा है और इसी के आधार पर जांच की जा रही है।

बैंकों में लॉकर मिलना आसान नहीं होता। काफी कागजी कार्यवाही पूरी करने के बाद बैंकों में लॉकर मिलता है। ऐसे में लॉकर की मांग का फायदा उठाते हुए कई निजी कंपनियों ने लॉकर किराए पर देने का काम शुरू किया है। इन कंपनियों को सरकार से किसी तरह की कोई मान्यता भी नहीं होती है। दिल्ली के साउथ एक्सटेंशन में निजी तिजोरियों में 1000 से ज्यादा तिजोरी किराए पर दी गई हैं। इन्हें सालाना 1.5 लाख रुपए प्रति लॉकर पर दिया जाता है। वहीं, बैंकों में लॉकर सिर्फ 1000 रुपए सालाना पर मिलते हैं।

आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि दिल्ली में 100 से ज्यादा कंपनियां निजी लॉकर देने का काम कर रही हैं। यहां बिना KYC के ही लोगों को लॉकर की सुविधा दी जाती है। इन निजी लॉकर प्रदाताओं की किसी अथॉरिटी को भी रिपोर्टिंग नहीं है, यहां कोई CCTV कैमरा भी नहीं होता।

हरियाणा: जींद रेप-मर्डर केस में 18 साल के संदिग्ध आरोपी का मिला शव

जींद मर्डर केस में आया नया खुलासा

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

हरियाणा जींद गैंगरेप और मर्डर केस में नया मोड़ सामने आया है। जिस शख्स को पुलिस इस केस में आरोपी मान रही थी, उसका शव मंगलवार रात कुरुक्षेत्र में बरामद हुआ है। पुलिस को उसकी लाश काफी सड़ी-गली हालत में करनाल-कुरुक्षेत्र सीमा के पास बतेड़ा इलाके में मिली है। आरोपी की लाश मिलने से अब मामले की गुत्थी और उलझ गई है।

आरोपी का नाम गुलशन है। वह पीड़िता के ही गांव का रहने वाला था और 9 जनवरी से गायब था। पीड़िता भी 9 जनवरी को ही गायब हुई थी और फिर 15 जनवरी को उसका शव नग्न अवस्था में बरामद हुआ था। इससे पहले पुलिस ने बच्ची के साथ गैंगरेप की पुष्टि करते हुए कहा था कि बच्ची का रेप करने के बाद उसे मौत के घाट उतारा गया था। घटना के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले की जांच का आदेश दिया था।

जींद में गैंगरेप के बाद मृत पाई गई लड़की के साथ दिल्ली की ‘निर्भया’ जैसी बर्बरता हुई थी। पोस्टमॉर्टम करने वाले रोहतक पीजीआई के डॉक्टर एसके दत्तरवाल ने बताया था कि लड़की के शव की हालत देखकर उसके साथ हुए भयंकर यौन हमले का पता चलता है और इस कुकृत में तीन से चार लोग शामिल थे।

सुखोई-30 में देश की रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने भरी उड़ान

सुखोई-30 से निर्मला सीतारमण उड़ान भरते हुए

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

अभी सुखोई-30 में देश की पहली महिला रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने उड़ान भरी है। यह उड़ान करीब 40 मिनट तक चलेगी। सुखोई-30 से ये उड़ान उन्होंने राजस्थान के जोधपुर हवाई अड्डे से भरी। उड़ान भरने से पहले रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण का पूरा चेक-अप किया गया था। वहीं उनके लिए एयर फोर्स की भी वर्दी बनाई गई थी। रक्षा मंत्री को उड़ान से पहले एयर फोर्स अधिकारियों ने पूरी जानकारी दी।

रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण इससे पहले पोकरण टैंक पर भी सवार हो चुकी हैं। कुछ समय पहले भारत-पाकिस्तान सरहद पर गई थीं, वहां उन्होंने भारतीय जवानों का हौसला बढ़ाया था। वहीं कुछ दिन पहले ही निर्मला सीतारमण ने भारत-चीन सरहद पर जाकर चीन के सैनिकों को नमस्ते बोलना सिखाया था और दोनों देशों के सैनिकों के बीच शांति के लिए पहल की थी।

आज ही देश के गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने भी सुखोई-30 पर सवार होकर उड़ान भरी है। बता दें कि सुखोई-30 बेड़ा देश के लड़ाकू विमानों के बेड़े का करीब एक तिहाई है। भारतीय वायुसेना के पास अधिकृत क्षमता 44 स्क्वैड्रन की है, लेकिन इसके पास फिलहाल 34 लड़ाकू स्क्वैड्रन है। प्रत्येक स्क्वैड्रन में 18 लड़ाकू विमान होते हैं।