उत्तर प्रदेश: चन्द्रभूषण पालीवाल बने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष
सौम्या केसरवानी | Navpravah.com
यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष पद पर योगी सरकार ने सोमवार को मुहर लगा दी है। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मुख्य सचिव राजीव कुमार ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का गठन कर दिया है। UPSSSC के चेयरमैन चन्द्रभूषण पालीवाल बनाये गये हैं।
चन्द्रभूषण पालीवाल 1981 बैच के आईएएस हैं और सेवानिवृत्त हो चुके हैं। चंद्रभूषण पालीवाल उत्तर प्रदेश के जालौन के रहने वाले हैं, इनकी अंतिम तैनाती राजस्व परिषद में थी। रविवार को शाम बहुप्रतीक्षित अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के गठन के लिए अध्यक्ष व सदस्यों के नाम पर सीएम ने सहमति दी थी। इसके साथ समूह ‘ग’ की भर्तियां शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।
चन्द्रभूषण पालीवाल को अध्यक्ष, हृदय नारायण राव, डॉ. सीमा रानी, डॉ. ओंकार प्रसाद मिश्र, अरूण कुमार सिन्हा तथा डॉ. अशोक कुमार अग्रवाल को आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। 3 अगस्त, 2017 को योगी सरकार ने आयोग के गठन के लिए प्रस्ताव मांगा था। पिछली अखिलेश सरकार में प्रदेश में 80 नेताओं को अलग अलग निगमों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और विभागों में एडवाइजर के तौर पर तैनाती मिली थी।
अखिलेश यादव लड़ सकते हैं पत्नी डिंपल यादव के सीट से चुनाव
राजेश सोनी | Navpravah.com
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को मीडिया से अगले लोकसभा चुनाव को लेकर बातचीत की। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान अगले लोकसभा चुनाव लड़ने के संबंध में एक सवाल पूछे जाने पर कहा कि मुलायम सिंह यादव तो मैनपुरी से लड़ेंगे। हमारी पार्टी तय करेगी कि किसको कहां से लड़ना है। कन्नौज लोहिया जी का है, मेरी इच्छा होगी कि मैं भी वहीं से लड़ूं। बता दें कि कन्नौज से अखिलेश की पत्नी डिम्पल यादव सांसद हैं।
अखिलेश यादव की यह टिप्पणी पिछले साल सितम्बर में छत्तीसगढ़ के रायपुर में दिये गए बयान के लिहाज से खासी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मालूम हो कि अखिलेश ने पिछले साल 24 सितम्बर को रायपुर में मीडिया से बातचीत में राजनीतिक दलों में वंशवाद और परिवारवाद के बारे में पूछे जाने पर कहा था कि अगर हमारा परिवारवाद है, तो हम तय करते हैं कि अगले चुनाव में हमारी पत्नी चुनाव नहीं लड़ेगी। भाजपा का भी परिवारवाद होगा। उसके परिवारवाद की भी बात करनी चाहिए।
गौरतलब है कि अखिलेश के 2012 में मुख्यमंत्री बनने के बाद यह सीट खाली हुई थी। उपचुनाव में पहली बार कन्नौज से निर्विरोध डिम्पल यादव चुनी गई थीं। इसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में डिम्पल यादव ने कन्नौज से जीत हासिल की थी। 2009 के लोकसभा चुनाव में डिम्पल यादव को फरुखाबाद लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।
12वीं बोर्ड परीक्षा की बदली तारीख, अब 5 मार्च को नहीं होगी परीक्षा
त्रिपुरा ब्यूरो | Navpravah.com
12वीं बोर्ड की परीक्षा की तारीखों में बदलाव किया गया है। अब 5 मार्च से होने वाली परीक्षा 8 मार्च से शुरू होगी। बोर्ड परीक्षा की तारीख में यह बदलाव Tripura Board of Secondary Education ने किया है।
बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, विधान सभा चुनाव की वजह से यह बदलाव किया गया है। चुनाव के परिणाम तो 3 मार्च को आयेंगे, लेकिन चुनाव की प्रक्रिया 5 मार्च तक खत्म हो सकती है। इसलिए 5 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षा को सही तरह से आयोजित कराने में स्कूल और प्रशासन को दिक्कत हो सकती है। यही वजह है कि बोर्ड की परीक्षा की तारीख को बदला गया है।
इस साल 27,000 छात्र 12वीं की परीक्षा में शामिल होने वाले हैं। वहीं 10वीं के बोर्ड की परीक्षा में कुल 55,000 छात्र शामिल होंगे। कुछ दिन पहले ही CBSE बोर्ड ने भी छात्रों की मांग पर प्रैक्टिकल की एक परीक्षा की तारीख में बदलाव किया था।
जानिए दावोस सम्मेलन के बारे में कुछ खास बातें
राजेश सोनी | Navpravah.com
दावोस सम्मेलन की बैठक आज जारी है और इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत के पीएम मोदी भी पहुंचे है। पीएम मोदी देश के ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो 20 साल के बाद दावोस सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे है। दुनिया भर में व्यापार को बढ़ावा देने के लिए होने वाले सम्मेलनों में से एक है दावोस सम्मेलन। आईये जानते हैं दावोस सम्मेलन की कुछ खास बातें,
पांच दिन तक चलने वाले इस 48वें दावोस सम्मेलन में व्यापार, कला, राजनीतिक, शिक्षा और कई अन्य क्षेत्रों से बड़ी हस्तियां शिरकत करेंगी। इस सम्मेलन में भारत की ओर से पीएम मोदी समेत 130 अन्य लोग शामिल होंगे। 23 जनवरी को पीएम मोदी ओपनिंग प्लेनरी सेशन में भाषण कर, दावोस में आए लोगों को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी केंद्र सरकार द्वारा देश में किए गए, अर्थ सुधारों का जिक्र कर सकते हैं और निवेशकों को भारत में निवेश करने के लिए आमंत्रित कर सकते हैं। 1997 में एचडी देवगौड़ा बतौर प्रधानमंत्री, पीएम नरेंद्र मोदी से पहले दावोस सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे थे।
खबरों के मुताबिक, पीएम मोदी स्विट्ज़रलैंड के साथ द्विपक्षीय बातचीत में हिस्सा लेंगे। इस बातचीत का आयोजन दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने के लिए किया गया है। इस सम्मेलन में शिरकत करने वाली 1500 हस्तियों को भारत के द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में आमंत्रित किया गया है। स्वागत समारोह में शिरकत करने वाले मेहमानों को भारतीय खाना परोसा जाएगा और योग के महत्व के बारे में भी बताया जाएगा। दावोस शहर स्विट्ज़रलैंड के खूबसूरत शहरों में से एक है। यह शहर दोनों तरफ आल्प्स पर्वत श्रृंखला से घिरा हुआ है। यह शहर वासर नदी से सटा हुआ शहर है। इस शहर की आबादी सिर्फ 11 हज़ार और और यह शहर कुदरत के गोद में है, ऐसा लगता है।

पीएम मोदी के पास बयां करने के लिए है महान कहानी-
स्पाइसजेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास भारत में किए गए महत्वपूर्ण सुधारों, युवा आबादी और दुनिया के लिए एक बड़े बाजार तथा 1.4 अरब भारतीयों के बारे में बताने के लिए महान कहानी है। उन्होंने कहा कि इस कहानी को बताने के लिए मोदी से बेहतर और कोई नहीं हो सकता है। विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यू.ई.एफ.) की शिखर बैठक में शिरकत करने पहुंचे सिंह ने कहा कि यह भारत के लिए बहुत बड़ा अवसर है, क्योंकि भारतीय प्रधानमंत्री 20 साल बाद दावोस बैठक में भाग ले रहे हैं।
केरल: पिता ने किया बाप-बेटी के रिश्ते को शर्मसार, बच्ची का किया सौदा
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
केरल में 17 जनवरी को नाबालिग के साथ हुए सामूहिक बलात्कार केस में एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है। बलात्कार पीड़ित बच्ची के बाप ने ही शराब पीने के लिए सिर्फ 300 रुपए में अपनी बेटी की इज्जत का सौदा कर दिया। बता दें कि 17 जनवरी को बाप द्वारा सौदा की गई इस नाबालिग लड़की के साथ केरल के अलाप्पुझा में सामूहिक बलात्कार हुआ था।
एक प्रतिष्ठित अखबार में प्रकाशित खबर के मुताबिक, मामले की जांच-पड़ताल कर रहे अलाप्पुझा के उप अधीक्षक पीवी बेबी ने बताया कि नाबालिग के पिता ने ही पहले मुख्यारोपी अथीरा के साथ अपनी बेटी का सौदा किया था। इसके बदले में पिता ने अथीरा से 300 रुपये लिए थे। इन रुपयों से शराबी पिता ने शराब खरीदी थी। पुलिस ने बताया कि अथीरा नाबालिग को उसके घर से लेकर गया था, तब पिता को उसके इरादों के बारे में मालूम था।
इस सामूहिक बलात्कार को दो पुलिसकर्मियों समेत छह लोगों ने अंजाम दिया था। पुलिस की स्पेशल टीम ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। केरल पुलिस के 2 कर्मचारी भी इस सामूहिक बलात्कार में शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी नेल्सन थॉमस, एसआई केजी लाइजू और दो अन्य युवक जिनुमन और प्रिंस को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए इन्हें ससपेंड कर दिया है।
फिल्म पद्मावत को रुकवाने के लिए टॉवर पर चढ़ा युवक
पारुल पाण्डेय | Navpravah.com
फिल्म पद्मावत को लेकर उठा विवाद सेंसर बोर्ड द्वारा दी गई हरी झंडी के बाद भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में पद्मावत का विरोध करते हुए राजस्थान के भीलवाड़ा में एक युवक एक बोतल पेट्रोल लेकर 350 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और वहां से चिल्लाने लगा कि जब तक पद्मावत की रिलीज पर रोक नहीं लगेगी, तब तक वह नीचे नहीं आएगा, जिसे देख लोगों का हुजूम उमड़ गया।
वहीं विरोध की यह आंच अब हरियाणा तक पहुंच गई है। कुरुक्षेत्र के एक मॉल में प्रदर्शनकारियों ने जमकर तोड़फोड़ की। रविवार की शाम को 20-22 लोगों का झुंड अचानक एक मॉल में तोड़फोड़ करने लगा। पुलिस ने दावा किया है कि इस मामले में कुछ लोगों की पहचान की गई है। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि जिन्होंने फिल्म ‘पद्मावत’ को नहीं दिखाने का फैसला किया है। वह एक अच्छा फैसला है, लेकिन जो सिनेमाघर इस फिल्म को प्रदर्शित करेंगे, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका के आदेशों का पालन करना उनकी ड्यूटी है।
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश और राजस्थान की सरकारों ने इस फिल्म के कारण शांति भंग होने की आशंका जताई है, जिसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है, इसकी सुनवाई अब मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में होगी। प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा, न्यायमूर्ति ए. एम. खानविलकर और न्यायमूर्ति डी. वाई. चन्द्रचूड़़ ने फिल्म के प्रदर्शन से जुड़े न्यायालय के आदेश में संशोधन की मांग करने वाली दोनों राज्यों की अंतरिम अर्जी पर सुनवायी के लिए कल की तारीख मुकर्रर की है।
इतना ही नहीं, इस फिल्म के विरोध में देश के कई राज्यों में राजपूत संगठनों और करणी सेना का प्रदर्शन जारी है।गौरतलब है कि फिल्म पद्मावत में 300 कट्स के बाद सेंसर बोर्ड ने रिलीज करने की अनुमति दी थी, लेकिन उसके बाद भी राजपूत समुदाय और करणी सेना की ओर से लगातार प्रदर्शन हो रहा है। चित्तौडगढ़ में सैंकडों महिलाओं ने जौहर स्वाभिमान रैली निकाली। इस रैली में शामिल महिलाओं के अनुसार, अगर पद्मावत फिल्म पर रोक नहीं लगाई गई, तो वह जौहर करेंगी।
बलात्कार मामले में आसाराम को नहीं मिली जमानत
राजेश सोनी | Navpravah.com
बलात्कार के आरोप में जेल में सजा काट रहें आसाराम को अभी जमानत के लिए थोड़ा इन्तेज़ार और करना पड़ेगा। बता दें कि कोर्ट ने सुनवाई को नौ सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि निचली अदालत में पीड़ितों के साथ जिरह पूरी होने के बाद इसपर विचार किया जाएगा।
गुजरात सरकार ने आज सुप्रीम कोर्ट को बताया कि स्वयंभू उपदेशक आसाराम से जुड़े बलात्कार मामले में पीड़ितों के साथ 29 जनवरी से जिरह की जाएगी। शुरुआत में जमानत याचिका खारिज करने के इच्छुक न्यायमूर्ति एन. वी. रमना और न्यायमूर्ति ए. एम. सप्रे ने कहा कि पीड़ितों के साथ जिरह पूरी होने के बाद याचिका दायर करने वाला फिर से संपर्क कर सकता है। कोर्ट ने 15 जनवरी को आसाराम से जुड़े बलात्कार के मामले में सुनवाई की स्थिति पूछते हुए गुजरात सरकार से इस संबंध में प्रगति रिपोर्ट देने को कहा था।
आसाराम के वकील ने न्यायालय को बताया था कि गुजरात में चल रहे मुकदमे के 92 गवाहों में से 22 के साथ जिरह पूरी हो गयी है। 14 ने स्वयं को इससे बाहर कर लिया है, जबकि अन्य के साथ अभी बहस होनी है। गौरतलब है कि आसाराम को जोधपुर पुलिस ने 31 अगस्त, 2013 को गिरफ्तार किया था। वह तभी से जेल में बंद हैं। वह इससे पहले भी कई बार जमानत के लिए कोशिश कर चुके हैं, लेकिन हमेशा उन्हें निराशा ही मिली है।
पेट्रोल पहुंचा 80 रुपये के पार, डीजल के भी बढ़े दाम
सौम्या केसरवानी। Navpravah.com
पेट्रोल और डीजल की कीमतें दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं। जिससे आम जनों पर मंहगाई का बोझ भी बढ़ता जा रहा है। कीमतों में बढ़ोत्तरी से अब हालात ऐसे हो गए हैं कि पेट्रोल 80 रुपये के पार और डीजल 67 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
ये वृद्धि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार आ रही बढ़ोतरी की वजह से है। दिल्ली की बात करें, तो यहां पेट्रोल 72.33 प्रति लीटर तो डीजल 63.01 प्रति लीटर है। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार को एक लीटर पेट्रोल 80.10 रुपये पर पहुंच गया है और वहीं, डीजल के लिए लोग 67.10 रुपये चुका रहे हैं।
सरकार ने पिछले साल 15 अक्टूबर से दोनों ईंधन की कीमतों को रोजाना अंतरराष्ट्रीय भावों के अनुरूप तय करने का निर्णय लिया था। इसके बाद कुछ मौकों को छोड़कर दाम बढ़ते ही रहे हैं। आज दिल्ली में पेट्रोल 72.33 रूपए, कोलकाता में 74. 94 रूपए, मुम्बई में 80.10 रूपए, चेन्नई में 74.91 रूपए है और डीजल दिल्ली में 63.01 रूपए, कोलकाता में 65.67 रूपए, मुंबई में 67.10 रूपए, चेन्नई में 66.44 रूपए है।
पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि सरकार लगातार पेट्रोल-डीजल और केरोसीन को जीएसटी के दायरे में लाने की कोशिश में जुटी हुई है, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अगर पेट्रोल और डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया जाता है, तो इससे इन दोनों की कीमतें 50 रुपये के तक आ सकती हैं। इससे केंद्रीय स्तर पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी और राज्यों की तरफ से वसूले जाने वाले वैट से आम आदमी को छुटकारा मिल जाएगा।
हालांकि फिलहाल इसको लेकर कोई सहमति नहीं बनी है। इससे भले ही आम आदमी को राहत मिले, लेकिन राज्यों को इससे राजस्व में बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। यही वजह है कि सभी राज्य इसके लिए अपनी सहमति देने एकमत नही हो पा रहे हैं।
73 फीसदी संपत्ति सिर्फ देश के एक फीसदी आबादी के पास -सर्वे
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
इंटरनेशनल राइट्स ग्रुप ऑक्सफेम ने हिंदुस्तान में अमीर-गरीब के बीच की गहराई को लेकर सर्वे किया है। सर्वे में नतीजे चिंताजनक सामने आए हैं। सर्वे में बताया गया है कि 2017 में अर्जित देश की 73 फीसदी संपत्ति सिर्फ देश के एक फीसदी आबादी के पास गई है।
सर्वे में आगे बताया गया है कि 2017 में देश के 67 प्रतिशत आबादी की संपत्ति में सिर्फ 1 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। इस सर्वे को इस संस्था ने दावोस में चल रही वर्ल्ड इकोनोमिक बैठक के शुरू होने से कुछ समय पहले ही पेश किया है। इस बैठक में दुनियाभर के सभी बड़े राजनेता और शक्तिशाली लोग मौजदूगी दर्ज करेंगे। वहीं इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिस्सा लेने दावोस पहुंचे हैं।
विश्व स्तर पर अगर देखें, तो यह आंकड़े और भी चिंता पैदा कर रहे हैं। सर्वें में बताया गया है कि पिछले साल दुनिया में अर्जित की गई कुल संपत्ति का 82 फीसदी हिस्सा, सिर्फ एक फीसदी के पास गया है। जबकि, 3.7 बिलियन आबादी जो कुल आबादी का आधा हिस्सा है, उसकी संपत्ति में कोई परिवर्तन नहीं आया है।

















